क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।

क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।   

उम्मीदों के आसमान पर 
जाने कैसी बदली छाई
हमने जब जब हँसना चाहा
क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।।

रहे ताप में जीवन भर हम
पंथ तुम्हारा शीतल रखा
जाने कितने दंश सहे हैं
हृदय को अपने कोमल रखा।।

निर्मल रखा मन भावों को
फिर भी जाने ठोकर खाई
हमने जब जब हँसना चाहा
क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।।

दिन डूबा अरु साँझ हुई जब
हमने मन का दीप जलाया
अँधियारे को दूर किया जब
मन में बस तुमको ही पाया।।

फिर जाने क्या बात हुई जो
है मिली मुझे बस रुसवाई
हमने जब जब हँसना चाहा
क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।।

अपनी इच्छाओं को हर पल
तेरी इच्छाओं पर वारे
तुम्हें जीत दिलाने खातिर
कदम कदम पर हम तो हारे।।

जीवन की चौसर पर हमने
जाने कितनी ठोकर खाई
हमने जब जब हँसना चाहा
क्यूँ मुझे मिली बस तन्हाई।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22अगस्त, 2021

तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।

तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।  

कुछ गीत लिखे हैं जीवन के
तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं 
अगले पल की किसे खबर है
कहो अगर दिल बहला लूँ मैं।।

आने वाले पल जीवन के
जाने क्या कुछ ले आयेंगे
जाने वाले पल जीवन के
जाने क्या क्या ले जायेंगे।
इस पल में जो पास यहाँ है
कहो अगर तो अपना लूँ मैं
कुछ गीत लिखे हैं जीवन के
तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।।

पुष्प खिले जो भी उपवन में
साँझ ढले मुरझा जायेंगे
गर इनको ना मिला सहारा
काँटों में उलझा जायेंगे।
इनके उलझाने से पहले
काँटों को सुलझा लूँ मैं
कुछ गीत लिखे हैं जीवन के
तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।।

पल पल आशाएँ जीवन की
सुनो जरा क्या कुछ कहती हैं
जाने इस जीवन के कितने
सपने ये बुनती रहती हैं।
सपनों की इन घड़ियों में
अपना संसार बसा लूँ में
कुछ गीत लिखे हैं जीवन के
तुम कहो अगर तो गा लूँ मैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
         22अगस्त, 2021

प्रेम समर्पण।

प्रेम समर्पण।  

मेरे मृदु हिय को स्पंदित कर 
तुम इसका जीवन बन जाओ
मैं बन जाऊँ कृष्ण तुम्हारा
तुम मेरि राधिका बन जाओ।।

जो मैं बन जाऊँ त्याग यहाँ
तुम प्रेम समर्पण बन जाओ
जो बन जाऊँ शाख यहाँ मैं
तुम सुंदर कलियाँ बन जाओ।।
मैं बन जाऊँ भ्रमर यहाँ जो
तुम पुष्प वाटिका बन जाओ
मैं बन जाऊँ कृष्ण तुम्हारा
तुम मेरि राधिका बन जाओ।।

हो प्रेम स्फुटित मन उपवन में
पुष्पों से मन आच्छादित हो
रोम रोम मधु भाव जगे अरु
हृदय प्रेम से आह्लादित हो।।
मैं बन जाऊँ स्नेह मनोहर
तुम स्वर्णिम बेला बन जाओ
मैं बन जाऊँ कृष्ण तुम्हारा
तुम मेरि राधिका बन जाओ।।

धीमे धीमे बहता है मन
कुछ सुनो जरा क्या कहता है 
संग संग जीवन के कितने
ये स्वप्न सँजोते रहता है।।
मैं बन जाऊँ शब्द सुनहरा
अरु गीतों में तुम छा जाओ
मैं बन जाऊँ कृष्ण तुम्हारा
तुम मेरि राधिका बन जाओ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21अगस्त, 2021






पल पल बढ़ रही है जिंदगी।

पल पल बढ़ रही है जिंदगी।  

आस के आकाश पर यूँ फल रही है जिंदगी
जाने किन किन रास्तों पर चल रही है जिंदगी
कौन जाने दूर और कौन जाने पास है
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

बढ़ रही उम्र देखो रात के जाने के साथ
अरु मिलती है खुशी रात के जाने के बाद
बढ़ रहा है जितना पथिक बढ़ रही है जिंदगी
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

शब्द अधरों पर कभी तुषार हैं अंगार हैं
नीड़ के निर्माण में ये भी सृजन श्रृंगार हैं
शब्द के आकाश पर कुछ गढ़ रही है जिंदगी
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

अहसासों के पुण्य पल छोड़ कर कैसे चलूँ
जग से जो भी मिला वो तोड़ कर कैसे चलूँ
बंधनों की प्रीत सह सह बढ़ रही है जिंदगी
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

स्वप्न पलकों में पले तो रात क्या अरु दिन क्या
उम्र के संग संग चले तो रास्तों की फिक्र क्या
गौर से सुन लो जरा कुछ कह रही है जिंदगी
उम्र के साये में पल पल बढ़ रही है जिंदगी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21अगस्त, 2021

पीर लिखी मैंने बिरहन की।

पीर लिखी मैंने बिरहन की।  

जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

मधुमासों के बीच रहे पर
मधुमासों की आस रही
बीच समुंदर खड़े रहे पर
जाने कैसी प्यास रही।।

पल पल प्यासे उस जीवन की, पीर लिखी मैंने नयनन की
जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

बीच लहर तुम छोड़ चले जब
पतवारों की आस नहीं
जब डगमग डगमग नैया डोली
उस क्षण कोई पास नहीं।।

सागर से क्या करूँ याचना, गीत लिखे मैने धड़कन की
जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

शीतल चंदा की किरणों ने
कितनी बार जलाया है
छली गयी हैं यादें पल पल
जब जब याद दिलाया है।।

यादें जब जब तड़पाईं हैं, गीत लिखे मैंने तड़पन की
जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

जीवन के इस मरूभूमि को
आँखें कब तक सींचेंगी
सागर से मिलने की खातिर
नदिया कब तक तरसेंगी।।

इन पलकों में आस लिए फिर, प्रीत लिखी मैंने नयनन की
जब जब भी सावन आया है, पीर लिखी मैंने बिरहन की।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20अगस्त, 2021

हौले से मुस्काना।

हौले से मुस्कना।  

अधरों का हौले से कंपन
धीरे से सब कह जाना
याद मुझे अब भी है तेरा
वो हौले से मुस्काना।।

कितनी प्यारी बातें तेरी
अरु दूर क्षितिज तक जाना
अब भी याद मुझे है तेरा
हँसना दिल को बहलाना।।

नैनों से बातें करना अरु
कहे बिना सब कह जाना
याद मुझे अब भी है तेरा
वो हौले से मुस्काना।।

हमने अपनी हर साँसों में
बस तुमको ही पाया है
जब भी तेरा जिक्र हुआ है
तकिया गले लगाया है।।

प्यारी प्यारी बातें तेरी
और तेरा वो शर्माना
याद मुझे अब भी है तेरा
वो हौले से मुस्काना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20अगस्त, 2021

अब कैसे मैं तुम्हें पुकारूँ।

अब कैसे मैं तुम्हें पुकारूँ।  

कितने दूर बसे हो जाकर, अब कैसे मैं तुम्हें पुकारुँ 
कदम कदम पर लाखों पहरे, अब कैसे मैं नजर उतारूँ।।

कैसे भूल गए वो वादे
कैसे भूली बतियाँ सारी
कैसे भूले गीत मिलन के
और सुहानी रतियाँ सारी।।

मन की मन में दबी रह गयी, किसके सम्मुख उन्हें निकारूँ
कितने दूर बसे हो जाकर, अब कैसे मैं तुम्हें पुकारुँ।।

टूटे सपनों की ड्योढ़ी पर
अरमानों का भार लिए हूँ
कैसे तुमको आज बताऊँ
मन में क्या उपहार लिए हूँ।।

पलकों में कुछ अश्रू बचे हैं, बोलो कैसे उन्हें निकारूँ
कितने दूर बसे हो जाकर, अब कैसे मैं तुम्हें पुकारुँ।।

जाने कैसी भूल हुई है
जो आज सजा ये पायी है
अब किससे अरदास करूँ मैं
क्यूँ होती ना सुनवाई है।

अधरों पर पीड़ा ठहरी है,  किस विधि बोलो उन्हें निकारूँ
कितने दूर बसे हो जाकर, अब कैसे मैं तुम्हें पुकारूँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        19अगस्त, 2021



गीत सुना दो।

गीत सुना दो।  

शब्दों को परिमार्जित कर के
अधरों पर फिर पुष्प खिला दो
जो अंतर्मन स्पंदित कर दे
कोई ऐसा गीत सुना दो।।

स्वर की गलियों से जब गुजरूँ
कानों में प्रिय रस घुल जाये
पुलकित हों हिय भाव मनहरे
अधरों के बंधन खुल जायें
खुल जाए यादों की गलियाँ
ऐसी कोई रीत चला दो
हर अंतस स्पंदित हो जाये
कोई ऐसा गीत सुना दो।।

सुर की गलियों के तुम प्यारे
शब्दों के हो राजदुलारे
गीत रचो मन को छू जाये
मन उपवन को यूँ महका रे
बंध बंध आह्लादित जिसका
ऐसा सुर संगीत सजा दो
हर अंतस स्पंदित हो जाये
कोई ऐसा गीत सुना दो।।

हिय पुलकित आशाएँ गुंजित
भावों में जो हो प्रतिबिंबित
हृद हृद में मधुमास खिला दे
अहसासों को कर के चुंबित
मिटे तपन शीतल हो जाये
पिय भावों को आज जगा दो
हर अंतस स्पंदित हो जाये
कोई ऐसा गीत सुना दो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18अगस्त, 2021

ये रास्ते थकते नहीं।

ये रास्ते थकते नहीं।  

ये कौन कहता है हवायें बात अब करती नहीं
मैं तो कहता हूँ दिशाएँ उसकी अब सुनती नहीं।।

एक रेखा सी खिंची है हर आशियाने में यहाँ
और तुम कहते हो यहाँ वो रेख अब दिखती नहीं।।

है कितनी आवाजें लगाई उम्र ने हर मोड़ पर
मैं कैसे अब कह दूँ यहाँ के उम्र कुछ कहती नहीं।।

कितना कुछ झेला है उसने इस जिंदगी के वास्ते
अब कैसे कह दूँ मैं यहाँ ये उम्र कुछ सहती नहीं।।

भीड़ हो तनहाइयाँ हों मंजिलें हों या के सफर
ये रास्ते हैं विश्वास के ये उम्र भर थकते नहीं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
        18अगस्त, 2021

कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।

कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।  

जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये
कुछ माला में गूंध गए अरु
कुछ पग पग पर ठोकर खाये।।

पलकों ने कब चाहा उसके
प्रिय अश्रू गिरे अरु मिट जायें
आहों ने कब चाहा दिल के
अरमान गिरे अरु मिट जायें
हंसे कभी कभी रोये अश्रू
और कभी बदली बन छाये
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

अंतर्मन ने कब चाहा है
भाव दबे और कुम्हलायें
मधुमासों ने कब चाहा है
हाय बिरह की वो पीड़ाएँ
आशाओं के महाकुंभ में
हैं अंतर्मन की ज्वालायें
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

पग पग दीप जलाए जितने
आस प्राण में आये उतने
अहसासों की पृष्ठ भूमि पर
स्वप्न सुनहरे आये उतने
पलकों की ड्योढ़ी पर सपने
कभी हँसाये कभी रुलाये
जीवन के इस महासमर में
कुछ पुष्प खिले कुछ मुरझाये।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17अगस्त, 2021


चंद मुक्तक।

चंद मुक्तक।  

अपने गीतों में नहीं कुछ और लिखना चाहता हूँ
चाहता हूँ चंद लम्हे खुद को जीना चाहता हूँ।।
क्या करोगे जानकर के दर्द कितना था बड़ा 
दर्द वो मेरा है उसको मैं ही जीना चाहता हूँ।।

ये जो वीणा बज रही मैं भी उसका तार हूँ
जैसे तुम उपहार हो मैं भी इक उपहार हूँ
भेद बस इतना यहाँ कि तुम हो महलों में पले
और माटी में पला मैं मौन इक आकार हूँ।।

गाँव की वो पगडंडियाँ इतरा उठी तब झूम कर
जब शहर के रास्ते कल उससे मिले थे चूम कर
मौन शब्दों में कहा था चाहे कहीं भी तुम रहो
जब भि गुजरो तुम इधर से देख लेना घूम कर।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17अगस्त, 2021

सुनने का रिवाज।

सुनने का रिवाज।  

जाने क्यूँ हलकों से अब भी
निकल रही आवाज  नहीं
लगता है यूँ कंठ दबे हैं
आती कुछ आवाज नहीं।
दरद विकल हो मचल रहा
सुनता क्यूँ सरताज नहीं
लगता है महलों में अब भी
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

भटक रही फिर आज जिंदगी
अपना अस्तित्व बचाने को
चीख रहे हैं आज अश्रू फिर
पलकों से बाहर आने को
आँसू के इस विकल वेदना
को मिलती क्यूँ आवाज नहीं
लगता है महलों में अब भी
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

कहीं द्रौपदी चीख रही है
अट्टाहासों के बीच विकल
कहीं जल रही है सैरंध्री
है सोया क्यूँ ब्रम्हांड सकल
क्या कान्हा तक गूंजती चीख
की जाती अब आवाज नहीं
लगता है महलों में अब भी
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

धनलोलुपता में ही कितने
संस्कारों को कुचल रहे हैं
राष्ट्र धरम और मर्यादा को
देखो कैसे कुचल रहे हैं
चलचित्र में फिर अश्लीलों पर
क्यूँ गिरती कोई गाज नहीं
लगता है महलों में अब भी
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

ऐसे संस्कृति सिसक सिसक कर
मचल मचल कर गिर जाएगी
अवसादों के बीच फँसी तो
तड़प तड़प कर मर जाएगी
चलो बचा लें जीवन अपना
फिर न हो ये मोहताज कहीं
फिर से अब ना कोई कहे कि
कुछ सुनने का रिवाज नहीं।।

 ©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
         16अगस्त, 2021

आज लेखनी फिर अकुलाई।

आज लेखनी फिर अकुलाई।  

आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन भावों में आई।।

मन का पंछी आकाशों में
जब जब रास्ता कोई ढूँढे
व्याकुल सपनों की ड्योढ़ी पर
खुद से खुद का रास्ता पूछे
मन के इस दीवानेपन में
भावों ने ली है अँगड़ाई
आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन भावों में आई।।

पग पग शब्दों का मेला है
जीवन सुख दुख का खेला है
कहीं घिरे हैं काले बादल
कहीं बारिशों का रेला है
बनते और बिगड़ते पथ में
घावों में उम्मीदें लाई
आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन भावों में आई।।

जिसने घावों को सहलाया
अवसादों में भी बहलाया
पल पल गीत बुने हैं जिसने
पीड़ा में भी गीत सुनाया
रहा अल्प में जीवन भर जो
उसकी कौन करे सुनवाई
आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन घावों में आई।।

हर धड़कन महसूस किया है
खुशियों खातिर दरद जिया है
जग को है मधु दिया हमेशा
नीलकंठ बन जहर जिया है
अचल रहा जो पुण्य पंथ पर
उसकी आँखें क्यूँ भर आईं
आज लेखनी फिर अकुलाई
पीड़ा बन घावों में आई।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16अगस्त, 2021


थक कर जाने सो जाता है।

थक कर जाने सो जाता है।  

सन्नाटों के बीच कहीं पर
जीवन सिमटा खो जाता है
अस्तांचल तक जाते जाते
थक कर जाने सो जाता है।।

बैठ किनारे नदिया देखो
माँझी कितना स्वप्न सँजोता
आती जाती लहरों में वो
कभी सँभलता कभी भिंगोता।
कभी खोल नौका के बंधन
धारा में गुम हो जाता है
अस्तांचल तक जाते जाते
थक कर जाने सो जाता है।।

ऊँचे ऊँचे परबत सारे
आकाशों को चूम रहे हैं
मन के सारे भाव सुनहरे
पंछी बन कर घूम रहे हैं।
पंखों की होड़ा होड़ी में
डूब कहीं गुम हो जाता है
अस्तांचल तक जाते जाते
थक कर जाने सो जाता है।।

उगी चाँदनी कहीं दे रही
नव जीवन की नई चेतना
सन्नाटों की आवाजों में
सुनो आ रही नई सूचना।
नई चेतना पाने खातिर
अहसासों में खो जाता है
अस्तांचल तक जाते जाते
थक कर जाने सो जाता है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       15अगस्त, 2021

तुमसे इतना प्यार मिला है।

तुमसे इतना प्यार मिला है।   

पीड़ा का पथ हुआ सुनहरा
तुमसे इतना प्यार मिला है
ऐसा लगता है जीवन में
जीवन पहली बार मिला है।।

भटका भटका जीवन कितना
तुमसे मिलकर मैंने जाना
खुद से दूर हुआ था कितना
तुमको देखा तब पहचाना
दर्पण के चेहरे में मुझको
खुशियों का अंबार मिला है
पीड़ा का पथ हुआ सुनहरा
तुमसे इतना प्यार मिला है।।

गुम था मैं तो वीराने में
सन्नाटे में पड़ा हुआ था
सागर के नजदीक रहा पर
प्यासा ही मैं पड़ा हुआ था।
तेरे चाहत की बारिश से
जीवन में मधुमास खिला है
पीड़ा का पथ हुआ सुनहरा
तुमसे इतना प्यार मिला है।।

तेरी चाहत की छाया में
बिखरा जीवन खिल जाएगा
अँधियारे में जलते जलते
दीपक सूरज बन जायेगा।
नीरसता से भरे गगन को
अब बाहों का हार मिला है
पीड़ा का पथ हुआ सुनहरा
तुमसे इतना प्यार मिला है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
         15अगस्त, 2021




दुनिया में तेरा मान रहे।

दुनिया में तेरा मान रहे।  

राष्ट्र मेरे ऐ राष्ट्र मेरे
ऊंचा तेरा सम्मान रहे
जब तक ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

मेरे जैसे कितने जीवन
तेरी गोदी में पलते हैं
क्या मुरझायेगा पुष्प यहाँ जो
तेरी माटी में खिलते हैं।
तूने सींचा तूने पाला
ऊंचा ये तेरा भाल रहे
जब तक ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

इस गोदी में गाँधी गौतम
श्री राम कृष्ण बलराम पले
वीर शिवाजी, राणा, लक्ष्मी
अरु कण कण में भगवान पले।
गीता वेद पुराण उपनिषद
रहती दुनिया तक ज्ञान रहे
जब तो ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

नदियों में तेरी खुशियाँ हैं
खेतों में खिलती कलियाँ हैं
कर रही सुशोभित दुनिया को
ऐसी रोशन ये गलियाँ हैं।
तुझसे दुनिया को ज्ञान मिला है
हर दिल में ये अभिमान रहे
जब तक ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

बस इतनी सी चाहत मेरी
जनम जनम तुझको ही पाऊँ
जब जब भी कोई गीत रचूं
और नहीं बस तुझको गाऊँ।
तुझसे ही है जीवन मेरा
अरु तुझपर अर्पित जान रहे
जब तक ये सूरज चन्द्र रहे
दुनिया में तेरा मान रहे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15अगस्त, 2021

आजादी को पूज रहे हम।

आजादी को पूज रहे हम।  

व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं
जन गण मन के भीतर देखो
इक दूजे को ढूँढ़ रहे हैं।।

आजादी कब सरल रही है
बरसों से सुनते आए हैं
पग पग अगणित कष्ट सहे हैं
तब जाकर ये दिन आये हैं।
इस दिन की गुरुता को देखो
इक दूजे में ढूँढ़ रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

जात पात अरु ऊंच नीच के
भेद हृदय को बींध रहे हैं
राजनीति अब चाल बदल कर
वोटों की मुट्ठी भींच रहे हैं।
अब गिरती शुचिता में क्यूँ सब
निज लाभों को खोज रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

अवसरवादी नारे सारे
भारत का पथ भरमाते हैं
भृष्ट आचरण धन लोलुपता
क्यूँ कुछ लोगों के मनभाते हैं।
राजनीति में शुचिता जैसे
कंकर-चावल खोज रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

खण्डित नारों से जा कह दो
उनका जीवन पूर्ण हो चुका
पग पग पर हैं अटल इरादे
भारत अब संपूर्ण हो चुका।
लेकिन घर के भेदी को फिर
आँगन में क्यूँ पाल रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

चाल चरित्र जाने कब बदला
कैसे बदले पुण्य हमारे
सत्ता तक जाने की खातिर
कब बदले सिद्धांत हमारे।
सिद्धांतो की बलि देकर हैं
सिद्धांतों को ढूँढ़ रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

भारत नव निर्माण चाहता
सपनों का आकार चाहता
निकल व्याधि औ जंजीरों से
नूतन अब आकाश चाहता।
आओ सब मिल पंथ बुहारें
अब भी हम क्या ढूँढ़ रहे हैं
व्याकुलता के शीर्ष पर खड़े
आजादी को पूज रहे हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15अगस्त, 2021











मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ।

मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ।   

मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ
है ये इतिहास सुनहरा मेरा
मैं चतुरदिषाएँ जोड़ रहा हूँ।।

मैं आजादी का नायक हूँ
मैं राष्ट्र गीत का गायक हूँ
मैं जन जन की विकल भावना
मैं राष्ट्र प्रेम का वाहक हूँ।।
राष्ट्र भावना जनमानस में
सदियों से मैं घोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

अंग्रेजों ने खींच लकीरें
भारत लहूलुहान किया था
अपने स्वार्थ सिद्धि की खातिर
जन गण का अपमान किया था
अंग्रेजों के दमन चक्र की
उन पन्नों को खोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

लक्ष्मी, तांत्या, मंगल पांडे
नाना कितने वीर चले हैं
लिए मशाल क्रांति की देखो
बन कर के रणवीर चले हैं।।
तन मन धन सब किया समर्पित
उनकी गाथा बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

मैं मुक्ति युद्ध बन पलता हूँ
मैं अंगारों पर चलता हूँ
भारत की मृदु स्मृति बनकर के
मैं जन गण मन में मिलता हूँ।।
वीरों की उस मधुर कल्पना
जज्बातों को बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

मैं चाल चरित्र का द्योतक हूँ
मैं राष्ट्र प्रेम का पोषक हूँ
मैं बलिदानों का मूल मंत्र
मैं उम्मीदों का पोषक हूँ।।
राष्ट्र प्रेम की अलख जगा दे
मैं ऐसा रास्ता खोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

अत्याचारों से पीड़ित हो
जनता आवाज उठाई थी
धर्म राष्ट्र का भाव लिए ही
आशा की ज्योति जगाई थी।।
ज्योति जली बरसों पहले जो
मैं उसकी गाथा बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

धर्म जाती मजहब ना कोई
इक सूत्र सब बंधे हुए थे
आजादी का प्रण लिए सभी
संकल्पों में गुंधे हुए थे।।
संकल्पों के भाव सभी वो
जन गण मन में घोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

आजादी के दीवानों पर
पग पग पर दमन चलाया था
अरु अंग्रेजी आतंकों ने 
भारत का लहू बहाया था।।
लहू बहे आजादी खातिर
मैं गीतों में बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

एक सूत्र में भारत बांधा
मिलकर कई निशाना साधा
सदियों से खंडित भारत की
आस्थाओं को फिर से बांधा।।
त्याग, समर्पण शौर्य पराक्रम
की गाथा मैं बोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

आजादी का पंथ सुनहरा
अवसादों में ना अब घोलो
अभिव्यक्ति की आजादी है
इसमें कोई विष ना घोलो।।
अभिव्यक्ति की राष्ट्र भावना
राष्ट्रवाद बन घोल रहा हूँ
मैं सन सत्तावन बोल रहा हूँ
आजादी का पथ खोल रहा हूँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        11अगस्त, 2021

मैंने रीत लिखे

मैंने रीत लिखे।  

मैंने मर्यादित भावों से शब्द चुने फिर गीत लिखे
शिष्ट सृजन को शब्द चुने तब जाकर के गीत लिखे।।

सूरज से ली तपिश यहाँ पर
चंदा से शीतलता ली है
लिया पवन से मुक्त भाव अरु
तारों से चंचलता ली है।
शब्दों का आलिंगन कर के अपने मन के मीत लिखे
शिष्ट सृजन को शब्द चुने तब जाकर के गीत लिखे।।

लिया पुष्प से खुशबू मैंने
पातों से हरियाली ली है
अवनी से संबल पाया है
अंबर की रखवाली ली है।
पात पात पिय पुष्प चुने तब प्रीत गढ़े नवगीत लिखे
शिष्ट सृजन को शब्द चुने तब जाकर के गीत लिखे।।

लिया प्रखर भावों को जग से
अंतस में प्रिय भाव जगाया
पल पल बीत रहे लम्हों में
जो पाया गीतों में गाया।
जग से लेकर जग को देकर जग की प्रचलित रीत लिखे
शिष्ट सृजन को शब्द चुने तब जाकर के गीत लिखे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदरबाद
        08अगस्त, 2021


संकल्प।

संकल्प।  

भावनाएँ दृढ़ हैं जो फिर, मुश्किलों की क्या फिकर
चल पड़े दो पग जिधर भी, हैं रास्ते खुलते उधर।।
वट वृक्ष की है आस तो संकल्प भावों में जगा
छाँव भी मिल जाएगी तू दो कदम आगे बढ़ा।।

है वही जीता यहाँ जग जिसने खुद को पा लिया
आँधी में तूफानों में खुद को जो अपना लिया
रास्ते खुद चल पड़े देख कर के उसका हौसला
त्याग, तप, संकल्प जिसने हँस के है अपना लिया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07अगस्त, 2021

खामोशी से कहना है।

खामोशी से कहना है।  

सीने में तूफान हजारों
आँखों में क्यूँ सूनापन है
खामोशी के कोने में भी
कहीं छुपा वो अपनापन है।
माना इक खामोशी पसरी
पर मुश्किल अब चुप रहना है
जो भी भाव हृदय में जागे
हाँ, खामोशी से कहना है।।

मासूम निगाहों ने देखो
पलक झुका कर सब कह डाला
अधरों ने भी कंपन कर के
बिना कहे सब कुछ कह डाला।
नैनों ने जब बातें कह ली
फिर अधरों से क्या कहना है
जो भी भाव हृदय में जागे
हाँ, खामोशी से कहना है।।

साँसों की सरगम गा गाकर
करती कितने मधुर इशारे
स्वप्नों को भी पंख लगे हैं
आशाएँ भी राह निहारे।
आशाओं ने पंथ बुहारा
मौन नहीं अब रहना है
जो भी भाव हृदय में जागे
हाँ,  खामोशी से कहना है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07अगस्त, 2021

पतझड़ फिर ना आने देना।

पतझड़ फिर ना आने देना।  

ले आये हो मधुवन में तुम
पतझड़ फिर ना आने देना
फिर से आस बँधाई तुमने
उसे नहीं अब मिटने देना।।

मेरी साँसों की वीणा के
ताल तुम्हीं हो राग तुम्हीं
मेरे भावों की थिरकन के
गीत तुम्हीं हो राग तुम्हीं
अपने गीतों के सरगम में
मेरे गीत मिलाने देना
ले आये हो मधुवन में तुम
पतझड़ फिर ना आने देना।।

मेरे जीवन के पृष्ठों पर
अंकित इक इक छंद तुम्हीं
मेरे अंतस के ग्रंथों को
जो भाये हैं वो मंत्र तुम्हीं
पंक्ति पंक्ति हैं शब्द सुनहरे
ये भाव नहीं खोने देना
ले आये हो मधुवन में तुम
पतझड़ फिर ना आने देना।।

कितनी मन्नत बाद मिले हैं
नैनों से बरबस मधु ढलके
आशाओं के पुष्प खिले हैं
हिय मृदु मधुरिम मधुरस छलके।
पलकों में चाहत बन बसना
स्वप्न सुनहरे रचने देना
ले आये हो मधुवन में तुम
पतझड़ फिर ना आने देना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07अगस्त, 2021



हृदय की प्यास।

हृदय की प्यास।  

मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी
कहने को पल पल साथ रहा पर
आस मिलन की मिट ना पायी।।

हम दोनों के बीच न जाने
कैसी ये मजबूरी है
पास पास रहकर भी देखो
जाने कैसी दूरी है।
अहसासों के साथ जिये पर
अहसास कभी कह ना पाए
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

चले दूर तक जीवन पथ में
इक दूजे का साथ रहा 
छाँव मिली या धूप मिली हो
पल पल अपना साथ रहा।
साथ रहे हम इक दूजे के
मन की लेकिन कह ना पाये
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

लम्हों ने जो रची कहानी
सदियाँ उसको दुहराएँगी
हमने जैसी रीत निभायी
रीत वही गायी जायेंगी।
पल पल हमने पंथ बुहारे
लेकिन खुद ही चल ना पाये
मधु का प्याला पास रहा पर
प्यास हृदय की बुझ ना पायी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06अगस्त, 2021

हल्ला बोल दिया।

हल्ला बोल दिया।   

थे खुले हृदय के द्वार सभी
कानों में मिसरी घोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

सदियों से छाती पर अपने
इक नश्तर सा था चुभा हुआ
इक धारा बन टीस उभरती
दर्द सा दिल में था दबा हुआ
दूर हुआ नश्तर वो दिल का
अंतस में चंदन घोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

दशकों से आतंकी कितने
विष भारत में घोल रहे थे
गली मुहल्ले चौराहों पर
खुले आम विष घोल रहे थे
जंग लगे काले ताले को 
अब आगे बढ़कर खोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

कदम कदम पर हमने अपने
कितने ही सैनिक खोये हैं
जब जब देखा ध्वज में लिपटे
सब खून के आँसू रोये हैं
बँधे हाथ थे कल तक जो भी
सब इक झटके में खोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

अब भारत की धरती पर बस
भारत के नारे गूंजेंगे
पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण सब
बस भारत माँ को पूजेंगे
आतंकी मंसूबों पर अब
जन गण ने हल्ला बोल दिया
सिंहनाद कर इतिहासों ने
केसर का बंधन खोल दिया।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05अगस्त, 2021




भूले बिसरे दीवाने- आजादी के।

भूले बिसरे दीवाने- आजादी के।  

काल खंड के शिला लेख पर
कितनी ही अमिट कहानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

आजादी के दीवानों ने 
खुद मिट कर इतिहास बनाया
निज प्राणों की आहुति देकर
जीना क्या हमको सिखलाया।
और सिखाया जीवन पथ पर
चल, कैसे डगर बनानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

पुण्य पंथ पर शीश नवा कर
अगणित जीवन निखर गये हैं
कुछ ने है इतिहास बनाया
कुछ पन्नों में सिमट गये हैं।
जो सिमटे पन्नों में दबकर
जन जन को आज बतानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

कितनों ने बलिदान दिए जब
तब ये धरती मुस्काई है
कितनों ने शोणित से सींचा
तब ये फसलें लहराई हैं।
कुछ के त्याग लिखे गीतों में
अरु कुछ की अभी सुनानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

आजादी की बलि बेदी पर
कितने हँस कर झूल गए
जग को राह दिखाने खातिर
वो अपना रस्ता भूल गए।
बिसर गए जो इतिहासों में
उनकी पहचान बतानी है
कुछ को है आकार मिला अरु
कुछ बाकी अभी सुनानी है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04अगस्त, 2021


फिर वही मुलाकातें।

फिर वही मुलाकातें।  

बड़ी मुश्किल से बीते दिन बड़ी मुश्किल हैं ये रातें
चले आओ तुम्हारे बिन कहूँ मैं किससे ये बातें।।

के सारा दिन गुजरता है तुम्हारी याद में खोकर
औ रातों को जगाती हैं तुम्हारे प्यार की बातें।।

था दुआओं में यही माँगा तुम्हारा साथ न छूटे
सुनाऊँ किसको मैं तुम बिन तुम्हारे साथ की बातें।।

तुम्हारे प्यार में डूबे तो जाना जिंदगी क्या है
कहो कैसे मैं भूलूँगा अब पुरानी वो मुलाकातें।।

अधूरे ख्वाब हैं मेरे अधूरी मेरी तमन्नाएं
नहीं भाती तुम्हारे बिन मुझे अब कोई सौगातें।।

कहीं ऐसा न हो के जिंदगी नया कुछ घाव दे जाए
चलो फिर अजनबी बन जायें करें फिर से मुलाकातें।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02अगस्त, 2021

आशाओं के पुष्प।

आशाओं के पुष्प।  

आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता छल
कितने पाए कितने बाकी
नए शिखर तू चढ़ता चल।।

नहीं फिकर कर जीवन पथ की
कितने आये बीत गए
माना कुछ में हार मिली है
लेकिन कितने जीत गए।
हारे का अफसोस न कर तू
रीत नई तू गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

तू इस पथ का लेश मात्र है
खुद पर तू अभिमान न कर
कभी झुका जो जीवन पथ में
उसका तू अपमान न कर।
मान अभिमान से ऊपर कर
प्रतिमान नए गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

हार जीत अरु लोभ मोह सब
मिथ्या है आभासी है
जीवन पथ में वही खिला जो
अंतस से सन्यासी है।
किंतु परंतु से ऊपर उठ कर
नए पंथ तू गढ़ता चल
आशाओं के पुष्प खिला कर
पग पग डग डग बढ़ता चल।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30जुलाई, 2021


पितामह

            पितामह   

भाग-1

सूर्य भी अस्त हो चला और चाँद भी धुँधला हुआ
वहाँ नीरवता के शिखर पर मौन था ठहरा हुआ।

प्रश्न लाखों मौन आज अंतस में गुंजित हो रहे 
और बनकर शूल कितने घायल हृदय को खल रहे।

थी घड़ी वो कौन सी जब मौन ने निर्णय लिया था
शब्द थे गूँजे हृदय में वक्त ने भी कुछ कहा था।

उस कहे का भान क्यूँकर वक्त ने अनदेखा किया
लम्हों के उस दोष ने सदियों को इक मौका दिया।

काश उस क्षण प्रण मेरा भावों के न आड़े आता
आज इस रणभूमि में मैं स्वयं को न पड़े पाता।

जिस दिन एक मर्यादा लुटी थी मौन उस दरबार में
रक्त पलकों से गिरे थे उस निकृष्टतम वार से।

बस कुल की मर्यादा नहीं वो लाज थी संसार की
जिसके कोमल भावों पर कुदृष्टि पड़ी खूंखार थी।

क्रमश:

पितामह- भाग-2

सूर्य का रथ रुक गया अरु चंद्र भी कुंठित हुआ था
स्वार्थ लोलुप केंद्र में जब सभ्यता कुंठित हुई थी।

लाज और श्रृंगार आखिर विषय बने उपहास की
और सहसा रुक गयी थी वो मौन गति आकाश की।

एक पल का वो वचन अब आज भारी पड़ रहा था
छाँव दिया वट वृक्ष बन जो आज टूटा गिर पड़ा था।

ईश जाने चाहता था ना कभी उपहास उस पल
फिर भी क्यूँ न रोक पाया जब गिरा आकाश उस पल।

क्यूँ कर सभी धमनियों का रक्त पानी हो गया था
देखते देखते इतिहास मनमानी कर गया था।

उस एक पल में लिख गयी थी पटकथा संहार की
कैसे बदली थी व्यथा और वेदना संसार की।

क्रमशः----

पितामह- भाग-3

गूँज रहे थे द्यूत में जो शब्द सभी अपमान थे
नीतियों के पाश में बंधे सत्य सब सुनसान थे।

ये सत्य ही तो था के, अहंकार का विष घुल चुका था
द्यूत की आड़ में नित्याचार में विष घुल चुका था।

विद्रोह भी ना कर सका था कटु सत्य वो स्वीकार था
न चाह कर भी मौन बैठा समय बड़ा लाचार था।

उस कक्ष के वो खेल सत्य के हृदय को खल रहे थे
ज्ञान को सम्मान को संस्कार तक को छल रहे थे।

था नियति का दोष अरु षड्यंत्र थी वो बीमार की
दाँव पर जब जा लगी थी वो लाज इस संसार की।

दर्प के स्वर में छुपे थे व्यंग्य के कितने प्रहार
अब लुट रहे थे भाव सारे अरु मिट चले थे संस्कार।

किंतु अट्टहास के क्षण में इक हृद विकल हो रहा था
मौन कुछ न बोलता अंदर से पर वो रो रहा था।

क्रमशः----

पितामह- भाग-4

बाण की शैया का मुझको अब ना कोई क्लेश है
है मेरे कुछ कर्म ऐसे जिन्हें भोगना शेष है।

थी हलाहल जिंदगी जिसे आज तक पीता रहा हूँ
सत की स्थापना को बन नीलकंठ जीता रहा हूँ।

चाहता कब था यहाँ मैं के युद्ध का निर्माण हो
पर जब भी धरम युद्ध हो बस सत्य ही स्वीकार हो।

है बहुत मुश्किल यहाँ पर देखना सब खोता हुआ
कैसे देखा मैंने सोचो सत्य को रोता हुआ।

थी समय की चाह या फिर दोष था मेरा वहाँ पर
क्यूँ नहीं मैं रोक पाया सत्य जब बिखरा वहाँ पर।

सत्य पर आघात से मेरी शिराएँ रो पड़ी थी
मौन सम्मुख था सभी के आत्माएँ रो पड़ी थी।

क्यूँ बहा ये रक्त सारा दोष किसके सर मढूं मैं
क्या कहूँ अब वक्त से मैं गल्प कैसा अब गढूं मैं।
क्रमशः----

पितामह- भाग-5

इतिहास के अध्याय में ये पृष्ठ कैसा जुड़ गया
जोड़ने को मैं चला था पर वक्त कैसे मुड़ गया।

बन गया ये चित्र कैसे पृष्ठों में अत्याचार का
खींच गयी लकीर कैसे कुटिलता के व्यवहार का।।

अन्याय, अत्याचार का परिणाम अंधे मोह का
विध्वंस ये अपकर्ष ये परिणाम है ये द्रोह का।।

है बहाया रक्त मैंने भगवान अब मैं क्या करूँ
स्वयं का जब दोष हो तो फिर माफ मैं कैसे करूँ।।

शब्दों के इस खेल ने मुझे घाव ये कैसा दिया है
चीर कर मेरे हृदय को रक्त ये मेरा पिया है।।

रक्त से सींची जमीं पर सत्य हो विह्वल पड़ा है
जीत कर के युद्ध को पर मौन हो कर क्यूँ खड़ा है।।

विध्वंस की इस चीख को बोलो यहाँ कैसे सहूँ
जब गिरा अभिमन्यु मेरा कहो दर्द वो कैसे कहूँ।।

वज्र सा टूटा यहाँ तब रक्त जब जब भी गिरा है
मैं मरा हर बार जब भी वीर धरती पर गिरा है।।

सत्य की स्थापना का ये मोल महँगा क्यूँ हुआ
जग से मैं अब क्या कहूँ पितामह विफल कैसे हुआ।।

क्रमशः----

पितामह- भाग-6

है समर ये शेष तब तक साँसों में जब तक साँस है
क्या कहूँ कैसे कहूँ अब उत्तर ना मेरे पास है।।

सत्य है ये युद्ध में विध्वंस कितना हो चुका है
अब शोक मैं किसका करूँ व्यंग्य कितना हो चुका है।।

आज इस रणभूमि में सब लोग कितने जा चुके हैं
द्वेष, हाहाकार से, अभिमान से उकता चुके हैं।।

मन प्रमुख हो सोचता है स्वार्थ की बातें जहाँ पर
कौन फिर रोक पायेगा महाभारत वहाँ पर।।

एक पक्ष इस पार देखो दूसरा उस पार बोलो
इस हार में और जीत में मैं ही गिरा हर बोलो।।

अब आज इस विध्वंस के पश्चात भी कुछ शेष है
सत्य क्यूँ भटका यहाँ पर मन में यही बस क्लेश है।।

सोचता था के मैं चलूँगा वक्त पीछे छोड़कर
शेष है क्या पास मेरे पश्चाताप को छोड़कर।।

हाय, उस काल में यदि अन्याय को मैं रोक पाता
सत्य की स्थापना का ये मोल फिर ना मैं चुकाता।।


क्रमशः-----

पितामह- भाग-7
वज्र था टूटा वहाँ और भाग्य भी तब गिर पड़ा था
श्वेत धवल अंक में जब ज्ञान हो धूमिल पड़ा था।

आज सारा मौन सम्मुख प्रश्नवाचक बन खड़ा है
हाय, नियति का खेल कैसा सत्य धरा पर पड़ा है।

बाण की शैया मिली है शायद ये मेरा कर्म है
फिर सत्य की स्थापना हो अब बस ये मेरा धर्म है।

जाने में समय शेष है, हे मृत्यु थोड़ा और रुक
संस्कारों का समर है अभी वक्त थोड़ा और रुक।

कैसे चल दूँ छोड़ कर मैं बीच सत्य को राह में
सत्य की स्थापना हो बस जी रहा हूँ इस चाह में।

हाथ जोड़े मृत्यु भी तब मौन जड़वत हो गयी थी
सत के सम्मुख समय की धार मद्धिम हो गयी थी।

पूछता हिय आज खुद से हार ये किसकी हुई है
वक्त से क्या रार ठानी हार ये मेरी हुई है।

 ©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
         02अगस्त, 2021


सत्य की आह।

सत्य की आह।   

है पूछता ये दर्द मुझसे क्या यही संसार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

घाव पर है घाव मिलते जो चले सतमार्ग पर
शब्दों के क्यूँ वार सहते मौन इस संसार के
कैसी व्यथा और वेदना अंक में ये पल रही
है मिल रहा आघात क्यूँ कर रास्तों में प्यार के।।

फर्ज की ही गोद में सब मोक्ष पलते हैं सुना है
त्याग, तप, बलिदान से हि मोक्ष मिलते हैं सुना है
ज्ञान और संज्ञान के सिर क्यूँ हो रहा वार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

बींधने को हैं खड़े, भर शब्दों को तूणीर में
मोक्ष कैसा मिल रहा कहो दूसरों की पीर में
आज तानों से भरा अरु गूँज रहा संसार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

सत्य की राहों में खड़े जाने अवरोध कितने
लिए आत्मा भी सह रही जाने अब बोझ कितने
आत्मा के बोध को क्यूँ मिलता नहीं आकार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

तानों के विध्वंस से आकाश धूमिल हो रहा
झूठ का आतंक कैसे सत्य को यूँ दंश रहा
सत की राहों में हमेशा क्यूँ बिछा अंगार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

क्यूँ किसी का झूठ संबंधों पे भारी पड़ रहा
क्यूँ कोई कर्तव्य यहाँ अवसाद बनकर खल रहा
कर्तव्यों को धूमिल करे कैसा ये अधिकार है
सत्य की आहें अधूरी कैसा ये व्यवहार है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        25जुलाई, 2021


जीवन मृत्यू की बाजी।

जीवन-मृत्यू की बाजी।  

पग पग जीवन बीत रहा है
पल पल घट घट रीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।।

कंकण पत्थर के जंगल मे
मौन अकेला खड़ा हुआ हूँ
जाने कितने बोझ लिए मैं
बीच राह में पड़ा हुआ हूँ
आते जाते इन राहों में
पल पल जीवन बीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।।

वाणी में इक द्वंद छिड़ा है
कौन उठा है कौन गिरा है
बहती जीवन की धारा में
कभी उठा है कभी गिरा है
गिरते पड़ते इन राहों में
पग पग सपना बीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।। 

हिय में पोषित अभिलाषाएँ
अधरों पर गुंजित गाथाएँ
पलकों पर ले स्वप्न सुनहरे
चल रही यहाँ हैं आशाएँ
आशाओं के आसमान में
झर झर सपना रीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।।

है पुण्य समिध जीवन अपना
कर रहा हवन पूरा अपना
पुण्य समर्पित भाव लिए ये
बना हृदय भागीरथ अपना
सहज कहाँ गाथाएँ इतनी
अधरों पर ये गीत रहा है
जीवन मृत्यू की बाजी में
समय हमेशा जीत रहा है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        24जुलाई, 2021
 
 

सुंदरता की चाह।

सुंदरता की चाह।  

प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो
शक्ति प्रभावी होती दिल में
अंगारों की दाह जहाँ हो।।

सूना आँगन खिल जाता है
प्रेम जहाँ सुरभित होता है
बिखरा जीवन खिल जाता है
भाव जहाँ पुलकित होता है
गीत गूँजता है उस दिल में
साजों का सम्मान जहाँ हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

है श्वेत धवल सा प्रसार ये
आशाओं का पुण्य हार ये
मृदुल कल्पना का सागर है
अरु भरोसे का विस्तार ये
पग पग पर अभिलाषाओं का
भावों का सम्मान जहाँ हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

बाधा सब निस्तारित होता
वैभव भी विस्तारित होता
भावों की सुंदरता खिलती
अंतरतम आह्लादित होता
अंतस पर सुविचारों का अरु
हिय पर मृद मधु प्रिय अथाह हो
प्रेम उमड़ता है उस दिल में
सुंदरता की चाह जहाँ हो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23जुलाई, 2021







अवसर।

अवसर।   

जला ताप में पल पल जिसने
जीवन को अंगार किया
सबको छाँव दिलाने खातिर
पग पग पर अविकार जिया।
जीवन पथ की बाधाएं भी
जिन्हें डिगा न पायी हैं
जिनके तप बल के प्रभाव से
उम्मीदें मुस्काई हैं।
अगणित दीप जलाकर जिसने
रोशन ये संसार किया
जाने कितने बोल सहे हैं
कभी नहीं प्रतिकार किया।
पल पल खुद तो गरल पिया है
औरों को मधु दान किया
निज कष्टों की परवाह नहीं
औरों को वरदान दिया।
चकाचौंध जिसको ना भाया
प्रतिपल कर्तव्य निभाया
काँटों की परवाह नहीं की
पथ पथ पर पुष्प बिछाया।
साँझ ढले जीवन बेला में
उनके काँटे मत बोना
लेना उनका आशीष सदा
पाया अवसर मत खोना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23जुलाई, 2021

आहों से सत्कार।

आहों से सत्कार।   

जब जब दिल आकाश छुआ है
आहत उतनी बार हुआ है
जब जब इसने हँसना चाहा
आहों से सत्कार हुआ है।।

नहीं करी थी आशा मैंने
कोई नहीं दिलासा चाही
अपनी उम्मीदों को थामे
सपनों की आजादी चाही
पर मेरे सपनों ने जब भी
पलकों का आकाश छुआ है
गिरी दामिनी आशाओं पर
आहों से सत्कार हुआ है।।

मेरे हँसने पर भी जाने
कितने चेहरे मुरझाये हैं
मेरे गाने से भी कितने
घाव उभर कर आये हैं
मेरे गीतों ने जब जब भी
महफ़िल को गुलजार किया है
गिरी दामिनी आशाओं पर
आहों से सत्कार हुआ है।।

रिश्तों ने परिभाषा बदली
आहों ने अभिलाषा बदली
ऊबा, दूर हुआ मैं जब भी
संवादों ने भाषा बदली
उनके शब्दों को लेकर ही
जब उनसा व्यवहार किया है
गिरी दामिनी आशाओं पर
आहों से सत्कार हुआ है।।

जाने कैसा जीवन पाया
अपने सुख को छलता आया
जब भी स्वप्न सुनहरे चाहा
पलकों में कुछ चुभता पाया
काँटों को जब दूर किया है
तानों ने हुंकार किया है
गिरी दामिनी आशाओं पर
आहों से सत्कार हुआ है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22जुलाई, 2021
       



क्या चल पाओगे।

क्या चल पाओगे।   

सीधे सीधे चलने वाले
नैतिक पथ पर पलने वाले
पग पग कितने शूल चुभेंगे
फिर बोलो क्या चल पाओगे।।

नहीं चाहते दया भाव तुम
बने बिगड़ते का प्रभाव तुम
कहीं वेदना कहीं शिकायत
कहीं अभावों का प्रवाह सुन
खुल कर दिल की कहने वाले
अपनेपन को गुहने वाले
हृद पर तेरे दंश चुभेंगे
फिर बोलो क्या सह पाओगे।।

पग पग बीत रहा है आदर
घट घट रीत रहा है सागर
त्याग समर्पण दया भाव की
जैसे फूट रही हो गागर
रीत रहे जीवन मूल्यों में
खुद को आज परखने वाले
तुम पर भी आरोप लगेंगे
फिर बोलो क्या सह पाओगे।।

सच का पंथ सुनहरा कब था
आज यहाँ जो हो जाएगा
खुद को यहाँ तपाया जो भी
सागर से मोती पायेगा
जग के तानों से घुट घुट कर
सच को यहाँ परखने वाले
जाने कितने प्रश्न उठेंगे
फिर बोलो क्या चल पाओगे।।

सीधे सीधे चलने वाले
नैतिक पथ पर पलने वाले
पग पग कितने शूल चुभेंगे
फिर बोलो क्या चल पाओगे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21जुलाई, 2021

शब्द।

शब्द।   

शब्द के आगोश में सब भावनाएँ पल रही
पँक्तियों में घुल यहाँ संवेदनाएं खिल रही 
मौन को भी शब्द मिलते प्रीत को आकाश तब
जब समय की ताल पर सब वर्जनाएं घुल रहीं।।

शब्द से ही प्रेम है अरु शब्द से व्यवहार है
शब्द से सम्मान सारे शब्द से सत्कार है
शब्द से ही नीतियाँ और शब्द से कुरीतियाँ
शब्द की आगोश में रिश्तों का संसार है।।

क्रोध की ज्वाला में जला स्वयं वो कुंठित हुआ
प्रेम से सत्कार से सम्मान से वंचित हुआ
नहीं मिलेगा रास्ता जब शब्द बिखरेंगे वहाँ 
प्रेम तब सम्मान पाता शब्द जब सिंचित हुआ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21जुलाई, 2021


लौट आओ ना।

लौट आओ ना।  

कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना

लिखे जो गीत सब तेरे
कहे जो छंद सब तेरे
घुले जो रंग जीवन मे
सभी वो रंग अब तेरे
लिखे इन गीत गजलों को
चलो फिर से सजाओ ना
कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना।।

तुम्हारे बिन जीवन की
सभी साँसें अधूरी हैं
मिरे ये दिन अधूरे हैं
सभी रातें अधूरी हैं
फिर पलकों में बस जाओ
चलो सपने सजाओ ना
कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना।।

कि ये आँखें तरसती हैं
सूनी राहें तकती हैं
गुजारे साथ जो लम्हें
नहीं यादें बिसरती हैं
मिलो इक बार तुम फिर से
चलो राहें सजाओ ना
कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना।।

कहीं ऐसा न हो जाये
ये बंधन टूट न जाये
कहीं अब राह तकने में
ये साँसें छूट न जाये
के साँसों की सरगम को
चलो तुम फिर सजाओ ना
कहाँ जा कर बसे हो तुम
कि अब तो लौट आओ ना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20जुलाई, 2021


और नहीं बस इतना करना।

और नहीं बस इतना करना।

नहीं चाहता तुमसे अब कुछ 
और नहीं कुछ तुमसे कहना
मुझ सह चलने का वादा दो
और नहीं बस इतना करना।।

जो तुम मेरे साथ कहोगे
मेरे गीत निखर जायेंगे
अधरों से यदि दूर हुए तो
मेरे गीत बिखर जायेंगे
यदि चाहो मैं गीत सुनाऊँ
मेरे शब्दों में तुम बसना
मुझ सह चलने का वादा दो
और नहीं बस इतना करना।।

पथ पथ में अरु पग पग में
कैसे कैसे लोग मिलेंगे
लोगों की परवाह किसे जब
हम तुम दोनों साथ चलेंगे
जो तुम चाहो सफर सुहाना
मेरे संग संग तुम चलना
मुझ सह चलने का वादा दो
और नहीं बस इतना करना।।

यदि कहते हो गाता जाऊँ
मिटकर भी मैं गीत सुनाऊँ
जलूँ रात भर दीपक जैसा
जलकर सबको राह दिखाऊँ
मेरे मिटने तक तुम यूँ ही
मेरी बाँह पकड़ कर चलना
मुझ सह चलने का वादा दो
और नहीं बस इतना करना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        19जुलाई, 2021

सफर।

सफर।  

बुलंदियां छूने की चाहत में सफर करते रहे
क्या पता था इस राह में ख्वाब कितने मरते रहे।।
मंजिलों पर पहुँच कर पीछे मुड़ जब देखा सफर में
तब समझा क्या छोड़ आये अहसासों के शहर में।।
किसको सुनाऊँ मैं कहानी बात अब किससे करूँ
पत्थरों के लोग दिखते इन पत्थरों के नगर में।।
बिक रहे हैं ख्वाब कितने औ बिक रही हैं चाहतें
हैं सजी दुकान लाखों नीलामियों के इस भँवर में।।
है अजब मंजर यहाँ का औ है अजब दस्तूर भी
कहने को लोग लाखों डूबे पर अपनी खबर में।।
भीड़ की बेचैनियों में गुम न हो जाये कहीं सब
आ चलें मिल बैठ जायें फिर वहीं अपने शहर में।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       18जुलाई, 2021

अंधी दौड़।

अंधी दौड़।   

सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी
क्या असल में रास्तों में जो तलाशें वो पायेंगी।।

है बहुत मुश्किल जीना अपना उजाला छोड़कर
कैसे रह सकता कोई अपना शिवाला छोड़कर
भ्रम रहा दिवस भर तो सुकूँ रातें कहाँ तक पायेंगी
सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी।।

गाँव की पगडंडियाँ शहरों में कहीं गुम हो गयीं
रिश्तों की भी गर्मियाँ लम्हों में कहीं गुम हो गयीं
लम्हों की नादानियाँ अब क्या सुलझने पायेंगी
सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी।।

रात दिन तरसा है वो आया जो रिश्ता तोड़कर
चंद सिक्कों के लिए अपनों से भी मुँह मोड़कर
छोड़कर अपनों का दामन क्या बहारें आयेंगी
सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी।।

उमर के उस मोड़पर जब धुंध सी छाने लगेगी
साँसें भी संग छोड़कर साँझ सह जाने लगेगी
बाँह फैलाये वो मिट्टी तब पुनः याद आयेगी
सुख की अंधी दौड़ में राहें कहाँ तक जायेंगी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       17जुलाई, 2021

श्वासों की एक डगर।

श्वासों की एक डगर।  

उर में कुंठित भावों को
बेहतर है कि कह देना
संचित कर उन भावों को
मुश्किल है यूँ रह लेना।
बिखरे तो जीवन बिखरा
भावों पर ना हो पहरा
श्वासों की भी एक डगर
कभी लेना कभी देना।।

दूर हो इक दूसरे से
छल रहे हम आज किसको
भावों में विध्वंस भर कर
तोड़ते हम आज किसको।
भाव का सम्मान भूले
संभव कहाँ तोड़ देना
श्वासों की भी एक डगर
कभी लेना कभी देना।।

तुम भी न कोसो मुझे अब
मैं भी ना कोसूँ तुम्हें
है हृदय में प्यार जो भी
चलो व्यक्त कर दें उन्हें।
अलगाव में संभव कहाँ
याद को फिर तोड़ देना
श्वासों की भी एक डगर
कभी लेना कभी देना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       16जुलाई, 2021


अंक में तनहाइयाँ।

अंक में तनहाइयाँ।  

साँझ का धुँधला अँधेरा
याद की परछाइयाँ थी
था गगन में शोर अतिशय
अंक में तनहाइयाँ थीं।।

था दिवस का अंत लेकिन
रात की शुरुआत थी वो
शून्य में अंकित वो क्षण
अरु मौन कितनी बात थी।
मौन के प्रहर में कितनी
व्यग्र वो अँगड़ाइयाँ थीं
था गगन में शोर अतिशय
अंक में तनहाइयाँ थीं।।

वेदना का तीक्ष्ण कण जब
बींधता हृद में चुभा था
मौन पीड़ा के स्वरों से
हाय मन गुंजित हुआ था।
मौन के उस वेदना में
कितनी रुसवाईयाँ थीं
था गगन में शोर अतिशय
अंक में तनहाइयाँ थीं।।

रात्रि के अंतिम प्रहर में
मोक्ष का अहसास देकर
मुक्त बंधन से हुए थे
प्रीत को विस्तार देकर।
विस्तार के उस पार भी
पीर की परछाइयाँ थीं
था गगन में शोर अतिशय
अंक में तनहाइयाँ थीं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        15जुलाई, 2021




तरुणाई का गीत।

तरुणाई का गीत।   

दिल करता है आज लिखूँ
मैं गीत कोई तरुणाई का
मन उपवन की बात लिखूँ
अरु गीत लिखूँ अमराई का।।

पुनगी पुनगी पीत पुष्प है
अंतस का नवगीत पुष्प है
मधुवन मधुवन सुरभित यौवन
गूँज रहा संगीत पुष्प है।
फसलों पर बाली आयी है
मौसम है ये अँगड़ाई का
दिल करता है आज लिखूँ
मैं गीत कोई तरुणाई का।।

मधुमय अधर सरस मन भावन
अंग अंग मादक रस पावन
रोम रोम मृदु मधुरस बरसे
हर्षित पुलकित मधुरिम जीवन।
रोम रोम में प्रीत जगी है
अंग अंग ऋतु अमराई का
दिल करता है आज लिखूँ
मैं गीत कोई तरुणाई का।।

नवल पुष्प से सुरभित उपवन
नख से शिख तक मादक यौवन
अधर अधर रक्तिम पुष्पित है
उर्मिल मन अरु पावन चुंबन
बहके मन या महके तन का
पुष्पच्छादित अँगनाई का
दिल करता है आज लिखूँ
मैं गीत कोई तरुणाई का।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       15जुलाई, 2021

टूटा तारा।

टूटा तारा।  

दूर निशा के कोलाहल में
लुक छिप करती रेखाएँ
खींच रही आकाश पटल पर
जाने कैसी सीमाएँ।
दूर गगन से बिछड़ रहा है
शायद किस्मत का मारा
टूट रहा है इक तारा।।

मन के सूने मौन गगन में
जाने कैसी हलचल है
पलकों के लुकछिप क्रंदन में
मिटता जीवन पलपल है।
पलकों से जो बिछड़ चला है
शायद किस्मत का मारा
टूट रहा है इक तारा।।

गिरा गगन से लुप्त हुआ वो
गिर पलकों से सुप्त हुआ वो
जिन लम्हों ने ध्वंस रचा है
उन लम्हों से कौन बचा है
लम्हों में जो बिखर चला है
टूटा उसका जीवन सारा
टूट रहा है इक तारा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14जुलाई, 2021








चाहत।

चाहत।  

मेरी चाहतों ने
तुमको ही माँगा
चाहा है मैंने बस तुझे
तुझसे शुरू कर
तुझ तक ही जाऊँ
पाऊँ मैं बस इक तुझे।।

तेरी आशिकी में ही
जन्नत मिली है
तेरी बंदगी में ही
रहमत मिली है
जन्मों से चाहा मैंने जिसे
तुझमे मिला है वो मुझे।।

करता है दिल ये 
बनकर घटायें
तुझको भिंगाऊँ
बनकर हवायें चूमूँ तुझे मैं
रूठो कभी तो तुमको मनाऊँ
खुद में समा ले तू मुझे।।

मेरी चाहतों ने 
तुमको ही माँगा
चाहा है मैंने बस तुझे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14जुलाई, 2021

गीत मात्र शब्द नहीं है।

गीत मात्र शब्द नहीं है-

गीत मात्र कुछ शब्द नहीं हैं
ये भावों की आकुलता है
कवि के उर की पीड़ा है ये
अंतस की ये व्याकुलता है।।

भावों का संग्राम छिड़ा जब
उर में जब हलचल सी आयी
जब पीड़ा को शब्द मिले हैं
गीत उकर पृष्ठों पर छाई
पृष्ठों पर अंकित ये बिंदू
भावों की ये विह्वलता है
गीत मात्र कुछ शब्द नहीं हैं
ये भावों की आकुलता हैं।।

बनते और बिगड़ते पल में
मिलते और बिछड़ते पल में
भावों का यूँ सागर उमड़े
पलकों से जैसे अश्रु बिछड़े
पलकों से जो भाव गिरे हैं
अश्रू नहीं वो विह्वलता है
गीत मात्र कुछ शब्द नहीं है
ये भावों की आकुलता है।।

हृद का मृदु का स्पंदन है ये
शब्दों का अनुबंधन है ये
पंक्ति पंक्ति भावों की क्रीड़ा
पीड़ा का अभिनंदन है ये
हिय पर अंकित शब्द नहीं भर
पल पल संचित भावुकता है
गीत मात्र कुछ शब्द नहीं है
ये भावों की आकुलता है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       13जुलाई, 2021




नेह जताने आ जाओ।

नेह जताने आ जाओ।  

मैंने कुछ नवगीत लिखे हैं
तुम साज सजाने आ जाना
प्रीत के सुंदर पुष्प खिले हैं
तुम नेह जताने आ जाना।।

अब तक जो मैंने कहा नहीं
तुमने वो कैसे जान लिया
मेरे अंतस के भावों को
कैसे तुमने पहचान लिया
जान लिया जब मन को मेरे
अहसास दिलाने आ जाना
प्रीत के सुंदर पुष्प खिले हैं
तुम नेह जताने आ जाना।।

रिस रिस सावन बीत न जाये
संचित ये धन रीत न जाये
जनम जनम से गीत रचे जो
अधरों पर से गीत न जाये
गीत बिसरने से पहले तुम
अधरों पर गीत सजा जाना
प्रीत के सुंदर पुष्प खिले हैं
तुम नेह जताने आ जाना।।

खिला खिला मन का उपवन है
जीवन अपना मृद मधुवन है
सुभग सुगंधित भाव भरे हैं
पुष्पित सारा तन अरु मन है
भावों के खिलते मधुवन में
पिय तुम मधुमास जगा जाना
प्रीत के सुंदर पुष्प खिले हैं
तुम नेह जताने आ जाना।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        13जुलाई, 2021


कोई कविता अकुलाई।

कोई कविता अकुलाई।  

मन के सूने आसमान पर
जब जब बदली सी छाई
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

सावन की ये तेज घटायें
भावों को अकुलाती हैं
मेघों की रिमझिम बारातें
मृदु मधु भाव जगाती हैं
मृदु भावों से अंतस भींगा
प्रीत ने बाँह जब फैलाई
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

विरह की मारी प्रियतमा जब
मन के भाव दबाती है
डूबी प्रियतम की यादों में
मन मसोस रह जाती है
तब अंतस के इक कोने में
आहों की आहट आयी
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

जब रिश्तों के बीच भँवर में
पथिक कभी फँस जाता है
जब उम्मीदों के दामन में
काँटा कुछ चुभ जाता है
जब मन भीतर दबी हुई सी
वो पीड़ा बाहर आई
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

जब सपने सारे सुप्त हुए
पलकों के अश्रु लुप्त हुए
जब घायल मन क्रंदन करता
जब अपना साथ नहीं रहता
तब पलकों के इक कोने में 
बूँद अश्रू की भर आयी
मन का पावस भींग गया तब
कोई कविता अकुलाई।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        12जुलाई, 2021



पुण्य पथिक।

पुण्य पथिक।  

सागर के उस पार क्षितिज पर
दिखता उम्मीदों का घेरा है
माना रात अँधेरी गहरी
पर आगे नया सवेरा है
अँधियारों के डर से लेकिन
दीपक नहीं बुझा करते हैं
जो पंथी हैं पुण्य पथिक हैं
थक कर नहीं रुका करते हैं।।

कभी सुना क्या बाधाओं ने
उम्मीदों का पथ रोका है
कभी सुना क्या कुंठाओं ने
जीवन बढ़ने से रोका है
बढ़े चले जो जीवन पथ पर
कभी नहीं झुका  करते हैं
जो पंथी हैं पुण्य पथिक हैं
थक कर नहीं रुका करते हैं।।

घनी रात के अँधियारों में क्या
दीपक को बुझते देखा है
चाहे जितना घना कुहासा
क्या सूरज रुकते देखा है
सूरज के सह चलने वाले
बोलो कहाँ थका करते हैं
जो पंथी हैं पुण्य पथिक हैं
थक कर नहीं रुका करते हैं।।

रश्मि भोर की किरणें देखो
हौले से तन सहलाती हैं
उम्मीदों की किरण सुहाती
हौले से मन बहलाती हैं
उम्मीदों में पलने वाले
बरबस नहीं रुका करते हैं
जो पंथी हैं पुण्य पथिक हैं
थक कर नहीं रुका करते हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       12जुलाई, 2021



क्या पास हमारे आओगी।

क्या पास हमारे आओगी।  

हम दीवाने हैं बस्ती के तुम रूपनगर की परीजादी
हम वन वन भटके इक बंजारे तुम महलों की शहजादी
शब्द शब्द जीवन धारा है क्या पंक्ति पंक्ति तुम गाओगी
मैं बंजारा हूँ इस दिल का क्या पास हमारे आओगी।।

तुम प्रीत लुटाने वाली हो हम प्रीत निभाने वाले हैं
तुम चाहत की मधुर गीतिका हम उसे सुनाने वाले हैं
मेरे गीतों-साजों में क्या तुम संग संग घुल पाओगी
मैं बंजारा हूँ इस दिल का क्या पास हमारे आओगी।।

हम काँटों पर चलने वाले तुम फूलों पर चलने वाली
तापों में जलने वाले तुम मृदु भावों में पलने वाली
है पथ मेरा अंगारों का क्या इस पर तुम चल पाओगी
मैं बंजारा हूँ इस दिल का क्या पास हमारे आओगी।।

मेरे संग संग तुमको भी इस जीवन में पलना होगा
पथ फूल भरे हों अंगारे हों तुमको भी चलना होगा
महलों के उस जीवन को क्या छोड़ के संग रह पाओगी
मैं बंजारा हूँ इस दिल का क्या पास हमारे आओगी।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        1जुलाई, 2021



जब चोट लगी सब अपने थे।

जब चोट लगी सब अपने थे।   

आज किसे हम व्यथा सुनाएँ
जब चोट लगी सब अपने थे
दिल को क्या मालूम यहाँ था
जो सच समझा वो सपने थे।।

पल पल जीवन बीत रहा था
पग पग लेकिन बढ़ते कैसे
साथ छोड़ कर बीच राह में
मंजिल मंजिल चढ़ते कैसे
पर दिल को आघात लगा तब
जब टूटे सारे सपने थे
आज किसे हम व्यथा सुनाएँ
जब चोट लगी सब अपने थे।।

रात रात भर जाग जाग कर
तारों का साथ निभाया था
जले दीप के संग संग हम
अँधियारी राह सजाया था
बाती के साथ जले जितने
वो सारे मेरे सपने थे
आज किसे हम व्यथा सुनाएँ
जब चोट लगी सब अपने थे।।

आज खड़ा हूँ दोराहे पर
किसे भूलूँ किसे याद करूँ
जिससे मुझको घाव मिले है
कैसे उनसे फरियाद करूँ
जिन शब्दों से हृदय बिंधा है
सब कहने वाले अपने थे
आज किसे हम व्यथा सुनाएँ
जब चोट लगी सब अपने थे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        11जुलाई, 2021

फिर बरसो सावन बनकर।

फिर बरसो सावन बनकर।   

गलियाँ गलियाँ बस्ती बस्ती
मेरी अँखियाँ तुझे निहारें
रुकूँ कहीं मैं चलूँ कहीं भी
हर पग हर पथ तुझे पुकारे
अब आ जाओ इस जीवन में
फिर बरसो तुम सावन बनकर

रूत आये आकर चले गये
पलकों के सपने छले गए
कब तक पंथ निहारूँ ऐसे
सदियाँ हैं गुजरी मिले हुए
आ जाओ दरस दिखा जाओ
फिर बरसो तुम सावन बनकर।।

रात रात भर नैना जागें
ड्योढ़ी तकतीं पंथ बुहारें
इक तेरे मिलने की चाहत
पल पल नैना पंथ निहारें
अश्रू सही पलकों में बसकर
फिर बरसो तुम सावन बनकर।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        10जुलाई, 2021


ठौर नहीं हम बंजारों का।

ठौर नहीं हम बंजारों का।  

हम उगते सूरज के साथी
कुछ काम नहीं अँधियारों का
दिल ने चाहा वहीं गुजारे
ठौर नहीं हम बंजारों का।।

कभी भीड़ के साथ चले हैं
कभी भीड़ में चले अकेले
कभी सफर की गुमनामी थी
कभी सफर में लाखों मेले।
मेले के अँधियारे भाये
काम कहाँ तब उजियारों का
दिल ने चाहा वहीं गुजारे
ठौर नहीं हम बंजारों का।।

जिसको चाहा दिल से चाहा
अरु वादों का सत्कार किया
जो तस्वीर छपी इस दिल में
हमने उसको आकार दिया
कौन है अपना कौन पराया
काम नहीं निज व्यवहारों का
दिल ने चाहा वहीं गुजारे
ठौर नहीं हम बंजारों का।।

आज यहाँ कल कहाँ ठिकाना
सूना पथ राही अनजाना
पथ की पीर नयन से बरसे
दिल ने समझा दिल ने जाना
पग पग पथ पथ डटे रहे हम
पुष्पित पथ या अंगारों का
दिल ने चाहा वहीं गुजारे
ठौर नहीं हम बंजारों का।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       10जुलाई, 2021

आस का आकाश।

आस का आकाश।  

चाहतों के व्योम में
आस के आकाश में
स्वप्न में अहसास में
मुक्त कुछ कुछ कह रही
राह अविरल चल रही।।

साँस की है गीतिका
प्यास की है भूमिका
मोक्ष के विश्वास में
गीत पल पल रच रही
राह अविरल चल रही।।

वेदना की है कथा
मौन भावों की व्यथा
शून्य में उपवास में
स्वयं से कुछ कह रही
राह अविरल चल रही।।

शब्द के उत्प्रास से
दर्द के अनुप्रास में
मुक्ति के आभास में
आह पग पग पल रही
राह अविरल चल रही।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08जुलाई, 2021




ऐ काश तुम्हें मिल जाये।

ऐ काश तुम्हें मिल जाये।  

तुम पर मेरी आहों का ऐ काश असर कुछ हो जाये
जो कुछ मैंने खोया है ऐ काश तुम्हें वो मिल जाये।।

तुमने तो कौतूहल वश बस मुझसे नेह लगाया था
जग को भरमाने की खातिर पल भर नेह लगाया था
खेल किये तुम जज्बातों से संवेगों का त्याग किया
अंधकार में मुझको रखकर भावों को भरमाया था
अतृप्त भावों को तेरे ऐ काश सहारा मिल जाये
जो कुछ मैंने खोया है ऐ काश तुम्हें वो मिल जाये।।

तुम चमक दामिनी बन मेरे इस जीवन में आये थे
मधुर सुहासिनी बन मिरे मन उपवन पर छाये थे
ले आये आकाश वहाँ पर जहाँ अँधेरा छाया था
निज पलकों के साये में कुछ सपने मैंने पाए थे
निज सपनों की चाहत को ऐ काश इशारा मिल जाये
जो कुछ मैंने खोया है ऐ काश तुम्हें वो मिल जाये।।

निज आकाशों की खातिर ही तुमने मेरा त्याग किया
कितनी ही आवाज लगाई पर तुमने ना ध्यान दिया
छोड़ चले जिसकी खातिर अरमान तुमारा हो जाये
सब कंटक दूर हटें पथ आसान तुमारा हो जाये
खिलें पुष्प निज उपवन में आशीष सभी का मिल जाये
जो कुछ मैंने खोया है ऐ काश तुम्हें वो मिल जाये।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        07जुलाई, 2021

मेरे गीत तेरे मीत।

मेरे गीत तेरे मीत। 

मेरे गीतों को अपनी
आहों का मीत बना लेना
मेरे शब्दों से मिलकर
तुम अपना गीत सजा लेना।।

तेरी गीतों में हमने
फिर कोई अपना देखा है
तेरी आँखों में हमने 
चाहत का सपना देखा है
आँचल में सपने भरकर
चाहत को मीत बना लेना
मेरे शब्दों से मिलकर
तुम अपना गीत सजा लेना।।

चाहत की महफ़िल में
मैं आया हूँ बेगाना सा
साथ नहीं भाया मेरा
तो चल दूंगा दीवाना सा
मेरे जाने से पहले
तुम अपनी जीत सजा लेना
मेरे शब्दों से मिलकर
तुम अपना गीत सजा लेना।।

नहीं करूँगा शिकवा कोई
नहीं शिकायत तुमसे होगी
महफ़िल में मायूस न होना
नहीं अदावत तुमसे होगी
पोंछ के पलकों से अश्रू
मुख पर मुस्कान सजा लेना
मेरे शब्दों से मिलकर
तुम अपना गीत सजा लेना।।

 ✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06जुलाई, 2021

काशी का घाट मनोरम।

काशी का घाट मनोरम।  

है काशी का घाट मनोरम
घूमूँ मैं बन बंजारा
अरु जीवन का दृश्य विहंगम
जिसको सबने स्वीकारा।।

गली गली नित नई कहानी
दुनिया जिसकी दीवानी
सबके अपने भाव सुनहरे
सबका अपना दरबारा
है काशी का घाट मनोरम
घूमूँ मैं बन बंजारा।।

घाट घाट गंगा का पानी
कबीर तुलसी मानस वाणी
शिक्षा, संस्कृति ज्ञान है सुंदर
जिसने जग का रूप सँवारा
है काशी का घाट मनोरम
घूमूँ मैं बन बंजारा।।

जीवन का संगीत यहाँ है
कण कण बसती प्रीत यहाँ है
भोर सुहानी साँझ मनोहर
जीवन मरण मोक्ष का द्वारा
है काशी का घाट मनोरम
घूमूँ मैं बन बंजारा।।

अपनी धुन में मस्त बनारस
माटी माटी कण कण पारस
जीने के तो लाख ठिकाने
मौत सजे वो शहर बनारस
माया मोह लोभ से उठकर
बस गाता जाये इकतारा
है काशी का घाट मनोरम
घूमूँ मैं बन बंजारा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06जुलाई,2021


खुद को ठहरा पाओगे।

खुद को ठहरा पाओगे।  

जब भी मेरे गीत पढोगे
यादों में खो जाओगे
घिर जाओगे उन गलियों में
खुद को ठहरा पाओगे।।

शब्द शब्द हैं भाव निखारे
पंक्ति पंक्ति आँचल पैसारे
हमने जग की रीत लिखा है
तुमसे पाया गीत लिखा है
खो जाओगे इन गीतों में
खुद को तुम लहराओगे
घिर जाओगे उन गलियों में
खुद को ठहरा पाओगे।।

सूरज की तन्हाई लिख्खी
चंदा की रुसवाई लिख्खी
मैंने अपने इन गीतों में 
भावों की अँगड़ाई लिख्खी
शब्दों के दीवानेपन में
भावों का पहरा पाओगे
घिर जाओगे उन गलियों में
खुद को ठहरा पाओगे।।

मैंने मन की आस लिखी है
बुझी नहीं जो प्यास लिखी है
प्यासे पपिहे के अंतस की
चाहों की मधुमास लिखी है
प्यासे मन के अश्रू बहे जो
कैसे फिर बहलाओगे
घिर जाओगे उन गलियों में
खुद को ठहरा पाओगे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05जुलाई, 2021



नई पीढ़ी के गीत लिखें।

नई पीढ़ी के गीत लिखें।  

सुप्त हो रहे भावों को आओ फिर से आज जगाएँ
नव पीढ़ी के गीत लिखें नई चेतना आज जगाएँ।।

गली मुहल्लों चौराहों पर
कब तक ये आँखें तरसेंगी
कब इनको सम्मान मिलेगा
कब ये खुलकर के बरसेंगी।
इनको अपने हृदय लगा इनको फिर जीना सिखलाये
नव पीढ़ी के गीत लिखें नई चेतना आज जगाएँ।।

कदम कदम पर चीख उठ रही
नैतिकता अब कहीं गिर रही
घुट घुट जीता आज चमन क्यूँ
संस्कारों की नींव हिल रही
शब्द बिखरने से पहले सबको उन्नतशील बनायें
नव पीढ़ी के गीत लिखें नई चेतना आज जगाएँ।।

वेद, पुराणों उपनिषदों के
ज्ञान नहीं धूमिल हो जाये
गुरुकुल ने जो पाठ पढ़ाया
पाठ नहीं धूमिल पड़ जाए
ग्रंथों के पन्ने पलटें फिर गीता को हम अपनाएँ
नव पीढ़ी के गीत लिखें नई चेतना आज जगाएँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जुलाई,2021

कारवाँ चलता रहा।

कारवाँ चलता रहा।  

रात की तन्हाइयों में स्वयं से मिलता रहा
रुक गया था कारवाँ स्वयं पर चलता रहा।।

शब्द बन नश्तर चुभे थे भाव वो खलता रहा
आस का आकाश ले घाव वो सिलता रहा।।

जब धरा भी धीर देने में रही नाकाम उसको
पलकों में अश्रू लिए आकाश वो तकता रहा।।

रात थी घनघोर और घटाओं में शोर भी था
मन के अँधेरों से निकल स्वयं को छलता रहा।।

बोझ काँधों पर लिए अरु पीर अंतस में भरे
आँसुओं का कारवाँ पलकों में चलता रहा।।

जिंदगी का ये सफर न गुमनाम हो जाये कहीं
आस का दीपक बना खुद ताउम्र वो जलता रहा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जुलाई, 2021

बाँसुरी की तान।

बाँसुरी की तान।  

बाँसुरी की तान
कानों में मधुर रस घोलती
गीत रचती प्रीत के
नवगीत मृदु मधु घोलती।

भोर का प्रारंभ इसमें
साँझ की गोधूलि बेला
अंक में अनुराग इसके
तान ने मधुमास घोला
शब्द देती भाव को अरु
आँख लुक छिप बोलती
बाँसुरी की तान
कानों में मधुर रस घोलती।।

बाँस की ये बाँसुरी
गीत गाती तान से
मोहती अंदाज से ये
जब भी बजती शान से
भाव को आकार देती
गुनगुनाकर बोलती
बाँसुरी की तान
कानों में मधुर रस घोलती।।

देव का श्रृंगार बन कर
उंगलियाँ नचती रही
शब्दों को सम्मान देकर
गीत नव रचती रहीं
गीत भावों के बनाकर
मृदु राग हिय हिय घोलती
बाँसुरी की तान
कानों में मधुर रस घोलती।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04जुलाई, 2021



एक हस्ताक्षर।

एक हस्ताक्षर।  

कितने लम्हे ठहरे होंगे
और खुद ठगा पाया होगा
जब कागज के चंद पुलिंदे
भावों के ऊपर छाया होगा।

कागज के उस संधी पत्र पर
बेमन हो हस्ताक्षर किया होगा
बंद कमरे में उस एक पल में
आँसू का घूँट पिया होगा।

इक छोटे से हस्ताक्षर ने
पल में क्या से क्या कर डाला
जो भूगोल बदल सकता था
पल ने इतिहास बदल डाला।

क्या से क्या हो गया गगन में
क्षण भर सूरज छुपा गगन में
कहीं विजय की पटकथा लिखी
कहीं चोट खाया अंतर्मन में।

क्षण भर को दिल धड़का होगा
शोला मन में दहका होगा
स्मरण शहादत का जब आया
खुद पर कितना भड़का होगा।

देखा होगा कहीं आइना
कैसे नजर मिलाया होगा
अपने भीतर उठे क्षोभ को
किस तरह से दबाया होगा।

सीमा पर जो लहू गिरा है
उसका कैसे मान करूँगा
पत्नी, माँ, बहनों को बोलो
कैसे अब आश्वासन दूँगा।

क्या बोलूँगा जन गण मन को
ये सोच सोच विक्षिप्त हुआ
उस क्षण जो कुछ घटित हुआ था
उससे खुद वो अतृप्त हुआ।

उलझन के उस क्षण वो खुद को
कितना तनहा पाया होगा
जाने कितने भाव हृदय में
अपने पलते पाया होगा।

दुविधा के इस भँवरजाल में
पीड़ा मन की बढ़ती जाती
पल पल जैसे बीत रहा था
उसकी छाती फटती जाती।

उस एक पल ने सदियों बाद
फिर चक्रव्यूह को था देखा 
और भोर की किरणों ने फिर
अभिमन्यू को गिरते देखा।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03जुलाई, 2021




चेहरे अनजाने।

चेहरे अनजाने।  

रात परायी दिवस बेगाने
कौन यहाँ किसको पहचाने
भीड़ यहाँ पर लाखों की है
अपने कौन कौन बेगाने।

चेहरों पर जितने चेहरे हैं
भावों पर उतने पहरे हैं
कौन यहाँ पढ़ पाया इसको
हर शब्दों के अर्थ गहरे हैं।
कैसे हो विस्तार यहाँ अब
मन ही जब मन की ना माने।
रात परायी दिवस बेगाने
कौन यहाँ किसको पहचाने।।

कभी लिखो जो मुक्त हवायें
समझे कुछ घनघोर घटायें
कभी लिखा आँखों का पानी
कुछ ने समझा करुण कहानी
शब्द शब्द के भाव बहुत हैं
जो दिल भाए बस वो ही माने।
रात परायी दिवस बेगाने
कौन यहाँ किसको पहचाने।।

उगे सूर्य के साथ उगे हैं
ढले सूर्य के साथ ढले हैं
सबकी अपनी अलग कहानी
सुनी सुनाई नई पुरानी।
अलग आवरण अलग मुखौटे
दिल की बातें दिल ही जाने
रात परायी दिवस बेगाने
कौन यहाँ किसको पहचाने।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02जुलाई,2021


बंद दरवाजे।

बंद दरवाजे।  

जीवन के अगणित दरवाजे
बोलो किससे बाहर आऊँ
द्वार द्वार पर बंदिश लाखों
कैसे मैं छुटकारा पाऊँ।।

छोटे छोटे यहाँ झरोखे
धूप कहीं है छाँव कहीं है
खोलूँ किसको बंद करूँ मैं
सूझ रहा कुछ दाँव नहीं है।
राह बता अब तू मन मेरे
कैसे मैं छुटकारा पाऊँ
जीवन के अगणित दरवाजे
बोलो किससे बाहर आऊँ।।

लाख जतन था किया यहाँ पर
अभी तक बाहर आ न पाया
कितना जोर लगाया फिर भी
स्वयं को पर समझा न पाया।
किंतु परंतु के संवादों से
कैसे मैं छुटकारा पाऊँ
जीवन के अगणित दरवाजे
बोलो किससे बाहर आऊँ।।

कब तक कैद रहूँ इस घर में
कब तक खुद मैं को समझाऊँ
कब तक द्वार तकूँ मैं बोलो
कब तक प्रभु का पंथ निहारूँ।
कब मुझको आशीष मिलेगा
कब फिर से मैं खुद को पाऊँ
जीवन के अगणित दरवाजे
बोलो किससे बाहर आऊँ।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        01जुलाई, 2021

लेखनी से मनुहार।

लेखनी से मनुहार।  

आह मेरी लेखनी फिर
प्रेम का नव गीत लिख दो
भावनाओं का समर है
आज तुम नव रीत लिख दो।।

शब्दों में मनुहार भरे जब
पँक्तियों ने गीत गाये
पलकों की अंगड़ाइयाँ में
प्रीत ने नव रीत पाये।

अंक में श्रृंगार भर दो
रास की नव रीत लिख दो
आज मेरी लेखनी फिर
प्रेम का नवगीत लिख दो।।

आस का आकाश हो फिर
मधुर मधुर एहसास हो फिर
मौन फिर से गीत गाये
अरु मोक्ष का आभास हो फिर।

फिर मौन को बोल दे दो
मोक्ष की नव रीत लिख दो
आज मेरी लेखनी फिर
प्रेम का नवगीत लिख दो।।

पोर पोर पुलकित हो जाये
साँस साँस नव जीवन पाये
पीर पीर को धाम मिले अरु
अंग अंग सुरभित हो जाये।

रोम रोम मधुमास जगे 
प्रीत की वो रीत लिख दो
आज मेरी लेखनी फिर
प्रेम का नवगीत लिख दो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        01जुलाई, 2021






पूरण मेरे सकल काज।

पूरण मेरे सकल काज।  

इस जीवन के सकल पुण्य को
मैं अर्पित करूँ चरण पर आज।।

मैंने प्रतिपल पंथ बुहारा
उम्मीदों का दीप जलाया
फूलों को यदि मान दिया तो
काँटों से भी प्रीत निभाया।
उम्मीदों के सकल प्राप्य अरु
गुंजित नव जीवन सकल साज
इस जीवन के सकल पूण्य को
मैं अर्पित करूँ चरण पर आज।।

मैंने बाधाओं के क्षण में 
तेरा ही गुणगान किया है
जीवन के दृढ़तम पथ में भी
बस तेरा ही ध्यान किया है।
तेरी इच्छा के प्रभाव से
हैं पूरण मेरे सकल काज
इस जीवन के सकल पूण्य को
मैं अर्पित करूँ चरण पर आज।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30जून,2021


आषाढ़ की बूँदें।

आषाढ़ की बूँदें।  

आषाढ़ के मौसमों में
जब बूँदें गिरी बरसात की
मन का भ्रमर मचल बोला
कामनाओं ने भी बात की।।

हवा का जोर संग संग
तन पर पड़ी बूँदों की लड़ी
भाव में श्रृंगार जागे
कामनाएँ भी खिल खिल पड़ीं।।

प्रेयसी भी मुक्त होकर
प्रिय से रात दिल की बात की
आषाढ़ के मौसमों में
जब बूँदें गिरी बरसात की।।

आज बूँदों से धरा की
फिर प्यास सदियों की बुझी है
बीज में फिर कोंपलें हैं
फिर आस खुशियों की जगी है।

बैल की घण्टियों ने फिर
गुनगुनाकर दिल की बात की
आषाढ़ के मौसमों में
जब बूँदें गिरी बरसात की।।

स्वप्न लाखों फिर जगे हैं
अरु भाव खुशियों के खिले हैं
नैन में उल्लास छाया
फिर झूमकर सब दिल मिले हैं।

मौसमों ने गीत छेड़ा
और शब्दों को जज्बात दी
आषाढ़ के मौसमों में
जब बूँदें गिरी बरसात की।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30जून, 2021





पाप पुण्य तोलना क्या।

पाप पुण्य तोलना क्या।   

हाय अब क्या सोचता जब तू गिरा आकाश से
मुक्त कर अपने हृदय को जग के मोहपाश से।।

पुष्प डाली से गिरे जब कौन है फिर पूछता
आँख से ओझल हुए फिर कौन किसको सोचता
अंक में जो प्रेम है सब वो छणिक उन्माद है
जो है छणिक उन्माद तो क्यूँ इसे तू खोजता।।

तूने पाया क्या यहाँ जिसका तू खंडन करे
अरु लाया ही क्या यहाँ जिसका तू मंथन करे
प्रस्थान के इस क्षण में छाया कैसा व्योम है
पथ तेरा जो भूल गए व्यर्थ तू चिंतन करे।।

जिंदगी के शुभ पलों का तुमने अभिवादन किये
शोक के भी पलों में बस प्रीत का वादन किए
हर पलों की निज व्यथा को तुमने पलकों में सहा
आह, कंठ चाहे थे रुँधे पर तुमने बस वंदन किये।।

ताप के अंतिम क्षणों में साँझ शीतल हो रही
स्निग्ध लौ की भूमिका से रात उज्ज्वल हो रही
है क्षितिज नजदीक जब और आगे बोलना क्या
मुक्त हुए बंधनों से पाप पुण्य तोलना क्या।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        29जून, 2021



भाव नहीं पढ़ सकते।

भाव नहीं पढ़ सकते।  

लाख करो तुम जतन यहाँ अब
मेरे भाव नहीं पढ़ सकते
होंगे कितने गीत गढ़े पर
मेरे गीत नहीं गढ़ सकते।।

सरिता के तट सा है जीवन
साथ चले पर मिल ना पाए
लहरों ने जितना ही चाहा
उतनी बदली यहाँ दिशाएँ।
सरिता की कल कल धारा को
मौन किनारे कब पढ़ सकते
लाख करो तुम जतन यहाँ अब
मेरे भाव नहीं पढ़ सकते।।

मैं उश्रृंखल मुक्त पवन हूँ
अरु तुम अनुशाषित प्रेम पंथ
यहाँ वहाँ बंजारा मैं तो
अरु तुम हो स्थापित पुण्य ग्रंथ
बीत गयी सब बात पुरानी
नूतन भाव नहीं गढ़ सकते
लाख करो तुम जतन यहाँ अब
मेरे भाव नहीं पढ़ सकते।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       29जून, 2021


जिसने पथ की पीर समझ ली।

जिसने पथ की पीर समझ ली।   

अँधियारे कितने ही गहरे
दीपक लेकिन कब बुझते हैं
जिसने पथ की पीर समझ ली
बाधाओं से कब रुकते हैं।।

आँधी हो या तूफान चले
या घनघोर प्रलय आ जाये
भले शिलाएँ रस्ता रोकें
या लहरें अंबर तक जाएं
वीर वही जो अपने बल से
एक सुनहरा पथ लिखते हैं
जिसने पथ की पीर समझ ली
बाधाओं से कब रुकते हैं।।

बहती नदिया की धारा ने
अपना पथ है स्वतः बनाया
बंधक जो भी मिले पंथ में
सबने आगे शीश झुकाया
नदिया की लहरों के आगे
बड़े बड़े परबत झुकते हैं
जिसने पथ की पीर समझ ली
बाधाओं से कब रुकते हैं।।

जीवन एक संघर्ष यहाँ है
प्रतिपल बाजी अपनों की
कदम कदम पर व्यूह रचेंगे
अरु दाँव लगेंगे सपनों की
इन दांवों को जिसने समझा
वो कहाँ कभी रोके रुकते हैं
जिसने पथ की पीर समझ ली
बाधाओं से कब रुकते हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28जून, 2021






मुक्त हृदय के भाव।

मुक्त हृदय के भाव।  

मुक्त हृदय ने बात कही यूँ
बींध गए सब भाव हमारे
भींग गया तन मन का आँगन
भावों ने नव पंथ निहारे।।

वीणा की झंकार हृदय में
गीतों को नव प्राण दिए
सुप्त हृदय के भाव जगे सब
चाहत को विस्तार दिए।
वीणा के साजों में सजकर
गीतों ने नव पंथ निखारे
मुक्त हृदय ने बात कही यूँ
बींध गए सब भाव हमारे।।

रश्मि किरण ने पंथ निखारा
खिले हृदय के पुष्प सभी
निर्मल कोमल विमल हुआ मन
धुले हृदय के पंक सभी।
खिले हृदय में पुष्प सभी जो
अंतरतम के पंथ बुहारे
मुक्त हृदय ने बात कही यूँ
बींध गए सब भाव हमारे।।

भरे हृदय में नूतन क्षण फिर
जगे भाव पुलकित छाया
दीप जले उम्मीदों के फिर
अंतस आलोकित पाया।
दूर हुए अँधियारे सारे
किरणों ने यूँ पंथ निखारे
मुक्त हृदय ने बात कही यूँ
बींध गए सब भाव हमारे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        27जून, 2021

कदम कदम मुझको पाओगे।

कदम कदम मुझको पाओगे।  

आज चले हो मुझे छोड़कर, कितना दूर मगर जाओगे
जाओ जितना दूर मगर तुम, कदम कदम मुझको पाओगे।।

बादल बन बरसे थे दोनों
इक दूजे के जीवन में
फूल खिले चंहुदिश यहाँ तब
अपने सूने उपवन में
फूलों से जो खुशबू बिखरी
उनको कैसे बिसराओगे
आज चले हो मुझे छोड़कर, कितना दूर मगर जाओगे
जाओ जितना दूर मगर तुम, कदम कदम मुझको पाओगे।।

तेरी राहों से काँटे चुन
हमने फूल सजाए थे
पलकों से मोती चुन चुन कर
हार तुमें पहनाए थे।
जिन बूँदों ने पंथ निखारा
कैसे उनको झुठलाओगे
आज चले हो मुझे छोड़कर, कितना दूर मगर जाओगे
जाओ जितना दूर मगर तुम, कदम कदम मुझको पाओगे।।

तुमसे ही था शुरू किया अरु
तुम पर ही है खत्म किया
कदम कदम तुमको ही चाहा
कदम कदम है तुमे जिया।
जो भी साथ निभे राहों में
उनको कैसे बिसराओगे
आज चले हो मुझे छोड़कर, कितना दूर मगर जाओगे
जाओ जितना दूर मगर तुम, कदम कदम मुझको पाओगे।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        27जून, 2021

तरसते मौसम।

तरसते मौसम।   

जगत के ताप पलकों से निकल दिल में उतरते हैं
कभी मोती कभी आँसू कपोलों पर बिखरते हैं।।

करे कभी देह को शीतल अरु मन को कभी कोमल
जाने ये भाव कैसे हैं जो पल पल मचलते हैं।।

कभी तो धूप अच्छी है औ कभी छाँव है अच्छी
पलकों के झपकते ही देखो मौसम बदलते हैं।।

जाने है चितेरा कौन जो यहाँ रंग भरता है
चली है तूलिका जितनी उतना और निखरते हैं।।

सफर को जंग ना समझो देव इतना जरूरी है
जहाँ बादल नहीं होते वहाँ मौसम तरसते हैं।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        27जून, 2021

अनकहे गीत मेरे।

अनकहे गीत मेरे।   

अनकहे कुछ गीत मेरे
पँक्तियों में रह गए
होंठ ये चुपचाप थे अरु
आँसुओं में बह गए।।

था हृदय में शोर कितना
क्या तुम्हें बतलाऊँ
पाया जो भी दर्द हमने
क्या तुम्हें दिखलाऊँ।
घाव से आँसू मिले जो
मौन सारे बह गए
अनकहे कुछ गीत मेरे
पँक्तियों में रह गए।।

चाँद भी शरमा गया जब
देखी व्यथा रात की
सितारे भी तब रो दिए
सुनकर कथा रात की।
रात की सारी व्यथाएँ
भोर में ही छुप गए
अनकहे कुछ गीत मेरे
पँक्तियों में रह गए।।

भोर की वो लालिमा भी
खोजते हैं राज को
गीत वो जो मौन हैं अब
ढूँढ़ते हैं साज को।
साज ने जो भी सजाए
शोर में सब बह गए
अनकहे कुछ गीत मेरे
पँक्तियों में रह गए।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        26जून, 2022

बस्ती बस्ती बात हुई है।

बस्ती बस्ती बात हुई है।  

आज यहाँ मेरी राहों में वही पुरानी बात हुई है
नगर नगर सब गूँज गये अरु, बस्ती बस्ती बात हुई है।।

वो बीते पल सब गुजर गए,
साथ चले सब बिछड़ गए
उपवन अब भी पुष्पच्छादित
सौरभ जाने किधर गए
मुक्त भाव सब हुआ जगत अब, फिर ये कैसी बात हुई है
नगर नगर सब गूँज गए अरु, बस्ती बस्ती बात हुई है।।

बीते उन खुशियों के पल को
फिर से कौन गुजारेगा
मेरे उन भूले नामों से
फिर से कौन पुकारेगा
बीते उन पल में क्या कह दूँ, कैसी कैसी बात हुई है
नगर नगर सब गूँज गए अरु, बस्ती बस्ती बात हुई है।।

जितने गीत गुहे थे पथ में
अब वो सारे बिसर गए
मोती की माला जो गूंधी
टूट टूट सब बिखर गए
अब दिवस ढला धीरे धीरे अरु, धीरे धीरे रात हुई है
नगर नगर सब गूँज गए अरु, बस्ती बस्ती बात हुई है।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        26जून, 2021


मौन मेरे गीत को आज तुम आवाज दे दो।।

मौन मेरे गीत को आज तुम आवाज दे दो।।

मौन मेरे गीत हैं प्रिय, आज तुम आवाज दे दो।।

प्रीत के इस ग्रंथ का तुम ही रचेता हो प्रिये
प्रीत के इस पंथ का पावन सवेरा हो प्रिये
तुम प्रणय की शक्ति हो और तुम ही विश्वास प्रिय
बाँध कर अपने सुरों में गीत को इक साज दे दो
प्रीत के इस गीत को अपनी मधुर आवाज दे दो
मौन मेरे गीत हैं प्रिय, आज तुम आवाज दे दो।।

कल्पनाओं के सफर में गीत कितने हैं रचे
भावनाओं में हृदय के प्रीत कितने हैं बसे
बाँध कर इक पाश में तुम नया आह्वान दे दो
शब्द हमने जो गढ़े आज इक पहचान दे दो
प्रीत के इस रीत को तुम नया अंदाज दे दो
मौन मेरे गीत हैं प्रिय, आज तुम आवाज दे दो।।

रात के उस पार ही भोर की पहली किरन है
पुण्य है जो प्रीत तो पुण्य अपना भी मिलन है
मिलन के पुण्य क्षण को प्रीत का श्रृंगार दे दो
भाव का विन्यास कर इक नया अवतार दे दो
औ बदल कर भाव सारे इक नया आगाज दे दो
मौन मेरे गीत हैं प्रिय, आज तुम आवाज दे दो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        24जून, 2021


तुम चाहो तो बोलो।

तुम चाहो तो बोलो।   

आज सुनूँगा व्यथा तुम्हारी
जो तुम चाहो तो बोलो।।

तुमने अपने मन के भीतर 
जितने भाव छुपाए है
बूँद बने पलकों तक आकर
अंतरतम बहलाये हैं
भाव छुपाए अंतस में जो
तुम यदि चाहो तो खोलो
आज सुनूँगा व्यथा तुम्हारी
जो तुम चाहो तो बोलो।।

बहुत छुपाया तुमने मन को
इतना कौन छुपा पाया
बहुत दबाया है भावों को
इतना कौन दबा पाया
आज मिलूँगा मैं भावों से
यदि तुम चाहो तो खोलो
आज सुनूँगा व्यथा तुम्हारी
जो तुम चाहो तो बोलो।।

तुमने सबकी सुनी बहुत थी
लेकिन अपनी कह ना पाए
सबका घाव हमेशा देखा
पर अपना दर्द रहे छुपाए
आज तुम्हारा दर्द सहूँगा
यदि तुम चाहो तो खोलो
आज सुनूँगा व्यथा तुम्हारी
जो तुम चाहो तो बोलो।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23जून, 2021

प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें एक दूजे को हम इतना अधिकार दें, के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें। एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं, ...