हृदय की प्यास।

हृदय की प्यास।  

मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी
कहने को पल पल साथ रहा पर
आस मिलन की मिट ना पायी।।

हम दोनों के बीच न जाने
कैसी ये मजबूरी है
पास पास रहकर भी देखो
जाने कैसी दूरी है।
अहसासों के साथ जिये पर
अहसास कभी कह ना पाए
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

चले दूर तक जीवन पथ में
इक दूजे का साथ रहा 
छाँव मिली या धूप मिली हो
पल पल अपना साथ रहा।
साथ रहे हम इक दूजे के
मन की लेकिन कह ना पाये
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

लम्हों ने जो रची कहानी
सदियाँ उसको दुहराएँगी
हमने जैसी रीत निभायी
रीत वही गायी जायेंगी।
पल पल हमने पंथ बुहारे
लेकिन खुद ही चल ना पाये
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06अगस्त, 2021

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ग़ज़ल - आँखें भींग जाती हैं

ग़ज़ल - आँखें भींग जाती हैं  तुझे यादों में मिलता हूँ तो आँखें भीग जाती हैं तुझे मैं ख़त में लिखता हूँ तो आँखें भीग जाती हैं ​ तेरा चेहरा ही ब...