सम्मान कइसे मिली।

सम्मान कइसे मिली।  

एक दिन खुशी मनवले
मान नाहीं मिली
नारी जबले नारी के ही
सम्मान नाहीं देली।।

कोख में ज लइकी सुनिके
आँसू गिरे लागे
मनवा में कइसन कइसन
भाव जागे लागे
कोखी में बराबर जबले
अधिकार नहीं मिली
एक दिन खुशी मनवले
मान नाहीं मिली।।

जनमते ही लईकीन खातिर
दहेजवा सतावेला
यही देश में नारी ही खुद
नारी के जलावेला
जबले कुरीतिन के असली
अंजाम नाहीं मिली
एक दिन खुशी मनवले
मान नाहीं मिली।।

दुनिया में जिधरो देखा
अत्याचार बढ़त बा
नारी की शुचिता देखा
कइसे कइसे कुढ़त बा
नारी अपराधन के जबले
परिणाम नहीं मिली।
एक दिन खुशी मनवले
मान नाहीं मिली।।

माई, बहिन, बेटी, पत्नी अउर सहेली
कितना ही रूप नारी, हरपल धरेली
कइसन भी मुश्किल हो, उफ्फ ना करेली
चेहरा पे खुशी रखिके दुखवा छुपावेळी।

भगवान के देखली नाहीं,
तुहके ही देखली हम
बिना तोहरे चली नाहीं
सृष्टि ई एक्को कदम।

जवने घर में नारी के उचित 
स्थान नाहीं मिली
वहि घर मा खुशियन के
फूल नाहीं खिली।
इहे बात अजय कहे 
आज सबसे मिल के
सोच जबले बदली नाहीं
एहसास नाहीं खिली।
एक दिन खुशी मनवले
मान नाहीं मिली।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      09मार्च, 2021

स्वयं का विस्तार कर।

स्वयं का विस्तार कर।  

आस्था के फूल सारे स्वार्थ में बिखर रहे
निजता, प्रमुखता अहसास कैसे पल रहे
संबंधों की सोच संकीर्ण हो रही है, क्या
भान ही नहीं के खुद ही खुद को छल रहे।।

स्वप्न का श्रृंगार कर ये रास्ते बुहार कर
वासनाओं पर यहाँ अपने तू प्रहार कर
शूल पथ के सभी खुद फूल हो जाएंगे 
बन के सत्यकाम तू स्वयं विस्तार कर।।

एक दिन सभी यहाँ, खुद ही जान जाएंगे
तेरे पदचिन्हों पर खुद शीश वो नवाएँगे
व्यर्थ का प्रलाप जो भी कर रहे हैं यहाँ
संबंधों की भीड़ में खुद को तन्हा पाएंगे।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       07फरवरी, 2021

कभी मानूँगा ना हार।

कभी मानूँगा ना हार।   

जीवन के विस्तृत प्रसार में
मनोभावों के विस्तार में
कण कण चुगता बन चातक
कभी मैं मानूँगा ना हार।

तेज भले कितनी हो लहरें
सम्मुख सागर भले अपार
तूफानों से डरना कैसा
जब तक हाथों में पतवार।
कण कण चुगता बन चातक
कभी मैं मानूँगा ना हार।।

कभी कभी मिलता है जीवन
पुण्य कर्म का फल है जीवन
हैं असीम निज इसकी इच्छा
उम्मीदों का है ये मधुवन।

इस मधुवन से आज मिला है
मुझे जीवन का सब सार।
कण कण चुगता बन चातक
कभी मैं मानूँगा ना हार।।

तूफानों में जोर भले हो
जूझ गया जो, कब थकता है
ऊँची सागर की लहरों में
माँझी कभी कहाँ रुकता है।

सागर की अपनी सीमा है
औ मन की असीम अपार।
कण कण चुगता बन चातक
कभी मैं मानूँगा ना हार।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       06मार्च, 2021

रंगमंच।

रंगमंच।   

जीवन ये इक रंगमंच है
सबका है अपना अभिनय
संवाद कहीं है मौन कहीं
सबका है अपना परिचय।

पात्र, पात्रता, आवश्यकता
पग पग पर मंचन होती है
जिसकी जैसी यहाँ भूमिका
वैसी ही अंकन होती है।

सबके अपने पात्र सुनिश्चित
धर्म कर्म है सबका संचय।
संवाद कहीं है मौन कहीं
सबका है अपना परिचय।।

वचनबद्धता, भाव, प्रार्थना
सब इच्छाओं में चिन्हित हैं
औ अंतस की समग्र कामना
प्रत्यक्ष यहाँ पर प्रतिबिंबित है।

इच्छाओं की मधुर कल्पना
हिय संबंधों का है मधुमय ।
संवाद कहीं है मौन कहीं
सबका है अपना परिचय।।

रुपहले पर्दे पर चित्रित
सबकी अपनी भाव भंगिमा
जिसकी जैसी प्रस्तुति है
वैसी बनती उसकी गरिमा।

भावों की प्रस्तुति से होता
सबके जीवन में अरुणोदय।
संवाद कहीं है मौन कहीं
सबका है अपना परिचय।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       05मार्च, 2021





मौन पीड़ाएँ।

मौन पीड़ाएँ।  

जीवन के नीरव निशीथ में
मौन उमड़ते अंधकार में
व्यग्र हृदय कब तक रहता
कब तक ये पीड़ाएँ सहता।

कितने छल कितनी पीड़ाएँ
मौन बींधते रहते मन को
उमड़ घुमड़ कितनी इच्छाएँ
मौन खीझते रहते मन को।

मुक्त कंठ की इच्छा लेकर
आखिर कब तक मौन तड़पता।
व्यग्र हृदय कब तक रहता
कब तक ये पीड़ाएँ सहता।।

व्याकुल व्याकुल रहते प्रतिपल
अंतस की अभिलाषा कितनी
नयनों में फिरती हैं प्रतिपल
जीवन की आशाएँ कितनी।

पलकों में संचित आशा ले
आखिर कब तक भाव सुलगता।
व्यग्र हृदय कब तक रहता
कब तक ये पीड़ाएँ सहता।

पृथक पृथक हों भाव सभी जब
पृथक पृथक सब राह चलें जब
कांटों से भी मुश्किल लगती
सहज भले हों राह यहाँ तब।

अपनी डाली के काँटों का
दंश कोइ कब तक सहता।
व्यग्र हृदय कब तक रहता
कब तक ये पीड़ाएँ सहता।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       04मार्च, 2021






मनमीत।

मनमीत।   

मेरे मन के मीत बनो तुम
मैं प्रीत तुम्हारी बन जाऊँ
शब्द बनूँ मैं गीत बनो तुम
संगीत तुम्हारी बन जाऊँ।।

अधरों पर हो प्रेम का अंकन
उर में मधुर मधुर स्पंदन
अंक में भर लूँ स्वप्न तुम्हारे
जीवन ये हो जाये नंदन।

मुक्त गगन की मीत बनो तुम
मैं प्रीत तुम्हारी बन जाऊँ।
शब्द बनूँ मैं गीत बनो तुम
संगीत तुम्हारी बन जाऊँ।।

संवादों में गीत मधुर हो
अहसासों में प्रीत मधुर हो
शब्द शब्द में थिरकन जागे
नई तरंगें, रीत मधुर हो।

नई रीत की गीत बनो तुम
मैं प्रीत तुम्हारी बन जाऊँ।
शब्द बनूँ मैं गीत बनो तुम
संगीत तुम्हारी बन जाऊँ।।

ताप तरंगें इस जीवन को
रह रह कर झुलसाती हैं
जाने कितने भाव हृदय को
रह रह कर हुलसाती हैं।

मेरे अंतस की मीत बनो तुम
मैं प्रीत तुम्हारी बन जाऊँ।
शब्द बनूँ मैं गीत बनो तुम
संगीत तुम्हारी बन जाऊँ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03मार्च, 2021

मौन अब खोल दो।

मौन अब खोल दो।   

कभी तो बैठो पास मेरे
औ कभी तुम कुछ बोल दो
मौन क्यूँ बैठे हो यहॉं पर
दिल की गिरह को खोल दो।।

जानता हूँ दिल में दबी हैं
तिरे भावनाएँ प्यार की
और कितनी चाहतें हैं
इस प्यार के संसार की।

आज दिल में जो दबी है
सभी भावनाएँ बोल दो।
मौन क्यूँ बैठे हो यहाँ पर
दिल की गिरह को खोल दो।।

क्या याद अब तुमको नहीं
मुझसे था क्या क्या कहा
साथ मिलकर जब चले थे
हमने था क्या क्या सहा।

भूल तुम कैसे गए सब
कुछ तो कहो कुछ बोल दो।
मौन क्यूँ बैठे हो यहाँ पर
दिल की गिरह को खोल दो।।

बाद अपने प्रेम की बस
रह जायेंगी निशानियाँ
गीत अपने प्रीत की
गूंजेंगी बन कहानियाँ।

फिर हमारे गीत में तुम
प्रीत के रस घोल दो।
मौन क्यूँ बैठे हो यहाँ पर
दिल की गिरह को खोल दो।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02मार्च, 2021

दर्द।

दर्द।   

जिस दर्द ने तुमसे मुझे मिलाया
उस दर्द का शुक्रिया करता हूँ।
जिस दर्द ने मुझको प्रीत सिखाया
उस दर्द का शुक्रिया करता हूँ।।

सूना जीवन था ये मेरा
तुम आये आकाश मिला
सदियों से प्यासी धरती को
बूँदों का मधुमास मिला।

जिन बूंदों ने मधुमास खिलाया
उन बूंदों का शुक्रिया करता हूँ।
जिस दर्द ने तुमसे मुझे मिलाया
उस दर्द का शुक्रिया करता हूँ।।

कभी खिली थीं कलियाँ मुझमें
जाने कब कैसे बिखर गयीं 
कभी मिली थीं खुशियाँ मुझको
जाने कब कैसे बिछड़ गयीं।

जिस दर्द ने मुझको पास बिठाया
उस दर्द का शुक्रिया करता हूँ।
जिस दर्द ने तुमसे मुझे मिलाया
उस दर्द का शुक्रिया करता हूँ।।

आज मिले जो जीवन पथ में
तन्हा छोड़ नहीं तुम जाना
मेरे गीतों में शब्द तुम्हीं हो
मुश्किल है इनका जी पाना।

जिस फर्ज ने तुमसे मुझे मिलाया
उस फर्ज का शुक्रिया करता हूँ।
जिस दर्द ने तुमसे मुझे मिलाया
उस दर्द का शुक्रिया करता हूँ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        01मार्च, 2021



ऐसे कैसे रहते हो।

ऐसे कैसे रहते हो।  

कितना कुछ सुनते हो सबकी
फिर भी हंसते रहते हो
कुछ बतलाओ मुझसे भी
के ऐसे कैसे रहते हो।।

कितनी ही आवाजों में
तुमने खुद को ढाला है
मुख से उफ ना किया कभी
हँस कर सबको पाला है
आघातों के बीच खड़े हो
फिर भी हँसते रहते हो।
कुछ बतलाओ मुझसे भी
के ऐसे कैसे रहते हो।।

छोटी छोटी इच्छाओं का
सबकी हरदम मान किया
खुद की सारी इच्छाओं का
हरपल ही बलिदान किया
दबी हुई इच्छाएं कितनी
फिर भी हँसते रहते हो।
कुछ बतलाओ मुझसे भी
के ऐसे कैसे रहते हो।।

कितने सूनेपन में तुमको
छुपकर रोते देखा है
रोशन महफ़िल में भी तुमको
 तन्हा होते देखा है
तन्हाई की टीस लिए हो
फिर भी हँसते रहते हो।
कुछ बतलाओ मुझसे भी
के ऐसे कैसे रहते हो।।

तुमको देखा जीवन देखा
पग पग कितनी सीख मिली है
अँधियारा कितना हो गहरा
उम्मीदों से जीत मिली है
तुमको देखा तब है जाना
जीवन किसको कहते हैं।
अब जाकर मैंने भी जाना
के ऐसे कैसे रहते हो।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28फरवरी, 2021

आँखों की बातें।

आंखों की बातें।   

दिल की कितनी ही बातें
दिल ही में रह जाती हैं
होंठ कहें चाहे ना कुछ भी
आँख मगर कह जाती है।।

कोई कितना दूर रहे पर
यादों में रहता है हरदम
परछाईं बन चलता रहता
साँसों में बसता है हरदम।

आती जाती साँसें हरदम
गीत उसी के गाती हैं।
होंठ कहें चाहे ना कुछ भी
आँख मगर कह जाती है।।

आज वफ़ा की बातें कितने
अरमानों में झलक रहे हैं
और राहतें दिल के कितने
पैमानों में छलक रहे हैं।

अरमानों के पैमाने भी
सपनों में आती जाती हैं।
होंठ कहें चाहे ना कुछ भी
आँख मगर कह जाती है।।

इक थर्राहट होठों पर है
आँखों में भी बेचैनी है
दिल मे दूर किसी कोने पर
शायद अब भी बेचैनी है।

बेचैनी के कितने ही पल
छुप छुप कर बह जाती है।
होंठ कहें चाहे ना कुछ भी
आँख मगर कह जाती है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       28फरवरी, 2021





इतिहास बनाने आया हूँ।

इतिहास बनाने आया हूँ।   

चलते फिरते इस जीवन में
जाने क्या क्या होता है
कहीं बिखरते फूल खुशी के
कहीं आसमां रोता है।

हंसते रोते आसमाँ में
उम्मीद जगाने आया हूँ।
इतिहासों को क्या दुहराना
मैं इतिहास बनाने आया हूँ।।

आँखों में अंगारे देखा
जिह्वाओं पर नारे देखा
छोटे से जीवन में हमने
जीत कभी कभि हारे देखा।

हार जीत से ऊपर उठकर
विश्वास जगाने आया हूँ।
इतिहासों को क्या दुहराना
मैं इतिहास बनाने आया हूँ।।

बने बिगड़ते संबंधों में
अपनेपन की पीड़ाएँ हैं
कभी गौर से देखो जब भी
दिखती कितनी क्रीड़ाएँ हैं।

संबंधों में सूनेपन का
वनवास मिटाने आया हूँ।
इतिहासों को क्या दुहराना
मैं इतिहास बनाने आया हूँ।।

इस जीवन की अँगनाई में
धूप छाँव का डेरा है
जिंदापन का एहसास तभी
जब संवादों का फेरा है।

अधरों के मुखरित कंपन में
नव साँस जगाने आया हूँ।
इतिहासों को क्या दुहराना
मैं इतिहास बनाने आया हूँ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28फरवरी,2021



इशारा।

इशारा।  

कब मेरे इस मौन को
संवादों का आश्रय मिलेगा
कब मेरे इस कौन को
परिचयों का आशय मिलेगा।

कब मुझे धरती मिलेगी
कब गगन मुझको मिलेगा
कब मिलूँगा खुद से मैं
कब चमन मुझको मिलेगा।

कब मिलेगा मन हमारा
और उपवन कब खिलेगा
कब खिलेंगी मौन कलियाँ
और गुलशन कब खिलेगा।

औरों की उम्मीदों का
कबतक वहन खुशियाँ करेंगी
औरों की इच्छाओं में
कबतक यहाँ खुशियाँ पलेंगी।

जानता हूँ प्रश्न कितने
मौन संवादों में छिपे हैं
और उनकी भावनाएँ
बीच पलकों के छिपे हैं।

अपनी सारी भावनाओं का
तुमसे सहारा चाहता हूँ
मौन को आवाज दूँ
तुमसे इशारा चाहता हूँ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       25फरवरी, 2021

जीवन अविरल बहता रहता।

जीवन अविरल बहता रहता | 

जीवन अविरल बहता रहता 
कभी सुनता कभी कुछ कहता 
कितनी बातें इसके दिल में 
बिखर सिमट कर चलता रहता | 

कभी पाने की जिद कहीं की 
और कभी दाता बन बैठा 
कभि खोया अपनी ही धुन में 
और कभी याचक बन बैठा | 

कितने स्वप्न तराशे इसने 
खोकर आँखों की नींदें 
कितने दांव लगाए इसने 
अपनी आँखों को मींचें | 

जितने शब्द पिरोये इसने 
उतना इसको मान मिला 
चली लेखनी जब भी इसकी
इसको बस सम्मान मिला | 

इसकी परछाईं ने कितने 
आकारों को गढ़ा यहाँ 
भावों को औ मंतव्यों को
सँभल सँभल कर पढा यहाँ|

आभासों औ अहसासों में 
परिवर्तन ये पलता रहता 
जीवन अविरल बहता रहता 
जीवन अविरल बहता रहता ||   

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       23फरवरी, 2021

*सफर को कोई नाम दें।*   

इस खामोशी को जुबान दें
आओ इसे कुछ आयाम दें
कब तलक यूँ ही चलते रहेंगे
सफ़र को अब कोई नाम दें।।

कब गुजरीं लम्हों में सदियाँ
अभी तलक ये पता ना चला
यूँ तो मिलते रहे हम सदा
खुद से अभी तक ना मैं मिला।

चलो खुद से मिलें दोनों
एक दूजे को कुछ नाम दें।
कब तलक यूँ ही चलते रहेंगे
सफर को अब कोई नाम दें।।

यूँ चले कितनी हसरत लिए 
आशाओं के जलाए दिए
कल लिखे थे जो गीत हमने
तिरे होठों ने उनको छुए।

चलो फिर से सारे गीतों को 
मिलकर के अपनी जुबान दें।
कब तलक यूँ ही चलते रहेंगे
साफर को अब कोई नाम दें।।

न तेरी ख़ता न मेरी ख़ता
हुआ कुछ मगर किसे है पता
अब भी दिलों में थोड़ी कसक
तुझे ये पता मुझे भी पता।

चलो आज फिर, वहीं पर मिलें
 एक दूजे को ईनाम दें।
कब तलक यूँ ही चलते रहेंगे
सफर को अब कोई नाम दें।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय

       हैदराबाद

       22फरवरी, 2021

सफर को कोई नाम दें।

सफर को कोई नाम दें।   

इस खामोशी को जुबान दें
आओ इसे कुछ आयाम दें
कब तलक यूँ ही चलते रहेंगे
सफ़र को अब कोई नाम दें।।

लम्हों में सदियाँ कब गुजरी 
मुझे अब तलक पता ना चला
यूँ तो मिलते रहे सदा हम
पर खुद से अभी तक ना मिला।

चलो खुद से मिलें हम दोनों
एक दूजे को कुछ नाम दें।
कब तलक यूँ ही चलते रहेंगे
सफर को अब कोई नाम दें।।

यूँ चले कितनी हसरत लिए 
आशाओं के जलाए दिए
कल लिखे जो भी गीत हमने
तिरे होठों ने उनको छुए।

चलो फिर उन सारे गीतों को 
मिलकर हम अपनी जुबान दें।
कब तलक यूँ ही चलते रहेंगे
साफर को अब कोई नाम दें।।

न तेरी ख़ता न मेरी ख़ता
हुआ कुछ मगर किसे है पता
अब भी दिलों में थोड़ी कसक
तुझे ये पता मुझे भी पता।

चलो आज फिर, वहीं पर मिलें
 एक दूजे को ईनाम दें।
कब तलक यूँ ही चलते रहेंगे
सफर को अब कोई नाम दें।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       22फरवरी, 2021

तुम आज गवाही देना।

तुम आज गवाही देना।   

बिखर रहे इन हालातों में
बस थोड़ी परछाईं देना
मौन हुआ हूँ भले यहाँ मैं
पर तुम आज गवाही देना।।

पल-पल अभ्यासों के बल पर
कितने विश्वासों के बल पर
चला पंथ उम्मीद सहारे
कितने अहसासों के बल पर।

हुई चूक जो कहीं कभी तो
तुम उसकी सुनवाई देना।
मौन हुआ हूँ भले यहाँ मैं
पर तुम आज गवाही देना।।

छोटे छोटे प्रण के बल पर
इच्छा का सम्मान किया है
गंतव्यों तक जाने खातिर
मैंने सबका मान किया है।

मेरे प्रण की पीड़ाओं की
तुम बस आज दवाई देना।
मौन हुआ हूँ भले यहाँ मैं
पर तुम आज गवाही देना।।

इक बस तेरा साथ मुझे है
सारी उम्मीदों से बढ़कर
मैंने अपना जीवन पाया
इक बस तुझसे ही मिलकर।

मेरे अहसासों से मिलकर
तुम अपनी परछाई देना।
मौन हुआ हूँ भले यहाँ मैं
पर तुम आज गवाही देना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       19फरवरी,2021


गान ऐसा दीजिए।

गान ऐसा दीजिए।  

पीत पुष्प पीत पात
पीत वसन ओढ़ रही
प्रीत का मधुर प्रभाव
गात गीत छेड़ रही।

ऋतु बसंत आ रही
भावों को लुभा रही
पुष्प पुष्प प्रीत बनी
मधुमय बन पिला रही।

खेत की ये क्यारियाँ
सरसों की बालियाँ
पीत रंग रँगी चुनर
धरती लहलहा रही।

पुष्प नूतन खिल रहे
नवपात वृक्ष खिल रहे
दूर क्षितिज मुक्त भाव
धरती गगन मिल रहे।

आज कामनाओं को
उड़ान नई दीजिए
भावना में प्रेम हो
गान ऐसा दीजिए।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      15फरवरी, 2021


कर्तव्यों की देहरी।

कर्तव्यों की देहरी।  

मौन विकल हो जाता है
एहसास शिथिल पड़ जाते हैं
कर्तव्यों के पुण्य पंथ पर
जब स्वार्थ कभी अड़ जाते हैं।

नींद हुई ओझल आँखों से
सपनों ने भी मुँह मोड़ा
एहसासों की देहरी पर
अपनों ने लाकर छोड़ा ।

दिल करता है मौन पहनकर
खुश सपनों में फिर खो जाऊँ
बहुत सहा उपहास अभी तक
फिर चेतन से जड़ हो जाऊँ।

बस अपनी दुनिया में जागूँ
खुद से बस खुद को माँगूँ
बस देखूँ निज स्वप्न सुनहरे
खुद की इच्छा से ही जागूँ।

आँख मूँदने भर से केवल
ये सूरज नहीं ढला करता 
अधिकार वही सुरक्षित होता
जो कर्तव्यों की गोद पलता ।

जागृत निशा का प्रहरी जब
अँधियारों से डरना कैसा
कर्तव्यों के पुण्य पंथ से
यूँ डरकर फिर टरना कैसा।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      15फरवरी, 2021



एक उम्मीद।

एक उम्मीद।   

साँझ ढली है राह थकी है
ओढ़ चली असमानी चादर
थके कदम, पर चले राह में
भरने कुछ सपनों की गागर।

कहे-अनकहे उनके किस्से
व्यवहारों में झलक रहे हैं
फ़टी एड़ियाँ, तप्त पसीने
कदम कदम पर छलक रहे हैं।

पनियायी आँखों में अब भी
सीमित सपनों की गहराई 
संग संग उसके राह चली
उम्मीदों ने ली अँगड़ाई।

चेहरों की मुस्काती सिलवट
सुना रही अनसुनी कहानी
सूरज ढल कर भले छुप गया
ढली नहीं उम्मीद सुहानी।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
     हैदराबाद
     13फरवरी, 2021

कदमों के निशान।

कदमों के निशान।  

तुम चले जिस मार्ग पर
उस मार्ग पर मैं भी चला
तुम पले जिस डाल पर
उस डाल पर मैं भी पला।

पर कौन सी थी बात जो
हम दोनों में थोड़ी अलग
तुम अड़े जिस बात पर
उस बात से हरदम टला।

जब भी देखा मैने तुमको
इक व्यूह का घेरा दिखा
तुम तो रमे उस व्यूह में
पर मुश्किलों में मैं पला।

वेदनाओं के सफर में
क्यूँ चेतनाएँ मौन थी
चेतना की खोज में मैं
हरपल राह कितनी ही चला।

आज भी वीथी पर दिखेंगे
मेरे कदमों के निशान
छोड़ जिसको तुम चले
उस मार्ग मैं हरदम चला।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      11फरवरी, 2021

सीमित साधन में सपने।

सीमित साधन में सपने।   

कितने ही सपने आंखों के
सीमित साधन से तरस रहे
कितनी ही उम्मीदें पग में
बनकर आशाएँ बरस रहे।

सूर्य उदय से सूर्य ढले तक
कितना लंबा सफर चले हैं
कभी छाँव में पाया कुछ कुछ
कभी धूप में पाँव जले हैं।

धूप छाँव का सफर घना, पर
कभी पाए कभी तरस रहे।
कितने ही सपने आंखों के
सीमित साधन से तरस रहे।।

श्रेष्ठ स्वप्न आंखों में भरकर
उम्मीदों का गान किया है
दृष्टि शिखर पर रखकर हमने
पौरुष का सम्मान किया है।

कर्तव्यों के पथ चलने से
कितने ही जाने अलग रहे।
कितने ही सपने आंखों के
सीमित साधन से तरस रहे।।

मुट्ठी भर आकाश लिए ही
दूर क्षितिज को निकल पड़ा हूँ
उम्मीदों को पाने खातिर
उम्मीदों में रहा अड़ा हूँ।

साँझ ढले जीवन बेला में
कुछ कटु अनुभव, कुछ सरस रहे।
कितने ही सपने आंखों के
सीमित साधन से तरस रहे।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        10फरवरी, 2021

गीतों में जीवन।

गीतों में जीवन।  

मैने तो अपने गीतों में
जीवन सारा लिख डाला
कहीं लिखीं उम्मीदें सारी
कहीं हताशा लिख डाला।

पंक्ति पंक्ति के बीच फासले 
कहीं बहुत तड़पाते हैं
पूर्ण विराम के बाद फासले
वहीं बहुत समझाते हैं।

कुछ मौन पंक्तियों ने फिर भी
बिना कहे सब कह डाला
मैंने तो अपने गीतों में
जीवन सारा लिख डाला।।

कहीं लिखी रिश्तों की बातें
और कहीं किश्तों की बातें
कहीं प्रेम का मौन समर्पण
और कहीं पहचानी घातें।

टीस हृदय की कहीं लिखी है
आस कहीं पर लिख डाला।
मैंने तो अपने गीतों में
जीवन सारा लिख डाला।।

पथ के प्रस्तर से टकराकर
अपनेपन की चाह लिखी
संघर्ष भरे जीवन पथ में
उम्मीदों की राह लिखी।

बनते और बिगड़ते पथ में
सपनों सा जीवन लिख डाला।
मैंने तो अपने गीतों में
जीवन सारा लिख डाला

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       10फरवरी, 2021

उम्र का सफर।

उम्र का सफर। 

जाने कैसा था सफर जिसपे मैं चलता रहा
मन में कितनी ख्वाहिशें लिए मैं पलता रहा।।

इक उम्र की तलाश में, इक उम्र गुजारी मैंने
उम्र की हसरत लिए, उम्र भर चलता रहा।।

ना थी कोई भीड़ और ना कोई था कारवाँ
मंजिलों की होड़ में खुद से ही मिलता रहा।।

उम्र की तलाश में ज़ख्म जितने भी मिले
जख्म के उस दर्द को उम्र से सिलता रहा।।

अब कोई शिकवा नहीं और ना कोई शिकायत
उम्र जीने के लिए मैं उम्र भर चलता रहा।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      09फरवरी, 2021

कह दो तो बतलाऊँ मैं।

कह दो तो बतलाऊँ मैं।   

मैंने जो तस्वीर बनायी
कह दो तो दिखलाऊँ मैं
अंतर्मन के भावों को
कह दो तो बतलाऊँ मैं।

मन में इक आकाश बुना है
कह दो तो दिखलाऊँ मैं
प्रतिपल तुमको पास सुना है
कह दो तो बतलाऊँ मैं।

और खयालों में मेरे
नहीं कभी कुछ और रहा
बस तेरी ही बातें समझी
नहीं कभी कुछ और कहा।

तुमसे ही आकाश मेरा
कह दो तो दिखलाऊँ मैं
तस्वीरों में तुमको देखा
कह दो तो बतलाऊँ मैं।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        09फरवरी, 2021

शोक क्या करना।

शोक क्या करना।  

नहीं शिकायत शिकवा कोई
अफसोस यहाँ फिर क्या करना
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।

खामोशी से पाया जिसको
उसका कुछ उल्लास नहीं 
छूट गया है जो इस पथ में
उसका अब संताप नहीं।

उल्लास नहीं किया यहाँ जब
संताप यहाँ फिर क्या करना।
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।

पलकों से कितने ही अश्रु
रुके कभी, कभि छलक गए
कभी भिंगोया अंतर्मन को
और कभी यूँ  ढलक गए।।

ढलक गए आँसू पलकों से
दोष यहाँ किस पर धरना।
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।

मिले सफर में जाने कितने
औ जाने कितने छूट गए
साथ चले जो, तेरे अपने
थे गैर यहाँ जो, छूट गए।

बने बिगड़ते रिश्तों का फिर
दोष किसी पर क्या मढ़ना।
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।

हँस कर जीना सीख लिया जो
उसने ही जीवन जाना है
उसने ही है पाया जग में
जिसने खुद को पहचाना है।

पहचान लिया जिसने खुद को
मोह किसी से क्या करना।
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        09फरवरी, 2021






तुमने सुन लिया।

तुमने सुन लिया।   

मैंने तो कुछ कहा नहीं
तुमने मगर सुन लिया
मन में मेरे जो भी था 
तुमने मगर सुन लिया।।

तुमसे अब मैं क्या कहूँ यहाँ
सभी कुछ तुमने कह दिया।
मैंने जो भी कहा नहीं
तुमने मगर सुन लिया।।

तुमसे मिले मुझको लगा
जिंदगी को साहिल मिला
सोई सोई चाहतों के
सपनों को हासिल मिला।

स्वप्न में जो मैंने बुना
तुमने मुझे वो कह दिया।
मैंने तो कुछ कहा नहीं
तुमने मगर सुन लिया।।

अब दुनिया मेरी तुमसे शुरू
तुमसे ही हैं सपने मेरे
तुमसे सारी आशाएँ हैं
तुमसे ही अब साँसें मेरी।

मेरि खुशनसीबी है ये
जो तुमने मुझे चुन लिया।
मैंने तो कुछ कहा नहीं
तुमने मगर सुन लिया।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       08फरवरी, 2021



आमंत्रण।

आमंत्रण।   

जब मन के भाव व्यथित हो 
मन ही मन अकुलाते हैं
उम्मीदों के घायल पक्षी
घुट घुट कर तड़पाते हैं।

तब शब्दों की सकल वेदना
देती मुझको है आमंत्रण।।

जब सपनों की देहरी पर
खिले फूल मुरझाते हैं
जब नन्हीं नन्हीं आंखों के
अधखिले स्वप्न झर जाते हैं।

तब शब्दों की सकल वेदना
देती मुझको है आमंत्रण।।

जब कौतुक दिखलाकर कोई
भोलापन बहलाते हैं
जब झूठे झूठे वादों से
स्वप्न दिखा फुसलाते हैं।

तब शब्दों की सकल वेदना
देती मुझको है आमंत्रण।।

आवाजों की दुनिया में 
जब कोई गुमसुम होता है
सुविधाओं के आँगन में
जब कोई भूखा सोता है।

तब शब्दों की सकल वेदना
देती मुझको है आमंत्रण।।

किसी कोख से नन्हीं कोई
अमिट प्रश्न दे जाती है
लिंगभेद के जाने कितने
प्रश्न हमें दे जाती है।

तब शब्दों की सकल वेदना
देती मुझको है आमंत्रण।।

जब लपटों में झुलस जिंदगी
चीखों में शोर मचाती है
जब अल्हड़ सी दुनिया कोई
पैसों पर बिछ जाती है।

तब शब्दों की सकल वेदना
देती मुझको है आमंत्रण।।

आकाशों की छाँवों खातिर
मुक्त कलम बँध जाती है
जब ताकत की चौखट पर
गान नया लिख जाती है।

तब शब्दों की सकल वेदना
देती मुझको है आमंत्रण।।

मेरे शब्दों में बसकर के
मुझको इतनी शक्ति देना
सबके भावों को दर्शाऊँ
मुझको ऐसी भक्ति देना।

 भरूँ हृदय में प्रेम सभी के
और सभी को दूँ आमंत्रण।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       08फरवरी, 2021

बात अभी भी बाकी है।

बात अभी भी बाकी है।   

दीप बुझाऊँ कैसे बोलो
रात अभी भी बाकी है
कहो विदाई कैसे दे दूँ
बात अभी भी बाकी है

चलो सुनाओ कोइ कहानी
नई कहो या कोइ पुरानी
मन के भावों को पुचकारे
अनजानी हो या पहचानी।

अनुमति तुमको कैसे दे दूँ
जज्बात अभी भी बाकी है।
कहो विदाई कैसे दे दूँ
बात अभी भी बाकी है।।

कदम कदम पर कितनी बातें
कितनी ही अभिलाषा हैं
कब शुरू हुआ कब हुआ खतम
जीवन की कैसी गाथा है

जीवन की गाथाएँ कितने
अध्यायों में बाकी हैं।
कहो विदाई कैसे दे दूँ
बात अभी भी बाकी है।।

उम्मीदों का सफर शुरू है
सपनों की परछाईं में
खुशियाँ मुझको आज मिली हैं
तुझसे ही अँगनाई में।

तुमसे मिलकर मैंने जाना
उम्र अभी भी बाकी है।
कहो विदाई कैसे दे दूँ
बात अभी भी बाकी है।।
✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06फरवरी, 2021

मेरे मन की कब समझोगे।

मेरे मन की कब समझोगे।  

मैं सहज भाव से ओतप्रोत
तुम उम्मीदों के मूलस्रोत
मैं भावों की सहज प्रवृत्ति
तुम आशा के सहस्रस्रोत।

शीश झुका करता मैं वंदन
मेरे मन की कब समझोगे।।

नव पल्लव सा डोल डोल
बंद हृदय को खोल खोल
कहो समर्पित कर दूँ मैं भी
अपने भावों को बोल बोल।

विनम्र हृदय करता है क्रंदन
मेरे मन की कब समझोगे।।

तुम अंतस की मधुर अल्पना
मुक्त हृदय की सकल कल्पना
तुम ही उम्मीदों के हिमगिरि
पवित्र भाव, और संकल्पना।

पवित्र भाव करते अभिनंदन
मेरे मन की कब समझोगे।।

मोक्ष तुम्हीं अभिषेक तुम्हीं
आशा और संकेत तुम्हीं
भावों का प्रतिपादन तुम हो
और मेरे साकेत तुम्हीं।

तुमसे ही अंतस के बंधन
मेरे मन की कब समझोगे।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05फरवरी, 2021


सुलगती आशाएँ।

सुलगती आशाएँ।   

उम्मीदें बाधाओं में घिर
बदल रही हैं परिधानों में
सुलग रही आशाएँ कितनी
जीवन के कुछ व्यवधानों में।

मोड़ मोड़ पर क्षोभ बड़े हैं
जाने कितने लोभ खड़े हैं
मचल रही यूँ आज चेतना
लगता जैसे रोक पड़े है।

बिलख रही है आज वेदना
दिवस ढले अवसानों में।
सुलग रही आशाएँ कितनी
जीवन के कुछ व्यवधानों में।।

आकृतियों के कितने बंधन
विकृतियों में सुलग रहे हैं
स्वीकृतियों के कितने अवसर
अनुकृतियों में विलग रहे हैं।

विकृतियाँ स्वीकृतियाँ भी अब
कुतुक बनी हैं पैमानों में।
सुलग रही आशाएँ कितनी
जीवन के कुछ व्यवधानों में।।

भ्रम से आच्छादित मंडल में
उपहारों का कुछ मोल नहीं
उम्मीदों आशाओं से भी
जीवन क्या अनमोल नहीं।

भ्रम का अनुपालन क्यूँ लगता
मोक्ष दे रहा अनुमानों में।
सुलग रही आशाएँ कितनी
जीवन के कुछ व्यवधानों में।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       04फरवरी, 2021

मैंने जीना सीख लिया।

मैंने जीना सीख लिया।   

मुक्त कर अपने हृदय को
मैंने जीना सीख लिया
अंतस के सारे घावों को
मैंने सीना सीख लिया।

स्वप्न जीवन के बहुत थे
पर ध्वस्त कितने हो गए
कुछ राह को मंजिल मिली
अभ्यस्त कितने हो गए।

बनते बिगड़ते स्वप्न को
मैंने सीना सीख लिया।
मुक्त कर अपने हृदय को
मैंने जीना सीख लिया।।

वक्त ही सब सर्जना है
औ वक्त ही संजीवनी
वक्त ही अनुमान सारे
औ वक्त ही चेतावनी।

वक्त के अमृत गरल सब
मैंने पीना सीख लिया।
मुक्त कर अपने हृदय को
मैंने जीना सीख लिया।।

कुछ रंग जीवन के चुने
कुछ कल्पना किरणावली
पर क्या करूँ हालात का
जो दे गए प्रश्नावली।

प्रश्नावली के प्रश्न में
मैंने जीना सीख लिया।
मुक्त कर अपने हृदय को
मैंने जीना सीख लिया।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       03फरवरी, 2021

तेरा प्यार अब दवा हो गया।

तेरा प्यार अब दवा हो गया।  

न तेरी खता थी, न मेरी खता थी
मगर कोई अपना खफ़ा हो गया है।

खबर कुछ नहीं है खता किसकी थी वो
सनम वो मगर अनमना हो गया है।

दिए ख्वाब जिसने, सुहाने सफर के
वही रास्ते से जुदा हो गया है।

कभी साथ जिसका गँवारा नहीं था
सुना है कि अब वो खुदा हो गया है।


मुझे क्या किसी भी दवा की जरूरत 
तेरा प्यार ही अब दवा हो गया है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       01फरवरी, 2021



यूँ ही धुँआ नहीं होता।

यूँ ही धुँआ नहीं होता।  

कुछ वजह रही होगी कोई यूँ ही जुदा नहीं होता।
कुछ आग लगी होगी वरना यूँ ही धुँआ नहीं होता।।

यूँ तो हर कोई अब रहता है खफा एक दूजे से
शायद अब सबके दिल में पहले सा खुदा नहीं होता।।

यूँ तो हर दफा दोष शमा का ही नहीं होता यारों
कुछ कसक रही होगी यूँ परवाना फना नहीं होता।।

ना जाने कितनी ही आहों का असर फिजाओं में है
वरना शाखों से वो पत्ता यूँ ही जुदा नहीं होता।।

कोई मतलब नहीं महज साथ रहने से यहाँ तब तक
जब तक की दिल से दिल तक का कोई वास्ता नहीं होता।।

कुछ तो वजह रही होगी सर झुकाने की किसी दर पर
कभी भी कोई यूँ ही तो यहाँ पर खुदा नहीं होता।।

कोई तो चोट गहरी ही लगी होगी दिल पर यारों
वरना कभी कोई यूँ ही यहाँ बेवफा नहीं होता।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       01फरवरी, 2021



हाय करूँ क्या रुसवाई।

हाय करूँ क्या रुसवाई।  

शब्द शब्द बंजारे मेरे
भाव चीखती तन्हाई 
उम्मीदें भी बनी मुसाफिर
हाय करूँ क्या रुसवाई।

आशाओं का जीवन हमने
उम्मीदों में पाला था
अपनी कितनी इच्छाओं को
हमने हँस कर टाला था।

उन इच्छाओं की राहों में
मुश्किल थी आवाजाही।
उम्मीदें भी बनी मुसाफिर
हाय करूँ क्या रुसवाई।।

बहुरंगी सपने आंखों में
सजे मगर फिर बिखर गए
कितने ही अवसर राहों में
मिले मगर फिर गुजर गए।

गुजर गए उन अवसर की
नहीं रही अब सुनवाई।
उम्मीदें भी बनी मुसाफिर
हाय करूँ क्या रुसवाई।।

अब कोई अफसोस नहीं 
मुझे किसी भी बातों का
जाने कितने दिवस गुजर गए
हिसाब लगाते रातों का।

अपनी ही कोइ चूक थी शायद
जो मुझे मिली ये तन्हाई।
उम्मीदें भी बनी मुसाफिर
हाय करूँ क्या रुसवाई।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      31जनवरी, 2021

पथिक सँभल कर चलना तुम।

पथिक सँभल कर चलना तुम।  

गर चल रहे हो सत्य पथ पर
पथिक सँभल कर चलना तुम
पथ में अगणित झूठ मिलेंगे
जरा सँभल कर मिलना तुम।

इस पथ पर तुमसे पहले
कितनों ने चल कर देखा है
पग पग कितने शूल चुभे पर
पीछे मुड़ कर ना देखा है।

इस पथ पर चलने से पहले
थोड़ा सोच समझना तुम।
गर चल रहे हो सत्य पथ पर
पथिक सँभल कर चलना तुम।।

रिश्तों और मर्यादाओं के
अनगिन प्रश्न तुम्हें मिलेंगे
बदल रहे इन परिवेशों में
तेरे बन कर तुझे छलेंगे।

प्रश्नों में घिरने से पहले
फिर से जरा समझना तुम।
गर चल रहे हो सत्य पथ पर
पथिक सँभल कर चलना तुम।।

संवादों औ परिवादों में
अंतर आज समझना होगा
सत्य मार्ग चलने से पहले
तुमको जरा सँभलना होगा।

सत्य झूठ की परिभाषा को
फिर से आज परखना तुम।
गर चल रहे हो सत्य पथ पर
पथिक सँभल कर चलना तुम।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       29जनवरी, 2021

गीत सुनाने आ जाना।

गीत सुनाने आ जाना।   

मेरे इस सूने आँगन में
दीप जलाने आ जाना
आज उदासी गीत बनी है
गीत सुनाने आ जाना।।

सदियों का जीवन हमने
छोटे पल में सौंप दिया
जो भी गीत बुने मैंने
तेरे पग में सौंप दिया।

मेरे इन गीतों को अपने
अधरों से सहला जाना।
आज उदासी गीत बनी है
गीत सुनाने आ जाना।।

मैंने जो भी गीत लिखे 
गीत अधूरा ना रह जाये
और प्रीत के आँगन में
प्रीत अधूरी न रह जाये।

प्रीत भरे मेरे इस मन को
हौले से सहला जाना।
आज उदासी गीत बनी है
गीत सुनाने आ जाना।।

जीवन के एकाकी पथ पर
मैंने इक दीप जलाया है
तेरी उम्मीदों में मैंने
अपनी उम्मीद मिलाया है।

मेरी उम्मीदों को तुम भी
राह नई दिखला जाना।
आज उदासी गीत बनी है
गीत सुनाने आ जाना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       28जनवरी, 2021

हथेली पर गुलाबी अक्षर।


हथेली पर गुलाबी अक्षर।  

मन में कितने भाव सुहाने
प्रिय आज हमारे रच डाले
शोख गुलाबी अक्षर तुमने 
आज हथेली पर लिख डाले।।

भीनी भीनी खुशबू फैली
अंतस में तेरे आने से
जीवन मुझको आज मिला है
इक बस तेरे मुस्काने से।

तेरी मुस्काहट ने कितने
अरमान सुहाने रच डाले।
शोख गुलाबी अक्षर तुमने
आज हथेली पर लिख डाले।।

बादामी जीवन कर डाला
बस इक तेरी सुनवाई ने
सपनों ने भी डेरा डाला
आज मधुर अँगनाई में।

पलकों ने अनगिन सपने
फिर आज सुहाने रच डाले।
शोख गुलाबी अक्षर तुमने 
आज हथेली पर लिख डाले।।

नहीं रही अब चाहत कोई
इक बस तुझसे जीवन पाऊँ
भोर खिले या साँझ ढले
बस साथ तुम्हारे मुस्काऊँ।

बस इक तेरे मिलन मात्र ने
कितने सपने हैं रच डाले।
शोख गुलाबी अक्षर तुमने
आज हथेली पर लिख डाले।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       27जनवरी, 2021

आघात।

आघात।   

जितने वादे होठों पर थे
इक एक कर के गुजर गए
आशा की जो किरण दिखी
कुछ अवसादों में बिखर गए।

शांति पूर्ण बैठे हैं कहकर
कैसा ये आघात किया
संविधान की आत्मा पर ही
आज कुठाराघात किया।

मुँह में राम बगल में छूरी
भावों को चरितार्थ किया
शांति म्यान में रख तलवारें
धोखे से आघात किया।

शांति पूर्ण आंदोलन में
हिंसा का स्थान नहीं होता
दंगा करने वालों का
कभी संविधान नहीं होता।

विघटनकारी ताकत है जो
विनयशीलता कब समझी है
जिनके मन में भेद बड़े हों
पुण्यशीलता कब समझी है।

राष्ट्रधर्म बस यही सिखाता
राष्ट्रप्रमुख औ राष्टप्रथम है
जो जैसी भाषा समझे
उससे वैसा ही उत्तम है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       27जनवरी, 2021

माँ गंगे।

माँ गंगे।  

कल कल निर्मल अविरल अनहद
प्राणदायिनी मुक्तिवाहिनी माँ गंगे।
सुरसरि पावन मधुर मन भावन
मोक्षदायिनी पुण्यवाहिनी माँ गंगे।
जीवन रक्षिणी विकास वाहिनी
पतितपावनी स्नेहदायिनी माँ गंगे।
झर झर हर हर भर भर स्नेहिल
सुवासित व्यवहारदायिनी माँ गंगे।
मन निर्मल तन कोमल करती
भाव भाव अभिवादन भरती 
भारत भूमि को पावन करती
रोगहारिणी जीवदायिनी माँ गंगे।
जन उद्धारिणी जीवन तारिणी
जन कष्टनिवारिणी है माँ गंगे
हिमाच्छादित गोमुख से निकली
विष्णुपदी स्वर्ग का है वरदान
अमृतवाहिनी पंचामृत जल
माँ जन जन भरती प्राण।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      26जनवरी, 2021


माँ गंगे।

माँ गंगे।  

कल कल निर्मल अविरल अनहद
प्राणदायिनी मुक्तिवाहिनी माँ गंगे।
सुरसरि पावन मधुर मन भावन
मोक्षदायिनी पुण्यवाहिनी माँ गंगे।
जीवन रक्षिणी विकास वाहिनी
पतितपावनी स्नेहदायिनी माँ गंगे।
झर झर हर हर भर भर स्नेहिल
सुवासित व्यवहारदायिनी माँ गंगे।
मन निर्मल तन कोमल करती
भाव भाव अभिवादन भरती 
भारत भूमि को पावन करती
रोगहारिणी जीवदायिनी माँ गंगे।
जन उद्धारिणी जीवन तारिणी
जन कष्टनिवारिणी है माँ गंगे
हिमाच्छादित गोमुख से निकली
विष्णुपदी स्वर्ग का है वरदान
अमृतवाहिनी पंचामृत जल
माँ जन जन भरती प्राण।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      26जनवरी, 2021


कलम से प्रार्थना।

कलम से प्रार्थना।  

शब्द शब्द में भाव मधुरतम
सब मिल गायें प्रेम तराना।
चलो कलम कुछ ऐसा लिख दो
जग जिसको पढ़ हो दीवाना।

जन जन में नव आशा भर दो
उम्मीदें अभिलाषा भर दो
प्रेम मुखर हो हर अधरों पर
अपनेपन की भाषा भर दो।

ऐसा जादू छाए हिय पर
झूमे नाचे गाये तराना।
चलो कलम कुछ ऐसा लिख दो
जग जिसको पढ़ हो दीवाना।।

अनासक्ति में आसक्ति भर दे
अनुनय विनय औ भक्ति भर दे
ऐसा कुछ तो मंत्र बता दो
एहसासों में  शक्ति भर दे।

शुद्ध भाव हो क्लेश मिटे सब
सबका सबसे हो याराना।
चलो कलम कुछ ऐसा लिख दो
जग जिसको पढ़ हो दीवाना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      25जनवरी, 2021





शौर्य गाथा।

शौर्य गाथा।   

नवनिर्माण का संकल्प ले जिस पंथ पर हो तुम चले
उसपे कितनी भावना इच्छाओं के हैं पुष्प खिले।

राष्ट्रवीरों ने पिरोया है  राष्ट्र को इक सूत्र में
और बाँधा है इसे सद्भावना के सूत्र में
एकता का सूत्र बाँधा प्रीत भरे हिय संबंध में
और बाँधा है इसे प्रिय विश्वास के अनुबंध में।

स्वर्णाक्षरों से लिखी इतिहास की कितनी कथाएँ
और जन जन में भरी अहसास की कितनी विधाएँ।
इतिहास के पन्नों में अमिट छाप बन बादल चले
उसमें कितनी भावना इच्छाओं के हैं पुष्प खिले।।

क्रांति का दीपक जला कर राष्ट्र को आलोकित किया
आँधियों तूफानों में भी खुद को ना विचलित किया
लिख गए अपने लहू से इतिहास नूतन राष्ट्र का
राजपथ पर आहूति देकर राष्ट् को पुलकित किया।

त्याग  बलिदान से आलोकित हुईं चारों दिशाएं
दे कर के खुशियाँ भोर की हर लीं सारी व्यथाएँ।
प्रण राष्ट्र के निर्माण का ले शूल पर प्रतिपल चले
उसमें कितनी भावना इच्छाओं के हैं पुष्प खिले।।

भूल नहीं सकता कभी राष्ट्र, त्याग जो तुमने किया
और अपने पुरुषत्व से कभी राष्ट्र न झुकने दिया
चढ़ शत्रु की छाती पे तुमने राष्ट्र का गौरव लिखा
हँसकर इस पुण्य पंथ में जीवन समिध अपना किया।

मृत्यू से संघर्ष कर के राष्ट्र की बदली दशाएं
और अपने त्याग से लिख दिये कितनी ही कथाएँ।
संघर्षों के पथ पर सदा निर्भीक होकर तुम चले
उसमें कितनी भावना इच्छाओं के हैं पुष्प खिले।।

राष्ट्र फिर से घिर रहा है अतिवाद के जंजाल में
औ शत्रु ताक में है खड़ा फिर आक्रमण की चाल में
झूठ का करके दिखावा वो सत्य को ढँकने चले 
औ सोचते वो हैं सफल अपनी बुनी इस चाल में।

है नहीं मालूम निगहबान हैं भारत की हवाएँ
और उनके शौर्य से महक रही हैं सारी फ़िजाएँ।
शौर्य की अगणित कहानियाँ भर के भावों में चले
उसमें कितनी भावना इच्छाओं के हैं पुष्प खिले।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        24जनवरी, 2021




जीवन की गाथा।

जीवन की गाथा।   

ऐसे कैसे मैं लिख डालूँ
इस जीवन की गाथाएँ
तुम चाहो तो चिन्हित कर लो
जीवन की दारुण गाथाएँ।

शब्दों का आलिंगन करके
वाक्यों का निर्माण हुआ
पंक्ति पंक्ति उम्मीदें डालीं
तब जाकर परिमाण हुआ।

उम्मीदों के अनुच्छेदों में
छुपी हैं कितने आशाएँ।
तुम चाहो तो चिन्हित कर लो
जीवन की दारुण गाथाएँ।।

सपनों के आँगन में कितनी
इच्छाओं पर दाँव लगाए
सफल हुए कभि हुए विफल
हर मौसम में पर मुस्काये।

हार जीत के उन भावों में
छुपी हैं कितनी कविताएँ।
तुम चाहो तो चिन्हित कर लो
जीवन की दारुण गाथाएँ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       22जनवरी, 2021



प्रभु मिलन की आस।

प्रभु मिलन की आस।   

श्री राम मिलन की आस लिए
मैं ना सोती ना जगती हूँ
कब आओगे प्रभुवर मेरे
मैं सूनी राहें तकती हूँ।।

हृदय भक्ति का भाव लिए
बस तुमको ही ध्यान किया
छोड़ चुकी सब नेह प्रलोभन
बस तेरा अनुमान किया।

उन अनुमानों को अपनी
उँगली पर मैं गिनती हूँ।
कब आओगे प्रभुवर मेरे
मैं सूनी राहें तकती हूँ।।

भटक नहीं जाये मन मेरा
खुद से नाता तोड़ लिया
तुम में खो जाने की खातिर
तुमसे नाता जोड़ लिया।

सांझ ढले जीवन बेला में
भोर सुहानी तकती हूँ।
कब आओगे प्रभुवर मेरे
मैं सूनी राहें तकती हूँ।।

जन जन के मन में प्रभु मेरे
मधुर मनोहर भाव जगाना
लोभ मोह प्रतिघात रोष के
दूषित भाव दूर हटाना।

कर जोड़े प्रभु चरणों में
मैं स्वयं समर्पित करती हूँ।
कब आओगे प्रभुवर मेरे
मैं सूनी राहें तकती हूँ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       22जनवरी, 2021

अहसास।

अहसास। 

इक बार कभी जो वक्त मिले
बीती पर नजर फिरा लेना
भूले बिसरे अहसासों को
हौले से सहला लेना।।

कहीं सुलगते भाव कभी
हैं कहीं धड़कती आशाएँ 
कहीं सुनहरे ख्वाब सुहाने
कहीं प्रेम की परिभाषाएं ।

भावों के सागर में खुद को
बरबस ही नहला लेना।
भूले बिसरे अहसासों को
हौले से सहला लेना।।

सुख भरे सुनहरे हैं बादल
विश्वास प्रेम जीवन साथी
आशाएँ अवलोकन करती
इच्छाएं सब मधुमाती।

इच्छाओं के आँचल में
खुद को फिर बहला लेना।
भूले बिसरे अहसासों को
हौले से सहला लेना।।

सृजन युक्त जीवन की राहें
मंजिल को तकती हैं बाहें
दूर गगन में ढलता सूरज
मलय महकती आशाएँ।

आशाओं की बाती लेकर
फिर नवदीप जला लेना।
भूले बिसरे अहसासों को
हौले से सहला लेना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21जनवरी, 2021


जीवन जीना एक कला है।

जीवन जीना एक कला है।  

जीवन जीना एक कला है
भाव जताना एक कहानी।
कहीं कभी दीवाना कहता
और कहीं कोई दीवानी।।

तिनका तिनका जोड़ जाड़ कर
सपनों का महल बनाया है
आशाओं, इच्छा के मोती
से इसको आज सजाया है।

उम्मीदों के दामन में फिर
नित सपनों की नई कहानी।
जीवन जीना एक कला है
भाव जताना एक कहानी।।

कदम कदम पर कितनी बातें
भीतर कितने ही जज्बातें
मौन कहीं आवाज कहीं है
और कहीं हँसती बारातें।

नित नूतन संबंधो की
कहती सुनती एक कहानी।
जीवन जीना एक कला है
भाव जताना एक कहानी।।

विपरीत परिस्थिति से लड़ना
पुण्य पंथ पर आगे बढ़ना
अजय भाव अंतस में भरकर
उच्च शिखर तक कोशिश करना।

हार जीत के भाव से परे
प्रस्तुति की दुनिया दीवानी।
जीवन जीना एक कला है
भाव जताना एक कहानी।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      21जनवरी, 2021






खुद को समझाने बैठा हूँ।

खुद को समझाने बैठा हूँ।   

भूली बिसरी याद सुहानी
कुछ अनजानी कुछ पहचानी
उन यादों के झुरमुट में मैं
फिर सुस्ताने बैठा हूँ।
उन भूली बिसरी यादों को
फिर आज बुलाने बैठा हूँ।।

शब्द शब्द भावों में बहकर
अनुच्छेदों में गुम हो गए
अल्प कहीं पर पूर्ण विराम
संकेतों में गुम हो गए।
अनुच्छेदों के संकेतों को
फिर अजमाने बैठा हूँ
उन भूली बिसरी यादों को
फिर आज बुलाने बैठा हूँ।।

कितने पन्ने व्यर्थ हो गए
लिखे कहीं कहिं भूल गए
लिखे कहीं जो कुछ पन्नों पर
जाने कब वो शूल हो गए।
शूल चुभे पन्नों से दिल पर
उन को बहलाने बैठा हूँ
उन भूली बिसरी यादों को
फिर आज बुलाने बैठा हूँ।।

कितनी बातें कही अनकही
सुने कहीं, पर कहे नहीं
कितने मन मे दबे रह गए
कुछ भाव बुने पर गुहे नहीं।
कही अनकही उन बातों को
खुद को समझाने बैठा हूँ
उन भूली बिसरी यादों को
फिर आज बुलाने बैठा हूँ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       20जनवरी, 2021

थोड़ा रूमानी हो जाएं।

थोड़ा रूमानी हो जाएं।  

दफन कर के बेचैनियों को किसी शाम के धुँधलके में
चलो चंद बिखरी रागनियों से दिल को बहलाया जाए।
चलो थोड़ा रूमानी हो जाया जाए।।

कब तक खामोशियों के दामन में सिर रखकर के रहोगे
चलो फिर से किसी की सुनें, किसी को अपनी सुनाया जाए।
चलो थोड़ा रूमानी हो जाया जाए।।

कब तक मन के दरवाजों में भावों को बंधक रखोगे
अंतर्मन के एहसासों से कुछ भाव जगाया जाए।
चलो थोड़ा रूमानी हो जाया जाए।।

बदल जाती है सारी कायनात इक बस मुस्कुराने से
चलो किसी के दिल मे बसकर फिर गुदगुदाया जाए।
चलो थोड़ा रूमानी हो जाया जाए।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      20जनवरी, 2021

उम्मीद।

     उम्मीद

जीवन है अनमोल धरोहर
व्यर्थ इसे ना तुम करना
उपवन है ये मधुर मनोहर
एहसासों से सिंचित करना।

इक राह अकेली चली दूर तक
अगणित मोड़ों तक है जाना 
कुछ अनजानी कुछ पहचानी
मीलों तक है चलते जाना ।

जाने कितने मोड़ मिलेंगे
इन राहों पर आते जाते
मोड़ मोड़ से जुड़ते जुड़ते
मीलों तक हैं राह दिखाते।

इक मोड़ कहीं छूटेगी जब
दूजे तक तब है जाना ।
कुछ अनजानी कुछ पहचानी
मीलों तक है चलते जाना।।

सूनी सूनी राहें माना
सूने सब रिश्ते नाते
सूनी इच्छाओं की माला
मन में कितने भाव जगाते।

सूनी यादों का संचय ले
खुद को फिर से है पाना।
कुछ अनजानी कुछ पहचानी
मीलों तक है चलते जाना।।

इक छोटी सी कहीं रोशनी
जब राहों से मिल जाती है
बीती इच्छाओं के कितने
स्वप्न पुनः वो दे जाती है।

उन सपनों की देहरी तक
हमको तो है आना जाना।
कुछ अनजानी कुछ पहचानी
मीलों तक है चलते जाना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       19जनवरी, 2021




आगे बढ़ कर के रहूँगा।

आगे बढ़ कर के रहूँगा।  

ली प्रतिज्ञा जो यहाँ उसे, मैं पूर्ण वो कर के रहूँगा
गिरूंगा भले फिर उठूँगा आगे बढ़ कर के रहूँगा।।

कर्तव्य पथ पर चल पड़ा हूँ कंटकों का मुझे भय नहीं
मार्ग हो दुष्कर भले चंहुओर खंदक मुझे भय नहीं।

हूँ पथिक जिस पंथ का उस पंथ पर चल कर के रहूँगा
गिरूंगा भले फिर उठूँगा आगे बढ़ कर के रहूँगा।।

जनम मरण का मोक्ष द्वार जीवन इच्छाओं की धरती
संयोग प्रयोग की भूमि, व्यंजनाओं का अवलोकन करती।

भावों का ये प्रस्फुटन, भावों में ढल कर के रहूँगा
गिरूंगा भले फिर उठूँगा आगे बढ़ कर के रहूँगा।।

नीति, नैतिकता, नियम सब मेरे पथ के हैं सहचर
दृढ़-प्रतिज्ञा सत्य समागम पूण्य पन्थ के हैं अनुचर।

भावप्रवण विश्वास प्रबल मोक्ष तक चल कर के रहूँगा
गिरूंगा भले फिर उठूँगा आगे बढ़ कर के रहूँगा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       19जनवरी, 2021

इकरार करता हूँ।

इकरार करता हूँ।   

दिया है घाव जो तुमने
उसे स्वीकार करता हूँ
कहूँ क्या मैं तुझे अब भी
कि कितना प्यार करता हूँ।

नजर आते हो मुझे हरपल
इन नजारों में फ़िज़ाओं में
मैं कहूँ कैसे यहाँ तुमसे
कि कितना प्यार करता हूँ।

है तुमसे दर्द का रिश्ता
और तुमसे प्यार का रिश्ता
तुम्ही मेरी जरूरत हो
मैं ये इकरार करता हूँ।

है मेरा दर्द ये कैसा
कभी कोई बताएगा 
कि पकड़े नब्ज वो मेरी
सुकून इस दिल को आएगा।

न जाने ठोकरें कितनी
मिली मुझको जमाने में
मगर मैं अब भि कहता हूँ
मैं तुमसे प्यार करता हूँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       17जनवरी,2021


कभी यूँ ही।

कभी यूँ ही।   

जिंदगी रास्तों का सुहाना सफर
कभी यूँ ही निकल जाया तू कर।

बारिशों की इस दलदली जमीन पर
कभी यूँ ही कहीं मचल जाया तू कर।

खुद को इतना बचाने का क्या फायदा
कभी धूप में यूँ ही निकल जाया तू कर।

चाँद माना कि तुझसे बहुत दूर है
कभी तो कहीं मचल जाया तू कर।

वो चाँद मुझसे माना बहुत दूर है
कभी मेरा चाँद बन आया तू कर।

दर्द तो दर्द है, ये बहुत अनमोल है
यूँ ही आँखों से न बहाया तू कर।

ज़िंदगी तेरी यूँ ही खिल जाएगी
बस यूँ ही कभी मुस्कुराया तू कर।

लौटना है तुझे सभी जानते हैं ये
लौटने को सही कभी आया तू कर।

दिल मिले ना मिले अब ये जरूरी नहीं
नफरतों से सही नजर मिलाया तू कर।

जिंदगी रास्तों का सुहाना सफर
कभी यूँ ही निकल जाया तू कर।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      16जनवरी, 2021

भाव तड़पते देखा है।

भाव तड़पते देखा है।    

जब जब मैंने बस्ती में
रात सिसकते देखा है
सच कहता हूँ इस दिल में
इक भाव तड़पते देखा है।

ऊँचे ऊँचे पैमानों की
बातों की कोई चाह नहीं
घाव मिले हैं जिन लोगों से
मलहम की उनसे चाह नहीं।

मैंने भारत में भारत की
जब आह निकलते देखा है।
सच कहता हूँ इस दिल मे
इक भाव तड़पते देखा है।।

निज स्वार्थ की बेदी पर जब
न्यायों का अपमान बड़ा हो
जनतन की इच्छा के बदले
सत्ता का अभियान बड़ा हो।

ऐसे अभियानों को हमने
जब राह भटकते देखा है।
सच कहता हूँ इस दिल में
इक भाव तड़पते देखा है।।

कभी सुना था हमने भी
धन, दौलत औ रिश्ते-नाते 
नैतिकता के प्रतिमानों पर
इक दूजे को राह दिखाते।

अपने ही घर में जब हमने
ये भाव बिखरते देखा है।
सच कहता हूँ इस दिल में
इक भाव तड़पते देखा है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      16जनवरी, 2021



राष्ट्र वंदन।

  राष्ट्र वंदन।   

हिमशिखरों से छनकर दिनकर
प्रतिदिन जिसे जगाती है
पहनाकर हीरक हार जिसे
नवजीवन राग सुनाती है।

रश्मि किरण हैं जिसका चंदन
उषा काल करती खुद वंदन
अपना भारत पुण्य धरा वो
पग पग जीवन, कण कण नंदन।

नदियाँ इसकी जीवन धारा
मन निर्मल कोमल तन सारा
निर्झर मीठा राग सुनाते
प्रकृति ने है रूप निखारा।

खेतों खलिहानों में भारत
नित नूतन गीत सुनाती है
धरती पर मुस्कान बिखेरे
जन गण मन हरषाती है।

ऋषि मुनि वीरों की धरती
विद्वानों देवों की धरती
ज्ञान, ध्यान योगों की जननी
गीता, वेद, पुराणों की धरती।

ऊँचे पर्वत जहाँ शीश नवाये
सागर जिसका चरण पखारे
नीति, नियम नैतिकता खातिर
दुनिया जिसकी ओर निहारे।

ऐसा है अपना भारत
जिसपर हमको अभिमान सदा 
जियें मरें बस इसकी खातिर
प्रभु हमको दो वरदान सदा।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      15जनवरी, 2021








मौलिक उन्मेष।

मौलिक उन्मेष।   

दीप जले बस महलों में
तो रोशन देश नहीं होता
मुट्ठी भर की खुशियों से
मौलिक उन्मेष नहीं होता।

इक फूल खिला है गमलों में
इक फूल बिठा है सड़कों पर
इक फूल गुँथा है गजरे में
इक फूल दिखा है कचरे में।

हर फूलों की किस्मत में 
अच्छा परिवेश नहीं होता।
मुट्ठी भर की खुशियों से
मौलिक उन्मेष नहीं होता।।

शहर बसे हैं दूर गाँव से
आवाज वहाँ कब जाती है
मीलों राह चली तब जाकर
अहसासों को पाती है।

अहसासों की मंजिल का
कोई अवशेष नहीं होता।
मुट्ठी भर की खुशियों से
मौलिक उन्मेष नहीं होता।।

है दस्तूर अजब दुनिया का
उगता सूरज सब तकते हैं
समय समय का चक्कर है
इच्छाओं से कब थकते हैं।

इच्छाओं की राहों में पर
कोई अतिशेष नहीं होता।
मुट्ठी भर की खुशियों से
मौलिक उन्मेष नहीं होता।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       13जनवरी, 2021



मौन अभिव्यक्ति।

मौन अभिव्यक्ति।  

कल्पनाओं के व्योम पर
कितनी इच्छाएं हैं ठहरी
शब्द अधरों पर ठहर कर
मौन बन बैठे हैं प्रहरी।

व्याकरण को दोष देकर
वाक्य को हरपल सजा दी
और इसकी पृष्ठभूमि में
कितनी भाषाएं मिला दी।

अभिव्यक्ति की सीमाओं पर
नजरें वो जा कर के ठहरीं।
शब्द अधरों पर ठहर कर
मौन बन बैठे हैं प्रहरी।।

और तुमसे क्या कहूँ मैं
जाने स्वप्न थे क्या क्या यहाँ
बन के साधक जब चला मैं
आये कितने अवरोधन यहाँ।

सेज सपनों की सजी जब
यामिनी की नींद गहरी।
शब्द अधरों पर हैं ठहरे
मौन बन बैठे हैं प्रहरी।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       12जनवरी, 2021




कैसी फैली है लाचारी।

कैसी फैली है लाचारी।   

भूतकाल से नहीं शिकायत
वर्तमान से भेद है भारी
पर दोनों के केंद्रबिंदु में
कैसी फैली है लाचारी।।

कहते हैं सब सेवक खुद को
पर सेवा का मोल लगाते हैं
कहीं उठी जब बात कभी
बस मुद्दों से भटकाते हैं।

लोकतंत्र तब मंद हुआ जब 
 सुविधाएं मुद्दों पर भारी।
पर दोनों के केंद्रबिंदु में
कैसी फैली है लाचारी।।

सुविधाओं की जन्नत में औ
अट्टहासों के बीच खड़े हैं
कैसा रुदन कैसा क्रंदन
चिंताओं में कौन पड़े हैं।

चिकनी चुपड़ी सड़कें अब
पगडंडी पर पड़ती भारी।
पर दोनों के केंद्रबिंदु में
कैसी फैली है लाचारी।।

आगे बढ़ना ही जीवन है
पर कदमों पर ध्यान करो
स्वप्निल जीवन की खातिर
कल का ना अपमान करो।

कल आज और कल का चक्कर
सारे रिश्तों पर है भारी।
पर दोनों के केंद्रबिंदु में
कैसी फैली है लाचारी।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      12जनवरी, 2021

नूतन अभियान लिए।

नूतन अभियान लिए।  

आज राह भी चली सफर में
नूतन इक अभियान लिए
और हवाएँ साथ चली हैं
मधुरिम सी मुस्कान लिए।

पुण्य पंथ है पथिक तिहारा
नित नूतन संकल्प यहाँ
मार्ग प्रशस्त हो अभियानों के
कहते सभी प्रकल्प यहाँ।

तेरे सारे अनुमानों औ
उम्मीदों का आकाश लिए।
आज राह भी चली सफर में
नूतन इक अभियान लिए।।

थक कर बैठ नहीं तुम जाना
बाधाओं विपदाओं से
हार नहीं जाना प्रिय मेरे
प्रकृति की आपदाओं से।

दिनकर तेरे साथ चल रहा
खुशियों का अनुमान लिए।
आज राह भी चली सफर में
नूतन इक अभियान लिए।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      06जनवरी, 2021

ठौर चाहिए लोकतंत्र को।

ठौर चाहिए लोकतंत्र को।   

लोकतंत्र सड़कों पर बैठा
तकता लालकिले की ओर है
आंखों में अश्रु, कुछ सपने
बस चाह रहा एक ठौर है।

कभी शीत से देह ठिठुरती
कभी ताप झुलसा जाती है
कभी कोई तीखी सी वाणी
चुभकर के तड़पा जाती है।

कभी नहीं सोचा था ऐसा
ये आया कैसा दौर है।
आंखों में अश्रु, कुछ सपने
बस चाह रहा एक ठौर है।।

आजादी से हमने अब तक
कितनी ही उम्मीदें पाली
कुछ उम्मीदें पूर्ण हुई हैं
कुछ उम्मीदें अब भी खाली।

इन उम्मीदों को दामन में
क्या मिला नहीं कभी ठौर है।
आँखों मे अश्रु, कुछ सपने
बस चाह रहा एक ठौर है।।

राजनीति के प्रांगण में क्यूँ
बैठी जनता सिसक रही है
पक्ष-विपक्ष के साये में चर्चा
इत-उत पल-पल खिसक रही।

जाने किस नूरा कुश्ती में
पिसा लोकतंत्र का दौर है।
आँखों मे अश्रु, कुछ सपने
बस चाह रहा एक ठौर है।।

मशाल जलाये उम्मीदों की
बस लालकिले को तकता है
लोकतंत्र क्या सत्ता खातिर
जनता के आगे झुकता है।

और नहीं कोई शब्द यहाँ
जिसे कलम लिखे कुछ और है।
आँखों मे अश्रु, कुछ सपने
बस चाह रहा एक ठौर है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       06जनवरी, 2021




प्रीत के आँगन में।

    प्रीत के आँगन में।   

शीतल चंचल मधुर चाँदनी
भावों को महकाती है
जब जब देखूँ रूप सुनहरा
हिय में हूक जगाती है। 

चंदन सी काया है तेरी
प्रीत भरा है अंग अंग में
मेरा मन बन भ्रमर डोलता
तेरी प्रीत के आँगन में।

तेरे नैनों की थिरकन
कितना कुछ कह जाती है।
जब जब देखूँ रूप सुनहरा
हिय में हूक जगाती है।।

तेरे कदमों की आहट से
जाने कितने गीत सजे
तेरी मुस्कानों से मन में
अगणित सुर संगीत सजे।

तेरे अधरों का कंपन 
बिन कहे बहुत कह जाती है।
जब जब देखूँ रूप सुनहरा
हिय में हूक जगाती है।।

जाग रही है रात साथ में
तारों की बारात सजी है
मेरे घर के आँगन में
खुशियों वाली रात सजी है।

तुझसे मिलने की चाहत
अंग अंग श्रृंगार सजाती है।
जब जब देखूँ रूप सुनहरा
हिय में हूक जगाती है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       06जनवरी, 2021


हम आहों में भी गाते हैं।

हम आहों में भी गाते हैं।  

कदम-कदम पर उलझन कितनी
हम जिसको सुलझाते हैं
कुछ रुसवाई कुछ तन्हाई
हम आहों में भी गाते हैं।

जीवन जीते हैं हम लेकिन
जीवन को समझा कितना
जैसी उलझन राह खड़ी थी
शायद हमने समझा उतना।

जीवन की पगडंडी पर हम
आखिर तक आते जाते हैं।
कुछ रुसवाई कुछ तन्हाई
हम आहों में भी गाते हैं।।

थोड़ी खुशियाँ हैं दामन में 
थोड़े  दुःख भी साथ चले
जीवन जीने की खातिर
हम मौसम के साथ ढले।

मौसम की कठिनाई से भी
हम छोड़ नहीं कुछ जाते हैं।
कुछ रुसवाई कुछ तन्हाई
हम आहों में भी गाते हैं।।

उलझन-सुलझन की बेदी पर
कभि संबंधों की बली चढ़ी
कभी कहीं कुछ पाया हमने
और कभी कुछ छोड़ चली।

इस छोटे से जीवन में हम
क्या कुछ खोते पाते हैं।
कुछ रुसवाई कुछ तन्हाई
हम आहों में भी गाते हैं।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       04जनवरी, 2021


आ अब लौट चलें।

आ अब लौट चलें।  

लौट चलें आओ सब मिलकर
फिर से उस पनघट पर जाएं
जिसपर बचपन अपना बीता
उस बरगद की छाँवों में आएं।

फिर से वो मंदिर की घंटी
फिर से वो तालाब किनारे
फिर से वो गलबहियां अपनी
छूटे उन सपनों को बुहारें।

फिर प्रार्थना गीत वो गायें
फिर से अपना हाल सुनाएं
फिर से बैठें छाँव तले हम
फिर से वो बचपन जी आएं।

फिर से खेलें खेल खिलौने
नभ की चादर, घास बिछौने
फिर से गायें वही तराने
कभी मनव्वल कभी बहाने।

कभी दोस्ती कभी लड़ाई
मिलना फिर से और जुदाई
वही खुली पगडंडी अपनी
जिस पर कितनी शाम बिताई।

कितना कुछ है पीछे छूटा
निज सपनों ने बचपन लुटा
पाने को कितना कुछ पाया
अनुमान नहीं क्या कुछ छूटा।

नींद गयी है चैन गयी है
सपनों वाली रैन गयी है
छूटी अहसासों की डोरी
कभी कही जो बैन गयी है।

ऐसे कब तक जीना होगा
इक बार चलो फिर मिल जाएं
छोड़ छाड़ कर सभी बहाने
क्यों ना हम फिर से मिल जायें।

लौट चलें आओ सब मिलकर
फिर से उस पनघट पर जाएं
जिसपर बचपन अपना बीता
उस बरगद की छाँवों में आएं।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       02दिसंबर, 2020

पुरुषार्थ अनुसरण करो।

पुरुषार्थ अनुसरण करो।     

बादलों की ओट में 
धूप भी अलसा रही 
ओस की बूंदें धरा पर
मंद यूँ मुस्का रही।

रात का अंतिम पहर 
औ भोर द्वारे पर खड़ी
रात की गुमनामियाँ भी
मुक्त होने को पड़ीं।

खग, विहग पंछी सभी
गीत गाने को चले 
रात दिन की डोर देखो
दूर क्षितिज पर मिले।

दिल चाहता खुलकर मिलूँ
पर शीत ऋतु झुलसा रही
बादलों की ओट में
धूप भी अलसा रही।

त्याग कर आलस्य सारे
स्फूर्ति का वरण करो
तोड़ कर बंधन सभी
पुरुषार्थ अनुसरण करो।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02दिसंबर, 2021

मिरे गीत गाये जाएंगे।

मिरे गीत गाये जाएंगे।   

आज लिखे जो गीत यहाँ
कल वो दुहराये जायेंगे
प्यार की जब बात होगी
मिरे गीत गाये जाएंगे।।

प्रेम का ये पंथ ना फिर
सूना कभी होगा यहाँ
प्रीत का नव पुष्प हरपल
कलियाँ खिलाएंगी यहाँ।

राह कलियों से सुगंधित
गीतों से सजाये जायेंगे।
प्यार की जब बात होगी
मिरे गीत गाये जायेंगे।।

मौन कितनी ख्वाहिशों की
वो राहतें दब कर रहीं
हम कहें या ना कहें पर
वो चाहतें सुनती रहीं।

चाहतों के गीत सारे
सब गुनगुनाये जायेंगे।
प्यार की जब बात होगी
मिरे गीत गाये जायेंगे।।

आज मेरी राहतों का
अभि मीत है कोई नहीं
और मेरी चाहतों का
अभि गीत है कोई नहीं।

कल मिरी गुमनामियाँ भी
आवाजों में सज जायेंगे।
प्यार की जब बात होगी
मिरे गीत गाये जाएंगे।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       01जनवरी, 2021


दो घड़ी जो ये पल ठहर जाता।

दो घड़ी वक्त जो ठहर जाता।   

दो घड़ी जो ये पल ठहर जाता
जाने क्या क्या यहाँ सँवर जाता।

अजनबी हम तो थे जमाने से
तुमसे मिलकर हुए दिवाने से
दो कदम तुम जो साथ चल देते
तो ये जीवन यहाँ सँवर जाता।

दो घड़ी जो ये पल ठहर जाता
जाने क्या क्या यहाँ सँवर जाता।

कब से दिल में छुपाये बैठे हैं
कितने सपने सजाये बैठे हैं
एक बस तेरी जुस्तजू मुझको
जो तु हँस दे तो सब सँवर जाता।

दो घड़ी जो ये पल ठहर जाता
जाने क्या क्या यहाँ सँवर जाता।

जो तू है तो ये ज़माना है
सिवा तेरे न अब ठिकाना है
एक तुझमें जिंदगी है दिखी
वक्त कैसा भी हो गुजर जाता।

दो घड़ी जो ये पल ठहर जाता
जाने क्या क्या यहाँ सँवर जाता।।

इक बस तुझसे जिंदगानी है 
बिन तेरे खत्म ये कहानी है
तू ही मंजिल तू ही है रस्ता
तुझमें मिलकर के मैं निखर जाता।

दो घड़ी जो ये पल ठहर जाता
जाने क्या क्या यहाँ सँवर जाता।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       01जनवरी, 2021


रात की मदहोशियाँ।

रात की मदहोशियाँ।  

नींद की आगोश में वो चाँद देखो खो रहा
रात की आगोश में मदहोश मैं भी हो रहा।।

काली घटाएं केश की
कर रही मदहोश मुझको
तेरी चितवन और अदायें
खींचती तेरी ओर मुझको।

अधरों के कंपित निमंत्रण में होश मैं खो रहा
रात की आगोश में मदहोश मैं भी हो रहा।।

फैली हुई है रोशनी
चहुँओर तेरे प्यार की
साँस की सरगम सजी है
है रात ये बाहर की।

मुक्त आलिंगन में तेरे होश देखो खो रहा
रात की आगोश में मदहोश मैं भी हो रहा।।

आज मेरी आवारगी को
जब तेरा आलिंगन मिला
दूर वो सारे भ्रम हुए
औ प्रीत को स्पंदन मिला।

इस मधुर मधुमास में मैं होश अपने खो रहा
रात की आगोश में मदहोश मैं भी हो रहा।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       31दिसंबर, 2020








नवगीत सजायें।

     नवगीत सजायें।   

आओ हम तुम फिर मिल जायें
गीत प्रणय के फिर से गायें।।

फिर ना हों वो सारी बातें
बिखरे दिन औ सुनी रातें
फिर से दोनों साथ चलें
फिर इक दूजे में खो जायें।

आओ हम तुम फिर मिल जायें
गीत प्रणय के फिर से गायें।।

उर की अभिलाषाएं संचित
भाव रहे ना कोई कुंठित
फिर पलकों के छाँव तले
वही नेह के दीप जलाएँ।।

आओ हम तुम फिर मिल जायें
गीत प्रणय के फिर से गायें।।

खोल हृदय के बंद द्वार को
बीती सारी बात भुलाएं
मोह बढ़े सम्मान बढ़े औ
फिर से हम नवगीत सजायें।

आओ हम तुम फिर मिल जायें
गीत प्रणय के फिर से गायें।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       31दिसंबर, 2020

सँवर गए।

    सँवर गए।  

तेरे होठों से लगकर
गीत लिखे जो निखर गए
स्पंदित भावों से छनकर
खुशबू बनकर बिखर गए।

कोरा कागज था ये जीवन
तुमने इसमें रंग भरा
अहसासों के फूल खिलाकर
गीतों में नवरंग भरा।

तेरे अधरों के नरम छुवन से
भाव हमारे सँवर गए।
तेरे होठों से लगकर
गीत लिखे जो निखर गए।।

मेरे तन की तप्त धरा को
तेरे तन की छाँव मिली
तेरे आलिंगन में मुझको
उम्मीदों की नाव मिली।

मेरे जीवन के माँझी तुम
दूर सभी वो भँवर हुए।
तेरे होठों से लगकर
गीत लिखे जो निखर गए।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       30दिसंबर, 2020







प्रणय गीत गाया न गया।

प्रणय गीत गाया न गया।   

हम भी थे राहों में लेकिन
हमको अपनाया न गया
गीत प्रणय के लिखे बहुत
लेकिन हमसे गाया न गया।।

हम जाने कितनी बार मिले
सुनी राहों पर साथ चले
पर अंतस के भावों को
हमसे समझाया न गया।

गीत प्रणय के लिखे बहुत
लेकिन हमसे गाया न गया।।

हर मुश्किल में साथ रहे
सुख दुःख मिलकर साथ सहे
तुमने तो मन की कह डाली
हमसे बतलाया न गया।

गीत प्रणय के लिखे बहुत
लेकिन हमसे गाया न गया।।

जीवन के चौसर पर हमने
हरदम दिल की बाजी खेली
इक इक मुस्कानों की खातिर
कितनी ही पीड़ाएँ झेलीं।

उल्ल्लासों के बीच रहे पर
हमसे मुस्काया न गया।
गीत प्रणय के लिखे बहुत
लेकिन हमसे गाया न गया।।

पीड़ाओं का जीवन हमने
बस अपने गीतों में डाला
लोगों ने तो गीत सुने बस
मन के भावों को कब जाना।

मन के उन भावों को हमसे
जग को समझाया न गया।
गीत प्रणय के लिखे बहुत
लेकिन हमसे गाया न गया।।

भले अँधेरा घना बहुत था
दीपक रोज जलाया हमने
कंठ रुँधे थे भले हमारे
दबे स्वरों में गाया हमने।

रुँधे कंठ के घावों को पर
जग को दिखलाया न गया।
गीत प्रणय के लिखे बहुत
लेकिन हमसे गाया न गया। 

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       30दिसंबर, 2020

शायद किस्मत खुल जाए।

शायद किस्मत खुल जाए।   

राजनीति के महासमर में
कितने आये और गए
कुछ ने दिया सहारा सबको
कुछ भवसागर पार गए।

कुछ ने मान बढ़ाया सबका
कुछ लोकतंत्र को तार गए
कुछ शुचिता को सम्मान दिए
कुछ शुचिता को मार गए।

चेहरों पे चेहरे कितने
कौन यहाँ पहचानेगा
दिल मे किसके भाव छुपा क्या 
कैसे कोई जानेगा।

 बेनकाब चेहरों के पीछे
असली चेहरे छिपे हुए हैं
कितने भाव उजागर होते
औ कितने दबे हुए हैं।

है तिलस्म सा बना हुआ 
सच जिससे डर जाता है
राजनीति का खेल अजब है
ताकतवर भय खाता है।

अपने जैसे सारे लगते
अपना लेकिन कौन यहाँ
शीशे के घर रहने वाले
दूजे पर करते वार यहाँ।

लगने को सब अच्छे लगते
दिखते सारे चंगे हैं
लेकिन हमाम में जैसे देखा
दिखते सारे नंगे हैं।

मुँह में राम बगल में छूरी
बात यहाँ सच लगती है
हांडी चाहे जिसकी भी हो
खिचड़ी सबकी पकती है।

खड़ा ठंड में कांप रहा वो
देख दीप की बाती को
एक हाथ उम्मीदें थामे
दूजे में थामे लाठी को।

कभी आँच उसतक भी पहुँचे
उसकी भी खिचड़ी पक जाए
कोई बीरबल उसे मिल जाये
उसकी भी किस्मत खुल जाए।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
     हैदराबाद
     28दिसंबर, 2020





जिंदगी मुस्कुराती है।

जिंदगी मुस्कुराती है।  

उम्र की दौड़ से कौन बचा है भला
वक्त रुकता कहाँ वो सदा ही चला
चलते चलते आखिर घड़ी आ गयी
औ जुदाई में भी ज़िंदगी छा गयी।।

क्या कहूँ आपसे जो सहारा मिला
आपके साथ चल कर किनारा मिला
जब जरूरत हुई साथ हमको मिला
हर कदम आपका हाथ हमको मिला।

मुश्किल जो मिली सारे हल हो गए
खुशनुमा जिंदगी के वो पल हो गए
आपके रूप में एक साथी मिला
राहों में आपसे ही गुल खिल गए।

बिछड़ तो रहे पर खुशी भी छा रही
मायूसी में भी इक हँसी आ रही
नव जीवन की आपकी शुरुआत है
आपको देख जिंदगी मुस्कुरा रही।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       27दिसंबर, 2020



शतरंज की बिसात।

शतरंज की बिसात।   

आज अजब सी बात यहां पर देखी है
कितनी ही सौगात यहां पर देखी है।
जिसको देखो वही सूर्य को तकता है
बस उसकी ताकत के आगे झुकता है।
फिर ताकत का प्रभाव वो दिखलाता है
और तेज से अपने सबको बहलाता है।
फिर एक अलग मंजर पैदा होता है
जो बस इच्छाओं का प्रभाव होता है।
बहुत नहीं बस थोड़े ऐसे होते हैं
औरों के खेतों में सपने बोते हैं।
फिर अपनी इच्छा का वो भार थोपते
शर्तें सभी मनवाने को राह रोकते।
फिर तय करते सारे क्या खाए गायें
किसे कहें पराया औ किसको अपनाएं।
फिर चलता खेल स्वार्थ की बेदी पर
बिकते प्यादे शतरंजों की बेदी पर।
औ छुपा रुस्तम फिर सरताज हो गया
प्यादे से बढ़ कर उसका राज हो गया।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
     26दिसंबर, 2020





मध्यमवर्ग की रोटी।

मध्यमवर्ग की रोटी।   

आज बहस फिर होते देखा
ताकतवर की कोठी में
देख रहे भविष्य सब अपना
मध्यमवर्ग की रोटी में।

सारे मिलकर राह सुझाते
एक एक कर बात बताते
सबको लेकिन एक ही चिंता
मध्यमवर्ग की रोटी में।

कैसे सत्ता से मिल जायें
कैसे सत्ता में मिल जायें
एक मगर उद्देश्य सभी का
मध्यमवर्ग की रोटी में।

सब्जबाग का घेर बनाते
कितने ही सपने दिखलाते
दूरदृष्टि की बातें सारी
मध्यमवर्ग की रोटी में।

कभी मुफ्त की बातें होतीं
नजर मगर चोटी पर होती
और इशारा होता हर पल
मध्यमवर्ग की रोटी में।

पोथी पढ़ सब ज्ञान सुझाते
कितने ही अनुमान लगाते
अनुमान ठहर जाते सारे
मध्यमवर्ग की रोटी में।

पांचसितारा बैठक में तो
बात गरीबी की होती है
जाने आँख ठहर जाती क्यूँ
मध्यमवर्ग की रोटी में।।

मध्यमवर्ग की हिस्से में बस
चर्चाओं का बाजार गर्म है
आखिर क्या सुकूं मिलता है
मध्यमवर्ग की रोटी में।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       26दिसंबर, 2020



तुमने सम्मान लिखा।

तुमने सम्मान लिखा।   

मेरे मन मंदिर में तुमने
कैसा सुंदर योग लिखा
मेरे दिल के दरवाजे पर
मधुर प्रेम संयोग लिखा।

नैनों का सम्मान लिखा
युग युग का आह्वान लिखा
सतयुग से लेकर कलयुग तक
प्रेम का नूतन गान लिखा।

सदियों की है प्रीत भावना
मन में अनहद नाद लिखा
ऊष्मित से मेरे जीवन में
मधुर प्रेम अनुवाद लिखा।

श्वेत पृष्ठ सा जीवन मेरा
तुमने ही अनुमान लिखा
भटक रहा था यहाँ अकेला
तुमने ही सम्मान लिखा।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      25दिसंबर, 2020

बेफिक्री में जीवन।

बिफ़िक्री में जीवन।  

स्वच्छंद श्वास ले उड़ रहा मन
बेफिक्री में साथ तेरे
डूब रहा है अहसासों में
मूक मगर संवाद लिए।

दिल करता है सब कह दूँ
तुमसे मैं दिल की बातें
और रोक कर चपल वक्त को
भेंट करूँ मैं सौगातें।

हर पल साँस समाहित तुझमें
उर स्पंदित प्रणय भाव है
बेफिक्री के स्वच्छंद पलों में
लगता बस तेरा प्रभाव है।

उलझन से उन्मुक्त हुई मैं
मिला सुकूं यादों में तेरी
पल पल जीवन मुखरित मेरा
अहसासों वादों में तेरी।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       25दिसंबर, 2020

शरद ऋतु का आगमन।

शरद ऋतु का आगमन।  

फेनिल कुहरे की चादर औ
मौसम की ये ठंडी रातें
बैठ किनारे हाथ सेंकते
खत्म न होने वाली बातें।

रात ठिठुरती ओढ़ रजाई
बिस्तर पर सिलवट बनती
लिखती नई कहानी मिलकर
खुद कहती औ खुद सुनती।

विहग उनिंदें मूक स्वरों से
यूँ मीठी तान सुनाते हैं
शरद ऋतु के एहसासों को
वो संकेतों में गाते हैं।

ठंड सिमटने लगी रातभर
बैठ अलावों की छाँवों में
इक नूतन आरंभ दिखा है
शरद आगमन से गांवों में।

खेतों की क्यारी में देखो
रात ओस बन बिछी हुई है
बादल के झुरमुट में देखो
रश्मि सूर्य की छिपी हुई है।

नूतन फसलों के अंकुर से
खेतों का रूप सँवरता है
हरियाली की ओढ़े चादर
धरती का रूप सँवरता है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       24दिसंबर, 2020





कर तू जतन।

कर तू जतन।  

उद्विग्न भाव ले खड़ा 
निहार रहा भोर को
दिव्य आस्था लिए वो
नापता है छोर को।

भविष्य पर रखे नजर
सँभल रहा डगर डगर
कर रहा जतन वो सब
त्याग यहाँ अगर मगर।

कह रही है राह सब
प्रयास तो करो जरा
मंजिलों की दौड़ में
दो पग तो चलो जरा।

तेरा हर जतन यहाँ
सुदृढ कर रहा गमन
त्याग तू शंका सभी
लक्ष्य का तू कर मनन।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      23दिसंबर, 2020

प्रणय बिम्ब के सुंदर घेरे।

प्रणय बिम्ब के सुंदर घेरे।  

भूल गए या याद अभी है
वो अनुरागी शीतल फेरे
भूल गए या याद अभी है
प्रणय बिम्ब के सुंदर घेरे।।

सूनी पलकों के आँगन में
सपनों का संचार किया
सूने अंतस के दामन में
प्रीत-प्रेम व्यवहार किया।

हिय मकरंद सुमन महके
नैनों में पावस के डेरे।
भूल गए या याद अभी है
प्रणय बिम्ब के सुंदर घेरे।।

प्रेम हमारा पावन ऋतु सा
महकी जिससे क्यारी क्यारी
त्याग समर्पण पुण्य भाव से
प्रतिपल पुलकित फुलवारी।

उर के हर्षित स्पंदन और
नैनों के अनुरंजित डोरे।
भूल गए या याद अभी है
प्रणय बिम्ब के सुंदर घेरे।।

स्मृतियों के स्वप्न सुनहरे
जीवन में मधुरस भरते
साथ तुम्हारे बीते जो पल
अब तक हैं आनंदित करते।

सपनों की सुंदर रेखाएं
औ उन यादों के फेरे।
भूल गए या याद अभी है
प्रणय बिम्ब के सुंदर घेरे।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      22दिसंबर, 2020



कब तक बँधता।

कब तक बँधता।   

क्या करता कब तक सहता
था कभी मुझे कुछ कह जाना।
दरिया हूँ मैं कब तक बँधता
मुझको भी था बह जाना।।

खामोश यहाँ कब तक रहता
कब तक औरों की सहता
कब तक शर्तों पर जीता औ
कब तक ना मन की कहता।

ओढ़ी जो खामोश दिवारें
उनको तो था ढह जाना।
दरिया हूँ मैं कब तक बँधता
मुझको भी था बह जाना।।

कितने ही लम्हों में मैंने
अहसासों के फूल सजाये
पथरीली राहों से मैंने
जाने कितने शूल हटाये।

जब शूल चुभाया दामन में
तब आँसू का था बह जाना।
दरिया हूँ मैं कब तक बँधता
मुझको भी था बह जाना।।

मौन सफर में चला अकेले
इंतज़ार कब तक करता
तुम बिन कोइ नहीं था मेरा
जो मेरे मन की पीड़ा हरता।

छोड़ चले जब मुझे अकेले
मुझको भी तो था जाना ।
दरिया हूँ मैं कब तक बँधता
मुझको भी था बह जाना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      22दिसंबर, 2020


तुमसे सब जज्बात हैं।

तुमसे सब जज्बात हैं।  

तुम इस कदर खामोश हो क्यूँ
कुछ तो कहो क्या बात है
तुमसे ही खुशियाँ हैं सारी
और तुमसे सब जज्बात हैं।।

है कौन सी वो बात जिसने
आघात तुमको है किया
वो कौन से हालात जिसने
घाव तुमको है दिया।

कुछ तो कहो ना चुप रहो अब
दिल में छुपी जो बात है।
तुमसे ही खुशियाँ हैं सारी
और तुमसे सब जज्बात हैं।।

कल चले थे हम जहाँ से
वो रास्ते अब भी वहीं हैं
और बिछड़े थे जहाँ से
वो मंजिलें अब भी वहीं हैं।

मुड़ के जो एक बार देखो
वही यादों की बारात है।
तुमसे ही खुशियाँ हैं सारी
और तुमसे सब जज्बात हैं।।

जो इंतज़ार तुमको है मेरा
इक बार दिल से बोल दो
तोड़ दो बंधन सभी औ
दिल की गिरह को खोल दो।

और क्या तुमसे कहूँ मैं
तुमसे ही दिन और रात हैं।
तुमसे ही खुशियाँ हैं सारी
और तुमसे सब जज्बात हैं।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
      21दिसंबर, 2020

न्याय का पक्ष।

न्याय का पक्ष।  

झील के तट पर बिखरती
दिख रही तनहाइयाँ
साथ उसके चल रही हैं
आज बस परछाइयाँ।

वक्त का है खेल ये सब
वश नहीं है किसी का
काल जिसका साथ देता
वक्त चलता उसी का।

भूल जा हर बात वो जो
रात दुख का सार थी
और तेरी चाहतों पर
जो कर रहीं वार थी।

रात का अंतिम पहर अब
बीतने की ओर है
भोर की पहली किरण में
दिख रहा नव छोर है।

झील के उस पार देखो
इक किरण है दिख रही
चल चलें उस पार देखो
रोशनी है दिख रही।।

अब तू ही कर निर्णय स्वयं
तू संगी है किसका
सत्य के जो साथ चलता
न्याय लेता पक्ष उसका।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       19दिसंबर, 2020

वो तारण हारे।

वो तारण हारे। 

भटक रहे मन की पीड़ा ले
आया हूँ मैं द्वार तिहारे।
राह सूझती कुछ ना मुझको
तुम बिन किसको आज पुकारें।

विह्वल है मन का हंसा
इच्छाओं का भार लिए
इत उत मन भटक रहा है
सपनों का अंबार लिए।

भटक रहे मन के भावों को
बिना तुम्हारे कौन सम्हारे।
राह सूझती कुछ ना मुझको
तुम बिन किसको आज पुकारें।।

बुद्धिहीन ये ज्ञानहीन ये
तुम बिन कौन इसे समझाए
गुण क्या है अवगुण है क्या
तुम बिन कौन इसे बतलाए।

काम, क्रोध, मद, लोभ, मोह
के जंजालों में भटका रे।
राह सूझती कुछ ना मुझको
तुम बिन किसको आज पुकारें।।

सुप्त हो रही आज चेतना 
प्रभु फिर से इसे जगा जाओ
हिय में सबके प्रेम बसे प्रभु
कुछ ऐसी रीत चला जाओ।

मन का सारा मैल मिटा दो
जगपालक हो तारण हारे।
राह सूझती कुछ ना मुझको
तुम बिन किसको आज पुकारें।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       17दिसंबर, 2020

प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें एक दूजे को हम इतना अधिकार दें, के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें। एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं, ...