मौलिक भारत का आह्वान

मौलिक भारत का आह्वान                                                                          


ऐसा क्यों लगता है मुझको
मौलिक भारत छूट रहा
अभिव्यक्ति के नाम मानो
खण्ड खण्ड ये टूट रहा।

ये कैसी आज़ादी है
ये कैसा व्यवहार है
भारत के टुकड़े चाहने वालों
के कैसे पहरेदार हैं।।

भ्रष्ट हो चुकी आज व्यवस्था
कुंद पड़ी सरकार है
भारत को गाली देने वाले की
कैसी जय जयकार है।

मत भूलो एक जयचंद ने
कैसे भारत बर्बाद किया
मगर आज तो भारत में
जयचंदों की भरमार है।।

बहुत सुन चुके इनकी बातें
अब इनका प्रतिकार करो
गली मोहल्लों से चुन चुनकर
अब इनका संहार करो।।

कैसे कैसे लोग पड़े हैं
सत्ता के गलियारों में
गिरगिट जैसे रंग बदल रहे हैं
सत्ता के गलियारों में।

कुर्सी से चिपके रहने को
ये इतने बेताब हैं
गिरवी रखने को अपना
ज़मीर तक तैयार हैं।।

कितना अंतर आ चुका है
अब इनके व्यवहारों में
जैसे शकुनि चाल चल रहा हो
सत्ता के गलियारों में।

बंट रहा है अखण्ड भारत
अब जाति धर्म के नारों में
एकलव्य फिर ठगा जा रहा 
सत्ता के गलियारों में।।

कितने सपने चूर हो रहे
इनके झूठे वादों से
पर ये अलसाये पड़े हुए हैं
सत्ता के गलियारों में।।।

मज़लूमों का हमदर्द नही है
सत्ता के गलियारों में
सबके अपने स्वार्थ सधे हैं
सत्ता के गलियारों में।।

मेरा भी मन करता है
झूमूं, नाचूं, गाऊं में
अभिव्यक्ति की तथाकथित
आज़ादी वाले गीत सुनाऊं मैं।

पर क्या करूं मैं राणा प्रताप
शिवाजी का अनुयायी हूँ
शकुनि, जयचंदों जैसी
भाषा खुद में कहां से लाऊं मैं।।

में दर्पण टांगे फिरता हूँ
उनको कहां से भाऊंगा
उनके जैसी कुटिल भावना 
खुद में कहां से लाऊंगा।

जनता अब ये पूछ रही है
सत्ता के गलियारों से
कब तक सीना छलनी होगा
गद्दारों के वारों से।

हम गीता के अनुयायी हैं
पहला वार नहीं करते
पर जो भी मां का आँचल खींचे
उसको बर्दाश्त नही करते।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

हमसफ़र

हमसफ़र                                                     

तुम बने जो हमसफ़र तो
रास्ता मुझे मिल गया
मंज़िलें क्या कारवां क्या
जग हमारा हो गया।

चाहे ओझल चन्द्रमा हो
कोई न तारक आज हो
कालिमा ही कालिमा हो
नीरवता का राज हो।

हाथ में जब हाथ तेरा
फिक्र की क्या बात है
ऐसे आलम में
अँधेरा भी सवेरा हो गया।

तुम बने जो हमसफ़र तो
रास्ता मुझे मिल गया।।

है यही चाहत मेरी
के हर पल में तेरा साथ हो
हो खुशी या ग़म हो कोई
बस ज़िंदगी की बात हो।

देख कर धड़के जिसे दिल
वो हमदम मेरा हमराज़ हो
ज़िंदगी का हर अधूरा
अब ख्वाब पूरा हो गया।

तुम बने जो हमसफ़र तो 
मैं भी पूरा हो गया।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

बेटी की विदाई


बेटी की विदाई।               

अश्रुपूरित नैनों से जिस पल
मैंने उसे विदा किया
क्षणभर को लगा मुझे यूँ
मेरा सबकुछ चला गया।

खुशियां घर की चली गयी 
घर का उत्सव चला गया 
कोयल की कुह  कुह  चली गयी 
बगिया का कलरव चला गया| 

पर ये प्रथा है बेटी 
जो मैंने आज निभाई है 
तू मुझसे कब अलग हुई है 
तू तो इस हृदयतल में समाई है | 

जब तेरे नन्हे हाथों ने 
ऊँगली मेरी थामी थी 
मरुधर से मेरे जीवन में 
उम्मीद नई इक जागी थी | 

तेरे उन नंन्हे क़दमों ने 
जब घर का कोना नापा था 
तेरे हर पदचिन्हों को हमने 
नैनों में अपने छापा था | 

जब तेरे तुतलाते बोलों ने 
नया व्याकरण गाया था 
अधरों पे मुस्कान लिए 
खुशियों का मौसम आया था | 

तेरी पायल की रुनझुन ने 
जब घर आंगन खनकाया था 
मन हर्षित हो झूम गया था 
सौभाग्य मेरा इतराया था |
बालपन से अब तक का जीवन 
चलचित्र की मानिंद घूम गया 
क्षणभर को लगा मुझे यूँ 
मेरा सबकुछ चला गया | 

पर मानस की  रीति यही है 
जो हमको भी अपनाना है 
तेरे जीवन की बगिया को 
खुशियों से महकाना है | 

महके जीवन तेरा हर पल 
खुशियों से दामन भरा रहे 
जीवन के हर पथ पर बेटी 
सौभाग्य तुम्हारा बना रहे || 

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
14फरवरी, 2020

ज़िंदगी-एक पहेली

ज़िंदगी - एक पहेली                                                                                    

ज़िंदगी 
एक अबूझ पहेली की तरह है 
कभी लगता है- यह नाम है 
रफ़्तार का,जोश का,उम्मीद का 
वक्त के साथ साथ चलने का 
मंज़िल दर मंज़िल आगे बढ़ना का | 

कभी लगता है - यह नाम है 
मुश्किलों का, कठिनायों का 
लड़ने का, जूझने का
खुद से, औरों से, समाज से 
कभी लगता है-
यह काँटों भरी है 
तो अगले ही पल फूल सी लगती है 
यह ज़िंदगी || 

कभी लगता है 
यह एक बोझ है 
हम जिसे ढोने को मजबूर हैं 
 अगले ही पल-फूल सी लगती है 
कभी अजनबी सी लगती है 
कभी अपनी सी 
यह ज़िंदगी || 

मौत तो सत्य है, अटल है 
पर यह एक मृगमरीचिका है 
हम जिसके पीछे भागते हैं 
जितना सुलझाने की कोशिश करो 
उतनी ही उलझती जाती है 
क्या है - पल-पल रंग बदलती 
यह ज़िंदगी ? 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद 

मौत

मौत                                                                                                            

मौत 
एक ठहराव है 
ज़िंदगी का 
उम्र की कठिनाइयों से 
जब थक हार जाते हैं 
लड़ने की इच्छा शक्ति 
समाप्त हो जाती है 
जब सारे आडंबर दूर हो जाते हैं 
माया रुपी बदल जब छंट जाते हैं 
तब साक्षात्कार होता है,
एक सत्य का - मौत का | 

यह एक सत्य है, कटु सत्य 
जानते हैं, पर मानते नहीं,
मिलना है,इससे 
मुझे,तुम्हें,हर किसी को 
स्वीकारना चाहते नहीं 
जितनी रफ़्तार से इससे दूर भागते हैं 
दूनी रफ़्तार से इसे अपने नजदीक पाते हैं| 

हम डरते हैं- मौत से 
मौत तो सत्य है 
अटल है 
डरने की चीज तो ज़िंदगी है 
जो हर कदम बांहे फैलाये 
अपनी आगोश में लेने को बेताब है || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद 

अभिव्यक्ति की आज़ादी

अभिव्यक्ति की आज़ादी                                                                                   

माना अभिव्यक्ति की आज़ादी है 
जैसा चाहो वैसा बोलो 
पर ध्यान रहे इतना दिल में 
जब भी बोलो तोल मोल कर बोलो | 

दिल की साड़ी बातें बोलो 
पर शब्दों की तीक्ष्णता से 
शांत फ़िज़ा में ज़हर न घोलो 
जब भी बोलो तोल मोल कर बोलो | 

कल चौराहे पर महफ़िल देखी 
बात चल रही रही थी अभिव्यक्ति की 
गाली से संवाद पटा था 
देशद्रोह के नारों से 
शर्मिंदा आकाश हुआ था | 

अभिव्यक्ति का  मतलब - क्या 
 देशद्रोह  के नारे हैं 
ऐसे नारे देने वाले- क्यों 
कुछ नेताओं के प्यारे हैं | 

ऐसे नारों के कारण 
मेरा दिल भी भी दुःखता है 
कोई कितना प्रलाप करे  
ये तीर जिगर में चुभता है | 

क्या लगता है वो आतंकी 
गीत तुम जिसका गाते हो 
क्यों करते हो छेड़ वहां 
तुम जिस थाली में खाते हो | 

पाक परस्ती इतनी प्यारी 
के भारत को भूल गए 
जिस कोख ने जन्मा तुमको 
उसी कोख को भूल गए | 

आज़ादी का मतलब क्या 
भारत को खंडित करना है 
या आज़ादी  के नाम पे बोलो 
आतंकी को महिमामंडित करना है | 

पत्थरबाजों के साथ खड़े हो 
क्यों स्तर अपना गिराते हो 
इसी माटी ने पहचान तुम्हें दी 
क्यों इसको भूल जाते हो  | 

आज़ादी का असली मतलब 
वीर सुभास ने जाना था 
असली आज़ादी क्या होती है 
"आज़ाद " जी ने पहचाना था | 

जिसकी खातिर राणा प्रताप जी ने 
घास की रोटी खाई थी 
जिसके लिए लक्ष्मीबाई, मंगलपांडे जी ने 
अपना सब कुछ त्याग दिया | 

जिस आज़ादी की खातिर  
भगत सिंह जी ने बलिदान दिया 
उस आज़ादी के नारों का 
क्यों तुमने अपमान किया? 

भूल गए उस माटी को 
जिसने तुमको सम्मान दिया 
ऐसे नारों के वाहक को 
अब आज सीखना है 
अभिव्यक्ति की असली आज़ादी से 
उनका परिचय करवाना है || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद 

संवाद नही करते

संवाद नहीं करते                                                                                               

मुल्क हमारा घिरा हुआ 
है अगणित तूफानों से 
सेहत इसकी बिगड़ रही 
है अवसरवादी अवसादों से | 

अभी न चेते आज अगर 
तो फिर आगे पछताना होगा 
कोई कितना भी दंभ भरे 
भारत को मोल चुकाना होगा | 

जब लोकतंत्र के  वाहक ही 
जातिवाद की बात करें 
जब भ्रष्टाचारी हावी होकर 
जनतंत्र का नाश करें | 

जब सत्ता की चौखट पर 
अवसरवादी उपवास करें 
जब मिथ्यावादी खुलेआम 
सत्यकाम का उपहास करें| 

ऐसे में तुम्ही कहो 
मैं कैसे चुप चाप रहूँ 
कलम को कैसे गिरवी रख दूँ 
मैं कैसे चुपचाप सहूँ | 

मैं दिनकर और निराला जी 
की पीढ़ी का वाहक हूँ   
मैं भारत की मूल आत्मा 
राष्ट्र धर्म का ध्वज धारक हूँ|   

पर मुझको ये जातिवाद 
अवसरवाद डराता है 
गली गली में उठने वाला 
राष्ट्रद्रोह तड़पाता है | 

 भारत मान का  दिल रोता है 
देख के इन करतूतों को 
नफरत होने लगती है 
देख के इन कपूतों को | 

मैं ऐलान यहां करता हूँ 
भारत  के गद्दारों से 
कान खोल सुन लें जयचंद सारे 
जो छुपे हुए हैं 
 सत्ता के गलियारों में | 

हम अहिंसा के अनुयायी हैं 
हिंसा की बात नहीं करते 
पर जब भारत माँ का 
सीना छलनी हो 
तब संवाद नहीं करते || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद 


तेरा ही आँचल पाऊं

तेरा ही आँचल पाऊं                                                                                          

ओस की इक बूँद था मैं 
इसे मोती बनाया  तुमने 
नदी की इक उच्छृंखल धरा था मैं 
इसे सलीके से बहना सिखाया तुमने| 

इक नादान परिंदा था मैं 
मुझे उड़ना सिखाया तुमने 
शब्द तो बहुत मिले जीवन में 
उन्हें सूत्र में पिरोना सिखाया तुमने| 

ये मेरे पूर्व जन्मों का पुण्य है 
जो तुम्हारा आँचल मिला है मुझको 
यही प्रार्थना है ईश्वर से 
मैं जब भी दुनिया में आऊं 
हे मात-पिता मेरे 
मैं तेरा ही आँचल पाऊं || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद 

तिरंगा

                       तिरंगा                             

गगन चूमता शान बढ़ाता
मेरा है अभिमान तिरंगा।
तीन रंगों से शान इसकी
भारत की पहचान तिरंगा।।

केसरिया साहस बतलाता
हिम्मत का मान बढ़ाता है।
श्वेत धवल पहचान शांति की
सत पथ का अभियान तिरंगा।।

हरा रंग हरियाली का है
सुख समृद्धि जतलाता है।
बढ़ते रहना कभी न रुकना 
चक्र हमें समझाता है।।

हर पल बढ़ता रहता जीवन
ये ज्ञान हमें बतलाता है।
राष्ट्र प्रथम, एक सूत्र हो
उन्नति का पाठ तिरंगा।।

जात-धर्म को भुला सभी
राष्ट्रनीति स्वीकार करो
एक भारत श्रेष्ठ हो भारत
बस इतना आह्वान करो।।

इसकी शान सदा रखना
दिल के कोने कोने में
हर चेहरे पर बिखरी जो
वो स्नेहिल मुस्कान तिरंगा।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय

              हैदराबाद

एक कहानी लिखूँ

एक कहानी लिखूँ                                        

तुम कथानक मेरे, मैं कहानी लिखूँ
तुम प्रियतम मेरे, मैं जवानी लिखूँ,
समर्पण की बात, जब भी चले,
राष्ट्रपथ पर मैं अपनी जिंदगानी लिखूँ।।

रक्त है धमनियों में या पानी भरा
भावनाएँ जो बहके तो फिर क्या धरा
जिंदगी है ये मिलती इक बार बस
क्यूँ न फिर राष्ट्र पर मैं जवानी लिखूँ।।

तुम कथानक मेरे, मैं कहानी लिखूँ
तुम वो प्रियतम मेरे, जिसपे मैं जवानी लिखूँ।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

व्यंग्य-पति पत्नी के मध्य

पति-पत्नि के रिश्ते का व्यंगात्मक रूप।                           

शाम होते ही जैसे मैं दफ्तर से घर आया
मुस्कुराते हुए पत्नी को दरवाजे पे पाया।

मैंने पूछा-अरे भाग्यवान क्यों मुस्कुरा रही हो ?
तुम तो चाहते ही हो कि मैं परेशान रहूँ।

मैंने मन मे सोचा-जब भी मुझे देख तुम यूँ मुस्कुराती हो
कुछ न कुछ दस-पांच हज़ार का चूना लगाती हो।

अरे मैंने तो मज़ाक किया था,तुम नाहक ही परेशान होती हो
हैं अब मैं मज़ाक के लायक ही रह गयी हूँ।

पड़ोसन को देखकर तो खूब मुस्कुराते हो
पर मुझे देखते ही जाने कहाँ खो जाते हो।

बात बिगड़ती देख मैंने बात को संभाला
तुम्हे देखते ही मैं अपने होश खो जाता हूँ।

सच कहूँ जानू तो मैं तुम्हारी
लटभरी ज़ुल्फ़ों में खो जाता हूँ।

चलो जी बात बनाना कोई आपसे सीखे
आप हाथ मुंह धो लीजिये मैं चाय लाती हूँ।

मामला सेट होते देख मेरी जान में जान आयी
अभी बैठा ही था कि श्रीमती जी चाय लेकर आयीं।

पास बैठते ही उसने मुझे एक कागज़ थमाया
कागज़ नहीं वो दिशानिर्देशों का एक पुलिंदा था।

अगले सप्ताह उसे मायके जाना था
इसलिए मुझे उसे अपने कुछ नियम बताना था।

उसने कहा - मेरे जाने के बाद
फालतू कहीं न आना जाना
और हां घर खाली पाकर
रोज़ दोस्तों की महफ़िल न सजाना।

मेरी अनुपस्थिति में कामवाली कम ही आएगी
यदि तुम कुछ बोलोगे तो वो तुम्हे बुद्धू बनाएगी।

तुम तो हो ही बुद्धू, उसकी बातों में न आना
और हां उसके सहारे घर छोड़ के कहीं न जाना।
और हां पड़ोसन से जरा ज्यादा ही सावधान रहना
अकेला पाकर वो तुम्हें बहलायेगी।
तुम तो वैसे भी उस पर लट्टू हो
उसकी चिकनी चुपड़ी बातों में न आना।
उसका क्या वो तो तुमसे अपना काम निकलवाएगी
कुछ गलत होने पर सारा इल्जाम
तुम पर ही लगाएगी।

तब से मैं बड़ी ही पशोपेश में हूँ
ये उसकी सलाह थी या उलाहना
अगर इसे समझ सके कोई
तो मुझे भी समझाना।

खैर नियत दिन, उसे ट्रेन में बिठा के आया
घर आते ही जोर से दरवाजा खटखटाया।
वो अंदर होती तो दरवाजा खोलती
याद आते ही खुद ताला खोल घर के अंदर  आया।

न जाने घर क्यूँ सूना सूना लग रहा था
सब कुछ वैसा ही था पर
कुछ कुछ अधूरा सा लग रहा था।

यूँ तो घर मे संगीत लहरी बज रही थी
सच कहूँ तो मेरे कानों को
बिल्कुल नहीं जंच रही थी।

तब मुझे एहसास आया-
पति पत्नी गृहस्थी के दो पहिये हैं
एक के बिना गृहस्थी की गाड़ी अधूरी है
यदि पति राजा तो पत्नी रानी है
दोनों के सप्रेम मिलन से ही
बनती नए युग की कहानी है।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

अनादर्श होती राजनीति

छंद - अनादर्श होती राजनीति                          

अनादर्शों का दौर है साहब
आदर्शों की बात कहां,
सत्ता का संघर्ष बड़ा है
अनुशीलन की चाह कहां।।

स्वाभिमानी पौरुष था जो
मन से शायद टूट गया,
सत्ता लोलुपता के कारण
नैतिकता से दूर गया।।

जन संपर्कों व मंचों से जिनको
यथार्थ की बातें करते देखा था,
सस्ती लोकप्रियता के पीछे
अब उनको पड़ते देखा है।।

राजनीति और आदर्श जैसे
एक दूजे से बेवफा होते गए,
रात भर गए रटाये
होते ही सुबह सफा हो से गए।।

ऐसे व्यवहारों के कारण
जन गण मन भी बहकता है,
आदर्शों को बिछते देख
मन बेतरतीब दहकता है।।

है लेखनी कुछ ऐसा लिखना
जिसकी अनुगूंज सुनाई दे,
हठधर्मिता सब ढह जाए
अंतरंग प्रकाश दिखाई दे।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद


प्रेम ज़माने को खटकता था

   प्रेम ज़माने को खटकता था                        

हमारा प्रेम जाने क्यूँ
ज़माने को खटकता था।

पर्दों में उलझता था
नियमों पे अटकता था
कभी सोची बगावत तो
रुसवाई में जकड़ता था।
हमारा प्रेम जाने क्यूँ
ज़माने को खटकता था।।

भरी महफ़िल में वो 
जब भी सामने आए
पलकों की चिलमन से
जब भी वो मुस्कुराए 
उनका मुस्कुराना भी 
महफ़िल को खटकता था।
हमारा प्रेम जाने क्यूँ
ज़माने को खटकता था।।

निभानी थी वो जो रस्में
तुम्हारे साथ जीने की
कई वादे वफ़ा के थे
कई कसमें वफ़ा की थी
मगर लम्हों में उलझी तुम
मैं सदियों में गुजरता था।
हमारा प्रेम जाने क्यूँ
ज़माने को खटकता था।।

वो अंतिम बार तुम मेरे
जब पास बैठी थी
बेड़ी पैरों में थी तेरे
और बंधे हाथ मेरे थे
कहने को तो शामिल हैं
ज़माने की रवायत में
कहीं तुमको तड़पना था
कहीं मुझको तड़पना था।
हमारा प्रेम जाने क्यूँ
ज़माने को खटकता था।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद



लाक्षागृह

       लाक्षागृह       लाक्षागृह                                          

सिंहासन का मोह उसे था,
सत्ता सुख का लोभ उसे था।
पाण्डव की बढ़ती ख्याति देख,
अंतर्मन में द्रोह उसे था।

युधिष्ठिर गुणवान बहुत था,
सहृदय, चरित्रवान बहुत था।
आशीष पितामह का उसको,
प्रजाजनों में मान बहुत था।

सब प्रजाजनों की इच्छा से,
प्रबुद्ध जनों की मंशा से।
सहमति पाकर सभाजनों की,
वो जाकर तब युवराज बने।

हाथ से सत्ता गिरते देख,
स्वप्न को यूँ ही मिटते देख।
मन ही मन कुंठित हो बैठा,
क्रोधित मन चिंता कर बैठा।

जब उससे बर्दाश्त ना हुआ,
जब उसे लगा प्रतिघात हुआ।
वो मन बात पिता से बोला,
अपने मन की गाँठे खोला।

यदि सिंहासन उन्हें मिला
तो उनका राज्य हो जाएगा
हम लोगों को कुछ प्राप्त न होगा
वंश दास हो जाएगा।

युधिष्ठिर है बड़ा सभी से
इसलिए अधिकार उसी का है
ये निर्णय मेरा नही है
ये आदेश सभी का है।

तब शकुनी की कुटिल चाल से
दुर्योधन ने धृतराष्ट्र को अपने वश किया
अपनी कुटिलता मनवाने हेतु
पुत्रमोह में विवश किया।

मेरी आप मदद ये करना
पुरोचन ने वारणावत में जो महल बनाया है
उसमे रहने व निवास को
है पिता उन्हें विवश तुम करना।

महल बना है लाख, मुंज का
व ज्वलनशील पदार्थों से
जरा आग सेे ही वो जल जाएगा
पांडवों का वंश समूचा उसमें जल जाएगा।

इस षड्यंत्र का पता, मगर
विदुर जी को चल गया
युधिष्ठिर से मिल विदुर ने
सचेत उन्हें था कर दिया।

कुशल कारीगर के हाथों
वो इक सुरंग बनवाने लगे
वारणावत में शिकार के बहाने
पांडव यदा कदा समय बिताने लगे।

कार्य पूरा होते ही
पांडवों ने वहां रहने का संकेत दिया
सफल योजना होती देख
दुर्योधन मन ही मन हर्षित हुआ।

घटना वाली रात पांडवों ने
पुरोचन को बहाने से बुला लिया
बंदी बना उसे लाक्षागृह में
भवन में आग लगा दिया।

सुनकर लाक्षागृह की आग
दुर्योधन मन ही मन हर्षित हुआ
मगर विदुर जी की सूझ बूझ से
पांडवों का न कुछ अहित हुआ।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद


जयद्रथ वध

जयद्रथ वध                                                 

कुरुक्षेत्र के रण में
एक वीर जब सज्जित हुआ
देख उस युद्ध की गति
सुरराज भी लज्जित हुआ।

घेर कर उस वीर को
कायरों ने वध किया
युद्ध के प्रतिमान सारे
भय के कारण त्यज दिया।

देख उसका रौद्र रूप
सम्मुख न कोई आ सका
जो भी आया सामने
नर्क का भागी बना।

तब घेर कर कौरवों ने
ध्यान उसका भंग किया
चारों दिशा से वार कर
वीर को निःशस्त्र किया।

फिर भी हिम्मत थी कहां
कि पास उसके आ सके
प्रचंड वारों व प्रहारों से
पार उसके पा सके।

चक्रव्यूह बिखरता देख कर
शत्रुओं ने घात किया
युद्ध नियमों के विरुद्ध पीछे से
जयद्रथ ने निहत्थे वीर पर घात किया।

वार इतना तीव्र था
कि वीर सहन कर ना सका
कर्तव्यपालन की दिशा में
वीरगति को प्राप्त हुआ।

चमकी प्रलय की बिजलियाँ
शत्रु का खड्ग भी खंडित हुआ
वीर का सान्निध्य पाकर
सुरलोक भी मंडित हुआ।

वीरगति से वीर के
कौरवों में हर्ष छा गया
सर्वत्र पांडव पक्ष में
शोक था छा गया।

देख उसका हाल ऐसा
निःशब्द नव वधु हो गयी
नेत्र में भरे अश्रु सूखे 
वो धरा पर गिर गयी।

सुन सूचना वीरगति की
अर्जुन क्रोध से पागल हुए
आत्मदाह की की प्रतिज्ञा
जो अगले सूर्यास्त तक शत्रु का न वध किये।

थी प्रतिज्ञा घनघोर इतनी
भू-भाग भी गुंजित हुआ
देख पार्थ का रौद्र रूप
त्रिलोक तक कंपित हुआ।

करने जयद्रथ का दूर भय
दुर्योधन भी उपस्थित हुआ
करूंगा रक्षा तुम्हारी
सम्मुख सबके प्रण किया।

कुरु सेना के रक्षण में रहोगे
तुम तक वो पहुंच न पायेगा
प्रतिज्ञा पूरी न हुई तो
स्वतः ही आत्मदाह कर जाएगा।

भोर की पहली किरण पर
युद्ध का शंखनाद हुआ
दिन चला निर्वाध गति से
जयद्रथ न कहीं मिला।

निराश देख माधव ने कहा
पार्थ न विचलित बनो
रक्षा कवच में छुपा है वो
संहार करने शीघ्र तुम आगे बढ़ो।

सुनकर माधव के वचन
उत्साह अर्जुन का बढ़ा
त्याग कर विषाद के क्षण
उत्साह से लड़ने लगा।

सांध्य होने को चली
जयद्रथ तक पहुंच जब मुश्किल हुआ
वासुदेव ने माया रची
सूर्य बादलों में छिप गया।

सांध्य होने के भ्रम ने
कौरवों को हर्षित किया
आत्मदाह अब अर्जुन करेगा
अट्टहास जयद्रथ ने क्या।

देख शत्रु सामने
श्री कृष्ण ने अर्जुन से कहा
पार्थ उठाकर गांडीव
शत्रु का तुम वध करो।

संध्या अभी भी शेष है
तनिक भी न विलंब करो
ध्यान रहे इतना तुम्हे कि
मस्तक धरा पर न गिरे।

देखते ही देखते सूर्य
बादलों से निकल गया
देख कर दृश्य ऐसा, प्राण
गले में शत्रु के अटक गया।

जैसे ही जयद्रथ
रणभूमि से भागने को हुआ
गांडीव उठा कर पार्थ ने
तत्क्षण में उसका वध किया।

जयद्रथ का शीश धड़ से हो अलग
जाकर गोद में, उसके पिता की गिरा
गोद में गिरते ही, सर उसके पिता का 
भी टुकड़ों में विभक्त हुआ।

हुई प्रतिज्ञा पूर्ण अर्जुन की
और शत्रु का वध हुआ
गुंजित हुआ सुरलोक भी
इक पाप का था अंत हुआ।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद


तुम्हारे मंदिर में

तुम्हारे मंदिर में                                            

बन के दीपक में जलूं
तुम्हारे मंदिर में,
तेल हो प्रेम का
इच्छा की बाती मैं बनूं
तुम्हारे मंदिर में।।

भोर की पहली किरण पर
मंदिर का कपाट 
जब तुम खोलो
एक मद्धम सी चमक बन सजूं
मैं तुम्हारे मंदिर में।।

क्षणभर भी विमुख न हो
मन तुम्हारे भावों से
तुम बनो सागर
बन के गंगा
अविच्छिन्न मैं मिलूं
तुम्हारे मंदिर में।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

दर्द का रिश्ता

दर्द का रिश्ता                                                                  

दर्द से मेरा रिश्ता
जाने कैसे जुड़ जाता है
चलना चाहूँ किसी ओर भी
वो स्वतः ही मुड़ जाता है।।

इक प्रयास सदा करता था
मूक ध्वनि वहां तक पहुंचे
पर मालूम नहीं था मुझको
इक सत्य विलग कर जाता है।
दर्द से मेरा रिश्ता 
जाने कैसे जुड़ जाता है।।

रिश्तों में जब विश्वास पनपता
रिश्तों में तब जीवन बनता
दिल में जब रहते हैं दोनों
फिर फर्क कहां रह जाता है।
दर्द से मेरा रिश्ता
जाने कैसे जुड़ जाता है।।

ताने-बाने बुनते रहते 
सभी एक दूसरे की सीमा तक
जब मोती हैं इक माला के सब
फिर बिखर क्यूँ जाता है।
दर्द से मेरा रिश्ता
जाने कैसे जुड़ जाता है।।

कभी विनम्रता, कभी कठोरता
कभी कसैला, कभी मधुरता
जीवन का जब रूप यही है
फिर फर्क कहाँ पड़ जाता है।
दर्द से मेरा रिश्ता
जाने कैसे जुड़ जाता है।।

अब मेरी चोटों पे क्या, दर्द तुम्हें नहीं होता है
अब मेरी आँखों के अश्रु से
क्या हृदय तुम्हारा नही रोता है
इक दूजे की परवाह हमें जब
फिर हृदय उसे समझ क्यूँ नही पाता है।
दर्द से मेरा रिश्ता, जाने कैसे जुड़ जाता है।।

शायद मेरा अपराध यही
झूठ का प्रतिपल प्रतिकार किया
जिस पर किया भरोसा पल पल
उसने ही संहार किया
दोष नही तब कहीं किसी का
जब भ्रम का पर्दा पड़ जाता है।
शायद ऐसे ही भ्रम के कारण
दर्द से रिश्ता मेरा जुड़ जाता है।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

जो मैं पढ़ता रहा

जो मैं पढ़ता रहा।              

तुम ही वो पुस्तक मेरी
जो रोज मैं पढ़ता रहा
भाव बन मुझमें तुम सजी, 
उम्र भर जिसे सजाता रहा।

कविताओं में छंद की तरह
तुम गीतों में मर्म की तरह
तुम हो वो पुस्तक मेरी, 
जिसे हरपल मैं पढ़ता रहा।।

गद्य तुम मेरे, पद्य भी मेरे
पल पल जिसे मैं लिखता रहा
भाव बन पृष्ठ पर तुम सजी
जिनमे मैं खुद से मिलता रहा।

शब्द जो मैं तेरा, अर्थ हो तुम मेरे
बन अलंकार हर पंक्ति में तुम सजे
मैं जो मुखड़ा तेरा, अंतरा तुम मेरे
उम्र भर मैं जिसे गुनगुनाता रहा।

पग-पग में बन पुष्प बन मेरे बिछी
मार्ग के कंटकों को मैं भी बिनता रहा
शर्म के रेशमी दुशाले में सिमटी रही
पाश में तेरे मैं भी तो जकड़ा रहा।

गीत बन के जीवन में ऐसे सजी
उम्र भर मैं जिसे गुनगुनाता रहा
भाव बन मुझमें तुम सजी
उम्र भर जिसे सजाता रहा।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
      

रूप को मैं कंवल लिख दूं

रूप को मैं कँवल लिख दूं।                                                

रूप को मैं तुम्हारे कँवल लिख दूं
तुम कहो तो मैं तुम पर गजल लिख दूं।

शब्दों से श्रृंगार ऐसा करूं
लेखनी से भी मनुहार ऐसा करूं
पास सम्मुख सदा मेरे बैठी रहो
तेरे हर भाव पर मैं गजल लिख दूं।।
रूप को मैं तुम्हारे कँवल लिख दूं
तुम कहो तो मैं तुम पर गजल लिख दूं।।

नैनों से जब तेरे नैना मिले
शर्म की लाज की सारी परतें खुलें
जो मेरा प्रणय तुमको स्वीकार हो
तो समर्पण से अपने श्रृंगार तेरा लिखूँ।
तुम कहो तो मैं तुम पर गजल लिख दूं
रूप को मैं तुम्हारे कँवल लिख दूं।।

मेरे एकाकीपन को जो तुमने चुने
मेरे संग तुमने, जो सपने बुने
उन सपनों में, मैं रंग भर दूं
तुम कहो तो मैं तुम पर गजल लिख दूं
रूप को मैं तुम्हारे कँवल लिख दूं।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद


नयन क्यूँ सजल हो रहे हैं सजन

   नयन क्यूँ सजल हो रहे हैं सजन                                   

ये नयन क्यूँ सजल हो रहे हैं सजन
शब्द क्यूँ मौन हैं, भाव बेचैन हैं
करुण-कण से विचलित रहता है मन
क्यूँ न दुर्गमतम तल को गति से कर लें सरल।
ये नयन क्यूँ सजल हो रहे हैं सजन।।

इक मधुर सी कसक है हृदय में दबी
चाहा प्रतिपल तुझे कह न पाए कभी
प्रतिपल अमिट जो कहानी बनी
उस कहानी को समझ क्यूँ न पाया ये मन।
ये नयन फिर सजल क्यूँ न होएं सजन।।

तुम पावस ऋतु की प्रथम बूंद हो
तुम चंचल सुरसरि नीर हो
जो मैं नभ का हूँ अंतिम नक्षत्र
तो तुम भी उषा की हो पहली किरण।
फिर नयन क्यूँ सजल हो रहे हैं सजन।।

सत्य है या फिर है ये कोई भरम
स्वप्न है ये या फिर यथार्थ का प्रथम है चरण
जो भी पर शून्य अब न रहे
आओ मिलकर करें दूर सारे भरम।
आओ मिलकर करें दूर सारे भरम।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद



फिर से चलो डूब जाते हैं हम

  फिर से चलो डूब जाते हैं                                              

आओ फिर से चलो डूब जाते हैं हम
फिर कहानी वही दोहराते हैं हम।

धार अमृत की देखो पुनः आ रही
प्यार की चांदनी भी पुनः छा रही
इस अमृत सुधा को अधरों पे धरो
गीत अपने मिलन की चांदनी गा रही।।

चाह मेरी तुम्हीं आस मेरी तुम्हीं
जो मैंने बुनी वो कहानी तुम्हीं
तुम ही मेरी निशा, प्रभात भी हो तुम्हीं
सुरभित उपस्थिति का उल्लास तुम्हीं।।

इस रात के बाद जो भी होगी सुबह
वो स्नेहिल, सुनहरा प्रभात होगा
स्वर्ग सा उल्लास भर दें यहां
जो होगा समर्पण का वरदान होगा।।

ये अनुरोध है, है ये आराधना
उपासना है ये, नहीं है वासना
इसकी आगोश में डूब जाते हैं हम
कहानी अमिट लिख जाते हैं हम।।

आओ फिर से चलो डूब जाते हैं हम
फिर कहानी वही दोहराते हैं हम।।

✍️©अजय कुमार पाण्डेय

       हैदराबाद

उसी मोड़ पर

  एक गीत- उसी मोड़ पर                                               

कल मुझे फिर मिली वो उसी मोड़ पर
मुड़ गयी थी जहां वो मुझे छोड़कर।

देखकर सामने यूँ वो शर्मा गयी
याद बातें पुरानी वो फिर आ गईं।
क्या मैं कहता उसे क्या हुआ था हमें
बात दिल की जो थी वो दबी रह गयी।।

कल मुझे फिर मिली वो उसी मोड़ पर
मुड़ गयी थी जहां वो मुझे छोड़कर।।

उसकी आँखों का लहजा शिकायत भरा
मेरी आँखों का लहजा दिखा ही नही।
क्या मैं कहता उसे क्या हुआ था हमें
जब मुलाकात को उसने समझा नहीं।।

कल मुझे फिर मिली वो उसी मोड़ पर
मुड़ गयी थी जहाँ वो मुझे छोड़कर।।

अब मैं कैसे बताऊँ जुदा क्यूँ हुए
मैंने चाहा उन्हें, वो न मेरे हुए
इक कशिश सी कहीं पर दबी रह गयी
न मैं कह सका, न वो कह सकी।।

कल मुझे फिर मिली वो उसी मोड़ पर
मुड़ गयी थी जहाँ वो मुझे छोड़कर।।

©️अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

एक गीत-वादा करो

                    एक गीत-वादा करो।                                       

तुम्हे देख दिल का मचलना है क्या
पलकों का शर्मा के झँपना है क्या।
गुम सुम सी तुम भी हो बैठी मगर
कँपकँपाते अधरों का खुलना है क्या।

अब तक समझ ही न पाया इसे
भावों का पल-पल बदलना है क्या।

सत्य हो  या हो कोई कल्पना
या मंगल अवसर की हो अल्पना
न अब चुप रहो, कुछ तो आवाज़ दो
मिलने की मुझसे करो संकल्पना।

जो बिछड़े अभी फिर मिलेंगे कहां
तुम रहोगी कहीं, मैं रहूँगा कहां
जो इक प्राण हैं हम दोनों अगर
तो बिछड़ करके दोनों रहेंगे कहां।

न अब चुप रहो, मुझको आवाज़ दो
शीश काँधे पे रख घन का अहसास दो
तृप्त हो जाएगी ये प्यासी धरा
प्रेम भाव की ऐसी घनसार दो।

गर जो कहीं तुम कोई स्वप्न हो
तो स्वप्न की किरण मुझको दो
मेरी सृष्टि भी है समर्पित तुम्हें
मेरी पलकों पे सजने का वादा करो।।

©️अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

प्यार का मौसम

प्यार का मौसम बार बार आता नही                                  

प्यार का मौसम बार बार आता नही
आंखों में सपना बार बार छाता नही
न ठुकराओ स्नेह निमन्त्रण
ये आलिंगन, ये आमंत्रण
ये महज आकर्षण नही
ये पुष्प है जो बार बार खिलता नही
प्यार का मौसम बार बार मिलता नही।।

तुम लगती हो किरण प्रभात की
मासूम सी छुवन कपास की
तुम पावस का प्रेम राग हो
तुम स्नेह, अनुरक्ति, अनुराग हो।
अनुरक्ति का ये नभ बार बार छाता नही
प्यार का मौसम बार बार आता नही।।

ये पवित्र पुंज है, पूण्य धाम है
मोहन की मुरली, सीता का राम है
ये अमृत स्रोत है, प्राण वायु है।
असफल यत्नों से अधरों का भाव छुपता नही
प्यार का ये मौसम बार बार मिलता नही।।

पूर्ण सत्य ये, पूर्ण स्वप्न ये
ये ही जीवन की परिभाषा
क्षण मिलन का भाव हवन का
बार बार आता नही।
प्यार का मौसम बार बार आता नही।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

नया उजाला लाना है

                   नया उजाला लाना है।                                

जीवनपथ पर चलते चलते
जग ने कुछ अंधियारे देखे,
उन अंधियारों को दूर भगाने
 इक अलख नई जगाना है।
नवयुग के निर्माण के लिए
 नया उजाला लाना है।।

जीवन की पथरीली राहों पर
सँभल कर कदम बढ़ाना है,
राह में मिले जो शूल कहीं तो
चुनकर उन्हें हटाना है।
नवयुग के निर्माण के लिए
इक नया उजाला लाना है।।

सांसों की निर्मल स्याही से
नवजीवन ग्रन्थ रच जाना है
अंधियारे मावस के पल को
प्रकाशवान कर जाना है।
नवयुग निर्माण के लिए
इक नया उजाला लाना है।।

महलों से कह दो झोंपड़ियों
में भी इक दीप जलाना है,
अंधकार सब दूर हो मन का
सबको अधिकार दिलाना है।
नवयुग के निर्माण के लिए
इक नया उजाला लाना है।।

चित्त शांत हो, मन निर्मल हो
निज लोभ, मोह में बंधे न कोई,
कण कण से हर ले अज्ञ जो
ऐसा अभियान चलाना है।
नवयुग के निर्माण की खातिर 
इक नया उजाला लाना है।।

©️अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

गुजरते रहे

गुजरते रहे                                                                  

वक्त रफ्तार से अपनी चलता रहा
राह दर राह मैं भी गुजरता रहा
वक्त की चोट से जो भी घाव मिले
उन घावों से हम तो गुजरते रहे।

प्रतिक्षण वक्त की कसौटी पे हम
जीवन की परीक्षा से गुजरते रहे
नीति व नैतिकता की जब बात की
जाने क्यूँ लोगों को हम अखरते रहे।

मानकर शूल मुझसे जो नज़र फेर ली
पुष्प बन राह में उनकी बिखरते रहे
जिनके हर भाव पर सर झुकाया कभी
निष्करुण बन के वो ही कुचलते रहे।

यूँ तो दुश्मन कभी भी नहीं था कोई
अपनों के भावों से हम तो डरते रहे
पास थी सदा मेरे मन्ज़िल मगर
पांव रखने से भी हम तो डरते रहे।

उनके वादों व वचनों से क्या वास्ता
जो कह कह के उनसे मुकरते रहे
अब शिकायत नहीं किसी से रही
अब तो खुद ही खुद से उलझते रहे।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

विश्वास गंवाए

   विश्वास गंवाए                                                                

चंचल हृदय तुम्हारा था
ये सारा खेल तुम्हारा था
तुमने तो परिहास किया
पर जीवन मरण हमारा था।

हम तो सदा परे रहते थे
जीवन में तुम मेरे आये
शुष्क परित्यक्त मरुभूमि में
स्नेहिल, आत्मिक स्वप्न जगाये।

अमूल्य निधि था अपना जीवन
जो किया समर्पित स्नेह भाव से
पर भ्रम से वशीभूत होकर के
तुम ही इसका मोल लगाए।

प्रतिक्षण श्रमकण बन अश्रु गिरे हैं
मेरी जिस निज नीरवता पर
भान नही है तुझे बावली
तूने जो विश्वास गंवाए।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

चले चलो

          चले चलो                                                           

चले चलो, चले चलो
कर्मपथ पर चले चलो
भोर की किरण सदृश
निशा को तुम हरे चलो।

चले चलो, चले चलो।।

कब सरल रहा ये जीवन
कांटों भरा भले हो उपवन
कर्मबल के तप से तुम
जीवन सहज करे चलो।

चले चलो, चले चलो।।

मनुष्य हो तो कैसा भ्रम
न फँसो मदांध वित्त चित्त में
मनुष्यता की राह में
वही मनुष्य जो मनुष्य के लिए मरे।

चले चलो, चले चलो।।

अतर्क राह हो भले
सतर्क मगर हों पथिक
समर्थ भाव से सभी
अभीष्ट तारते चलो।

चले चलो, चले चलो।।

अनंत देव हैं यहां
अखण्ड आत्मभाव हैं
सजीव उदार कीर्ति से
सभी को पूजते चलो।

चले चलो, चले चलो।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

गीत सुनाने आया हूँ

     गीत सुनाने आया हूँ                                                                             

मैं लोकतंत्र का प्रहरी हूँ 
मैं राष्ट्रवाद की स्वर लहरी हूँ 
मैं खुद को गाने आया हूँ 
एक गीत सुनाने आया हूँ | 

गीत जो निकला गंगा की जल से 
गीत जो निकला विंध्याचल से 
गीत जो निकला हिम पर्वत से 
गीत जो निकला सागर तल से | 
मैं उन शब्दों के सीपों को 
आज पिरोने आया हूँ 
मैं भारत हूँ ,तुम सबको 
एक गीत सुनाने आया हूँ || 

अगणित काल से खड़ा हूँ 
लाखों हैं झंझावत झेले 
कभी हूणों, कभी शुंगों 
कभी चंगेज़ों के हमले झेले 
हमने मुग़लों का शासन देखा 
अंग्रेज़ों का शोषण देखा 
इन सारे कालखंड में मैंने 
अगणित,अमित घाव हैं झेले (बंटवारे तक)
आज मैं तुमको उन घावों की 
टीस बताने आया हूँ | 
मैं भारत हूँ तुम सबको 
एक गीत सुनाने आया हूँ || 

( अब एक एक करके भारत की टीस पर ध्यान दीजिये)

कल मैंने भारत के घर में 
एक नए भारत को देखा 
कहीं पे खेल-तमाशे,ढोल-नगाड़े 
और कहीं मातम है देखा 
कहीं अन्न की बर्बादी देखी 
कहीं कुपोषित आबादी देखी 
कहीं-कहीं पर दंगे देखे 
कहीं जाति धर्म के झगडे देखे 
नासूर बन रहे इन घावों का 
मैं दर्द बताने आया हूँ | 
मैं भारत हूँ तुम सबको 
एक दर्द सुनाने आया हूँ | 

मैं गाँवों की माटी हूँ 
मैं झोंपड़ियों में बसने वाली 
माताओं की छाती हूँ 
सीमाओं पे तैनात जवानों के घर में 
जलने वाली दीपों की मैं बाती हूँ ,
मैं श्रमिक हूँ,कर्मकार हूँ 
मैं अपना धर्म निभाता हूँ 
अपने आन बान की खातिर 
बिन सोचे मिट जाता हूँ ,
छलनी होता है दिल मेरा 
जब कोई इनका तिरस्कार करे 
पंच सितारा संस्कृति से जब 
कोई इनका उपहास करे,
सत्ता का कोई लोभ नहीं इन्हे 
ये खुद्दारी को जीते हैं | 
ऐसे खुद्दारों की खुद्दारी की 
मै आवाज़ सुनाने आया हूँ| 
मैं भारत हों तुम सबको 
इक गीत सुनाने आया हूँ || 

सत्ता के दरबारों में 
जाने कैसे लोग मिले 
कहीं पे ज़िद ,कहीं पे अहंकार 
कहीं अपराधों के गठजोड़ मिले 
कुर्सी की चाहत में पल पल 
व्याकुल,विह्वल लोग मिले | 
बदल बदल कर दल अपना 
सब नैतिकता को भूल गए 
संविधान की जो शपथ कभी ली 
उस शपथ को भूल गए | 
धन-बल व् सत्ता को जो 
अपना अधिकार मान कर बैठे हैं
 जनतंत्र की मासूमियत पर 
विश्वासघात कर बैठे  हैं,
ऐसे सब लोगों को मैं 
एक सीख बताने आया हूँ | 
मैं भारत हूँ तुम सबको 
इक गीत सुनाने आया हूँ || 

चाह नहीं सत्ता की मुझको 
चाह नहीं है शासन की 
चाह नहीं है संचित धन की 
चाह नहीं है सम्मानों की | 
मैं संस्कारों की पूँजी हूँ 
मैं धर्म-संस्कृति का अक्षयवट हूँ 
मैं मर्यादा पुरुषोत्तम की धरती हूँ 
मैं मुरलीधर की मुरली हूँ 
मैं गीता की धरती हूँ 
मैं तुलसी की रामायण हूँ 
मैं वेद, पुराण, उपनिषद 
मैं सर्वज्ञान का अधिष्ठाता हूँ| 
हर्षित पल हो या विशद के क्षण 
मैं जी भर कर जीता हूँ 
मानव कल्याण की खातिर 
नीलकंठ बन विष पीता हूँ | 

छला गया बार बार भले ही 
पर खुद को मैंने संभाला है 
अपने नंगे पदचिन्हों से 
मैंने राह बनायी है | 
अपने मेहनतकश हाथों से 
अपना भाग्य संवारा है ,
आज उन्ही पदचापों की 
आवाज़ सुनाने आया हूँ || 
अपनी इन आवाज़ों को 
हुंकार बनाने आया हूँ | 
राष्ट्र निर्माण की हवन यज्ञ 
की बेदी मैं आज बनाने आया हूँ | 
मैं भारत हूँ तुम सबका 
आवाहन करने आया हूँ |
मैं भारत हूँ तुम सबका 
आवाहन करने आया हूँ || 


अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद

क्या विचार है ?

     क्या विचार है ?                                     


और कहो फिर क्या विचार है 
गहन हो रहा क्यूँ अंधकार है ?
निज लाभ से गुंठित होकर 
बिखर रहा क्यूँ संस्कार है ?
और कहो फिर क्या विचार है 
गहन हो रहा क्यूँ अंधकार है ?

अधीर हो रहा है यौवन 
गढ़ता नित नया मोहपाश है ,
त्वरित निष्कर्षों की आशा में 
दिशाहीन हो रहा नैतिक प्रयास है | 
और कहो फिर क्या विचार है 
गहन हो रहा क्यूँ अंधकार है ?

जाने किधर जा रहा है जीवन 
किंकर्तव्यविमूढ़ हो रहे सब अनुबंध 
संबंधों की देहरी पर 
आ रहा कैसा ठहराव है | 
और कहो फिर क्या विचार है 
गहन हो रहा क्यूँ अंधकार है ?

टूट रही वर्जनाएं सारी 
खंड खंड हो रही सीमायें सारी  
मर्यादा के आसमान में 
नहीं दिख रहा अब कोई दिनकर 
अभिव्यक्ति के नाम पे देखो 
उच्छृंखल हो रहा आहार -व्यवहार है | 
और कहो फिर क्या विचार है 
गहन हो रहा क्यूँ अंधकार है ?

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद

संपन्न करो

              सम्पन्न करो।                            


तुम सतत विज्ञान रूप
तुम अविच्छिन्न ज्ञान धूप
तुम प्रभात की फेरी हो
तुम वासस्थान की देहरी हो।

तुमसे है जीवन पाया
तुमसे ही निज पहचान बनी
प्रतिपल गुंठित चक्रव्यूह की
तुम ही तारणहार बनी।

जीवन जो प्रातःकाल है
तो तुम ही सूर्योदय बने
मृगतृष्णा के सब रेशमी दुशाले
तुम्हारे ज्ञान से ही है छंटे।

इस जीवन का यथार्थ तुम्ही हो
तुम ही हो जीवन की अंगड़ाई
गहराते इस तमस का
पथप्रदर्शक प्रकाश तुम्ही हो।

मानवता की यज्ञ वेदी यह
श्रद्धा, विश्वास, आस्था की लौ
वो छाया, वो माया, वो काया
आकर सब पूर्णाहुति बनो।

जीवन रूपी इस यज्ञ को
अपने सुविचारित,सुमधुर,
सुनियोजित, स्वच्छ प्रयास से
पुनः इसे तुम सम्पन्न करो।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

एक सवाल

  एक सवाल                             

 ज़िंदगी के प्रश्नपत्र का एक ही सवाल है 
 आज इस जहां में क्यूँ हर शख्स बेहाल है ,

हर तरफ भागमभाग और तेज रफ़्तार है 
कब कहाँ क्या मिले बस यही ख्याल है | 

हर ख़ुशी मिल सके बस यही प्रयास है 
आज नहीं तो कल मिले मन में ये विश्वास है | 

आज के हसीन पल मन में यूँ बसा लें हम 
जो होना था हो गया, आज सब भुला दें ग़म | 

आज है जो ये शमा कल ये फिर हो न हो 
काल का है क्या पता कब हमें पुकार ले | 
इस हसीन पल में चलो ज़िंदगी गुज़र दें || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद

परदेसी

  परदेसी                                  


बोझिल साँसें , भाव शून्य चेहरा 
उदास कदमों से वो चला जा रहा था 
उसे देख मैंने पूछा -
क्या बात है, क्यूँ उदास हो तुम 
इस कदर क्यूँ परेशान हो तुम ?
उसने बोला - क्या यही है वो ज़मीन 
जिसकी आज़ादी के लड़े थे हम 
ये बंगाली,वो पंजाबी 
हम मद्रासी, तुम बिहारी 
इन वर्गों में नहीं बंटे थे हम 
फिर  ये भेद कैसे आ गया 
कल तक जो साथ चले 
आज न जाने कहाँ खो गए 
क्षेत्रवाद की ऐसी आंधी चली 
अपने ही देश में हम परदेसी हो गए || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद

जीवन को गुलज़ार बनाएं

जीवन को गुलजार बनाएं                                   


आओ रंग भरे ज़िंदगी में 
जीवन को गुलजार बनाएं | 
ग़म के अंधियारे को दूर कर 
खुशियों के दीप जलाएं | | 

हर आँखों से आंसू पोंछें 
हर चेहरे पर मुस्कान जगाएं | 
आओ रंग भरे ज़िंदगी में 
जीवन को गुलजार बनाएं || 

वो अपना है ये बेगाना 
छोड़ के पीछे ये अफसाना 
प्यार के  बंधन में बंधकर 
एक नयी पहचान बनाएं || 
आओ रंग भरे ज़िंदगी में 
जीवन को गुलजार बनाएं || 

धर्म जाति के झगडे में पड़कर 
 व्यर्थ न अपना वक्त गंवाएं ,
रंग, नस्ल, लिंग भेद दूर कर 
प्यार की नई ज्योति जलाएं | 
आओ रंग भरे ज़िंदगी में ,
जीवन को गुलजार बनाएं || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद


बिकता है

बिकता है                                  


नीचे धरती, ऊपर खुला आसमान 
दोनों के बीच खड़ा है इंसान | 
कहीं कोई सीधा, कहीं कोई सच्चा 
कोई है शरीफ तो कोई बे-ईमान| 
पर दुनिया के बाजार में 
हर किसी को खुद पे है अभिमान | 
पर यही तो दुनिया है साहब 
जित जैसी नज़र डालो वैसा ही दिखता है | 
इस बाजार में इंसान ही नहीं 
अब तो खुदा भी बिकता है || 

बड़ी ही विडंबना है यहां 
कहने को तो हर सामान टिकाऊ है ,
पर जाने क्यूँ -
इक ईमान ही यहां नहीं टिकता है 
मैंने हिन्दू भी देखे, मुस्लिम भी देखे 
सिख भी देखे,ईसाई भी देखा,
पर जाने क्यूँ आजतक हिंदुस्तान में 
मुझे हिंदुस्तानी नहीं दीखता है || 

अब तो पैसों से ही 
नाम और शोहरत मिलती है,
जिसकी जैसी हैसियत 
उसमें वैसा ही रब दिखता है || 

रिश्तों की भी बोली लगती है यहां,
अब तो हर घर का अभिमान बिकता है ,
बहु अपनी सी लगेगी या परायी 
ये फैसला दहेज़ के सामान पर टिकता है || 

अब तो नक्कारों की धुन पे लगती है वोटों की बोलियां,
अब इंसान- इंसान कम सामान दिखता है,
अजीब चलन का शिकार बन रहे हैं सारे 
अब तो नैतिकता में भी ठहराव दिखता है || 

ऐसा खुला बाजार बन चुकी है ये दुनिया ,
दीन ईमान की बातें क्या करना ,
अब तो हर मजहब 
और उसका भगवान् बिकता है || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद

है नाथ रक्षा कीजिये

हे नाथ रक्षा कीजिये                                        


करुणा निधान भगवान तुम  हो 
हे नाथ रक्षा कीजिये | 
हम दीन हीन, दाता  तुम्ही हो 
हे नाथ रक्षा कीजिये || 

हम मोह माया से ग्रसित हैं 
तुम ही तारनहार हो ,
हम बंधे निज स्वार्थ पाश में 
तुम ही मुक्ति का मार्ग हो ,
लेकर अपनी शरण में 
हे नाथ मुक्ति दीजिये || 

संसार के इस सिंधु की 
तरंगें घनघोर हैं,
मैं हूँ मूरख अज्ञानी 
न दिखता मुझे कोई छोर है,
बनकर के मेरे पथप्रदर्शक 
अर्जुन सदृश ज्ञान दीजिये | 
करुणा निधान भगवान् तुम हो 
मुझे भी मुक्ति का ज्ञान दीजिये || 

मानसिक विप्लव हर रहे हैं 
क्रूर कुविचारित वार से ,
असह्य पीड़ा हो रही है 
प्रतिपल कुटिल आघात से | 
हे नाथ बनकर सारथी मेरे 
झंझावातों से रक्षा कीजिये || 
करुणा निधान भगवान तुम  हो 
हे नाथ रक्षा कीजिये || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद


क्या अर्पण कर दूं

क्या अर्पण कर दूँ                 

है पास मेरे क्या जो अर्पण कर दूँ
दिल को भावों का दर्पण कर दूँ ,
प्रतिबिंबित हो जिसमें जग सारा   
पुरुष पुरातन मानस सारा ,
नाच रहा जिसमें हो अंबर 
ऐसा भावों का दर्पण कर दूँ | 

है पास मेरे क्या ..............||    

तुम धनिकों के लोकतंत्र हो 
मैं वंचित का मूक समर्थन ,
एक दृष्टि बीती पर डालो 
अपने सब वादों को खंगालो|| 

प्रजातंत्र की चौखट पर 
सौगंधों की माला फेरी ,
अब इतना  उपकार करो फिर 
उन सौगंधों को पूरा कर दो || 

है पास मेरे क्या.......|| 

पल पल विकल हो रहा जन गण मन 
वचन भंग व्यवहारों से,
बिखर रहा है जनादेश अब 
वारों से प्रतिकारों से ,
उन वारों को चिन्हित कर के 
उनको आज कुपोषित कर दो || 

है पास मेरे  क्या    ...... ... || 

लोकतंत्र बलहीन हुआ है 
कुछ बचकाने अभियानों से ,
शुचिता भी विक्षिप्त हुई है 
कुछ मनमाने अरमानों से,
ऐसी समस्त क्रूर व्यवस्था का 
सब मिलकर के तर्पण कर दो || 

है जन गण की यही भावना 
कुछ नूतन परिवर्तन कर दो,
सदियों से पड़े रिक्त ह्रदय को 
अविरल ऊर्जा से तुम भर दो | 
अविरल ऊर्जा से तुम भर दो || 

है पास मेरे क्या जो अर्पण कर दूं
दिल को भावों का दर्पण कर दूं।।

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद

मत रोको मुझको

     मत रोको मुझको                                                     

आज कोई मत रोको मुझको
प्रभु चरणों में बिछ जाने दो,
शब्दों की सीमाएं छोड़ो
सब भावों को कह जाने दो।।

तुम गरिष्ठ पुंज हो, शिलाखंड हो
मैं चंचल इक बहता निर्झर,
आज कृपा बस इतनी कर दो
तल में अपनी बह जाने दो।।

तुम नव प्रभात हो, स्वर्ग स्नात हो
मैं किंचित इक दीप की बाती,
नव प्रभात के इस प्रभाव में
मुझको भी अब ढल जाने दो।।

तुम अन्तर्यामी जग के स्वामी
मैं बालक अबोध, अज्ञानी,
अपनी सत्संगति में रख लो
अशन, व्यसन सब त्यज जाने दो।।

मुक्ति बोध तुम, ज्ञान योग तुम
ध्यान योग तुम, भक्ति योग तुम,
दीन- हीन आसक्ति युक्त मैं
मुझे अपनी शरण में रम जाने दो।।

आज कोई मत रोको मुझको
मुझे प्रभु चरणों में बिछ जाने दो,
शब्दों की सीमाएं छोड़ो
सब भावों को कह जाने दो।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद


मेरा गांव

     
मेरा गांव             


वो पीपल के नीचे की सोंधी सी माटी
वो घुटनों से लिपटी सोंधी सी माटी
सोंधी सी खुशबू में लिपटा वो बचपन
वो पुरवा के झोंकों में बरगद की छांव
मेरी हर सांस में जिंदा है मेरा गांव।।

वो भँवरों की गुनगुन, वो किरणों की खिल खिल
वो तपती दुपहरी में पैरों का जलना
वो गोधूलि बेला में गायों का रंभना
वो पूष की रातों में अलावों से सेंकना
बारिश के मौसम में फूस के छत की वो छांव
मेरी हर सांस में जिंदा है मेरा गांव।।

वो माई के हाथों के प्यारे से स्वेटर
पुआलों पे लगने वाले वो बिस्तर
हर छोटे बड़े मौकों पे लोगों का जमघट
वो अपने परायों की प्यारी सी खटपट
वो पंगत की मस्ती में न्योतों में जाना
वो तनते चद्दरों में सिमटे बच्चों के पांव
मेरी हर सांस में जिंदा है मेरा गांव।।

वो छोटे बड़े सबका आदर सत्कार
इस नए दौर में भी जिंदा रखते सब संस्कार
वो दादी-नानी की प्यारी सी कहानी
कहीं एक राजा, कहीं एक रानी
वो तीज, त्योहार, वो शादी -बारातें
वो प्यारे से रिश्ते, वो प्यारी सी बातें
कभी खत्म न होने वाली वो रातें।

कहां आ गए हम यूँ चलते चलते
शहरों की जगमग न अब नुझको भाती
चार पैसों की चाहत में
भले छोड़ आया मैं सब कुछ
मगर याद तेरी सदा है सताती
वो बिरहा, वो कजरी,
वो ढोलक की ताप
मेरी हर सांस में जिंदा है मेरा गांव।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

इंतज़ार

   इंतज़ार                     


दिन भी लगने लगे अब बरस के समान
हर तरफ लोगों की भीड़ है
पर जाने क्यूँ वीराना सा है
ये दुनिया ये जहान।

भीड़ है अपनों की पर हम अधीर हैं
कहीं कोई है, पर कहां, कौन, कैसा है ?

हम सोचते हैं, भीड़ में खोजते हैं,
वर्षों से आंखें करती रहीं जिसका इंतज़ार,
क्षण भर तो लगा वो मिल गया
दामन खुशियों से यूँ भर गया।

मिला ज़रूर
क्या वही, जिसके लिए दिल था बेकरार।
हाँ- मिला
घर आंगन खुशियों से खिला
लेकिन ये क्या- वो यथार्थ नही एक सपना था
पल भर का, खत्म हुआ
लो शुरू हो गया , फिर वही इंतज़ार।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

वक्त

             वक्त           


गली के मोड़ पे वो खड़ा था
शायद अपनी ही किसी सोच में पड़ा था।
मैने पूछा, क्यों भाई बात क्या है
तुम्हारे यहां खड़े होने का ध्येय क्या है?
कुछ भी न कह उसने मुझे घूर के देखा
नज़रें इधर उधर फिरा कर दूर तक देखा
थोड़ा पास आकर बोला-
हर तरफ भागमभाग, दौड़-धूप और है मारामारी
गली के किसी कोने पर
सिसक रही मानवता बेचारी
लूट, खसोट, बेईमानी, चोरी और डकैती
ये बन गयी है आज अराजकता की कसौटी।
मुफ़्गखोरी की आदत कहां लग गई
भुजबल पर जिन्हें गर्व था अपने
चंद प्रलोभनों से बिकने लगे उनके सपने
इस देश की हालत ये क्या हो गयी
इंसान की इंसानियत जाने कहाँ खो गयी।
मैने कहा क्यों परेशान हो तुम
देख कर ये सब क्यों हैरान हो तुम।
उसने कहा- मैं वक्त हूँ
वादे का बड़ा सख्त हूँ,
सदियों पहले भी मैं आया था
तब भी सब कुछ ऐसा ही पाया था
फर्क सिर्फ इतना है-
तब लूट रहा कोई ग़ैर था
आज लूट रहा कोई अपना है।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

सफ़र

            सफर           


सूरज की पहली किरण जब 
ओस की बूंदों पर पड़ी
अलसाई बूंदें मोतियों सी चमक पड़ीं।
नभ में लालिमा आई, दिवस भी चल पड़ा
पक्षियों के कलरव से नभ गुंजित हुआ।
प्रकृति के इस खेल से मन प्रफुल्लित हुआ
लहराती, बलखाती ये नदियां
कल कल करते ये झरने
सुरम्य संगीत इनके मन को लगे हरने।
दिवस का ये सफर और भी आगे चला
नभ के आंचल से निकल 
सूर्य ने यौवन को छुआ।
किरणों के तेज से दिवस और प्रफुल्लित हुआ,
सूर्य यूँ चलता रहा, दिवस भी ढलता रहा।
दिन ढला सांझ हुई
रात की गहराइयों में, सूरज भी गुम हुआ
रात और काली हुई, ज़िंदगी भी कैद हुई।
पर वक्त का ये कारवां , अविरल यूँ चलता रहा।
वक्त को कैद करने है नही संभव कहीं
पुनः दिन निकला रात गई,
ज़िंदगी भी मुक्त हुई।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद


मैखाना

            मैखाना              


मैखाने से क्या गुज़रे, हंगामा हो गया
सरे आम चर्चा का बहाना हो गया।

हसरत न थी पीने की, मगर
बिन पिये ही पीने का अफसाना हो गया।

लोग जाते रहे मैखाने तो कोई बात न थी
हम पास से क्या गुज़रे, हंगामा हो गया।

सोचा था कि न जाएंगे उधर
उन्होंने ज़ख्म ही कुछ ऐसा दिया कि,

बचते रहे जिन गलियों से
उन्हीं गलियों में अपना आना जाना हो गया।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

बाज़ार

        बाजार               


दुनिया इक बाजार है 
हर शख्स खरीदार है।

कहीं बिक रही इंसानियत
कहीं बिक रहा इमान है।

अपने पराये का भेद इतना गहरा गया 
हर रिश्ते पे लटक रही तलवार है।

जिधर नज़र डालो, कहीं बिक रही मजबूरी 
कहीं बिक रहा प्यार है।

आधुनिकता की दौड़ में इस कदर अंधे हुए 
खोखले होते जा रहे सारे संस्कार हैं।

बाज़ारवाद में इस कदर मशरूफ हुए 
के छूट गया वो आँचल 
जिससे कभी बही दुग्धधार है || 

अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद

विश्वास

                  विश्वास              

समय चक्र चलता है, हर शय बदलता है 
दुनिया बदली लोग बदले, 
लोगों के सोच का अंदाज़ बदला 
पर हासिल क्या हुआ, सब तो वैसा ही है 
बरसों पहले जैसा था | 
चोरी,डकैती,अपहरण,छेड़छाड़,बलात्कार,
क्या यही है बापू के सपनों का आकार 
रामराज्य आएगा,चंहु ओर सुख शांति लाएगा | 
पर कहाँ है राम, कहाँ है वो राज्य 
जिस ओर नज़र डालो,
 फैला है अराजकता का साम्राज्य 
क्या ये चिरकाल तक चलता रहेगा 
हर शख्स  यूँ ही  डरता रहेगा 
कभी तो दिन बहुरेंगे 
कभी तो अँधेरे छटेंगे 
पर कलयुग में है किसका इंतज़ार 
क्या फिर से लेगा कोई कृष्ण अवतार 
बहुत हो चूका अब तो जागो  
कोई देगा साथ ये विचार मन से त्यागो 
पाप-पुण्य का भेद को आज जता दो 
हर दिल से आतंक मिटाकर, 
प्यार की ज्योति जगा दो 
हमें है विश्वास के हम होंगे कामयाब 
मिलेगी मंज़िल हमें, फिर से आएगा रामराज्य || 

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद 


एहसास

         एहसास                   


कब, कहाँ, कैसे क्या हो जाए 
कोई भी न जान पाए 
ज़िंदगी का ये फलसफा कौन समझाए | 
ज़िंदगी  है , होता है, चलता है 
बस यही जान पाए | 
समझने की कितनी ही कोशिशें  की 
पर समझ न पाए 
क्यूँ होता है ऐसा 
कोई तो बतलाये | 
आज जो है कल वो नहीं 
कल जो हुआ आज भी होगा 
ऐसी आस नहीं 
आगे जो होगा अच्छा होगा 
है विश्वास यही | 
हमें यूँ ही नहीं रुकना है 
मंज़िल दर  मंज़िल दर आगे बढ़ना है 
हर रस्ते को छोटा करना है 
हर मुश्किल आसान करना है | 
दूर है मंज़िल,कठिन है डगर 
टेढ़े मेढ़े रास्तों पर चलना है मगर 
मिलेगी मंज़िल  है यही विश्वास 
क्यूंकि हर पल होता है यही एहसास || 


अजय कुमार पाण्डेय 

हैदराबाद

पीड़ा

                पीड़ा                    


मन जाने क्यों व्याकुल है
स्मृति पटल विह्वल है
गुमसुम गुमसुम हैं आंखें
चेहरों की पड़ी लकीरें
आभास दे रही पीड़ा की।

था दर्द से सना ये जीवन
अनजानी त्रुटि के कारण
समझ नहीं पाया  मन
क्यूं उजड़ रहा ये उपवन।

दिल के कोने कोने से
उठ रही ध्वनि पीड़ा की
पीड़ा के भाव छुपाता
पर चेहरा सब बतलाता।

रह रह यादों के छाले
फूट फूट दहलाते
इस घनीभूत पीड़ा को
असफल प्रयास से छुपाते।

ये आंखें हैं पैमाना
पल पल पीड़ा मापन की
क्यूं समझ नही पाया वो मन
इस पावन मन की पीड़ा को।

क्यूं भूल गया ये जीवन
ये तन भी है इक उपवन
खुशियों की चाहत में ,वो
छोटी त्रुटियां कर बैठा।

उन त्रुटियों के वारों से
कर बैठा छलनी जीवन
अब पीड़ा है और मैं हूँ
एकाकी बना ये जीवन।

पीछे मुड़ मुड़ जब देखा
थी स्मृतियों की एक रेखा
उन रेखाओं की पगडंडी पे
खुद को तन्हा ही पाया।

अब मैं हूं और तन्हाई
व्याकुल गुमसुम आंखों के
भावों की अनुभूति
स्वीकार कर चुका अब मैं
उस पीड़ा की गहराई।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद


क्या फायदा

           क्या फायदा           


दिल की दिल में दबा ली तो क्या फायदा
जो कह ही सके न तो क्या फायदा
बात जो दब के रह गयी तेरे मेरे दरमयान
बाद उसको बताने का क्या फायदा।।

बात दिल में जो तेरे थी कह न सके
साथ वालों के भावों को पढ़ न सके 
सत्य बनकर के जब भाव आहत किये
फिर दर्द से छटपटाने का क्या फायदा।।

स्वनिर्मित उपालंभ से जो घायल हुए
दूर हटने लगे जो भी चाहत हुए
अपनी त्रुटियों का खुद बोझ जो सह न सके
बाद लांछन लगाने का क्या फायदा।।

अपने ही मन में जब पाप बढ़ने लगे
स्वार्थ, लालच व संताप बढ़ने लगे
मुक्ति की इससे राह जब न मिली
फिर अकारण ही क्रंदन का क्या फायदा।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद

भूलना आसान नही

         

             भूलना आसान नहीं               


मुसाफिर हो गयी ज़िंदगी तेरे जाने के बाद 
भटक रहा हूँ आज भी मंज़िल की तलाश में | 
कहाँ तो मेरी सूरत से भी नफरत होती थी कभी 
सुना अब मेरे ख्वाब का भी इंतज़ार है तुम्हें | 
कोई बात तो होगी मुझमें के न भुला पाए मुझको 
चलो खुद को ही सजा दी, हर बात भुला के तेरी | 
कशिश बाकी है आज भी, जानकर भूल गए हैं सब 
तेरे दिए ज़ख्म सारे फूल हो गए हैं अब | 
खैरियत की खबर से ही तेरे खुश हो लेता हूँ मैं 
कैसे कह दूँ की फ़िक्र नहीं है तेरी मुझे | 
लम्हों के खता की सजा मिली है मझे 
तेरे ज़िक्र तक का हक़ खो चुका हूँ मैं | 
अब यही ख्वाहिश है-सुनूं के सुकून मिल गया तुझको 
मैं भी तो सुकून से निकल सकूं सुकून की तलाश में || 

अजय कुमार पाण्डेय 


आग़ाज़

      ग़ज़ल - आगाज़                   


आवाज़ों के बाजार की इक खामोश आवाज़ हूँ मैं ,
दिल को झिंझोड़ दे इक वही साज़ हूँ मैं 
न समझना के थक गया हूँ मैं ,
ज़िंदगी तेरी हर महफ़िल का आगाज़ हूँ मैं || 


चलो आवाज़ों की नई शुरुआत तो हो 
कोई कुछ न कहे मगर बात तो हो 
चाहत का मौसम फिर आ जायेगा 
जो मेरे पास तू आ जायेगा | 
न बैठो बंद कमरे में इस कदर 
इक नज़र उठाकर तो देखो 
गुज़रा ज़माना फिर याद आ जायेगा || 

वो बचपन की बातें जो समझी न थीं 
वो रहत की बातें जो समझीं न थीं 
मन बदल गया सब मगर संसार वही है 
तेरी मेरी चाहत की आवाज़ वही है 
इन आवाज़ों को जो तू सुन पायेगा 
तो चाहत का मौसम फिर आ जायेगा || 

माना ज़माने की रुसवाई रोकती है तुम्हें 
रस्मों की रवायतें रोकती हैं तुम्हें 
दूर ही सही मगर जज़्बात वही हो 
खामोश ही सही मगर आवाज़ वही हो 
तुम भी वही हो मैं भी वही 
यादों में ही सही चाहत का का अंदाज़ वही हो || 

अजय कुमार पाण्डेय  


सपने

           सपने              


खली हाथ आया हूँ 
कुछ सपने साथ लाया हूँ 
सपने- कुछ खट्टे, कुछ मीठे ,
कुछ अपने, कुछ पराये| 
उन्हें पूरा करना है,
खली झोली भरना है| 

सपने पूरे होंगे, है विश्वास 
हाथ खली है, पर फिर भी है आस 
राह कठिन है, मीलों चलना है 
कोई साथ दे या न दे 
फिर भी आगे बढ़ना है, क्यूंकि 
हमसफ़र मेरे साथ है | 

ये माना के काँटों पर चलना है 
कड़ी धुप में तपना है 
हंसना है, रोना है,
कुछ पाना है, कुछ खोना है 
पर चलते रहना है, क्यूंकि 
सभी सपनों को यथार्थ में बदलना है || 

अजय कुमार पाण्डेय 

एक मजदूर की तलाश

       एक मजदूर की तलाश           

वो मजदूर है
अपनी माथे की 
लकीरों से मजबूर है
सपनों की खातिर 
वो चलता है
अगणित उम्मीदें
ले पलता है।

भोर की पहली 
किरण के साथ ही 
निकल पड़ता है वो,
तलाश में -
एक वक्त की रोटी के ,
चाहता है कुछ करना , 
कुछ पाना,
पर तलाश सिमट जाती है-
एक वक्त की रोटी तक | 

सपने देखता है- महल का, 
आशियाने का,
बनता है- महल, 
दूसरों के लिए 
बदले में चाहता है
एक वक्त की रोटी | 

सैर करता है- दुनिया की 
देखता है अनगिनत 
संस्कृतियों को 
पर तलाशता है-
एक वक्त की रोटी | 

दिन की चकाचौंध 
से दरकार नहीं 
रात क उजालों से 
सरोकार नहीं 
भीड़ भरी तन्हाइयों में 
तलाशता है - बस
एक वक्त की रोटी || 

©️अजय कुमार पाण्डेय

 हैदराबाद



आंसू

              आंसू                  


आंसू- दिल की जुबां है 
दिल हँसता है-तो हंसते हैं आंसू | 
दिल रोता है- तो रोते हैं आंसू 
हर अनकही जज़्बात की पहचान हैं - आंसू | 

जीत की ख़ुशी हो, या 
हार का हो दुःख,
सफलता की सूचना हो, या 
असफलता की खबर ,
बरबस ही आँखों को भिंगोते हैं- आंसू | 

मिलन की घडी हो- या 
बिछोह का हो वक्त,
जन्म की ख़ुशी हो , या 
हो मौत का गम ,
आँखों को नम करते हैं आंसू | 

हैं तो ये महज खारा पानी 
पर हमारे दिलों की जज़्बात 
ये आंसू || 

अजय कुमार पाण्डेय 



यादें

                  यादें                      


हर घडी , हर वक्त 
हर गली , हर मोड़ पर 
हर जगह , हर छोर पर 
आती हैं - बस यादें | 

भूले-बिसरे, मिले बिछड़े 
जाने-अनजाने लोगों की यादें | 
तन्हाई में चुपके दबे पाँव आकर 
झिंझोड़ जाती हैं, तन-मन को 
ये यादें | 

ज़िंदगी की सूनी राह  की हमसफ़र 
अपनों के जाने के बाद 
कुछ साथ है अगर 
तो वो हैं -यादें | 

लोग आते हैं,
चले जाते हैं ,
पर पास रह जाती हैं -
सिर्फ- यादें ||

अजय कुमार पाण्डेय 

प्यार

             प्यार                    


प्यार
एक एहसास है, मीठा एहसास
जो महसूस होता है, 
जीवन की अंधी दौड़ में 
तपती धुप में,
लू के थपेड़ों से जूझता इंसान 
तलाशता है - एक छाँव 
शीतल छाँव - प्यार | 

प्यार - एक सहारा है 
उनके लिए- जो थक गए हैं - कठिनाइयों से 
भटके हैं- जीवन की राह में | 
मार्गदर्शक हैं- उनके लिए 
जो तलाश रहे हैं - मंज़िल को | 

प्यार पुष्प है 
महकता है जीवन को 
संगम है- दिलों का 
बयार है बसंत की 
इसका कोई नाम नहीं 
इसकी कोई पहचान नहीं 
ये बसता है- दिलों में हमारे ||

अजय कुमार पाण्डेय 

सुबह कभी तो आएगी

   सुबह कभी तो आएगी         


जब रात का आँचल ढलकेगा
जब भोर की किरण चमकेगी
जब नव पल्लव उपवन महकायेगी
वो सुबह कभी तो आएगी।।

जब मजलूमों पर जुल्म न होंगे 
जब इंसान मजबूर न होंगे
सबको अपना अधिकार दिलाएगी
वो सुबह कभी तो आएगी।।

जब ऊंच-नीच का भेद मिट जाएगा
अमीर-गरीब का दाग हट जाएगा
जग में सामाजिकता फैलाएगी
वो सुबह कभी तो आएगी।।

जब लिंग भेद खत्म हो जाएगा
जब दहेज के दानव मिट जाएगा
जब बहुएं जिंदा न जलायी जाएंगी
वो सुबह कभी तो आएगी।।

जब आंखों में आंसू न होंगे
लोग भूख से व्याकुल न होंगे
सबके सपनों को आकार दिलाएगी
वो सुबह कभी तो आएगी।।

जब जग से आतंकवाद मिट जाएगा
जाति-धर्म का भेद हट जाएगा
चंहुओर सुख शांति फैलाएगी
वो सुबह कभी तो आएगी।।

अजय कुमार पाण्डेय

जंग

          जंग                   


सूरज आता है 
रात के स्याह अँधेरे को चीरते हुए 
अपनी अरुणिमा से संसार को सराबोर करता है 
एक नई उम्मीद, एक नई प्रेरणा देता है,
हमें, हम सबको 
जो जीवन की कठिनाइयों से थक गए हैं | 

कहता है -
उठो , ये वक्त नहीं है थकने का 
ये वक्त है आगे बढ़ने का | 
जीवन एक जंग है , हर कदम 
लड़ना है इससे, जीतना है- जंग को 
एहसास देता है 
हर रात की सुबह होती है 
वैसे ही,हर असफलता के बाद सफलता होती है 
फिर क्या सोच रहे हो,
कोई नहीं है जो आएगा 
जो आगे बढ़ेगा वही मंज़िल पायेगा || 

अजय कुमार पाण्डेय 




महंगाई/ व्यंग्य

  एक व्यंग्य

          महंगाई               


काफी समय बाद मैं बाजार गया 
सोचा कुछ खरीदारी ही कर लूं 
दुकानदार से चीनी का भाव पूछा 
४५ रुपये किलो , उसने बोला 
हम तो चीनी के उत्पादन में सबसे आगे हैं 
फिर इसके दाम क्यों इतने भागे हैं | 
साहब जब से जीवन में कड़वाहट बढ़ गया 
तब से चीनी का भाव भी बढ़ गया 
संबंधों में वो मिठास नहीं रह गया 
इसलिए चीनी का ही सहारा रह गया | 

अच्छा नमक का भाव क्या है- मैंने पूछा 
वो तो चीनी से भी महंगा हो गया 
क्यों - मैंने पूछा 
चीनी से मिठास ज्यादा हुई तो कीड़े पद गए 
इसलिए नमक की जरूरत हुई - 
तो उसके भी भाव बढ़ गए| 

साहब भाव क्यों पूछते हो 
अब तो बाजार में पानी भी बिकता है | 
पर उसपर तो सबका अधिकार है-मैंने बोला 
ऐसी बात तो सोचना भी बेकार है 
हर चीज़ पर टैक्स की भरमार है 
अब तो ज़िंदगी भी डिब्बाबंद हो गयी 
क्यूंकि महंगाई सुरसा जैसी हो गयी || 

अजय कुमार पाण्डेय 





भटकाव

            भटकाव                


दूर तलाक फैला हुआ आकाश 
आभास देता है,
असीमित है दुनिया | 
पर पृथ्वी तो गोल है 
इसका भी एक छोर है | 

क्या सचमुच आकाश असीमित है 
दूर क्षितिज नजर आता है 
लागत है अंत है दुनिया  का | 
पर वो तो भ्रम है ,
क्या हम भ्रम में जी रहे हैं ?

जीवन भी तो भ्रम है , एक जाल है 
संबंधों का , जिसमें हम उलझे हैं | 
नित नए सम्बन्ध बनते हैं, बिगड़ते हैं 
 फिर भी हम भटकते हैं ,
सुकून की तलाश में ,
सुकून नज़र आता है 
क्षितिज की तरह 
दीखता है, पर महसूस नहीं होता ,
हर वक्त कमी महसूस होती है | 

आकाश तो अंतहीन है ,
पर जीवन का अंत है ,
फिर क्यों है -
ये अंतहीन भटकाव || 


अजय कुमार पाण्डेय 


छत

                 छत                    

           

हर किसी को तलाश है
एक छत की,
हर किसी को आस है
एक छत की,
छत जो सहारा दे
आंधी से, तूफान से, बरसात से
इंसान जन्म लेता है
छत के नीचे
खत्म होता है - जीवन
छत के नीचे
फिर भी तलाश है
एक छत की

अजय कुमार पाण्डेय


राम वनगमन व दशरथ विलाप

राम वनगमन व दशरथ विलाप माता के मन में स्वार्थ का एक बीज कहीं से पनप गया। युवराज बनेंगे रघुवर सुन माता का माथा ठनक गया।।1।। जब स्वार्थ हृदय म...