शोक क्या करना।
नहीं शिकायत शिकवा कोई
अफसोस यहाँ फिर क्या करना
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।
खामोशी से पाया जिसको
उसका कुछ उल्लास नहीं
छूट गया है जो इस पथ में
उसका अब संताप नहीं।
उल्लास नहीं किया यहाँ जब
संताप यहाँ फिर क्या करना।
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।
पलकों से कितने ही अश्रु
रुके कभी, कभि छलक गए
कभी भिंगोया अंतर्मन को
और कभी यूँ ढलक गए।।
ढलक गए आँसू पलकों से
दोष यहाँ किस पर धरना।
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।
मिले सफर में जाने कितने
औ जाने कितने छूट गए
साथ चले जो, तेरे अपने
थे गैर यहाँ जो, छूट गए।
बने बिगड़ते रिश्तों का फिर
दोष किसी पर क्या मढ़ना।
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।
हँस कर जीना सीख लिया जो
उसने ही जीवन जाना है
उसने ही है पाया जग में
जिसने खुद को पहचाना है।
पहचान लिया जिसने खुद को
मोह किसी से क्या करना।
जो मिला नहीं उसकी खातिर
शोक यहाँ फिर क्या करना।।
✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
09फरवरी, 2021
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें