कथा प्रणय की कौन कहेगा

कथा प्रणय की कौन कहेगा 

गीत हृदय में बोझिल होंगे, भाव शब्द के धूमिल होंगे, 
छंदों का जब मोल न होगा अधरों पर भी बोल न होगा।
कहते-कहते रुक जायेंगे कहीं व्याकरण चुक जायेंगे, 
भावों को फिर कौन रचेगा कथा प्रणय की कौन कहेगा।

मन के भीतर मरुथल होगा तपती हर पुरवाई होगी, 
पतझड़ के सूखे मौसम में किसकी फिर सुनवाई होगी।
सावन के मौसम में बादल मतवाले हो क्या छायेंगे,
पावस के प्यासे मौसम में पपिहे फिर से कब गाएंगे।

नयनों में जब प्रीत न होगी अधरों पे जब गीत न होंगे,
भावों को फिर कौन रचेगा कथा प्रणय की कौन कहेगा।

​टूटे सुर की तानों पर जब वीणा का स्वर सो जाएगा,
गीतों का अनमोल खजाना सन्नाटों में खो जाएगा।
दर्पण में जब रूप न होगा छाई घोर निराशा होगी,
मौन रहेगा अंतरमन तब किस सम्मुख अभिलाषा होगी।

नयनों में जब नीर न होगा अंतस में जब पीर न होगा,
भावों को फिर कौन रचेगा कथा प्रणय की कौन कहेगा।

जब चाँद सितारे मौन रहेंगे, चुप रातों के अफसाने होंगे,
चुपके-चुपके बहने वाले, निर्झर गुमसुम-गुमसुम होंगे।
बिन खुशबू के फूल खिलेंगे, बिन सरगम के साज बजेंगे,
बिन धड़कन के इस जीवन में, फिर कैसे अरमान सजेंगे।

मन में जब विश्वास न होगा, मिलने का अहसास न होगा,
भावों को फिर कौन रचेगा, कथा प्रणय की कौन कहेगा।

काग़ज़ पर जब स्याही जम कर सूखी मरुथल बन जाएगी,
अंतर की कोमल अभिव्यक्ति पत्थर बन चुप रह जाएगी।
साधनाओं के इस निर्जन में दीप समर्पण कौन धरेगा,
शब्दों के इस सूखे तट पर प्राण-सलिल फिर कौन भरेगा।

शब्दों में जब प्राण न होगा भावों में अनुराग न होगा,
भावों को फिर कौन रचेगा कथा प्रणय की कौन कहेगा।

✍️अजय कुमार पाण्डेय 

कथा प्रणय की कौन कहेगा

कथा प्रणय की कौन कहेगा  गीत हृदय में बोझिल होंगे, भाव शब्द के धूमिल होंगे,  छंदों का जब मोल न होगा अधरों पर भी बोल न होगा। कहते-कहते रुक जाय...