कोई पीछे से आवाज दे रहा।

कोई पीछे से आवाज दे रहा।  

चला जा रहा मैं तो प्रतिपल
थाम समय की डोर हाथ में
ऐसा क्यूँ लगता है कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

पग-पग जीवन गलियारों में
नूतन प्रतिमान लिखा मैंने
अवसादों में अवरोधों में
जीवन गतिमान लिखा मैंने
जब जो भी राह चुनी मैंने
लिया सभी का संग साथ में
फिर ऐसा क्यूँ लगता कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

अनुचित बंधन सभी तोड़ के
सुविधाओं का छोड़ा आँगन
मन में प्रण निश्चित कर हमने
बस दिया प्राण को नव स्पंदन
जीवन जीने की इच्छा में
चला समय के साथ-साथ में
फिर ऐसा क्यूँ लगता कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

कैसे चल दूँ उसे छोड़ के
जब स्वर जाना पहचाना सा
फिर क्यूँ मुझसे छुपता फिरता
जैसे मैं हूँ अनजाना सा
एकाकी इस जीवन में जब
लक्ष्य दिख रहा मुझे पास में
फिर ऐसा क्यूँ लगता कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

जब हम सबको इस जीवन में
चुनने का अधिकार मिला है
कहने, सुनने औ रचने का
सुंदरतम उपहार मिला है
रच डालें नवगीत यहाँ हम
लेकर सबका हाथ-हाथ में
फिर भी क्यूँ लगता है कोई
पीछे से आवाज दे रहा।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        12मई, 2022


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें एक दूजे को हम इतना अधिकार दें, के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें। एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं, ...