स्वर्ग बनाने आया।

मन की अभिलाषा- स्वर्ग बनाने आया।  

मैं कोई अवतार नहीं हूँ
इक तिनका हूँ महासमर में
जीवन के इस महासमर में
अपना पात्र निभाने आया
एक स्वर्ग है नील गगन पर
दूजा यहाँ बनाने आया।।

पाप पुण्य के खेल में यहाँ
कितने जीवन झूल रहे हैं
निज भावों के पलने खातिर
पुण्य पंथ को भूल रहे हैं
पग पग सबका पंथ सुखद हो
कंटक सभी हटाने आया
एक स्वर्ग है नील गगन पर
दूजा यहाँ बनाने आया।।

जन भावों को सम्मान मिले
निजता का अधिकार मिले
विकल विवश अरु दीन हीन को
जीने का अधिकार मिले
अरु कर्तव्यों की पृष्ठ भूमि का
आदर्श यहाँ बताने आया
एक स्वर्ग है नील गगन पर
दूजा यहाँ बनाने आया।।

वेद पुराणों की वाणी को
जन मन उच्चारित कर दो
राष्ट्र प्रेम की स्वस्थ भावना
जन गण जन के हिय में भर दो
गूँजे गिरी कानन सिन्धु पवन
ऐसा भाव जगाने आया
एक स्वर्ग है नील गगन पर
दूजा यहाँ बनाने आया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08सितंबर, 2021

अनजान सफर इस दुनिया का।

अनजान सफर इस दुनिया का।  

अनजान सफर इस दुनिया का
जो बना मुसाफिर, चल पाया
हालातों को स्वीकार किया 
वो ही इसमें है पल पाया।।

घनघोर अँधेरी रातों में
दीपक बन कर जला किया
उम्मीदों अरु आशाओं का
बना सितारा जिया किया
वो ही अँधियारों से लड़ कर
दूर क्षितिज तक जा पाया
अनजान सफर इन दुनिया का
जो बना मुसाफिर चल पाया।।

बादल कितने पलकों में ले
चला कदम जो सँभल सँभल
यादों की बारातों में भी
मुस्काया है जो पल पल
वही सँजोया यादों को भी
वही स्वयं को जी पाया
अनजान सफर इस दुनिया का
जो बना मुसाफिर चल पाया।।

आकाश चूमता परबत हो
या सागर की गहराई
तूफानों का शोर बहुत हो
या फिर नीरवता छाई
काँटों की परवाह नहीं की
वही पंथ पर चल पाया
अनजान सफर इस दुनिया का
जो बना मुसाफिर चल पाया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07सितंबर, 2021

प्रेम का बंधन।

प्रेम का बंधन।  

हो भले ही स्वर्ण का ही पर रास कब आता है बंधन
प्रेम से जो बाँध लो तो मन को भी भाता है बंधन।।

हानि लाभ से मुक्त हृदय तो
फिर पुण्य पावन ये धरा है
भौरों के गुंजन से समझो
उपवन परागों से भरा है।।
शुष्क यदि उपवन यहाँ तो मन को तड़पाता है क्रंदन
प्रेम से जो बाँध लो तो मन को भी भाता है बंधन।।

रात की वो गुमनामियाँ भी
इस रोशनी में गुम हुईं तब
अधरों से बरसे जो मोती
ये ताप भी शीतल हुये तब।।
शब्दों में आक्रोश ना हो मौन भी करता है नरतन
प्रेम से जो बाँध लो तो मन को भी भाता है बंधन।।

है कौन ऐसा जो जगत में
प्रिय प्रेम से कुंठित हुआ हो
जो भी स्वयं से दूर भागा
प्रिय प्रेम से वंचित हुआ वो।।
प्रीत, पावन, पुण्य करता पतझड़ को करता है सावन
प्रेम से जो बाँध लो तो मन को भी भाता है बंधन।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06सितंबर, 2021

मन के गीत।

मन के गीत।  

मन के द्वार खुले तुम रखना
मन के गीत लिए आऊँगा
कुछ गीतों को तुम गाना
कुछ गीतों को मैं गाऊँगा।।

जग की सारी रीत सुनाना
जो कुछ बीती हमें बताना
कुछ तुम मेरे मन की सुनना
कुछ अपनी तुम मुझे सुनाना।।

अपने दिल पर जो बीती है
उसको गीतों में गाऊँगा
मन के द्वार खुले तुम रखना
मन के गीत लिए आऊँगा।।

मन के भावों को लिखना है
मन के गीतों को गाना है
मन के भाव समझने खातिर
खुद को भी तो समझाना है।।

मन से कोई चूक हुई तो
मन को भी मैं समझाऊँगा
मन के द्वार खुले तुम रखना
मन के गीत लिए आऊँगा।।

इस पार खड़ा जो जीवन है
उस पार न जाने क्या होगा
साँझ ढले अपने जीवन का
आकाश न जाने क्या होगा।।

लेकिन जो कुछ मुझे मिलेगा
हँस कर के मैं अपनाऊँगा
मन के द्वार खुले तुम रखना
मन के गीत लिए आऊँगा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06सितंबर, 2021

पग पग हमको राह दिखाए।

पग पग हमको राह दिखाए।  

( शिक्षक दिवस पर गुरु को समर्पित रचना )

ऊँची नीची इन राहों में
जब जब भी पाँव लड़खड़ाए
तब तब ज्ञान दिया है गुरु ने
पग पग हमको राह दिखाए।।

घनी अँधेरी रातों में भी
बनकर दीप हरा अँधियारा
ज्ञान दिया सम्मान दिलाया
पथ  पथ फैलाया उजियारा

जब जब हम भटके राहों में
और जहाँ भी हम घबराए 
तब तब ज्ञान दिया है गुरु ने
पग पग हमको राह दिखाए।।

राष्ट्र धर्म और मानवता का
राह प्रमुख है ये बतलाया
ऊँच नीच का भेद गलत है
जीवन में हमको समझाया।।

जब जब भी बेचैन हुए हम
अरु जब जब भी हम भरमाये
तब तब ज्ञान दिया है गुरु ने
पग पग हमको राह दिखाए।।

लिखूँ शब्द क्या मैं महिमा में
इतना मुझमें सामर्थ्य कहाँ
वहीं लेखनी मुस्काती है
मिले गुरू का आशीष जहाँ।।

लेखनी जब भी घबराई है
ज्ञान योग के दीप जलाए
पल पल ज्ञान दिया है गुरु ने
पग पग हमको राह दिखाए।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04सितंबर, 2021



हिंदी की अभिलाषा।

हिंदी की अभिलाषा।   

हिंदी ने कब ये चाहा है बस उसका ही सम्मान करो
लेकिन भाषा के झगड़े में इसका ना अपमान करो।।

हिंदी ऐसी भाषा है जो भारत के दिल में बसती है
जब सब भाषाएँ हँसती हैं तब जाकर ये भी हँसती है।।

था रहा क्रांति का दौर यहाँ जब हिंदी ही पहचान बनी
एक सूत्र में बाँधा भारत और क्रांति का आह्वान बनी।।

पग पग कितने कष्ट सहे हैं तब जाकर ये मुस्काई है
बँधी बेड़ियाँ जब टूटी हैं अधरों पर रौनक आयी है।।

रीति काल हो भक्ति काल हो सबने इसका गुणगान किया
छायावादी, आधुनिक काल कितने ही काव्य महान दिया।।

भारतेंदु, प्रेमचंद, जयशंकर, दिनकर जी का साथ मिला
अगणित राष्ट्रकवि कवियत्री की कलमों से इसका रूप खिला।।

वेद, पुराण, गीता, उपनिषद कितने ग्रंथ लिखे हिंदी में
तुलसी, कबीर, सूर, रसखान सबने मंत्र दिए हिंदी में।।

कितना कुछ पाया हिंदी से हिंदी से ही पहचान बनी
पर जाने क्यूँ अपने घर में यूँ लगता ये मेहमान बनी।।

हिंदी दिवस मनाने को क्यूँ तारीखों में बँध जाते हैं
ऐसा क्यूँ लगता है जैसे हम हिंदी से शरमाते हैं।।
 
बात समझना आवश्यक है बिन हिंदी कुछ पहचान नहीं
जिसकी अपनी भाषा ना हो दुनिया में उसका मान नहीं।।

चलो बनाएं ऐसा भारत सब भाषा को सम्मान मिले
लेकिन अपनी प्रिय हिंदी को हर हृदय में उचित स्थान मिले।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03सितंबर, 2021


मैं आशा के गीत लिखूँगा।

मैं आशा के गीत लिखूँगा। 

घना अँधेरा चाहे जितना
भले निराशा पग पग में हो
भले पराजय द्वार खड़ी हो
या फिर बिखरा बिखरा पथ हो
बिखरा पथ कितना भटकाये
फिर भी अपनी जीत लिखूँगा
मैं आशा के गीत लिखूँगा।।

भले रात हो कितनी काली
घनी अमावस बन कर छाये
भले दामिनी तड़ तड़ तड़के
या घनघोर घटायें छायें
पंथ पटे हों बाधाओं से
नहीं रुका हूँ नहीं रुकूँगा
मैं आशा के गीत लिखूँगा।।

शत्रु कौन है मित्र कौन है
करना क्या है मुझे जानकर
बढ़ता हूँ कर्तव्य मार्ग पर
हार जीत को धर्म मानकर
मन के सारे अँधियारों को
बन कर दीपक दूर करूँगा
मैं आशा के गीत लिखूँगा।।

घोर विपत्ति के पल, चाहे
विकट विवशता राहें रोकें
अवरोधक हों चाहे जितने
या फिर पग पग कोई टोके
असफलता के कलि कपाल पर
आशाओं की जीत लिखूँगा
मैं आशा के गीत लिखूँगा।।

जीवन की मुश्किल राहों में
मैं पग पग हँसता जाऊँगा
दूर क्षितिज तक जाना  है तो
परबत से भी टकराऊँगा
लहराऊँगा परबत परबत
सागर सागर प्रीत लिखूँगा
मैं आशा के गीत लिखूँगा।।

 ©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       03सितंबर, 2021

आशा ने करवट बदली हैं।

आशा ने करवट बदली हैं।  

उम्मीदें फिर नई सजी हैं
रातों की सिलवट बदली है
पाकर भोर किरण की रश्मी
आश ने करवट बदली हैं।।

कितने ही प्रतिमान गढ़े हैं
बीते इतिहासों ने अब तक
अरु नूतन अनुमान गढ़े हैं
कितनी आशाओं ने अब तक।।

सपनों वाली भोर हुई है
इच्छाएं घट घट बदली हैं
पाकर भोर किरण की रश्मी
आशा ने करवट बदली हैं।।

नई उमंगें नया मंत्र है
नई तरंगें नया तंत्र है
नवयुग है ये नव प्रभाव है
नव प्रभात है पुण्य पंथ है।।

लोलुपता के महल ढह रहे
भोगवाद भावना बदली है
पाकर भोर किरण की रश्मी
आशा ने करवट बदली है ।।

राष्ट्र भावना हुई बलवती
षड्यंत्रों का नाश सुनिश्चित
दुनिया के कोने कोने में
भारत का सम्मान सुनिश्चित।।

स्वस्थ भाव से स्वच्छ भाव से
जनतन ने करवट बदली है
पाकर भोर किरण की रश्मी
आशा ने करवट बदली हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        01सितंबर, 2021



मौन के सम्मान में हूँ।

मौन के सम्मान में हूँ।  

ये मत कहो के मुग्ध हूँ मैं
सच कहूँ तो ध्यान में हूँ
वक्त के संग संग बीतते
मौन के सम्मान में हूँ।।

जो तुम मुखर हो शब्द से
तो भाव से मैं भी मुखर
जो तुम प्रखर निर्माण से
तो कर्म से मैं भी प्रखर।।

तुमसे यहाँ किसने कहा के
मान के अभिमान में हूँ
वक्त के संग संग बीतते
मौन के सम्मान में हूँ।।

प्यार का आकार हूँ मैं
स्वप्न इक साकार हूँ मैं
पंक्तियों में हैं गढ़े जो
आस का संसार हूँ मैं।।

उस आस के आकाश का मैं
मौन इक अभियान में हूँ
वक्त के संग संग बीतते
मौन के सम्मान में हूँ।।

रात की किसको फिकर है
भोर पर अपनी नजर है
हूँ मुसाफिर चल रहा मैं
मंजिलों की ये डगर है।।

कुछ छूट ना जाये कहीं पर
हर कदम इस ध्यान में हूँ
वक्त के संग संग बीतते
मौन के सम्मान में हूँ।।

अब क्यूँ डरूँ मैं शाप से
इस शोक से संताप से
क्यूँ करूँ मैं व्यर्थ जीवन
अवसादों में विलाप से।।

छंदों में बँधा इक गीत हूँ
अरु उसी के गान में हूँ
वक्त के संग संग बीतते
मौन के सम्मान में हूँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        01सितंबर, 2021

मैं क्या करूँगा।

मैं क्या करूँगा।   

है मिला जग से बहुत कुछ
प्यार भी सत्कार भी
और शब्दों से खिला है
गीत का संसार भी
पर गीत जो तुम गा न पाए
गीत गाकर क्या करूँगा
जो तुम हमारे हो न पाए
संसार में मैं क्या करूँगा।।

लोग कहते हैं शब्द में
है छुपा संसार ये
भाव जिस हिय में बसे है
बसते वहीं प्यार भी
पर जिस हृदय में प्यार ना हो
बस कर वहाँ मैं क्या करूँगा
जो तुम हमारे हो न पाए
संसार में मैं क्या करूँगा।।

वक्त की पाबंदियों से
तुम घिरे हम भी घिरे
वक्त के आगोश से क्या,
पता लम्हा कब गिरे
हाथों से छूटा जो लम्हा
फिर शोक कर के क्या करूँगा
जो तुम हमारे हो न पाए
संसार में मैं क्या करूँगा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        31अगस्त, 2021




उपवन बोलो कब रोता है।

उपवन बोलो कब रोता है।  

झेल थपेड़े तूफानों के 
आँधी से हैं चोटें खाई 
पग पग कितना कष्ट सहा है
मुख से लेकिन उफ ना आयी
कितना सुनता, पर हँसता है
उपवन बोलो कब रोता है।।

सींच लहू से पैदा करता
कदम कदम रखवाली करता
क्यारी क्यारी स्वप्न सँजोता
पंक्ति पंक्ति के खर है हरता
पग पग बस स्वप्न पिरोता है
उपवन बोलो कब रोता है।।

जब जब जिसने जैसा चाहा
जग को पुष्प दिया है उसने
जाने कितने शूल चुभे हैं
लेकिन कष्ट सहे सब उसने
सहता, विश्वास नहीं खोता है
उपवन बोलो कब रोता है।।

जाने कितने ताप सहे हैं
स्वेद बूँद से लथपथ लथपथ
चला अकेला राह बनाने
लिखने रचने पग पग नव पथ
पग पग उम्मीदें बोता है
उपवन बोलो कब रोता है।।

सींच जड़ों को संस्कारों से
पुण्य पवित्र पावन करता है
आशाओं अरु व्यवहारों से
अंतस के सब खर हरता है
पावनता पग पग ढोता है
उपवन बोलो कब रोता है।।

सच है सबकी इच्छाओं को
पूरा करना आसान नहीं
अंतस के भावों को जाने
कहीं ऐसा प्रावधान नहीं
सुनता है, कोशिश करता है
उपवन बोलो कब रोता है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30अगस्त, 2021



सब गीत लिखे जीवन के।


सब गीत लिखे जीवन के।

सब गीत लिख दिए जीवन के
जो शेष बच गए प्राक्क्थन।।

प्रातःकाल ड्योढ़ी पर सूरज
दे आहट करता है नर्तन
रूप सजाता है जीवन का
पल पल भरता है आकर्षन।।

भावों को अभिव्यक्त करे जो
नूतन आशा का अभिनंदन
सब गीत लिख दिए जीवन के
जो शेष बच गए प्राक्क्थन।।

पुरवाई का झोंका लहका 
कहीं किसी का बहका मन
झूम झूम कर कलियाँ नाची
 कहीं किसी का नाचा तन।।

बह के पुरवा के झोंके में
कलियों ने भरा राग नूतन
सब गीत लिख दिए जीवन के
जो शेष बच गए प्राक्क्थन।।

गूँजी है खनक हवाओं की
छूकर मन का पावन चंदन
अब क्यों व्यथित व्यथाएँ होंगी
बस खुशियों के होंगे नर्तन।।

छंद छंद नवगीत सजे हैं
पंक्ति पंक्ति भावों का वंदन
सब गीत लिख दिए जीवन के
जो शेष बच गए प्राक्क्थन।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30अगस्त, 2021


मुक्तक।

मुक्तक। 

गोधूली बेला में बनकर दीपक तुम यूँ आये
मेरे मन मंदिर में तुमने लाखों दीप जलाए
प्रीत जगे अंग अंग में यूँ सजे बाहों का हार
ज्यूँ संझा के आँचल में शशि सुंदर रूप दिखाए।।


पाषाणों से कहना चाहा।

पाषाणों से कहना चाहा।

जिससे भी मन की बात कही वो मौन हुए या दूर हुए
शायद मैंने भूल करी जो पाषाणों से कहना चाहा।।

पल पल जिनपर प्यार लुटाया
जिनपर है विश्वास जताया
जिनको हरपल अपना माना
उनसे ही ठोकर है खाया।।

विश्वास जताये जितने ही हम उतने ही मजबूर हुए 
शायद मैंने भूल करी जो विश्वासों पर चलना चाहा।।
शायद मैंने.........।।

जाने अनजाने वारों ने
दिल को कितना घात दिया है
कितने मीठे व्यवहारों ने
पग पग पर आघात दिया है।
आघात मिला जितना दिल को सबसे उतना ही दूर हुए
दूर हुए चाहे सबसे हम लेकिन दिल से मिलना चाहा।।
शायद मैंने.........।।

करी प्रेम की आशा जब भी
तब तब छल का वार हुआ है
टूटा हूँ जब शीश झुकाया
कुछ ऐसा व्यवहार हुआ है।
व्यवहार हुआ है कुछ ऐसा के हटने को मजबूर हुए
मजबूर हुए लेकिन फिर भी दिल से सबसे जुड़ना चाहा
दूर हुए चाहे सबसे हम लेकिन दिल से मिलना चाहा।।
शायद मैंने...........।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
        26अगस्त, 2021





कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।

कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।  

जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये
कुछ माला में गूंध गए अरु
कुछ पग पग पर ठोकर खाये।।

पलकों ने कब चाहा उसके
प्रिय अश्रू गिरे अरु मिट जायें
आहों ने कब चाहा दिल के
अरमान गिरे अरु मिट जायें
हंसे कभी कभी रोये अश्रू
और कभी बदली बन छाये
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

अंतर्मन ने कब चाहा है
भाव दबे और कुम्हलायें
मधुमासों ने कब चाहा है
हाय बिरह की वो पीड़ाएँ
आशाओं के महाकुंभ में
हैं अंतर्मन की ज्वालायें
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

पग पग दीप जलाए जितने
आस प्राण में आये उतने
अहसासों की पृष्ठ भूमि पर
स्वप्न सुनहरे आये उतने
पलकों की ड्योढ़ी पर सपने
कभी हँसाये कभी रुलाये
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17अगस्त, 2021


कुछ रंग चुराए हैं हमने इस आवारा बदल से।

कुछ रंग चुराए हैं हमने इस आवारा बदल से।

ना पूछो ऐसे क्यूँ दिखते हैं जग को हम यूँ पागल से
कुछ रंग चुराए हैं हमने इस आवारा बादल से।।

मस्त बहारों का आशिक हूँ
मदमस्त यहाँ मैं फिरता हूँ
मेरे मन को जो भाता है
वो खुलकर के मैं करता हूँ।।
चंचलता है नदिया से सीखी अरु लहराना सागर से
कुछ रंग चुराए हैं हमने इस आवारा बादल से।।

जग के संतापों को सारे
हमने हँसकर के टाला है
फूल मिले या काँटे जग से
सबको हँसकर के पाला है।।
धैर्य लिया धरती से हमने मिलना जुलना गंगाजल से
कुछ रंग चुराए हैं हमने इस आवारा बादल से।।

जीवन के सारे रंगों ने
मिलकर के रूप सजाया है
कलियों अरु पुष्पों ने मिलकर
सारा उपवन महकाया है।।
पंछी से कलरव सीखा है अरु खिलना माँ के आँचल से
कुछ रंग चुराए हैं हमने इस आवारा बादल से।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        25अगस्त, 2021

प्यासा सावन।

प्यासा सावन।  

प्यासा सावन, प्यासी रातें प्यासी न रह जाये चातकी
अब तो खुलकर मन की कह दो घुटकर न रह जाये चातकी।।

हमने तेरे स्वागत में
दिल के तोरण द्वार सजाए
नेह बिछाए पलकों के
अरु बाहों के हार सजाए।
हर आहट पर जा जा ठहरीं आँखें तकतीं राह द्वार की
प्यासा सावन, प्यासी रातें, प्यासी न रह जाये चातकी।।

दिन की मौन उदासी को
रातों ने आँचल में पाला
अधरों से ना कही गयी 
पलकों ने वो सब कह डाला।
भोर हुई तो पलकों ने ही कह डाली सब बात रात की
प्यासा सावन, प्यासी रातें, प्यासी न रह जाये चातकी।।

विरह वेदना के क्षण में
मन को कितना समझाया है
तेरे संग बितायी जो
यादों से दिल बहलाया है।
डरता है दिल भूल न जाओ वादों वाली बात रात की
प्यासा सावन, प्यासी रातें प्यासी न रह जाये चातकी।।

सावन जाने से पहले
आ जाओ झलक दिखा जाओ
जैसे गले लगाया था
फिर मुझको गले लगा जाओ।
ऐसा ना हो इस जीवन में दिल की न कह पाए चातकी
प्यासा सावन, प्यासी रातें, प्यासी न रह जाए चातकी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       24अगस्त, 2021   

जाने कैसी अनबन है।

जाने कैसी अनबन है।   

इन किस्मत की रेखाओं से
ना जाने कैसी अनबन है
जब भी खुलकर जीना चाहा
अवरोधों से घिरा गगन है।।

दुख में सुख की करी कल्पना
तब तब खुद को तन्हा पाया
जब चले समय की राहों में
बिखरा बिखरा लम्हा पाया।।

इन बिखरे लम्हों से अपनी
फिर जाने कैसी ठनगन है
इन किस्मत की रेखाओं से
ना जाने कैसी अनबन है।।

देखो अलसाई आँखों में
रातों की सभी कहानी है
माथे की ये सिलवट सारी
सब कहती उसे जुबानी है।।

मेरी नींदों की आँखों से
क्या जाने कैसी ठनगन है
इन किस्मत की रेखाओं से
ना जाने कैसी अनबन है।।

अपने पैरों के छालों के
पीड़ा की परवाह नहीं की
चला पंथ मैं भले अकेला
मुख से लेकिन आह नहीं की।।

जाने इन राहों से मेरी
फिर ठनी रही क्यूँ ठनगन है
इन किस्मत की रेखाओं से
ना जाने कैसी अनबन है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22अगस्त, 2021







श्रृंगार से सजने लगे।

श्रृंगार से सजने लगे।  

तुम जो आये जिंदगी में ये साज सब बजने लगे
मेरे मन के भावों के श्रृंगार सब सजने लगे।।

निर्वात का घेरा यहाँ था
बस शून्यता चहुँ ओर थी
बेरंग थी दुनिया मिरी ये
ना ओर थी ना छोर थी।।

तुम जो आये जिंदगी में ये शून्य सब भरने लगे
मेरे मन के भावों के श्रृंगार सब सजने लगे।।

शून्यता के उन पलों में हम
मौन खुद खोजा किये हैं
और रास्तों पे जब चले हम
मौन कुछ सोचा किये हैं।

तुम जो आये जिंदगी में ये मौन सब बजने लगे
मेरे मन के भावों के श्रृंगार सब सजने लगे।।

हाथ तेरा क्या हाथ आया
सभी रास्ते खुलने लगे
कितने गीत कोरे पृष्ठ पर
अहसास के लिखने लगे।।

धड़कनों ने गीत गाये अरु साज सब बजने लगे
मेरे मन के भावों के श्रृंगार सब सजने लगे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       23अगस्त, 2021



क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।

क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।   

उम्मीदों के आसमान पर 
जाने कैसी बदली छाई
हमने जब जब हँसना चाहा
क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।।

रहे ताप में जीवन भर हम
पंथ तुम्हारा शीतल रखा
जाने कितने दंश सहे हैं
हृदय को अपने कोमल रखा।।

निर्मल रखा मन भावों को
फिर भी जाने ठोकर खाई
हमने जब जब हँसना चाहा
क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।।

दिन डूबा अरु साँझ हुई जब
हमने मन का दीप जलाया
अँधियारे को दूर किया जब
मन में बस तुमको ही पाया।।

फिर जाने क्या बात हुई जो
है मिली मुझे बस रुसवाई
हमने जब जब हँसना चाहा
क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।।

अपनी इच्छाओं को हर पल
तेरी इच्छाओं पर वारे
तुम्हें जीत दिलाने खातिर
कदम कदम पर हम तो हारे।।

जीवन की चौसर पर हमने
जाने कितनी ठोकर खाई
हमने जब जब हँसना चाहा
क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22अगस्त, 2021

तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।

तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।  

कुछ गीत लिखे हैं जीवन के
तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं 
अगले पल की किसे खबर है
कहो अगर दिल बहला लूँ मैं।।

आने वाले पल जीवन के
जाने क्या कुछ ले आयेंगे
जाने वाले पल जीवन के
जाने क्या क्या ले जायेंगे।
इस पल में जो पास यहाँ है
कहो अगर तो अपना लूँ मैं
कुछ गीत लिखे हैं जीवन के
तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।।

पुष्प खिले जो भी उपवन में
साँझ ढले मुरझा जायेंगे
गर इनको ना मिला सहारा
काँटों में उलझा जायेंगे।
इनके उलझाने से पहले
काँटों को सुलझा लूँ मैं
कुछ गीत लिखे हैं जीवन के
तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।।

पल पल आशाएँ जीवन की
सुनो जरा क्या कुछ कहती हैं
जाने इस जीवन के कितने
सपने ये बुनती रहती हैं।
सपनों की इन घड़ियों में
अपना संसार बसा लूँ में
कुछ गीत लिखे हैं जीवन के
तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
         22अगस्त, 2021

प्रेम समर्पण।

प्रेम समर्पण।  

मेरे मृदु हिय को स्पंदित कर 
तुम इसका जीवन बन जाओ
मैं बन जाऊँ कृष्ण तुम्हारा
तुम मेरि राधिका बन जाओ।।

जो मैं बन जाऊँ त्याग यहाँ
तुम प्रेम समर्पण बन जाओ
जो बन जाऊँ शाख यहाँ मैं
तुम सुंदर कलियाँ बन जाओ।।
मैं बन जाऊँ भ्रमर यहाँ जो
तुम पुष्प वाटिका बन जाओ
मैं बन जाऊँ कृष्ण तुम्हारा
तुम मेरि राधिका बन जाओ।।

हो प्रेम स्फुटित मन उपवन में
पुष्पों से मन आच्छादित हो
रोम रोम मधु भाव जगे अरु
हृदय प्रेम से आह्लादित हो।।
मैं बन जाऊँ स्नेह मनोहर
तुम स्वर्णिम बेला बन जाओ
मैं बन जाऊँ कृष्ण तुम्हारा
तुम मेरि राधिका बन जाओ।।

धीमे धीमे बहता है मन
कुछ सुनो जरा क्या कहता है 
संग संग जीवन के कितने
ये स्वप्न सँजोते रहता है।।
मैं बन जाऊँ शब्द सुनहरा
अरु गीतों में तुम छा जाओ
मैं बन जाऊँ कृष्ण तुम्हारा
तुम मेरि राधिका बन जाओ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21अगस्त, 2021






पल पल बढ़ रही है जिंदगी।

पल पल बढ़ रही है जिंदगी।  

आस के आकाश पर यूँ फल रही है जिंदगी
जाने किन किन रास्तों पर चल रही है जिंदगी
कौन जाने दूर और कौन जाने पास है
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

बढ़ रही उम्र देखो रात के जाने के साथ
अरु मिलती है खुशी रात के जाने के बाद
बढ़ रहा है जितना पथिक बढ़ रही है जिंदगी
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

शब्द अधरों पर कभी तुषार हैं अंगार हैं
नीड़ के निर्माण में ये भी सृजन श्रृंगार हैं
शब्द के आकाश पर कुछ गढ़ रही है जिंदगी
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

अहसासों के पुण्य पल छोड़ कर कैसे चलूँ
जग से जो भी मिला वो तोड़ कर कैसे चलूँ
बंधनों की प्रीत सह सह बढ़ रही है जिंदगी
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

स्वप्न पलकों में पले तो रात क्या अरु दिन क्या
उम्र के संग संग चले तो रास्तों की फिक्र क्या
गौर से सुन लो जरा कुछ कह रही है जिंदगी
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21अगस्त, 2021

पीर लिखी मैंने बिरहन की।

पीर लिखी मैंने बिरहन की।  

जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

मधुमासों के बीच रहे पर
मधुमासों की आस रही
बीच समुंदर खड़े रहे पर
जाने कैसी प्यास रही।।

पल पल प्यासे उस जीवन की, पीर लिखी मैंने नयनन की
जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

बीच लहर तुम छोड़ चले जब
पतवारों की आस नहीं
जब डगमग डगमग नैया डोली
उस क्षण कोई पास नहीं।।

सागर से क्या करूँ याचना, गीत लिखे मैने धड़कन की
जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

शीतल चंदा की किरणों ने
कितनी बार जलाया है
छली गयी हैं यादें पल पल
जब जब याद दिलाया है।।

यादें जब जब तड़पाईं हैं, गीत लिखे मैंने तड़पन की
जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

जीवन के इस मरूभूमि को
आँखें कब तक सींचेंगी
सागर से मिलने की खातिर
नदिया कब तक तरसेंगी।।

इन पलकों में आस लिए फिर, प्रीत लिखी मैंने नयनन की
जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20अगस्त, 2021

हौले से मुस्काना।

हौले से मुस्कना।  

अधरों का हौले से कंपन
धीरे से सब कह जाना
याद मुझे अब भी है तेरा
वो हौले से मुस्काना।।

कितनी प्यारी बातें तेरी
अरु दूर क्षितिज तक जाना
अब भी याद मुझे है तेरा
हँसना दिल को बहलाना।।

नैनों से बातें करना अरु
कहे बिना सब कह जाना
याद मुझे अब भी है तेरा
वो हौले से मुस्काना।।

हमने अपनी हर साँसों में
बस तुमको ही पाया है
जब भी तेरा जिक्र हुआ है
तकिया गले लगाया है।।

प्यारी प्यारी बातें तेरी
और तेरा वो शर्माना
याद मुझे अब भी है तेरा
वो हौले से मुस्काना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20अगस्त, 2021

अब कैसे मैं तुम्हें पुकारूँ।

अब कैसे मैं तुम्हें पुकारूँ।  

कितने दूर बसे हो जाकर, अब कैसे मैं तुम्हें पुकारुँ 
कदम कदम पर लाखों पहरे, अब कैसे मैं नजर उतारूँ।।

कैसे भूल गए वो वादे
कैसे भूली बतियाँ सारी
कैसे भूले गीत मिलन के
और सुहानी रतियाँ सारी।।

मन की मन में दबी रह गयी, किसके सम्मुख उन्हें निकारूँ
कितने दूर बसे हो जाकर, अब कैसे मैं तुम्हें पुकारुँ।।

टूटे सपनों की ड्योढ़ी पर
अरमानों का भार लिए हूँ
कैसे तुमको आज बताऊँ
मन में क्या उपहार लिए हूँ।।

पलकों में कुछ अश्रू बचे हैं, बोलो कैसे उन्हें निकारूँ
कितने दूर बसे हो जाकर, अब कैसे मैं तुम्हें पुकारुँ।।

जाने कैसी भूल हुई है
जो आज सजा ये पायी है
अब किससे अरदास करूँ मैं
क्यूँ होती ना सुनवाई है।

अधरों पर पीड़ा ठहरी है,  किस विधि बोलो उन्हें निकारूँ
कितने दूर बसे हो जाकर, अब कैसे मैं तुम्हें पुकारूँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        19अगस्त, 2021



गीत सुना दो।

गीत सुना दो।  

शब्दों को परिमार्जित कर के
अधरों पर फिर पुष्प खिला दो
जो अंतर्मन स्पंदित कर दे
कोई ऐसा गीत सुना दो।।

स्वर की गलियों से जब गुजरूँ
कानों में प्रिय रस घुल जाये
पुलकित हों हिय भाव मनहरे
अधरों के बंधन खुल जायें
खुल जाए यादों की गलियाँ
ऐसी कोई रीत चला दो
हर अंतस स्पंदित हो जाये
कोई ऐसा गीत सुना दो।।

सुर की गलियों के तुम प्यारे
शब्दों के हो राजदुलारे
गीत रचो मन को छू जाये
मन उपवन को यूँ महका रे
बंध बंध आह्लादित जिसका
ऐसा सुर संगीत सजा दो
हर अंतस स्पंदित हो जाये
कोई ऐसा गीत सुना दो।।

हिय पुलकित आशाएँ गुंजित
भावों में जो हो प्रतिबिंबित
हृद हृद में मधुमास खिला दे
अहसासों को कर के चुंबित
मिटे तपन शीतल हो जाये
पिय भावों को आज जगा दो
हर अंतस स्पंदित हो जाये
कोई ऐसा गीत सुना दो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18अगस्त, 2021

ये रास्ते थकते नहीं।

ये रास्ते थकते नहीं।  

ये कौन कहता है हवायें बात अब करती नहीं
मैं तो कहता हूँ दिशाएँ उसकी अब सुनती नहीं।।

एक रेखा सी खिंची है हर आशियाने में यहाँ
और तुम कहते हो यहाँ वो रेख अब दिखती नहीं।।

है कितनी आवाजें लगाई उम्र ने हर मोड़ पर
मैं कैसे अब कह दूँ यहाँ के उम्र कुछ कहती नहीं।।

कितना कुछ झेला है उसने इस जिंदगी के वास्ते
अब कैसे कह दूँ मैं यहाँ ये उम्र कुछ सहती नहीं।।

भीड़ हो तनहाइयाँ हों मंजिलें हों या के सफर
ये रास्ते हैं विश्वास के ये उम्र भर थकते नहीं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
        18अगस्त, 2021

कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।

कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।  

जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये
कुछ माला में गूंध गए अरु
कुछ पग पग पर ठोकर खाये।।

पलकों ने कब चाहा उसके
प्रिय अश्रू गिरे अरु मिट जायें
आहों ने कब चाहा दिल के
अरमान गिरे अरु मिट जायें
हंसे कभी कभी रोये अश्रू
और कभी बदली बन छाये
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

अंतर्मन ने कब चाहा है
भाव दबे और कुम्हलायें
मधुमासों ने कब चाहा है
हाय बिरह की वो पीड़ाएँ
आशाओं के महाकुंभ में
हैं अंतर्मन की ज्वालायें
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

पग पग दीप जलाए जितने
आस प्राण में आये उतने
अहसासों की पृष्ठ भूमि पर
स्वप्न सुनहरे आये उतने
पलकों की ड्योढ़ी पर सपने
कभी हँसाये कभी रुलाये
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17अगस्त, 2021


चंद मुक्तक।

चंद मुक्तक।  

अपने गीतों में नहीं कुछ और लिखना चाहता हूँ
चाहता हूँ चंद लम्हे खुद को जीना चाहता हूँ।।
क्या करोगे जानकर के दर्द कितना था बड़ा 
दर्द वो मेरा है उसको मैं ही जीना चाहता हूँ।।

ये जो वीणा बज रही मैं भी उसका तार हूँ
जैसे तुम उपहार हो मैं भी इक उपहार हूँ
भेद बस इतना यहाँ कि तुम हो महलों में पले
और माटी में पला मैं मौन इक आकार हूँ।।

गाँव की वो पगडंडियाँ इतरा उठी तब झूम कर
जब शहर के रास्ते कल उससे मिले थे चूम कर
मौन शब्दों में कहा था चाहे कहीं भी तुम रहो
जब भि गुजरो तुम इधर से देख लेना घूम कर।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17अगस्त, 2021

सुनने का रिवाज।

सुनने का रिवाज।  

जाने क्यूँ हलकों से अब भी
निकल रही आवाज  नहीं
लगता है यूँ कंठ दबे हैं
आती कुछ आवाज नहीं।
दरद विकल हो मचल रहा
सुनता क्यूँ सरताज नहीं
लगता है महलों में अब भी
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

भटक रही फिर आज जिंदगी
अपना अस्तित्व बचाने को
चीख रहे हैं आज अश्रू फिर
पलकों से बाहर आने को
आँसू के इस विकल वेदना
को मिलती क्यूँ आवाज नहीं
लगता है महलों में अब भी
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

कहीं द्रौपदी चीख रही है
अट्टाहासों के बीच विकल
कहीं जल रही है सैरंध्री
है सोया क्यूँ ब्रम्हांड सकल
क्या कान्हा तक गूंजती चीख
की जाती अब आवाज नहीं
लगता है महलों में अब भी
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

धनलोलुपता में ही कितने
संस्कारों को कुचल रहे हैं
राष्ट्र धरम और मर्यादा को
देखो कैसे कुचल रहे हैं
चलचित्र में फिर अश्लीलों पर
क्यूँ गिरती कोई गाज नहीं
लगता है महलों में अब भी
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

ऐसे संस्कृति सिसक सिसक कर
मचल मचल कर गिर जाएगी
अवसादों के बीच फँसी तो
तड़प तड़प कर मर जाएगी
चलो बचा लें जीवन अपना
फिर न हो ये मोहताज कहीं
फिर से अब ना कोई कहे कि
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

 ©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
         16अगस्त, 2021

आज लेखनी फिर अकुलाई।

आज लेखनी फिर अकुलाई।  

आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन भावों में आई।।

मन का पंछी आकाशों में
जब जब रास्ता कोई ढूँढे
व्याकुल सपनों की ड्योढ़ी पर
खुद से खुद का रास्ता पूछे
मन के इस दीवानेपन में
भावों ने ली है अँगड़ाई
आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन भावों में आई।।

पग पग शब्दों का मेला है
जीवन सुख दुख का खेला है
कहीं घिरे हैं काले बादल
कहीं बारिशों का रेला है
बनते और बिगड़ते पथ में
घावों में उम्मीदें लाई
आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन भावों में आई।।

जिसने घावों को सहलाया
अवसादों में भी बहलाया
पल पल गीत बुने हैं जिसने
पीड़ा में भी गीत सुनाया
रहा अल्प में जीवन भर जो
उसकी कौन करे सुनवाई
आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन घावों में आई।।

हर धड़कन महसूस किया है
खुशियों खातिर दरद जिया है
जग को है मधु दिया हमेशा
नीलकंठ बन जहर जिया है
अचल रहा जो पुण्य पंथ पर
उसकी आँखें क्यूँ भर आईं
आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन घावों में आई।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16अगस्त, 2021


थक कर जाने सो जाता है।

थक कर जाने सो जाता है।  

सन्नाटों के बीच कहीं पर
जीवन सिमटा खो जाता है
अस्तांचल तक जाते जाते
थक कर जाने सो जाता है।।

बैठ किनारे नदिया देखो
माँझी कितना स्वप्न सँजोता
आती जाती लहरों में वो
कभी सँभलता कभी भिंगोता।
कभी खोल नौका के बंधन
धारा में गुम हो जाता है
अस्तांचल तक जाते जाते
थक कर जाने सो जाता है।।

ऊँचे ऊँचे परबत सारे
आकाशों को चूम रहे हैं
मन के सारे भाव सुनहरे
पंछी बन कर घूम रहे हैं।
पंखों की होड़ा होड़ी में
डूब कहीं गुम हो जाता है
अस्तांचल तक जाते जाते
थक कर जाने सो जाता है।।

उगी चाँदनी कहीं दे रही
नव जीवन की नई चेतना
सन्नाटों की आवाजों में
सुनो आ रही नई सूचना।
नई चेतना पाने खातिर
अहसासों में खो जाता है
अस्तांचल तक जाते जाते
थक कर जाने सो जाता है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       15अगस्त, 2021

तुमसे इतना प्यार मिला है।

तुमसे इतना प्यार मिला है।   

पीड़ा का पथ हुआ सुनहरा
तुमसे इतना प्यार मिला है
ऐसा लगता है जीवन में
जीवन पहली बार मिला है।।

भटका भटका जीवन कितना
तुमसे मिलकर मैंने जाना
खुद से दूर हुआ था कितना
तुमको देखा तब पहचाना
दर्पण के चेहरे में मुझको
खुशियों का अंबार मिला है
पीड़ा का पथ हुआ सुनहरा
तुमसे इतना प्यार मिला है।।

गुम था मैं तो वीराने में
सन्नाटे में पड़ा हुआ था
सागर के नजदीक रहा पर
प्यासा ही मैं पड़ा हुआ था।
तेरे चाहत की बारिश से
जीवन में मधुमास खिला है
पीड़ा का पथ हुआ सुनहरा
तुमसे इतना प्यार मिला है।।

तेरी चाहत की छाया में
बिखरा जीवन खिल जाएगा
अँधियारे में जलते जलते
दीपक सूरज बन जायेगा।
नीरसता से भरे गगन को
अब बाहों का हार मिला है
पीड़ा का पथ हुआ सुनहरा
तुमसे इतना प्यार मिला है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
         15अगस्त, 2021




दुनिया में तेरा मान रहे।

दुनिया में तेरा मान रहे।  

राष्ट्र मेरे ऐ राष्ट्र मेरे
ऊंचा तेरा सम्मान रहे
जब तक ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

मेरे जैसे कितने जीवन
तेरी गोदी में पलते हैं
क्या मुरझायेगा पुष्प यहाँ जो
तेरी माटी में खिलते हैं।
तूने सींचा तूने पाला
ऊंचा ये तेरा भाल रहे
जब तक ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

इस गोदी में गाँधी गौतम
श्री राम कृष्ण बलराम पले
वीर शिवाजी, राणा, लक्ष्मी
अरु कण कण में भगवान पले।
गीता वेद पुराण उपनिषद
रहती दुनिया तक ज्ञान रहे
जब तो ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

नदियों में तेरी खुशियाँ हैं
खेतों में खिलती कलियाँ हैं
कर रही सुशोभित दुनिया को
ऐसी रोशन ये गलियाँ हैं।
तुझसे दुनिया को ज्ञान मिला है
हर दिल में ये अभिमान रहे
जब तक ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

बस इतनी सी चाहत मेरी
जनम जनम तुझको ही पाऊँ
जब जब भी कोई गीत रचूं
और नहीं बस तुझको गाऊँ।
तुझसे ही है जीवन मेरा
अरु तुझपर अर्पित जान रहे
जब तक ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15अगस्त, 2021

आजादी को पूज रहे हम।

आजादी को पूज रहे हम।  

व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं
जन गण मन के भीतर देखो
इक दूजे को ढूँढ़ रहे हैं।।

आजादी कब सरल रही है
बरसों से सुनते आए हैं
पग पग अगणित कष्ट सहे हैं
तब जाकर ये दिन आये हैं।
इस दिन की गुरुता को देखो
इक दूजे में ढूँढ़ रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

जात पात अरु ऊंच नीच के
भेद हृदय को बींध रहे हैं
राजनीति अब चाल बदल कर
वोटों की मुट्ठी भींच रहे हैं।
अब गिरती शुचिता में क्यूँ सब
निज लाभों को खोज रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

अवसरवादी नारे सारे
भारत का पथ भरमाते हैं
भृष्ट आचरण धन लोलुपता
क्यूँ कुछ लोगों के मनभाते हैं।
राजनीति में शुचिता जैसे
कंकर-चावल खोज रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

खण्डित नारों से जा कह दो
उनका जीवन पूर्ण हो चुका
पग पग पर हैं अटल इरादे
भारत अब संपूर्ण हो चुका।
लेकिन घर के भेदी को फिर
आँगन में क्यूँ पाल रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

चाल चरित्र जाने कब बदला
कैसे बदले पुण्य हमारे
सत्ता तक जाने की खातिर
कब बदले सिद्धांत हमारे।
सिद्धांतो की बलि देकर हैं
सिद्धांतों को ढूँढ़ रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

भारत नव निर्माण चाहता
सपनों का आकार चाहता
निकल व्याधि औ जंजीरों से
नूतन अब आकाश चाहता।
आओ सब मिल पंथ बुहारें
अब भी हम क्या ढूँढ़ रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15अगस्त, 2021











मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ।

मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ।   

मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ
है ये इतिहास सुनहरा मेरा
मैं चतुरदिषाएँ जोड़ रहा हूँ।।

मैं आजादी का नायक हूँ
मैं राष्ट्र गीत का गायक हूँ
मैं जन जन की विकल भावना
मैं राष्ट्र प्रेम का वाहक हूँ।।
राष्ट्र भावना जनमानस में
सदियों से मैं घोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

अंग्रेजों ने खींच लकीरें
भारत लहूलुहान किया था
अपने स्वार्थ सिद्धि की खातिर
जन गण का अपमान किया था
अंग्रेजों के दमन चक्र की
उन पन्नों को खोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

लक्ष्मी, तांत्या, मंगल पांडे
नाना कितने वीर चले हैं
लिए मशाल क्रांति की देखो
बन कर के रणवीर चले हैं।।
तन मन धन सब किया समर्पित
उनकी गाथा बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

मैं मुक्ति युद्ध बन पलता हूँ
मैं अंगारों पर चलता हूँ
भारत की मृदु स्मृति बनकर के
मैं जन गण मन में मिलता हूँ।।
वीरों की उस मधुर कल्पना
जज्बातों को बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

मैं चाल चरित्र का द्योतक हूँ
मैं राष्ट्र प्रेम का पोषक हूँ
मैं बलिदानों का मूल मंत्र
मैं उम्मीदों का पोषक हूँ।।
राष्ट्र प्रेम की अलख जगा दे
मैं ऐसा रास्ता खोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

अत्याचारों से पीड़ित हो
जनता आवाज उठाई थी
धर्म राष्ट्र का भाव लिए ही
आशा की ज्योति जगाई थी।।
ज्योति जली बरसों पहले जो
मैं उसकी गाथा बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

धर्म जाती मजहब ना कोई
इक सूत्र सब बंधे हुए थे
आजादी का प्रण लिए सभी
संकल्पों में गुंधे हुए थे।।
संकल्पों के भाव सभी वो
जन गण मन में घोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

आजादी के दीवानों पर
पग पग पर दमन चलाया था
अरु अंग्रेजी आतंकों ने 
भारत का लहू बहाया था।।
लहू बहे आजादी खातिर
मैं गीतों में बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

एक सूत्र में भारत बांधा
मिलकर कई निशाना साधा
सदियों से खंडित भारत की
आस्थाओं को फिर से बांधा।।
त्याग, समर्पण शौर्य पराक्रम
की गाथा मैं बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

आजादी का पंथ सुनहरा
अवसादों में ना अब घोलो
अभिव्यक्ति की आजादी है
इसमें कोई विष ना घोलो।।
अभिव्यक्ति की राष्ट्र भावना
राष्ट्रवाद बन घोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        11अगस्त, 2021

मैंने रीत लिखे

मैंने रीत लिखे।  

मैंने मर्यादित भावों से शब्द चुने फिर गीत लिखे
शिष्ट सृजन को शब्द चुने तब जाकर के गीत लिखे।।

सूरज से ली तपिश यहाँ पर
चंदा से शीतलता ली है
लिया पवन से मुक्त भाव अरु
तारों से चंचलता ली है।
शब्दों का आलिंगन कर के अपने मन के मीत लिखे
शिष्ट सृजन को शब्द चुने तब जाकर के गीत लिखे।।

लिया पुष्प से खुशबू मैंने
पातों से हरियाली ली है
अवनी से संबल पाया है
अंबर की रखवाली ली है।
पात पात पिय पुष्प चुने तब प्रीत गढ़े नवगीत लिखे
शिष्ट सृजन को शब्द चुने तब जाकर के गीत लिखे।।

लिया प्रखर भावों को जग से
अंतस में प्रिय भाव जगाया
पल पल बीत रहे लम्हों में
जो पाया गीतों में गाया।
जग से लेकर जग को देकर जग की प्रचलित रीत लिखे
शिष्ट सृजन को शब्द चुने तब जाकर के गीत लिखे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदरबाद
        08अगस्त, 2021


संकल्प।

संकल्प।  

भावनाएँ दृढ़ हैं जो फिर, मुश्किलों की क्या फिकर
चल पड़े दो पग जिधर भी, हैं रास्ते खुलते उधर।।
वट वृक्ष की है आस तो संकल्प भावों में जगा
छाँव भी मिल जाएगी तू दो कदम आगे बढ़ा।।

है वही जीता यहाँ जग जिसने खुद को पा लिया
आँधी में तूफानों में खुद को जो अपना लिया
रास्ते खुद चल पड़े देख कर के उसका हौसला
त्याग, तप, संकल्प जिसने हँस के है अपना लिया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07अगस्त, 2021

खामोशी से कहना है।

खामोशी से कहना है।  

सीने में तूफान हजारों
आँखों में क्यूँ सूनापन है
खामोशी के कोने में भी
कहीं छुपा वो अपनापन है।
माना इक खामोशी पसरी
पर मुश्किल अब चुप रहना है
जो भी भाव हृदय में जागे
हाँ, खामोशी से कहना है।।

मासूम निगाहों ने देखो
पलक झुका कर सब कह डाला
अधरों ने भी कंपन कर के
बिना कहे सब कुछ कह डाला।
नैनों ने जब बातें कह ली
फिर अधरों से क्या कहना है
जो भी भाव हृदय में जागे
हाँ, खामोशी से कहना है।।

साँसों की सरगम गा गाकर
करती कितने मधुर इशारे
स्वप्नों को भी पंख लगे हैं
आशाएँ भी राह निहारे।
आशाओं ने पंथ बुहारा
मौन नहीं अब रहना है
जो भी भाव हृदय में जागे
हाँ,  खामोशी से कहना है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07अगस्त, 2021

पतझड़ फिर ना आने देना।

पतझड़ फिर ना आने देना।  

ले आये हो मधुवन में तुम
पतझड़ फिर ना आने देना
फिर से आस बँधाई तुमने
उसे नहीं अब मिटने देना।।

मेरी साँसों की वीणा के
ताल तुम्हीं हो राग तुम्हीं
मेरे भावों की थिरकन के
गीत तुम्हीं हो राग तुम्हीं
अपने गीतों के सरगम में
मेरे गीत मिलाने देना
ले आये हो मधुवन में तुम
पतझड़ फिर ना आने देना।।

मेरे जीवन के पृष्ठों पर
अंकित इक इक छंद तुम्हीं
मेरे अंतस के ग्रंथों को
जो भाये हैं वो मंत्र तुम्हीं
पंक्ति पंक्ति हैं शब्द सुनहरे
ये भाव नहीं खोने देना
ले आये हो मधुवन में तुम
पतझड़ फिर ना आने देना।।

कितनी मन्नत बाद मिले हैं
नैनों से बरबस मधु ढलके
आशाओं के पुष्प खिले हैं
हिय मृदु मधुरिम मधुरस छलके।
पलकों में चाहत बन बसना
स्वप्न सुनहरे रचने देना
ले आये हो मधुवन में तुम
पतझड़ फिर ना आने देना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07अगस्त, 2021



हृदय की प्यास।

हृदय की प्यास।  

मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी
कहने को पल पल साथ रहा पर
आस मिलन की मिट ना पायी।।

हम दोनों के बीच न जाने
कैसी ये मजबूरी है
पास पास रहकर भी देखो
जाने कैसी दूरी है।
अहसासों के साथ जिये पर
अहसास कभी कह ना पाए
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

चले दूर तक जीवन पथ में
इक दूजे का साथ रहा 
छाँव मिली या धूप मिली हो
पल पल अपना साथ रहा।
साथ रहे हम इक दूजे के
मन की लेकिन कह ना पाये
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

लम्हों ने जो रची कहानी
सदियाँ उसको दुहराएँगी
हमने जैसी रीत निभायी
रीत वही गायी जायेंगी।
पल पल हमने पंथ बुहारे
लेकिन खुद ही चल ना पाये
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06अगस्त, 2021

हल्ला बोल दिया।

हल्ला बोल दिया।   

थे खुले हृदय के द्वार सभी
कानों में मिसरी घोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

सदियों से छाती पर अपने
इक नश्तर सा था चुभा हुआ
इक धारा बन टीस उभरती
दर्द सा दिल में था दबा हुआ
दूर हुआ नश्तर वो दिल का
अंतस में चंदन घोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

दशकों से आतंकी कितने
विष भारत में घोल रहे थे
गली मुहल्ले चौराहों पर
खुले आम विष घोल रहे थे
जंग लगे काले ताले को 
अब आगे बढ़कर खोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

कदम कदम पर हमने अपने
कितने ही सैनिक खोये हैं
जब जब देखा ध्वज में लिपटे
सब खून के आँसू रोये हैं
बँधे हाथ थे कल तक जो भी
सब इक झटके में खोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

अब भारत की धरती पर बस
भारत के नारे गूंजेंगे
पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण सब
बस भारत माँ को पूजेंगे
आतंकी मंसूबों पर अब
जन गण ने हल्ला बोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05अगस्त, 2021




भूले बिसरे दीवाने- आजादी के।

भूले बिसरे दीवाने- आजादी के।  

काल खंड के शिला लेख पर
कितनी ही अमिट कहानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

आजादी के दीवानों ने 
खुद मिट कर इतिहास बनाया
निज प्राणों की आहुति देकर
जीना क्या हमको सिखलाया।
और सिखाया जीवन पथ पर
चल, कैसे डगर बनानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

पुण्य पंथ पर शीश नवा कर
अगणित जीवन निखर गये हैं
कुछ ने है इतिहास बनाया
कुछ पन्नों में सिमट गये हैं।
जो सिमटे पन्नों में दबकर
जन जन को आज बतानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

कितनों ने बलिदान दिए जब
तब ये धरती मुस्काई है
कितनों ने शोणित से सींचा
तब ये फसलें लहराई हैं।
कुछ के त्याग लिखे गीतों में
अरु कुछ की अभी सुनानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

आजादी की बलि बेदी पर
कितने हँस कर झूल गए
जग को राह दिखाने खातिर
वो अपना रस्ता भूल गए।
बिसर गए जो इतिहासों में
उनकी पहचान बतानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04अगस्त, 2021


फिर वही मुलाकातें।

फिर वही मुलाकातें।  

बड़ी मुश्किल से बीते दिन बड़ी मुश्किल हैं ये रातें
चले आओ तुम्हारे बिन कहूँ मैं किससे ये बातें।।

के सारा दिन गुजरता है तुम्हारी याद में खोकर
औ रातों को जगाती हैं तुम्हारे प्यार की बातें।।

था दुआओं में यही माँगा तुम्हारा साथ न छूटे
सुनाऊँ किसको मैं तुम बिन तुम्हारे साथ की बातें।।

तुम्हारे प्यार में डूबे तो जाना जिंदगी क्या है
कहो कैसे मैं भूलूँगा अब पुरानी वो मुलाकातें।।

अधूरे ख्वाब हैं मेरे अधूरी मेरी तमन्नाएं
नहीं भाती तुम्हारे बिन मुझे अब कोई सौगातें।।

कहीं ऐसा न हो के जिंदगी नया कुछ घाव दे जाए
चलो फिर अजनबी बन जायें करें फिर से मुलाकातें।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02अगस्त, 2021

आशाओं के पुष्प।

आशाओं के पुष्प।  

आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता छल
कितने पाए कितने बाकी
नए शिखर तू चढ़ता चल।।

नहीं फिकर कर जीवन पथ की
कितने आये बीत गए
माना कुछ में हार मिली है
लेकिन कितने जीत गए।
हारे का अफसोस न कर तू
रीत नई तू गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

तू इस पथ का लेश मात्र है
खुद पर तू अभिमान न कर
कभी झुका जो जीवन पथ में
उसका तू अपमान न कर।
मान अभिमान से ऊपर कर
प्रतिमान नए गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

हार जीत अरु लोभ मोह सब
मिथ्या है आभासी है
जीवन पथ में वही खिला जो
अंतस से सन्यासी है।
किंतु परंतु से ऊपर उठ कर
नए पंथ तू गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30जुलाई, 2021


पितामह

            पितामह   

भाग-1

सूर्य भी अस्त हो चला और चाँद भी धुँधला हुआ
वहाँ नीरवता के शिखर पर मौन था ठहरा हुआ।

प्रश्न लाखों मौन आज अंतस में गुंजित हो रहे 
और बनकर शूल कितने घायल हृदय को खल रहे।

थी घड़ी वो कौन सी जब मौन ने निर्णय लिया था
शब्द थे गूँजे हृदय में वक्त ने भी कुछ कहा था।

उस कहे का भान क्यूँकर वक्त ने अनदेखा किया
लम्हों के उस दोष ने सदियों को इक मौका दिया।

काश उस क्षण प्रण मेरा भावों के न आड़े आता
आज इस रणभूमि में मैं स्वयं को न पड़े पाता।

जिस दिन एक मर्यादा लुटी थी मौन उस दरबार में
रक्त पलकों से गिरे थे उस निकृष्टतम वार से।

बस कुल की मर्यादा नहीं वो लाज थी संसार की
जिसके कोमल भावों पर कुदृष्टि पड़ी खूंखार थी।

क्रमश:

पितामह- भाग-2

सूर्य का रथ रुक गया अरु चंद्र भी कुंठित हुआ था
स्वार्थ लोलुप केंद्र में जब सभ्यता कुंठित हुई थी।

लाज और श्रृंगार आखिर विषय बने उपहास की
और सहसा रुक गयी थी वो मौन गति आकाश की।

एक पल का वो वचन अब आज भारी पड़ रहा था
छाँव दिया वट वृक्ष बन जो आज टूटा गिर पड़ा था।

ईश जाने चाहता था ना कभी उपहास उस पल
फिर भी क्यूँ न रोक पाया जब गिरा आकाश उस पल।

क्यूँ कर सभी धमनियों का रक्त पानी हो गया था
देखते देखते इतिहास मनमानी कर गया था।

उस एक पल में लिख गयी थी पटकथा संहार की
कैसे बदली थी व्यथा और वेदना संसार की।

क्रमशः----

पितामह- भाग-3

गूँज रहे थे द्यूत में जो शब्द सभी अपमान थे
नीतियों के पाश में बंधे सत्य सब सुनसान थे।

ये सत्य ही तो था के, अहंकार का विष घुल चुका था
द्यूत की आड़ में नित्याचार में विष घुल चुका था।

विद्रोह भी ना कर सका था कटु सत्य वो स्वीकार था
न चाह कर भी मौन बैठा समय बड़ा लाचार था।

उस कक्ष के वो खेल सत्य के हृदय को खल रहे थे
ज्ञान को सम्मान को संस्कार तक को छल रहे थे।

था नियति का दोष अरु षड्यंत्र थी वो बीमार की
दाँव पर जब जा लगी थी वो लाज इस संसार की।

दर्प के स्वर में छुपे थे व्यंग्य के कितने प्रहार
अब लुट रहे थे भाव सारे अरु मिट चले थे संस्कार।

किंतु अट्टहास के क्षण में इक हृद विकल हो रहा था
मौन कुछ न बोलता अंदर से पर वो रो रहा था।

क्रमशः----

पितामह- भाग-4

बाण की शैया का मुझको अब ना कोई क्लेश है
है मेरे कुछ कर्म ऐसे जिन्हें भोगना शेष है।

थी हलाहल जिंदगी जिसे आज तक पीता रहा हूँ
सत की स्थापना को बन नीलकंठ जीता रहा हूँ।

चाहता कब था यहाँ मैं के युद्ध का निर्माण हो
पर जब भी धरम युद्ध हो बस सत्य ही स्वीकार हो।

है बहुत मुश्किल यहाँ पर देखना सब खोता हुआ
कैसे देखा मैंने सोचो सत्य को रोता हुआ।

थी समय की चाह या फिर दोष था मेरा वहाँ पर
क्यूँ नहीं मैं रोक पाया सत्य जब बिखरा वहाँ पर।

सत्य पर आघात से मेरी शिराएँ रो पड़ी थी
मौन सम्मुख था सभी के आत्माएँ रो पड़ी थी।

क्यूँ बहा ये रक्त सारा दोष किसके सर मढूं मैं
क्या कहूँ अब वक्त से मैं गल्प कैसा अब गढूं मैं।
क्रमशः----

पितामह- भाग-5

इतिहास के अध्याय में ये पृष्ठ कैसा जुड़ गया
जोड़ने को मैं चला था पर वक्त कैसे मुड़ गया।

बन गया ये चित्र कैसे पृष्ठों में अत्याचार का
खींच गयी लकीर कैसे कुटिलता के व्यवहार का।।

अन्याय, अत्याचार का परिणाम अंधे मोह का
विध्वंस ये अपकर्ष ये परिणाम है ये द्रोह का।।

है बहाया रक्त मैंने भगवान अब मैं क्या करूँ
स्वयं का जब दोष हो तो फिर माफ मैं कैसे करूँ।।

शब्दों के इस खेल ने मुझे घाव ये कैसा दिया है
चीर कर मेरे हृदय को रक्त ये मेरा पिया है।।

रक्त से सींची जमीं पर सत्य हो विह्वल पड़ा है
जीत कर के युद्ध को पर मौन हो कर क्यूँ खड़ा है।।

विध्वंस की इस चीख को बोलो यहाँ कैसे सहूँ
जब गिरा अभिमन्यु मेरा कहो दर्द वो कैसे कहूँ।।

वज्र सा टूटा यहाँ तब रक्त जब जब भी गिरा है
मैं मरा हर बार जब भी वीर धरती पर गिरा है।।

सत्य की स्थापना का ये मोल महँगा क्यूँ हुआ
जग से मैं अब क्या कहूँ पितामह विफल कैसे हुआ।।

क्रमशः----

पितामह- भाग-6

है समर ये शेष तब तक साँसों में जब तक साँस है
क्या कहूँ कैसे कहूँ अब उत्तर ना मेरे पास है।।

सत्य है ये युद्ध में विध्वंस कितना हो चुका है
अब शोक मैं किसका करूँ व्यंग्य कितना हो चुका है।।

आज इस रणभूमि में सब लोग कितने जा चुके हैं
द्वेष, हाहाकार से, अभिमान से उकता चुके हैं।।

मन प्रमुख हो सोचता है स्वार्थ की बातें जहाँ पर
कौन फिर रोक पायेगा महाभारत वहाँ पर।।

एक पक्ष इस पार देखो दूसरा उस पार बोलो
इस हार में और जीत में मैं ही गिरा हर बोलो।।

अब आज इस विध्वंस के पश्चात भी कुछ शेष है
सत्य क्यूँ भटका यहाँ पर मन में यही बस क्लेश है।।

सोचता था के मैं चलूँगा वक्त पीछे छोड़कर
शेष है क्या पास मेरे पश्चाताप को छोड़कर।।

हाय, उस काल में यदि अन्याय को मैं रोक पाता
सत्य की स्थापना का ये मोल फिर ना मैं चुकाता।।


क्रमशः-----

पितामह- भाग-7
वज्र था टूटा वहाँ और भाग्य भी तब गिर पड़ा था
श्वेत धवल अंक में जब ज्ञान हो धूमिल पड़ा था।

आज सारा मौन सम्मुख प्रश्नवाचक बन खड़ा है
हाय, नियति का खेल कैसा सत्य धरा पर पड़ा है।

बाण की शैया मिली है शायद ये मेरा कर्म है
फिर सत्य की स्थापना हो अब बस ये मेरा धर्म है।

जाने में समय शेष है, हे मृत्यु थोड़ा और रुक
संस्कारों का समर है अभी वक्त थोड़ा और रुक।

कैसे चल दूँ छोड़ कर मैं बीच सत्य को राह में
सत्य की स्थापना हो बस जी रहा हूँ इस चाह में।

हाथ जोड़े मृत्यु भी तब मौन जड़वत हो गयी थी
सत के सम्मुख समय की धार मद्धिम हो गयी थी।

पूछता हिय आज खुद से हार ये किसकी हुई है
वक्त से क्या रार ठानी हार ये मेरी हुई है।

 ©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
         02अगस्त, 2021


सत्य की आह।

सत्य की आह।   

है पूछता ये दर्द मुझसे क्या यही संसार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

घाव पर है घाव मिलते जो चले सतमार्ग पर
शब्दों के क्यूँ वार सहते मौन इस संसार के
कैसी व्यथा और वेदना अंक में ये पल रही
है मिल रहा आघात क्यूँ कर रास्तों में प्यार के।।

फर्ज की ही गोद में सब मोक्ष पलते हैं सुना है
त्याग, तप, बलिदान से हि मोक्ष मिलते हैं सुना है
ज्ञान और संज्ञान के सिर क्यूँ हो रहा वार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

बींधने को हैं खड़े, भर शब्दों को तूणीर में
मोक्ष कैसा मिल रहा कहो दूसरों की पीर में
आज तानों से भरा अरु गूँज रहा संसार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

सत्य की राहों में खड़े जाने अवरोध कितने
लिए आत्मा भी सह रही जाने अब बोझ कितने
आत्मा के बोध को क्यूँ मिलता नहीं आकार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

तानों के विध्वंस से आकाश धूमिल हो रहा
झूठ का आतंक कैसे सत्य को यूँ दंश रहा
सत की राहों में हमेशा क्यूँ बिछा अंगार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

क्यूँ किसी का झूठ संबंधों पे भारी पड़ रहा
क्यूँ कोई कर्तव्य यहाँ अवसाद बनकर खल रहा
कर्तव्यों को धूमिल करे कैसा ये अधिकार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        25जुलाई, 2021


जीवन मृत्यू की बाजी।

जीवन-मृत्यू की बाजी।  

पग पग जीवन बीत रहा है
पल पल घट घट रीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।।

कंकण पत्थर के जंगल मे
मौन अकेला खड़ा हुआ हूँ
जाने कितने बोझ लिए मैं
बीच राह में पड़ा हुआ हूँ
आते जाते इन राहों में
पल पल जीवन बीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।।

वाणी में इक द्वंद छिड़ा है
कौन उठा है कौन गिरा है
बहती जीवन की धारा में
कभी उठा है कभी गिरा है
गिरते पड़ते इन राहों में
पग पग सपना बीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।। 

हिय में पोषित अभिलाषाएँ
अधरों पर गुंजित गाथाएँ
पलकों पर ले स्वप्न सुनहरे
चल रही यहाँ हैं आशाएँ
आशाओं के आसमान में
झर झर सपना रीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।।

है पुण्य समिध जीवन अपना
कर रहा हवन पूरा अपना
पुण्य समर्पित भाव लिए ये
बना हृदय भागीरथ अपना
सहज कहाँ गाथाएँ इतनी
अधरों पर ये गीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        24जुलाई, 2021
 
 

सुंदरता की चाह।

सुंदरता की चाह।  

प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो
शक्ति प्रभावी होती दिल में
अंगारों की दाह जहाँ हो।।

सूना आँगन खिल जाता है
प्रेम जहाँ सुरभित होता है
बिखरा जीवन खिल जाता है
भाव जहाँ पुलकित होता है
गीत गूँजता है उस दिल में
साजों का सम्मान जहाँ हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

है श्वेत धवल सा प्रसार ये
आशाओं का पुण्य हार ये
मृदुल कल्पना का सागर है
अरु भरोसे का विस्तार ये
पग पग पर अभिलाषाओं का
भावों का सम्मान जहाँ हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

बाधा सब निस्तारित होता
वैभव भी विस्तारित होता
भावों की सुंदरता खिलती
अंतरतम आह्लादित होता
अंतस पर सुविचारों का अरु
हिय पर मृद मधु प्रिय अथाह हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23जुलाई, 2021







अवसर।

अवसर।   

जला ताप में पल पल जिसने
जीवन को अंगार किया
सबको छाँव दिलाने खातिर
पग पग पर अविकार जिया।
जीवन पथ की बाधाएं भी
जिन्हें डिगा न पायी हैं
जिनके तप बल के प्रभाव से
उम्मीदें मुस्काई हैं।
अगणित दीप जलाकर जिसने
रोशन ये संसार किया
जाने कितने बोल सहे हैं
कभी नहीं प्रतिकार किया।
पल पल खुद तो गरल पिया है
औरों को मधु दान किया
निज कष्टों की परवाह नहीं
औरों को वरदान दिया।
चकाचौंध जिसको ना भाया
प्रतिपल कर्तव्य निभाया
काँटों की परवाह नहीं की
पथ पथ पर पुष्प बिछाया।
साँझ ढले जीवन बेला में
उनके काँटे मत बोना
लेना उनका आशीष सदा
पाया अवसर मत खोना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23जुलाई, 2021

आहों से सत्कार।

आहों से सत्कार।   

जब जब दिल आकाश छुआ है
आहत उतनी बार हुआ है
जब जब इसने हँसना चाहा
आहों से सत्कार हुआ है।।

नहीं करी थी आशा मैंने
कोई नहीं दिलासा चाही
अपनी उम्मीदों को थामे
सपनों की आजादी चाही
पर मेरे सपनों ने जब भी
पलकों का आकाश छुआ है
गिरी दामिनी आशाओं पर
आहों से सत्कार हुआ है।।

मेरे हँसने पर भी जाने
कितने चेहरे मुरझाये हैं
मेरे गाने से भी कितने
घाव उभर कर आये हैं
मेरे गीतों ने जब जब भी
महफ़िल को गुलजार किया है
गिरी दामिनी आशाओं पर
आहों से सत्कार हुआ है।।

रिश्तों ने परिभाषा बदली
आहों ने अभिलाषा बदली
ऊबा, दूर हुआ मैं जब भी
संवादों ने भाषा बदली
उनके शब्दों को लेकर ही
जब उनसा व्यवहार किया है
गिरी दामिनी आशाओं पर
आहों से सत्कार हुआ है।।

जाने कैसा जीवन पाया
अपने सुख को छलता आया
जब भी स्वप्न सुनहरे चाहा
पलकों में कुछ चुभता पाया
काँटों को जब दूर किया है
तानों ने हुंकार किया है
गिरी दामिनी आशाओं पर
आहों से सत्कार हुआ है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22जुलाई, 2021
       



क्या चल पाओगे।

क्या चल पाओगे।   

सीधे सीधे चलने वाले
नैतिक पथ पर पलने वाले
पग पग कितने शूल चुभेंगे
फिर बोलो क्या चल पाओगे।।

नहीं चाहते दया भाव तुम
बने बिगड़ते का प्रभाव तुम
कहीं वेदना कहीं शिकायत
कहीं अभावों का प्रवाह सुन
खुल कर दिल की कहने वाले
अपनेपन को गुहने वाले
हृद पर तेरे दंश चुभेंगे
फिर बोलो क्या सह पाओगे।।

पग पग बीत रहा है आदर
घट घट रीत रहा है सागर
त्याग समर्पण दया भाव की
जैसे फूट रही हो गागर
रीत रहे जीवन मूल्यों में
खुद को आज परखने वाले
तुम पर भी आरोप लगेंगे
फिर बोलो क्या सह पाओगे।।

सच का पंथ सुनहरा कब था
आज यहाँ जो हो जाएगा
खुद को यहाँ तपाया जो भी
सागर से मोती पायेगा
जग के तानों से घुट घुट कर
सच को यहाँ परखने वाले
जाने कितने प्रश्न उठेंगे
फिर बोलो क्या चल पाओगे।।

सीधे सीधे चलने वाले
नैतिक पथ पर पलने वाले
पग पग कितने शूल चुभेंगे
फिर बोलो क्या चल पाओगे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21जुलाई, 2021

शब्द।

शब्द।   

शब्द के आगोश में सब भावनाएँ पल रही
पँक्तियों में घुल यहाँ संवेदनाएं खिल रही 
मौन को भी शब्द मिलते प्रीत को आकाश तब
जब समय की ताल पर सब वर्जनाएं घुल रहीं।।

शब्द से ही प्रेम है अरु शब्द से व्यवहार है
शब्द से सम्मान सारे शब्द से सत्कार है
शब्द से ही नीतियाँ और शब्द से कुरीतियाँ
शब्द की आगोश में रिश्तों का संसार है।।

क्रोध की ज्वाला में जला स्वयं वो कुंठित हुआ
प्रेम से सत्कार से सम्मान से वंचित हुआ
नहीं मिलेगा रास्ता जब शब्द बिखरेंगे वहाँ 
प्रेम तब सम्मान पाता शब्द जब सिंचित हुआ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21जुलाई, 2021


लौट आओ ना।

लौट आओ ना।  

कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना

लिखे जो गीत सब तेरे
कहे जो छंद सब तेरे
घुले जो रंग जीवन मे
सभी वो रंग अब तेरे
लिखे इन गीत गजलों को
चलो फिर से सजाओ ना
कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना।।

तुम्हारे बिन जीवन की
सभी साँसें अधूरी हैं
मिरे ये दिन अधूरे हैं
सभी रातें अधूरी हैं
फिर पलकों में बस जाओ
चलो सपने सजाओ ना
कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना।।

कि ये आँखें तरसती हैं
सूनी राहें तकती हैं
गुजारे साथ जो लम्हें
नहीं यादें बिसरती हैं
मिलो इक बार तुम फिर से
चलो राहें सजाओ ना
कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना।।

कहीं ऐसा न हो जाये
ये बंधन टूट न जाये
कहीं अब राह तकने में
ये साँसें छूट न जाये
के साँसों की सरगम को
चलो तुम फिर सजाओ ना
कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20जुलाई, 2021


और नहीं बस इतना करना।

और नहीं बस इतना करना।

नहीं चाहता तुमसे अब कुछ 
और नहीं कुछ तुमसे कहना
मुझ सह चलने का वादा दो
और नहीं बस इतना करना।।

जो तुम मेरे साथ कहोगे
मेरे गीत निखर जायेंगे
अधरों से यदि दूर हुए तो
मेरे गीत बिखर जायेंगे
यदि चाहो मैं गीत सुनाऊँ
मेरे शब्दों में तुम बसना
मुझ सह चलने का वादा दो
और नहीं बस इतना करना।।

पथ पथ में अरु पग पग में
कैसे कैसे लोग मिलेंगे
लोगों की परवाह किसे जब
हम तुम दोनों साथ चलेंगे
जो तुम चाहो सफर सुहाना
मेरे संग संग तुम चलना
मुझ सह चलने का वादा दो
और नहीं बस इतना करना।।

यदि कहते हो गाता जाऊँ
मिटकर भी मैं गीत सुनाऊँ
जलूँ रात भर दीपक जैसा
जलकर सबको राह दिखाऊँ
मेरे मिटने तक तुम यूँ ही
मेरी बाँह पकड़ कर चलना
मुझ सह चलने का वादा दो
और नहीं बस इतना करना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        19जुलाई, 2021

सफर।

सफर।  

बुलंदियां छूने की चाहत में सफर करते रहे
क्या पता था इस राह में ख्वाब कितने मरते रहे।।
मंजिलों पर पहुँच कर पीछे मुड़ जब देखा सफर में
तब समझा क्या छोड़ आये अहसासों के शहर में।।
किसको सुनाऊँ मैं कहानी बात अब किससे करूँ
पत्थरों के लोग दिखते इन पत्थरों के नगर में।।
बिक रहे हैं ख्वाब कितने औ बिक रही हैं चाहतें
हैं सजी दुकान लाखों नीलामियों के इस भँवर में।।
है अजब मंजर यहाँ का औ है अजब दस्तूर भी
कहने को लोग लाखों डूबे पर अपनी खबर में।।
भीड़ की बेचैनियों में गुम न हो जाये कहीं सब
आ चलें मिल बैठ जायें फिर वहीं अपने शहर में।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       18जुलाई, 2021

अंधी दौड़।

अंधी दौड़।   

सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी
क्या असल में रास्तों में जो तलाशें वो पायेंगी।।

है बहुत मुश्किल जीना अपना उजाला छोड़कर
कैसे रह सकता कोई अपना शिवाला छोड़कर
भ्रम रहा दिवस भर तो सुकूँ रातें कहाँ तक पायेंगी
सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी।।

गाँव की पगडंडियाँ शहरों में कहीं गुम हो गयीं
रिश्तों की भी गर्मियाँ लम्हों में कहीं गुम हो गयीं
लम्हों की नादानियाँ अब क्या सुलझने पायेंगी
सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी।।

रात दिन तरसा है वो आया जो रिश्ता तोड़कर
चंद सिक्कों के लिए अपनों से भी मुँह मोड़कर
छोड़कर अपनों का दामन क्या बहारें आयेंगी
सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी।।

उमर के उस मोड़पर जब धुंध सी छाने लगेगी
साँसें भी संग छोड़कर साँझ सह जाने लगेगी
बाँह फैलाये वो मिट्टी तब पुनः याद आयेगी
सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       17जुलाई, 2021

श्वासों की एक डगर।

श्वासों की एक डगर।  

उर में कुंठित भावों को
बेहतर है कि कह देना
संचित कर उन भावों को
मुश्किल है यूँ रह लेना।
बिखरे तो जीवन बिखरा
भावों पर ना हो पहरा
श्वासों की भी एक डगर
कभी लेना कभी देना।।

दूर हो इक दूसरे से
छल रहे हम आज किसको
भावों में विध्वंस भर कर
तोड़ते हम आज किसको।
भाव का सम्मान भूले
संभव कहाँ तोड़ देना
श्वासों की भी एक डगर
कभी लेना कभी देना।।

तुम भी न कोसो मुझे अब
मैं भी ना कोसूँ तुम्हें
है हृदय में प्यार जो भी
चलो व्यक्त कर दें उन्हें।
अलगाव में संभव कहाँ
याद को फिर तोड़ देना
श्वासों की भी एक डगर
कभी लेना कभी देना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       16जुलाई, 2021


अंक में तनहाइयाँ।

अंक में तनहाइयाँ।  

साँझ का धुँधला अँधेरा
याद की परछाइयाँ थी
था गगन में शोर अतिशय
अंक में तनहाइयाँ थीं।।

था दिवस का अंत लेकिन
रात की शुरुआत थी वो
शून्य में अंकित वो क्षण
अरु मौन कितनी बात थी।
मौन के प्रहर में कितनी
व्यग्र वो अँगड़ाइयाँ थीं
था गगन में शोर अतिशय
अंक में तनहाइयाँ थीं।।

वेदना का तीक्ष्ण कण जब
बींधता हृद में चुभा था
मौन पीड़ा के स्वरों से
हाय मन गुंजित हुआ था।
मौन के उस वेदना में
कितनी रुसवाईयाँ थीं
था गगन में शोर अतिशय
अंक में तनहाइयाँ थीं।।

रात्रि के अंतिम प्रहर में
मोक्ष का अहसास देकर
मुक्त बंधन से हुए थे
प्रीत को विस्तार देकर।
विस्तार के उस पार भी
पीर की परछाइयाँ थीं
था गगन में शोर अतिशय
अंक में तनहाइयाँ थीं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15जुलाई, 2021




तरुणाई का गीत।

तरुणाई का गीत।   

दिल करता है आज लिखूँ
मैं गीत कोई तरुणाई का
मन उपवन की बात लिखूँ
अरु गीत लिखूँ अमराई का।।

पुनगी पुनगी पीत पुष्प है
अंतस का नवगीत पुष्प है
मधुवन मधुवन सुरभित यौवन
गूँज रहा संगीत पुष्प है।
फसलों पर बाली आयी है
मौसम है ये अँगड़ाई का
दिल करता है आज लिखूँ
मैं गीत कोई तरुणाई का।।

मधुमय अधर सरस मन भावन
अंग अंग मादक रस पावन
रोम रोम मृदु मधुरस बरसे
हर्षित पुलकित मधुरिम जीवन।
रोम रोम में प्रीत जगी है
अंग अंग ऋतु अमराई का
दिल करता है आज लिखूँ
मैं गीत कोई तरुणाई का।।

नवल पुष्प से सुरभित उपवन
नख से शिख तक मादक यौवन
अधर अधर रक्तिम पुष्पित है
उर्मिल मन अरु पावन चुंबन
बहके मन या महके तन का
पुष्पच्छादित अँगनाई का
दिल करता है आज लिखूँ
मैं गीत कोई तरुणाई का।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       15जुलाई, 2021

टूटा तारा।

टूटा तारा।  

दूर निशा के कोलाहल में
लुक छिप करती रेखाएँ
खींच रही आकाश पटल पर
जाने कैसी सीमाएँ।
दूर गगन से बिछड़ रहा है
शायद किस्मत का मारा
टूट रहा है इक तारा।।

मन के सूने मौन गगन में
जाने कैसी हलचल है
पलकों के लुकछिप क्रंदन में
मिटता जीवन पलपल है।
पलकों से जो बिछड़ चला है
शायद किस्मत का मारा
टूट रहा है इक तारा।।

गिरा गगन से लुप्त हुआ वो
गिर पलकों से सुप्त हुआ वो
जिन लम्हों ने ध्वंस रचा है
उन लम्हों से कौन बचा है
लम्हों में जो बिखर चला है
टूटा उसका जीवन सारा
टूट रहा है इक तारा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14जुलाई, 2021








चाहत।

चाहत।  

मेरी चाहतों ने
तुमको ही माँगा
चाहा है मैंने बस तुझे
तुझसे शुरू कर
तुझ तक ही जाऊँ
पाऊँ मैं बस इक तुझे।।

तेरी आशिकी में ही
जन्नत मिली है
तेरी बंदगी में ही
रहमत मिली है
जन्मों से चाहा मैंने जिसे
तुझमे मिला है वो मुझे।।

करता है दिल ये 
बनकर घटायें
तुझको भिंगाऊँ
बनकर हवायें चूमूँ तुझे मैं
रूठो कभी तो तुमको मनाऊँ
खुद में समा ले तू मुझे।।

मेरी चाहतों ने 
तुमको ही माँगा
चाहा है मैंने बस तुझे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14जुलाई, 2021

गीत मात्र शब्द नहीं है।

गीत मात्र शब्द नहीं है-

गीत मात्र कुछ शब्द नहीं हैं
ये भावों की आकुलता है
कवि के उर की पीड़ा है ये
अंतस की ये व्याकुलता है।।

भावों का संग्राम छिड़ा जब
उर में जब हलचल सी आयी
जब पीड़ा को शब्द मिले हैं
गीत उकर पृष्ठों पर छाई
पृष्ठों पर अंकित ये बिंदू
भावों की ये विह्वलता है
गीत मात्र कुछ शब्द नहीं हैं
ये भावों की आकुलता हैं।।

बनते और बिगड़ते पल में
मिलते और बिछड़ते पल में
भावों का यूँ सागर उमड़े
पलकों से जैसे अश्रु बिछड़े
पलकों से जो भाव गिरे हैं
अश्रू नहीं वो विह्वलता है
गीत मात्र कुछ शब्द नहीं है
ये भावों की आकुलता है।।

हृद का मृदु का स्पंदन है ये
शब्दों का अनुबंधन है ये
पंक्ति पंक्ति भावों की क्रीड़ा
पीड़ा का अभिनंदन है ये
हिय पर अंकित शब्द नहीं भर
पल पल संचित भावुकता है
गीत मात्र कुछ शब्द नहीं है
ये भावों की आकुलता है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       13जुलाई, 2021




नेह जताने आ जाओ।

नेह जताने आ जाओ।  

मैंने कुछ नवगीत लिखे हैं
तुम साज सजाने आ जाना
प्रीत के सुंदर पुष्प खिले हैं
तुम नेह जताने आ जाना।।

अब तक जो मैंने कहा नहीं
तुमने वो कैसे जान लिया
मेरे अंतस के भावों को
कैसे तुमने पहचान लिया
जान लिया जब मन को मेरे
अहसास दिलाने आ जाना
प्रीत के सुंदर पुष्प खिले हैं
तुम नेह जताने आ जाना।।

रिस रिस सावन बीत न जाये
संचित ये धन रीत न जाये
जनम जनम से गीत रचे जो
अधरों पर से गीत न जाये
गीत बिसरने से पहले तुम
अधरों पर गीत सजा जाना
प्रीत के सुंदर पुष्प खिले हैं
तुम नेह जताने आ जाना।।

खिला खिला मन का उपवन है
जीवन अपना मृद मधुवन है
सुभग सुगंधित भाव भरे हैं
पुष्पित सारा तन अरु मन है
भावों के खिलते मधुवन में
पिय तुम मधुमास जगा जाना
प्रीत के सुंदर पुष्प खिले हैं
तुम नेह जताने आ जाना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        13जुलाई, 2021


कोई कविता अकुलाई।

कोई कविता अकुलाई।  

मन के सूने आसमान पर
जब जब बदली सी छाई
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

सावन की ये तेज घटायें
भावों को अकुलाती हैं
मेघों की रिमझिम बारातें
मृदु मधु भाव जगाती हैं
मृदु भावों से अंतस भींगा
प्रीत ने बाँह जब फैलाई
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

विरह की मारी प्रियतमा जब
मन के भाव दबाती है
डूबी प्रियतम की यादों में
मन मसोस रह जाती है
तब अंतस के इक कोने में
आहों की आहट आयी
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

जब रिश्तों के बीच भँवर में
पथिक कभी फँस जाता है
जब उम्मीदों के दामन में
काँटा कुछ चुभ जाता है
जब मन भीतर दबी हुई सी
वो पीड़ा बाहर आई
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

जब सपने सारे सुप्त हुए
पलकों के अश्रु लुप्त हुए
जब घायल मन क्रंदन करता
जब अपना साथ नहीं रहता
तब पलकों के इक कोने में 
बूँद अश्रू की भर आयी
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        12जुलाई, 2021



पुण्य पथिक।

पुण्य पथिक।  

सागर के उस पार क्षितिज पर
दिखता उम्मीदों का घेरा है
माना रात अँधेरी गहरी
पर आगे नया सवेरा है
अँधियारों के डर से लेकिन
दीपक नहीं बुझा करते हैं
जो पंथी हैं पुण्य पथिक हैं
थक कर नहीं रुका करते हैं।।

कभी सुना क्या बाधाओं ने
उम्मीदों का पथ रोका है
कभी सुना क्या कुंठाओं ने
जीवन बढ़ने से रोका है
बढ़े चले जो जीवन पथ पर
कभी नहीं झुका  करते हैं
जो पंथी हैं पुण्य पथिक हैं
थक कर नहीं रुका करते हैं।।

घनी रात के अँधियारों में क्या
दीपक को बुझते देखा है
चाहे जितना घना कुहासा
क्या सूरज रुकते देखा है
सूरज के सह चलने वाले
बोलो कहाँ थका करते हैं
जो पंथी हैं पुण्य पथिक हैं
थक कर नहीं रुका करते हैं।।

रश्मि भोर की किरणें देखो
हौले से तन सहलाती हैं
उम्मीदों की किरण सुहाती
हौले से मन बहलाती हैं
उम्मीदों में पलने वाले
बरबस नहीं रुका करते हैं
जो पंथी हैं पुण्य पथिक हैं
थक कर नहीं रुका करते हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       12जुलाई, 2021



क्या पास हमारे आओगी।

क्या पास हमारे आओगी।  

हम दीवाने हैं बस्ती के तुम रूपनगर की परीजादी
हम वन वन भटके इक बंजारे तुम महलों की शहजादी
शब्द शब्द जीवन धारा है क्या पंक्ति पंक्ति तुम गाओगी
मैं बंजारा हूँ इस दिल का क्या पास हमारे आओगी।।

तुम प्रीत लुटाने वाली हो हम प्रीत निभाने वाले हैं
तुम चाहत की मधुर गीतिका हम उसे सुनाने वाले हैं
मेरे गीतों-साजों में क्या तुम संग संग घुल पाओगी
मैं बंजारा हूँ इस दिल का क्या पास हमारे आओगी।।

हम काँटों पर चलने वाले तुम फूलों पर चलने वाली
तापों में जलने वाले तुम मृदु भावों में पलने वाली
है पथ मेरा अंगारों का क्या इस पर तुम चल पाओगी
मैं बंजारा हूँ इस दिल का क्या पास हमारे आओगी।।

मेरे संग संग तुमको भी इस जीवन में पलना होगा
पथ फूल भरे हों अंगारे हों तुमको भी चलना होगा
महलों के उस जीवन को क्या छोड़ के संग रह पाओगी
मैं बंजारा हूँ इस दिल का क्या पास हमारे आओगी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        1जुलाई, 2021



जब चोट लगी सब अपने थे।

जब चोट लगी सब अपने थे।   

आज किसे हम व्यथा सुनाएँ
जब चोट लगी सब अपने थे
दिल को क्या मालूम यहाँ था
जो सच समझा वो सपने थे।।

पल पल जीवन बीत रहा था
पग पग लेकिन बढ़ते कैसे
साथ छोड़ कर बीच राह में
मंजिल मंजिल चढ़ते कैसे
पर दिल को आघात लगा तब
जब टूटे सारे सपने थे
आज किसे हम व्यथा सुनाएँ
जब चोट लगी सब अपने थे।।

रात रात भर जाग जाग कर
तारों का साथ निभाया था
जले दीप के संग संग हम
अँधियारी राह सजाया था
बाती के साथ जले जितने
वो सारे मेरे सपने थे
आज किसे हम व्यथा सुनाएँ
जब चोट लगी सब अपने थे।।

आज खड़ा हूँ दोराहे पर
किसे भूलूँ किसे याद करूँ
जिससे मुझको घाव मिले है
कैसे उनसे फरियाद करूँ
जिन शब्दों से हृदय बिंधा है
सब कहने वाले अपने थे
आज किसे हम व्यथा सुनाएँ
जब चोट लगी सब अपने थे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        11जुलाई, 2021

फिर बरसो सावन बनकर।

फिर बरसो सावन बनकर।   

गलियाँ गलियाँ बस्ती बस्ती
मेरी अँखियाँ तुझे निहारें
रुकूँ कहीं मैं चलूँ कहीं भी
हर पग हर पथ तुझे पुकारे
अब आ जाओ इस जीवन में
फिर बरसो तुम सावन बनकर

रूत आये आकर चले गये
पलकों के सपने छले गए
कब तक पंथ निहारूँ ऐसे
सदियाँ हैं गुजरी मिले हुए
आ जाओ दरस दिखा जाओ
फिर बरसो तुम सावन बनकर।।

रात रात भर नैना जागें
ड्योढ़ी तकतीं पंथ बुहारें
इक तेरे मिलने की चाहत
पल पल नैना पंथ निहारें
अश्रू सही पलकों में बसकर
फिर बरसो तुम सावन बनकर।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        10जुलाई, 2021


ठौर नहीं हम बंजारों का।

ठौर नहीं हम बंजारों का।  

हम उगते सूरज के साथी
कुछ काम नहीं अँधियारों का
दिल ने चाहा वहीं गुजारे
ठौर नहीं हम बंजारों का।।

कभी भीड़ के साथ चले हैं
कभी भीड़ में चले अकेले
कभी सफर की गुमनामी थी
कभी सफर में लाखों मेले।
मेले के अँधियारे भाये
काम कहाँ तब उजियारों का
दिल ने चाहा वहीं गुजारे
ठौर नहीं हम बंजारों का।।

जिसको चाहा दिल से चाहा
अरु वादों का सत्कार किया
जो तस्वीर छपी इस दिल में
हमने उसको आकार दिया
कौन है अपना कौन पराया
काम नहीं निज व्यवहारों का
दिल ने चाहा वहीं गुजारे
ठौर नहीं हम बंजारों का।।

आज यहाँ कल कहाँ ठिकाना
सूना पथ राही अनजाना
पथ की पीर नयन से बरसे
दिल ने समझा दिल ने जाना
पग पग पथ पथ डटे रहे हम
पुष्पित पथ या अंगारों का
दिल ने चाहा वहीं गुजारे
ठौर नहीं हम बंजारों का।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       10जुलाई, 2021

आस का आकाश।

आस का आकाश।  

चाहतों के व्योम में
आस के आकाश में
स्वप्न में अहसास में
मुक्त कुछ कुछ कह रही
राह अविरल चल रही।।

साँस की है गीतिका
प्यास की है भूमिका
मोक्ष के विश्वास में
गीत पल पल रच रही
राह अविरल चल रही।।

वेदना की है कथा
मौन भावों की व्यथा
शून्य में उपवास में
स्वयं से कुछ कह रही
राह अविरल चल रही।।

शब्द के उत्प्रास से
दर्द के अनुप्रास में
मुक्ति के आभास में
आह पग पग पल रही
राह अविरल चल रही।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08जुलाई, 2021




ऐ काश तुम्हें मिल जाये।

ऐ काश तुम्हें मिल जाये।  

तुम पर मेरी आहों का ऐ काश असर कुछ हो जाये
जो कुछ मैंने खोया है ऐ काश तुम्हें वो मिल जाये।।

तुमने तो कौतूहल वश बस मुझसे नेह लगाया था
जग को भरमाने की खातिर पल भर नेह लगाया था
खेल किये तुम जज्बातों से संवेगों का त्याग किया
अंधकार में मुझको रखकर भावों को भरमाया था
अतृप्त भावों को तेरे ऐ काश सहारा मिल जाये
जो कुछ मैंने खोया है ऐ काश तुम्हें वो मिल जाये।।

तुम चमक दामिनी बन मेरे इस जीवन में आये थे
मधुर सुहासिनी बन मिरे मन उपवन पर छाये थे
ले आये आकाश वहाँ पर जहाँ अँधेरा छाया था
निज पलकों के साये में कुछ सपने मैंने पाए थे
निज सपनों की चाहत को ऐ काश इशारा मिल जाये
जो कुछ मैंने खोया है ऐ काश तुम्हें वो मिल जाये।।

निज आकाशों की खातिर ही तुमने मेरा त्याग किया
कितनी ही आवाज लगाई पर तुमने ना ध्यान दिया
छोड़ चले जिसकी खातिर अरमान तुमारा हो जाये
सब कंटक दूर हटें पथ आसान तुमारा हो जाये
खिलें पुष्प निज उपवन में आशीष सभी का मिल जाये
जो कुछ मैंने खोया है ऐ काश तुम्हें वो मिल जाये।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07जुलाई, 2021

मेरे गीत तेरे मीत।

मेरे गीत तेरे मीत। 

मेरे गीतों को अपनी
आहों का मीत बना लेना
मेरे शब्दों से मिलकर
तुम अपना गीत सजा लेना।।

तेरी गीतों में हमने
फिर कोई अपना देखा है
तेरी आँखों में हमने 
चाहत का सपना देखा है
आँचल में सपने भरकर
चाहत को मीत बना लेना
मेरे शब्दों से मिलकर
तुम अपना गीत सजा लेना।।

चाहत की महफ़िल में
मैं आया हूँ बेगाना सा
साथ नहीं भाया मेरा
तो चल दूंगा दीवाना सा
मेरे जाने से पहले
तुम अपनी जीत सजा लेना
मेरे शब्दों से मिलकर
तुम अपना गीत सजा लेना।।

नहीं करूँगा शिकवा कोई
नहीं शिकायत तुमसे होगी
महफ़िल में मायूस न होना
नहीं अदावत तुमसे होगी
पोंछ के पलकों से अश्रू
मुख पर मुस्कान सजा लेना
मेरे शब्दों से मिलकर
तुम अपना गीत सजा लेना।।

 ✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06जुलाई, 2021

प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें एक दूजे को हम इतना अधिकार दें, के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें। एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं, ...