तुम आज गवाही देना।

तुम आज गवाही देना।   

बिखर रहे इन हालातों में
बस थोड़ी परछाईं देना
मौन हुआ हूँ भले यहाँ मैं
पर तुम आज गवाही देना।।

पल-पल अभ्यासों के बल पर
कितने विश्वासों के बल पर
चला पंथ उम्मीद सहारे
कितने अहसासों के बल पर।

हुई चूक जो कहीं कभी तो
तुम उसकी सुनवाई देना।
मौन हुआ हूँ भले यहाँ मैं
पर तुम आज गवाही देना।।

छोटे छोटे प्रण के बल पर
इच्छा का सम्मान किया है
गंतव्यों तक जाने खातिर
मैंने सबका मान किया है।

मेरे प्रण की पीड़ाओं की
तुम बस आज दवाई देना।
मौन हुआ हूँ भले यहाँ मैं
पर तुम आज गवाही देना।।

इक बस तेरा साथ मुझे है
सारी उम्मीदों से बढ़कर
मैंने अपना जीवन पाया
इक बस तुझसे ही मिलकर।

मेरे अहसासों से मिलकर
तुम अपनी परछाई देना।
मौन हुआ हूँ भले यहाँ मैं
पर तुम आज गवाही देना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       19फरवरी,2021


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

लेखक परिचय

लेखक परिचय अजय कुमार पाण्डेय 30 जुलाई 1974 को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद में जन्मे अजय कुमार पाण्डेय वर्तमान में हैदराबाद (तेलंगाना) में...