पुष्प मिले या काँटे पग में कुछ भी नव अनुमान न कर

पुष्प मिले या काँटे पग में कुछ भी नव अनुमान न कर 

सौंप दिया हमने बसंत की रखवाली जब पतझड़ को,
पुष्प मिले या काँटे पग में कुछ भी नव अनुमान न कर|

छोड़ दिया कर्तव्यों का पथ औरों पर आश्रित हो बैठे,
जिनको सच से मोह नहीं था उनको ही सूचित कर बैठे|
चुनने की जब बारी आयी स्वाद चुना अपनी थाली में, 
मन को फिर क्यूँ कलुषित करना सूरज की बेबस लाली में|

त्याग दिया सच्चाई का पथ जब झूठों के ही मधुघट में,
साँच मिले या झूठे पग में कुछ भी नव अनुमान न कर|

जाने कितने अर्ध्य दिये पर चौखट को कब खुश कर पाये,
जितनी बार पुकारा उनको उतना साँसों को भरमाये|
लोटा भर-भर पानी लाकर हमने जिनके चरण पखारे,
उनके झूठे व्यवहारों के सम्मुख सारे वादे हारे|

सौंप दिया वादों की गठरी जब वादों के सौदागर को,
लाभ मिले या घाटे पग में कुछ भी नव अनुमान न कर|

चमकीले वादों में खोये थाली सबकी खाली होगी, 
अगर झूठ को और सँभाला सच की झोली खाली होगी|
गंगाजल भर कर लाएंगे वो नये-नये नित प्यालों में,
और डुबोएँगे श्रद्धा को नित मैखानों मधुशालों में| 

त्याग दिया जब गंगाजल को उन मदमाते मधुशालों में,
मोक्ष मिले या काँटे पग में कुछ भी नव अनुमान न कर| 

उबकाई आने लग जाये जब वेदों की रखवाली में, 
अधनंगी हो पड़ी मिलेगी सब नैतिकता फिर नाली में|
भरमा कर झूठे वादों से वो महज तमाशा देखेंगे, 
आग लगाकर संस्कारों को अपने हाथों को सेकेंगे|

त्याग दिया वेदों के पथ को जब कनफाड़ू नक्कारों से,
पुष्प मिले या काँटे पग में कुछ भी नव अनुमान न कर|

 ✍अजय कुमार पाण्डेय 
      हैदराबाद 
      29 नवंबर, 2025

मद्धम-मद्धम दुःख को गाओ

मद्धम-मद्धम दुःख को गाओ 

जब कोई आराध्य न हो तो दुःख को अपने सुमुख बनाओ 
लिखो भाव अन्तस के अपने मद्धम-मद्धम उसको गाओ 

कौन सुनेगा करुण कहानी सबकी अपनी सीमाएँ हैं 
कौन दृगों का पानी पोछे सबकी अपनी सीमाएँ हैं 
मन में भाव सजाता जीवन लगता किन्तु अधूरा जीवन 
खिली कहीं मन की अभिलाषा कहीं खिला मन का उपवन 

पर गीत अगीत का भेद समझकर अपनी आहों को समझाओ 

पीड़ा दुसह भले हो कितनी उसका जीवन चक्र सुनिश्चित 
सुख-दुःख का संगम जीवन है सबकी साँसें-साँसें  निश्चित 
माना काली रात घनी थी और दिवस था कितना भारी 
लेकिन सूरज के आते ही सारी काली रातें हारी 

काली बदली छँट जायेगी अधरों से मधुरस छलकाओ 

जग के सारे अनुमानों को अपने मन का गान बनाओ 
अश्रु कणों की हर पीड़ा को असह भले दृढ प्राण बनाओ 
चार प्रहर का एक दिवस है फिर होती है नई प्रतीक्षा 
पग-पग पर ये जीवन अपना लेती हरपल नई परीक्षा 

चन्द्रकिरण बन छिटके सुख कण नयन सजल कर चुप हो जाओ 

अजय कुमार पाण्डेय 
     हैदराबाद 
     22नवंबर, 2025

आधे की महिमा

आधे की महिमा 

आधा-आधा मिला यहाँ जब पूरा जीवन पाया है 
आधे की महिमा बस इतनी इसने पूर्ण बनाया है 

आधा मेरा आधा तेरा आधे ने सब पूर्ण किया 
आधा-आधा मिला भाव जब रिश्तों को संपूर्ण किया 
आधा-आधा मिले चाँद तो होता पूरनमासी है 
आधा शिव आधी गौरा बस यही सत्य अविनाशी है 

आधा हुआ पूर्ण तब ही जब आधे ने अपनाया है 
आधे की महिमा बस इतनी इसने पूर्ण बनाया है 

माँ ने दी जब आधी रोटी तब समृद्धी आयी है 
आधी भूख पिता ने त्यागी तब कलियाँ मुस्काई हैं
आधा-आधा मिला ज्ञान जब पूरा ब्रह्म बनाया है 
ज्ञान भक्ति का सामंजस में सारा जगत समाया है 

आधा-आधा पथ मिलकर ही पूरा पंथ सजाया है 
आधे की महिमा बस इतनी इसने पूर्ण बनाया है 

आधी इच्छा आधी तृष्णा जीवन भर तड़पाती है 
आधे अपने आधे सपने नींद चुरा ले जाती है 
रिश्ते आधे रहे अगर तो उम्र अधूरी लगती है 
आधी-आधी मिल जाये तो खुशियाँ पूरी लगती है 

आधी-आधी खुशियाँ जोड़ी फिर गीतों में गाया है 
आधे की महिमा बस इतनी इसने पूर्ण बनाया है 

आधी रात दिवस आधा तो दिन का कोई मोल नहीं 
मिल जायें जब सभी प्रहर तो इनका कोई तोल नहीं 
आधी रात अधूरी तब तक जब तक कोई साथ न हो 
जग का सफर अधूरा तब तक हाथों में यदि हाथ न हो 

कहने को बस आधा है पर इसमें जगत समाया है 
आधे की महिमा बस इतनी इसने पूर्ण बनाया है 

✍अजय कुमार पाण्डेय 
     हैदराबाद 
    18नवंबर, 2025

धीरे -धीरे दिन ढलता है

धीरे-धीरे दिन ढलता है 

बिखर रहा है सूर्य क्षितिज में उसके मन की कौन सुनेगा 
संध्या के इस सूने पल में धीरे-धीरे दिन ढलता है|

चलता रहा अकेला पथ में सारा दिवस ताप में पिघला,
कभी घने बादल ने घेरा कभी धुंध से बाहर निकला|
देता रहा नेह उष्मा का और ताप भी प्रचुर दिया है,
संबंधों के ठंडे घर में भावों का मन प्रखर किया है|

अगणित स्वप्न सजाये दिन भर कुछ कोरों में ले ढलता है,
संध्या के इस सूने पल में धीरे-धीरे दिन ढलता है|

सदा एक सी दिनचर्या है सदा एक सा अनुशासन,
सुबह शाम तक जीवन पथ में करता सदा एक आवाहन |
जब तक दिवस चला अंबर में अवनी ने मनुहार किया है, 
जैसे हुआ शिथिल संध्या में ये बासी अखबार हुआ है |

अख़बारों के बासी पन्नों से अपनी आँखें मलता है, 
संध्या के इस सूने पल में धीरे-धीरे दिन ढलता है|

सदा वात अनुकूलित घर में जीवन का अनुमान खोजते,
आधी उम्र गुजर जाती है प्यालों में तूफ़ान खोजते|
जीवन के ताने -बाने में एक अधूरी रही कामना,
साथ गुजरती रही रात पर सदा रही अतृप्त वासना|

दूर क्षितिज में ढलते-ढलते सपनों से अनबन खलता है, 
संध्या के इस सूने पल में धीरे-धीरे दिन ढलता है|

अजय कुमार पाण्डेय 
     हैदराबाद 
     01 नवंबर,  2025

हम हैं रेल की शान, हम हैं रेल की शान

हम हैं रेल की शान, हम हैं रेल की शान 

उत्तर दक्षिण पूरब पश्चिम अपनी सभी दिशाएँ 
पटरी-पटरी रस्ता -रस्ता अपने मन को भायें 
रात दिवस हो सुबह शाम हो प्रति पल हम तैयार 
जंगल -जंगल परवत -परवत हमको सबसे प्यार 
प्रकृति कि गोदी में खिलती इस वर्दी की शान 
हम हैं रेल की शान, हम हैं रेल की शान |

ड्यूटी पर आते ही हम बस रेल के हैं हो जाते 
सभी सर्कुलर पढ़ करके ही हम गाडी पर जाते 
सभी सुरक्षा के नियमों को हम सारे अपनाते 
हर यात्री को सेवा देते मंजिल तक पहुँचाते 
स्वागत करते हम यात्री की ले चेहरे पर मुस्कान 
हम हैं रेल की शान, हम हैं रेल की शान |

मेल एक्सप्रेस यात्री गाड़ी और माल गाड़ी है दुनिया 
अंतिम बोगी अंतिम वैगन अपनी तो है दुनिया 
हर रस्तों पर आँखें रखते हम करते रेल सुरक्षा 
रेल राष्ट्र की रीढ़ है जिसकी करते हैं हम रक्षा 
सारे दुनिया से प्यारा हमको है अपना ब्रेकवान 
हम हैं रेल की शान, हम हैं रेल की शान |

औरों की खुशियों पर हम सब अपनी खुशियां वारें 
यात्री की मुस्कानों पर हम अपना सबकुछ हारें 
काल करोना में हम सबने हार नहीं थी मानी 
सीमा पर प्रहरी के जैसे हम डटे रहे बलिदानी 
त्याग समर्पण धर्म हमारा है नहीं कोई अभिमान 
हम हैं रेल की शान, हम हैं रेल की शान |

यही कामना हम सबकी है समृद्ध राष्ट्र बनाएं 
गाड़ी के पहियों के संग-संग गीत ख़ुशी के गायें 
एक हाथ खुशियों का सिग्नल हृदय सजे तिरंगा 
राष्ट्र प्रगति के सोपानों में हो ऊंचा रेल का झंडा 
मंगलमय हो यात्रा सबकी बस इतना है अरमान 
हम हैं रेल की शान, हम हैं रेल की शान |

✍अजय कुमार पाण्डेय 
     हैदराबाद 

गीतिका अनुपात की |

गीतिका अनुपात की |

स्वेद बूँदें कर रही हैं इस गात का श्रृंगार जब, 
क्या लिखूँ फिर गीतिका मैं यहाँ अनुपात की |

चल पड़े जब पग हमारे फिर व्यथा से क्यूँ डरूँ, 
राह की अब मुश्किलों से फिर भला अब क्यूँ टरूं|
है नहीं कुछ मोह मन को जीत हो या हार हो,
कर्म के इस पुण्य पथ में एक सा व्यव्हार हो |

कर रहे हैं पग हमारे पंथ का श्रृंगार जब 
क्या लिखूँ फिर गीतिका मैं यहाँ अनुपात की |

क्या करूँगा जानकर के क्या मिला संसार से, 
क्यूँ करे संचित हृदय अब नेह को मनुहार से |
स्वयं पर विश्वास कर स्वयं से व्यवहार कर लूँ , 
छोड़ सारे किन्तु पथ के स्वयं से ही प्यार लूँ |

हो गया जब प्रेम मन को श्रेष्ठतम व्यवहार से, 
क्या लिखूँ फिर गीतिका मैं यहाँ अनुपात की |

कब रहा प्रेम संचित क्रोध जो संचित रहेगा,
कौन है जो जगत में मोह से वंचित रहेगा |
कर्म के सिद्धांत में शून्य से शुरुआत होती, 
भोर की पहली किरण रात के पश्चात होती |

हो गया जब कर्म सिंचित स्वेद के श्रृंगार से, 
क्या लिखूँ फिर गीतिका मैं यहाँ अनुपात की |

✍अजय कुमार पाण्डेय 
      हैदराबाद 
     23 अक्टूबर, 2025



गुनगुनाते रहें

गुनगुनाते रहें 

दर्द का प्यार से कैसा रिश्ता रहा ये जहां भी रहा वो वहां भी रहा 
चल के देखा जो इन रास्तों पर कभी जो यहाँ पे सहा वो वहां भी सहा 

एक लम्हा अकेले न मंजूर था उम्र कैसे गुजरने लगी आजकल 
कुछ कहो यूँ न चुप चुप रहो मौन तकती हो क्या रस्ते आजकल 

स्वप्न पलकों के कोरों पे अब भी सजे कैसे कह दोगे इनको नहीं कुछ पता 
द्वार पूजा की थाली सजा कर खड़े कैसे कह दोगे इनको नहीं कुछ पता 

दिल हमारा तुम्हारा ही मजदूर है चाहता है सदा के तराशूँ तुझे 
कर लूँ खजुराहो अपने हृदय को यहाँ और इसमें सदा को बसा लूँ तुझे 

और कितनी प्रतीक्षा कि घड़ियाँ गिनूँ और कितना निहारें नयन रास्ता 
प्रेम का पंथ सूना न होगा कभी कैसे कह दोगे इनसे नहीं वास्ता 

लिख रही है कहानी घड़ी दर घड़ी हर कहानी का अपना अलग ठौर है 
ये परिंदा समय का कहो कब रुका वो अलग दौर था ये अलग दौर है 

आज लिखते हैं हम गीत में जिंदगी हर घड़ी हम इसे गुनगुनाते रहें 
और कोई सुने ना सुने गीत को एक दूजे को हम अब सुनाते रहें 

🖊अजय कुमार पाण्डेय 
     हैदराबाद 
     22 अक्टूबर,  2025

आओ कि मन तुम्हें हेरता

आओ कि मन तुम्हें हेरता

सुधियों के उपवन में कितने सावन आकर बरस गये,
एक बूँद को लेकिन अब भी नयन बिचारे तरस गये।
विकल प्राण भावों में फँस कदम-कदम पर यही टेरता,
गीत अधूरे हैं तुम बिन आओ कि मन तुम्हें हेरता।

गली-गली, नगर-नगर में हार गया हर जगह हेरकर,
लौट न जायें नयन हमारे थककर के राह देखकर।
एक झलक को दरस दिखाकर कौन गली में खोये हो,
मेरे मन को विकल बनाकर कौन नगर में सोये हो।
गली-गली, नगर-नगर में घूम रहा हूँ यही टेरता,
गीत अधूरे हैं तुम बिन आओ कि मन तुम्हें हेरता।

नयन तरसते हैं मेरे ढूँढ़-ढूँढ़ कर हार गया हूँ,
मेरा कुछ भी नहीं यहाँ तुमपर सब कुछ वार गया हूँ।
नेह नयन के नव निनाद का गीत समर्पित सदा करूँ,
मेरे मन में बसने वाले एक तिहारी चाह करूँ।
जीवन के नील गगन में मन को कब तक रहूँ घेरता,
गीत अधूरे हैं तुम बिन आओ कि मन तुम्हें हेरता।

लोभ मोह माया गठरी मेरे मन को नहीं सुहाते,
झूठे जग के रिश्ते नाते इन नयनों को कम भाते।
एक तिहारा हाथ थाम लूँ जीवन अपना तर जाये,
कब जाने के किस मौसम में पात नयन के झर जायें।
जीवन के महा सिंधु में मन को कितना रहूँ फेरता,
गीत अधूरे हैं तुम बिन आओ कि मन तुम्हें हेरता।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       14 अक्टूबर, 2025

भाव कुंठित हो रहे हैं गिर रहे अनुमान सारे

भाव कुंठित हो रहे हैं गिर रहे अनुमान सारे

शीर्ष के स्वर गिर रहे हैं
भावना दूषित हुई है।
व्याकरण बदले हुए हैं
प्रार्थना मूर्छित हुई है।
शब्द भटके क्यूँ अधर से
अब पूछना अपराध है।
मौन सुर में सुर मिलाना
अब लग रहा अनुराग है।
शब्द शोषित हो रहे हैं व्याकरण ने मान हारे।

रश्मियाँ मुरझा रही हैं
सूर्य का भी तेज झूठा।
वृत्तियों के नव परिधि में
भाव का परिवेश रूठा।
आज निजता बढ़ रही है
पीढ़ियों को कौन माने।
स्वार्थ में अनुदेशिका की
शब्द को अवरोध जाने।
निर्देशिका कुंठित हुई मानकों ने प्राण हारे।

नेह के संबंध झूठे
बस नगद का बोलबाला।
नीतियों को कटघरे में
कौन जाने कौन डाला।
तन रही है हर प्रथा पर
अब उँगलियाँ अभिमान की।
वेद पृष्ठों पर गिरी है
अब बिजलियाँ अज्ञान की।
नीतियाँ दूषित हुई हैं पीढ़ियों ने मान हारे।

आज सिंहासन मिला तो
धर्म का पथ भूल बैठे।
भूल के अपनी जड़ों को
गोदियों में झूल बैठे।
वो सदी ना टिक सकी तो
ये सदी कब तक टिकेगी।
वो प्रथा ना रह सकी तो
ये प्रथा कब तक रहेगी।
नव सदी के द्वार पर ही बीतती ने गान हारे।

✍️©अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        10 अक्टूबर, 2025

मुक्तक

जमाना नीति नियमों का अगर पाबंद हो जाये।
अराजकता की सब राहें तुरंत बंद हो जाये।
तल्खियाँ भूल जायेंगे सभी इक दूसरे के प्रति,
कि कटुता भूल कर रिश्ते सभी गुलकंद हो जायें।

लिखूँ जब गीत यादें वो सुहानी लौट आती हैं।
निगाहों में वही रँगत पुरानी लौट आती है।
नहीं फिर होश रहता है जमाने के रवायत का,
वो बीते दौर की सारी कहानी लौट आती है।

मिले दौलत अचानक तो जमाना भूल जाते हैं।
नए रिश्तों बनाते ही पुराना भूल जाते हैं।
नहीं है खानदानी वो खुदा खुद को समझ बैठे,
नई दौलत मिली तो जो पुराना भूल जाते हैं।

न समझो माटी से हम रिश्ता अपना तोड़ आये हैं।
नहीं ऐसा के यादों से मुँह अपना मोड़ आये हैं,
महज कुछ दिन की दूरी है हमारे दरमियाँ जो है,
रही मजबूरियाँ कुछ तो जो घर को छोड़ आये हैं।

कि दुनिया चार दिन की है नहीं हरदम ठिकाना है।
सभी रिश्तों रिवाजों को यहाँ सबको निभाना है।
रहा है कौन ही हरदम यहाँ इस आशियाने में,
चुकाकर कर्ज हिस्से का सभी को लौट जाना है।

नहीं दौलत नहीं शोहरत नहीं जन्नत की चाहत है।
मैं खुश हूँ जो मिला मुझको नहीं कोई शिकायत है।
नहीं ख्वाहिश है महलों की नही है तख्त ताजों की,
सलीके से मिले जो भी उसी में मुझको राहत है।

मौन ही में कहीं न गुजर जाये

मौन ही में कहीं न गुजर जाये

आज की रात कह दो न गुमसुम रहो,
रात यूँ ही कहीं न गुजर जाये ये।
मुद्दतों बाद हम तुम मिले हैं यहाँ,
मौन ही में कहीं न गुजर जाये ये।

दो कदम साथ चलना न संभव हुआ,
टीस दिल को अभी तक सताती रही।
दिन गुजरता रहा रात ढलती रही,
चाँदनी आज तक मन जलाती रही।
तोड़ दो बंधनों को न घुटते रहो,
रात यूँ ही कहीं न बिखर जाये ये।
मुद्दतों बाद.......।।

गीत अपना अधूरा कहीं रह गया,
चाह कर भी उसे हम नहीं गा सके।
हाथ पूजा की थाली से कुछ दूर थे,
हाय, सिंदूर तक पर नहीं जा सके।
अब न मजबूरियों में उलझती रहो,
पास आई घड़ी न गुजर जाये ये।
मुद्दतों बाद........।।

कब रुका वक्त बोलो घड़ी देखकर,
न सँभले तो फिर से छले जायेंगे।
हाथ की रेख का क्या भरोसा करूँ,
क्या पता फिर हम तुम छले जायेंगे।
किंतु में यूँ न फिर से भटकती रहो,
उम्र बाकी बची न गुजर जाये ये।
मुद्दतों बाद.......।।

लोग कहते हैं कि प्रेम झुकता नहीं,
कि अवरोधों पर भी ये रुकता नहीं।
मुखर होकर भले झूठ कितना कहे,
पर सच तो निगाहों से छुपता नहीं।
झूठ में फँस के फिर न उलझती रहो,
सत्य फिर से कहीं न बिखर जाये ये।
मुद्दतों बाद.........।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        26 सितंबर, 2025

ऋणी रहेंगे गीत हमारे

ऋणी रहेंगे गीत हमारे

प्रिय तुम्हारे स्नेहिल स्वर ने गीतों को सम्मान दिया है,
शब्द-शब्द आह्लादित मेरे एक नया प्रतिमान दिया है।

छंद-छंद आलोड़न करते पंक्ति-पंक्ति अमृत रस छलके,
सूने भावों के आँगन में अनुमानों का आँचल ढलके।
झाँझ मजीरे के स्वर गूँजे, गूँजे मीरा का इकतारा,
जैसे संध्या के आँगन में आये चंदा का उजियारा।

इस प्रीत भरे स्पर्श अधर के गीतों को नव प्राण दिया है,
शब्द-शब्द आह्लादित मेरे एक नया प्रतिमान दिया है।

चढ़ी हिंडोले रात आज ये शीतल पवन झुलाती तन को,
स्पंदित करती मृदुल तरंगें रति नव राग सुनाती मन को।
पोर-पोर रोमांचित करती अधरों से छलके मधु धारा,
पतझड़ का मौसम भी अब तो सावन से लगता है प्यारा।

स्पंदित भावों ने अंतस में पावस का परमान दिया है,
शब्द-शब्द आह्लादित मेरे एक नया प्रतिमान दिया है।

धुंध छँटा है मन के नभ का आज धवल आकाश दिखा है,
जाने कितनी सदियाँ बीतीं तब जाकर आभास जिया है।
कोना-कोना उर का महका पतझड़ भी मधुमास हुआ है,
अधरों का आलोड़न पाकर गीतों ने आकाश छुआ है।

ऋणी रहेंगे गीत हमारे अधरों ने वो मान दिया है,
शब्द-शब्द आह्लादित मेरे एक नया प्रतिमान दिया है।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        24 सितंबर, 2025

हम भी सूबेदार हुए

हम भी सूबेदार हुए

अपनों की इस भीड़ में सबके बेगाने व्यवहार हुए
आँसू, नफरत, ताने मेरे हर दिन के त्यौहार हुए

नहीं समझ पाई ये दुनिया कोरों के बूँदों की पीड़ा
अब कहते हैं दुनियावाले के आँसू ही गद्दार हुए

सबके किस्से रोज नए थे नई-नई आशायें थीं
लेकिन जाने मेरे किस्से क्यूँ बासी अखबार हुए

नहीं जोड़ पाया धन दौलत अपनों की भी रही शिकायत
रिश्ते-नाते इस दुनिया में सारे ही व्यापार हुए

तब तक जग में रहा अकेला जब तक ये बेकारी थी
आज मिला जब वेतन मुझको हम भी सूबेदार हुए

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22 सितंबर, 2025

इक सहारे के लिये

इक सहारे के लिये

ये मौन दिल चलता रहा इक सहारे के लिये
थे खड़े मँझधार में हम इक किनारे के लिये

जिंदगी के इस सफर की कौन सी मंजिल रुकी
सब सफर करते रहे हैं इक सितारे के लिये

जब थके थे पाँव पथ में जब रात ये गहरी हुई
सब क्षितिज को देखते थे इक इशारे के लिये

दो घड़ी ना रुक सके छोड़ सबकुछ चल दिये
सोचता है कौन आखिर इक बिचारे के लिये

जब तलक ताकत रहेगी लोग होंगे भीड़ होगी
रुक सका है कौन जग में इक बेसहारे के लिये

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17 सितंबर, 2025

होठों से छू लेते

होठों से छू लेते

काश सखे मेरे गीतों को 
अपने होठों से छू लेते।

मेरे गीत हृदय को छूकर
नैनों से जब बह आये थे,
बिना कहे इक शब्द अधर से,
हाल हृदय के कह आये थे।
भरे हुए नयनों में कितने
भाव सिमट कर मचल रहे थे,
मौन काँपते इन अधरों के
भाव नयन में पिघल रहे थे।
तब मेरे मन के भावों को
अपने भावों से छू लेते।

क्यूँ हृदय कभी जब भर आया
पीर हृदय की गले लगाया,
क्यूँ सहे अकेले आरोपों को
पीड़ा को क्यूँ नहीं जताया।
अपने मन की पीड़ाओं में
मुझको भी शामिल कर लेते,
नैनों में जब आँसू आये
मेरे नैनों में भर देते।
मेरे साँसों के गीतों को
अपनी साँसों से छू लेते।

साथ नहीं जब कोई अपना
जब मन का दर्पण टूटा था,
हुए अकेले यहाँ भीड़ में
जब सभी समर्पण झूठा था।
जब जग के झूठे तानों से
मन का सागर भर आया था,
सूखे पतझड़ के मौसम में
नयनों में सावन छाया था।
नयनों की उन बरसातों को
बिसरे गीतों से छू लेते।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06 सितंबर, 2025

बहाव देखते रहे

बहाव देखते रहे

क्या कहें के कौन सी डगर यहाँ सहज रही।
छंद-छंद बढ़ रहे हैं पंक्ति-पंक्ति सज रही।
भाव हैं अलग-अलग सभी के अपने रास्ते,
जो डगर गुजर गई वो ही डगर सहज रही।

चल रहे हैं सब यहाँ अपने स्वप्न के लिये।
जल रहे हैं नैनों में आस के कई दिये।
है स्वप्न सब अलग-अलग उद्देश्य मगर एक है,
लिख रहे हैं ग्रंथ कुछ, कुछ ने ग्रंथ लिख दिये।

कुछ से भावना जुड़ी कुछ रही मजबूरियाँ।
यूँ ही तो बनी नहीं बीच अपने दूरियाँ।
राह जब रुकी कहीं तुम और राह चल दिये,
इस तरह से बढ़ गईं अपने बीच दूरियाँ।

दूरियों के मध्य हम स्वभाव देखते रहे।
ढलती हुई उम्र का प्रभाव देखते रहे।
कुछ कहे बिना घड़ी जो पास से गुजर गई,
जा रही घड़ी का बस बहाव देखते रहे।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06 सितंबर, 2025

इस जीवन की बस यही कहानी।

इस जीवन की बस यही कहानी

एक कोर में थोड़ी सी खुशियाँ 
एक कोर में थोड़ा सा पानी
इस जीवन की बस यही कहानी।

परबत से ऊँची सागर से गहरी कितनी यादें समेटे हुए,
अब कोई चले या न चले ये निगाहों में सबको समेटे हुए।
कभी मौन है कभी है मुखर ये कभी चल पड़ी कौन जाने डगर,
शुरू कब हुई खतम कब हुई राह खुद साथ करती रही है सफर।
सबके दिलों की सुनती है यहाँ देती है सबको एक जुबानी
इस जीवन की बस यही कहानी।

पल अभी भी वो ठहरा हुआ छोड़ कर दूर जिसको यहाँ आ गये,
मुड़ के जो देखा ऐसा लगा कहाँ से चले और कहाँ आ गये।
न जाने कैसे हालात में मन अब भी कहीं तो उलझा हुआ है,
कभी तो उलझी लगे ये कहानी कभी लगे सब सुलझा हुआ है।
कोई न जाने अगले पल की क्या जाने कैसी होगी निशानी,
इस जीवन की बस यही कहानी।

एक दिन खतम सब हो जाना है अगली सुबह का है किसको पता,
साँस भी साँस से यही पूछेगी कहो जिंदगी का क्या है पता।
संध्या ढले रात की गोद में पर धुँधला इशारा रहेगा कहीं,
सदियों ने लिखी जो दास्ताँ लम्हों में वो सहारा रहेगा कहीं।
हर अहसास को गीत दे जायेगी और यादों को इक कहानी।
इस जीवन की बस यही कहानी।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04 सितंबर, 2025

गीत मधुर कब बन पाया

गीत मधुर कब बन पाया

आशाओं के पृष्ठभूमि पर कितने गीत लिखे चुन-चुन कर
लेकिन केवल लिखने भर से वो गीत मधुर कब बन पाया।।

मन की क्यारी में कितने ही पुष्प खिलाये हैं भावों के,
बड़े जतन से सींचा उनको अपनाये हैं सब दावों को।
वादों अरु दावों में घुलकर कितने सपने रीझ गए हैं,
और बचे जो स्वप्न कहीं पर हालातों में सीझ गये हैं।
दावों अरु वादों में जीवन खिलता आया सब सुन-सुन कर,
लेकिन केवल सुनने भर से गीत मधुर कब बन पाया।

रंगपट्ट पर चली तूलिका जब जब स्वप्न सजाए हमने,
रंग भरे इच्छाओं के अरु नूतन रूप सजाए हमने।
चली तूलिका जब-जब मन पर रंग सुनहरे खिल आये हैं,
श्याम पट्ट रंगीन हुए हैं चित्र उकेरे खिल आये हैं।
रंगपट्ट को इस जीवन के मन रँगता आया चुन-चुन कर,
रंग मनोहर यदि ना हों तो कब चित्र मनोहर बन पाया।

धन दौलत के पीछे भागे कितने जतन उपाय किये हैं,
कितने छोड़े कितने पकड़े कितनों को उपहार दिये हैं।
थाप पड़ी जब भी ढोलक पर बेसुध होकर मन गाया है,
अनुमानों को पाने खातिर अनुदानों को अपनाया है।
अनुदानों में मिले गीत ये बस बजते आये खन-खन कर,
बिना साज बस अनुदानों से ये गीत मधुर कब बन पाया।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        02 सितंबर, 2025

उम्मीदों का सफर

उम्मीदों का सफर

मत पूछो क्यूँ रातों में हम यूँ जगते रहते हैं
सच ये है तारों के संग-संग हम तो चलते रहते हैं

रस्ता वो ही नये मुसाफिर नई-नई आशाएं हैं
काँधों पर इन आशाओं को ले हम तो जगते रहते हैं

इन दो पटरी पे उम्मीदों की हर रोज कहानी गढ़ती है
उम्मीदों की वही कहानी हम भी तो लिखते रहते हैं

जाड़ा-गरमी धूप-ताप अरु बरसातों के कितने मौसम
मौसम के हर हालातों को हम तो सहते रहते हैं

औरों की स्नेहिल मुस्कानों में हम भी अपने दर्द छुपाकर
आते-जाते इन राहों में अकसर हम तो हँसते रहते हैं

अपना जीवन रेल की पटरी आज कहीं कल कहीं ठिकाना
खुशियों की सौगात लिये हर पल हम तो चलते रहते हैं

कहे देव ये ये सफर सुहाना उम्मीदों और सपनों का
इन उम्मीदों से मिलकर खुद से हम तो मिलते रहते हैं

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        31 अगस्त, 2025

कब तक यूँ ही भटकेगी

कब तक यूँ ही भटकेगी

इक पुण्य भाव लेकर आई थी कुछ संताप मिटाने को,
भागीरथ के पुण्य भाव से धरती पर श्राप मिटाने को।
लेकिन युग के संतापों में ये जीवन ऐसा डूब गया,
जिस आँचल से निकली थी कल वो आँचल पीछे छूट गया।

पाप-पुण्य के बीच जगत के यूँ गंगा कब तक लटकेगी,
जीवन के इन झंझाओं में कब तक यूँ ही भटकेगी।

कब छूट गया सारा बचपन कब छूट गया घर का आँगन,
कब छूट गया उपवन सारा कब छूट गया माँ का दामन।
शैशव वस्था से कब जाने यौवन की चौखट पर आयी,
अल्हड़पन अभी बीते न थे पग-पग बेड़ी बँधती आयी।

मुक्त प्रवाहित भाव गंग की नयनों को कब तक खटकेगी,
जीवन के इन झंझाओं में कब तक यूँ ही भटकेगी।

शैशव, बाल्या, यौवन, वृद्धा सुख सारा अपना त्याग दिया,
जीवन को सिंचित करने को अपना सारा अनुराग दिया।
कितने नाले कितने ताने युग-युग से सहती आयी है,
आह नहीं मुख से निकली है बस गंगा बहती आयी है।

अपनी सिंचित संतानों के घावों से कब तक तड़पेगी,
जीवन के इन झंझाओं में कब तक यूँ ही भटकेगी।

जग से अपनी पीर छुपाकर पल-पल गंगा मुस्काती है,
प्रेम समेटे निज आँचल में सबका जीवन बहलाती है।
त्याग समर्पण दया भाव के भावों से जीवन पाला है,
बदले में निजता वशीभूत हो इसको संकट में डाला है।

देने को सबके आँचल खुशियाँ अब गंगा कब तक बिखरेगी,
जीवन के इन झंझाओं में कब तक यूँ ही भटकेगी।

यूँ होगा यदि बाधित प्रवाह यदि गंगा ही रुक जायेगी,
रुक जायेगा समय चक्र भी ये सृष्टि यहाँ चुक जायेगी।
विस्तार और प्रसार को प्रवाह के स्वभाव को निखार दें,
निर्लज्ज भाव के विरुद्ध हो अपने प्रण को आज धार दें।

गंगा जब तक शुद्ध न होगी ये सदी न तब तक निखरेगी,
जीवन के इन झंझाओं में कब तक यूँ ही भटकेगी।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        23 अगस्त, 2025

मन से मन का मेल जहाँ हो निजी स्वार्थ की बातें छोड़ो

मन से मन का मेल जहाँ हो निजी स्वार्थ की बातें छोड़ो


मन से मन का मेल जहाँ हो निजी स्वार्थ की बातें छोड़ो,
इक दूजे के मन को पढ़ लो विश्वास हृदय का मत तोड़ो,
मन से मन का मेल जहाँ हो निजी स्वार्थ की बातें छोड़ो।

रिश्तों में नहीं स्वार्थ रहे और रहे नहीं सौदेबाजी,
एक दूजे का साथ रहे और रहे हमेशा मन राजी।
भाव किसी के मन में उपजे दूजे का मन उसको पढ़ ले,
नयनों के झुकने से पहले उनकी भाषा को मन पढ़ ले।

नयनों की भाषा को पढ़ लो आस नयन के मत तोड़ो,
मन से मन का मेल जहाँ हो निजी स्वार्थ की बातें छोड़ो।

क्या लाये थे इस जीवन में और साथ क्या ले जाओगे,
जो कुछ दोगे यहाँ जगत को वही जगत से तुम पाओगे।
धन दौलत ये महल दुमहले ये सारे इक आडंबर है,
अपने भीतर झाँको देखो सच्चा सुख मन के अंदर है।

मन की दौलत बहुत बड़ी है मत इनसे तुम नाता तोड़ो,
मन से मन का मेल जहाँ हो निजी स्वार्थ की बातें छोड़ो।

पुण्य पंथ है जीवन पथ ये और पथिक मन इस जीवन का,
दूर क्षितिज तक वो महकेगा जिसका तन मन धन चंदन का।
झूठे आडंबर से बच जो मर्म हृदय का पढ़ पायेगा,
काल खंड के ताम्र पत्र पर वही गीत नव गढ़ पायेगा।

पुण्य पथिक हो पुण्य पंथ के पुण्य प्रेम का पथ मत छोड़ो,
मन से मन का मेल जहाँ हो निजी स्वार्थ की बातें छोड़ो।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20 अगस्त, 2025

प्यास अधर की क्या होती है

प्यास अधर की क्या होती है

जीवन की मधुमय प्याली से दो बूँद अधर पर जब छलके,
तब जाकर जीवन ने जाना प्यास अधर की क्या होती है।

जीवन पाया पर जिया नहीं मन ने जो चाहा किया नहीं,
सम्मुख सारा सागर था पर इक अंजुलि भी जल पिया नहीं।
सागर की लहरों से मिलकर कुछ भाव हृदय के जब बहके,
तब जाकर जीवन ने जाना आस हृदय की क्या होती है।

मिलने को तो मिले बहुत पर क्षण सुख के सारे मौन रहे,
छलने वाले मिले बहुत पर मन बसने वाले गौण रहे।
कुछ दूर क्षितिज तक साथ वहाँ देखा संग-संग जब चल के,
तब जाकर जीवन ने जाना आस मिलन की क्या होती है।

जब आँसू पलकों से ढलके इन हाथों ने पोंछा उनको,
जब कभी अकेला मन भटका तब यादों ने रोका उनको।
आँसू की पीड़ा क्या होती ये समझा यादों में बसके,
तब जाकर जीवन ने जाना प्यास नयन की क्या होती है।

यही सोचते जीवन बीता धरती कब तक रहे पियासी,
मन के नील गगन की जाने कैसे होगी दूर उदासी।
मौन उदासी को समझा जब मन आया धरती से मिलके,
तब जाकर जीवन ने जाना चुभन प्यास की क्या होती है।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20 अगस्त, 2025
       


आज की रात मेरे गीतों को जीवन दे दो

आज की रात मेरे गीतों को जीवन दे दो

आज की रात मेरे गीतों को जीवन दे दो,
होंठों से छू के मेरे गीत अमर हो जायें।

जो भी लिखे भाव तेरी चाहतों के पुष्प बने,
मेरी आँखों में सजे चाहतों के दृश्य बने।
पंक्ति-पंक्ति में तेरे होने का आभास किया,
गीत के शब्द में बस तेरा ही अहसास जिया।
आज की रात मेरे गीतों का चुंबन ले लो,
होंठों से छू के मेरे गीत अमर हो जायें।

देख संध्या को सजाने लगी सावन की घटा,
हर उपवन को भी भाने लगी है तेरी अदा।
देखो मेघों ने मचल गीत कोई गाया है,
मन के आँगन में भी चहुँओर नशा छाया है।
आज की रात मेरे गीतों को सावन दे दो,
भींगे सावन में मेरे गीत अमर हो जायें।

जाती किरणों ने भी संदेश नया भेजा है,
नभ कपोलों पे भी इक छाई नई रेखा है।
लौटते नीड़ के सभी पंछी मुस्कुराते हैं,
देख संध्या की किरण वो गीत नया गाते हैं।
आज की साँझ मेरे गीतों का वंदन कर दो,
सज के अधरों से मेरे गीत अमर हो जायें।

रातरानी भी मेरे गीत को महका जाये,
मन के भावों में नया भाव वो दहका जाये।
भाव अकेले हैं मेरे आज दुकेली कर दो,
मेरे हाथों को सजा अपनी हथेली धर दो।
आज की रात मेरे गीतों को चंदन कर दो,
बन के खुशबू ये मेरे गीत महकते जायें।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18 अगस्त, 2025

कैसे भूल जाऊँ

कैसे भूल जाऊँ

क्या कहूँ मैं बात दिल की दर्द मैं कैसे बताऊँ
जख्म जो दिल को मिला है सोचता कैसे जताऊं

यूँ तो हमने लिख दिए हैं हाल ये दिल इन कागजों पे
पर सोचता हूँ हाल दिल का उनको मैं कैसे सुनाऊँ

छोड़ ही देता अगर वो मुड़ के यूँ न देखते
एक उनसे राब्ता है अब छोड़ उनको कैसे जाऊँ

माना अब भी आसना है उनका दिल मेरे लिये
पर जमाने की फिकर दिल से उनके कैसे मिटाऊँ

चाहतों के गीत उनके होंठ पर अब तक सजे हैं
देव अब तुम ही कहो ये बात कैसे भूल जाऊँ

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17 अगस्त, 2025

ऐसे भाव सजाना साथी

ऐसे भाव सजाना साथी

गीतों की प्रिय मधुशाला से जब प्रेम पियाली छलकाना,
दो बूँद अधर को छू जाये ऐसे भाव सजाना साथी।

हमने भी कुछ गीत लिखे पर शायद भाव नहीं छू पाये,
या फिर मेरी किसी पंक्ति ने उम्मीदों के हृदय दुखाये।
कुछ वादे कुछ कसमें मेरे शायद मन को झूठ लगे हों,
या फिर मेरे किसी शब्द से नाजुक मन को चोट लगे हों।

शब्दों की प्रिय मधुशाला से शब्द भाव जब भी छलकाना,
दो शब्द हृदय को छू जाये ऐसे शब्द सजाना साथी।

सबकी अपनी-अपनी पीड़ा कौन किसी की पीर सुनेगा,
जिसके पग न फटी बेवाई वो कैसे गंभीर रहेगा।
हमने थोड़े दर्द लिखे हैं लेकिन पूरा नहीं जताया,
हुए तिरस्कृत कई दफा पर लेकिन मन ने नहीं जताया।

भीतर के उस कोलाहल को यदि भावों से पड़े जताना,
मन को अपने वश में करके स्नेहिल भाव जताना साथी।

क्या लाये थे इस जीवन में जिसकी खातिर रोना इतना,
अंतिम पथ तक कौन चला है जिसकी खातिर डरना इतना।
थोड़ी खुशियाँ ग़म थोड़े हैं ये जीवन की है सच्चाई,
जिसने सबको गले लगाया नापी उसने यहाँ उचाई।

खोया-पाया के भावों को गीतों में जब पड़े जताना,
तब रिश्तों में मर्यादा के मंजुल भाव पिरोना साथी।

गीतों की प्रिय मधुशाला से जब प्रेम पियाली छलकाना,
दो बूँद अधर को छू जाये ऐसे भाव सजाना साथी।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        09 अगस्त, 2025
 

तब तुम आना पास प्रिये

तब तुम आना पास प्रिये

जब मन में सुंदर भाव बनें
जब पुष्प सुगंधित खिल जाएंँ
जब दिल के उस सूनेपन में
निष्कपट ज्योति सी जल जाये
जब प्रेम मधुर हो गीत बने
जब गीत चाँदनी सज जाये
जब गीत कभी गाना चाहो
जब खुद से तुम मिलना चाहो
जब भी चाहो मधुमास प्रिये
तब तुम आ जाना पास प्रिये।

जब याद पुरानी तड़पाये
सिहरन कोई मन छू जाये
जब चले वहाँ पिय पुरवाई
आँचल फिर से ढलका जाये
जब तारों की बारात सजे
मन चाहे गाये गीत नये
जब स्वप्न नया बुनना चाहो
जब रीत नई गढ़ना चाहो
जब चाहो नव आकाश प्रिये
तब तुम आ जाना पास प्रिये।

जब ठंड दुपहरी तक जाये
जब धूप सुनहरी खिल जाये
जब बारिश का भीगा मौसम
मन भावों को ललचा जाये
ऋतुओं के भँवर जाल में फँस
जब डूब डूब मन उलझाए
जब उलझन से बचना चाहो
जब खुलकर तुम हँसना चाहो 
जब चाहो तुम विश्वास प्रिये
तब तुम आ जाना पास प्रिये।

स्मृतियों का पावन गंगाजल
आँचल में अपने भर लेना
जब एकाकी में घिरो कभी
तो याद मुझे तुम कर लेना
स्मृतियों के उस पुण्य भाव को
इन पलकों बीच सजा लेना
स्मृतियों से जब मिलना चाहो
जब खुद से कुछ कहना चाहो
जब भी चाहो अहसास प्रिये
तब तुम आ जाना पास प्रिये।

 ✍️अजय कुमार पाण्डेय 
      हैदराबाद

विश्वास

विश्वास

पलकों के कोरों से ढलके जाने कितने सपन सलोने,
लेकिन इक भी बार नयन ने उम्मीदों का साथ न छोड़ा।

मेरी क्या हस्ती औरों में जो उनका अनुरंजन करता,
मेरा क्या कौशल था जिसका उनके सम्मुख वंदन करता। 
मेरे मन की सपन हंसिनी कब आकाशों को छू पाई,
मौन निगोड़े चित्र रहे सब कब औरों का मन छू पाई।

भर-भर कर फिर-फिर सूखे हैं आयी कितनी बार भिंगोने,
लेकिन इक भी बार नयन ने इन मेघों का साथ न छोड़ा।

मैं कब प्रियतम रहा किसी का जो उनका आलोड़न पाता,
उनकी खातिर यायावर था उनसे क्या अनुमोदन पाता।
जब-जब मन में हुक उठी है तब-तब हमने कलम उठाई,
मनोभाव जब लिखना चाहा काँपी उँगली और कलाई।

लिख-लिख कर भी रहे अधूरे और शब्द थे सूने-सूने,
लेकिन इक भी बार कलम ने इस उँगली का साथ न छोड़ा।

मेरे सपने छोटे-छोटे नहीं अधिक को चाह रही है,
फिर भी झूठे संवादों में हमने केवल आह सही है।
हुए तिरस्कृत कई दफा हैं किंतु शेष उनकी परछाईं,
अंतस की स्मृतियों में भी कहीं दबी उनकी अँगड़ाई।

झूठे संवादों से छलनी अंतस के हर कोने-कोने,
फिर भी इक भी बार हृदय ने रिश्तों का विश्वास न तोड़ा।

✍️©अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06 अगस्त, 2025


राम-नाम सत्य जगत में

राम-नाम सत्य जगत में

राम-नाम बस सत्य जगत में और झूठे सब बेपार,
ज्ञान ध्यान तप त्याग तपस्या बस ये है भक्ति का सार।
तन मन धन सब अर्पित प्रभु को क्यूँ हृदय में हाहाकार,
जेहिं तन में आनंद बसत है वहिं प्रभु का है अवतार।
राग द्वेष मद लोभ जगत में सब पाप के हैं आधार,
ये सत्य सनातम धर्म मार्ग एक मात्र मोक्ष का द्वार।
रकम जोड़ कर धरम खरीदे और भरे यहाँ भंडार,
तोलहिं नेह तराजू जे रख सब झूठ के शोभाकार।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03 अगस्त, 2025

दिल कहो क्या करे

दिल कहो क्या करे

हों खड़े प्रश्न जब हर गली-मोड़ पे,
आस हो टूटती दिल कहो क्या करे।

सूनी आँखों में प्रश्न कितने छुपे,
अपनी साँसें भी तीर बन जब चुभे।
हों सभी मोड़ पर झूठ से सामना,
मन कैसे करे फिर कोई कामना।
बह रहे दर्द हों जब नयन कोर से,
व्यर्थ हों अश्रु फिर दिल कहो क्या करे।

लम्हे सदियों को जब भुलाने लगे,
लोरियाँ नींद से जब जगाने लगे।
सत्य से जब बड़ा झूठ होने लगे,
मन में सत्ता की भूख होने लगे।
झूठ जब श्रेष्ठ हो द्यूत के जोर से,
सत्य धूमिल रहा दिल कहो क्या करे।

द्रौपदी फिर खड़ी आज दरबार में,
लग रही लाज की बोली  व्यवहार में।
द्यूत का घाव फिर आज गहरा हुआ,
हर गली-मोड़ पर धुंध पसरा हुआ।
हो उजाला न दिखता किसी छोर पे,
मौन हों श्रेष्ठ जन दिल कहो क्या करे।

तंत्र हो जब विफल आस किससे करे,
मंत्र हों जब कुफल बाँह किसकी धरे।
कौन है अब यहाँ जो पढ़े मौन को,
और पूछे सफर में कि तुम कौन हो।
जब हवा ने किनारा किया मौज से,
बीच मँझधार में दिल कहो क्या करे।

शीर्ष ही जब स्वयं निम्न बनने लगे,
शीर्ष का दंभ बन शूल चुभने लगे।
जब स्याही ही तकदीर लिखने लगे,
जब हृदय को सभी प्रश्न चुभने लगे।
शीर्ष के नेत्र में प्रश्न जब गौड़ हों,
और उत्तर न हो दिल कहो क्या करे।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        31 जुलाई, 2025

पीर से पत्थरों को पिघलते हुए, देख पलकों के अश्रु वहीं रुक गये

पीर से पत्थरों को पिघलते हुए, देख पलकों के अश्रु वहीं रुक गये

रह गयी कुछ कहानी कही अनकही,
पृष्ठ पर कुछ लिखे कुछ लिखे ही नहीं।
उम्र अपनी कहानी छुपाती रही,
कुछ कहे शब्द ने कुछ कहे ही नहीं।

उम्र भर आह को मौन हँसते हुए, देख पलकों के अश्रु वहीं रुक गये।

रक्त बहता रहा नैन के कोर से,
लोग अनगिन कहानी बनाते रहे।
ताने कितने सहे हर गली मोड़ पे,
आह में द्वंद हर पल मिटाते रहे।

अश्रु से रक्त को मौन रिसते हुए, देख पलकों के अश्रु वहीं रुक गये।

किंतु हर पल हृदय को सताती रही,
मौन न बन सकी कोई जादूछड़ी।
हर घड़ी पीर आँचल छुपाती रही,
जिसे कहते रहे लोग जादूगरी।

मन अखय पात्र में दर्द रखते हुए, देख पलकों के अश्रु वहीं रुक गये।

घिर गई नाव जब बीच मँझधार में,
लहर की धार ने जब किनारा किया।
छोड़ कर चल दिये जब सभी राह में,
दर्द ने ही मुझे तब सहारा दिया।

पीर में प्रीत को यूँ महकते हुए, देख पलकों के अश्रु वहीं रुक गये।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       19 जुलाई, 2025

भरत चले चित्रकूट

भरत चले चित्रकूट

देख अवध की सूनी धरती वह कोमल मन अकुलाता है।।
प्रभु राम बिना भोर न होगी मन अंधकार गहराता है।।1।।

जिस भाई का हाथ पकड़ कर अब तक ये जीवन बीता है।।
उसके वन जाने से मेरा ये जीवन घट सब रीता है।।2।।

बिना राम के राज महल ये सब सूना-सूना लगता है।।
अपनी ही परछाईं रूठी अब दर्पण मुझ पर हँसता है।।3।।

ऐसा लगता आज भरत को ये जीवन छूटा जाता है।।
अपनी ही साँसों से तन का हर बंधन टूटा जाता है।।4।।

जो ऐसे ही यदि मौन रहा तो टूट बिखर मन जाता है।।
ये साँस अलग हो जाती है बस निष्क्रिय तन रह जाता है।।5।।

मन ही मन में किया सुनिश्चित अब चित्रकूट वो जायेंगे।।
पाँव पकड़कर मिन्नत करके आराध्य को अवध लायेंगे।।6।।

गये कक्ष माँ कौशल्या के उनको मन का हाल सुनाया।।
अपने मन की बात बताई और प्रयोजन भी समझाया।।7।।

ले आशीष सुमित्रा माँ का गुरुजन से मन की बात कही।।
सब प्रातः चित्रकूट जाएंगे रहते हैं मेरे नाथ वहीं।।8।।

माँ कैकेई भी चली साथ में प्रभु को आज मनाने को।।
भूल हुई जो क्षमा माँगने अरु पश्चाताप जताने को।।9।।

हाथ जोड़ सब जतन करूँगा मैं चरणों मे
गिर जाऊँगा।।
जिस विधि मेरे प्रभु मानेंगे मैं उस विधि वहाँ मनाऊँगा।।10।।

आज अवध की रात बड़ी थी कब चित्रकूट भी सोता था।।
हूक हृदय में उठती प्रभु के अंदर-अंदर मन रोता था।।11।।

हो रात भले ही लंबी कितनी आँखों में कट जाती है।।
अपनापन हो मृदुल भाव हो तो दूरी सब मिट जाती है।।12।।

संबंधों का गणित जटिल है पर जोड़ नेक ही होता है।।
दो अरु दो मिल चार भले हों पर यहाँ एक ही होता है।।13।।

नवप्रभात की नव किरणों में नव आशाओं का मंथन है।।
आज हमारे राम मिलेंगे हर एक हृदय में गुंजन है।।14।।

टूट गये सारे जग बंधन सम्मुख आये जब दो भाई।।
शुष्क धरा पर बूँदें बरसीं पत्थर पर कलियाँ मुसकाई।।15।।

देख भरत को सम्मुख अपने प्रभु सुध बुध अपनी भूल गये।।
नेत्र सजल यूँ हुए राम के बस भ्रातृ प्रेम में झूल गये।।16।।

दोनों मुख पर भाव एक था झर-झर अश्रु बहे जाते थे।।
मौन अधर थे दोनों के पर नेत्र तो सब कहे जाते थे।।17।।

भाई से भाई का रिश्ता सबसे पावन कहलाता है।।
तन दूर रहे चाहे जितना मन दूर कहाँ रह पाता है।।18।।

क्षमा करें हम सबको भैया जो ऐसा अपराध हुआ है।।
प्रभु माता की नादानी से आज अवध बर्बाद हुआ है।।19।।

आत्म ग्लानि से पीड़ित हूँ प्रभु कैसे मुख दिखलाऊँ मैं।।
अंतर्मन की क्लांत व्यथा को प्रभु कैसे यहाँ बताऊँ मैं।।20।।

शब्द नहीं है पास मेरे किस मुख से करूँ क्षमा याचना।।
अवध लौट कर राज्य सँभालें करता हूँ मैं यही प्रार्थना।।21।।

सुनी भरत की करुण याचना प्रभु नेत्र अश्रु से भींग गये।।
देख भरत के भोलेपन को मन ही मन प्रभु रीझ गये।।22।।

उठा भरत को गले लगाया हाथों से आँसू को पोंछा।।
आसन देकर पास बिठाया मंगल कुशल अवध का पूछा।।23।।

धरा अवध की सूनी-सूनी जन मन में भी होश नहीं है।।
बेमन बहती पौन अवध में सूरज में भी जोश नहीं है।।24।।

सरयू का पानी मद्धम है चंचलता सब खोई-खोई।।
तट सरिता का सूना-सूना लहरें भी हैं खोई-खोई।।25।।

उपवन में अब पुष्प न खिलते पंछी कलरव भूल चुके हैं।।
सुबह सांध्य के अंतर सारे अवध निवासी भूल चुके हैं।।26।।

इतने दिन तक वचन निभाया अब घर को लौट चलें भगवन।।
बिना आपके शून्य भरत है ज्यूँ बिना प्राण के होता तन।।27।।

जो अपराध किया है माँ ने तो मैं भी तो अपराधी हूँ।।
मात-पिता से हुई भूल है मैं बड़े दंड का भागी हूँ।।28।।

लखन कहो तुम ही भैया से क्यूँ बात नहीं मेरी सुनते।।
मैं भी तो छोटा भाई हूँ विनय नहीं क्यूँ मेरी सुनते।।29।।

इन चरणों की सेवा के बिन दूजा मेरा काम नहीं है।।
मेरे इष्ट जहाँ जायेंगे मेरे चारों धाम वहीं हैं।।30।।

शीश नहीं है हाथ पिता का आप हमारे पिता तुल्य हो।।
जो साँसों का मूल्य देह में प्रभु जीवन का वही मूल्य हो।।31।।

बस एक बार विनय सुनो प्रभु मैं और नहीं कुछ माँगूँगा।।
मुझे क्षमा यदि नहीं किया तो मैं ये प्राण चरण में त्यागूँगा।।32।।

उठा भरत को गले लगाये बोले प्रभु ये स्थान नहीं है।।
मात-पिता का वचन न मानूँ ऐसा स्वार्थी राम नहीं है।।33।।

क्या ये जगत कहेगा मुझको अपने सुख के लिया जिया हूँ।।
मान वचन का रखने का बस मैं ये केवल स्वांग किया हूँ।।34।।

चौदह बरस बीत जायेंगे यूँ चुटकी में प्रिय क्लांत न हो।।
विधना ने ये लेख लिखा है प्रिय अपने मन को शांत रखो।।35।।

कितना अच्छा अवसर है जो मेरे जीवन में आया है।।
जन-जन के मन की जानूँ मैं विधना ने पंथ सुझाया है।।36।।

यूँ अधीर क्यूँ होते हो प्रिय अपने मन को तुम समझाओ।।
मुझको धर्म निभाने दो प्रिय तुम भी अपना धर्म निभाओ।।37।।

सुन रघुवीर भरत जी बोले आदेश मुझे शिरोधार्य है।।
अपना धर्म निभाने को प्रभु सहर्ष भरत अब तैयार है।।38।।

बस मेरी विनती मानें प्रभु मैं और नहीं कुछ माँगूँगा।।
आप अवध को लौट चलें वन में चौदह बरस बिताऊँगा।।39।।

लखन भ्रात तुम ही कुछ बोलो भैया को कैसे समझाऊँ।।
कोई जतन उपाय बताओ किस विधि प्रभु को आज मनाऊँ।।40।।

मान वचन का रखना है तो प्रभु मैं ये वचन निभाऊँगा।।
इतने दिन तक रहे आप अब मैं वन में बरस बिताऊँगा।।41।।

ऐसा जीवन व्यर्थ है भाई जो विपत से मुड़कर भागे।।
धिक्कार उसे इस जीवन में जो भाई का दुख ना बाँटे।।42।।

प्रभु छोटा भाई होने का मुझको कर्तव्य निभाने दें।।
प्रभु आप अवध को लौट चले अब मुझको वन में जाने दें।।43।।

सोचो जगत कहेगा क्या-क्या सुख की खातिर सब झुठलाया।।
वचन पिता का तोड़ दिया है पुत्र धर्म का मान गिराया।।44।।

चौदह बरस नहीं ज्यादा है पलक झपकते कट जायेंगे।।
चंद दिनों की बातें हैं ये हँसते-हँसते कट जायेंगे।।45।।

तुम सब मुझको प्रिय हो भाई कहने को बस राम ज्येष्ठ है।।
तुम सबसे मेरी हिम्मत है तुम सब कारण राम श्रेष्ठ है।।46।।

भाग्यवान है राम जगत में तुमसे भाई मुझे मिला है।।
पूर्व जन्म के सब कर्मों का फल है जो ये आज खिला है।।47।।

हम चारों में श्रेष्ठ भरत हो धर्म न्याय के तुम ज्ञानी हो।।
सूर्य सम है शौर्य तुम्हारा दयावान हो तुम दानी हो।।48।।

ऐसे मत बहलायें मुझको मेरी ये विनती सुन ली जे।।
यदि आप नहीं चल सकते हैं प्रभु सेवा का अवसर दी जें।।49।।

मैं भी प्रभु के साथ चलूँगा साया बनकर साथ रहूँगा।।
धूप ताप गरमी बरखा को मैं भी प्रभु के साथ सहूँगा।।50।।

प्रिय लखन अवध का राज सँभालो आगे अब मैं जाऊँगा।।
छोटे भाई होने का मैं सारा कर्तव्य निभाऊँगा।।51।।

बड़े भ्रात के होने पर भी छोटा भाई कष्ट सहेगा।।
त्याग धर्म सब झूठे होंगे युगों-युगों तक जगत हँसेगा।।52।।

सुनकर बात लखन जी बोले प्रभु के साथ मुझे जाने दें।।
छोटा भाई होने का प्रभु मुझको कर्तव्य निभाने दें।।53।।

मैंने माँ को वचन दिया है भैया के मैं साथ रहूँगा।।
चौदह बरस करूँगा सेवा भ्रात धरम का मान धरूँगा।।54।।

आप श्रेष्ठ हैं वहाँ अवध में सिंहासन अब आप सँभालें।।
अनुज शत्रुधन साथ रहेंगे मुझे न संशय में यूँ डालें।।55।।

त्याग समर्पण प्रेम देख कर विह्वल सब के हृदय हो गये।।
ऐसा अद्भुत दृश्य देखकर सुध-बुध अपने होश खो गये।।56।।

वचन बद्ध हैं आप पिता से मुझे कोई उपाय बताएँ।।
खाली अवध नहीं जाऊँगा मुझको कोई राह सुझाएँ।।57।।

जब तक आप रहेंगे वन में अपनी मुझे निशानी दे दें।।
चौदह बरस करूँगा सेवा अपनी एक निशानी दे दें।।58।।

चरण पादुका मुझको दे दें सिंहासन पर इसे रखूँगा।।
जब तक अवध नहीं आयेंगे चरण पादुका शीश धरूँगा।।59।।

सरयू तट पर कुटी बनाकर मैं भी अब वनवास करूँगा।।
जब तक आप नहीं आयेंगे नहीं अवध में पाँव धरूँगा।।60।।

अपना वचन निभाएं रघुवर मैं भी कर्तव्य निभाऊँगा।।
सिंहासन पर रखूँ पादुका मैं अपना धर्म निभाऊँगा।।61।।

चौदह बरस बीतने पर भी यदि आप नहीं आ पायेंगे।।
सौगंध आपकी है मुझको प्रभु मुझे न जीवित पायेंगे।।62।।

मिली निशानी चरण पादुका उसे भरत ने शीश लगाया।।
एक ने मान पिता का रखा दूजे ने भी धर्म निभाया।।63।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17 जुलाई, 2025

पीड़ा को वरदान न मिलता सब गीत अधूरे रह जाते

यदि पीड़ा को वरदान न मिलता गीत अधूरे रह जाते

पीड़ा को वरदान न मिलता सब गीत अधूरे रह जाते

कितना पाया यहाँ जगत में कुछ भोगा कुछ छूट गया,
कुछ ने मन को मन से जोड़ा कुछ से मन ये टूट गया।
टूटे मन को जुड़वाने को कितना संदेश भिजाया,
साँसों से मिन्नत कर के आहों को हर बार मनाया।

यदि साँसों का वरदान न मिलता गीत अधूरे रह जाते।

सबको एक बराबर समझा सबका पग-पग मान बढ़ाया,
जग के सारे अनुमानों पे मन ने खुद को भेंट चढ़ाया।
अधरों पे जो गीत सजे हैं साँसों ने सत्कार किया है,
नहीं शिकायत करी भाग्य से जो पाया स्वीकार किया है।

यदि रेखों का अनुमान न मिलता गीत अधूरे रह जाते।

मन की सरहद पर साँसों ने हर पल इक नवगीत सजाया,
अधरों का आभार किया है हर इक आँसू को अपनाया।
सभी दर्द को शब्द दिया है आहों का आभार जताया,
साँसों के घुटने से पहले आहों को सम्मान दिलाया।

यदि आँसू को सम्मान न मिलता गीत अधूरे रह जाते।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04 जुलाई, 2025

सपनों का उपहार

सपनों का उपहार

मेरी सुधियों में पावनता भर दे जाती हो प्यार प्रिये,
मेरे नयनों को सपनों का दे जाती हो उपहार प्रिये।

मैं पीड़ा का राजकुँवर हूँ तुम खुशियों की शहजादी हो,
मैं उपवन का एक भ्रमर हूँ औ तुम फूलों की वादी हो।
मैं हूँ पथ की तपती भूमी तुम राहों की शीतलता हो,
मैं लहरों की तेज धार हूँ तुम नदिया की कोमलता हो।

मेरे हर असहज भावों में जब भरती हो श्रृंगार प्रिये,
मेरे नयनों को सपनों का दे जाती हो उपहार प्रिये।

मैं शब्दों की पंखुरियों से मृदु कोरों को सहलाता हूँ,
न शिलालेख कहीं बन जाऊँ अपना अंतस दहलाता हूँ।
मेरा अपना क्या है जिसपर ये मेरा दिल अभिमान करे,
बस यही कामना है अधरों से हर गीतों का सम्मान करे।

अधरों से छू कर गीतों को जब देती हो आकार प्रिये,
मेरे नयनों को सपनों का दे जाती हो उपहार प्रिये।

दूर क्षितिज के प्रेमांगन में कुछ सपनों का आलिंगन है,
इस जीवन की गोधूली में और नहीं इक अनुबंधन है।
साँसों के महके सुवास में कुछ पुष्पित भाव हमारे हैं,
अंतर्मन में भाव सजे जो मैं कैसे कहूँ बिचारे हैं।

अंतर्मन को आलिंगन से जब करती हो मनुहार प्रिये,
मेरे नयनों को सपनों का दे जाती हो उपहार प्रिये।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03 जुलाई, 2025

श्री भरत व माता कैकेई संवाद

श्री भरत व माता कैकेई संवाद

देख अवध की सूनी धरती मन आशंका को भाँप गया।।
अनहोनी कुछ हुई वहाँ पर ये सोच  कलेजा काँप गया।।1।।

जिस गली गुजरते भरत आज हर गलियाँ सूनी लगती थीं।।
आज अवध की सारी नजरें उस कोमल मन को चुभती थीं।।2।।

क्या हुआ शत्रुघन आज अवध को क्यूँ ऐसे हमको तकते हैं।।
कुशल क्षेम की बातें छोड़ो मुख फेर सभी क्यूँ चलते हैं।।3।।

देख घृणा के भाव नजर में दोनों का मन अकुलाता है।।
अनहोनी कुछ हुई अवध में मन भय से बैठा जाता है।।4।।

सूनी-सूनी गलियाँ सारी सरयू में भी जोश नहीं था।।
बेसुध लगी अयोध्या नगरी खग मृग तक को होश नहीं था।।5।।

राज महल के द्वार पहुँच कर जब देखा उजड़े उपवन को।।
मन आशंकित हुआ भरत का खलने लगी शांति तन मन को।।6।।

देख रहे जिस ओर भरत सब नेत्र अश्रु जल से भारी थे।।
बेचैनी से लगे पूछने द्वार-पाल से दरबारी से।।7।।

देख भरत को राज महल में माता दौड़ी थाल सजाकर।।
करूँ आरती राज कुँवर की मुँहमाँगी इच्छा को पाकर।।8।।

राज महल का कोना-कोना सब बिखरा-बिखरा लगता था।।
कैकेई को छोड़ सभी का मुख उतरा-उतरा लगता था।।9।।

गुरु के सम्मुख गये भरत फिर जब हाल सुना उनके मुख से।।
क्षोभ नयन में उतरा ऐसे और कलेजा बैठा दुख से।।10।।

गये कक्ष में माता के फिर सब देख बहुत अफसोस हुआ।।
झर-झर अश्रु बहे नयनों से मुख माँ का देखा क्रोध हुआ।।11।।

सूनी-सूनी राज महल है इक बस तुमको शोक नहीं है।।
अपने इस कुकृत्य पे बोलो तनिक कहो अफसोस नहीं है।।12।।

माँ कितना भरत अभागा है जो तुमने मुझको जाया है।।
अपने इस व्यवहार से कहो माँ क्या-क्या तुमने पाया है।।13।।

अपने ही पुत्रों में माता ये कैसा तुमने भेद किया।।
भाई-भाई को अलग किया अरु प्रभु को वन में भेज दिया।।14।।

कैसा माँगा वर माँ तुमने लाज नहीं क्यूँ तुमको आई।।
ऐसा घाव दिया है तुमने आज जगत में कोख लजाई।।15।।

क्षमा करूँगा कैसे खुद को मैं कैसे सम्मुख जाऊँगा।।
क्या बोलूँ कौशल्या माँ से मैं कैसे मुख दिखलाऊँगा।।16।।

अपराधी हूँ आज अवध का मुझको न कहीं का छोड़ा है।।
दूषित रिश्ते कर डाले हैं माँ मान भरत का तोड़ा है।।17।।

क्या अपराध हुआ है बोलो मैंने बस प्रण याद दिलाया।।
अपने सुत को राज मिले बस राजन को इतना समझाया।।18।।

हाय तुमने क्या किया है ये अक्षम्य है अपराध सारा।।
प्रभु राम को वनवास देकर जीते जी मुझको है मारा।।19।।

प्रभु राम के बिन देह ये मृत क्या तिलक और क्या सिंहासन।।
जब देह ही मृत हो चुकी हो कहो करेगी कैसे शासन।।20।।

हे माँ तुम्हें क्या कहूँ मुझपर कैसा कलंक लगाया है।।
पुत्रमोह में पड़कर माता ये कैसा धर्म निभाया है।।21।।

हे तात-तात कहते-कहते बेसुध भरत हुए जाते थे।।
झर-झर अश्रु नेत्र से बहते मन ही मन कुढ़ते जाते थे।।22।।

जो ना जाता छोड़ अवध को ऐसा कोई पाप न होता।।
हाथ पिता का रहता सिर पर भाई को वनवास न होता।।23।।

सारा दोष विधाता मेरा क्यूँ माँ ने मुझको जाया है।।
मुझसे मेरा प्राण छीनकर तुम कहो मात क्या पाया है।।24।।

कैसे मुख दिखलाऊँ बोलो आज अवध का अपराधी हूँ।।
अब जीने का अधिकार नहीं मैं मृत्यु दंड का भागी हूँ।।25।।

माता होकर के माता का क्यूँ तुमने कोख उजाड़ा है।।
इससे अच्छा बंध्या रहती क्यूँ मेरा जन्म बिगाड़ा है।।26।।

जी करता है तुझे त्याग दूँ सारे रिश्ते नाते तोड़ूँ।।
लेकिन तूने मुझे जना है इस सच से कैसे मुख मोडूँ।।27।।

रिश्तों की मर्यादा तोड़ी रघुकुल का अपमान किया है।।
जीवन भर अफसोस रहेगा तुमने ऐसा काम किया है।।28।।

जी करता है तुझे मृत्यु दूँ पर मन ही मन मैं डरता हूँ।।
मेरे प्रभु ना मुझे त्याग दें जा क्षमा तुझे मैं करता हूँ।।29।।

स्वयं तुझे मालूम नहीं है तुमने कैसा पाप किया है।।
हुआ कलंकित भरत अवध में तुमने ऐसा शाप दिया है।।30।।

तोड़ रहा हूँ तुमसे रिश्ता अब पास नहीं मैं आऊँगा।।
यही सजा है तेरी अब मैं न माता कहकर बुलाऊँगा।।31।।

राजपाट तुमको प्यारा है सब तुझे समर्पित करता हूँ।।
तेरे इस कुकृत्य पे माता मैं खुद को दंडित करता हूँ।।32।।

है सौगंध विधाता मुझको कुछ और नहीं मैं माँगूँगा।।
अब जब तक प्रभु ना आयेंगे सब सुख जीवन का त्यागूँगा।।33।।

वनवास नहीं केवल प्रभु का मुझको भी वनवास दिया है।।
कलंक लगा मेरे माथ पर मेरा ही उपहास किया है।।34।।

त्यागूँगा मैं राज महल को अब वल्कल मैं भी धारूँगा।।
अब जब तक प्रभु ना आयेंगे इस चौखट में ना आऊँगा।।35।।

इतना कहकर भरत चल दिये नेत्र अश्रु जल से भारी थे।।
भाई का भाई से रिश्ता सारे रिश्तों पर भारी थे।।36।।

✍️ अजय कुमार पाण्डेय
     हैदराबाद
    10 जुलाई, 2025

राम वनगमन व दशरथ विलाप

श्री राम वनगमन व श्री दशरथ विलाप

माता के मन में स्वार्थ का एक बीज कहीं से पनप गया।
युवराज बनेंगे रघुवर सुन माता का माथा ठनक गया।।1।।

जब स्वार्थ हृदय में छाता है संबंध बिखरने लगते हैं।
खुशियों से पहले अंतस को संताप जकड़ने लगते हैं।।2।।

दो वचनों का प्रण उधार है ये वक्त उचित है माँगूँगी।
पुत्र बने युवराज न जब तक मैं अन्न और जल त्यागूँगी।।3।।

हठ सुनकर के कैकेयी का दशरथ जी का मन डोल गया।
पैरों से धरती निकल गयी सर से भी अंबर डोल गया।।4।।

ऐसा स्वांग रचा विधना ने पल भर में उत्सव बिखर गया।
जो नभ खुशियों से गुंजित था पल भर में मातम पसर गया।।5।।

मान वचन का रखा पिता के सब आदेशों को मान लिया।
चौदह वर्ष रहूँगा वन में रघुवर ने मन में ठान लिया।।6।।

मनमाफिक वचन मिला जैसे कैकेयी मन में फूल गयी।
भरत के भ्रातृ प्रेम भाव को कैकेयी उस पल भूल गयी।।7।।

राजमहल में कुछ पल पहले खुशियों का पग-पग डेरा था।
यूँ वज्रपात सा हुआ वहाँ मातम का पसरा फेरा था।।8।।

सूनी हुई अयोध्या नगरी सूने-सूने आकाश गगन।
मद्धम हुआ दिवस का फेरा अरु मौन हो गयी आज पवन।।9।।

वल्कल वेश देख राघव का श्री दशरथ मन में क्षोभ हुआ।
क्यूँ ऐसा वचन दिया पत्नी को खुद पर इतना क्रोध हुआ।।10।।

व्यर्थ क्षोभ करते हैं राजन सौभाग्य मेरा वापस आया।
रघुकुल की है रीत सदा के प्राण त्याग कर वचन निभाया।।11।।

मात-पिता की आज्ञा पालन यही इस जीवन का मूल है।
अपने प्रण का धर्म निभाना यही धर्म ग्रन्थ का मूल है।।12।।

माता का आदेश पिताश्री किस विधि मैं अब करूँ अनसुना।
राम बड़ा किस्मत वाला है जो विधना ने है उसे चुना।।13।।

राम बिन जीवन व्यर्थ मेरा अब इसका है कुछ मोल नहीं।
बिना प्राण के देह रहेगी इन साँसों का कुछ मोल नहीं।।14।।

कितनी तप कितनी पूजा की तब जाकर तुमको पाया है।
बदनसीब दशरथ कितना जो विधना ने दिन दिखलाया है।।15।।

अपने पुत्रों में भेद किया इतिहास सदा धिक्कारेगा।
युगों-युगों तक हुई भूल पे जग मुझको ताना मारेगा।।16।।

अब उम्र के इस सांध्य पल ने ये कैसा दिन दिखलाया है।
कि पुत्र वियोग की इस पीड़ा ने मेरा दिल दहलाया है।।17।।

किधर जा रहे छोड़ मुझे यूँ राम दिखाओ मुझको सूरत।
तुम बिन अब पाषाण देह है निर्जीव शिला की है मूरत।।18।।

कौन मेघ में छुपे हुए हो अब पास पुत्र तुम आ जाओ।
तपती धरती है जीवन की कुछ बूँदें तो बरसा जाओ।।19।।

जीवन के इस अंतिम क्षण में मुझ पर बस इतनी दया करो।
तोड़ो वंश की सभी परंपरा आकर मेरी बाँह धरो।।20।।

पुत्र वियोग की इस पीर को मैं और नहीं सह पाऊँगा।
यदि मुख राम का न देख सका तो प्राण यहीं तज जाऊँगा।।21।।

कौन सा वन मुझे बतलाओ गया जहाँ राम पियारा है।
सूना करके अवध धरा को अब किस वन राम सिधारा है।।22।।

राम अकेले नहीं गया है संग-संग सीता प्यारी है।
जीवन के अंतिम बसंत में ये किस्मत मुझपर भारी है।।23।।

क्या सोचेंगे जब जानेंगे जनक मिरे निर्णय को सुनकर।
जिस घर ब्याही जनक नंदिनी कैसे घर वो हुआ भयंकर।।24।।

गया लक्ष्मण प्रिय भी साथ में धिक्कार मुझे इस जीवन पे।
निर्जीव हो चुका गात मेरा अब प्राण नहीं है इस तन में।।25।।

मेरे नयनों की पुतली से ज्योति कहीं खोती जाती है।
भोर दिवस हो सांध्य रात हो बेचैनी बस तड़पाती है।।26।।

कितना बेबस हुआ आज मैं अब मेरा कुछ आधार नहीं।
कहने को बस मैं नरेश हूँ पर मेरा कुछ अधिकार नहीं।।27।।

कौन जनम की सजा मिली हाय विधना ने क्या खेल खेला।
इतने बड़े जगत में दशरथ हाय हो गया आज अकेला।।28।।

इक त्रिया के जाल में फँसकर अपनी साँसों को त्यागा है।
कोई कहे ब्रह्याण्ड में मुझसा भारी कौन अभागा है।।29।।

नहीं पता था मुझको मेरा बड़बोलापन तड़पायेगा।
ये पत्नि मोह का अंधापन ऐसा दिन भी दिखलायेगा।।30।।

मुझसे मेरा सबकुछ लूटा यूँ बेबस कर मुझको मारा।
जाने किसकी नजर लगी है किसने मेरा मान उजाड़ा।।31।।

राम बिना अब कैसा जीना क्यूँ धरा नहीं फट जाती है।
हाय अभागा कितना हूँ मैं कि मृत्यु भी मुझे सताती है।।32।।

जिसके चलने से देव दनुज नर किन्नर शीश झुकाते हैं।
किन कर्मों की सजा मिली है सब मुझसे मार्ग बराते हैं।।33।।

इन नैनों से कह दो कोई जग और न अब मैं देखूँगा।
काल कोठरी ही जीवन है अब अंधकार ही भोगूँगा।।34।।

ऊब चुका हूँ इस जीवन से अब बिना राम के क्या जीना।
जब जीवन ही विष बन जाये फिर घूँट-घूँट क्यूँ कर पीना।35।।

फूलों पर जो पाँव चले हैं क्या काँटों पर चल पायेंगे।
मखमल बिस्तर पर सोते थे वो कैसे रात बितायेंगे।।36।।

मखमली बिछौने राजमहल के सब बिना राम के चुभते हैं।
किसे दिखाऊँ घाव यहाँ मैं साँसें भी मन को दुखते हैं।।37।।

लाड़ प्यार से पली महल में जनक दुलारी प्यारी सीता,
धिक्कार मुझे आज स्वयं से तोड़ा मैंने मान सभी का।।38।।

बड़ी बेहया देह हुई है अब बिना प्राण के ये तन है।
बड़ी बेशरम जान हुई ये जो बिना राम के अब तक है।।39।।

रात दिवस अब नहीं सुहाते अब वक्त नहीं ये कटता है।
कितना पत्थर दिल है मेरा इस दर्द पे भी न फटता है।।40।।

चाह नहीं जीने की मुझको है मेरा जीवन घट रीता।
मुझे बता दो कहाँ छुपे हैं राम लखन मेरी प्रिय सीता।।41।।

अंतिम पल है इस जीवन का अब मुखड़ा तो दिखला जाओ।
अंतिम इच्छा इस जीवन की विधना इतना मत तड़पाओ।।42।।

मेरा जीवन मेरा सबकुछ हो साँस-साँस तुम प्राण-प्राण।
अंतिम दरस दिखा दो मुझको राम तुम्हीं मेरे भगवान।।43।।

कहाँ छोड़ कर दूर जा बसे अब तो आओ राम पियारे,
यूँ कहते-कहते राम-राम दशरथ जी सुरधाम सिधारे।।44।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
         01 जुलाई, 2025

 







प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

एक दूजे को हम इतना अधिकार दें,
के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें।

एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं,
बात अधरों पे आये तो हम बोल दें।
मन के चौखट पे जब दर्द याचक बने,
मन के चौखट का हर द्वार हम खोल दें।

दिल के हर दर्द को इतना अधिकार दें,
के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें।

मुझमें मेरा न कहने को बाकी रहे,
मैं साँस से आस तक सब समर्पित करूँ।
ऐसे बैठूँ तुम्हारे गगन के तले,
अपना आकार तुम में मैं अर्पित करूँ।

अपने आकार को इतना अधिकार दें,
के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें।

कल खो न जायें कहीं गीत ये पृष्ठ में,
इसे अधरों से छूकर के आवाज दें।
यूँ भाव अमरत्व के गीत में जग उठे,
अपनी साँसों से हर पंक्ति को साज दें।

गीतों की पंक्तियों को यूँ आकार दें,
के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें।

मौन कितना भी हम दोनों रह लें मगर,
ये भावनाएं हृदय की रुकेंगी नहीं।
हम गीत लिखकर हृदय में छुपा लें मगर,
ये नैन के कोर में अब रुकेंगी नहीं।

भावनाओं को हम ऐसी पतवार दें,
के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें।

✍️ अजय कुमार पाण्डेय
      हैदराबाद
      15 जून, 2025





प्यार की इक निशानी

प्यार की इक निशानी

फिर नयन के द्वार ठहरी मौन व्याकुल बन कहानी
ढूँढता है दिल जिसे वो प्यार की है इक निशानी।

भीड़ है लेकिन हृदय का कोर सूना है कहीं पर,
श्वास की हर मौन गति में गीत सूना है कहीं पर।
बाँवरा मन ढूँढता है रिक्तियों में राजधानी,
फिर नयन के द्वार ठहरी मौन व्याकुल बन कहानी।

जाने किन-किन रास्तों पे शूल बन बैठी हवाएँ,
ढूँढती है शून्य में खो चाँदनी अपनी दिशाएँ।
फिर हुईं रातें कलंकित घुट रही है रात रानी,
फिर नयन के द्वार ठहरी मौन व्याकुल बन कहानी।

लालसा इतनी जटिल थी काँच को कंचन बनाया,
हर महकती चीज को गात का चंदन बताया।
जब हुईं साँसें सशंकित तब किया क्या सावधानी,
फिर नयन के द्वार ठहरी मौन व्याकुल बन कहानी।

रिक्तियों के भाव ले कब तक हृदय जीता रहेगा,
अंक रीता है यहाँ जो कब तलक रीता रहेगा।
कब तलक अंतस करेगी शून्यता की बागवानी,
फिर नयन के द्वार ठहरी मौन व्याकुल बन कहानी।

है प्रतीक्षा उस घड़ी की आगमन हमसे कहेगी,
द्वार हो आहट तिहारी आचमन साँसें करेंगी।
कब तलक कोरी रहेगी पृष्ठ पे दे दो निशानी,
फिर नयन के द्वार ठहरी मौन व्याकुल बन कहानी।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        12 जून, 2025

मन पलाश वन

मन पलाश वन

मत पूछो के पंचवटी से मन पलाश वन कैसे छूटा,
कैसे छूटा नेह जगत का तन उदास मन कैसे रूठा।
मत पूछो के पंचवटी से मन पलाश वन कैसे छूटा।

सोचा था मन ने जीवन में निज आहों का धर्म बहुत है,
समझा था के तन मधुवन में निज साँसों का मर्म बहुत है।
लेकिन शब्दों की माया में उलझा जीवन ऐसे रूठा,
बड़ी दूर तक समझ न पाये मन का बंधन कैसे टूटा।

मत पूछो के पर्णकुटी से मन सुवास घन कैसे छूटा,
कैसे छूटा प्रेम जगत का तन उदास मन कैसे रूठा।

स्वर्णजड़ित सपनों के पीछे सच्चाई मन देख न पाया,
सुख निद्रा में ऐसे उलझे पीड़ा का मन देख न पाया।
सूखे होठों पर है आयी एक प्यास जब कहीं अभय की,
तब जाकर के हमने जाना होती है क्या चाह हृदय की।

मत पूछो के स्वर्णकुटी से मदिर आस धन कैसे छूटा,
कैसे छूटा मोह स्वर्ण का धन विलास मन कैसे रूठा।

बाहर का रण जीता हर पल भीतर का दुख समझ न पाये,
पुष्पक रथ पर बैठे ऐसे धूलों का सुख समझ न पाये।
दिशाहीन हो गयी जिंदगी ऐसे झंझाओं में उलझे,
मौन अकेले सरिता तट पर अपनी लहरों में ही उलझे।

मत पूछो के सरिता तट से लहर प्रेम मन कैसे छूटा,
कैसे छूटा मोह सरित का मन हताश प्रण कैसे छूटा।
मत पूछो के पंचवटी से मन पलाश वन कैसे छूटा।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        11जून, 2025

वादा करो

वादा करो

मैं सौ-सौ जनम राहें तेरी तकूँ,
तुम मिलन का जो मुझसे वादा करो।

नैन की पंखुरी मैं बिछाऊँ सदा।
मैं पलकों से कंटक हटाऊँ सदा।
अश्रु बूँदों से सींचूं मैं ये चरण,
और फिर माथ से मैं लगाऊँ सदा।

मैं सौ-सौ जनम सपने तेरी गुहूँ,
तुम मिलन का जो मुझसे वादा करो।

रात भर सिलवटों में उलझती रहे।
चाँदनी रात करवट बदलती रहे।
चाँद का ये सफर भी अधूरा रहे,
रात रानी भले ही मचलते रहे।

उम्र भर सिलवटों को मनाती रहूँ,
तुम मिलन का जो मुझसे वादा करो।

यूँ प्रतिक्षा में कब तक गुजरती रहूँ।
कुछ कहो मौन कब तक सुलगती रहूँ।
ये उम्र क्या यूँ ही गुजर जायेगी,
कुछ कहो मौन कब तक पिघलती रहूँ।

उम्र भर जो कहो तो सुलगती रहूँ,
तुम छुवन का जो मुझसे वादा करो।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        11 जून, 2025

किसकी बाट निहारूँ

किसकी बाट निहारूँ

जब पलकों की पंखुरियों से, यादें घन बन झर-झर बरसें,
इतना तो बतला दो मुझको, उस पल किसकी बाट निहारूँ।

अपने-अपने आँचल में सब, अपनी दुनिया ले खोये हैं,
आसमान के चाँद सितारे, मेरी रातों के सोये हैं।
हर सिलवट में चीख रही है, मेरे सपनों की आवाजें,
मौन हुए अरमान सभी यूँ, अधरों पर अब किसको साजें।

जब आँचल से अरमानों की प्यास बूँद बन झर-झर बरसे,
इतना तो बतला दे मुझको, उस पल किसका नाम पुकारूँ।

गाऊँ कैसा गीत कि जिससे, पत्थर दिल विह्वल हो जाये,
कैसे कहो मनाऊँ जिससे, साँसों को संबल मिल जाये।
गली-गली घूमूँ बंजारा, बैरन अपनी परछाईं है,
किसे दिखाऊँ पीर हृदय की, सूनी मन की अँगनाई है।

जब परछाईं स्वयं विलग हो, अपनी ही छाया में झुलसे,
इतना तो बतला दे मुझको, उस पल किसकी छाँव निहारूँ।

टूट गया दर्पण अंतस का, जाने किसकी नजर लगी है,
होगी सबकी रात चाँदनी, अपने आँगन धूप जगी है।
रात चाँदनी लिपट नयन से, आँसू से पग धोये कब तक,
सूने सपनों की आहों को, नयन कोर ये ढोये कब तक।

छोटे से जीवन के सपने, कहो हृदय में जब-जब हुलसें,
इतना तो बतला दे मुझको, उस पल किसको बाँह पसारूं।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       10 जून, 2025

आज के आगोश में खुद को न देखा

आज के आगोश में खुद को न देखा

एक अनुमानित हृदय की कामना बन
आस के अनुप्रास के अहसास में हम
भूत की पगडंडियों में मात देखा
अंक में जो प्राप्त था उसको न देखा
मौन कल की भीड़ में खुद को तलाशा
मौन सम्मुख भीड़ में वो था सुना सा
जो नजर के सामने उसको न देखा
आज के आगोश में खुद को न देखा।

हाथ से जाने लगा अपना समर्पण
जब हृदय में रह सका न मन का दर्पण
शून्य में भटकी इरादों को कियारी
जब समय के अंक तड़पी मन बिचारी
स्वयं को हमने दिया झूठा दिलासा
बंद था लेकिन लगा हमको खुला सा
स्वयं के अहसास में खुद को न देखा।
आज के आगोश में खुद को न देखा।

जब वो हथेली से कहीं झरने लगी 
बन बूँद बारिश कोर से गिरने लगी 
मौन पलकों को वहाँ कितना सँभाला
दर्द के आभास को पल-पल निकाला
हम खोजते रह गये कितनी हताशा
चल रहा लेकिन लगा कुछ-कुछ रुका सा
स्वयं के दर्पण में खुद को ना देखा
आज के आगोश में खुद को न देखा।

थम गये सभी रास्ते मंजिल न आई
उम्र भर चलते रहे पर मिल न पाई
अब प्रतीक्षा बन गयी मन की उदासी
भोर को भी अब लगी आने उबासी
अब करे किससे शिकायत मन यहाँ पर
कौन जाने मन गिरा जाने कहाँ पर
यूँ वक्त में उलझे कि न फिर उम्र देखा
आज के आगोश में खुद को न देखा।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06 जून, 2025

हम सपनों का संसार बनायें

हम सपनों का संसार बनायें

नजरों के उस पार गगन में जहाँ रश्मियों में विचलन हो,
वहाँ गीतिका के बोलों को दीपों का आधार बनायें।
हम गीतों का संसार बनायें।

फूलों की पंखुरियों से हम रंग गुलाबी ले आयें,
सभी युगों में प्रासंगिक हो भाव प्रभावी ले आयें।
साँसों की आहट को सुनकर भावों का विस्तार करें,
नयन कोर के नव सपनों के आगत का मनुहार करें।
सपनों की उस नयन कोर से कहीं अधूरी अनबन हो,
वहाँ प्रीत के मृदु बोलों को सपनों का आधार बनायें।
हम सपनों का संसार बनायें।

एक दर्पण जो हृदय के भाव चित्रों को उकेरे,
राग के संवेग के मन प्राण गीतों को उकेरे।
मन बने शिल्पी हृदय के चित्त को विस्तार दे दे,
हो चुके अव्यक्त निर्गुण को गुणों का सार दे दे।
जोड़ने में यदि हृदय के कोर में कहीं उलझन हो,
चित्त में अनुराग घोलें गीत में मनुहार गायें।
हम सपनों का संसार बनायें।

मन बने शिल्पी कि जिसका भाव हो कोणार्क सारा,
मन सोचता है हो सृजन में नेह में परमार्थ सारा।
रेत में लिख दें लहर से हो अमिट जो कामनाएँ,
और सदियों तक छुवन हो गीत की हर भावनाएँ।
भावनाओं की छुवन में थोड़ी सी फिसलन भी हो,
साँच को स्वीकार कर हम साँस में व्यवहार गायें।
हम सपनों का संसार बनायें।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05 जून, 2024

कामनाओं का गीत

कामनाओं का गीत

यूँ ही कोई गीत मेरे भाव को छुए नहीं,
एक तेरे गीत ने ही भावों को सँजो दिया।

छप रहे हैं भाव कितने रोज ही किताबों में,
पढ़ रहे हैं चाहतों को रोज हम हिसाबों में।
कि भावनाओं की तपिश में राहतें बिखर गईं,
ये उम्र देखती रही के चाहतें किधर गईं।

भावनाओं की तपिश से मुझको कुछ गिला नहीं,
एक तेरे भाव ने ही नैनों को भिंगो दिया।

ये उम्र दौड़ती रही है उम्र की तलाश में,
और खुद को तौलते रहे आस में पलाश में।
के एक रंग में कहाँ ये उम्र ढल सकी कहो,
जो सात रंग ना सजे क्या उम्र सज सकी कहो।

कि एक रंग की कशिश से रंगों को गिला नहीं,
एक तेरे चाह ने हर रंगों को सँजो दिया।

है क्या जगत की रीत ये मुझको कुछ पता नहीं,
हार क्या है जीत क्या है मुझको कुछ पता नहीं।
क्या जगत की वेदना का अंत है ना छोर है,
क्यूँ हृदय पे चेतना पे वासना का शोर है।

मेरी हार से यहाँ पे किसी को कुछ मिला नहीं,
पर तेरी जीत ने मेरी हार को सँजो दिया।

जो लिख रहा हूँ गीत मैं तेरा ही प्रभाव है,
हर पंक्ति-पंक्ति प्रेम है हर गीत-गीत भाव है।
हर छंद-छंद कामना हर बंध-बंध प्रार्थना,
हर शब्द-शब्द से हृदय के भाव-भाव साजना।

कि मेरी प्रार्थनाओं को नगर कभी मिला नहीं,
तेरी प्रार्थना ने मेरी कामना सँजो दिया।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        28 मई, 2025

गीत पूरे हो गए

गीत पूरे हो गए

यूँ तो चाहतों के गीत हमने हैं लिखे बहुत,
तूने जो छुआ तो मिरे गीत पूरे हो गए।

के शब्द-शब्द में हृदय के भाव टांकते रहे,
कि पंक्तियों के साथ-साथ हम भी जागते रहे।
ये छंद जब मुखर हुए तो प्रीत नाचने लगी,
सब मौन तोड़ कर अधर पे गीत साजने लगी।

यूँ तो भावनाओं के ये गीत हैं लिखे बहुत,
कि तूने जो छुआ तो मिरे गीत पूरे हो गये।

हमने पंक्ति में सदा लिखी उम्र की कहानियाँ,
प्यार-प्रेम के, बिछोह के, स्वभाव की निशानियाँ।
शब्द-शब्द धड़कनों के बोल में समा गये,
जो नैन कोर से मिले तो कोर को सजा गये।

हमने नैन कोरों के वो गीत हैं लिखे बहुत,
तेरी कोर से मिले तो गीत पूरे हो गये।

ना छू सकें अधर को तो पंक्तियाँ अधूरी हैं,
स्वभाव के बिना हृदय की वृत्तियाँ अधूरी हैं।
दिल में हो न भाव तो श्रृंगार सारे व्यर्थ हैं,
जो नेह का अभाव हो तो ज्ञान का न अर्थ है।

नेह और श्रृंगार के यूँ गीत हैं लिखे बहुत,
तेरे नेह में मिले तो गीत पूरे हो गये।

व्याकरण अधूरे सारे छंद भी न पूरे हैं,
स्पर्श के बिना तुम्हारे गीत ये अधूरे हैं।
हैं भाव-भाव छंद बद्ध साँस-साँस प्रीत है,
मन के भाव साजना ही व्याकरण की रीत है

के साँस के स्वभाव के यूँ गीत हैं लिखे बहुत,
तेरे साँस से मिले तो गीत पूरे हो गये।

कि उम्र भर कदम मेरे ये राह नापते सदा,
तुम न मिलते जो यहाँ तो राहें ताकते सदा।
इक तुम्हारे आने से हजार राह खुल गयी,
हम साथ-साथ चल दिये तो राह-राह मिल गयी।

हमने राह के निबाह के गीत हैं लिखे बहुत,
कि राह-राह तुम चले तो गीत पूरे हो गये।|


©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        27 मई, 2025

व्यंग्य- अभी भी जवान हैं

व्यंग्य- अभी भी जवान हैं

खत के बालों से 
सफेदी क्या झाँकने लगी
युवतियाँ छोड़ो 
आंटियाँ भी बगले ताकने लगीं।
अजीब तो तब लगता है 
जब कोई बुजुर्ग महिला 
अंकल बुला देती है
युवा होने के दंभ को
धीरे से सुला देती है।
इससे भी अजीब तब होता है
जब उन्हें हम बेटी कह के बुलाते हैं
तो नाक सिकोड़ कर 
हमें भौंहें दिखाते हैं।
हमारे सारे संस्कार 
उन्हें बौने नजर आते हैं
उन्हें हम महज
खिलौने नजर आते हैं।
कुछ देर के लिए 
खेलते हैं छोड़ देते हैं,
हम जब खेलते हैं तो 
नजरों को मोड़ लेते हैं।
अब इन्हें कौन समझाए
हमें अंकल कह कर 
जवान हो नहीं जायेंगी,
लाख छुपाएं 
झुर्रियों को मेकअप से 
वो निशान 
छुपा नहीं पायेंगी।
अपना क्या 
हम तो सदाबहार रहते हैं,
उम्र के हर दौर में 
हम तैयार रहते हैं।
उम्र भले ढले
पर दिल तो जवान है,
सारे खंडहरों के बीच
अपना ही सुंदर मकान है।

✍️अजय कुमार पाण्डेय
     

मुक्तक

भाव बन गीत नयनों से बहने लगे।
सभी कहे-अनकहे भाव कहने लगे।
किसी और साथ की फिर जरूरत नहीं,
भाव और गीत जब साथ रहने लगे।

जब मिला साथ तेरा महकने लगे।
मौन जो भाव थे वो चहकने लगे।
अब नशे की मुझे कुछ जरूरत नहीं,
बिन पिये ही कदम ये बहकने लगे।

दर्द को प्रेम ने ऐसा जीवन दिया।
प्रेम को दर्द ने अपना मन जब दिया।
प्रेम का दर्द से ऐसा रिश्ता रहा,
छोड़ कर तन यहाँ दोनों ने मन जिया।

दूरियों को खतम साथ ने कर दिया।
शाम को सुरमई आपने कर दिया।
इक कसक सी कहीं रह गयी जो यहाँ,
दूर सब आपकी बात ने कर दिया।

मोहब्बत की कहानी के पन्ने कम नहीं होंगे।
दिलों की राजधानी में दिवाने कम नहीं होंगे।
यूँ मिलेंगे चाहने वाले हजारों इस कहानी में,
मगर उस कहानी में कहीं भी हम नहीं होंगे।



अधूरे गीत

अधूरे गीत

कैसे लिखते यहाँ गीत हम प्यार के,
शब्द बिन आपके सब अधूरे रहे।

जोड़ कर लम्हों की एक चादर बुनी,
कोर में जिसके सपने सजाए सदा।
कोरों में टांक कर चाहतों की लड़ी,
साँसों को आस से हम मिलाये सदा।

टांकते कैसे हम कोर में प्यार को,
आपकी चाह के बिन अधूरे रहे।

उम्र ढलती रही अपनी रफ्तार से,
एक प्रतीक्षा हृदय में दबी रह गयी।
एक कसक से रही जीत में हार की,
खुल ना पाई हृदय में दबी रह गयी।

कैसे लिखते यहाँ गीत मनुहार के,
आपके साथ के बिन अधूरे रहे।

पास गीतों की कुछ पंक्तियाँ हैं बचीं,
तुम जो छू लो अधर से सहारा मिले।
छंद फिर खिल पड़ें गीत में चाहों के,
फिर जो वो ही पुराना इशारा मिले।

कैसे गाता हृदय गीत इकरार के,
आपके स्पर्श बिन वो अधूरे रहे।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        22 मई, 2025

आँसुओं के बोध में घुल गीत ये मुस्का रहे हैं

आँसुओं के बोध में घुल गीत ये मुस्का रहे हैं

रह न पाया एक दिन भी भाव को अपने छुपाकर,
रह न पाया दर्द के अहसास को दिल में दबाकर।
रिस रहा है जो हृदय से भाव बन अनुरोध मेरा,
साँस जो छूती रगों को नेह का है बोध मेरा।

साँस में अनुरोध भी घुल गीत को महका रहे हैं।

कब ढल गयी ये जिंदगी कब सजा आकार मेरा,
चाहा पर न जान पाया प्रीत का आधार मेरा।
फाँस सी चुभती रही पर देखने में कुछ नहीं थी,
आँख सब लिखती रही पर बाँचने में कुछ नहीं थी।

मौन मन में मोह घुलकर प्रीत को दहका रहे हैं।

उम्र प्रतिपल ढूँढती थी जीत में मुस्कान मेरी,
मखमली पैबंद में पर खो गयी पहचान मेरी।
उम्र भर पाया बहुत पर खो गयी मणिदीप भाषा,
अब सशंकित क्या करेंगी मेरे हृदय को ये निराशा।

उम्र अब मनबोध में घुल जीत को महका रहे हैं।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21 मई, 2025


साँसों का सुमधुर गान

साँसों का सुमधुर गान 

पलकों की चौखट पर सपने तब तक हैं अनजान प्रिये,
अधरों पर जब तक ना आये स्नेहिल मृदु मुस्कान प्रिये।

सारे गान अधूरे तब तक अधरों पर जब तक ना आये,
साँसों की मुस्कान अधूरी जब तक अंतर्मन ना गाये।
अंतस के भावों से जीवन ये तब तक है अनजान प्रिये,
अंतस में जब तक ना आये स्मृतियों का मृदु गान प्रिये।

दृग गागर से बूँद छलक कर जब तक मन को ना मदमाये,
खुशियों का सागर नयनों से निज कमल कपोलों पर छाये।
नयन बूँद के नम भावों से पलकें तब तक अनजान प्रिये,
नयनों की बूँदों को जब तक ना मिल जाये पहचान प्रिये।

जब तक प्रीत अधर ना छू ले तब तक मन मधुमास न होता,
व्याकुल रहता हिय का कोना यादों में आकाश पिरोता।
अहसासों के पुण्य भाव से मन तब तक है अनजान प्रिये,
हिय में जब तक गुंजित ना हो साँसों का सुमधुर गान प्रिये।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        16 मई, 2025

अपने राम को ध्याऊँ

अपने राम को ध्याऊँ

इस जीवन के सब पुण्य फलित हों ऐसा मन बन जाऊँ,
त्याग दूँ सारे मोह जगत के बस मैं राम को ध्याऊँ।

साँस-साँस में नाम जपूँ मैं अब और न कुछ मैं सोचूँ,
नैन तिहारा रूप सजाऊँ अब और न कुछ मैं देखूँ।
कण-कण में प्रभु रूप बसत है तिन में ही शीश झुकाऊँ,
त्याग दूँ सारे मोह जगत के बस मैं राम को ध्याऊँ।

जीवन एक समंदर अपना है तेज बड़ी ये धारा,
जीवन के इस महा सिंधु में बस राम हि खेवनहारा।
धार-धार में प्रभु को पूजूँ मैं पग-पग शीश नवाऊँ,
त्याग दूँ सारे मोह जगत के बस मैं राम को ध्याऊँ।

लोभ मोह से मुक्त बने मन प्रभु भीतर हो उजियारा,
ज्ञान-ध्यान की ज्योति जला दो चहुँओर मिटे अँधियारा।
वेद पुराण ग्रन्थ हो जीवन मैं तिन में ही रम जाऊँ,
त्याग दूँ सारे मोह जगत के बस मैं राम को ध्याऊँ।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        12 मई, 2025

चल पड़ा पार्थ देखो आँधियों को चीरते

चल पड़ा पार्थ देखो आँधियों को चीरते

खण्ड-खण्ड हो रही सभी शिलाएँ मार्ग की,
चल पड़ा पार्थ देखो आँधियों को चीरते।

क्या सकेंगे रोक रिपू पार्थ के प्रवाह को,
चल पड़ा है सूर्य आज रोकने गुनाह को।
हर कदम के शूल आज पुष्प बन रहे यहाँ,
कंटकों से रास्तों में गीत लिख रहे यहाँ।
शूल-शूल गीत की हर पंक्ति-पंक्ति बींधते,
चल पड़ा पार्थ देखो आँधियों को चीरते।

आ गया है वक्त आज शत्रु के विनाश का,
हो चला वक्त देखो फिर से नव प्रकाश का।
रश्मियाँ भी व्योम में अल्पनाएं रच रहीं,
वीरता के माथ की कामनाएं जँच रहीं।
अल्पना की पंक्ति को रिपु लहू से सींचते,
चल पड़ा पार्थ देखो आँधियों को चीरते।

व्यूह में यहाँ न अभिमन्यु फिर फंसेगा अब,
क्रूरता का फल यहाँ कुरु वंश चखेगा अब।
शंखनाद हो चुका है युद्ध ये प्रचंड है,
मात्र मृत्यु ही यहाँ पे दंभी का दंड है।
शत्रु के शिविर में हर शत्रुओं को चीखते,
चल पड़ा पार्थ देखो आँधियों को चीरते।

युद्ध ही अंत हो तो युद्ध का निर्वाह हो,
शत्रुओं के स्वप्न में पार्थ का प्रभाव हो।
कि मुक्त कंठ से कहो प्रचंड सिंधु धार हो,
कि जयद्रथ न उठ सके ऐसा खड्ग वार हो।
भागवत की पंक्ति से इस सदी को सींचते,
चल पड़ा पार्थ देखो आँधियों को चीरते।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        09 मई, 2025

पीर का परबत हृदय ने पार अब तो कर लिया है

पीर का परबत हृदय ने पार अब तो कर लिया है

क्या रुकेंगे पाँव मेरे अब किसी अवरोध से,
अब क्या थमेंगी भावनाएँ मोह से अनुरोध से।
जो मिला हँसकर लिया आभार सबका कर लिया है,
पीर का परबत हृदय ने पार अब तो कर लिया है।

चार पल की जिंदगी के हर पलों की चेतनाएं,
अब क्या करेंगे शूल पथ के क्या करेंगी वेदनाएं।
शून्यता के भाव से भी अब कहीं विचलन नहीं है,
शांत स्थिर है हृदय ये अब कहीं फिसलन नहीं है।

हर उफनते सिंधु को स्वीकार मन से कर लिया है।

लिख रहे हैं पाँव मेरे राह में नूतन कहानी,
दे रहे हैं शौर्य को आकाश से ऊँची निशानी।
जब हुए गहरे कुहासे पाँव ने खुद को सँभाला,
हर घनेरी रात के अहसास से खुद को निकाला।

हर घनेरी रात का प्रतिकार मन ने कर लिया है।

अब नहीं है भय मुझे इस सिंधु की कठिनाइयों से,
अब नहीं अवरोध एकाकी से रुसवाईयों से।
इष्ट ने जो पथ चुना है वो पथ मुझे स्वीकार है,
कर्म के इस मौन पथ में अब कर्म ही व्यवहार है।

सिंधु के हर ज्वार का आभार मन ने कर लिया है।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        08 मई, 2025


किस पर भरोसा करे आदमी

किस पर भरोसा कर आदमी

कागज़ के फूलों से चेहरे यहाँ जब,
किसपर भरोसा करे आदमी अब।

जिधर देखिये लोग धुन में मगन हैं,
मिले कैसे कितना यही बस जतन है।
उन्हें दर्द का कुछ पता ही नहीं है,
लगता जिन्हें कुछ खता ही नहीं है।
जख्मों पे मरहम है मुश्किल यहाँ अब,
अपनों से छलनी हुआ आदमी जब।

दिल को दुखाना है आसान अब तो,
कह कर भुलाना है आसान अब तो।
नहीं बात की कोई कीमत रही तब,
कह कर मुकरने की नीयत रही जब।
कह कर मुकरना न मुश्किल यहाँ जब,
क्या फिर किसी से कहे आदमी अब।

महफ़िल हो झूठी तो किससे मिले दिल,
दिल की शिकायत किससे कहे दिल।
लगता है दिल अब जहर घोलता है,
के सोचे बिना ही ये सच बोलता है।
झूठी हो महफ़िल तो सच क्या करे अब,
दर्पण से कैसे मिले आदमी अब।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05 मई, 2025




ये तुम्हें भी पता ये हमें भी पता

ये तुम्हें भी पता ये हमें भी पता

साथ अपना यहाँ का घड़ी दो घड़ी,
ये तुम्हें भी पता ये हमें भी पता।

लिख रही है पवन इक नई गीतिका,
चाँदनी में घुला रंग है प्रीत का।
इक कहानी नई द्वार पर है खड़ी,
राहतें आस की प्यार से फिर जुड़ीं।
चाँदनी का सफर है घड़ी दो घड़ी,
ये तुम्हें भी पता ये हमें भी पता।

ये पुरवाई भी गीत कुछ बुन रही,
बूँद की थाप भी धुन नई बुन रही।
आज मचली सभी गीत की रागिनी,
मौसमों में घुली प्रीत की चाशनी।
गीत की गीत से जुड़ रही है लड़ी,
ये तुम्हें भी पता ये हमें भी पता।

इक दूजे पे फिर से न इल्जाम हो,
राग की रागिनी में सजा नाम हो।
गीत की पंक्तियाँ यूँ महकती रहे,
कोर पे आधरों के चहकती रहे।
नैन की नैन से बात फिर है छिड़ी,
ये तुम्हें भी पता ये हमें भी पता।

ज हम तुम यहाँ कल न जाने कहाँ,
हम रहेंगे कहीं तुम रहोगे कहाँ।
आज का है जो पल कल रहे न रहे,
क्या पता गीत अधरों पे फिर न रहे।
साँस से साँस की जुड़ रही है कड़ी,
ये तुम्हें भी पता ये हमें भी पता।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        04 मई, 2025

विवेक, ज्ञान व बुद्धि में अंतर

विवेक, ज्ञान व बुद्धि में अंतर

ज्ञान निरपेक्ष हो सकता है और बुद्धि में तार्किकता का समावेश होता है यदि उसमें नैतिकता और सद्गुणों का समावेश कर दिया जाये तो वह विवेक बन जाता है।

गीत भरी आँख का

गीत भरी आँख का

दर्द कैसे लिखूँ उस भरी आँख का,
जिसकी खुशियों के आगे अँधेरा हुआ।

एक उम्मीद का दीप लेकर चले,
स्वप्न के गीत पलकों में जैसे पले।
एक आँधी कहीं से आ ऐसी चली,
लुट गईं चाहतें जो थीं मन में पलीं।
आह कैसे लिखूँ उस घुटी चीख का,
जिसकी साँसों के आगे अँधेरा हुआ।

चल रही थी पवन मस्त थी चाहतें,
दिल के आँगन में होने लगी राहतें।
फिर अचानक कहाँ से अँधेरा हुआ,
लुट गयी रोशनी गुम सवेरा हुआ।
चीख कैसे लिखूँ उस घुटी सांझ का,
जिसके ढलने से पहले अँधेरा हुआ।

अब तो सूनी हैं गलियाँ नहीं राह है,
लुट गयी चाँदनी ना बची चाह है।
शब्द पलकों से आकर छलकने लगे,
गीत अधरों पे खोकर बहकने लगे।
भाव कैसे लिखूँ चाँद की प्रीत का,
जिसके सजने से पहले अँधेरा हुआ।

आज हैं हम यहाँ कल न जाने कहाँ,
हम रहेंगे कहीं तुम रहोगे कहाँ।
एक लम्हा हूँ मैं तो गुजर जाऊँगा,
राह में, याद में मैं न फिर आऊँगा।
गीत कैसे लिखूँ वक्त की रीत का,
रीत लिखने से पहले अँधेरा हुआ।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        25 अप्रैल, 2025

केसर की पीड़ा

केसर की पीड़ा

दो चार शब्द की कड़ी भर्त्सना क्या घावों को भर पायेगी,
केसर की क्यारी की पीड़ा कब तक मन को यूँ तड़पायेगी।

क्यूँ लहुलुहान है धरती सारी आँखों मे अंगारे हैं,
स्वर्ग धरा पर कहते जिसको क्यूँ आज वहाँ अँधियारे हैं।
संविधान की धाराओं पर कैसी अड़चन आयी है,
टेसू की धरती पर छाई कैसी ये काली परछाई है।
जहाँ धरा पर सूर्य प्रथम आ नया उजाला देता है,
उसी धरा पर मानवता का किसने गला लपेटा है।
टेसू के फूलों का क्रंदन कब तक दिल दहलायेगी,
केसर की क्यारी की पीड़ा कब तक मन को यूँ तड़पायेगी।

वो कश्मीर जहाँ की वादी में खुशियाँ खन-खन करती है,
क्यूँ आज वहाँ की वादी में मानवता पल-पल मरती है।
कश्मीर जहाँ के नदियों का पानी कल-कल बहता है,
आज वहाँ की धरती पर आतंकी मनमानी करता है।
जब तक ऋषियों की धरती पर इक भी आतंकी जिंदा है,
तब तक भारत संविधान की सभी धारायें शर्मिंदा है।
ऋषि मुनियों की तपो भूमि ये कब तक अश्रु बहायेगी,
केसर की क्यारी की पीड़ा कब तक मन को यूँ तड़पायेगी।

आखिर कब तक कायरता की ये खेती बोई जायेगी,
निर्दोषों के खूँ से कब तक ये होली खेली जायेगी।
आखिर कब तक कश्मीर हमारा ये मनमानी झेलेगा,
ए के छप्पन की गोली का ये घाव कहाँ तक झेलेगा।
क्या निर्दोषों के जीवन का सचमुच अब कोई मोल नहीं,
पोंछ सके जो अश्रु यहाँ पर क्या ऐसा कोई बोल नहीं।
भारत माँ के आँचल को चीखें कब तक यूँ दहलायेंगी,
केसर की क्यारी की पीड़ा कब तक मन को यूँ तड़पायेगी।

अब मैं घाटी के आँसू से जन गण मन गाने निकला हूँ,
मैं उठा कलम को आज यहाँ पर अलख जगाने निकला हूँ।
कब तक केसर की क्यारी में बंदूक उगाया जायेगा,
अरु कब तक झेलम की लहरों में लहू बहाया जायेगा।
कब तक वोटों की फसलों से संसद को आबाद करेंगे,
आतंकी से मानवता कर भारत को बर्बाद करेंगे।
जो लहू बहेगा झेलम में तो खुशियाँ भी बह जायेंगी,
केसर की क्यारी की पीड़ा कब तक मन को यूँ तड़पायेगी।

भारत के टुकड़े के नारे जब तक गलियों में गूंजेंगे,
चौराहों पर हत्यारों को वोटों की खातिर पूजेंगे।
कब तक घाटी की गलियाँ यहाँ खून की होली देखेगी,
कब तक मासूमों के सपनों को बंदूकें ये रौँदेंगी।
कब तक यूँ ही बिरयानी देकर आतंकी को झेलेंगे,
कब तक भीतरघाती को यूँ ही मुफ्त खिला कर झेलेंगे।
क्या मासूमों की चीखें यूँ ही अंतस को तड़पायेगी,
केसर की क्यारी की पीड़ा कब तक मन को यूँ तड़पायेगी।

बहुत हो चुका खेल मेज का अब तो सम्मुख आना होगा,
न हो प्रतीक्षा परशुराम की अब राष्ट्र धर्म निभाना होगा।
पास बुलाकर साथ बिठाया लेकिन कुछ भी परिणाम नहीं,
अब तो कुछ ऐसा हो जिसका हो उनको भी अनुमान नहीं।
समझौतों के संग-संग अब अलग मार्ग अपनाना होगा,
जैसी भाषा में जो समझे वैसा ही समझाना होगा।
युद्ध जीत कर समझौते की यदि मेज सजाई जायेगी,
केसर की क्यारी की पीड़ा तब तक मन को यूँ तड़पायेगी।


©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        24 अप्रैल, 2025

ख़याल करता हूँ

ख़याल करता हूँ वतन को बाँटने वालों से सवाल करता हूँ, मैं आज भी उसी भारत का ख़याल करता हूँ। जो सच की बात करे उसकी आवाज़ दबती है, मैं ऐसे हर सि...