सुंदरता की चाह।

सुंदरता की चाह।  

प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो
शक्ति प्रभावी होती दिल में
अंगारों की दाह जहाँ हो।।

सूना आँगन खिल जाता है
प्रेम जहाँ सुरभित होता है
बिखरा जीवन खिल जाता है
भाव जहाँ पुलकित होता है
गीत गूँजता है उस दिल में
साजों का सम्मान जहाँ हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

है श्वेत धवल सा प्रसार ये
आशाओं का पुण्य हार ये
मृदुल कल्पना का सागर है
अरु भरोसे का विस्तार ये
पग पग पर अभिलाषाओं का
भावों का सम्मान जहाँ हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

बाधा सब निस्तारित होता
वैभव भी विस्तारित होता
भावों की सुंदरता खिलती
अंतरतम आह्लादित होता
अंतस पर सुविचारों का अरु
हिय पर मृद मधु प्रिय अथाह हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23जुलाई, 2021







कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

लेखक परिचय

लेखक परिचय अजय कुमार पाण्डेय 30 जुलाई 1974 को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद में जन्मे अजय कुमार पाण्डेय वर्तमान में हैदराबाद (तेलंगाना) में...