बात अभी भी बाकी है।

बात अभी भी बाकी है।   

दीप बुझाऊँ कैसे बोलो
रात अभी भी बाकी है
कहो विदाई कैसे दे दूँ
बात अभी भी बाकी है

चलो सुनाओ कोइ कहानी
नई कहो या कोइ पुरानी
मन के भावों को पुचकारे
अनजानी हो या पहचानी।

अनुमति तुमको कैसे दे दूँ
जज्बात अभी भी बाकी है।
कहो विदाई कैसे दे दूँ
बात अभी भी बाकी है।।

कदम कदम पर कितनी बातें
कितनी ही अभिलाषा हैं
कब शुरू हुआ कब हुआ खतम
जीवन की कैसी गाथा है

जीवन की गाथाएँ कितने
अध्यायों में बाकी हैं।
कहो विदाई कैसे दे दूँ
बात अभी भी बाकी है।।

उम्मीदों का सफर शुरू है
सपनों की परछाईं में
खुशियाँ मुझको आज मिली हैं
तुझसे ही अँगनाई में।

तुमसे मिलकर मैंने जाना
उम्र अभी भी बाकी है।
कहो विदाई कैसे दे दूँ
बात अभी भी बाकी है।।
✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06फरवरी, 2021

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

लेखक परिचय

लेखक परिचय अजय कुमार पाण्डेय 30 जुलाई 1974 को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद में जन्मे अजय कुमार पाण्डेय वर्तमान में हैदराबाद (तेलंगाना) में...