गणपति जी पर दोहे।

गणपति जी पर दोहे।  

कलुष निकंदन पूज्य प्रभु, तुम हो देव महान
संकट सारे दूर हों, दो ऐसा वरदान।।

रिद्धि सिद्धि के देवता, पूर्ण करो सब काज
मंगलकारी देवता, रखो हमारी लाज।।

जग की सब बाधा हरो, गौरी तनय गणेश
जीवन हो सुखमय सभी, रहे न कहीं कलेश।।

ऐसा दो आशीष प्रभु, रहे न मन में दोष
सबके कारज पूर्ण हों, मन में हो संतोष।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        31अगस्त, 2022

तुम बन जाओ छंद गीत का जिसको मिलकर गायें हम।।

तुम बन जाओ छंद गीत का जिसको मिलकर गायें हम।।

हँसकर अपनी आहों को आ गीतों में यूँ ढालें हम
तुम बन जाओ छंद गीत का जिसको मिलकर गायें हम।।

मैं तेरी पीड़ाएँ चुन लूँ तुम भी मेरी पीर चुनो
मैं तेरी आहों को सुन लूँ तुम भी मेरी आह सुनो
इक दूजे के सपनों में हम निज सपनों को ढूँढें
मैं राहों के कंटक बिन लूँ तुम भी मेरी राह बुनो।।

तुम औ मैं के मौन सफर में मिलें एक हो जायें हम
तुम बन जाओ छंद गीत का जिसको मिलकर गायें हम।।

तुम मेरे सपनों को जी लो मैं भी तेरे स्वप्न जियूँ
तुम मेरे घावों को सी दो मैं भी तेरे घाव सियूँ
इक दूजे की आहों में बस इक दूजे को अपनाएं
तुम मेरे आँसू पी जाओ मैं भी तेरे अश्रु पियूँ।।

अधरों पर ऐसे बस जायें बनें गीत की हम सरगम
तुम बन जाओ छंद गीत का जिसको मिलकर गायें हम।।

आ नींद ओढ़ लो तुम मेरे, तेरे सपनों में आऊँ
तुमने जो भी गीत लिखे हैं जीवन भर उसको गाऊँ
होंगे अपने दिवस सुनहरे रातें अपनी बनें दिवाली
दूर क्षितिज तक आशाओं का आँचल कभी न ही खाली।।

ताप धूप की सर्द रात का मिलकर सितम सहेंगे हम
तुम बन जाओ छंद गीत का जिसको मिलकर गायें हम।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        31अगस्त, 2022

अब वो बात नहीं होती।

अब वो बात नहीं होती।  

जाने क्या बात है के बात नहीं होती है
नम तो होती हैं मगर आँख नहीं रोती है।।

हिचकियाँ आती रही रात भर जाने यूँ ही
होंठों ने चाहा मगर नाम नहीं लेती हैं।।

सुबह से नजरें लगा रखी हैं दरवाजे पे
जाने क्या बात है जो साँझ नहीं होती है।।

निकलता है सूरज भी चंदा भी रोज मगर
पर वो पहली सी सुबह, रात नहीं होती है।।

उन सपनों को छिपा रखे हैं पलकों में कहीं
रात तो होती है पर आँख नहीं सोती है।।

तेरी यादों को कांधों पे लिए चलते हैं
सीधे चलते हैं अब अगलात नहीं होती है।।

ये आँसू भी अब बादल बन गये हैं सारे
नम करते हैं मगर बरसात नहीं होती है।।

लिखने को लिखते हैं बहुत 'देव" मगर फिर भी
गीत गजलों में अब वो बात नहीं होती है।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28अगस्त, 2022



तेरे खत को जब पढ़ते हैं।।

तेरे खत को जब पढ़ते हैं।।

मन के भीतर कितनी यादें
हैं शोर कहीं पर, सन्नाटे
यादों के कुछ उजले पन्ने
स्याह अँधेरी कुछ थी रातें
मन में कितने पल पलते हैं
तेरे खत को जग पढ़ते हैं।।

दूर क्षितिज तक आना जाना
सपनों का ले ताना बाना
पदचिन्हों की कई निशानी
कुछ अनजानी कुछ पहचानी
कितना कुछ मन में गढ़ते है 
तेरे खत को जब पढ़ते हैं।।

नयनों में गीतों का दर्पण
कुछ पाया कुछ किया समर्पण
कुछ ने अंतस को बहलाया
मन के घावों को सहलाया
कुछ में कितना कुछ कहते हैं
तेरे खत को जब पढ़ते हैं।।

बरगद की वो छाँव पुरानी
पुरवा वाली रात सुहानी
पावस की वो शीतल रातें
नयनों से नयनों की बातें
तारों से बातें करते हैं
तेरे खत को जब पढ़ते हैं।।

उम्र से लंबी होती रातें
रातों से भी लंबी बातें
वीथी पे फिर नई कहानी
भाव मनहरे पंक्ति पुरानी
पलकों को फिर नम करते हैं
तेरे खत को जब पढ़ते हैं।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        26अगस्त, 2022

पलकों में आँसू बोया था।

पलकों में आँसू बोया था।

तब मन मेरा था अकुलाया
जब मुझको संदेशा आया
खुद को मोड़ लिया तब मैंने
तुमसे जोड़ लिया तब मैंने
जागा था तब भाव समंदर
मेरे भी अंतस के अंदर
लगा समय खुद से मिलने का
मुरझाकर फिर से खिलने का
तुमको पाकर भी खोया था
पलकों में आँसू बोया था।।

मन में कितनी बातें आईं
यादों की सौगातें लाईं
कुछ ने हृदय को किया अधीर
कुछ पुनः जगाई मन की पीर
कुछ ने भावों को सहलाया
कुछ ने पलकों को बहलाया
कुछ ने मन को दिया सहारा
कुछ ने मन से किया किनारा
कुछ पाकर मन कुछ खोया था
पलकों में आँसू बोया था।।

सांध्य किरण द्वारे जब आयी
भावों ने तब ली अँगड़ाई
पंछी ने था गीत सुनाया
पलकों ने भी था कुछ गाया
अधरों ने तब कही कहानी
नयनों से जब बरसा पानी
तब आहों ने भाव सँभाला
गीतों में सब कुछ कह डाला
खुलकर उस दिन तब रोया था
पलकों में आँसू बोया था।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        24अगस्त, 2022



तुम्हें मुबारक हार पुष्प के मुझको अश्रु धार मुबारक।।

तुम्हें मुबारक हार पुष्प के मुझको अश्रु धार मुबारक


माना तेज बहुत है धारा लेकिन फिर भी चल सकता हूँ
होंगे साथ तुम्हारे लाखों किंतु अकेला चल सकता हूँ
तुमसे दूर रहा हूँ अब तक क्या बतलाऊँ क्या मजबूरी
बिन तेरे इस जीवन में मैं भी हँसकर पल सकता हूँ
विरह-मिलन के मौन पलों में पाया जो व्यवहार मुबारक
तुम्हें मुबारक हार पुष्प के मुझको अश्रु धार मुबारक।।

तुमने जाने जीवन पथ पर मेरे सपने क्यूँ ठुकराए
तुमको भान नहीं था लेकिन मेरे पग को डिगा न पाये
होंगे तुमने लिखे बहुत से निज जीवन की मधुर कहानी
लेकिन अब भी गूंज रहे हैं गीतों में मेरी गाथाएँ
जिन अधरों ने गीत भुलाये उनका भी आभार मुबारक
तुम्हें मुबारक हार पुष्प के मुझको अश्रु धार मुबारक।।

अपने भावों को गीतों में रच कर हमने महल बनाया
साँसों की सरगम डाली जब तब जाकर जीवन को पाया
अपने गीतों से जगती के मन को नित बहलाने वाले
दुनिया ने कुछ भी गाया पर ढाई आखर गाने वाले
मेरे गीतों ने तुमसे जो पाया वो आभार मुबारक
तुम्हें मुबारक हार पुष्प के मुझको अश्रु धार मुबारक।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23अगस्त, 2022

चल बटोही चल चलें आ इस भँवर को पार कर।।

चल बटोही चल चलें आ इस भँवर को पार कर।।

चाँदनी पथ है सँवारे भोर देखो द्वार पर
चल बटोही चल चलें आ इस भँवर को पार कर।।

है लहर में शोर माना और तूफ़ाँ तेज है
जिंदगी यदि फूल है तो काँटों की भी सेज है
सबके अपने भाव हैं सबकी अपनी कहानी
छप गये राह पर पदचिन्ह कितने बन निशानी।।

इस राह के प्रभाव को हँस के तू स्वीकार कर
चल बटोही चल चलें आ इस भँवर को पार कर।।

ध्यान से सुन तो तनिक राह क्या कुछ बोलती हैं
राह के संघर्ष के भेद सारे खोलती है
अनगिनत राही गये हैं एक बस तू ही नहीं
गूँजते हैं गीत जिनके राह में सुन तो यहीं।।

रच यहाँ नव गीत तू भी  स्वप्न को साकार कर
चल बटोही चल चलें आ इस भँवर को पार कर।।

मंजिलों ने कब यहाँ मोह राहों से जताया
स्वयं राहें जब चलीं मंजिलों को पास पाया
है यहाँ किसको पता राह में क्या-क्या मिलेंगे
वन मिलेंगे पुष्प या कंटकों के शर मिलेंगे।।

पुष्प या शर कंटकों के मौन सब स्वीकार कर
चल बटोही चल चलें आ इस भँवर को पार कर।।

क्या भला है क्या बुरा व्यर्थ है अब बात करना
रास्ते में चल पड़े मुश्किलों से क्या फिर डरना
है सफल पंथी वही जिसने पथ का मान किया
जीत पाया वो जगत जो चित्त का अवधान किया।।

कंटकों से सीख ले इस सत्य को स्वीकार कर
चल बटोही चल चलें आ इस भँवर को पार कर।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       21अगस्त, 2022

फिर आज सहलाने चली हैं।

फिर आज सहलाने चली हैं।   

आह के किंचित पलों में गीत की कुछ पंक्तियाँ
दर्द के प्रभाव को फिर आज सहलाने चली हैं।।

पाप हो के पुण्य हो जो भी किया सबने किया
जो है गरल पिया कभी तो स्वयं अमृत भी पिया
क्यूँ यहाँ अफसोस करना राह की उलझनों से
लौट आते निज स्वरों के साथ जब जीवन जिया।।

प्रतिनाद के निस पलों में आह की कुछ सिसकियाँ
दर्द के प्रभाव को फिर आज सहलाने चली हैं।।

भाव हैं क्या खास पल में सब समझना चाहते 
खास की क्या खासियत है सब समझना चाहते
कौन है संपूर्ण औ कौन है आधे हृदय से
कौन के उस प्रश्न से क्यूँ सब उलझना चाहते।।

प्रश्न के आकाश पर कुछ उत्तरों की तितलियाँ
दर्द के प्रभाव को फिर आज सहलाने चली हैं।।

छप गये कुछ शब्द क्यूँ इस हृदय के श्याम पट पर
लौट आती हैं लहर सब झूमती देख तट पर
चल पड़ो संघर्ष में फिर झूमते गीत गाते
आह को स्वीकार कर लो राह में मुस्कुराते।।

साँस के अनुरोध पर फिर मौन पल में सिसकियाँ
दर्द के प्रभाव को फिर आज सहलाने चली हैं।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       18अगस्त, 2022

आओ जग के अँधियारे में हम इक दीपक रोज जलाएं।।

आओ जग के अँधियारे में हम इक दीपक रोज जलाएं।।

माना पथ में रात अँधेरी नित जोह रही हो सूरज को
अनुमानों में घिरी प्रतिज्ञा कहीं खो न दे अब धीरज को
माना कि चंहुओर तिमिर है आ करें प्रकाशित अंतःपुर
आ भरें शून्य में अपनापन के हो उल्लासित अपना उर।।

दीप जलायें ज्ञान ज्योति का अंतस का तम दूर भगायें
आओ जग के अँधियारे में हम इक दीपक रोज जलाएं।।

लोभ-मोह माया का जीवन सब जगती का है सम्मोहन
निज आहों में, मधुमाया में उलझा रहता क्यूँ अपना मन
भावों में शीतलता भर लें आ मृदु गीतों से मन उपवन
पंथ पथिक का तब सम्मानित मन में जब जागे नव चेतन।।

क्षण भर का उल्लास यहाँ मन के सब अवसाद भगायें
आओ जग के अँधियारे में हम इक दीपक रोज जलाएं।।

मौन सफर हो अंधकार में मत पूछो के कैसी छाया
कुटिल नियति जब हावी हो तो क्या मतलब किसने क्या पाया
जगती के सब अनुमानों में कहीं सुहाना मौसम होगा
कहीं मिलेगी परछाईं जो दूर क्षितिज अनुबंधन होगा।।

मिलता जो कुछ मनोयोग से उससे ही जीवन महकाएँ
आओ जग के अँधियारे में हम इक दीपक रोज जलाएं।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17अगस्त, 2022

साँसों ने जो गीत लिखे वो शब्द-शब्द सारे चंदन।।

साँसों ने जो गीत लिखे वो शब्द-शब्द सारे चंदन।।

अधरों पर जो शब्द रुके पलकों ने उनको बोल दिया
पाकर सांसों का स्पंदन ऋतुओं ने मधुघट खोल दिया
पा छंदों का आलिंगन नवगीत मधुर फिर नाच उठे
भँवरों का मृदु गुंजन सुन कलियों ने घूंघट खोल दिया।।

पलकों पर जो भाव सजे वो भाव-भाव सब अभिवंदन
साँसों ने जो गीत लिखे वो शब्द-शब्द सारे चंदन।।

रूप सजा कर पुष्पों ने मन का उपवन महकाया है
दीप जला कर यादों के एकाकी दूर भगाया है
चाँद-सितारों ने नभ से भेजी हैं कुछ नेह रश्मियाँ
जिनका अभिवादन करने ऋतुराज धरा पर आया है।।

पुष्पों से जो पंथ सजे उन पंथ-पंथ का अभिनंदन
साँसों ने जो गीत लिखे वो शब्द-शब्द सारे चंदन।।

अवनी के कानों में कुछ अंबर ने हँसकर बोला है
अवनी ने शरमाकर के फिर घूँघट का पट खोला है
मिले गीत से गीत यहाँ अधरों ने सबकुछ बोल दिया
ऐसा पावन मिलन देख मरुथल का भी मन डोल गया।।

मौन प्रेम के पावन पल के सब भाव-भाव का अभिनंदन
साँसों ने जो गीत लिखे वो शब्द-शब्द सारे चंदन।।

द्वार हृदय के खुले सभी आलिंगन ने यूँ मोह लिया
सदियों ने जो बात छुपाई लम्हों ने सब बोल दिया
अधरों की पाँखुरियों पर नवगीत मनहरे नाच उठे
शरमाई कलियों ने अपने सारे बंधन खोल दिया।।

छलका मधुघट अधरों पर है रोम-रोम सब अनुरंजन
साँसों ने जो गीत लिखे वो शब्द-शब्द सारे चंदन।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16अगस्त, 2022

जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

उसपार हिमालय की घाटी के फिर शत्रु ने ललकारा है
जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

केसर का दम भरती क्यारी
औ पग-पग सुंदर फुलवारी
सींचा जिसको युगों-युगों से
है घायल वो धरा हमारी
शत्रु के नापाक इरादों ने फिर से हमको ललकारा है
जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

राम, कृष्ण, गौतम की धरती
गीता, वेद, पुराण, उपनिषद
अस्त्र-शस्त्र औ शास्त्र की शिक्षा
का अपना संसार है वृहद
ऐसी शिक्षाओं के प्रण को दूर कोई ललकारा है
जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

जाति धरम का बंधन तोड़ो
भारत को भारत से जोड़ो
गूंजे धरती और गगन ये
मन के सारे आलस छोड़ो
करो दमन सब मंसूबों को दुश्मन ने घात लगाया है
जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

गंगा की लहरें हैं गाती
यमुना जीवन राग सुनाती
सुबह सवेरे दिनकर जिसके
चौखट वंदनवार सजाती
देवों की इस मातृभूमि को अरि ने फिर ललकारा है
जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

दुश्मन बाहर दुश्मन भीतर
इक-इक से हमको लड़ना है
भाषा-भाषी क्षेत्रवाद से
ऊपर हम सबको उठना है
उठ जाओ के भीतर कितने साँपों ने फन फुँफकारा है
जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

लक्ष्मीबाई तात्या टोपे
वीर शिवाजी, मंगल पांडे
भगत, राजगुरु, सुखदेव, तिलक
गाँधी ने इसे सँवारा है
वीर शहीदों के बलिदानों से गूंज रहा नभ सारा है
जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

ये इतना आसान नहीं है
के अरि इसको छू भी पाये
गलत दृष्टि जो भी डालेगा
मुश्किल है वो फिर जी पाये
भारत के कण-कण में सुन लो, बसता मन प्राण हमारा है
जागो भारत पुत्रों जागो फिर माँ ने तुम्हें पुकारा है।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14अगस्त, 2022

जो अश्रु सहारा न होता तो निज मन बात कहाँ कह पाता।।

जो अश्रु सहारा न होता तो निज मन बात कहाँ कह पाता।।

नहीं रोशनी मिलती जग को
अँधियारे में जीवन रहता
बात अधर तक पहुँच न पाती
मौन भला फिर कैसे कहता
पीड़ा जब मन को दहलाती तब दर्द हृदय कहाँ सह पाता
जो अश्रु सहारा न होता तो निज मन बात कहाँ कह पाता।।

स्वप्न सजाता पल-पल जीवन
चलता रहता नहीं ठहरता
कब ठहरा है किसी ठौर पर
कैसे कह दूँ नहीं अखरता
ठहरे जीवन की पीड़ा का फिर मर्म हृदय कहाँ सह पाता
जो अश्रु सहारा न होता तो निज मन बात कहाँ कह पाता।।

अंतर्मन की कितनी बातों
से है जीवन अनजाना सा
सारे यहाँ मुसाफिर हैं जब
फिर क्यूँ जग है मनमाना सा
मनमाने जग की पीड़ा का कितना भार नयन सह पाता
जो अश्रु सहारा न होता तो निज मन बात कहाँ कह पाता।।

जीवन के इस रंगमंच की
साँसें ठहरी कठपुतली हैं
कहीं मुखौटे रंग बिरंगे
कहीं काले कहीं उजली हैं
जो ये भान नहीं होता तो चेहरा क्या यहाँ पढ़ पाता
जो अश्रु सहारा न होता तो निज मन बात कहाँ कह पाता।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       12अगस्त, 2022

अंतस की व्यथा।

अंतस की व्यथा।  

सरयू की पावन रेती पर सूर्य पल-पल ढल रहा
है मौन अंतस में सँभाले मन अकेला चल रहा
मन जीत कर हारा जगत से अंक का भाव रीता
निःशब्द अवनी निःशब्द अंबर क्या कहे कौन जीता।।

अब क्या करूँ इस जिंदगी का साथ तेरा जब रहा न
दो कदम भी चल सका न मन साथ तेरे रह सका न
किसलिये ये तन रहे औ क्यूँ रहे मन प्राण इसमें
नयन छलकी प्रार्थना के भावों को मन सुन सका न।।

अंक के सब भाव बिखरे प्रीत का आधार रीता
निःशब्द अवनी निःशब्द अंबर क्या कहे कौन जीता।।

क्या करूँ वैभव लिए मैं क्या करूँ संसार सारा
भावनाओं की डगर में मन मिरा हर बार हारा
अश्रु पलकों में जो आये रुक गए सब द्वार आकर
सुन सके ना याचना को नैन ने कितना पुकारा।।

नैन से यूँ धार बरसी बादलों का कुंभ रीता
निःशब्द अवनी निःशब्द अंबर क्या कहे कौन जीता।।

हो गए कुंठित प्रणयबंध अवगुंठन कैसे खोलूँ
मौन अधरों पर ठहरे बंधनों को कैसे बोलूँ
कैसे दिखलाऊँ तुम्हें जो घाव दिल पर हैं लगे
मौन बिखरे उन पलों के ठौर कैसे आज जोड़ूँ।।

कैसे बतलाऊँ तुम बिन दर्द का सागर हूँ पीता
निःशब्द अवनी निःशब्द अंबर क्या कहे कौन जीता।।

जला ताप से जग देखा शीतलता से कौन जला
पानी भीतर अंगारों पर कभी सुना कौन चला
तिल-तिल कर बीत रहे हैं मेरे अब तो मौन प्रहर
जिसने मेरा सबकुछ छीना जाने थी वो कौन लहर। 

किसे बताऊँ कैसे मेरे मन का मधुघट रीता
निःशब्द अवनी निःशब्द अंबर क्या कहे कौन जीता।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       12अगस्त, 2022

फिर क्यूँ ना हो स्वीकार मुझे।।

फिर क्यूँ ना हो स्वीकार मुझे।।

कुछ सपने पलकों पर ठहरे
क्या-क्या भाव रचाते हैं
सतरंगी बादल से मिलते
पल-पल स्वप्न सजाते हैं।।

इन सपनों में ही दिखता है
जीवन का आधार मुझे
फिर क्यूँ ना हो स्वीकार मुझे।।

पल-पल रंग बदलता जीवन
आहों में खिलता उपवन
आती जाती इन लहरों से
भींग उठा सारा तन मन।।

जब लहरों की चंचलता में
दिखी नयन की धार मुझे
फिर क्यूँ ना हो स्वीकार मुझे।।

अंतस में लिए अंतर्द्वंद्व
बाँट रहे नयन मकरंद
निज सपनों का मोह त्याग कर
बाँधा सबसे मृदु निबंध।।

मृदु बंधन की शीतलता में
दिखा मृदुल श्रृंगार मुझे
फिर क्यूँ ना हो स्वीकार मुझे।।

नवगीत सजा कर अधरों पर
हरण किया जगत की पीर
मुक्त कंठ हो गाया तुमने
रोक न पाया जग अधीर।।

तेरे हर भावों में प्रतिपल
दिखती है मनुहार मुझे
फिर क्यूँ ना हो स्वीकार मुझे।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       11अगस्त, 2022



भोर सुंदर मुस्कुराये।

भोर सुंदर मुस्कुराये।  

शब्द को पहचान मिलती भावना को अर्थ बोलो
चाहतों को राह मिलती कामना को अर्थ बोलो
आ मिलो इक बार देखो है राह क्यूँ सूनी पड़ी
जो छुपे हैं भाव दिल में आज उनका अर्थ बोलो।।

है रोशनी वो ही भली दूर तक रोशन करे जो
चाहतें वो ही भली हैं अंक को उपवन करे जो
औ कब मिली है दूर रहकर प्रीत को मंजिल यहाँ
प्रीत है वो ही भली मन भाव को मधुवन करे जो।।

है अँधेरों की धमक या के उजाले मंद बोलो
रोकते हैं जो राह को कौन सा प्रतिबंध बोलो
ये है समय की मांग या फिर स्वार्थ की सबको पड़ी
हैं बदलते आज पल पल क्यूँ यहॉं कटिबंध बोलो।।

है नहीं इतनी अँधेरी रात तारे डूब जायें
है नहीं इतनी घनेरी रात के पथ लड़खड़ायें
तुम ही कहो के भोर का पथ रुक सका है कब यहाँ
रात के उस पार देखो भोर सुंदर मुस्कुराये।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
        10अगस्त, 2022

पलकों से जो बरसे गीत कहलाये।।

पलकों से जो बरसे गीत कहलाये।।

भाव पलकों में जो आये शब्द अकुलाए
और पलकों से जो बरसे गीत कहलाये।।

शब्द की ओढ़नी में छंद का श्रृंगार कर 
जो ले गयी सभी मेरे हृदय के भाव हर 
वो भाव निज हृदय की पंक्तियों में समाये
और पलकों से जो बरसे गीत कहलाये।।

लिखी बात मन की शब्द का लेकर सहारा
आस का आकाश पृष्ठ पर हमने उतारा
चित्र गढ़े तूलिका ने वो मन को बहलाये
और पलकों से जो बरसे गीत कहलाये।।

क्या करूँ अर्पित कहो अब तुम्हें मैं निशानी
जो बताये तुमको दर्द की सारी कहानी
आहें वो मेरे हृदय की मेघ बन छाये
और पलकों से जो बरसे गीत कहलाये।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        10अगस्त, 2022



कहीं तो रास्ता होगा।

गजल-कहीं तो रास्ता होगा।  

बंद से लगती इन गलियों में कहीं तो रास्ता होगा
कहीं तो होगा कोई ऐसा कि जिससे वास्ता होगा।।

आवाजें दूर से टकराकर फिर से लौट आती हैं
कहीं कुछ तो है यहाँ ऐसा के जिससे राब्ता होगा।।

सुना सच बोलने से दुश्मनी बढ़ जाती है शहर में
कोई तो है यहाँ ऐसा जो सच को भाँपता होगा।।

खड़ी न कर दीवारें दरमियाँ अपनी औ जमाने के
के अँधेरा है बहुत गहरा कोई तो रास्ता होगा।।

सिखाया है यही हमको यहाँ जमाने की अदावत ने
चलो जिस राह पर खुलकर देव वही तो रास्ता होगा।।

इस शहर में हर किसी ने अपनी महफ़िल सजा रखी है
लगता है तन्हाइयों से सभी का कुछ वास्ता होगा।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08अगस्त, 2022

आओ फिर से गीत सजा लें अपने अधरों पर मिलकर।।

आओ फिर से गीत सजा लें अपने अधरों पर मिलकर।।


दुनिया के इस छोर से हमने
दुनिया के उस छोर को देखा
कितनी ही सूनी आँखों में
देखी है बेबस सी रेखा
कहीं बेबसी के मेले में खो मत जाना यूँ घिरकर
आओ फिर से गीत सजा लें अपने अधरों पर मिलकर।।

जाना जिनको चले गये हैं
जो तेरे, संग रह गये हैं
मिलना जुलना खेल जगत का
साथ चले, कुछ छूट गये हैं
छोड़ चले जो बीच सफर में व्यर्थ बहाना आँसू उनपर
आओ फिर से गीत सजा लें अपने अधरों पर मिलकर।।

बात बदल जाती है अकसर
उन पर यदि संज्ञान नहीं लो
ऐसी कोई गली बता दो
राह कभी सुनसान नहीं हो
कभी अकेले हुए यहाँ तो स्वयं परखना खुद को खुलकर
आओ फिर से गीत सजा लें अपने अधरों पर मिलकर।।

साथ चले तो बात बनेगी
दूर रहे तो रार ठनेगी
बहती आँधी से क्या डरना
कहाँ रुकी जो यहाँ रुकेगी
आँधी औ तूफानों में अब कश्ती पार करायें चलकर
आओ फिर से गीत सजा लें अपने अधरों पर मिलकर।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06अगस्त, 2022

बहुत लिखे हैं मधुमासों के गीत मगर अब और नहीं।।

बहुत लिखे हैं मधुमासों के गीत मगर अब और नहीं।।

अपने मन की मधुशाला में
लिए खड़ा मैं मौन पियाला
कुछ छलकाये यादों पर अरु
कुछ को पृष्ठों पर लिख डाला
कुछ अधरों को आये छूकर
कुछ आँसू का बने निवाला
हाँ, बहुत गिरे हैं आँसू बनकर गीत मगर अब और नहीं
हाँ, बहुत लिखे हैं मधुमासों के गीत मगर अब और नहीं।।

गुपचुप गुमसुम प्यारी बातें
वो बीते दिन अरु बीती रातें
मिलना जुलना साथ निभाना
सबकुछ खोकर सबकुछ पाना
मिला यहाँ उन्माद नहीं है
अरु खोने का अवसाद नहीं
है खोकर पाया बहुत यहाँ पर जीत मगर अब और नहीं
हाँ, बहुत लिखे है मधुमासों के गीत मगर अब और नहीं।।

माना के इस गुंजित नभ में
मेरे हैं कुछ गीत अधूरे
माना मन की कुंज गली में
जो चाहे वो पुष्प न फूले
कुछ वंचित गीतों के कारण
पंथी अपना पथ क्यूँ भूले
हाँ, माना मन में रही अधूरी रीत मगर अब और नहीं
हाँ, बहुत लिखे हैं मधुमासों के गीत मगर अब और नहीं।।

मन करता है मुक्त गगन में
बस पंछी बनकर उड़ जाऊँ
इन राहों के साथ चलूँ मैं
राहों संग-संग मुड़ जाऊँ
ढूँढूँ अपने मन के भीतर 
बस अपनेपन को मैं गाऊँ
दिन अनुप्रासों के बहुत गये हैं बीत मगर अब और नहीं
हाँ, बहुत लिखे है मधुमासों के गीत मगर अब और नहीं।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06अगस्त, 2022

जीवन की कितनी इच्छाएं मन में मोह जगाती हैं।।

जीवन की कितनी इच्छाएं मन में मोह जगाती हैं।।

कुछ सपने नयनों में भरकर
खुली आँख में खो जाती हैं
पलकों की पंखुरियों से जब
नींद सुनहरी ले जाती हैं।।

पलकों की पाँखुरियों पर हौले से चुम्बन दे जाती हैं
तब जीवन की कितनी इच्छाएँ मन में मोह जगाती हैं।।

जाने कितनी अभिलाषा से
मन प्रतिपल लिपटा जाता है
जाने कितने अनुरागों में
मन खुद को सिमटा पाता है।।

अनुरागों की मृदुल छुअन जब आशा के दीप जलाती है
तब जीवन की कितनी इच्छाएँ मन में मोह जगाती हैं।।

खुली पलक के स्वप्न सभी ये
निज नयनों के हैं आभूषण
आशाएँ भी घनीभूत हों
नित-नित करतीं जिनका पोषण।।

उम्मीदें नवदीप जला जब पल-पल मन हर्षाती हैं
तब जीवन की कितनी इच्छाएँ मन में मोह जगाती हैं।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05अगस्त, 2022

अनगिन खुशियाँ लेकर आया राखी का त्योहार।।

अनगिन खुशियाँ लेकर आया राखी का त्योहार।।

प्रीत के धागों ने बांधा स्नेह का संसार
अनगिन खुशियाँ लेकर आया राखी का त्योहार।।

ये जग भूल भुलैया है इक, भटक रहे हैं सारे
सुख शांति की खातिर अपना सबकुछ हैं हारे
ऐसे में मन की शीतलता का है ये आधार
अनगिन खुशियाँ लेकर आया राखी का त्योहार।।

सावन की मस्ती में कोयल मधुमय गीत सुनाती
मेघों के मृदु ताप पे बरखा रानी भी मुस्काती
चहुँ ओर है हरियाली और बह रही मृदुल बयार
अनगिन खुशियाँ लेकर आया राखी का त्योहार।।

आज धरा ने चंदा मामा को संदेशा भिजवाया
इंद्रधनुषी राखी बाँधी माथे तिलक लगाया
सच है दुनिया में सबसे सच्चा भाई बहन का प्यार
अनगिन खुशियाँ लेकर आया राखी का त्योहार।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        01अगस्त, 2022

तुम बिन अब तक है अधूरा इस जीवन का गान।।

तुम बिन अब तक है अधूरा इस जीवन का गान।। 

तनिक ठहर जा मौन पल में ऐ मेरे मन प्राण
तुम बिन अब तक है अधूरा इस जीवन का गान।। 

युग-युग से अंधकार में तुमने मुझको पाला
नित राहों में दीप जला हाथ पकड़ सम्भाला
इस जीवन के तापों में तुमसे मिली है छाँव
तुम बिन नहीं पूरा होगा मेरे मन का गाँव।।

छोड़ चले जो बीच सफर मिलेगी कैसे ठाँव
तुम बिन अब तक है अधूरा इस जीवन का गान।। 

आज कह दो बातें मन की खोल हृदय का द्वार
कब तक मौन दबा रखोगे उर में हाहाकार
कंठ के कुंठित स्वरों का मोल तब कोई नहीं
पड़ रही हों लाल डोरे आंख जब सोई नहीं।।

खोल दो अपने हृदय को न अब रोको तूफान
तुम बिन अब तक है अधूरा इस जीवन का गान।। 

वक्त कितना शेष है अब सूर्य देखो ढल रहा
सांध्य की आगोश में जा मौन हो कुछ कह रहा
तुम कहो कितनी बची हैं उन हड्डियों में भार
कौन जाने किस समय में पुष्प बन जाये क्षार।।

कहने सुनने को यहाँ रह जायेंगे आख्यान
तुम बिन अब तक है अधूरा इस जीवन का गान।। 

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        01अगस्त, 2022


वसुधैव कुटुंबकम।

वसुधैव कुटुंबकम।  

विश्व पटल पर ऊँची प्रतिपल
धरती माता की शान रहे
शिक्षा, संस्कृति और सभ्यता
पर सबको अभिमान रहे।।

ऊंच नीच का भेद नहीं हो
जाति धर्म  अवरोध नहीं हो
सबके हों अधिकार सुरक्षित
मन में कहीं विरोध नहीं हो।।

घृणा भाव से ऊपर उठकर
जन-जन के मन में प्रेम रहे
सम्मान करें इक दूजे का
बस मानवता ही श्रेष्ठ रहे।।

एक धरा है एक विश्व है
हम सबको इसका भान रहे
वसुधैव कुटुंबकम मंत्र सभी का
गुंजित सदा अभियान रहे।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       31जुलाई, 2022


नदिया और समंदर।

नदिया और समंदर।  

चली है आज नदिया फिर समंदर में समाने को
मचलते भाव ले मन में नया फिर गीत गाने को
उसे अब इन हवाओं से नहीं कोई  शिकायत है
चली है आज जीवन से खुद मिलने मिलाने को।।

नहीं नदिया महज व्याकुल समंदर में सिमटने को
नहीं राहें महज व्याकुल निगाहों में सिमटने को
मंजिल की भी है चाहत कि राहें पास तक पहुँचे
समंदर की भी ख्वाहिश कि नदिया आये मिलने को।।

नदिया ये समंदर की नहीं यूँ ही दीवानी है
कि नदियों ने समंदर में बसायी राजधानी है
लिख डाले हैं कवियों ने मिलन के गीत कितने ही
गीतों को जो महकाये नदिया का ही पानी है।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        29जुलाई, 2022

अभिमान तिरंगा भारत का।।

अभिमान तिरंगा भारत का।।

शान तिरंगा भारत का 
अभिमान तिरंगा भारत का।।

युग युग से इसकी खातिर
है लाखों ने बलिदान किया
आज़ादी के पुण्य हवन में
अपना सब कुछ दान किया
यही कामना सबके दिल की
ऊँची हरदम शान रहे
घर घर में लहराये तिरंगा
गुंजित ये अभियान रहे।।

शान तिरंगा भारत का 
अभिमान तिरंगा भारत का।।

शान तिरंगा उद्देश्य यही
पल-पल हम दुहरायेंगे
याद शहीदों को करने को
घर-घर हम फहराएंगे
आज़ादी के मतवालों से
हर पल गूंजेगा नभ सारा
शान तिरंगे की खातिर है
अर्पित जीवन प्राण हमारा।।

शान तिरंगा भारत का 
अभिमान तिरंगा भारत का।।

अपनी है बस यही कामना
ये विश्व पटल पर लहराये
शांति सभ्यता मूल तत्व का
इससे ही दुनिया अपनाये
बने प्रतीक मानवता का
हर अधरों पर गुणगान रहे
जब तक ये सूरज चाँद रहे
दुनिया मे तेरा नाम रहे।।

शान तिरंगा भारत का 
अभिमान तिरंगा भारत का।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        29जुलाई, 2022

कितना दूर गाम तुम्हारा।।

कितना दूर गाम तुम्हारा।।

             1
कितना दूर अभी चलना है
रुकना है आगे बढ़ना है
पग नाप रहे मोड़-मोड़ को
जीवन के हर छोर-छोर को
कहीं धूप है छाँव कहीं है
मौसम में बदलाव कहीं है
अब बोलो क्या तुमको प्यारा
कितना दूर गाम तुम्हारा।।

              2
सिरहाने तुम आन खड़े हो
पकड़े बाँह मेरी खड़े हो
कितनी बार यहाँ पूछा है
शब्द कहो क्यूँ कर सूखा है
कह दो अपनी बात हृदय की
चाह नहीं क्या कहो अमिय की
कह दो जो है और सहारा
कितना दूर गाम तुम्हारा।।

              3
कभी लिया आलिंगन मुझको
कभी माथ लगाया पग धूल
तुमने जो सम्मान दिया है
उसे कैसे मैं जाऊँ भूल
दीप सजाया जो राहों में
आ ,उसको कभी जला जाओ
अपने उन सारे वादों को
आओ इक बार निभा जाओ
तेरे वादों पर सब हारा
कितना दूर गाम तुम्हारा।।

          4
हर गाँवों की चौपालों से 
संसद के उन गलियारों तक
दूर भागती इन सड़कों से
कहीं ठहरते चौराहों तक
हमने नजर जहाँ तक डाली
देखी बस रातें अँधियारी
थोड़ी लाली इधर बिखेरो
अपने उन वादों को तोलो
दे दो अब तो साथ हमारा
कितना दूर गाम तुम्हारा।।

             5
कितनी सदियाँ बीत गयी हैं
पर वैसा बदलाव न आया
आरोपों के रथ पर चढ़कर
क्या तुमने बस समय गँवाया
केवल अपनी बात कही है
प्रश्नों से प्रतिपल दूर रहे
प्रतिपल सदियों ने देखा है
लम्हे सत्ता में चूर रहे
लम्हा जीता लम्हा हारा
कितना दूर गाम तुम्हारा।।

          6
गहराती जा रही रात है
अधरों पर अनकही बात है
कौन पूछता जग में बोलो
अवरोधों को खुद ही खोलो
लिखो रात की नई कहानी
हो जाये दुनिया दीवानी
रचो भाव कुछ ऐसा सुंदर
रहे नहीं अब कोई अंतर
तुमसे पूछे स्वयं सितारा
कितना दूर गाम तुम्हारा।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        26जुलाई, 2022



गीत गजल जो रच न पाओ अफसोस यहाँ फिर क्यूँ करना।।

गीत गजल जो रच न पाओ अफसोस यहाँ फिर क्यूँ करना।।

शब्दों के पैमाने लेकर आज मिले हो मैखाने में
गीत गजल जो रच ना पाओ अफसोस यहाँ फिर क्यूँ करना।।

अनगिन लोग यहाँ मिलते हैं भावों का घट ले फिरते हैं
अंतस के सूने भावों को कुछ कहते हैं कुछ सुनते हैं
फिर भी कितने शब्द बिछड़ कर रह जाते हैं वहीं कहीं पर
जिनको मन ढूँढा करता है आशाओं में यहीं कहीं पर
जो भावों को समझ न पाये मोह भला उनसे क्यूँ करना
गीत गजल जो रच ना पाओ अफसोस यहाँ फिर क्यूँ करना।।

ऐसे कितने जीवन भी हैं पथ आसान नहीं जिनका
ऐसे कितने सपने भी हैं पलकों को भान नहीं जिनका
ऐसे जीवन के सपनों को छोड़ भला क्या रह पाओगे
छूट गिरा जो स्वप्न पलक से दर्द भला क्या सह पाओगे
जो स्वप्न सजे ही नहीं पलक पर चाह भला फिर क्यूँ करना
गीत गजल जो रच ना पाओ अफसोस यहाँ फिर क्यूँ करना।।

मौन पथ पर जीवन के माना चला रहा अब तक अकेला
कहो कौन है दुनिया में ऐसा मौन पल जिसने न झेला
अब तुम कहो है कौन ऐसा जिसने बस जीवन में पाया 
तुम ही कहो है कौन ऐसा कुछ भी नहीं जिसने गँवाया
खोना पाना रीत जगत की मोह यहाँ फिर क्यूँ कर करना
गीत गजल जो रच ना पाओ अफसोस यहाँ फिर क्यूँ करना।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       24जुलाई, 2022

चलो उजालों को लेकर के हम सब फिर गाँवों की ओर चलें।।

चलो उजालों को लेकर के हम सब फिर गाँवों की ओर चलें।।

दूर देश एक बस्ती जहाँ, न कोई आता है न जाता है
भूली बिसरी राहों को कहो, क्या कोई यहाँ अपनाता है
पग-पग दौड़ रही ये सड़कें कब कहो गाँव को आती हैं
गाँवों की पगडंडी ही अब तक शहरों को आती जाती हैं
मोड़ सड़क की राहों को आज यहाँ हम गाँवों के छोर चलें
चलो उजालों को लेकर के हम सब फिर गाँवों की ओर चलें।।

सूख रही हैं बावड़ियाँ सारी सूख रहे सब ताल तलैया
सूख रही धरती की माटी औ सूख रही बरगद की छइयां
सूनी-सूनी गलियाँ सारी औ सूने लगते त्यौहार सभी
मौन पड़ी खलिहान की हलचल जहाँ लगते थे चौपाल कभी
भीड़ भरे तहखानों से हट हम सब गलियारों की ओर चलें
चलो उजालों को लेकर के हम सब फिर गाँवों की ओर चलें।।

महज शहर की चकाचौंध से ही ये देश नहीं बन जायेगा
जो खलिहानों से दूर हुए तो ये जीवन क्या पल पायेगा
बूढ़ी झोंपड़ियों से अब भी वही प्रेम की खुशबू आती है
जिस माटी ने जीवन पाला वो कब छोड़ हमें रह पाती है
लोभ-मोह और स्वार्थ से हटकर सदव्यहारों की ओर चलें
चलो उजालों को लेकर के हम सब फिर गाँवों की ओर चलें।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22जुलाई, 2022

पास पाकर तुम्हें जिंदगी मिल गयी।।

पास पाकर तुम्हें जिंदगी खिल गयी।।

सुन समय छुप चला बादलों में कहीं
साँझ ढलने लगी राह में ही कहीं
चाँदनी ओट से बादलों के चली
मन के आगोश में जिंदगी है खिली
एक अहसास से बंदगी खिल गयी
पास पाकर तुम्हें जिंदगी मिल गयी।।

पलकों में स्वप्न की स्वर्ण रेखा सजी
भाव मे मोहिनी रूप रेखा सजी
गीत अधरों पे आकर सजे इस तरह
नेह के पृष्ठ पर गीतिका है सजी
गीत ऐसे सजे ताजगी मिल गयी
पास पाकर तुम्हें जिंदगी मिल गयी।।

आस की पाँखुरी फिर निखरने लगी
रूप की रोशनी में सँवरने लगी
एक पल, एक क्षण, ये सदी, वो सदी
प्रीत की रश्मियाँ फिर बरसने लगी
मन के भावों में सादगी घुल गयी
पास पाकर तुम्हें जिंदगी मिल गयी।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22जुलाई, 2022

उर के शांत सरोवर में फिर छेड़ो वीणा की तान मधुर।।

उर के शांत सरोवर में फिर छेड़ो वीणा की तान मधुर।।


मन उपवन की कुंज गली में पिय आओ आकर मिल जाओ
उर के शांत सरोवर में फिर छेड़ो वीणा की तान मधुर।।

इच्छाएँ फिर पर फैला कर मन को दूर कहीं ले जाती
सपने पलकों पर छाते हैं आशाएँ मृदु गीत सुनाती
कह लें मन की सारी बातें आ अंतस में यूँ मिल जाओ
साँसों की सरगम को छू लो फिर  मन हो जाये नवल मुकुल
उर के शांत सरोवर में फिर छेड़ो वीणा की तान मधुर।।

मन मृदु स्पर्श तुम्हारा पाकर पल-पल यूँ स्वप्न सँजोता है
बरखा की प्यासी धरती को जैसे मधु मेघ भिंगोता है
छू ले अंतस के भावों को अंतर्मन में यूँ घुल जाओ
उर से उर का संगम हो यूँ अधरों पर हो नव गान मधुर
उर के शांत सरोवर में फिर छेड़ो वीणा की तान मधुर।।

जिस सुख की मन करे प्रतीक्षा उसको तकता रहता प्रतिपल
निज मन की है यही कामना फैलाता कर नव दल हरपल
आशा के नव अंकुर फूटे यूँ सम्मुख आकर मिल जाओ
मिल जाये जीवन से जीवन इच्छाओं का सम्मान मधुर
उर के शांत सरोवर में फिर छेड़ो वीणा की तान मधुर।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20जुलाई, 2022

सुधियों के दो पल कागज पे लिखता हूँ मुस्काता हूँ।।

सुधियों के दो पल कागज पे लिखता हूँ मुस्काता हूँ।।

यादों के मानसरोवर पे कितने बादल मँडराये
कुछ बरसे हैं आँसू बनकर कुछ भावों में गहराये
अंतस में घिरते बादल को गीतों से मैं बहलाता हूँ
सुधियों के दो पल कागज पे लिखता हूँ मुस्काता हूँ।।

लहरों की बहती धारा में दूर किनारे तक जाऊँ
चाहे मुझको छोड़ चले सब मैं तो सबको अपनाऊँ
अपने और पराये का कभी भेद समझ न पाता हूँ
सुधियों के दो पल कागज पे लिखता हूँ मुस्काता हूँ।।

नहीं दूर तक जाना मुझको नहीं चाहता सब पा लूँ
इस छोटे से जीवन के जो गीत चुनूँ उसको गा लूँ
गीतों में मन के भावों को छूता हूँ सहलाता हूँ
सुधियों के दो पल कागज पे लिखता हूँ मुस्काता हूँ।।

बहुत कर लिया मन की बातें अब कोई अधिकार नहीं
झंझाओं में उलझे मन से अब कोई प्रतिकार नहीं
खुद से ही बातें करता हूँ खुद को ही बहलाता हूँ
सुधियों के दो पल कागज पे लिखता हूँ मुस्काता हूँ।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       20जुलाई, 2022

कौन है फिर पूछता उसको यहाँ पर।।

कौन है फिर पूछता उसको यहाँ पर।।

जो पुष्प डाली से बिछड़ कर गिर पड़ा
कौन है फिर पूछता उसको यहाँ पर।।

मुक्त होने को मुखर हैं सब यहाँ पर
बंधनों से दूर दुनिया है जहाँ पर
पास जाकर देखते ही सब विकल है
कौन किसको पूछता सोचो वहाँ पर।।

बंधनों को तोड़ कर जो है चल पड़ा
कौन है फिर पूछता उसको यहाँ पर।।

कौन है जो पुष्प बस पाया यहाँ पर
कौन तपन में न कुम्हलाया यहाँ पर
स्वेद बूंदों ने लिखे जब गीत मन के
कंटकों में गीत मन गाया यहाँ पर।।

कंटकों से राह के जो डर गया है
कौन है फिर पूछता उसको यहाँ पर।।

पुष्प चरणों मे चढ़े या फिर माथ पर
पुष्प आँचल में भरे या फिर हाथ पर
भावनाओं से सजी है सृष्टि सारी
है सत्य, सारा पथ सँवरता साथ पर।।

निज स्थान के जो भाव को समझा नहीं
कौन है फिर पूछता उसको यहाँ पर।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18जुलाई,2022

छाँव।

छाँव।   

एक माटी एक स्थल है एक सी धरती यहाँ
जन्म लेती भावनायें एक सी हरपल यहाँ
एक ही जीवन यहाँ पर एक ही है पालना
एक सा सींचा यहाँ क्यूँ द्वेष मन में मानना।।

नेह बरसाया गगन ने एक सा सब पर यहाँ
और धरती ने बिछाई है पुष्प की चादर यहॉं
कैसे फिर अंतर यहाँ मन में कोई पालता
जब एक सी ही चाँदनी चाँद सब पर डालता।।

जन्म के क्षण में जीवन बोलो कब है सोचता
लड़ के मृत्यु से यहाँ वो सत्य को है पोसता
काँटे चुन आँचल में वो पुष्प पथ पर डालती
लड़ती प्रकृति से यहाँ वो ऐसे हमें पालती।।

उम्र भर प्रतिपल बरसता नेह उसका शीश पर
छोड़ती है कब यहाँ वो प्रीत की कोई कसर
देव उसके त्याग को संसार ऐसे पूजता
ताउम्र उसकी छाँव को देवता भी खोजता।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18जुलाई, 2022

वो थी अधूरी रात जब मृदु स्वप्न पलकों से गिरा।।

वो थी अधूरी रात जब मृदु स्वप्न पलकों से गिरा।।

आस जो मन में दबी थी फिर उठी इक टीस बनकर
गीत अधरों पर सजे सब दर्द का आशीष बनकर
साँस भी तब धड़कनों से कुछ यूँ उलझ कर रह गयी
आँसुओं में बह चले सब पीर पलकों से मचलकर।।

इस क्षितिज से उस क्षितिज तक ये वक्त कुछ ऐसा घिरा
वो थी अधूरी रात जब मृदु स्वप्न पलकों से गिरा।।

सिंधु को गहराइयों तक बस दर्द का संसार था
अंक में सिमटा हुआ निज स्वप्न का पारावार था
कामनायें भी ठिठककर रुक गयीं मन के द्वार पर
क्या कहे उस एक पल में मन में जो हाहाकार था।।

रह गयीं ख्वाहिश अधूरी था टूट कर तारा गिरा
वो थी अधूरी रात जब मृदु स्वप्न पलकों से गिरा।।

संदर्भों के सब सिलसिले सहसा सिमटने से लगे
गीत अधरों पर सजे जो टूट कर झरने लगे
शब्दों में सिमट न पाये भाव अंतर्मन के सभी
अवशेष यादों के सभी आँसुओं में बहने लगे।।

बह गए सब आस के क्षण तम टूट कर ऐसे गिरा
वो थी अधूरी रात जब मृदु स्वप्न पलकों से गिरा।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       18जुलाई, 2022


मन जो बात नहीं कह पाता कविताओं में कह लेता हूँ।।

मन जो बात नहीं कह पाता
कविताओं में कह लेता हूँ।।

खुद के मन की बातें सारी
खुद ही खुद से कर लेता हूँ
मन जो बात नहीं कह पाता
कविताओं में कह लेता हूँ।।

छंदों की पहचान नहीं है
मात्राओं का भार न जानूँ
गजलों, दोहों, चौपाई की
मैं कोई पहचान न जानूँ
दग्ध हृदय में उमड़ रहे सब
भावों को मैं सह लेता हूँ
मन जो बात नहीं कह पाता
कविताओं में कह लेता हूँ।।

व्याकुलता के पल में कितने
मन में बहती हैं धाराएं
पीड़ा के निस क्षण में मन ने
रच डाली कितनी रचनायें
रचनाओं के इर्द-गिर्द में
डूबा खुद में रह लेता हूँ
मन जो बात नहीं कह पाता
कविताओं में कह लेता हूँ।।

जगती के सब ताने सारे
बन शब्द तड़पने लगते हैं
पीड़ित मन जब कह ना पाये
मन बूँदों में कहने लगते हैं
उन बूँदों के दर्द सभी वो
पलकों में ही सह लेता हूँ
मन जो बात नहीं कह पाता
कविताओं में कह लेता हूँ।।

कंटक में उलझे मन लेकिन
श्रृंगार सृष्टि का करना चाहे
अवसादों में भले घिरा हो
सत्कार सुरभि से करना चाहे
काँटे मन में भले चुभे हों
हँसते-हँसते सह लेता हूँ
मन जो बात नहीं कह पाता
कविताओं में कह लेता हूँ।।

शब्द बाण से मन हो घायल
चाहा जब प्रतिकार किया
अपने हों या भले पराये
मन ने सबका सत्कार किया
प्रतिकारों के दोष सभी तब
मन में लेकर रह लेता हूँ
मन जो बात नहीं कह पाता
कविताओं में कह लेता हूँ।।

पग-पग कितने आरोपों में
ये जीवन उलझा जाता है
पग-पग कितना गरल पिया है
फिर भी न सुलझ ये पाता है
अनसुलझे सारे प्रश्नों को
पलकों में ही दह लेता हूँ
मन जो बात नहीं कह पाता
कविताओं में कह लेता हूँ।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14जुलाई, 2022

लिख सके न हम मन की बातें।

लिख सके न हम मन की बातें।  

जब लिख सके न हम मन की बातें
तुमने बोलो कैसे पढ़ डाला।।

जो बातें कभी निकली ही नहीं
तुमने बोलो कैसे सुन डाला।।

इक बात पकड़ कर जो बैठे हो
मन ही मन में क्या-क्या रच डाला।।

तुम शोषित हो हम शोषक माना
सोचो, तुमने क्या-क्या कह डाला।।

तुम मन तक कभी पहुँच कब पाये
कहते हो मेरा मन पढ़ डाला।।

कुछ शब्द गिराये होंगे हम सब
वक्त यूँ ही नहीं सब कढ़ डाला।।

क्या दोष यही है मेरा बोलो
बातें तेरी तुमसे कह डाला।।

अब ये नजर की बातें हैं "देव"
जिसने यहाँ रिश्ता बदल डाला।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        13जुलाई, 2022

आस का दीपक जलाये द्वारे पर ठहरा हूँ मैं।।

आस का दीपक जलाये द्वारे पर ठहरा हूँ मैं।।


नैन में भरकर प्रतीक्षा अंक में मृदु गीत भरकर
आस का दीपक जलाये द्वारे पर ठहरा हूँ मैं।।

छुप रही हैं रश्मियाँ भी दूर देखो अब क्षितिज पे
छा रही हैं बदलियाँ भी मौन भावों के हरिज पे
पक्षी भी अब उड़ चले हैं आसरे की ओर देखो
और सूरज लिख रहा कुछ शब्द पृष्ठों पर जलज के।।

सांध्य से कुछ पल चुराकर नैन में कुछ स्वप्न भरकर
आस का दीपक जलाये द्वारे पर ठहरा हूँ मैं।।

चिमनियों से सांध्य चूल्हे लिख रहे नूतन कहानी
सूर्य की अंतिम किरण भी कर रही पल को  सुहानी
धूम्र भी कुछ गढ़ रहे हैं बादलों में तूलिका से
देख फिर खिलने लगी है भाव में अब रातरानी।।

दृष्टि का विस्तार करके प्रेम अंगीकार कर के
आस का दीपक जलाये द्वारे पर ठहरा हूँ मैं।।

द्वार पर आकर पुकारा रात का पहला सितारा
चाँदनी भी खिल उठी है देखकर सुंदर नजारा
जुगनुओं ने छेड़ दी चौपाल पर फिर इक कहानी
तेज होती धड़कनें सुन कर रहीं हमको इशारा।।

अंग का विन्यास करके पाश में मधुमास भरकर
आस का दीपक जलाये द्वारे पर ठहरा हूँ मैं।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        12जुलाई, 2022

कुछ शब्दों में जीवन भर के मूल्य मुखर कब हो पाते हैं।।

कुछ शब्दों में जीवन भर के
मूल्य मुखर कब हो पाते हैं।।

जीवन इतना सरल रहा कब
के कोई सब कुछ लिख डाले
पल-पल यहाँ बदलते देखा
जगती ने किस्मत को पाले।।

इस पाले से उस पाले तक
सफर अधूरे रह जाते है
कुछ शब्दों में जीवन भर के
मूल्य मुखर कब हो पाते हैं।।

हाँ, सही कहा जो कहा नहीं
गलती पर, लेकिन झुका नहीं
जग ने तो बस शब्द चुने इक
पर, रुक कर कुछ भी सुना नहीं।।

खुद ही कथ्य बनाने वाले
हो प्रखर सत्य कब सुन पाते हैं
कुछ शब्दों में जीवन भर के
मूल्य मुखर कब हो पाते हैं।।

क्षण भर को बादल छाने से
कब सूर्य छुपा जो यहाँ छुपेगा
बाधाएँ कितना पथ रोकें
पुण्य पथिक जो, निडर चलेगा।।

निज संबंधों की बेदी पर
बर्फ कहो कब टिक पाते हैं
कुछ शब्दों में जीवन भर के
मूल्य मुखर कब हो पाते हैं।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       11जून, 2022

है प्रणय की प्यास गहरी प्रीत से आँगन सँवारो।।

है प्रणय की प्यास गहरी प्रीत से आँगन सँवारो।।


अंक में कुछ शब्द भर लो छंद को फिर से निखारो
है प्रणय की प्यास गहरी प्रीत से आँगन सँवारो।।

मैं हृदय में पुण्यता भर प्रीत का विश्वास पालूँ
दग्ध भावों को सँभालूँ मन के सारे दाह धो लूँ
आज खोलूँ बंधनों को मोह को अनुरंजनों को
नैन भर तुमको निहारूँ श्वास में अहसास पा लूँ।।

श्वास में संगीत भर लो साज को फिर से उतारो
है प्रणय की प्यास गहरी प्रीत से आँगन सँवारो।।

इन कपोलों पर बिखरती ये नेह की कुछ बदलियाँ
बूँद जल की हैं चमकती जैसे मेह की हों तितलियाँ
अधरों से मधुरस छलकते नयनों से है चाँदनी
जैसे पुलकित हो थिरकती साजों पर ये उँगलियाँ।।

गात का कण-कण पुकारे आ मुझे फिर से निखारो
है प्रणय की प्यास गहरी प्रीत से आँगन सँवारो।।

उर निलय के भाव सुरभित प्रेम का आसक्त गहना
स्वप्न की मृदु पाँखुरी को फिर नयन में आज पढ़ना
राग गुंजित हो पवन में खिल उठे मधुमास फिर से
नख से शिख तक राग मधुरिम साजों में आज गढ़ना।।

निज निशा से भोर तक फिर चाँद धरती पर उतारो
है प्रणय की प्यास गहरी प्रीत से आँगन सँवारो।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08जुलाई, 2022

अपनी हो सूरज से यारी।।

अपनी हो सूरज से यारी।।

रक्तिम रंजित भाव प्रकट कर
पृष्ठों पर कुछ दृश्य सँवारे
इन नैनों में चाहत भर कर
दूर किया सारे अँधियारे
पलकों के लालायित सपने
जोह रहे हैं अपनी बारी
कहते मन के भाव मचल कर
अपनी हो सूरज से यारी।।

अगणित पथ हैं अगणित बाधा
अगणित मन की अभिलाषाएँ
रह-रह कर प्रतिबिंबित होती
भावों में सारी गाथाएँ
प्रखर प्रेम की नव ज्वाला में 
अभिलाषाएँ पंख पसारी
कहते मन के भाव मचल कर
अपनी हो सूरज से यारी।।

समय चक्र के साथ चलूँ मैं
जैसे चलते चंदा तारे
लिख डालूँ नव गीत गगन में
प्रकृति का जो रूप निखारे
आशाओं को पथ मिल जाये
अपनी हो इतनी तैयारी
कहते मन के भाव मचल कर
अपनी हो सूरज से यारी।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07जुलाई, 2022

मेरे साथ देखो ये राहें चली हैं।।

मेरे साथ देखो ये राहें चली हैं।।

सफर में अकेला नहीं मैं मुसाफिर
मेरे साथ देखो ये राहें चली हैं।।

भोर से साँझ तक बस तपन ही तपन थी
मगर आस में एक मीठी छुअन थी
वो मीठी छुअन से हुआ भाव पावन
कि मरुधर में लहराया है आज सावन।।

ये पावस की रातें मुखर हो चली हैं
मेरे साथ देखो ये राहें चली हैं।।✅

हवाओं के झोंकों ने है राग छेड़ा
कलियों ने हंँसकर के अनुराग छेड़ा
सजने लगी जिंदगी बन सयानी
लिखी आज मौसम ने नूतन कहानी।।

कहानी सुनों आज भी मनचली है
मेरे साथ देखो ये राहें चली हैं।।

कैसे अकेला चला इस सफर में
यादों की बदली है छायी  डगर में
वो भीनी सी खुशबू महकती कहीं हो
है मालूम संग-संग मेरे तुम यहीं हो।।

 कि यादों में मेरे घुली जिंदगी है
मेरे साथ देखो ये राहें चली हैं।।

 ©✍️ अजय कुमार पाण्डेय 
        हैदराबाद 
        06जुलाई, 2022

क्या जाने किस ओर चलूँगा।।

क्या जाने किस ओर चलूँगा।।

अनजान नगर अनजान डगर
अनजानी राहों का नरतन
कहीं रुकी हैं कहीं मुड़ी हैं
भटका-भटका सा लगता मन
इन राहों के चक्रव्यूह से
सोच रहा कैसे निकलूँगा
प्रतिपल भावों में मंथन है
क्या जाने किस ओर चलूँगा।।

जिसे पूजना था मंदिर में
उसने ही मन को तोड़ दिया
जिससे मन की डोर बँधी थी
जाने बीच राह में छोड़ दिया
भूलों से जो घाव मिले हैं
उसे अकेला मौन सहूँगा
प्रतिपल भावों में मंथन है
क्या जाने किस ओर चलूँगा।।

सींचा था जिसको मृदु मधु से
इस जीवन की फुलवारी में
कैसे कह दूँ काँटे बोये
हैं, पग-पग उसने क्यारी में
उपवन के कुछ शुष्क पात हैं
किसको छोड़ूँ किसे चुनूँगा
प्रतिपल भावों में मंथन है
क्या जाने किस ओर चलूँगा।।

रीत गया मधुऋतु घट सारा
अब शेष रहा क्या बोध नहीं
अंतस के भावों को प्रकटूँ
अब ऐसा भी अनुरोध नहीं
बिखर चले जब स्वप्न सुनहरे
खारे जल से पग धोऊंगा
प्रतिपल भावों में मंथन है
क्या जाने किस ओर चलूँगा।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जुलाई, 2022

काश कभी मैं तुमसे मन की बात सभी वो कह पाता।।

काश कभी मैं तुमसे मन की बात सभी वो कह पाता।।

कितने सपने पलकों पर ले
रातों के हम साथ जगे
बनकर बाती हम दीपक की
उम्मीदों के साथ जगे
तुम बिन कैसे रोशन दुनिया
बात यहाँ समझा पाता
काश कभी मैं तुमसे मन की बात सभी वो कह पाता।।

मैंने अपने सूनेपन को
तेरी यादों पे वारा
जीत गया मैं सबसे लेकिन
अपने ही दिल से हारा
दिल से क्यूँ मजबूर हुआ
बात यहाँ बतला पाता
काश कभी मैं तुमसे मन की बात सभी वो कह पाता।।

अब तुम कितने दूर बसे हो
चाहूँ तो कैसे आऊँ
ऊँची-ऊँची दीवारें हैं
कैसे तुम तक पहुँचाऊँ
मुझसे तुमको घाव मिले जो
काश उसे सहला पाता
काश कभी मैं तुमसे मन की बात सभी वो कह पाता।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30जून, 2022

मैं अब तक गीत न गा पाया।।

मैं अब तक गीत न गा पाया।।

मैंने जग की बात परखकर
कुछ शब्द प्रखर हो कह डाले
मैंने मन के सूनेपन में
कुछ गीत मुखर हो रच डाले
मेरे उन गीतों को अब तक
कोई सद्भाव न मिल पाया
कहने को तो लिखे बहुत पर
मैं अब तक गीत न गा पाया।।

मैंने समझा साथ मिलेगा
जीवन के हर पथ पे मुझको
मैंने चाहा करूँ समर्पित
जीवन का हर पल मैं तुमको
लेकिन हाथों की रेखा में
मैं तुमको नहीं सजा पाया
कहने को तो लिखे बहुत पर
मैं अब तक गीत न गा पाया।।

मैंने अपने अंतर्मन के
भावों से श्रृंगार खिलाये
मैंने अपने हर गीतों में
सपनों के श्रृंगार सजाये
थे पलकों के तंग किनारे
मैं आँसू नहीं बहा पाया
कहने को तो लिखे बहुत पर
मैं अब तक गीत न गा पाया।।

कितने ही अवरोध मार्ग में
मैं कब तक मनन यहाँ करता
सूरज की ढलती किरणों में
मैं चिंतन कहो कहाँ करता
कुछ था कर्ज मेरे माथे पर
मैं जिसको नहीं चुका पाया
कहने को तो लिखे बहुत पर
मैं अब तक गीत न गा पाया।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       30जून, 2022

मेरे नयनों का सूनापन अगर जो पढ़ लिया होता।

मेरे नयनों का सूनापन अगर जो पढ़ लिया होता।

मेरे माथे की सिलवट को अगर जो पढ़ लिया होता
मेरे भावों की आहट को नजर में मढ़ लिया होता
नहीं घिरती कभी अफसोस की बदली इन हवाओं में
मेरे नयनों का सूनापन अगर जो पढ़ लिया होता।।

जो लफ्जों का सफर मुश्किल तो रस्ते छूट जाते हैं
कहे कोई यहाँ कुछ भी नजारे  रूठ जाते हैं 
नहीं बस दोष लहरों का किनारों की कुछ खता होगी
कि हल्की थाप लहरों की जो पाकर टूट जाते हैं।।

जी, चलो माना नहीं आता मुझे मिलना मिलाना कुछ
नहीं आता मुझे माना कि कहना कुछ सुनाना कुछ
मगर सब बात दिल में है अभी तक सालती तुमको
इशारों में  सही कुछ तो नजर से गढ़ लिया होता।।

हुए हैं दूर अब हम तुम समय का दंश है शायद
कहीं मेरे तुम्हारे भाव का कुछ अंश है शायद
जब मचली नाव लहरों में किनारा कढ़ लिया होता
मेरे नयनों का सूनापन अगर जो पढ़ लिया होता।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        29जून, 2022



लहरायें वन उपवन सारे।

लहरायें वन उपवन सारे।  

तन कोमल हो मन निर्मल हो
सुखमय जीवन का हर पल हो
खिल जाएं सबकी आशाएँ
स्वच्छ हवा से जग मंगल हो।।

द्वीप-द्वीप हरियाली छाये
कलरव मीठा राग सुनाये
जगती का हर गीत मनोहर
खग-मृग सब हिल मिल गायें।।

स्वच्छ धरा हो पुण्य भाव हो
नहीं कहीं कोई अभाव हो
जन-जन हर्षित मन पुलकित हो
हिय निर्मल निर्झर मृदु स्वभाव हो।।

अंबर से पग-पग शोभित हो
अवनी का कण-कण पोषित हो
लहराये वन उपवन सारे
शुभ गीतों से नभ गुंजित हो।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28जून, 2022

जीवन के संधि-पत्र पर।

जीवन के संधि-पत्र पर। 

जीवन के उस संधिपत्र पर सच लिखना क्या भूल गये।।

कुछ पन्नों में नत्थी कर ली
सबने जीवन की गाथा
बिखरे-बिखरे कुछ पन्ने थे
बाँध नहीं पाया धागा
इक-इक पन्ने चुनने खातिर
रात-दिवस जीवन जागा
फिर भी जाने कितने पन्ने
जीवन पथ के छूट गये
जीवन के उस संधि-पत्र पर सच लिखना क्या भूल गये।।

कितनी सुधियों की खुशबू से
महक रहा जीवन अपना
कितने वादों की नरमी से
कितना कुछ हमको लिखना
पर इक आँधी के झोंके से
बिखरा पलकों का सपना
सपनों का कुछ दोष नहीं था
पलकों से क्यूँ टूट गये
जीवन के उस संधि-पत्र पर सच लिखना क्या भूल गये।।

इक पन्ने पर धुँधले चेहरे
पास कहीं परछाईं हैं
यादों के दीपक से मिलकर
अंतस में घिर आयीं हैं
यादें पलकों की बूँदों से
लगती कुछ घबराईं हैं
अधरों के वो गीत सभी अब
चुभते से क्यूँ शूल हुए
जीवन के उस संधि-पत्र पर सच लिखना जब भूल गये।।

 ©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        27जून, 2022


अब भी चुभ रहा बन शूल।

कुछ कहीं ऐसा है अब भी
चुभ रहा बन शूल।

अंक में मेरे सिमटकर
पाश में मेरे लिपटकर
कंठ में थे गीत के स्वर
कुछ कहा उस रोज तुमने
याद है वो आज साथी या गये हो भूल
कुछ कहीं ऐसा है अब भी चुभ रहा बन शूल।।

मौन पल में कुछ कहा था
दर्द कितना ही सहा था
शब्द अधरों से झरे कुछ
अश्रु पलकों से गिरे कुछ
याद है वो अश्रुकण या फिर गये हो भूल
कुछ कहीं ऐसा है अब भी चुभ रहा बन शूल।।

अब कहाँ मैं तुम कहाँ पर
दूर हैं हम, मौन हैं स्वर
लिख रहा पर गीत तेरे
भाव मन के, प्रीत तेरे
याद है क्या गुनगुनाना या गये हो भूल
कुछ कहीं ऐसा है अब भी चुभ रहा बन शूल।।

दूर हूँ सब बंधनों से
स्नेह के अनुरंजनों से
है नहीं अफसोस कोई
रात पलकें पर न सोईं
याद अब भी जागना है या गये हो भूल
कुछ कहीं ऐसा है अब भी चुभ रहा बन शूल।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16 जून, 2022


पीड़ा ने मुझको अपनाया।।

पीड़ा ने मुझको अपनाया।।
          
               1⃣

पग-पग चलता रहा निरंतर
पलकों में भर प्रेम समंदर
आती जाती साँसें पल-पल
भावों में कब करती अंतर
नयनों ने सब भाव सँभाले
आस-निराश के ओढ़ दुशाले
अधरों पर नवगीत सजाये
आहों में भी गीत सुनाये
मेरा गीत जगत को भाया
पर जाने क्या भूल हुई जो
पीड़ा ने मुझको अपनाया।।

              2⃣

मैंने सुख में भाव सँभाले
दुख में सुख की राह निकाले
मीलों चलता रहा क्षितिज तक
कदमों से जीवन लिख डाले
कुछ भूलों ने ऐसा घेरा
सुख में दुख ने डाला डेरा
बदनामी की आँच लगी यूँ
बदल न पाया मन का फेरा
मन के भावों को समझाया
पर जाने क्या भूल हुई जो
पीड़ा ने मुझको अपनाया।।

                3⃣

यादों का जब लिया सहारा
उस पर अपना सबकुछ वारा
जगती से क्या करूँ शिकायत
सब से जीता खुद से हारा
हार-जीत के चक्र में फँसकर
भूल गया जब जीना खुलकर
फिर क्या देता दोष किसी को
समझ नहीं पाया जब मिलकर
विधना ने सब खेल रचाया
पर जाने क्या भूल हुई जो
पीड़ा ने मुझको अपनाया।।

               4⃣

उत्तर इतना सहज रहा कब 
के जब चाहो तब मिल जाये
भावुकता के क्षण में हमने
संदेशे पल-पल भिजवाये
जिस पल तुमसे राह मिली थी
जीवन क्या तब हमने जाना
अंजुलि से जब समय गिरा तब
खोना क्या तब हमने जाना
खो कर भी पल-पल मुस्काया
पर जाने क्या भूल हुई जो
पीड़ा ने मुझको अपनाया।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15जून, 2022


है कुपथ क्या औ सुपथ क्या अब कौन बोलेगा भला।।

है कुपथ क्या औ सुपथ क्या
अब कौन बोलेगा भला।।

            1⃣
रात के उस पार देखो
भोर की उजली किरण है
बादलों के पार देखो
अवनि अंबर का मिलन है
हूँ जा रहा इस पंथ पर 
मैं अकेला गीत गाता
फिर कहो कोई यहां क्यूँ
आसमां सर पर उठाता
है सुगम या राह दुर्गम
अब कौन रोकेगा भला
है कुपथ क्या औ सुपथ क्या
अब कौन बोलेगा भला।।

            2⃣

राह कितनी मैं चला हूँ
और कितनी दूर जाना
मुश्किलें चाहे सफर में
सीखा केवल मुस्कुराना
शब्द लहरों से लिया हूँ
साहिलों से गीत गाना
आँधियाँ चाहे डगर में
दीप बनकर टिमटिमाना
दीप का व्यवहार बोलो
अब कौन समझेगा भला
है कुपथ क्या औ सुपथ क्या
अब कौन बोलेगा भला।।

               3⃣

क्या कठिन जीवन यहाँ पर
औ क्या है ये मृत्यु सरल
लगता जिंदगी के वास्ते 
सब पी रहे पल-पल गरल
हर किसी के अंक में है
उसका अपना आसमान
फिर नहीं पर्याप्त है क्यूँ
जो कुछ मिला सबको यहाँ
अब ये कसक दिन रात की 
क्या वक्त समझेगा भला
है कुपथ क्या औ सुपथ क्या
अब कौन बोलेगा भला।।

             4⃣
मौन रहकर इस सफर में
देखो चले कितने मगर
पार कितने पा सके हैं
हो ये डगर या वो डगर
ये नाव ही है जानती
वेग कितनी है लहर में
वो किनारे क्या करेंगे
दूर जो ठहरे सफर में
पतवार इन किश्तियों की
अब कौन पकड़ेगा भला
है कुपथ क्या औ सुपथ क्या
अब कौन बोलेगा भला।।

             5⃣

जब लिए संतोष मन में
चल पड़े मन के नगर में
क्यूँ यहाँ अफसोस करना
राह कैसी है नजर में
शब्द से उपचार कर के
दर्द को अपना बना लो
गीत में श्रृंगार भर के
स्वयं में ही गुनगुना लो
जब नहीं हो साथ कोई
बोलो शपथ क्यूँ ले भला
है कुपथ क्या औ सुपथ क्या
फिर कौन बोलेगा भला।।

©✍️ अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
        11जून, 2022

आज अभिलाषा जगी है।।

आज अभिलाषा जगी है।।

          1

चाँदनी का रथ सजा है
और तारे भी सफर में
भाव की आलोड़नाएँ
गुदगुदाती हैं डगर में
अंक में आकर मिली है
आस जो थी मनचली
देख इसको फिर खिली है
कामनाओं की कली
मौन इस व्यवहार में
आस के संसार में
प्रीत की आशा जगी है
आज अभिलाषा जगी है।।
        
            2

नेत्र मन के आज मेरे
खुल रहे हैं पास आकर
साँस में सरगम सजी है
देख तुझको पास पाकर
रत्न आभूषण सभी अब
मोहते मन को निरन्तर
ये शिशिर ऋतु भी मुझे अब
लग रही पिय आज सुंदर
रूप के आकार में
इस मधुर संसार में
प्रीत की आशा जगी है
आज अभिलाषा जगी है।।

             3

आज मन के स्वप्न सारे
फिर पलक पे आ सजे हैं
भावनाओं के दुआरे
प्रेम के तोरण सजे हैं
चाह जो थी दूर कल तक
पास लाना चाहता हूँ
कल्पनाओं के सफर में
दूर जाना चाहता हूँ
मृदु हृदय उद्गार में
मोह के आकार में
प्रीत की आशा जगी है
आज अभिलाषा जगी है।।

             4

आज मन के निज नगर में
सज रहे हैं गीत के स्वर
प्रीत के पावस पवन में
गूँजते मधुमास के त्वर
है सजी ऋतु ये रसीली
हैं प्रहर सब आज पावन
गेह में पल-पल छुपा है
स्नेह का संपूर्ण गायन
देह के आधार में
कामना उपहार में
प्रीत की आशा जगी है
आज अभिलाषा जगी है।।

              5

चल निकल कर मौन पल से
आज मन की कह लें सारे
अंक में जो कुछ हमारे
प्रीत पर हम क्यूँ न वारें
हाँ चलो पहचान लें अब
क्यूँ रहे मन में निराशा
दिख रही है आज हमको
प्रेम की कोमल सुभाषा
पंथ में अभिसार के
मौन के उद्गार में
प्रीत की आशा जगी है
आज अभिलाषा जगी है।।

            6

लौट जाऊँ मैं यहाँ से
तो कहो कैसा लगेगा
साथ में जब हम न होंगे
भाग्य फिर कैसे जगेगा
इस निशा के निज पलों को
कौन देगा मान्यता
शुष्क भावों से कहो फिर
क्या जगेगी  संज्ञान्यता
चेतना के सार में
स्वप्न के विस्तार में
प्रीत की आशा जगी है
आज अभिलाषा जगी है।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        10जून, 2022





जीत सकूँ चाहे ना जग को पर जी लूँ इसको जी भरकर।।

जीत सकूँ चाहे ना जग को पर जी लूँ इसको जी भरकर।।

मैंने जग के सूनेपन में उल्लासों के गीत रचाये
कुछ में भाव लिखे हैं अपने कुछ में दूजे भाव सजाये
फिर भी सोचा इस रंगमंच पे आऊँ मैं क्या-क्या बनकर
जीत सकूँ चाहे ना जग को पर जी लूँ  इसको जी भरकर।।

लेकिन जगती रंगमंच पर कैसा अभिनय करवाती है
भरती है उल्लास कभी औ कभी निराशा दे जाती है
कभी नटी सा जीवन लगता और कभी लगती मनमानी
फिर भी जाने क्यूँ लगती है ये दुनिया जानी पहचानी।।

अपने मन के भावों को कह लेता हूँ यूँ ही लिखकर
जीत सकूँ चाहे ना जग को पर जी लूँ  इसको जी भरकर।।

तुमसे ये जो मेल हुआ है यही भाव है यही प्रणय है
जगती के इस आडंबर में सत को समझे वही हृदय है
एक सत्य है एक प्राण है बहती जिसमें जीवन धारा
करता रहता जिसमें जीवन हर हिस्से का अभिनय सारा।।

भले दृष्टि में अभिनय है ये जीता हूँ मैं इसको मनभर
जीत सकूँ चाहे ना जग को पर जी लूँ इसको जी भरकर।।

हैं हम सब किरदार जगत के मन ही अपना रंगमहल है
जिस पर सारा मंच सजा है ये जगती वो क्रीड़ाथल है
अपना अंश निभा लें जिसपल उन्हीं पलों में जीवन मूल
वरना जाने कौन यहाँ पर कब क्या हो जाये अगले पल।।

बीते पल की घोर निशा में फिर क्यूँ भटके मन घुट-घुट कर
जीत सकूँ चाहे ना जग को पर जी लूँ इसको जी भरकर।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08जून, 2022


जोड़ मन के तार सारे।।

जोड़ मन के तार सारे।।

एक जैसी कामनायें
कह रही सुन भावनाएँ
गीत मन के गुनगुनाती
चाहती औ मुस्कुराती
मौन मन बस ये पुकारे
जोड़ मन के तार सारे।।

बादलों से नीर बरसा
फिर कहो क्यूँ गीत तरसा
भारी मन, क्यूँ दर्द गहरा
कैसा है अब दर्द ठहरा
तोड़ कुंठित बांध सारे
जोड़ मन के तारे सारे।।

एक तरह जब है जीवन
फिर कहो है मौन क्यूँ मन
क्यूँ नहीं यादें उभरतीं
क्यूँ नहीं ख़ुशियाँ ठहरती
आ चलें पनघट किनारे
जोड़ मन के तार सारे।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जून, 2022

जोड़ मन के तार सारे।।

जोड़ मन के तार सारे।।

एक जैसी कामनायें
कह रही सुन भावनाएँ
गीत मन के गुनगुनाती
चाहती औ मुस्कुराती
मौन मन बस ये पुकारे
जोड़ मन के तार सारे।।

बादलों से नीर बरसा
फिर कहो क्यूँ गीत तरसा
भारी मन, क्यूँ दर्द गहरा
कैसा है अब दर्द ठहरा
तोड़ कुंठित बांध सारे
जोड़ मन के तारे सारे।।

एक तरह जब है जीवन
फिर कहो है मौन क्यूँ मन
क्यूँ नहीं यादें उभरतीं
क्यूँ नहीं ख़ुशियाँ ठहरती
आ चलें पनघट किनारे
जोड़ मन के तार सारे।।

कब तक भटकेगा यूँ ही
दर्द ले तरसेगा यूँ ही
आह मन की कब सुनेगा
कह यकीं कैसे करेगा
चल चलें मन के सहारे
जोड़ मन के तार सारे।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जून, 2022

कवि होना आसान कहाँ।

कवि होना आसान कहाँ।।

घाव की कुछ पंक्तियाँ ले
भाव में कुछ बदलियाँ ले
भर नीर का सागर नयन 
औ वेदना आयी शरण 
तब लिखे कुछ गीत मन ने
भरे दर्द का सारा जहाँ
कवि होना आसान कहाँ।।

निज पृष्ठ पर परिणाम देकर
निज आस को विश्राम देकर
भर शब्द के पग-पग सुमन
कर मौन मन के मृदु नयन
जब सजे श्रृंगार मन के
तब लिखे जो मन ने कहा
कवि होना आसान कहाँ।।

सब मोह माया छोड़ कर
निज बंधनों को तोड़ कर
कर के कंटकों का चयन
कर दूर जगती के तपन
प्रिय शब्दों से सिंचित बदन
तब भाव मन का है कहा
कवि होना आसान कहाँ।।

सींच अश्रुओं से क्यारियाँ
कर दूर सब दुश्वारियाँ
सोये जगत में जाग कर
निज मोह सारे त्याग कर
सत्य पथ पर रखते कदम
सींचा लेखनी से जहाँ
कवि होना आसान कहाँ।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जून, 2022

निज अलकों के बंधन खोलो।।

निज अलकों के बंधन खोलो।।

माथे पर भावों का चंदन
उर में भरकर मृदु स्पंदन
कुछ कहता सुन धीरे से मन
अपने आलिंगन में भर लो
निज अलकों के बंधन खोलो।।

सूरज का पथ मद्धम-मद्धम
साँझ निखरती पल-पल थम-थम
निज अंतस में भर भाव प्रथम
कुछ कह दो कुछ मन की सुन लो
निज अलकों के बंधन खोलो।।

प्राची से किरणों की माला
बारह घोड़ों के रथवाला
मुख पर भरकर भाव सुनहरे
जाते-जाते बोले सुन लो
निज अलकों के बंधन खोलो।।


तुम में मैं हूँ मुझमें तुम हो
आस-निरास पल में तुम हो
तुम ही जीवन की अभिलाषा
मृदु पल को पलकों में भर लो
निज अलकों के बंधन खोलो।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03जून, 2022

थोड़ा अहसास करा दो।

थोड़ा अहसास करा दो। 

मेरे मन के अरमानों को
बस तुम इतना आस धरा दो
अपने होने का तुम मुझको
बस थोड़ा अहसास करा दो।।

ये भौतिक उपहार सभी हैं
जैसे बरखा रुत का पानी
जड़ जग के व्यवहार सभी हैं
बिन भावों के जैसी वाणी।।

मेरे भावों में बस जाओ
मन का मेरे मान बढ़ा दो
अपने होने का तुम मुझको
बस थोड़ा अहसास करा दो।।

करी परिक्रमा डगमग पग से
इसमें मेरा दोष नहीं है
मेरे अंतस को झकझोरा
क्या तुमको अफसोस नहीं है।।

अनुभवहीन नहीं मैं इतना
इतना बस विश्वास दिला दो
अपने होने का तुम मुझको
बस थोड़ा अहसास करा दो।।

अपना कोई गीत सुना दो
जीवन भर जिसको मैं गाऊँ
बस इतना उपकार करो तुम
इस जग से परिचित हो जाऊँ।।

हुआ योग्य जब यहाँ जगत में
बस इतना आभास करा दो
अपने होने का अब मुझको
बस थोड़ा अहसास करा दो।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30मई, 2022

जो स्वप्न सजे ही नहीं पलक पर कैसे कह दूँ बिखर गये।।

जो स्वप्न सजे ही नहीं पलक पर कैसे कह दूँ बिखर गये।।


यादों के मानसरोवर से कुछ मुक्तक गिर कर बिखर गये
जो स्वप्न सजे ही नहीं पलक पर कैसे कह दूँ बिखर गये।।

लय का जब कुछ भान नहीं था 
गीतों में कैसे कह पाता
सरगम से जब रहा अपरिचित
गीत कहीं मैं कैसे गाता
जब भाव सजे ही नहीं पटल पर कैसे कह दूँ बिछड़ गये
जो स्वप्न सजे ही नहीं पलक पर कैसे कह दूँ बिखर गये।।

जब अपना अध्याय नहीं था 
लिखता कैसे कहो कहानी
कैसे लिखता सारी बातें
जिनसे सुधियाँ थीं अनजानी
जब रहा कथानक का अभाव फिर कैसे कह दूँ बिसर गये
जो स्वप्न सजे ही नहीं पलक पर कैसे कह दूँ बिखर गये।।

कितना चाहा के कह डालूँ
बातें मन के मौन सफर की
कितना चाहा आज जता दूँ
प्यास मैं अधरों को अधर की
पर मधु से संपर्क नही जब कैसे कह दूँ बिछड़ गये
जो स्वप्न सजे ही नहीं पलक पर कैसे कह दूँ बिखर गये।।

यहाँ वहाँ से शब्द उठा कर
कैसे लिखता मन की बातें
कैसे लिखता भाव सभी वो
कैसे लिखता बीती रातें
जब रातों का इतिहास अधूरा कैसे कह दूँ बिछड़ गये
जो स्वप्न सजे ही नहीं पलक पर कैसे कह दूँ बिखर गये।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       28मई, 2022

वीथियों में उलझा मन।

वीथियों में उलझा मन।  

प्रिय सुधियों के कितने बादल आये आकर चले गये
कुछ बरसाये नेह यहाँ पर कुछ तरसा कर चले गये।।

नहीं कामना देखूँ तुझमें मैं नित नूतन रस धारा
मेरे नयनों को भाया प्रतिपल अल्हड़ रूप तुम्हारा
आस लगाये नैना प्रतिपल हर आती राह निहारें
उम्मीदें भी रहीं ढाँकती पल-पल ये जीवन सारा।।

उम्मीदों के साये में मन मचल-मचल कर छले गये
कुछ बरसाये नेह यहाँ पर कुछ तरसा कर चले गये।।

रखी सजा कर छवि तुम्हारी मन में बरबस झूम लिया
हर आहट को मैंने प्रतिपल पलकों से है चूम लिया
जितने गीत लिखे यादों के मैंने इस तन्हाई में
उन गीतों को अंग लगाकर सब अक्षर-अक्षर चूम लिया।।

मन के मौन समंदर में वो हलचल दे कर चले गये
कुछ बरसाये नेह यहाँ पर कुछ तरसा कर चले गये।।

मन में कितने झंझाओं ने पग-पग पर डेरा डाले
वीथियों पर व्योम की प्रतिपल थे कितने उल्का पाले
जितने प्रश्न उमड़ते मन में वो सारे रहे निरुत्तर
मन वीथी में अब तक उलझा है ढोये भाव निरन्तर।।

हाथ आहुती लेकर बैठे समिधाएँ पर सिमट गये
कुछ बरसाए नेह यहाँ पर कुछ तरसा कर चले गए।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       24मई, 2022

हृदय का अनलिखा भाव।

हृदय का अनलिखा भाव।।

उँगलियाँ पृष्ठ पर लिख न पायीं जिसे
मैं हृदय का वही अनलिखा भाव हूँ।।

थरथराती रहीं उँगलियाँ रात भर
नयन के नीर ठहरे अधर चूम कर
मेज पर पृष्ठ बिखरे इधर औ उधर
मैं उसी मेज का अनदिखा भाव हूँ
उँगलियाँ पृष्ठ पर लिख न पायीं जिसे
इस हृदय का वही अनलिखा भाव हूँ।।

यादों के झील में है कैसी लहर
छटपटाती रही तितलियाँ रात भर
रोक पाया नहीं मैं जिसे चाह कर
बिछड़े उस चाह का मौन प्रभाव हूँ
उँगलियाँ पृष्ठ पर लिख न पायीं जिसे
इस हृदय का वही अनलिखा भाव हूँ।।

मौज से जो किनारे गए हैं बिछड़
स्वप्न पलकों से जो गये हैं बिखर
कहे अनकहे गीत रुके अधरों पर
अनकहे गीत का मैं तो स्वभाव हूँ
उँगलियाँ पृष्ठ पर लिख न पायीं जिसे
इस हृदय का वही अनलिखा भाव हूँ।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22मई, 2022

क्यूँ कर मुझसे प्यार जताया।।

क्यूँ कर मुझसे प्यार जताया।।

तन्हाई लिख रही गीत थी
पग-पग मेरे जीवन में
कैसा तुमने गीत सुनाया
भाव जगे इस तन मन में।।

क्यूँ मेरे भावों को तड़पाया
क्यूँ कर मुझसे प्यार जताया।।

मेरे साँसों की धड़कन में
अनजाने कुछ गीत सजे थे
मेरी आहों की तड़पन में
सूने मन के गीत सजे थे।।

सूने मन का भाव जगाया
क्यूँ कर मुझसे प्यार जताया।।

अर्द्धरात्रि में चंदा तारे
मधुर मिलन का गीत सुनाते
काश मिलन की इस बेला में
बस कुछ देर ठहर तुम जाते।।

क्षण भर क्यूँकर प्रीत जगाया
क्यूँ कर मुझसे प्यार जताया।।

मेरे अधरों पर अधरों का
तेरे चुंबन अब तक अंकित
मेरे मन के मंदिर में भी
भाव तुम्हारे हैं प्रतिबिंबित।।

क्षण भर क्यूँ कर नेह जगाया
क्यूँ कर मुझसे प्यार जताया।।

निज यादों की पर्णकुटी में 
उन्हें सँजो कर अब भी रखा
मैंने अपनी साँसों में वो
महक तुम्हारी अब तक रखा।।

फिर से क्यूँ भावों को जगाया
क्यूँ कर मुझसे प्यार जताया।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21मई, 2022



सपनों का क्या दोष।

सपनों का क्या दोष।  

पलकों पर कुछ स्वप्न सजीले
चाहा बहुत पर कह न पाया।।

क्या अपराध कहूँ मैं अपना
पलकें निस दिन रहीं खोजती
दोषी है क्यूँ मन ये अपना
प्रतिपल बस ये रहीं सोचती।।

भ्रम में बिखरे भाव सभी थे
चाहा बहुत पर चुन न पाया
पलकों पर कुछ स्वप्न सजीले
चाहा बहुत पर कह न पाया।।

सपनों को अभियुक्त बना कर
पलकों को कटघरा बना दूँ
इतना दोष नहीं है इनका
जिसकी खातिर इसे सजा दूँ।।

आकांक्षाओं का भार बहुत
चाहा बहुत पर सह न पाया
पलकों पर कुछ स्वप्न सजीले
चाहा बहुत पर कह न पाया।।

रहा व्याकरण से अनजाना
प्रतिपल मन संघर्ष किया है
नैनों के कोरों की बूँदें
प्रतिपल बस संघर्ष जिया है।।

चाहा कितना बूँद रोक लें
पलकें बहुत पर रह न पाया
पलकों पर कुछ स्वप्न सजीले
चाहा बहुत पर कह न पाया।।

क्या परिणति है उन सपनों की
नयनों में जो कभी सजे थे
इक मूरत जो बनी हृदय में
पलकों ने जो कभी गढ़े थे।।

सपनों का फिर दोष नहीं है
चाह के परिचय कह न पाया
पलकों पर कुछ स्वप्न सजीले
चाहा बहुत पर कह न पाया।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20मई, 2022

प्रतीक्षा।

प्रतीक्षा।  

निस चौखट की प्रहरी पलकें ये हिय उन पर आभारी
सत्य सनातन निष्ठा पर तेरे हम तो हैं बलिहारी
सदियों से कर रही प्रतीक्षा पलकें जिस के दरसन की
है समीप वो पल अपने होगी पूर्ण प्रतीज्ञा सारी।।

पलकों पर कितने ही सावन आये आकर बीत गए
पलकों के निस पनघट के कितने ही आँसू रीत गए
पर विश्वास नहीं खोये इक बस उम्मीद रही बाकी 
अनुमानों में समय चक्र के आखिर हम तो जीत गए।।

तुम आये पलकें भर आयीं मन को भी विश्राम मिला
तपती धरती पर बूँदों से जैसे है आराम मिला
पूर्ण प्रतीक्षा हुई समय की द्वार पलक के खुले सभी
जैसे शबरी के भावों को घट-घट में श्री राम मिला।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18मई, 2022

मधुर निशा के इस पल में काश नेह तुम्हारा मिल जाता।।

मधुर निशा के इस पल में काश नेह तुम्हारा मिल जाता।।

मधुर निशा के इस पल में काश नेह तुम्हारा मिल जाता।।

पलकों के कुछ स्वप्न सजीले
अधरों पर आए हैं खुलकर
जैसे प्यासा पनघट आए
उम्मीदों की गागर सिर धर।।

काश कि पनघट पर प्यासे को शीतल जलधारा मिल जाता
मधुर निशा के इस पल में काश नेह तुम्हारा मिल जाता।।

चली चाँदनी धीरे-धीरे
तारों ने भी पंथ सजाये
मद्धिम-मद्धिम पौन चल रही
पावस ऋतु सा मन अकुलाए।।

बूँदें गिरती काश गात पर जीवन ये सारा मिल जाता
मधुर निशा के इस पल में काश नेह तुम्हारा मिल जाता।।

व्याकुल मन के भाव सँभाले
पलक चाँद की ओर तक रही
मन के पृष्ठों पर कुछ लिखकर
बार-बार कुछ बात कह रही।।

मेरी भग्न कुटी खिल जाती जो साथ तिहारा मिल जाता
मधुर निशा के इस पल में काश नेह तुम्हारा मिल जाता।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16मई, 2022

हृदय के भाव सारे बोल दो।

हृदय के भाव सारे बोल दो।  

भर के मेरे गीत में कुछ शब्द अपने
प्रिय आज हृदय के भाव सारे बोल दो।।

पाप क्या पुण्य क्या इस धरा पे तुम कहो
है प्रेम क्या औ क्या घृणा तुम ही कहो
जो लिखे हैं ग्रन्थ में या जगत का चलन
मुक्त है ये पल के मन की तुम भी कहो।।

भर के नयनों में मृदुलतम भाव अपने
आज बंद पलकों के किनारे खोल दो
भर के मेरे गीत में कुछ शब्द अपने
प्रिय आज हृदय के भाव सारे बोल दो।।

है तुम्हारे नैन में जो स्वप्न सारे
उन को मैं साकार करना चाहता हूँ
जो कुछ रची है आकृति तुमने हृदय में
उनको मैं आकार देना चाहता हूँ।।

चाहता हूँ जिंदगी में हों रंग जितने
जिंदगी में वो रंग सारे घोल दो
भर के मेरे गीत में कुछ शब्द अपने
प्रिय आज हृदय के भाव सारे बोल दो।।

मैंने कब कहा कि देवता बन कर रहूँ 
मैंने कब कहा है दर्द जगती के सहूँ
इतना बस एलान करना चाहता हूँ
ज्योति बनकर दिल में जलना चाहता हूँ।।

छोड़ कर के मन के सारे भ्रांतियों को
अब हिय के अपने द्वार सारे खोल दो
भर के मेरे गीत में कुछ शब्द अपने
प्रिय आज हृदय के भाव सारे बोल दो।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       15मई, 2022



देवता भी उस जगह 
चाहता हूँ तूलिका में रंग भरो तुम





झुलसाऊँ या फिर गीत गाऊँ।

झुलसाऊँ या फिर गीत गाऊँ।  

मैं इस जगत के ताप में झुलसाऊँ खुद को
या किसी रमणी के संग-संग गीत गाऊँ।।

है, देव ने एक रूप दे मुझको निखारा
और भर कर भाव हृदय में उसको सँवारा
फिर दिए कुछ शब्द भाव अंतस के कहूँ मैं
जिसमें रच कर गीत मैंने प्रतिपल पुकारा।।

अब ये है मुझपर कि लिखूँ प्रेम के गीत मैं
या लिखूँ विरह के गीत औ ख़ुद को भुलाऊँ
या फिर जगत के ताप में झुलसाऊँ खुद को
या किसी रमणी के संग-संग गीत गाऊँ।।

है कौन सी ये ज्वाल जगत में जल रही है
मोहती जो किसी को, किसी को खल रही है
मोहती बूँद कहते ओस के सब यहाँ पर
फिर किसी को बूँद ये भला क्यूँ खल रही है।।

जो लतायें झुक गयी हों ओस के निज भार से
उन लताओं को सँभालूँ या कहो भूल जाऊँ
या फिर जगत के ताप में झुलसाऊँ खुद को
या किसी रमणी के संग-संग गीत गाऊँ।।

क्या नहीं फर्ज जानूँ पास में क्या हो रहा
जागता कौन पल-पल, कौन पल-पल सो रहा
कौन है जो जगत का भार काँधों पर लिये
कौन जगती के लिये आस पग-पग ढो रहा।।

क्या यही पुरुषार्थ है जो मिला हमको यहाँ
छोड़ दूँ तुम कहो या कहो इसको निभाऊँ
या फिर जगत के ताप में झुलसाऊँ खुद को
या किसी रमणी के संग-संग गीत गाऊँ।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14मई, 2022

कोई पीछे से आवाज दे रहा।

कोई पीछे से आवाज दे रहा।  

चला जा रहा मैं तो प्रतिपल
थाम समय की डोर हाथ में
ऐसा क्यूँ लगता है कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

पग-पग जीवन गलियारों में
नूतन प्रतिमान लिखा मैंने
अवसादों में अवरोधों में
जीवन गतिमान लिखा मैंने
जब जो भी राह चुनी मैंने
लिया सभी का संग साथ में
फिर ऐसा क्यूँ लगता कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

अनुचित बंधन सभी तोड़ के
सुविधाओं का छोड़ा आँगन
मन में प्रण निश्चित कर हमने
बस दिया प्राण को नव स्पंदन
जीवन जीने की इच्छा में
चला समय के साथ-साथ में
फिर ऐसा क्यूँ लगता कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

कैसे चल दूँ उसे छोड़ के
जब स्वर जाना पहचाना सा
फिर क्यूँ मुझसे छुपता फिरता
जैसे मैं हूँ अनजाना सा
एकाकी इस जीवन में जब
लक्ष्य दिख रहा मुझे पास में
फिर ऐसा क्यूँ लगता कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

जब हम सबको इस जीवन में
चुनने का अधिकार मिला है
कहने, सुनने औ रचने का
सुंदरतम उपहार मिला है
रच डालें नवगीत यहाँ हम
लेकर सबका हाथ-हाथ में
फिर भी क्यूँ लगता है कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        12मई, 2022


थक कर हार मान ले जीवन कब राहों ने स्वीकार किया।।

थक कर हार मान ले जीवन कब राहों ने स्वीकार किया।।


तूफानों में झंझाओं में या बेमौसम विपदाओं में
थक कर हार मान ले जीवन कब राहों ने स्वीकार किया।।

निज पलकों के स्थापित सपने
विश्वासों में हो दृढ़ निश्चय
संकल्पित भावों का चंदन
आस अडिग हो अटल औ अक्षय
संदर्भों के भाव अलग हों मन ऐसा कहाँ विचार किया
थक कर हार मान ले जीवन कब राहों ने स्वीकार किया।।

कदम-कदम हों घातें कितनी
या उमस भरी हों रातें कितनी
ताप दिवस का गात जलाये
धूल भरी बरसातें कितनी
कंटक पथ-पथ बिछे हुए हों कब पग ने यहाँ विचार किया
थक कर हार मान ले जीवन कब राहों ने स्वीकार किया।।

तेरे स्वेद बूँद से सींची
बंजर धरती मुस्काई है
जब-जब तेरे कदम बढ़े हैं
बाँह स्वप्न की खिल आयी है
जब तेरे सारे सपनों को पलकों ने अंगीकार किया
थक कर हार मान ले जीवन कब राहों ने स्वीकार किया।।

तेरे पग की चिनगारी में
क्षमता, पथ रोशन करने की
तेरी दृढ़ता में वो बल है
निज संकट मोचन बनने की
तेज धार कितनी लहरों की कब तट ने है चीत्कार किया
थक कर हार मान ले जीवन कब राहों ने स्वीकार किया।।

जिस मिट्टी को तुमने सींचा
वो उपवन महकायेगी ही
मरुथल में भी तेरा उद्द्यम
जल बूँदें बरसायेंगी ही
तेरा तेज गगन तक छाया जब रवि ने है स्वीकार किया
थक कर हार मान ले जीवन कब राहों ने स्वीकार किया।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        09मई, 2022

भारतीय रेल- दोहे।

भारतीय रेल- दोहे।  

गाड़ी सीटी दे रही, यात्री सब तैयार
अपने जन से मेल हो, सबका यही विचार।।

रात-दिवस चलती रहे, कभी न करे विश्राम
मंजिल-मंजिल नापती, पहुँचाती सब धाम।।

रात-रात भर जाग कर, सारे करते काम
यात्रा जब पूरी हुई, तभी मिले आराम।।

नियमों का सम्मान है, जनसेवा है धरम
समय, सुरक्षा मूल तत्व, अपना तो है करम।।

इंजन की सीटी सुने, सबका मन हरषाय
जंगल, नदिया नापती, सबको घर पहुँचाय।।

राष्ट्र की जीवन रेखा, सब कोई अपनाय
मुस्कानों के साथ ये, सबको गले लगाय।।

रेल संपत्ति राष्ट्र की, सेवा ही सम्मान
आओ सब मिल प्रण करें, सदा रखेंगे मान।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06मई, 2022

मौन भला क्यूँ कर रहना।

मौन भला क्यूँ कर रहना।  

गीत मुखर हों जब अधरों पर
मौन भला फिर क्यूँ कर रहना।।

अब तक जीवन भटका-भटका
घूम रहा था भूला-भूला
जैसे कोई भटका राही
अपने मंजिल का पथ भूला
पर शीतल छाया मिल जाये
घने ताप में फिर क्यूँ रहना
गीत मुखर हों जब अधरों पर
मौन भला फिर क्यूँ कर रहना।।

कहीं शोर हो कहीं शांति हो
मन के भीतर कहीं भ्रांति हो
बूँदें पलकों पर हो ठहरे
या यादों के सागर गहरे
मन के भीतर शोर बहुत हो
अरु पलकों से चाहे बहना
तब भावों से नेह लगा लो
मौन भला फिर क्यूँ कर रहना।।

धन्य हुआ उपहारों से मैं
संवादों में तुमने बाँटे
धन्य हुआ मेरा मन पाकर
तुमसे कंटक छल अरु काँटे
तुमसे कितना कुछ पाया है
अफसोस यहाँ फिर क्या करना
तुम पर अब ये गीत निछावर
मौन भला फिर क्यूँ कर रहना।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05मई, 2022



दीपक के मनोभाव।

दीपक के मनोभाव।  

दीपक जब भी जला यहाँ पर
दुनिया को बस ताप दिखा है।।

लौ की ताप सभी ने देखी
पर बाती को कब है जाना
जिसको तुमने जलना समझा
सच वो ही उसका मुस्काना
राख हुई जलकर वो बाती
न चेहरे पर संताप दिखा
दीपक जब भी जला यहाँ पर
दुनिया को बस ताप दिखा है।।

जीवन के घुप अँधियारों ने
सच, मेरा मान बढ़ाया है
लेकिन जैसे हुआ सवेरा
फूँक मार मुझे बुझाया है
आभारी हूँ अँधियारों का
जिसने मेरा मान रखा है
दीपक जब भी जला यहाँ पर
दुनिया को बस ताप दिखा है।।

है मुझको मालूम यहाँ पर
कोई नहीं किसी का साथी
दीपक तब तक ही जलता है
जब तक जलती उसकी बाती
पल-पल जलते दीपक में पर
बाती को सम्मान दिखा है
लेकिन दीपक जला यहाँ जब
दुनिया को बस ताप दिखा है।।

अपनी तो किस्मत में जलना
जल कर भी आकाश सजाया
मैने पग-पग जीवन पथ पर
तम को पथ से दूर हटाया
हाँ, खुश हूँ बुझने से पहले 
अधरों पर मुस्कान दिखा है
क्यूँ कर के अफसोस करूँ अब
दुनिया को जो ताप दिखा है।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02मई, 2022

हृदय तुम्हारा साथ छोड़ दे विरक्त नहीं इतना मन है।।

हृदय तुम्हारा साथ छोड़ दे विरक्त नहीं इतना मन है।।

हृदय तुम्हारा साथ छोड़ दे विरक्त नहीं इतना मन है।।

उँगली पर जो दिवस गिने हैं
कैसे तुमको मैं बतलाऊँ
पल-पल जीवन कैसे काटा
है मुश्किल उसको समझाऊँ
पृष्ठों पर सब भाव उकेरे लिखा वही जो अपनापन है
हृदय तुम्हारा साथ छोड़ दे विरक्त नहीं इतना मन है।।

अवनी से अंबर तक मन ने
पग-पग नाम तुम्हारा लिखा
जब-जब पलकें खोली हमने
केवल रूप तुम्हारा दिखा
हिय ने जो भी भाव बुने हैं सबमें तेरा स्पंदन है
हृदय तुम्हारा साथ छोड़ दे विरक्त नहीं इतना मन है।।

नैन बसी है छवि तुम्हारी
जो कहो यहाँ मैं दिखलाऊँ
तुमसे मेरी साँस जुड़ी है
कैसे मैं तुमको अलगाऊँ
नित्य वचन में बंधा तुम्हीं से तुमसे सारे बंधन हैं
हृदय तुम्हारा साथ छोड़ दे विरक्त नहीं इतना मन है।।

अंतस के सब बंध तोड़ दो
निज भावों को बह जाने दो
रोको मत तुम आँसू अपने
पलकों से सब कह जाने दो
पिय रखो अंक में शीश, कहो, मन में अब कैसा मंथन है
हृदय तुम्हारा साथ छोड़ दे विरक्त नहीं इतना मन है।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        29अप्रैल, 2022

बनूँ गीत मैं नव जीवन का तेरे अधरों पर बस छाऊँ।।

बनूँ गीत मैं नव जीवन का
तेरे अधरों पर बस छाऊँ।।


बनूँ गीत मैं नव जीवन का
तेरे अधरों पर छा जाऊँ।।

मेरे अधरों पर है आई
मेरे उर की मर्म कहानी
शब्द नहीं कह पाये जो कुछ
कहे आँसुओं ने वो वाणी
उर की बस ये चाह रही
तेरी साँसों में बस जाऊँ
बनूँ गीत मैं नव जीवन का
तेरे अधरों पर बस छाऊँ।।

बस ये मन की चाह रही के
अपनी ये पहचान मृदुल हो
कैसे भी हों पल जीवन के
हर पल के अनुमान मृदुल हों
अनुमानों में घुले भाव सब
पहचानों में यूँ ढल जाऊँ
बनूँ गीत मैं नव जीवन का
तेरे अधरों पर बस छाऊँ।।

अपने स्वर में तेरे स्वर के
राग मिला कर गीत सजाऊँ
चाह यही बस मेरे मन की
गीतों में बस तुमको गाऊँ
तुम्हीं चुनो वो गीत मेरे
जिसको तेरा साज बनाऊँ
बनूँ गीत मैं नव जीवन का
तेरे अधरों पर बस छाऊँ।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28अप्रैल, 2022

प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें एक दूजे को हम इतना अधिकार दें, के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें। एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं, ...