ऐसे कैसे रहते हो।

ऐसे कैसे रहते हो।  

कितना कुछ सुनते हो सबकी
फिर भी हंसते रहते हो
कुछ बतलाओ मुझसे भी
के ऐसे कैसे रहते हो।।

कितनी ही आवाजों में
तुमने खुद को ढाला है
मुख से उफ ना किया कभी
हँस कर सबको पाला है
आघातों के बीच खड़े हो
फिर भी हँसते रहते हो।
कुछ बतलाओ मुझसे भी
के ऐसे कैसे रहते हो।।

छोटी छोटी इच्छाओं का
सबकी हरदम मान किया
खुद की सारी इच्छाओं का
हरपल ही बलिदान किया
दबी हुई इच्छाएं कितनी
फिर भी हँसते रहते हो।
कुछ बतलाओ मुझसे भी
के ऐसे कैसे रहते हो।।

कितने सूनेपन में तुमको
छुपकर रोते देखा है
रोशन महफ़िल में भी तुमको
 तन्हा होते देखा है
तन्हाई की टीस लिए हो
फिर भी हँसते रहते हो।
कुछ बतलाओ मुझसे भी
के ऐसे कैसे रहते हो।।

तुमको देखा जीवन देखा
पग पग कितनी सीख मिली है
अँधियारा कितना हो गहरा
उम्मीदों से जीत मिली है
तुमको देखा तब है जाना
जीवन किसको कहते हैं।
अब जाकर मैंने भी जाना
के ऐसे कैसे रहते हो।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28फरवरी, 2021

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ग़ज़ल - आँखें भींग जाती हैं

ग़ज़ल - आँखें भींग जाती हैं  तुझे यादों में मिलता हूँ तो आँखें भीग जाती हैं तुझे मैं ख़त में लिखता हूँ तो आँखें भीग जाती हैं ​ तेरा चेहरा ही ब...