प्रारंभ क्या अरु अंत क्या।

प्रारंभ क्या अरु अंत क्या।   

यदि थक गए इस पंथ में तो
प्रारंभ क्या अरु अंत क्या

है अभी प्रारंभ ये और 
दूर मंजिल है तेरी
औ तेरे इन काँधों पे ही
उम्मीद हैं कितनी बड़ी
जो शिथिल हैं तेरे कदम तो
जीत का फिर ये मंत्र क्या
यदि थक गए इस पंथ में तो
प्रारंभ क्या अरु अंत क्या।।

मुश्किलों से हारकर कभी
जो पंथ से विचलित हुआ
अरु छोड़ कर मँझधार में
ये नाव जो विस्मृति हुआ
है कर्मपथ से जो भी विचला 
योगी क्या और संत क्या
यदि थक गए इस पंथ में तो
प्रारंभ क्या अरु अंत क्या।।

इस पंथ में वो पंथी सफल
जो मुस्कुरा करके चले
बंधों में अवरोधों में भी
जो राह खुद अपनी गढ़े
जो गढ़ सके ना स्वयं से पथ
फिर फूल का भी पंथ क्या
यदि थक गए इस पंथ में तो
प्रारंभ क्या अरु अंत क्या।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        11जून, 2021


प्रकृति का आलिंगन।

प्रकृति का आलिंगन।   

नील गगन की छांव तले पलकों ने स्वप्न सजाये हैं
रुके रहे या बीत गए जीवन ने सब अपनाये हैं।।

है विस्तृत आकाश यहाँ पर और खुली राहें कितनी
दूर दूर तक फैलायी हैं किरणों ने बाहें अपनी
और पवन के मधुर गीत नव जीवन राग सुनाते हैं
आर पार के दृश्य सभी जन जन को बहलाते हैं
प्रकृति की आभा ने कितने सुंदर बाग सजाए हैं
नील गगन के छाँव तले पलकों ने स्वप्न सजाए हैं।।

किरणों संग खेलती लहरें छुपती हैं इतराती हैं
दूर क्षितिज पर गगन चूम कर अंजुली भर जल लाती हैं
लहरों के आँचल में लुक छिप सागर गीत सुनाता है
ओस फुहारों की शीतलता अंतस तक मदमाता है
मदमाते अंतस ने कितने सुंदर साज सजाए हैं
नील गगन के छाँव तले पलकों ने स्वप्न सजाए हैं।।

कितना सुंदर लगता जग जब खिलता धरती का आँगन
सरस भाव से लिपट रेशमी किरणें करतीं मन पावन
नभ में पंछी मुक्त विचरते पग पग करते अवलोकित
और धरा पर हरित पुष्प खिल करते सब तरु तृण शोभित
खिले पुष्प दूर क्षितिज तक अवनी का रूप सजाए हैं
नील गगन के छाँव तले पलकों ने स्वप्न सजाए हैं।।

मुक्त चित्त हो मुकुलों के मन भावों को करतीं विंबित
अरु सरिता तट पर किरण सुनहरी करतीं जल को स्पंदित
खग मृग वन्य पशु पक्षी सारे गुंजित करते नभ का स्वर
कलरव के मधुर स्वरों से मिट जाते शोकाकुल अंतर
प्रकृति के इस आलिंगन ने स्नेहिल भाव जगाए हैं
नील गगन के छाँव तले पलकों ने स्वप्न सजाए हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       10जून, 2021

नव जीवन के काव्य।

नव जीवन के काव्य।  

काव्य रचो नव जीवन के
रचे प्राण वायू बन जाये।।

कलम उठा कर जीवन के 
हर पन्नों को आज खँगालें
आज लिखें नवगीत कोई
राग नया कुछ आज बना लें
राग सजे अधरों पर ऐसे
सुने हृदय काबू कर जाए
काव्य रचो नव जीवन के
रचे प्राण वायू बन जाये।।

लिख दो मन की बातें सारी
खिल जाए हृद की फुलवारी
रहे कहीं न भेद कोई अब
रहे नहीं कोई लाचारी
खिल जाए मन का उपवन यूँ
अविरत तप जीवन तर जाए
काव्य रचो नव जीवन के
रचे प्राण वायू बन जाये।।

लिखो कलम से सार लिखो
इस जीवन का व्यवहार लिखो
ऐसी बातें लिखो मिलन की
नव जीवन का उपहार लिखो
रचो गीत ऐसे उपवन में
तन मन ये पावन हो जाये
काव्य रचो नव जीवन के
रचे प्राण वायू बन जाये।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        09जून, 2021
        हैदराबाद

मलहम फिर क्या दे पाएँगे।

मलहम फिर क्या दे पाएँगे।   

जिन हाथों ने घाव दिए हैं
मलहम फिर क्या दे पाएँगे।।

व्यर्थ है अश्रु बहाना उनपर
छोड़ गए फिर क्या आएँगे
मुड़ कर भी ना देखा इक पल
साथ सफर में क्या जाएँगे
छोड़ चले जो बीच सफर में
पास तिरे फिर क्या आएँगे
जिन हाथों ने घाव दिए हैं
मलहम फिर क्या दे पाएँगे।।

नींद में तुझे छोड़ गए जो
सब सपनों को तोड़ गए जो
कुछ दूरी तक साथ चले फिर
बीच राह में छोड़ गए जो
जिनको तेरा साथ न भाया
गीत मिलन के क्या गाएँगे
जिन हाथों ने घाव दिए हैं
मलहम फिर क्या दे पाएँगे।।

जा पलकों के अश्रु से कह दो 
व्यर्थ ना करें अपना जीवन
अवसादों में घिरकर अब वो
झुलसाए ना अपना मधुवन
जिन हाथों ने बाग उजाड़े
पुष्प खिलाने क्यूँ आएँगे
जिन हाथों ने घाव दिए हैं
मलहम फिर क्या दे पाएँगे।।

कितनी बार उठे हैं गिरकर
तब बचपन में चलना आया
कदम कदम पर सीख मिली जब
तब जाकर सच कहना आया
मीठा झूठ जिने भाता हो
वो कड़वा सच क्या पी पाएँगे
जिन हाथों ने घाव दिए हैं
मलहम फिर क्या दे पाएँगे।।

घने अँधेरों ने बोलो कभि
क्या सूरज का पथ रोका है
ऊँचे ऊँचे बंधों ने भी
कब नदिया का पथ रोका है
बन नदिया तू राह चला चल
बंधक सारे गिर जाएँगे
जिन हाथों ने घाव दिए हैं
मलहम फिर क्या दे पाएँगे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08जून, 2021


रुकूँ यहाँ मैं किसकी खातिर।

रुकूँ यहाँ मैं किसकी खातिर।

कितने ही पल बीत गए हैं
तुमसे अब तक मिल ना पाया
भाव हृदय के रीत गए सब
लेकिन कुछ भी कह ना पाया
भावों का अभिप्राय नहीं जब
कहूँ यहाँ मैं किसकी खातिर
अपनेपन का भाव नहीं जब
रुकूँ यहाँ मैं किसकी खातिर।।

कलुष भावना के प्रतिफल से
रीत रहा है जीवन घट ये
और थपेड़ों से लहरों के
क्षीण हो रहा सरिता तट ये
तटबंधों का मोह नहीं जब
बँधूं यहाँ मैं किसकी खातिर
अपनेपन का भाव नहीं जब
रुकूँ यहाँ मैं किसकी खातिर।।

मैं प्यासा हूँ संबंधों को
इस जग में कुछ पहचान मिले
भले नहीं कुछ मिले किसी को
पर रिश्तों को सम्मान मिले
रिश्तों के मोती फीके जब
गुहुँ उन्हें मैं किसकी खातिर
अपनेपन का भाव नहीं जब
रुकूँ यहाँ मैं किसकी खातिर।।

बिना स्नेह के मधुवन में 
कभी पुष्प नहीं खिला करते
बिना प्रेम के जीवन में भी
कभी गीत नहीं सजा करते 
गीत लिखे जब अर्थहीन हों
फिर उन्हें लिखूँ किसकी खातिर
अपनेपन का भाव नहीं जब
रुकूँ यहाँ मैं किसकी खातिर।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        07जून, 2021
        हैदराबाद



नवा जमाना कइसा।

नवा जमाना कइसा।  

घरे दुआरे अइया बइठइं बाबा करे खरिहानी
नउके लरिके सूट चढ़ाई के खूब करें मनमानी।।
चूल्हा फूँकत उमर गइल निकलल आँखिन के पानी
नई बहुरिया गैस पे भी अब करत हौ आनाकानी।।
खेत गयल खलिहान गयल अउ छूटल सब बाग बगइचा
छूट गयल पगहा गोरु के ई नवा जमाना कइसा।।
खेते डांडे जात न केहू गोड़ में लागे चेंहटा
ऊसर बनत जात अब खेतवा दोष लगावें केहका।।
घरे में जब जब झगड़ा भयल बा बँटल खेत खलिहान
बइठ दुआरे अइया बाबा झंखइ पकरि पकरि के कान।।
जइ लरिका तइ चूल्हा होइगा अब बुढवन जाई कहाँ
थरिया के भाँटा बनि माई बाबू लुढकइ इहाँ उहाँ।।
गाँव गाँव के इहे कहानी दोष लगावइ केहका
ई नवा जमाना कइसन आइल बिगड़त हैं सब लरिका।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07जून, 2021



रिश्तों का भँवर।

रिश्तों का भँवर।  

शाम के धुँधलके में कुछ निशाँ छिप गए
कभी हुए मुखर कहीं और कुछ चुप हुए।।

याद की गहराइयों में कुछ चुभे शूल से
अरु रास्तों में बिछे बन के कुछ फूल से
जो भी मिले राह में सीख कुछ दे गए
कभी हुए मुखर कहीं और कुछ चुप हुए।।

मटमैले रिश्तों ने कहानी कई गढ़ी
दर्द के प्रभाव से ही कुछ लिखी कुछ पढ़ी
जो पढ़े किताबों में शब्द सब मिट गए
कभी हुए मुखर कहीं और कुछ चुप हुए।।

वक्त से छूट कर भी कितने अलग हुए
रिश्तों के भँवर में हि कितने उलझ गए
कुछ चले दूर तलक और दूर कुछ हुए
कभी हुए मुखर कहीं और कुछ चुप हुए।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07जून, 2021



फर्ज की राहें।

फर्ज की राहें। 

गा रहे तुम गीत जिसके
क्या दर्द उसका देखा है।।

खेतों में खलिहानों में
बागों में चौबारों में
रात के अंधकारों में
या सूर्य के अंगारों में
तप गए हैं जिसके चरण
तुमने उसको देखा है
गा रहे हो गीत जिसके
क्या दर्द उसका देखा है।।

गाँव के पगडंडियों से
शहर की राहें खुली हैं
स्वप्न देखा एक ने जब
साँस दूजे को मिली है
एक की गुमनामियों में
दूजा पलते देखा है
गा रहे हो गीत जिसके
क्या दर्द उसका देखा है।।

दूर सीमा पर खड़े हो
मधुरस गीत गा रहे जो
स्वयं को आहूत कर के
देश भाव जगा रहे जो
छुपी उस भावनाओं का
क्या मर्म तुमने देखा है
गा रहे हो गीत जिसके
क्या दर्द उसका देखा है।।

मिलेंगी राहें यहाँ जब
नव पथ का निर्माण होगा
जब चलेंगे साथ में जब
स्वप्न सब साकार होगा
उस स्वप्न के साकार का
क्या फर्ज तुमने देखा है
गा रहे हो गीत जिसके
क्या दर्द उसका देखा है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06जून, 2021



कहाँ ठिकाना।

कहाँ ठिकाना। 

मंजिलें और रास्ते भी हैं 
पर तुझे कहाँ है जाना
कहो मुसाफिर कहाँ ठिकाना।।

तुम चलो राहें चलेंगीं
तुम रुको राहें रुकेंगी
तेरे संग संग रास्ते भी
लिख रहे नूतन फसाना।
कहो मुसाफिर कहाँ ठिकाना।।

सूर्य, चंदा औ सितारे
चल रहे सफर में सारे
पूछते हैं आज तुझसे
कहो कहाँ तुझको जाना
कहो मुसाफिर कहाँ ठिकाना।।

भूल तुम कैसे गए वो
पंथ था तुमने चुना जो
कर स्वयं को दृढ़ प्रतिज्ञ तू
गढ़ अपना ताना बाना
कहो मुसाफिर कहाँ ठिकाना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06जून, 2021



कविता में मन।

कविता में मन।  

तू मेरी कविता का धन है
तुझ पर मेरी कलम समर्पित
हर पन्नों पर बिंब तेरा है
तुझ पर मेरा सब कुछ अर्पित।

शब्द शब्द में भाव भरे हैं
औ पंक्ति पंक्ति जीवन मेरा
पृष्ठ पृष्ठ तू बढ़ी यहाँ पर
पुस्तक पर है प्रभाव तेरा।
तुझसे मैंने लिखना सीखा
तुझ पर मेरा भाव समर्पित
तू मेरी कविता का धन है
तुझ पर मेरी कलम समर्पित।।

कहीं रुकी जो राहें मेरी
तुमने ही राह दिखाया है
भटका जब भी कहीं मार्ग से
तुमने ही राह सुझाया है।
तुझसे मैंने जीना सीखा
तुझ पर मेरा जीवन अर्पित
तू मेरी कविता का धन है
तुझ पर मेरी कलम समर्पित।।

मुझको बस वरदान यही दो
जन भावों को लिखता जाऊँ
गीत लिखूँ मैं जन गण मन के
नवगीत नया रचता जाऊँ।
ऐसा कोई गीत लिखूँ मैं
जिससे जग हो सारा गुंजित
तू मेरी कविता का धन है
तुझ पर मेरी कलम समर्पित।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06जून, 2021

स्वप्न सुंदर दे गए।

स्वप्न सुंदर दे गए।   

दो घड़ी तुम पास आकर स्वप्न सुंदर दे गये
शांत सागर की लहर में व्यग्र हलचल दे गए।।

गुदगुदा कर भावनाएँ बात अपनी कह दिया
पाश में भरकर मुझे मदहोश ऐसे कर दिया
पुष्प अधरों पर खिले औ नयन में अठखेलियाँ
प्रीत के अहसास से तुमने हृदय को भर दिया।
प्रीत का मधुमास दे श्रृंगार सुंदर दे गए
दो घड़ी तुम पास आकर स्वप्न सुंदर दे गए।।

थम गया था वक्त उस क्षण जब मिले दो प्राण प्रिय
मुक्त बंधन सब हुए थे जब खुले श्रृंगार प्रिय
मन की ड्योढ़ी पे लाखों दीप उस क्षण जल उठे
जब मिले थे दो हृदय ले मुक्त इक अहसास प्रिय।
उस मिलन के क्षण में मधुर गान सुंदर दे गए
दो घड़ी तुम पास आकर स्वप्न सुंदर दे गए।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      05जून, 2021

संकट दूर करो रघुवर।

संकट दूर करो रघुवर।  

प्रभु राम सुनो विनती हमरी
सब संकट दूर करो रघुवर
हम बालक हैं नादान अभी
हमको भयमुक्त करो रघुवर।।

प्रभु दीन हीन का तुम बल हो
प्रभु मेरा भी उद्धार करो
प्रभु ज्ञान ध्यान की ज्योति जला
प्रभु अंतस का संताप हरो।
प्रभु मुक्त करो अँधियारों से
जग दमके बनकर के दिनकर
प्रभु राम सुनो विनती हमरी
सब संकट दूर करो रघुवर।।

रोग व्याधि से पीड़ित है जग
चहुँदिस हाहाकार मचा है
जग की सब पीर हरो प्रभुवर
तुमपर ही विश्वास टिका है।
अब सूझ रहा ना कोई पथ
कुछ राह दिखा जाओ प्रभुवर
प्रभु राम सुनो विनती हमरी
सब संकट दूर करो रघुवर।।

भले बुरे हम जैसे भी हैं
हम सब तेरे ही बालक हैं
चरणों मे अपने स्वीकारो
प्रभु दाता तुम हम याचक हैं।
दान भक्ति का हमको देकर
अंतस के पाप हरो प्रभुवर
प्रभु राम सुनो विनती हमरी
सब संकट दूर करो रघुवर।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05जून, 2021

चिड़िया रानी।

चिड़िया रानी।  

सुबह सवेरे डाल डाल पर
फुदक फुदक कर आती चिड़िया
सूरज उगने के संग संग ही
मीठा राग सुनाती चिड़िया।।

आँगन आँगन गाना गाती
वन उपवन चहकाती चिड़िया
अँधियारा अब दूर हुआ है
संदेशा पहुँचाती चिड़िया।।

त्यज आलस्य नींद से जागो
मेहनत से कभी ना भागो
मेहनत का पर्याय नहीं है
सबको ये समझाती चिड़िया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       05जून, 2021

उम्मीद का सूरज।

उम्मीद का सूरज।  

घने अँधेरों ने बोलो कब
सूरज का पथ रोका है।।

आसानी से कब मिलता है
सागर में मोती बोलो
भरी यहाँ कब सहज भाव से
सपनों की झोली बोलो।
साहस के आगे बोलो कब
कहाँ किसी ने टोका है
घने अँधेरों ने बोलो कब
सूरज का पथ रोका है।।

माना लहरों का शोर बहुत है
औ सागर में हलचल है
तूफानों के बीच निकलना
माँझी का ही कौशल है।
लहरों के घने थपेड़ों ने
माँझी को कब रोका है
घने अँधेरों ने बोलो कब 
सूरज का पथ रोका है।।

हार जीत जीवन के पहलू
इनसे सबका नाता है
वही उठा है पथ में गिरकर
जिसको चलना आता है।
जिसने भी संघर्ष किया है
वक्त उसी का होता है
घने अँधेरों ने बोलो कब
सूरज का पथ रोका है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जून, 2021

मुझको गाने दो।

मुझको गाने दो।   

बूँदें बन बरसे हैं बादल
मत रोको मुझको गाने दो।।

बरस बरस यूँ बीत गए हैं
तुमसे नेह लगाए मुझको
भरे हृदय थे रीत गए हैं
सपनों ही में पाए तुमको।
आज मिले हो जो मुझको तुम
फिर से वो स्वप्न सजाने दो
बूँदें बन बरसे हैं बादल
मत रोको मुझको गाने दो।।

बीते कितने दिन जीवन के
इस ड्योढ़ी को तकते तकते
कितनी बार रुके अधरों पर
शब्द यहाँ कुछ कहते कहते।
ये पल फिर आये ना आये
सब आज मुझे कह जाने दो
बूँदें बन बरसे हैं बादल
मत रोको मुझको गाने दो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जून, 2021



करवट।



करवट।  

हैं बड़ी नादान रातें ये सितारे भी समझते हैं
मगर आगोश में आयें नजारे भी तरसते हैं।।

किसी का साथ जब होता है मौसम भी हसीं लगता
बिछड़ कर आसमानों से कहाँ बादल बरसते हैं?

गुजर जाते हैं ये लम्हे भी यादों के झरोखों से
अकेले  हो गये जब भी बड़ी मुश्किल गुजरते हैं।

कहें किससे ये बातें औ सुनाएँ दास्ताँ किसको
अकेली  रात जब भी है तो बस करवट बदलते हैं।।

 ©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03जून, 2021

स्वयं से है संघर्ष अपना।

स्वयं से है संघर्ष अपना।  

चल रहा हूँ भीड़ में मैं
होड़ पर खुद से मची है
मंजिलों की दौड़ है औ
द्वंद अंतस में खिंची है।।
विजित रहूँ या अविजित मैं
परिणाम को नहीं तकना
चल पड़ा हूँ राह में मैं
स्वयं से है संघर्ष अपना।।

मैं वही हूँ जो वहाँ था
अब यहाँ हूँ कल कहाँ था
वक्त का है खेल सारा
मुक्त कोई कब यहाँ था।
बंधनों के बीच रहकर
स्वयं को है मुक्त रखना
चल पड़ा हूँ राह में मैं
स्वयं से है संघर्ष अपना।।

मिल गया इस पंथ में जो
स्वीकार उसको कर लिया
यज्ञ की आहूती बनकर
स्वयं से ही मिल लिया
मोक्ष के इस हवन में फिर
सुनूँ किसी की क्यूँ गर्जना
चल पड़ा हूँ राह में मैं
स्वयं से है संघर्ष अपना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03जून, 2021





व्यथा।

व्यथा।   

जब रात के आगोश में
भोर कोई पल रहा था
सो रहा था जग जहाँ पर
मौन कोई चल रहा था।।

नींद पलकों पर रुकी थी
स्वप्न ड्योढ़ी पर खड़े थे
भावनाओं के समर में
शब्द पर पहरे बड़े थे।
रात की तन्हाइयों में
दीप चुप चुप जल रहा था।
सो रहा था जग जहाँ पर
मौन कोई चल रहा था।।

रात की अपनी व्यथा है
औ दिवस की है कहानी
बीच में पिसती रही है
जाने कितनी जिंदगानी।
है सदी का घाव जिसको
वक्त पल पल सिल रहा था
सो रहा था जग जहाँ पर
मौन कोई चल रहा था।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02जून, 2021

संबंध।

संबंध।   

शब्दों का पर्याय जहाँ हो
संबंध वहीं पर खिलते हैं।।

दूर तलक जाती राहों पर
लाखों पग डग भरते हैं
कुछ चलते हैं साथ साथ 
कुछ बीच राह बिछड़ते हैं।
साथ चले जो पग राहों में
अभिप्राय उन्हीं के बनते हैं।
शब्दों का पर्याय जहाँ हो
संबंध वहीं पर खिलते हैं।।

सबके मन के भावों को
पिरो बना मोती की माला
एक पंक्ति में भगवद्गीता
दूजे में यज्ञों की ज्वाला।
यज्ञ जहाँ पर होते हैं
उपहार वहीं पर मिलते हैं
शब्दों का पर्याय जहाँ हो
संबंध वहीं पर खिलते हैं।।

कर्तव्यों की ड्योढ़ी पर ही
अधिकार फला फूला करते
जहाँ सुमति है परिवारों में
पुण्य प्रभाव मिला करते।
अधिकारों को सम्मान वहीं
कर्तव्य सभी मिल करते हैं
शब्दों का पर्याय जहाँ हो
संबंध वही पर खिलते हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02जून, 2021






तुम हमारे हो ना पाए।

तुम हमारे हो ना पाए।   

नयन में भर नीर कितने
एक दिन तुमने कहा था
है बहुत अफसोस तुमको
गीत संग संग गा ना पाए
तुम हमारे हो ना पाए।।

था वो नदिया का किनारा
हो गया बोझल सहारा
अधरों में कंपन बहुत था
मुक्त लेकिन मिल न पाए
तुम हमारे हो ना पाए।।

था हृदय में शोर कितना
पर जगत था मौन सारा
सुन रही थी साँझ चुप हो
बात लेकिन कह न पाए
तुम हमारे हो ना पाए।।

शेष थे जो शब्द झलके
अश्रु बन पलकों से छलके
स्वयं से था तब मैं हारा
वो गीत फिर से गा न पाए
तुम हमारे हो ना पाए।।

अब तुम कहीं औ मैं कहीं
पर रास्ते अब भी वहीं
चल रहीं राहें अभी तक
लेकिन हम तुम चल न पाए
तुम हमारे हो ना पाए।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       01जून, 2021

उम्मीदों की लाली

उम्मीदों की लाली।  

मुक्त गगन में खोज रहा हूँ
इक उम्मीदों की लाली
उदास दिवस रहेगा कब तक
क्यूँ रात रहेगी काली।।

देख रहा सूरज को मैं भी
हर रोज गगन में तपते
रातों को भी देखा हमने
बस सूरज को ही तकते।
रातों के सूनेपन की भी
करती किरणें रखवाली
मुक्त गगन में खोज रहा हूँ
इक उम्मीदों की लाली।।

शब्द शब्द अधरों से छनकर
गीत सुनहरे बन जाते
भावों का परिधान पहनकर
रूप मनहरे बन जाते।
मनहर गीतों ने महकाई
है मन उपवन की डाली
मुक्त गगन में खोज रहा हूँ
इक उम्मीदों की लाली।।

ढूँढ़ रहा भावों में जीवन
भटक रहा मारा मारा
घनी अँधेरी इन रातों में
किरणें ही बनीं सहारा।
रातों के इस सूनेपन ने
किरणों से आशा पाली
मुक्त गगन में खोज रहा हूँ
इक उम्मीदों की लाली।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       31मई, 2021

अधरों का पुष्प।

अधरों का पुष्प।   

तुम जब भि साथ रहते हो मुझे कोई गम नहीं होता
मिला जो कुछ भी मुझे तुमसे कभी भी कम नहीं होता
कहे कुछ भी कोई लेकिन यही समझा है मैंने की
मोहब्बत करने के लिए कोई मौसम नहीं होता।।

तुम्हारा साथ मुझे पल पल यही अहसास देता है
सुरक्षा का समर्पण का हरपल मुझे आभास देता है
तुम्हारे साथ हि अब हमने लिखी अपनी कहानी है
तुम्हें देखूँ मैं जब जब भी मुझे विश्वास होता है।।

तुम्हारी चाह का दीपक हमेशा दिल में जलता है
तुम्हारे जिक्र से हरपल सुकून दिल को मिलता है
खिलते होंगे हजारों पुष्प भले ऋतुओं की मर्जी से
मगर अधरों का ये पुष्प तेरे अधरों से खिलता है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        31मई, 2021

उम्र का सफर।

उम्र का सफर। 

हाय मुझे ऐसे मत देखो
ये दिन तुम पर भी है आना
गुजर रहा मैं जिन राहों पर
इक दिन तुमको भी है जाना।।

उम्र से अपनी होड़ मची है
कदम कदम पर डोर जुड़ी है
चला जा रहा हूँ राहों पर
मुड़ा जहाँ पर छोर मुड़ी है।
मेरे बालों की चाँदी में
छुपा जहाँ का मुक्त खजाना
गुजर रहा मैं जिन राहों पर
इक दिन तुमको भी है जाना।।

माथे पर ये खिंची लकीरें
और चेहरों की रेखाएँ
पल पल कहती एक कहानी
अनुभव की गाती गाथाएं।
माथे की सिलवट से ही
मैंने जग को है पहचाना
गुजर रहा मैं जिन राहों पर
इक दिन तुमको भी है जाना।।

माना मेरे दाँत गिर रहे
और कमर में दर्द उठ रहा
अब पैरों में भी कंपन है
और आंखों से कम दिख रहा।
तन की सुंदरता से ज्यादा
मन को मैंने है पहचान
गुजर रहा मैं जिन राहों पर
इक दिन तुमको भी है जाना।।

रात दिवस का खेल सभी है
एक उगा तो एक ढली है
माना अलग अलग राहें हैं
इक दूजे से सभी मिली हैं।
मिली जुली इन्हीं राहों पर
जीवन का है ताना बाना
गुजर रहा मैं जिन राहों पर
इक दिन तुमको भी है जाना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30मई, 2021

दीवाना।

दीवाना। 

ना जाने कब तेरी नजरों का मैं दीवाना बन बैठा
कहा कुछ भी नहीं लेकिन ये कब अफसाना बन बैठा।।

तुम्हीं आते हो नजर मुझको के इन कलियों नजारों में
तुम्हारी खुशबू है फैली इन फिजाओं में बहारों में
जो यहाँ तुम हो शमा इक तो मैं भी परवाना बन बैठा
ना जाने कब तेरी नजरों का मैं दीवाना बन बैठा।।

तुम्हारी चाहतों का दीपक जलाकर दिल में बैठा हूँ
तुम्हारे स्वप्नों से मैं स्वप्न मिलाकर अपने बैठा हूँ
ये मेरा दिल भी जाने कब भरोसा तुमपे कर बैठा
ना जाने कब तेरी नजरों का मैं दीवाना बन बैठा।।

तुम्हीं से हो शुरू तुम तक ये कहानी मेरी जाती है
मेरी हर साँस की सरगम बस तुम्हारे गीत गाती है
तुम्हीं हो इस साँस की वीणा तुम्हें धड़कन बना बैठा
ना जाने कब तेरी नजरों का मैं दीवाना बन बैठा।।

कहूँ अब और क्या तुमसे के फकत इतनी ही कहानी है
कि अब तुमसे ही मेरे जीवन की दरिया में रवानी है
जो तुम सागर की लहर हो तो किनारा मैं भी बन बैठा
ना जाने कब तेरी नजरों का मैं दीवाना बन बैठा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        29मई, 2021

वक्त कब ठहरा है।

वक्त कब ठहरा है।   

गीत सुनाते चलो बटोही
वक्त रुका कब, जो ठहरेगा
रहा अधूरा गीत कोई तो
नया गीत कैसे पनपेगा।।

काली घटा घिरी गगन में
रिमझिम तेज फुहारें आईं
अगले ही पल बादल में
किरणों की सौगातें आईं।
रुके नहीं काले बादल जब
तूफान यहाँ कब ठहरेगा
गीत सुनाते चलो बटोही
वक्त रुका कब जो ठहरेगा।।

सही वक्त को शस्त्र बनाओ
गीत रचो नव गीत बनाओ
सुखन किरण मिले कहीं जब
आशाओं के दीप जलाओ।
माना सुख के पल छोटे थे
तो दुख भी कितने दिन ठहरेगा
गीत सुनाते चलो बटोही
वक्त रुका कब जो ठहरेगा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28मई, 2021






पहचान।

पहचान।  

किसने कब चाहा है जग में
के पहचान पुरानी हो
सबकी अपनी बातें हों औ
सबकी एक कहानी हो।।

जीवन का पथ चाहे मुश्किल
या कितनी ही बाधा हो
चलें निरंतर विश्वासों से
पूर्ण सभी अभिलाषा हो
जिस जिस पथ पर कदम पड़े हों
सब पर अमिट निशानी हो
किसने कब चाहा है जग में
के पहचान पुरानी हो।।

बीते पल की सारी बातें
छोड़ पुरानी आघातें
बनकर दीप जले राहों में
रोशन हों अँधियारी रातें
छँटे अँधेरा उम्मीदों से
सस्मित सभी कहानी हो
किसने कब चाहा है जग में
के पहचान पुरानी हो।।

यहाँ समर में सभी डटे हैं
जीवन का अहसास लिए
सभी अड़े हैं तूफानों में
मुट्ठी में आकाश लिए
सबकी अपने कर्तव्यों की
गुंजित सदा कहानी हो
किसने कब चाहा है जग में
के पहचान पुरानी हो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        25मई, 2021


संगिनी।

संगिनी।   

रीत निभाने चली संगिनी
भावों का विन्यास लिए
उर में अपने मधुर स्वप्न ले
खुशियों का आकाश लिए।।

छोटे छोटे पल की सारी
यादों को अनुशासित कर
अपने हृद के मृदु भावों को
दूजे में विस्थापित कर
मन में भरकर सपन सुहाने
पलकों में मधुमास लिए
रीत निभाने चली संगिनी
भावों का विन्यास लिए।।

सखियाँ छूटी गलियाँ छूटी
अल्हड़पन की बतियाँ छूटी
खेल खिलौने हुए पुराने
बीती सारी बतियाँ छूटी
नूतन शब्दों की आहट ले
प्रीत रीत का अनुप्रास लिए
रीत निभाने चली संगिनी
भावों का विन्यास लिए।।

जीवन के हर इक पथ पर 
एक दूजे संग चलना है
फूल मिले या काँटे पथ में
हँसकर आगे बढ़ना है
एक हाथ कर्तव्य निभाते
दूजा मधु आकाश लिए
रीत निभाने चली संगिनी
भावों का विन्यास लिए।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        25मई, 2021


व्याकुल मन।

व्याकुल मन।  

ऐ मेरे मन मुझे बता दो तुझमें छिपा जो राज
क्यूँ व्याकुल हो रहा चित्त और मौन पड़ा क्यूँ साज।।

कितनी गहरी दुनिया तेरी
थाह कहाँ से मैं पाऊँ
कैसे समझूँ दर्द तेरा मैं
और तुझे क्या समझाऊँ।।
तुम ही बोलो मौन हुआ क्यूँ पपीहे का वो राग
क्यूँ व्याकुल हो रहा चित्त और मौन पड़ा क्यूँ साज।।

कई बार टकराया तुझसे
पर राज समझ ना आया
कितने ही पल तुझे पुकारा
पर पास तुझे ना पाया।।
कैसा दर्द मिला है तुझको ये मुझे बता दो आज
क्यूँ व्याकुल हो रहा चित्त और मौन पड़ा क्यूँ साज।।

नैनों के कोरों पर कितनी
तरल तरंगें विचलित हैं
भावों को कहने को कितनी
मौन लकीरें मुखरित हैं।।
आज मुखर हो मुझसे कह दो तुझमें छिपा जो राज
क्यूँ व्याकुल हो रहा चित्त और मौन पड़ा क्यूँ साज।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        25मई, 2021
       



प्रणय भाव।

प्रणय भाव।  

मेरे सूने अंतर्मन पर सुधि बनकर छा जाता 
ऐसा कोई होता जो प्रणय भाव समझा जाता।।

पलकों में अपने भर करके नवल नेह का काजल
आँचल में अपने भरकर के आशाओं के बादल
स्मृतियों के सूनेपन को हौले से सहला जाता
ऐसा कोई होता जो प्रणय भाव समझा जाता।।

कभी सजाता सपन सलोने कभी आस की ज्योती
कभी मधुर मधुमास जगाता कभी प्रेम के मोती
नैनों की चितवन से फिर नूतन राह दिखा जाता
ऐसा कोई होता जो प्रणय भाव समझा जाता।।

मूक वेदना को स्वर देता श्वाशों में मृदु कंपन
अधरों पर मुस्कान जगाता दे हौले से चुंबन
मधुर स्वरों में गीत सजा अंतस को बहला जाता
ऐसा कोई होता जो प्रणय भाव समझा जाता। 

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        24मई, 2021


एक दर्द।

एक दर्द। 

दर्द आँखों में छुपा जो दिखाऊँ कैसे
बात जो दिल में चुभी है बताऊँ कैसे।।

तुम भी हो हम हैं औ जमाने का चलन भी
घाव पर जिससे मिला है निभाऊँ कैसे।।

तुम तो कहते थे के ना रूठोगे कभी
अब जो रूठे हो तुम तो मनाऊँ कैसे।।

गीत कितने ही लिखे हैं तुम्हारी खातिर
बिन तेरे कह दो तुम्हीं कि गाऊँ कैसे।।

कैसे कह दूँ के अब मुझे कुछ याद नहीं
पल जो गुजरे तिरे संग मैं भुलाऊँ कैसे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23मई, 2021

प्रभु की आराधना।

प्रभु की आराधना।  

छोड़ दी मँझदार में ये नाव अब तेरे सहारे
है ये तेरे हाथ में कैसे मुझको तू उबारे
तू ही मेरी आस है औ तू मेरा विश्वास है
अब डुबो दे तू मुझे या पार मुझको तू उतारे।।

इस जिंदगी के युद्ध में हरपल तू मेरे साथ है
जो तू कह दे दिन हैं मेरे तू कहे तो रात है
तेरे दया के दीप से जगमगा रही है जिंदगी
मुझको क्या चिंता के मेरे सर पे तेरा हाथ है।।

आप ही हो अर्चना और आप ही आराधना हो
आप ही चिंतन हो मेरा औ आप ही साधना हो
आपसे ही हैं जुड़ी हर श्वासें जीवन की मेरे
जब उठे हाथ मेरे प्रभु बस आपकी अरचना हो।।

छोड़ दी मँझदार में ये नाव अब तेरे सहारे
है ये तेरे हाथ में कैसे मुझको तू उबारे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       19मई, 2021

अर्चना के क्षण चुभे हैं शब्द ये कैसे नुकीले।

अर्चना के क्षण चुभे हैं शब्द ये कैसे नुकीले।।

गा लिए तुमने सभी क्या गीत थे जी भी सुरीले
शब्दों के तूणीर में क्या बस बचे तेरे शोले
है ये कैसी वेदना और कैसा ये उन्माद है
आरती के क्षण ने देखे युग विरह के क्यूँ हठीले।
अर्चना के क्षण चुभे हैं शब्द ये कैसे नुकीले।।

हैं आज फिर बरसे नयन से शब्द की क्यूँ वेदना
और विस्मृत हो गयी क्या वो मुक्तिकामी चेतना
प्रेम के इस मौन क्षण में व्योम हैं कैसे हठीले
खो गए अवसाद में क्या रूप जो तेरे सजीले
अर्चना के क्षण चुभे हैं शब्द ये कैसे नुकीले।।

ज्वार के क्षण में भी तुमने बस प्रेम आलिंगन दिए
औ नेह का वटवृक्ष बनकर छाँव आवंटन किये
खो गए क्यूँ नेह के सब ओस सारे जो रसीले
और विस्मृत हो गए क्यूँ कंठ के वो स्वर सुरीले
अर्चना के क्षण चुभे हैं शब्द ये कैसे नुकीले।।

जिस अहसास के स्पर्श से मधुमास था जागा कभी
जिस हृदय के अंक में मृदु श्रृंगार था जागा कभी
और जिसके अनुराग का संसार नतमस्तक रहा
उस हृदय के अंश में क्यूँ आज आये अश्रु गीले
अर्चना के क्षण चुभे हैं शब्द ये कैसे नुकीले।।

बाँट कर आकाश सारा जो स्वयं किंचित में रहे
पंथ के हर शूल को भी जो स्वयं पुलकित हो सहे
वेदना का भार सभी मौन जिसने हो के झेला
उसके अंतस में जगे क्यूँ दर्द के ये मौन शोले
अर्चना के क्षण चुभे हैं शब्द ये कैसे नुकीले।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18मई, 2021

व्यथा रात की।

व्यथा रात की।   

जो व्यथा थी रात की कब भोर ने समझा यहाँ
जो जली थी रात भर वो मोम है जाने कहाँ।

बाँचती अपनी व्यथा कब रात जाने सो गयी
भोर की आगोश में घिर स्वयं को ही खो गयी।
खो गए संकल्प सारे जो किये उसने कभी
रात के अवशेष में ही आस नूतन फिर जगी।

छिप गये ख्वाब कितने मौन इन परछाइयों में
खो गए संवाद क्या वक्त की गहराइयों में
मौन के उस घाव को फिर कौन समझेगा यहाँ
जो जली थी रात भर वो मोम है जाने कहाँ।।

दर्द मिला जो रात को सब दिवस का ही दंश है
और टूटी आस जो निज गलतियों का अंश है
छोड़ कर अफसोस सारे आस का दीपक जला
औ तिमिर के ज्वार में भी ज्ञान का दीपक जला।

है समय की बात ये सब बीतता जीवन यहाँ
और उसके तेज से कुछ छूटता है कब यहाँ
पर घुटी जो मौन में अब चीख है जाने कहाँ
जो जली थी रात भर वो मोम है जाने कहाँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18मई, 2021

कैसे समझाओगे।

कैसे समझाओगे।   

जीवन रचने वाले बोलो 
कैसे अब समझाओगे
भटक चुकी राहों को बोलो
क्या नूतन राह दिखाओगे।।

युगों युगों में लगकर तुमने
सुंदर जीवन निर्माण किया
औ कितनी ही आशाओं से
फिर उसमें नूतन प्राण दिया।
खग, मृग, और पशु पक्षी सारे
सब नव जीवन की आशा हैं
इक दूजे से सभी जुड़े हैं
जुड़ी सभी की अभिलाषा है।
अभिलाषा के मूल तत्व को
फिर फिर क्या बतलाओगे
नूतन जीवन रचने वाले
कैसे अब समझाओगे।।

गगन बनाई धरा बनाये
दरिया औ सागर मिलवाये
झील ताल और पर्वत कितने
झरने मीठे गीत सुनाए।
दिवस बनाई रात बनाये
ऋतुओं का मधुमास खिलाये
जन जन का जीवन पुलकित कर
उपवन का वनवास मिटाए।
घाव मिल रहे जो उपवन को
बोलो कैसे दिखलाओगे
नूतन जीवन रचने वाले
कैसे अब समझाओगे।।

पाप और पुण्य बनाकर के
जीवन को इक रूप दिया है
कभी दिए हैं छाँव कहीं पर
और कहीं पर धूप दिया है।
पर निज इच्छा की खातिर 
गहन अंध में डूब रहे जो
प्रकृति के सभी उपहारों को
रह रह करके लूट रहे जो।
लूट रहे इन उपहारों को
फिर बोलो कौन बचाएगा
जो आवरण में छुप गये तुम
फिर दीपक कौन जलाएगा।।
गहन अंध में डूबे मन को
तुम ही राह दिखाओगे
जीवन रचने वाले बोलो
कैसे अब समझाओगे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17मई, 2021




अवरोधों का राही।

अवरोधों का राही।  

मुश्किल हैं राहों में माना 
पर तुझको तो चलना होगा।।

मन की भाषा पढ़ने को
मन से मन को आज मिला लो
गुजर रही इस बेला में
पुष्प नया फिर आज खिला लो।
हो मनुज तो मनुजता का
भाव हृदय में आज जगा लो
गीत रागनी छेड़े जब जब
अपनी भी आवाज मिला लो।

त्याग, समर्पण, प्रेम, भाव
संवाद हृदय में पलना होगा
मुश्किल हैं राहों में माना
पर तुझको तो चलना होगा।।

ये जिंदगी एक गीत है
औ रागिनी है प्यार की
साथ तेरे कट रही जो
है रुत वही बहार की
राग में जो बीतती है
उस जिंदगी का अर्थ है
औ रात वो जो घट चुकी
अब शोक उसका व्यर्थ है।

हैं भाव हृदय में जो तेरे
आज उसे कहना होगा
मुश्किल हैं राहों में माना
पर तुझको तो चलना होगा।।

सहज भाव है अभिव्यक्ती है
जीवन ही तेरी शक्ती है
होंगे अगणित मार्ग सभी के
उद्द्यम ही तेरी भक्ती है।
दूर शिखर तक जाना तुझको
तरुणाई अभि बाकी है
दुर्गम राहों को गढ़ने में
तू ही तेरा साथी है।

अपना साथी बनकर तुझको
अवरोधों से लड़ना होगा
मुश्किल है माना राहों में
पर तुझको तो चलना होगा।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16मई, 2021




जंग अभी भी बाकी है।

जंग अभी भी बाकी है।  

थक कर बैठ नहीं तुम जाना
जंग अभी भी बाकी है
अभी तो केवल चित्र बने हैं
रंग अभी भी बाकी है।

छोटी छोटी उम्मीदों का
है भार तुम्हारे काँधों पर
कितनी ही आशाओं का
अनुमान तुम्हारे काँधों पर।

अगणित पलकों में सपने हैं
इंतजार अभी भी बाकी है।
थक कर बैठ नहीं तुम जाना
जंग अभी भी बाकी है।।

तुमने जो उद्देश्य चुने हैं
दुष्कर हैं अत्यंत माना
दृढ़ इच्छाशक्ती ने तेरे
अवरोधों को कब पहचाना।

मार्ग के सभी अवरोधों का
आलिंगन अब भी बाकी है।
थक कर बैठ नहीं तुम जाना
जंग अभी भी बाकी है।।

बने बिगड़ते इस जीवन में
तेरा भी तो हिस्सा है
होगी सबकी लाख कहानी
तेरा भी कुछ किस्सा है।

अपने हिस्से के किस्से की
पहचान बनाना बाकी है।
थक कर बैठ नहीं तुम जाना
जंग अभी भी बाकी है।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16मई, 2021


तीन बाल कविताएँ।

तीन बाल कविताएँ

बिल्ली बोली म्यायूँ म्यायूँ
कौआ बोले काँव काँव
हाथी बोला सूंढ़ उठाकर
चलो घूमने गाँव गाँव।।1।।

बंदर मामा चले घूमने
ले झोला शॉपिंग मॉल में
देख मिठाई जी ललचाया
बैठ गए वहीं हॉल में।।

एक मिठाई उठा लिए जब
मालिक ने पैसा माँगा
मुँह चिढ़ा कर बंदर मामा
फिर झोला लेकर भागा।।2।।

लोमड़ मौसी चली घूमने
आज शहर की ओर
सूट बूट औ चश्मा पहने
लगीं खूब मचाने शोर।।

सुनकर शोर आयी पुलिस
डंडा लेकर हाथ में
और पकड़कर पुलिस ले गयी
उनको अपने साथ में।।

उठक बैठक उन्हें कराई
और फिर वसूली फीस
बेचारी कुछ कह ना पाईं
चुपचाप निपोरी खीस।।3।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16मई, 2021


नूतन जीवन।

नूतन जीवन।  

साँसों पर कैसा पहरा है
संताप यहाँ क्यूँ गहरा है
क्यूँ जंजीरें है पैरों में
ये सन्नाटा क्यूँ पसरा है।

उम्मीदों के आकाशों पर
ये आशंका क्यूँ भारी है
क्यूँ सहमे सहमे लोग पड़े
है कैसी ये लाचारी है।

सन्नाटे अब चीख रहे हैं
आवाजें अब मौन पड़ी हैं
मंजिल मंजिल राह चली जो
अवरोधों में रुकी पड़ी है।

रुकी कहानी मध्यांतर में
उसको फिर से कहना होगा
अवसादों से बाहर आकर
नूतन जीवन रचना होगा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15 मई, 2021


मौन मुसाफिर मेले में।

मौन मुसाफिर मेले में।  

इस दुनिया के मेले में
इक मौन मुसाफिर मैं भी हूँ।

इन राहों में भीड़ बहुत है
कहने को तो नीड़ बहुत है
बहुत दूर तक सफर घनेरे
मंजिल तक कितने हैं फेरे।
इन फेरों के चक्रव्यूह में
संग संग सबके मैं भी हूँ
इस दुनिया के मेले में
इक मौन मुसाफिर मैं भी हूँ।।

इच्छाओं का भार लिए सब
मंजिल मंजिल भटक रहे हैं
कुछ को छाँव मिली राहों में
कुछ तापों में चिटक रहे हैं।
धूप छाँव के खेल में घिरा
छोटी अभिलाषा मैं भी हूँ
इस दुनिया के मेले में
इक मौन मुसाफिर मैं भी हूँ।।

होंगे सबके लाखों सपने
है अपना बस अरमान यही
रहती दुनिया के गीतों में
हो छोटा सा ही नाम सही।
आशाओं के इस मेले में
इक दीप जलाए मैं भी हूँ
इस दुनिया के मेले में
इक मौन मुसाफिर मैं भी हूँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15 मई, 2021

नूतन इतिहास रचना है।

नूतन इतिहास रचना है।  

नहीं जानने की इच्छा है
साथ हमारे कौन चलेगा
नहीं जानने की चाहत है
साथ हमारे कौन पलेगा।

अनजानी उन राहों में भी
कुछ तो सत्य छिपा होगा
राह भले दुर्गम हो कितनी
मौन कोई चला तो होगा।
दुर्गम देख राह जो बदली
फिर बोलो के कौन चलेगा।
नहीं जानने की इच्छा है
साथ हमारे कौन चलेगा।।

अगणित प्रश्नों के नश्तर से
रुख अपना मोड़ नहीं सकता
नाकामी से डरकर के मैं
ये रस्ता छोड़ नहीं सकता।।
छोड़ दिया जो राहों को फिर
तुम ही बोलो कौन चलेगा
नहीं जानने की इच्छा है
साथ हमारे कौन चलेगा।।

माना राहें ये मुश्किल हैं
पर इनपर तो चलना होगा
लोग चले हों पदचिन्हों पर
पदचिन्ह नया रचना होगा
इतिहासों को दोहराएँ तो
इतिहास नया कौन रचेगा
नहीं जानने की इच्छा है
साथ हमारे कौन चलेगा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14मई, 2021

दिल का दर्द।

दिल का दर्द।  

जग के तानों से आहत हो
पलकों से सागर बहता है
जब चोट हृदय पर लगती है
औ दंश हजारों सहता है
जब मन के भीतर शब्दों का
इक सागर मंथन करता है
तब दर्द उमड़ कर जगता है
दिल खुद से बातें करता है।।

अपने जब नाते तोड़ चलें
औ बीच राह जब छोड़ चलें
जब उम्मीदें बेमानी हों
जब बीती सभी कहानी हों
जब नींद आँख को छोड़ चले
सपने भी पलकें छोड़ चलें
मन गीत नया फिर रचता है
दिल खुद से बातें करता है।।

विरह वेदना के सागर में
अंतस का दीपक रोता है
जब चोट कहीं भी लगती है
और दर्द हृदय में होता है
जब शब्दों की फुलवारी से
कोइ मौन शब्द बिछड़ता है
तब पीड़ा सहने की खातिर
दिल खुद से बातें करता है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        13मई, 2021


तराना प्रेम का।

तराना प्रेम का।  

प्यार में दो कदम तुम चलो तो सही
बात दिल की कभी तुम कहो तो सही।
है ये वादा मेरा हर घड़ी साथ हूँ
कभी यूँ ही जरा तुम मिलो तो सही।।

प्रीत की रीत कितनी सुहानी यहाँ
लोकगीतों में सुनी कहानी यहाँ
हीर राँझा कहो सोहनी महिवाल
याद सबके लवों पर जुबानी यहाँ।।

चलो हम तुम गढ़ें इक नया प्रेम ग्रंथ
चलो हम तुम रचें इक नया प्रीत पंथ
जिसपे चल कर जहाँ ये सुहाना लगे
और गूंजे दिलों में नया प्रीत मंत्र।।

तुम चलो हम चलें फिर उसी राह पर
गीत नूतन लिखें हम उसी राह पर
हर लवों पर हमारे फसाने रहें
सदियों तलक गूँजते  तराने रहें।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
        13मई, 2021

पिता।

पिता।  

जिंदगी की धूप में चुपचाप कोई चल रहा है
देकर के हमको छाँव ताप में खुद जल रहा है।
चट्टान सा है सख्त पर भीतर से वो मोम है
पुण्यता का है प्रतीक और मंदिरों का ॐ है।
अनुभवों का ज्ञान है और प्रेम है विश्वास है
नन्हीं नन्हीं उँगलियों के आस का आकाश है।
रास्तों की धूप में वटवृक्ष की शीतल छाँव है
तूफानों को चीर दे उम्मीद की वो नाव है।
हालात कैसे भी रहे उफ नहीं करते यहाँ
पैर के छालों को हरदम फूल वो समझे यहाँ।
बैठ कर काँधों पे जिनके देखा है हमने जहाँ
स्वेद बूंदों से भी जिनके मृदुलता बरसे यहाँ।
मंजिलों को नापने को ताउम्र जो चलते रहे
औ जिनके काँधों पर मासूम स्वप्न पलते रहे।
जिनके पलकों की नमी देव भी न देख पाए
औ जिनके हौसलों को मुश्किलें न रोक पाए।
जिसने सिखलाया हमें के क्या बुरा है क्या भला
अनुभवों के छाँव तले वक्त जिनके हरदम पला।
जिसने सबको है सिखाया पंथ प्रतिपल जीत का
पाठ प्रतिपल है पढ़ाया मनुष्यता से प्रीत का।
जिसने सिखलाया है सदा मूल मंत्र बस कर्म का
जिसने दिखलाया है हमें राह प्रतिपल धर्म का।
उपनिषद हैं वेद हैं गीता का पूरा सार हैं
कहने को बस पंक्ति है पर शब्दों का संसार है।
संतान के सुख के लिए जो हर दर्द भूल जाते हैं
वो पिता ही हैं जो जिम्मेदारियाँ निभाते हैं।
जिसकी इक मुस्कान से ही खिल उठे सारे चमन
पिता के निश्छल प्रेम को शत शत है अपना नमन।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
         12मई, 2021




अजनबी रात अपनी हो गयी।

अजनबी रात अपनी हो गयी।  

अजनबी थी रात कल जो
आज अपनी हो गयी है
ख्वाब में थी बात की जो
बात अपनी हो गयी है।।

तुम जो आये जिंदगी में
ख्वाब में उड़ने लगे हम
साथ तेरे गीत कितने
प्रीत के बुनने लगे हम।
कल तलक जो दूर हमसे
साज अपने हो गए हैं।
अजनबी थी रात कल जो
आज अपनी हो गयी है।।

दो नैनों ने कह डाली
मन की वो सारी बातें
तुम बिन कैसे दिवस ढले
कैसे काटी हैं रातें।
कल तलक जो बेगानी थी
रात अपनी हो गयी है।
अजनबी थी रात कल जो
आज अपनी हो गयी है।।

चाहता है दिल हमारा
ये रात यूँ सजती रहे
चाँदनी का ये सफर अब
यूँ साथ ही चलती रहे।
दिल में अभी तक जो छुपे
राज अपने हो गए हैं।
अजनबी थी रात कल जो
आज अपनी हो गयी है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        10मई, 2021

राहों की धूल।

राहों की धूल।   

कभी न चलना उन राहों पर
जिन पर उड़ती धूल नहीं
कभी न कहना उन बातों को
जिनका कोई मूल नहीं।।

सुन कर जन की विरह वेदना
मूक शब्द रह जाएं जब
और देख कर जन की पीड़ा
मौन नयन रह जाएं जब 
ऐसे व्यवहारों का जग में
रहता कोई मोल नहीं।
कभी न चलना उन राहों पर
जिन पर उड़ती धूल नहीं।।

जग के सारे संतापों में
जिनको अवसर दिखता है
और जहाँ के अवसादों में
मौका अकसर दिखता है
उन लोगों से बचना जिनके
हृद में चुभती शूल नहीं।
कभी न चलना उन राहों पर
जिन पर उड़ती धूल नहीं।।

समय चक्र का खेल है सारा
कौन यहाँ कब रुकता है
आज चढ़े जो आकाशों पर
उनका सिर भी झुकता है
झुका शीश जो कभी कहीं तो
उसको समझो भूल नहीं।
कभी न चलना उन राहों पर
जिन पर उड़ती धूल नहीं।।

जीवन की गोधूली बेला 
कितना अनुभव देती है
पथ के सारे किंतु परन्तु को
वो संभव कर देती है
धूल नहीं माथे का चंदन
समझो इसको भूल नहीं।
कभी न चलना उन राहों पर
जिन पर उड़ती धूल नहीं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08मई, 2021

इक सरल अनुवाद

इक सरल अनुवाद।   

ढूँढता हूँ पंक्तियों में मोक्ष का संवाद मैं
और जीवन की व्यथा का इक सरल अनुवाद मैं।।

यूँ लिखी सबने बहुत है जिंदगी की गीतिका
राह भी सबने दिखाई संग सबके प्रीत का
सत्य हैं सबके अलग पर मार्ग सबके एक हैं
चल रहे जिस पर सभी वो पंथ है पर जीत का।

ढूँढता हूँ पंथ में उस प्रीत का अनुनाद मैं
और जीवन की व्यथा का इक सरल अनुवाद मैं।।

सबकी अपनी है व्यथा सबके अपने रास्ते
कोई लिखता औरों पर कोई खुद के वास्ते
और कितनी बात कह दी छंद के आकार में
गीतों गज़लों में कही और कही व्यवहार में।

ढूँढता हूँ पंक्तियों में वो सकल संवाद मैं
और जीवन की व्यथा का इक सरल अनुवाद मैं।।

मौन मैं भी लिख रहा हूँ पंक्ति में अपनी व्यथा
सत्य मानो तुम इसे या फिर इसे मानो कथा
रोज लिखता हूँ यहाँ मैं जिंदगी की एक गजल
और देखा खुद को जब पलकों को पाया सजल।

ढूँढता हूँ पलकों में गीतों का अभिवाद मैं
और जीवन की व्यथा का इक सरल अनुवाद मैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08 मई, 2021

नूतन प्रतिमान।

नूतन प्रतिमान।   

नवयुग का साक्षी बनने को
मौन अकेले आज चलाचल
स्थापित प्रतिमानों से आगे
तू नूतन प्रतिमान गढ़े चल।।

मानवता की व्यापक दृष्टी
भावों में तू छलकाए जा 
संकीर्ण भाव परे त्यागकर
सबको हँसकर अपनाए जा।।

कालखंड का उद्देश्य यही
तू नूतन पथ गढ़े चलाचल
नवयुग का साक्षी बनने को
तू नूतन प्रतिमान गढ़े चल।।

जन जन की पीड़ा को अपने
शब्दों में संयोजित करना
स्मृतियों के पुण्य लकीरों को
भावों में सुनियोजित करना।

हर हृद के भावों को पढ़कर
पुण्यश्लोक सम्मान गढ़े चल।
नवयुग का साक्षी बनने को
तू नूतन प्रतिमान गढ़े चल।।

नित प्रति जीवन संघर्षों की
विराट कहानी लिखता है
जैसी दृष्टी डालो जग पर
वैसा ही जग दिखता है।

तोड़ यहाँ के किंतु परंतु सब
तू नूतन अनुमान गढ़े चल।
नवयुग का साक्षी बनने को
तू नूतन प्रतिमान गढ़े चल।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07मई, 2021







चूल्हे में उल्लास।

चूल्हे में उल्लास।  

मौन हुई है घर की चिमनी
चूल्हे में उल्लास कहाँ 
घर की चकरी बंद पड़ी है
कैसा है वनवास यहाँ।।

पल पल कानों में जैसे
पदचाप सुनाई देती है
दूर दूर तक राहों में
बस आस दिखाई देती है।

आशाओं का झुरमुट है पर
सपनों का अवकाश यहाँ
मौन हुई है घर की चिमनी
चूल्हे में उल्लास कहाँ।।

भूखी प्यासी सड़क चली है
बंद गली थी आज खुली है
नन्हें नन्हें पैरों में भी
उम्मीदों की ओस घुली है।

पर पलकों के छाँव तले अब
आँसू को विश्राम कहाँ।
मौन हुई है घर की चिमनी
चूल्हे में उल्लास कहाँ।।

साँसों को आराम कहाँ अब
रह रह कर आती जाती हैं
इधर उधर फिरती रहती है
आराम कहाँ वो पाती है।

कितने घाव छुपा सीने में
राह चली अब मौन यहाँ।
मौन हुई है घर की चिमनी
चूल्हे में उल्लास कहाँ।।

इसका अंत कहीं तो होगा
मुक्त कंठ कभी तो होगा
कहीं मिलेगा ठौर ठिकाना
कोई तंत्र कहीं तो होगा।

जहाँ मिलेंगी खुशियाँ सारी
उम्मीदें औ उल्लास जहाँ
वहीं हँसेगी फिर से चिमनी
चूल्हे में उल्लास वहाँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03मई, 2021





छोटी सी अरज।

छोटी सी अरज।  

आकाशों पर रहने वाले
चरण धूलि हम धरती के
तुम राजा हो भूमंडल के
हम रहने वाले बस्ती के।।

युग जाने कितने बीत गए
हम भरे कहाँ जो रीत गए
युग युग का बस दरद यही है
हम लड़े यहाँ तुम जीत गए।।

तुम राजनीति के शीर्षपुंज
हम अदना दीपक धरती के।
तुम राजा हो भूमंडल के 
हम रहने वाले बस्ती के।।

बरसों से हमने वादों पर
पल पल विश्वास जताया है
तुम साथ चले या छोड़ दिये
हमने तो साथ निभाया है।।

तुम वादों के व्यापारी हो
हम अदना याचक धरती के।
तुम राजा हो भूमंडल के
हम रहने वाले बस्ती के।।

यूँ लोकतंत्र के मंदिर में
संवाद बहुत ही गहरे हैं
पर बरसों से लगता ऐसा
होठों पर कितने पहरे हैं।

व्योम पटल पर मुक्त प्रवाहक
हम मौन नियंत्रित धरती के।
तुम राजा हो भूमंडल के
हम रहने वाले बस्ती के।।

कभी हमारे साथ चलोगे
तब दरद हमारा समझोगे
मुक्त हृदय से कभी मिलोगे
तब मरम हमारा समझोगे।

विपुलता के शीर्ष बिंदु तुम
औ अकिंचन हम हैं धरती के।
तुम राजा हो भूमंडल के
हम रहने वाले बस्ती के।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03मई, 2021



स्मृतियाँ।

स्मृतियाँ।  

धीरे धीरे उतर रही है
साँझ समय के आँचल पर।।

मन का साथी ढूंढ रहा है
पहले वाला दीवानापन
और घटायें चाह रही हैं
फिर वैसा ही अपनापन।
लेकिन वही धुँधलका पसरा
जैसा पसरा बादल पर
धीरे धीरे उतर रही है
साँझ समय के आँचल पर।।

बीते पल की कितनी बातें
रह रह मन पर छाती हैं
विरह, करुण, दारुण भावों से
अंतरमन को तड़पाती हैं।
अंतरमन की पीड़ाएँ अब
उकर चली हैं बादल पर
धीरे धीरे उतर रही है
साँझ समय के आँचल पर।।

यादों ने भी पंख समेटे
पलकों की अँगनाई में
राह थकी अब चलते चलते
साँझ ढले परछाईं में।
गूँज रहे हैं मौन शब्द पर
स्मृतियों के मूक पटल पर
धीरे धीरे उतर रही है
साँझ समय के आँचल पर।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30अप्रैल, 2021



कैसे तुम्हें मनाऊँ मैं।

कैसे तुम्हें मनाऊँ में।  

जाने कैसी है हलचल
व्यग्र हो रहा मैं पलपल
किसको व्यथा सुनाऊँ मैं
कैसे तुम्हें मनाऊँ मैं ।।

भाव हृदय में रह रहकर
हलचल नई मचाते हैं
रचता हूँ कुछ और यहाँ
और गीत रच जाते हैं
इन रूठे शब्दों को बोलो
कैसे आज बुलाऊँ मैँ।
किसको व्यथा सुनाऊँ मैं
कैसे तुम्हें मनाऊँ मैँ।।

अनजाना भय व्याप्त हुआ
किसने जाने किसे छुआ
संवादों पर ताले हैं
उर के फूटे छाले हैं
बाँध सबर का टूट रहा
जीवन जैसे रूठ रहा
टूट रहे सपनों को फिर
कैसे कहो सजाऊँ मैं।
किसको व्यथा सुनाऊँ मैं
कैसे तुम्हें मनाऊँ मैं।।

कदम कदम पर क्रंदन है
मौन हृदय का नंदन है
कितने सपने खोएंगे
पलकें कबतक रोयेंगे
चीखूँ या अरदास करूँ
कैसे और प्रयास करूँ
कैसे दरद दिखाऊँ मैं
किसको व्यथा सुनाऊँ मैं
कैसे तुम्हें मनाऊँ में।।

जो विलंब है आने में
तो इतना उपकार करो
जहाँ जहाँ तम गहरा है
वहाँ वहाँ उजियार करो
ऐसा दो वरदान मुझे
गीत नया कुछ रच जाऊँ
अँधियारे में दीप जला
मधुर रागिनी गाऊँ मैं।
किसको व्यथा सुनाऊँ मैं
कैसे तुम्हें मनाऊँ मैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        29अप्रैल, 2021

गीत खुशी के गाता हूँ।

गीत खुशी के गाता हूँ।  

सहमी सहमी आज पवन है
सहमी सभी दीशाएँ हैं
लेकिन इन सहमी राहों पर
मैं तो आता जाता हूँ
मैं गीत खुशी के गाता हूँ।।

आज रुका कल चल जाएगा
झुका कहीं फिर उठ जाएगा
थक कर बैठ नहीं सकता हूँ
मैं प्रतिपल चलता जाता हूँ
मैं गीत खुशी के गाता हूँ।।

बहती आँखों के आँसू का
अब मोल बहुत ही गहरा है
लेकिन हर पल इन आँसू पर
पलकों का मेरे पहरा है
पलकों के साये में प्रतिपल
मैं सारे भाव छुपाता हूँ
मैं गीत खुशी के गाता हूँ।।

कह दो तम से अँधियारों से
इन राहों के अंगारों से
आँधी से औ तूफानों से
कह दो सारे अवसादों से
अब नहीं कहीं घबराता हूँ
मैं गीत खुशी के गाता हूँ।।

जीवन की राहों में अब तो
अवसादों की बात पुरानी
मैंने इन गीतों में लिख दी
जीवन की इक नई कहानी
उम्मीदों की इस गाथा को
मैं पल पल अब दुहराता हूँ
मैं गीत खुशी के गाता हूँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       28अप्रैल, 2021




उजियारा तो होना है।

उजियारा तो होना है।  

माना रात अँधेरी है पर उजियारा तो होना है
उम्मीदें जब हमराही फिर काहे का रोना है।।

सपने तेरी आँखों में फिर से देखो खिल जाएंगे
पलकों से जो गिरे कभी तो कहो किधर फिर जाएंगे
बिछड़े आज पलक से तेरी लेकिन कल फिर आएंगे
जीवन का दस्तूर यही है कभी पाना कभी खोना है
माना रात अँधेरी है पर उजियारा तो होना है।।

जीवन मोती की माला है प्रतिपल एक तपस्या है
मानो तो ये अवसर है औ मानो तो एक समस्या है
जीवन की राहों में हमको हर सुख दुख अपनाना है
पल पल अश्रु बहाने से कब मिला यहाँ जो खोना है
माना रात अँधेरी है पर उजियारा तो होना है।।

पनघट की चिकनी राहों पर फिसले कितनी बार गिरे
कभी भरी सपनों की गागर और कभी अरमान गिरे
लेकिन अरमानों की खातिर गिरना और सँभलना है
जो मिला नहीं उसकी खातिर आज नहीं फिर रोना है
माना रात अँधेरी है पर उजियारा तो होना है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28अप्रैल, 2021




नई भोर बड़ी मतवाली है।

नई भोर बड़ी मतवाली है।  

रुक जाना नही घबरा कर तू शुरुआत अजब निराली है
बादल के पीछे जो छुपी नई भोर बड़ी मतवाली है।

कदम कदम अँधियारे कितने
तुझको राहों में टोकेंगे
औ जाने कितनी ही मुश्किल
तुझको बढ़ने से रोकेंगे।
लेकिन तुम झुक जाना ना चाहे रात भले ही काली हो
बादल के पीछे जो छुपी नई भोर बड़ी मतवाली है।।

साथ कोई आये न आये
राहों के तू साथ चला चल
नहीं किसी से कभी शिकायत
हँस कर तू सब ओर मिलाकर।
दूर क्षितिज के पार हँस रही उम्मीदों की लाली है
बादल के पीछे जो छुपी नई भोर बड़ी मतवाली है।।

माना तूफानों ने इस पल
तेरा रस्ता रोक दिया है
अनजानी पीड़ा ने तुझको
बढ़ने से अब रोक दिया है।
रात अमावस के आगे ही नव सपनों की दिवाली है
बादल के पीछे जो छुपी है नई भोर बड़ी मतवाली है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        26अप्रैल, 2021

आस का दीपक।

आस का दीपक।  

रात भर आस का दीप जलता रहा
रात गहरी मगर चाँद चलता रहा।।

द्वार पर नैन मेरे तुम्हें खोजते
रात पलकों में बीती तुम्हें सोचते
चाँदनी भी बदन ये जलाती रही
रात करवट में बीती तुम्हें सोचते
तुम न आये मगर वक्त चलता रहा
रात भर आस का दीप जलता रहा।।

रात भर मौन तुम गुनगुनाते रहे
हम भी यादों में तुमको बुलाते रहे
साँझ सा धुँधलका याद तेरी बनी
हम शाम से एक दीपक जलाते रहे।
साथ में लौ के मन ये मचलता रहा
रात भर आस का दीप जलता रहा।।

तुम कहीं रुक गए हम कहीं थम गए
रिश्तों की गर्मियाँ बर्फ से जम गए
साँस अपनी मगर मौन चलती रही
ना तुम कह सके कुछ न हम कह सके
काँपते होठों पर गीत चलता रहा
रात भर आस का दीप जलता रहा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        25अप्रैल, 2021

भरत मिलाप।

भरत मिलाप।  

सुन के अवध वासी अपने प्रभु के आगमन की
नगर के द्वार सभी दीप बाती से सजा रहे
आँखों में चमक लेकर गीतों में खनक लेकर
मिल जुल पुर वासी सभी बधाई गीत गा रहे।

जिसे देखो व्यस्त है औ सारा नगर मस्त है
जन जन के होठों पे अब बस एक ही नाम है
बरसों से सूनी पड़ी थी अवध की नगरी ये
प्रभु के अवन से देखो बनी आज ये धाम है।

खग, मृग, जीव जंतु सभी आज मंत्र-मुग्ध देखो
गली-गली, नगर नगर मंगल गीत गा रहे हैं
सभी के होठों पर बस एक ही है गीत सजा 
जन जन के प्रिय श्री रघुवर आज घर आ रहे हैं।

नगर के द्वार पर भरत आज व्याकुल घूम रहे
रह रह मन के सब अपने भावों को दबा रहे 
मिलन में विलंब हुआ तो क्या मैं बताऊँगा
माता कौशल्या को कैसे मुँह दिखलाऊँगा।

यही दशा प्रभु जी के मन में भी है बनी हुई
विलंब हुई तनिक तो भरत को नहीं पाऊँगा
कितने कष्ट झेले हैं भरत ने वहाँ अकेले
कुछ हुआ उसे तो फिर माफ नहीं कर पाऊँगा।

अवध की सीमा पे पहुँचा जैसे वायुयान वो
सारा नगर खुशी हो के झूम झूम नाच उठा
बरसों से सोये हुए नगर के थे भाग जगे 
जैसे अँधियारे को चीर कर सूरज खिल उठा।

देख कर वेश भूषा भरत जड़ जैसे बन गए
सूर्य गगन चाँद तारे धरती पवन रुक गए
वक्त ने ये खेल निठुर कैसा खेला है यहाँ
झुकता था जग जिनसे आज वो खुद ही झुक गए।


कभी देखें दूजे को कभी देखें अपने को
झर झर नैनों से देखो बस अश्रुधार बह रहे।
होठ चुपचाप हैं दोनों ही भाइयों के मगर
अँखियों ही अँखियों से अपने दुख सभी कह रहे।

मेरी त्रुटी थी क्या जो मुझे ऐसे छोड़ दिया
जरा भी ना सोचा कैसे जिंदगी बिताऊँगा
एक कदम मैं कभी अबतक चला न प्रभु के बिना
बिन आपके कैसे कोई कर्तव्य निभाऊँगा।

आपकी खड़ाऊँ यही मेरी प्राण वायु बनी
इसके सहारे  मैंने सुख दुख सभी काटे हैं
कैसे बताऊँ प्रभु आपके बिना यहाँ मैंने
दिन रात अपने आँखों हि आँखों में काटे हैं।

क्या हुई थी भूल मुझसे जो मुझे ये सजा दी
अपनी सेवा से मुझे आपने वंचित कर दिया
पिछले जनम की कोई ऐसी भूल थी मेरी
जिसकी सजा में प्रभु आपने मुझको त्याग दिया।

सुन कर भरत के शब्द प्रभु भाव विह्वल हो गए
उठा के चरणों से अपने फिर उर से लगा लिया
कैसे कहूँ तुम बिन कैसे बिता है ये पल पल
लगता था जैसे मैंने खुद को ही सजा दिया।

बिन भाई पूछो नहीं जीवन ये कैसे जिया
शरीर तो साथ रहा पर प्राण तेरे पास था
लखन जो आँखे मेरी शत्रुघ्न भुजाएँ मेरी
पर प्राण मेरे भाई तुम्हारे ही पास था।

मौन बात कर रहे सामने से दोनों भाई
देख देख देवता भी सारे विह्वल हो गए
देख कर प्रेम ऐसा दोनों भाइयों के बीच
अवनी, अंबर, चाँद-तारे पल भर को थम गए।

बरसों का खालीपन आज देखो भरने चला
यही सोच सोच के अवधवासी आज खिल रहे
वियोग से मिला कष्ट अब आज मिटने चला है
चारों ही दिशाएँ जैसे आज यहाँ मिल रहे।

सारे जन हर्षित है औ भाव भाव पुलकित है
बरसों के बाद देखो अवध के भाग खिल रहे
काले बादल जो भी छाए थे इस नगरी पे
धीरे धीरे आज वो बादल काले खुल रहे।

खड़े खड़े दोनों भाई देखते दूसरे को
लगता कि जैसे दोनों दो बदन एक प्राण हैं
चाहे साँस चल रही है दोनों की भले अलग 
लेकिन दोनों भाई इक दूसरे की जान हैं।

दोनों भाइयों के मन इक अंतर्द्वंद चल रहा
एक दूसरे से कैसे बात अपनी वो कहें
कहने को कितनी ही बातें सारी उनकी हैं
सोच यही मन में कि बात कैसे और कब कहें।

देख मनोदशा भरत की प्रभु बाँह फैला दिए
पैरों पे झुके भरत तो सीने से लगा लिए
बरसों का दुख सारा इक पल में ही खतम हुआ
सदियों का तप सारा जा के अब सफल हुआ।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23अप्रैल, 2021

विकलाँगता- अभिशाप नहीं।

विकलाँगता- अभिशाप नहीं।  

दौड़ नहीं सकता सब जैसा
लेकिन दूर मुझे भी जाना है
जैसा सब जन ने पाया है
मुझको भी मंजिल पाना है।

कमजोरी अभिशाप नहीं है
इसको वरदान बना लूँगा
अपने हिम्मत औ ताकत से
अपने अरमान सजा लूँगा।
लिख सकता इतिहास नया मैं
ये दुनिया को दिखलाना है।
दौड़ नहीं सकता सब जैसा
लेकिन दूर मुझे भी जाना है।।

अहसानों का पात्र न समझो
मुझको किंचित मात्र न समझो
इस शारीरिक कमजोरी को
तुम कोई अभिशाप न समझो।
बिना सहारे बैसाखी के
अब मंजिल मुझको पाना है
दौड़ नहीं सकता सब जैसा
लेकिन दूर मुझे भी जाना है।।

माना मैं कुछ कमजोरी है
मजबूत हौसला है मेरा
गढ़ने को आकाश यहाँ है
अब यही फैसला है मेरा।
कमजोर नहीं मैं दुनिया मे
ये दुनिया को बतलाना है।
दौड़ नहीं सकता सब जैसा
लेकिन दूर मुझे भी जाना है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22अप्रैल, 2021


प्रेम गीत।

प्रेम गीत।  

हँसते फूल चुने हैं मैंने
तुम उनको लेने आ जाना
अपनी मोहक मुस्कानों से
अंतरतम तक तुम छा जाना।

कोमलता का चरम बिंदु तुम
सहज प्रेम का परम सिंधु तुम
तुम हो जीवन की उज्ज्वलता
मधु भावों का केंद्र बिंदु तुम।
मेरे अंतस के भावों में
तुम अपने भाव मिला जाना
हँसते फूल चुने हैं मैंने
तुम उनको लेने आ जाना।।

मृदु पंकज पलकों पर तेरे
उज्ज्वल सूरज का प्रकाश है
और मधुर अवयव में तेरे
मृदुल भावों का आकाश है।
मेरे मृदु भावों में अपना
तुम मृदु मधुमास मिला जाना।
हँसते फूल चुने हैं मैंने
तुम उनको लेने आ जाना।।

अंग अंग तेरे दिव्य निखिल
नवजीवन की तुझमें क्षमता
सकल प्रभावित पुण्य पुंज तुम
तृण तृण तुझमें है प्रियता।
मेरे अंतस के प्रियतम से
प्रिय अपना प्रेम मिला जाना
हँसते फूल चुने हैं मैंने
तुम उनको लेने आ जाना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22अप्रैल, 2021




दोष।

दोष।  

नजदीकियाँ यूँ तो बहुत थी
फिर दूरियाँ कैसे बनीं
थी चाहतें दोनों तरफ जब
फिर बात इतनी क्यूँ ठनी।।

यूँ तो सफर सीधा हमारा
औ मंजिलें भी एक थी
औ रास्तों पर रोक बहुत थे
पर भावनाएँ नेक थीं।।

जाने कब छूटा तुम्हारा
ये हाथ मेरे हाथ से
और टूटा मोह का धागा
छोटी सी किसी बात से।।

पर साथ तेरा छूटने का
सब दोष मुझ पर मढ़ गया
औ जाने कितने शब्दों से
आरोप मुझपे गढ़ गया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22 अप्रैल, 2021









अवधी गीत-वन जिन जाइहा।

 अवधी गीत-  वन जिन जाइहा।  

हे भइया तू वन जिन जाईहा
हे भइया तू वन जिन जाइहा।

बिन तोहरे निक नाहि लागे 
सूरज, चंदा, तारे हो 
बिन तोहरे निक नाहि लागे 
सूरज, चंदा, तारे
तोहसे ही सब जुड़ल इहाँ है
औ सब हउए तोहरे सहारे
तोहरे बिना नदिया सुनी
बहे कइसे ई पुरवइया
हे भइया तू वन जिन जाइहा।।

तोहसे ही है दिनवा हमार 
सुबह, दोपहर, रतिया, हो
तोहसे ही है दिनवा हमार 
सुबह, दोपहर, रतिया
बिन तोहरे हम केसे बोलब
अपने जिउ के बतिया
तोहके देखे बिना मुश्किल हौ
मुश्किल हौ रहवइया।
हे भइया तू वन जिन जाइहा।।

हम सबके बस तू ही देवता
तू हउआ भगवान, हो
हम सबके बस तू ही देवता
तू हउआ भगवान।
बिन तोहरे कुछ कइसे समझब
तोहपे हौ अभिमान
तोहसे ही सब ज्ञान ध्यान हौ
तू ही हउआ हमार खेवइया
हे भइया तू वन जिन जाइहा।।

जो तू जाइबा जंगल मां 
तो हमहू सङ्गे जाइब, हो
जो तू जाइबा जंगल मां
तो हमहू सङ्गे जाइब।
रतिया दिनवा सेवा करब
जिनगी सङ्गे बिताइब।
बिन तोहरे मुश्किल हौ जीवन
तू ही संगी, साथी, भइया
है भइया तू वन जिन जाइहा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21अप्रैल, 2021




मूल मंत्र।

मूल मंत्र।  

काल के भाल पर अमर ग्रन्थ एक है
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

राष्ट्र के प्रतीक वो धर्म की नीति वो
भाव की प्रधानता नेत्र की ज्योति वो
सबको सूत्र में गुहे जो तंत्र वो एक है
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

पंथ पंथ मुक्ति है मुश्किलों में युक्ति है
मार्ग के अवरोध में बस वही शक्ति है
सर्वोच्च का प्रमाण जो पंथ वो एक है
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

मंत्र मंत्र ज्ञान है हर शब्द में विज्ञान है
प्रवाह के प्रतीक वो राष्ट्र की शान हैं
काल के प्रभाव का मुक्ति मंत्र एक है
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

सत्य के लिए चले सत्य के लिए जले
सत के विस्तार को मोम बन जो गले
खुद जले ताप में जग के चन्द्र एक हैं
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

जग के लिए लड़े कदम कदम रहे खड़े
जीते हर युद्ध  हारे जब खुद से लड़े
रिश्तों में प्रीत का दिव्य मंत्र एक है
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

फूलों से पाँव थे शूल पर चले मगर
छोड़ करके सुख सभी दर्द को चुने मगर
ताप में भी शीत का मुख्य मंत्र एक है
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

सृष्टि के प्रसार ब्रह्मांड का विस्तार वो
कण कण तारे जो मोक्ष का व्यवहार वो
मोक्ष के मार्ग का मुख्य पंथ एक है
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

प्रेम के प्रतीक वो सद्भाव की रीत वो
सत का प्रतीक औ विश्वास की जीत वो
हृद को शांति दे वो राम मंत्र एक है
रूप हैं अनेक पर मूल मंत्र एक है।।

©️✍🏻अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20अप्रैल, 2021

किससे बोलूं ?

किससे बोलूँ ?

क्या मुझको अधिकार नहीं 
अपने मन की मैं बोलूँ
घाव लगे जिन शब्दों से
उनकी पीड़ा को खोलूँ।।

मेरे नभ के आँगन में
भोर रश्मि सा तुम चमके
इस अँधियारे जीवन में
बिजली बनकर तुम दमके।
पर तुमसे जो रात मिली 
उसको मैं किससे बोलूँ
क्या मुझको अधिकार नहीं
अपने मन की मैं बोलूँ।।

तुमको सुनने की खातिर
मौन रहा मैं कितने पल
लेकिन तेरी बातों से
छला गया हूँ मैं प्रतिपल।
मौन सभी उन बातों को
बोलो मैं किससे बोलूँ।।
क्या मुझको अधिकार नहीं
अपने मन की मैं बोलूँ।।

स्वप्न दिखा उजियारे के
अँधियारे में छोड़ दिया
तुमने झूठे वादों से
मेरे मन को तोड़ दिया।
टूटे मन की पीड़ा को
तुम बोलो किससे बोलूँ
क्या मुझको अधिकार नहीं
अपने मन की मैं बोलूँ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       19अप्रैल, 2021

गीत मैं कैसे गाऊँ।

गीत मैं कैसे गाऊँ।  

आज हृदय की पीड़ा को कैसे तुम्हें सुनाऊँ बोलो
बिखरे बिखरे सुर हैं मेरे गीत मैं कैसे गाऊँ बोलो।।

मैंने पलकों के आँचल में
कितने अश्रु छुपा रखे हैं
अपने अंतस के कोने में
कितने भाव दबा रखे हैं।

अंतस के उन भावों को कैसे तुम्हें बताऊँ बोलो
बिखरे बिखरे सुर हैं मेरे गीत मैं कैसे गाऊँ बोलो।।

जाने कैसी हवा चली है
संबंधों से प्रीत ढही है
भ्रम के इतने जालों में
कौन बताए कौन सही है।

सही झूठ के ताने बाने कैसे मैं सुलझाऊँ बोलो
बिखरे बिखरे सुर हैं मेरे गीत मैं कैसे गाऊँ बोलो।।

जिधर भी देखो दर्द दिख रहा
उम्मीदों में फर्क दिख रहा
जाने कैसी पीड़ा पसरी
पग पग जीवन सर्द दिख रहा।

सर्द हो रहे इस जीवन में जोश मैं कैसे लाऊँ बोलो
बिखरे बिखरे सुर हैं मेरे गीत मैं कैसे गाऊँ बोलो।।

दूर तलक अँधियारा घेरा
बस दिखता पत्थर का फेरा
गीली लकड़ी सूखे चूल्हे
अंतस का कब मिटे अँधेरा।

बिखरे अँधियारे में खुद को कैसे मैं बहलाऊँ बोलो
बिखरे बिखरे सुर हैं मेरे गीत मैं कैसे गाऊँ बोलो।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18अप्रैल, 2021




रात भर।

रात भर।  

अँधियारे दुख के बादल में
सुख का दीपक जला रात भर
पसरी पीर हृदय में लेकिन
मलहम बनकर घुला रात भर।

व्याकुल मन का ये पंछी
इत उत डाली घूम रहा
मन में लाखों प्रश्न लिए
खुद अपने से पूछ रहा।
कितने ही प्रश्नों में उलझा
फिर भी हँसता रहा रात भर
अँधियारे दुख के बादल में
सुख का दीपक जला रात भर।।

सूनी डगर मन बना मुसाफिर
पग पग मंजिल ढूंढ रहा
टिम टिम तारों के प्रकाश में
अँधियारों से जूझ रहा।
जूझ रहा अपने भीतर भी
डग डग लेकिन चला रात भर
अँधियारे दुख के बादल में
सुख का दीपक जला रात भर।।

चाँद मुसाफिर बना रात भर
तारों ने भी साथ दिया
रात घनेरी कितनी भी थी
सपनो का मधुमास दिया।
सपनों का सूरज पाने को
चंदा पग पग चला रात भर।
अँधियारे दुख के बादल में
सुख का दीपक जला रात भर।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16अप्रैल, 2021

एक बहाना।

एक बहाना।  

तुमसे मिलने का जबसे बहाना मिला
मेरे दर्द को भी एक ठिकाना मिला।।

यूँ भी ताउम्र किस्मत से लड़ना ही था
मुकद्दर को भी इक बहाना मिला।।

मुहब्बत, अदावत, शराफत,  बेकसी
कहने को सही एक फसाना मिला।।

तेरे मेरे दरम्यान कुछ तो था जुरूर
ज़माने को यूँ ही नहीं ये बहाना मिला।।

भूल चुका अब जमाने के वो रंजो गम
एक तुम मिले मुझको जमाना मिला।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
 हैदराबाद
 14अप्रैल, 2021

जीवन बीता जाता है।

जीवन बीता जाता है।  

छिन पल छिन जीवन के
धीरे धीरे बीत रहे हैं
मृद मधु मेरे मधुवन के
रह रह कर रीत रहे हैं।

तेरे पदचिन्हों ने प्रतिपल
मुझको पंथ दिखाया था
कोटि कोटि अवरोध भले थे
प्रतिपल राह सुझाया था।
बिन तेरे वो पंथ सभी अब
रह रह कर बीत रहे हैं।
मृद मधु मेरे मधुवन के
रह रह कर रीत रहे हैं।।

बहुत चला औरों की खातिर
अब साथ तुम्हारे चलना था
बहुत सुनी औरों की बातें
अब बात तुम्हारी सुनना था।
कहने सुनने की ये बेला 
तुम बिन अब बीत रहे हैं।
मृदु मधु मेरे मधुवन के
रह रह कर रीत रहे हैं।।

हार जीत का खेल है जीवन
कभी हारे कभी जीत गए
संग तुम्हारे कितने ही पल
हारे फिर भी जीत गए।
बिन तेरे वो सारी खुशियाँ
अब मेरे मनमीत रहे हैं।
मृद मधु मेरे उपवन के
रह रह कर रीत रहे हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        13अप्रैल, 2021



नव संवत्सर।

नव संवत्सर।  

सौम्य मनोहर नव संवत्सर
नूतन भाव पुण्य संवत्सर
हृदय हृदय नव पुष्प खिले
शुभम करोति भाव संवत्सर।

सर्व जगत नव मंगल कारिणी
कर कमल हृद पुण्य विचारिणी
सद्विचार पोषक जन तारक
जन गण मन सर्व दुख हारिणी।

पग पग गुंजित वीणा के स्वर
ज्ञान ध्यान भाव हो उच्चतर
तम हारिणी प्रकाश संवाहक
जन जन तारक नवसंवत्सर।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        13अप्रैल, 2021

राह दिखाने आ जाना।

राह दिखाने आ जाना।  

कितना सूना सफर यहाँ है
साथ निभाने आ जाओ
भूल नहीं जाऊँ मैं पथ को
राह दिखाने आ जाओ।

चला अकेला बहुत अभी तक
और नहीं चल पाऊँगा
जीवन की मुश्किल राहों पर
कैसे खुद को पाऊँगा।
मुझसे मेरा नाता कैसा
ये बतलाने आ जाओ।
भूल नहीं जाऊँ मैं पथ को
राह दिखाने आ जाओ।।

अंतस के भावों को समझो
कब तक मौन रहूँ बोलो
कब तक बंद रखूँगा दिल को
तुम ही अब इसको खोलो
व्यथा हमारे मन की समझो
इसको सुलझाने आ जाओ
भूल नहीं जाऊँ मैं पथ को
राह दिखाने आ जाओ।।

मेरे मन का पनघट सूना
भाव अधूरे सरगम सूना
सूनी है सरिता की धारा
तुम बिन ये मधुवन है सूना
सूने अंतस के आँगन में
दीप जलाने आ जाओ।
भूल नहीं जाऊँ मैं पथ को
राह दिखाने आ जाओ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        12अप्रैल,2021


मैं से मैं का सफर।

मैं से मैं का सफर।  

आज चला मैं मुझे ढूँढने
कितना दूर मुझे जाना है
अंतहीन राहों पर कब तक
मुझको यूँ चलते जाना है

मैं से मैं का शुरू सफर ये
मैं से मैं को अब पाना है
आज चला मैं मुझे ढूँढने
कितना दूर मुझे जाना है

प्रतिपल मैं के साथ रहा मैं
पर मैं कब पहचान सका
जग की कितनी बातें समझा
पर मैं को कब जान सका

त्याग दिया सब किंतु परन्तु 
बस मैं से मैं तक जाना है
आज चला मैं मुझे ढूँढने
कितना दूर मुझे जाना है।

मैं से मैं का छिड़ा द्वंद्व यह
आखिर कब तक यहाँ चलेगा
जान नहीं पाया जिस मैं को
मैं वो जाने कहाँ मिलेगा
उस मैं को पाने की खातिर
मुझको मैं तक जाना है
आज चला मैं मुझे ढूँढने
कितना दूर मुझे जाना है

 ©️✍️अजय कुमार पाण्डेय 
        हैदराबाद 
        12अप्रैल, 2021


थोड़ी दूर भोर है बाकी।

थोड़ी दूर भोर है बाकी।  

पग पग डग डग चलता जा तू
कदम कदम यूँ बढ़ता जा तू
कितना कुछ है पाया तुमने
कितना कुछ पाना है बाकी।
थोड़ी दूर भोर है बाकी।।

अँधियारा अब दूर हो रहा
दूर क्षितिज पर सूर्य दिख रहा
हटा रहा बादल का घूँघट
थोड़ा और हटाना बाकी।
थोड़ी दूर भोर है बाकी।।

चलते पथ में रुकना कैसा
बाधाओं में झुकना कैसा
उम्मीदों ने राह पकड़ ली
चली बहुत, कुछ और है बाकी।
थोड़ी दूर भोर है बाकी।।

पाने को सम्मान बहुत है
गढ़ने को प्रतिमान बहुत है
पथ के कंटक फूल बन रहे
धुंध छँटे कुछ और है बाकी।
थोड़ी दूर भोर है बाकी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        11अप्रैल, 2021


किरण प्रभाती।

किरण प्रभाती।  

किरण प्रभाती रवि के रथ से
प्रतिदिन उल्लासित करती है
मन में नूतन भाव जगाकर
नव भाव प्रभासित करती है।

अलसाई सुबह में इसको
चेतन, हुलास भरते देखा
जग के झंझावत में इसको
नूतन विलास भरते देखा।

आकांक्षा, उत्साह प्रेम का
नव भाव दिलों में भरती है।
किरण प्रभाती रवि के रथ से
प्रतिदिन उल्लासित करती है।।

भिन्न भिन्न व्यवहार यहाँ हैं
भिन्न भिन्न आधार यहाँ
भिन्न भिन्न हैं मूल सभी के
भिन्न भिन्न सत्कार यहाँ।

एक सूत्र सब भाव पिरोकर
जग अनुशासित करती है।
किरण प्रभाती रवि के रथ से
प्रतिदिन उल्लासित करती है।।

नहीं निराशा का भाव कभी
ये मन में जगने देती 
कुण्ठा या अवसाद कभी भी
मन में ना पलने देती।

देती सबको ज्ञान मनोहर
दिवस प्रकाशित करती है
किरण प्रभाती रवि के रथ से
प्रतिदिन उल्लासित करती है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       09अप्रैल, 2021





जो आते इक बार यहाँ।

जो आते इक बार यहाँ।  

कितने बादल छँट जाते
कितने सपने खिल जाते
अपने कितने मिल जाते
जो आते इक बार यहाँ।

बिखरी माला सिल जाती
बिछड़ी राहें मिल जातीं
उपवन फिर से खिल जाता
जो आते इक बार यहाँ।

कितने उत्तर मिल जाते
घाव पुराने सिल जाते
अवगुंठन सब खुल जाते
जो आते इक बार यहाँ।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07अप्रैल, 2021

मन-उपवन।

मन-उपवन।  

पुष्पित अधरों के कंपन में
मुखरित है प्रिय स्वप्न सुनहरे
अंतस के उपवन में गुंजित
मोहित मधुमय गान मनहरे।।

लुक छिप करती पलकें तेरी
नयनों की गुपचुप मुस्कान
नवल भाव उद्दवेलित करतीं
भरतीं हिय में नूतन प्राण।।

मेरे मुस्कानों के पथ में
तुम ही संगी तुम आधार
तुमसे मधुवन सुरभित है ये
तुम ही जीवन का आकार।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       06अप्रैल, 2021




शब्द की भूमिका।

शब्द की भूमिका।  

भावनाओं के समर में शब्द की है भूमिका
शब्द का आशय भले लघु भाव विस्तृत प्रीत का।

कौन हृदय ऐसा है यहाँ प्रीत न जिसके पले
ढाई आखर प्रीत का ये पंथ जिसके न मिले
जो हिय है श्वेत वसन तो प्रीत ही है तूलिका
भावनाओं के समर में शब्द की है भूमिका।।

सृष्टि का आधार है ये प्रीत ही आकार है
प्रेम पावन हृद पले जो बस वही व्यवहार है
शब्द सिंधु जो उत्तम गढ़े बस वही शुचि गीतिका
भावनाओं के समर में शब्द की है भूमिका।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06अप्रैल, 2021

नव प्रभात आशाभिलाष

नव प्रभात आशाभिलाष।  

नव प्रभात आशाभिलाष
सुरभित पुलकित महाकाश
उर उर स्पंदित नव चेतन
सुभग मनोहर मोहपाश।।

प्रबुद्ध शुद्ध वातायन करती
मानव मूल्य चेतना भरती
करती आशा का विकास
नव प्रभात आशाभिलाष।।

शीतल सौम्य दृश्य मनभावन
कानन कानन समुचित पावन
भावों में विस्तृत प्रकाश
नव प्रभात आशाभिलाष।।

मधु सुरम्मित नव नभ सुष्मित
हर्षित, पुलकित हिय आह्लादित
आच्छादित नव मधु प्रकाश
नव प्रभात आशाभिलाष।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05अप्रैल, 2021


प्रणय मिलन।

प्रणय मिलन।

मधुर मधुर कुछ गा मेरे मन
प्रणय मिलन की बेला में
लाजारुण पलकों से निखरे
सौम्य समर्पित बेला में।।

रात्रि की एकांत बेला 
औऱ ये रिमझिम घटायें
बन के बरसे प्रीत ऐसे
रात्रि भी पथ भूल जाये।

भूल जाये मुग्ध हो मन
प्रणय पुंज की बेला में।
मधुर मधुर कुछ गा मेरे मन
प्रणय मिलन की बेला में।।

लाज का गहना तुम्हीं हो
प्रीत का श्रृंगार हो तुम 
तुम हृदय की पूर्णता हो
मधुमास का मनुहार तुम।

पुण्यता की पूर्णता हो
प्रेम मिलन की बेला में।
मधुर मधुर कुछ गा मेरे मन
प्रणय मिलन की बेला में।।

चाँदनी का मौन पथ तुम
पल रहा जिस पर सवेरा
भोर की शीतल किरण तुम
आस का जिस पर बसेरा।

आस का निर्माण हो फिर 
प्रणय मिलन की बेला में।
मधुर मधुर कुछ गा मेरे मन
प्रणय मिलन की बेला में।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04अप्रैल, 2021


जीत या हार।

जीत या हार।  

तुम्हें हराया जब भी मैंने
खुद को भी तो हार गया
जो भी दाँव चला था मैंने
खुद मेरे मन के पार गया।।

कौन पराया अपना क्या है
बीच भँवर जब नौका ठहरी
भूल नहीं पाया उस पल को
क्षण भर जब उम्मीदें ठहरी।

ठिठक गया मैं भी उस पल को
जब दाँव सभी बेकार गया।
तुम्हें हराया जब भी मैंने
खुद को भी तो हार गया।।

भुला नहीं सकता हूँ वो क्षण
जब जीता फिर भी हारा था
अपनेपन से लड़ा बहुत मैं
तब जाकर स्वीकारा था।

जीत गया तुमसे मैं लेकिन
अपना सब कुछ हार गया।
तुम्हें हराया जब भी मैंने
खुद को भी तो हार गया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03अप्रैल, 2021




बिछोह।

बिछोह।   

मुझे पता था तुमको खोकर
एक कदम ना चल पाऊँगा
बिछड़ा तुमसे कभी कहीं तो
खुद से भी ना मिल पाऊँगा।।

मंजर मंजर गाया तुमको
औ महफ़िल महफ़िल पाया है
मैंने जीवन के हर पथ में
बस तुमको ही अपनाया है।

तुम मेरे गीतों की सरगम
तुम बिन ना मैं गा पाऊँगा
बिछड़ा तुमसे कभी कहीं तो
खुद से भी ना मिल पाऊँगा।।

तुम बिन साँस अधूरी मेरी
तुम बिन है एकाकी जीवन
तुम बिन मैं अनजाना खुद से
तुमसे जग के सारे बंधन।

खोया तुमको कभी कहीं तो
मैं खुद को भी ना पाऊँगा।
बिछड़ा तुमसे कभी कहीं तो
खुद से भी ना मिल पाऊँगा।।

जो ये जीवन बहता दरिया
तो तुम हि इसकी रवानी हो
इन साँसों ने जिसे सुनाया
तुम ही वो अमिट कहानी हो।

तुम लफ्जों की पुण्य प्रेरणा
तुम बिन ना कुछ कह पाऊँगा।
बिछड़ा तुमसे कभी कहीं तो
खुद से भी ना मिल पाऊँगा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03अप्रैल, 2021








अन्वेषण।

अन्वेषण।   

अपना मन दर्पण चिर परिचित
इसमें कितने शब्द तरंगित
नित नूतन हैं भाव पनपते
जो करते अंतस प्रतिबिंबित।

पग पग स्वर्गिक स्वप्न शिखर
मदिर मधुर औ कभी मुखर
पलकों पर इंद्रधनुषी छाया
शनैः शनैः हो रहे निखर।

मन कितने भावों का पोषण
उर उर करते रहते घोषण
शुद्ध भाव अंतर्मन चित्रित
सिद्ध जगत करता अन्वेषण।

अंतस में जो उठे तरंगें
मधुर भाव ज्योतिर्मय पावन
ज्योति पुंज फिर करे प्रकाशित
पुलकित मन आह्लादित कानन।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03अप्रैल, 2021


निज मन तू शीतल रहना।

निज मन तू शीतल रहना।  

ताप गहन हो रहा गगन में
निज मन पर तू शीतल रहना।

विश्व वेदना प्रतिपल क्षण क्षण
बन ज्वाला जलती है कण कण
अवसादों में घिर रहा व्योम ये
जग जीवन यूँ घिसता क्षण क्षण।

प्रबुद्ध शुद्ध बन उज्ज्वल रहना
निज मन पर तू शीतल रहना।।

सजल भाव स्वर्णादिक पावन
पग पग रच जीवन पूर्णतम
विस्मृत कर विस्तृत विचार अब
विस्तारित कर तू अपनापन।

ऋतु परिवर्तन संग तू बहना
निज मन पर तू शीतल रहना।।

पग पग ढलते कितने बंधन
कुछ सीमित कुछ मन अनुरंजन
विद्द्यमान कुछ मूर्तिमान सम
औ रचते कुछ नव स्वरूप मन।

नव चेतन बन रग रग बहना
निज मन पर तू शीतल रहना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        01अप्रैल, 2021

दुख में सुख को पलते देखा।

दुख में सुख को पलते देखा।

डगर डगर में नव प्रभात ले
उम्मीदों का सत्य सनात ले
आशाओं को खिलते देखा
दुख में सुख को पलते देखा।।

पृथक पृथक भावों को लेकर
भिन्न भिन्न परिभाषा लेकर
अभिलाषा को चलते देखा
दुख में सुख को पलते देखा।।

नूतन सपनों की आस लिए
प्रशस्त पुण्य आकाश लिए
अनुमानों को खिलते देखा
दुख में सुख को पलते देखा।।

धूप छाँव प्रकृति नियम है
चले जहाँ पथ वही सुगम है
कंटक पथ भी हँसते देखा
दुख में सुख को पलते देखा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30मार्च, 2021

विनय दान।

विनय दान।  

मुखर सत्य है प्रखर कृत्य है
गुंजित भ्रमर रच रहे प्राण
अवनी अंबर पुण्य मिलन से
कर रहे नूतन निर्माण।

पुलकित मुखरित तपन छुअन की
सहसा भर जाते प्रणय गान
कुसुमित विंबित उत्कंठित मन
कर जाते हैं सर्वस्व दान।

सांध्य समय कर रहा प्रतीक्षित
नव निर्माणों का कर सम्मान
चुम्बित कर नव किसलय का
विस्तारित हो विनय दान।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30मार्च, 2021

नव किसलय नव पुष्प।

नव किसलय नव पुष्प।

नव आशा नव पुष्प खिले हैं
नीले नीले कुंज निलय में
स्फूर्ति संचार भर रही है
जीवन के हर आशय में।
नई दिशाएं नई विधाएं
अंग अंग नई उमंग जगी
मुस्काते नव किसलय देखो
जागृत अंतस पुण्य विनय है।।

ऋतु परिवर्तन की अँगड़ाई
नव संवत्सर की बेला आई
नूतन भाव विचार नित्य ले
आह्लादित करती पुरवाई।
पंखुड़ियों पर नर्तन करती
पुण्य श्लोक उच्चारित करती
भाव सुरंजित नूतन अंकन
वात वात संचारण करती।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        29मार्च, 2021

प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें एक दूजे को हम इतना अधिकार दें, के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें। एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं, ...