आशाओं के पुष्प।

आशाओं के पुष्प।  

आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता छल
कितने पाए कितने बाकी
नए शिखर तू चढ़ता चल।।

नहीं फिकर कर जीवन पथ की
कितने आये बीत गए
माना कुछ में हार मिली है
लेकिन कितने जीत गए।
हारे का अफसोस न कर तू
रीत नई तू गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

तू इस पथ का लेश मात्र है
खुद पर तू अभिमान न कर
कभी झुका जो जीवन पथ में
उसका तू अपमान न कर।
मान अभिमान से ऊपर कर
प्रतिमान नए गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

हार जीत अरु लोभ मोह सब
मिथ्या है आभासी है
जीवन पथ में वही खिला जो
अंतस से सन्यासी है।
किंतु परंतु से ऊपर उठ कर
नए पंथ तू गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30जुलाई, 2021


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

लेखक परिचय

लेखक परिचय अजय कुमार पाण्डेय 30 जुलाई 1974 को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद में जन्मे अजय कुमार पाण्डेय वर्तमान में हैदराबाद (तेलंगाना) में...