कायरता स्वीकार नही


कायरता स्वीकार नहीं।   

आधुनिकता का प्रभाव तेज है
इच्छाओं का प्रवाह तेज है
इच्छाओं को वश में करना
ध्यान रहे इतना इस रण में
स्वीकार यहां है सब कुछ, लेकिन,
स्वीकार नहीं कायर बनना।

इक युद्ध खड़ा है द्वारे पर
हट मत जाना पीठ फेर कर
युद्ध तेरा निर्णायक है ये
पग पग पर खुद नायक है
या जीत तुम्हारा माथा चूमे
या बलिदानों का द्वार खुले।
स्वीकार यहां है सब कुछ, 
बस, कायरता स्वीकार नहीं।

छद्म युद्ध क्यों, कब तक सहना
घुट-घुट कर यूँ, कब तक जीना
मानवता का पर्याय यहां बन
खुशियों का अभिप्राय यहां बन
बहुत बह चुका खून-पसीना
क्यों, कब तक अश्रु पीना।
स्वीकार यहां है सबकुछ, लेकिन
स्वीकार नहीं कायर बन जीना।

जीवन ये अनमोल है तेरा
मानवता का न मोल है तेरे
मिट-मिट कर हर बार बना है
सत्य हरदम सीना तान खड़ा है
सत्य का तू अवधारण करना
बनना कुछ भी, बस कायर न बनना।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
24 अप्रैल, 2020




कैसा तंत्र मनाएं हम।

कैसा तंत्र मनाएं हम।   

राजतंत्र, भीड़तंत्र या गणतंत्र
कैसा तंत्र मनाएं हम।

कदम कदम सिसकता भारत
हर चौराहे पर लुटता भारत
घर में नहीं सुरक्षित भारत
कोख में भी बिलखता भारत
किसको क्या समझाएं हम
कैसा तंत्र मनाएं हम।

जातिवाद में बिखरा भारत
अवसरवाद में जकड़ा भारत
स्वार्थी समाजवाद में ललचाता भारत
इससे मुक्ति कैसे पाएं हम
कैसा तंत्र मनाएं हम।

हर घटना से टूटती भावनाएं
धर्म को वोट से जोड़ती भावनाएं
राजनीति की चाल में फंसकर
खण्ड खण्ड टूटती भावनाएं
ऐसे में कुछ तुम ही बोलो
कौन सा गीत गुनगुनाएं हम
कैसा तंत्र मनाएं हम।

भ्र्ष्टाचार में जकड़ा भारत
नैतिकता से गिरता भारत
भूख, गरीबी, अवसरवादी
उन्मादी व्यवहारों में लिपटा भारत।
क्या नेता, क्या आम-ओ-खास
लगता मौके की बाट जोह रहे
ऐसे में अपना दर्द छुपा कर
कैसे अब मुस्काएं हम
कोई अब तो जतन बताए
कैसा तंत्र मनाएं हम।

इंतज़ार है उस पल का
जब भारत फिर से मुस्कायेगा
जाति-धर्म की तोड़ गुलामी
नई सुबह फिर लाएगा।
राजनीतिक अधिकार के संग संग
उत्तरदायित्वों का ध्वज फहराएगा।
जब चंहुओर स्वाभिमानी भारत
व फसल राष्ट्रवाद की लहरायेगी
जब भारत की आधी आबादी
निडर भाव से मुस्कायेगी।
सच कहता हूँ तब भारत माता
खुश होकर मुस्कायेगी
लाल किले पर लहरा के तिरंगा
गीत खुशी के गायेगा।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
24अप्रैल, 2020



मजबूर

मजबूर।  

कागज के टुकड़े पे 
तुमने कुछ लिखा था
कुछ तो मैने पढा
कुछ अधूरा रह गया
जब तलक तुम्हे समझा पाते
अपनी खामोशी का सबब
तुम्हे बतला पाते
तुम्हारी आंसू की बारिश में
सारा एहसास बह गया
हम तो ठहरे रहे वहीं पर
मगर वक्त निकल गया।।

ये जरूरी नही के
हर राह को मंजिल मिले
ये जरूरी नही के
हर लहर को साहिल मिले
कुछ लहरें दरिया के साथ बहती हैं
ख्वाहिश यही इतनी है बस
वो जा के समुंदर में मिलें।।

एक खामोश सी मोहब्बत थी 
शायद, हम दोनों के दरम्यान
कभी हम ये कह न सके
तुम भी कहीं समझ न सके
कुछ ख़ता तुम्हारी भी तो रही होगी
कुछ हम भी मजबूर हो गए
ये तो वक्त का ही फैसला था
मगर, मजबूर हम क्या हुए
तुम तो दूर हो गए।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
   हैदराबाद
   23अप्रैल,2020



धरती का कर्ज

विश्व पृथ्वी दिवस 22 अप्रैल पर मेरी पुत्रियों द्वारा निर्मित चित्र पर चिंतन करती मेरी रचना-

धरती का कर्ज।  

आओ धरती का कर्ज चुकाएं
प्रदूषण मुक्त करें धरती को
सब मिल इसको स्वच्छ बनाएं
आओ धरती का कर्ज चुकाएं।

इस धरती से क्या कुछ पाते हैं
बदले में हम क्या देते हैं
स्वार्थ लोभ वश पैसे बो कर
सबने इसका अस्तित्व नकारा।

शस्य श्यामला धरती सोने सी
इसकी क्षमता दाने बोने की
पर दूषित व्यवहारों से
इसको हमने ध्वस्त किया
रत्न प्रसविनी धरती का
हम सबने है विध्वंस किया।

पशु, पक्षी, खग, मृग सारे
सब रहते धरती के सहारे
दम घुटता है सब जीवों का
हिमाद्रि, जल-थल, अवनी, अंबर का
यदि धरती को सम्मान न हम दे पाएंगे
तो फिर जीवन कहां से पाएंगे।

जो न समझे आज महत्व को
फिर तरसेंगे शुद्ध पवन को
शुद्ध व्यवहार, नैतिकता तरसेगी
बादल बदले नैना बरसेंगी
आओ सब मिलकर प्रण ये उठाएं
प्रदूषण मुक्त इस धरा को बनाएं।

नैतिक व्यवहारों से ही हम
जब चंहुदिश को जगा पाएंगे
तब ही मुक्त होगी धरती
सुघड़ जीवन हम जी पाएंगे।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
   हैदराबाद
   22अप्रैल, 2020

भीड़ हत्या

भीड़ हत्या।           

सुना देश में घात हुआ है
भीड़ द्वारा आघात हुआ है
भीड़ का कोई धर्म नही है
पर सजा भीड़ दे, धर्म नही है।

मौन पड़ी है सृष्टि सारी
बस रो रही संस्कृति बेचारी
ये मानवता का कर्म नही है
हत्या कोई धर्म नही है।

यदि अपराधी लगता है कोई
तो न्याय व्यवस्था करती है
व्यवस्था ही जब कुंद पड़ जाए
न्याय कहां फिर मिलती है।

संज्ञान स्वतः जो लेते हैं
आत्ममुग्धता में मौन पड़े हैं
तख्ती, मोमबत्ती, मोर्चे वालों
की जिह्वा पर ताले बंद पड़े हैं।

भारत वो देश है प्यारों
अन्याय नहीं जो सहता था
निरपराधों की रक्षा हेतु
हर अपराधों से लड़ता था।

पर क्या हो गया है भारत को
खुद भारत ने क्यूँ डँसा भारत को
अपराध की हर मानसिकता का
सब मिल कर परित्राण करें।

शस्य श्यामला इस धरती को
प्यार समर्पण का अभिप्राय करें
धर्म व्यवस्था स्थापन हेतु
न्याय का उचित सम्मान करें।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
21अप्रैल, 2020

ध्यानार्थ- मैंने अपनी ये कविता अपने मित्र श्री रमाकांत श्रीवास्तव जी/ हैदराबाद को प्रकाशनार्थ दी है। कॉपीराइट मेरे पास ही रहेगा -21:28, दिन- 21 अप्रैल, 2020

गंगा की पुकार


गंगा की पुकार।   

चीख रही है श्रद्धा सारी
पीड़ित है विश्वास हमारा
अंधकार चहुंओर दिख रहा
खतरे में पड़ा मोक्ष का सहारा।

गोमुख से निकली गंगा
निर्मल, कल कल बहती गंगा
मैदानों को उपजाऊ करती
जीवन का प्रतिपालन करती।

जन हंसता तो हंसती गंगा
जन रोता तो रोती गंगा
माता कहते इसको हम सारे
गंगा हम सबकी पालनहारी।

स्वयं तो पल पल विष है पीती
पर जन जन को मोक्ष है देती
भयातुर हूँ खो न जाये, वेदों और पुराणों में
सिमट न जाये पाटों में, स्वार्थ सिद्ध व्यवहारों से।

किस दर्पण में देखूँ अपना मुखड़ा
जब जल तेरा गन्दगी का मारा
मलिन हुई है जब से गंगा
मलिन हुआ है मन हमारा^
(^- नज़ीर बनारसी जी की दो पंक्ति)

मोक्षदायिनी, जीवदायिनी, पतितपावनी
के प्रति है क्या सोचो फ़र्ज़ हमारा
मां कहते हैं यदि सब इसको
सोचो फिर क्या है कर्तव्य हमारा।

अश्रुपूरित नैनों से आज निहारती
चीखती, कलपती, भागीरथी पुकारती
मुक्त करो, गन्दगी से मुझको
मां हूँ मैं, ममता है तुमसे
मैं ही हूँ स्वाभिमान तुम्हारा।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
21 अप्रैल, 2020

हार नहीं मानूंगा


हार नहीं मानूंगा।   

जीवन इक संग्राम यहां है
वरदान नही मांगूंगा
जब तक समर शेष जीवन का
मैं हार नहीं मानूंगा।

आंधी आयें तूफां आयें
या कितनी विपदाएँ आयें
मोड़ बड़े या रोक बड़े हों
या फिर आशंकाएं आएं।

मैं हार नही मानूंगा
वरदान नहीं मांगूंगा।

जन  मन की प्रचंड वेदना
मैं तुम तक पहुंचाऊंगा
इन नैनों में छिपी यंत्रणा 
मैं तुमको दिखलाऊंगा।

मैं सत्ता के महाशीर्ष तक
दर्द जन जन का पहुंचाऊंगा
राज धर्म रक्षित होने तक
मैं नित नित लिखता जाऊंगा।

समर शेष है जब तक
मैं हार नहीं मानूंगा।।

धर्म के रक्षक भयाक्रांत हो
भक्षक से जब मिल जाएंगे
धर्म की रक्षा मुश्किल है तब
न्याय कहां मिल पाएंगे।

ये मत सोचो कि लघु मात्र हूँ
निर्बल, दुर्बल, दया पात्र हूँ
मैं स्याही की अमिट बूंद हूँ
मस्तक पर छप जाऊंगा।

समर शेष है जब तक
मैं हार नहीं मानूंगा।।

किंचित यदि विजय मिल जाये
अस्मित को कभि अर्थ मिल जाये
मैं तनिक  नहीं सुस्ताऊंगा
अविचल चलता जाऊंगा।

नव जीवन मार्ग प्रशस्त तक
मैं हार नहीं मानूंगा
अविरल, चलता जाऊंगा
पर वरदान नहीं मांगूंगा।।

समर शेष है जब तक
मैं हार नहीं मानूंगा।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
20 अप्रैल, 2020






संभरण करो


संभरण करो।  

दूर क्षितिज दृष्टिगोचर होता
दिनकर छिपता, रोज निकलता
शाश्वत सत्य के इस पाठ्य से
सकल विश्व को सत्यापित करता।

जीवनपथ चाहे जैसा भी हो
सम हो या विषम पथ हो
समभाव हृदय में लेकर
प्रेम-शांति का धरता बन, संचरण करो।

युग का पथ कण्टकाकीर्ण भले हो
घनघोर भले तम का बादल हो
कलम साधक हो सत्य पुजारी
नवकांति का उपकरण धरो।

कथनी-करनी का भेद त्याग कर
जात-पांत का भेद त्याग कर
कटुताओं का विष त्याग कर
आओ जग संभरण करो।
आओ जग संभरण करो।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
19 अप्रैल, 2020

श्री कृष्ण महिमा

                  मेरी पुत्रियों द्वारा निर्मित चित्र

श्री कृष्ण महिमा।   

हे वासुदेव, हे कमलनाथ
यशोदावत्सल, है विश्वप्राण
हो शाश्वत, सदा सनातन हो
गोवर्धनधारी जन उद्धारक हो।

कञ्जलोचन, अनादि ब्रह्मचारिक
युधिष्ठिर प्रतिष्ठात्रे, सर्वपालकाय
नटवरनागर, गिरधारी हो
जन जन के पीड़ाहारी हो।

श्रीवत्स कौस्तुभ्धराय, यशोदावत्सल
हरि, संखाम्बुजा युदायुजाय
जैसे अर्जुन के जीवन को तारा
हे भीष्म मुक्ति प्रदायक हमको भी तारो।

आर्यावर्त फिर घिरा हुआ है
ध्वांतचारी व्यवहारों से
हे अनादि ब्रह्चारिक, परात्पराय
हमें भी मुक्त करो अत्याचारों से।

है मीरा के प्रभु गिरधरनागर
अर्जुन के मोहन, उद्धव के माधव
हर संकट को तारा तुमने 
पुनः आज सब संकट तारो।
पुनः आज अब संकट तारो।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
18 अप्रैल, 2020



उत्तिष्ठ भारत


उत्तिष्ठ भारत।   

उत्तिष्ठ भारत का आह्वान लिए
मन में भावों का वेग लिए
उर में लिए प्रबल हलचल
चरण नापते जल और थल।

हे पाथेय नही तुम रुकना
पल-पल, छिन-छिन बढ़ते रहना।

जोश नया नित नूतन भर ले
उत्साहों का अन्वीक्षण कर ले।

कुछ ऐसा राग भावों में भर दे
सकल विश्व को रसमय कर दे।

ऐसा रस जो भावप्रवण हो
सकल राष्ट्र का तमिस्त्र द्रवण हो।

हे वीणावादिनी वरदान यही दो
लेखनी को मेरे भाव यही दो।

ले आशा के भाव हृदय में
जागृति की हुंकार उठे
हो प्रदीप्तवान हर कोना कोना
उत्तिष्ठ भारत के भाव जगें।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
17 अप्रैल, 2020

बर्दाश्त नहीं करते


बर्दाश्त नही करते

ऐसा क्यूँ लगता है मुझको
मौलिक भारत छूट रहा
अभिव्यक्ति के नाम पे मानो
खण्ड खण्ड ये टूट रहा।
ये कैसी आजादी है
ये कैसा व्यवहार है
भारत के टुकड़े चाहने वालों के
कैसे पहरेदार हैं।
भृष्ट हो चुकी आज व्यवस्था
कुंद पड़ी तलवार है
भारत को गाली देने वालों की
कैसी जयजयकार है।
मत भूलो एक जयचंद ने
कैसे भारत बर्बाद किया
मगर आज तो भारत में
जयचंदों की भरमार है।
बहुत सुन चुके इनकी बातें
अब इनका प्रतिकार करो
गली मुहल्लों से चुन चुनकर
अब इनका संहार करो।
कैसे कैसे लोग पड़े हैं
सत्ता के गलियारों में
गिरगिट जैसे रंग बदल रहे
सत्ता के गलियारों में
कुर्सी से चिपके रहने को
ये इतने बेताब हैं
गिरवी रखने को अपना
जमीर तक तैयार हैं।
कितना अंतर आ चुका है
अब इनके व्यवहारों में
जैसे शकुनि चाल चक रहा
सत्ता के गलियारों में।
बंट रहा है अखण्ड भारत
अब जाति धर्म के नारों में
एकलव्य फिर ठगा जा रहा
सत्ता के गलियारों में।
कितने सपने चूर हो रहे
इनके झूठे वादों से
पर अलसाये पड़े हुए सब
सत्ता के गलियारों में
मजलूमों का हमदर्द नही है
सत्ता के गलियारों में
सबके अपने स्वार्थ सधे हैं
सत्ता के गलियारों में।
मेरा भी मन करता है 
झूमूँ, नाचूं, गाऊं मैं
अभिव्यक्ति की तथाकथित
आजादी वाले गीत सुनाऊं मैं
पर क्या करूं मैं राणा प्रताप
शिवाजी का अनुयायी हूँ
शकुनि और जयचंदों जैसी भाषा
खुद में कहां से लाऊं में।
मैं दर्पण टांगे फिरता हूँ
उनको कहां से भाऊंगा
उनके जैसी कुटिल भावना
खुद में कहां से लाऊंगा।
जनता अब ये पूछ रही है
सत्ता के गलियारों से
कब तक चलनी होगा भारत
गद्दारों के वारों से
हम गीता के अनुयायी हैं
पहला वार नही करते
पर जो मां का आँचल खींचे
उसको बर्दाश्त नही करते।
पर जो मां का आँचल खींचे
उसको बर्दाश्त नही करते।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
16 अप्रैल, 2020

राष्ट्रवाद


चाणक्य के विचारों का राष्ट्रवाद।  

आक्रोश नेत्रों में भरे
वो कर रहा अंतर्नाद था
था द्रवित हृदय आज उसका
पीड़ा का वृहद साम्राज्य था।

आज उसके ज्ञान के
थी परीक्षा की घड़ी
राष्ट्र पर संकट बड़ा था
पर स्वार्थ की थी सबको पड़ी।

यवन खड़े थे द्वार पर
विश्व विजय अभियान पर
चाणक्य को ये भान था
ये राष्ट्र का अपमान था।

ले स्वप्न संयुक्त राष्ट्र का
जन जन  में थे भटक रहा
जनपदों की एकता का
मार्ग प्रशस्त कर रहे।

अखण्ड भारत का स्वप्न लिए
चिंतन करना ही पड़ेगा
जनपदों की निज सीमांत त्यज
एक सूत्र में बंधना ही पड़ेगा।

एक राष्ट्र श्रेष्ठ राष्ट्र की
अवधारणा स्वीकार कर
राष्ट्र रक्षण के निमित्त
निज मोह का तू त्याग कर।

राष्ट्र का सम्मान अब
जन जन हृदय में भरना होगा
राष्ट्र निर्माण का प्रण लिए
सर्वस्व समर्पण करना होगा।

चाणक्य के राष्ट्रभाव को
लेकर हमें चलना ही होगा
नवभारत के निर्माण के लिए
पग पग का कंटक चुनना होगा।

राष्ट्रवाद के भाव को 
डँस रहे अनेकों नाग हैं
भ्रांति भ्रांति का भाव जगाते
कर रहे वो अट्टहास हैं।

बन राष्ट्रवाद के प्रहरी
तू ऐसी हुंकार कर
मद मत्तों का मद उतर जाए
तू ऐसा शंखनाद कर।

राष्ट्रद्रोहियों का कुचक्र तोड़कर
भ्रांतियों का अवसान कर
चिर निद्रा से जग उठें सब
सदियों का उद्धार कर।

जीर्ण शीर्ण व्यवहारों ने
राज धर्म को तोड़ा है
कुसंस्कारी व्यवहारों ने
राष्ट्रमुल्यों को तोड़ा है।

कर दीप्तीवान आज कलम को
वाणी का प्रखर विस्तार कर
कान्हा के पाञ्चजन्य बन कर
नवयुग का शंखनाद कर।

नभ तक गूंजे शंखनाद ये
सुप्त दिशाएं जाग उठें
एकसूत्र में बंधे आज हम
स्वर्णिम भारत भाग्य जगे।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
16 अप्रैल, 2020

एक प्रण


एक प्रण।  

कैसा पल आया जीवन में
हाहाकार मचा जन जन में
अदृश्य शत्रु के व्यवहारों से
व्याकुलता मची त्रिभुवन में।

आओ हम प्रतिकार करें
अनुदेशों को अंगीकार करें
अदृश्य भयावह इस शत्रु से
राष्ट्र रक्षण का प्रण स्वीकार करें।

मनुजता के रक्षण की खातिर
निःस्वार्थ समर्पित हैं जो इस रक्षण में
जुनुस जश्न के भाव त्याग कर
ताली, थाली से अपने उद्गार करें।

वक्त नहीं ये उत्सव का
वक्त है आत्म नियंत्रण का
त्याग कर विषाद के क्षण
सबको आशावान बनाएं
आओ मिलकर दीप जलाएं।

कहने को ये लॉक डाउन है
पर व्यवहारिक अवस्था है
अनुशासन का प्रारूप सही है
ये कैद नही व्यवस्था है।

ताली, थाली के आग्रह का 
व्यर्थ न तुम उपहास करो
ये तो अभियान मात्र है
बस भावों का सम्मान करो।

ऐसे व्यवहारों से माना
परास्त शत्रु नही हो सकता
पर निःस्वार्थ समर्पित कर्मवीरों का
सम्मान सुनिश्चित हो सकता।

इन रणवीरों का हम
सम्मान सुनिश्चित आज करें
दीप जलाएं त्याग रूप का
हम इनका सम्मान करें।

आओ सब सहयोग करें
जन जन को समझाना है
मनुज रक्षण की खातिर
लॉक डाउन को अपनाना है।

अपनी मर्यादा में रहकर ही
उद्देश्य प्राप्त हम कर सकते हैं
इस वैश्विक महामारी से
निस्तार प्राप्त हम कर सकते हैं।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
13अप्रैल, 2020



प्रतिकार


प्रतिकार।  

इतिहास को स्वीकार कर
न शोक कर अध्याय पर
लेकर सबक इतिहास से
अन्याय का प्रतिकार कर।

माना समर अवरुद्ध करता
मनुजता के विकास का
पर शांति वो उचित नही
जो मिले दनुज के उपहास से।

वक्त निर्णायक रहा सदा
इस दनुज व्यवहार का
प्रतिकार ने ही रक्षण किया
पर इस सकल ब्रहांड का।

स्वार्थमय विद्वेष से ही
अधर्म फैला है यहां
घृणायुक्त व्यवहार से
पी रहे हलाहल सब यहां।

शत्रु की पहचान कर
रण का शंखनाद कर
धर्मस्थापन के लिए
अधर्म का प्रतिकार कर।

सत्ता सिमट कर जब कभी
निज स्वार्थ बंधन में बंधी
राज धर्म मलिन हुआ तब
एकता खण्डित हुई।

राष्ट्र गौरव के लिए
तू भूमिका स्वीकार कर
स्वार्थ प्रवृत्ति पहचान कर
स्वार्थ का प्रतिकार कर।

इतिहास साक्षी है सदा
इस सकल संसार में
मान रक्षण के लिए
प्रतिकार अंगीकार कर।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
13अप्रैल, 2020








वेदों की ओर चलें


वेदों की ओर चलें।  

आओ वेदों की ओर चलें
शास्त्रों को पढ़ें, आगे बढ़ें
राष्ट्र का निर्माण करें।
आलस्य त्यजें, पुरुषार्थ करें
परमपिता के ज्ञान को स्वीकार करें।
आओ वेदों की ओर चलें।।

मानव सभ्यता के उपमान हैं 
ये प्राचीनतम लिखित अनुमान हैं
श्रेष्ठ कर्म का प्रेरणास्रोत
ये विधियों का तत्वज्ञान हैं।
इसके महत्व को समझकर
इसके ज्ञान को स्वीकार करें
आओ वेदों की ओर चलें।।

सौम्यता हैं, उपासना हैं
ये आयुर्वेद का चमत्कार हैं
अंग अंग में श्रेष्ठता हैं
ये राष्ट्र का निर्माण हैं।
ज्ञान का स्रोत हैं ये
आध्यात्म की पहचान हैं।
संपूर्ण जग आलोकित इसी से
ये भारत की शान हैं।

अपने इन धर्मग्रंथों का
हम आज अनुपालन करें
संताप ग्रसित मनुजता का
इसके ज्ञान से रक्षण करें
आओ वेदों की ओर चलें
आओ वेदों की ओर चलें।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
11अप्रैल, 2020

सुगम पथ


सुगम पथ। 

नव सृजन का भाव लेकर
राष्ट्र जन गण मन को तक रहा
धर्म बंधु हो, न्याय बंधु हो
उद्देश्य केवल पथ सुगम हो।

लाभ-हानि, लोभ-मोह का
सम्मुख भले पारावार हो
भीषण हिलोरे ले रहा
भले सिंधु अपार हो
सुगम पथ होता तभी, जब
कुशल हाथ मे पतवार हो।

विश्व दिग्भ्रमित हो रहा
ध्वांतचर प्रवृत्ति के मायाजाल से
चंहुओर क्रंदन है मचा
स्वार्थ युक्त व्यवहार से
स्वार्थ रूपी इस निशा का
आज तू संहार कर।
अपने कुशल प्रयास से
सुगम पथ का निर्माण कर।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
11अप्रैल,2020

वेद


वेद।  

जिसने ज्ञान के प्रकाश से
जग को आलोकित किया
विश्व बंधुत्व भाव की 
ज्योति प्रज्ज्वलित किया।

जिसने वसुधैव कुटुम्बकम का भाव
प्रथम, विश्व में अनुमोदित किया
जिसने ज्ञानपुंज के प्रकाश से
विश्व को आलोकित किया।

जब अन्य कोई ग्रन्थ नही था
इस विकल संसार में
अंधकार तब दूर करने को मिला
दिव्य वैदिक ज्ञान इस संसार में।

वेद, शास्त्र, उपनिषद, ब्राह्मण
स्मृतियां ज्ञान का भंडार हैं
जीवन जीना इक कला है
अध्यात्म है, विज्ञान हैं।

मनुष्यता के सिद्धांत को
विश्व में प्रतिपादित किया
भारतीयता के सम्मान को
हर हृदय में स्थापित किया।

ज्ञानयोग, कर्मयोग, तपयोग का
जीवन मे प्रमुख स्थान है
वेद रूपी पथप्रदर्शक जिसने दिया
वो हमारा हिंदुस्तान है।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
10अप्रैल,2020



चाणक्य


चाणक्य।      

सत्यमार्ग दिखलाते चाणक्य
नवनिर्माण सिखलाते चाणक्य
राष्ट्र चेतना भाव प्रणेता का
देशज मार्ग बतलाते चाणक्य।।

चौथी शती ईसा पूर्व में जन्मे
तक्षशिला में ज्ञान लिया
राष्ट्रप्रेम व स्वाभिमान का
पल पल था सम्मान किया।

शिक्षा के महत्व को समझा
विद्या का सम्मान किया
अर्थशास्त्र की रचना कर
दुनिया को वरदान दिया।

अखण्ड भारत का अनुरोध लिए
वो जब धनानंद के पास गए
निर्लज्जता से अपमानित कर
प्रस्ताव को अस्वीकार किया।

किया अपमान आचार्य का उसने
सभाभवन में तिरस्कार किया
तब नन्दवंश के समूल नाश तक
शिखा न बांधने का शपथ लिया।

क्रोध व पश्चाताप से ग्रसित
सभाभवन से निकल पड़े
एक राष्ट्र श्रेष्ठ का प्रण लिए
अपनी ही जिद्द पर रहे अड़े।

मार्ग में देखा चन्द्रगुप्त को
राजकीलकम खेलते हुए
संभावना नजर दिखी तब
लेकर उनको चल दिये।

चन्द्रगुप्त के सहयोग से
एक राष्ट्र नीति का संधान किया
सब जनपद को साथ में लेकर
अखण्ड भारत का निर्माण किया।

सप्तांग सिद्धांत का वर्णन कर
राज्य तत्व का सम्मान किया
राजा, मंत्री, प्रजा या जनपद के योगदान
को राष्ट्रनिर्माण में सम्मिलन किया।

सीमा की रक्षा करना
राजकोष मुख के समान है
दण्ड व्यवस्था राज्य का मस्तिष्क
सुहृद( मित्रता) को स्थान दिया।

राष्ट्रवाद की व्याख्या की
बौद्धिक विमर्श का सिद्धांत दिया
स्वतंत्रता के महत्व को समझा
अभिव्यक्ति को सम्मान दिया।

राष्ट्रविरोधी भाव को मगर
नही कोई स्थान दिया
राष्ट्रद्रोह अपराध बड़ा है
कठोर दंड का विधान किया।

राष्ट्रवाद सिद्धांत सुघड़ है
सनातन संस्कृति मार्ग सुगम है
अनंतकाल से शाश्वत है ये
राष्ट्रप्रेम व्यवहार सुघड़ है।

यदि इन सिद्धांतों के मूल्य को
हम अब आज समझ न पाएंगे
तो फिर वो दिन दूर नही
जब समाज रसातल में जाएंगे।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
10अप्रैल, 2020





गृह निर्माण करें


गृह निर्माण करें।  

नैतिकता की नींव पे खड़ा
सिद्धांतों की भीत पे अड़ा
छत्र हो जिसकी मूल्यता का
रीति का आंगन हो बड़ा।

जहां संवाद शून्यता का स्थान न हो
जहां निजता का अभिमान न हो
जहां नीतियां धन मूल्यों से हों बड़ी
जहां संस्कृति, सभ्यता दृढ़ता से डटीं।

आओ ऐसा कुछ पर्याय करें
ऐसे साध्य का संधान करें
जहां प्रेम, समर्पण, दया भाव हो
ऐसा गृह निर्माण करें।।

जहां अधिकारों की बातों से पहले
कर्तव्यों की बात चले
जहां व्यक्तिवाद की प्रमुखता से पहले
सद्वविचारों की बात चले।

जहां न तेरा हो, न मेरा हो
जहां न लोभ-मोह का फेरा हो
जहां ज्ञान दीप के प्रकाशपुंज से
दूर हृदय का अंधेरा हो।

जहां प्रेम प्यार की बात चले
जहां लाभ-हानि की बात से पहले
उत्तरदायी समर्पण की बात चले
जहां मूल्यवान सम्बंध मात्र हो
ऐसी उत्कंठा का संधान करें।।

आओ गृह निर्माण करें
आओ गृह निर्माण करें।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
09अप्रैल,2020

हाहाकार


हाहाकार।   


हाहाकार मचा जन जन में
व्याकुलता मची त्रिभुवन में
तृषावन्त सब कैद पड़े हैं
कैसा पल आया जीवन में।

उर में प्रतिपल हुक सी उठती
इन नैनों में भूख सी उठती
यूँ पायोनिधि के पास खड़े हैं
फिर अतृप्ति भाव क्यूँ जगती।

मनुज स्वार्थ का खेल है सारा
दिग्भ्रमित भाव का दोष है सारा
प्रकृति से खिलवाड़ हुआ जब
कंपन आया भूतल में तब तब।

घायल विह्वल भटक रही सभ्यता
गर्दभ व्यवहार भुगत रही सभ्यता
किन किन पर आक्षेप लगाएं
स्वार्थ में अंधी बनी सभ्यता ।

चूस रहे हैं रक्त मनुज के
विश्व विजय की भ्रांति समेटे
अज्ञानी तृष्णा में पड़कर
ग्रीवा में अगणित विषदंत लपेटे।

हटो, व्योम से क्षोभ हटाओ
विश्व विजय का लोभ हटाओ
निरपराध नन्हें देवों के रक्षण को
स्वार्थ चित्त का मोह हटाओ।

जय जयकार करो मानवता की 
धरती, अंबर, गिरिराज, जलधि की
हो पंथ सुरक्षित सब जीवों का
हो सफल मनोरथ मानवता का।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
08अप्रैल, 2020

परिचय


परिचय।     

मौन निगाहें पूछती हैं अकसर
मुझसे, क्या है मेरा परिचय
चलो आज बतलाता हूँ
सबसे, क्या है मेरा परिचय।

मैं जीवन का इक चित्रण हूँ
मैं स्वयं आत्म नियंत्रण हूँ
इस परमपूज्य जगदीश्वर का
मैं इक प्रिय अभिमन्त्रण हूँ।

मैं हिंद मन, मैं हिंद तन हूँ
मैं वसुधैव कुटुम्बकम का प्रण हूँ
मेरा बस परिचय इतना
भारत मुझमें, मैं भारत का कण कण हूँ।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
07अप्रैल, 2020

मधुर सांध्य

                  मेरी पुत्रियों द्वारा निर्मित चित्र।          

मधुर सांध्य।     

मधुर भाव दे गोधूलि बेला में
दिनकर जाकर अस्त हो रहा
शीतल पवन हिलोरों से
जीवन भी मदमस्त हो रहा।

जब कोकिल की मीठी बोली
श्यामल अंबर को चहकाती है
जब ताप भी अपना तेज त्याग कर
शीतल, शिथिल, सुशील हो रहा।

फिर विचलन नैनों में भरकर
क्यों कर भ्रांतचित्त हो रहे
नीर से बोझिल इन नैनों से
विह्वल, व्याकुल, विक्षिप्त हो रहे।

किस अतीत की व्याकुलता ने
मन को है आघात दिया
किस व्याकुलता ने झंकृत कर
नैनों को संताप दिया।

शोक व्यर्थ होता है तब
जब बोध चूक का करा सको
सूने नभ की नीरवता में
दीप ज्ञान का जला सको।

पर रोगग्रस्त मूढ़ चित्त का
शोक व्यर्थ क्यूँ करते हो
अपने हृदय की शीतलता को
वेदना से छलनी क्यूँ करते हो।

मत उलझो स्मृति के टूटे तारों में
नीरवता के सूने व्यवहारों में
सांध्य भी उदास कहां रह पाती है
खेलने उससे रश्मि प्रकाश की आती है।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
07अप्रैल,2020


अंतर्मन

               चित्र चिंतन।     

अंतर्मन।       

पल-पल, छिन-छिन व्याधि दे रही
है अंतर्मन की ज्वाला
लगता पल पल पी रहा हूँ
घूंट घूंट भर कर हाला।

जब सत्य-असत्य में भेद न रहे
जब स्वार्थ-निःस्वास्थ में भेद न रहे
मूंद नयन तब चिंतन करना
अपने अंतर्मन की सुन लेना।

जब आक्षेप अनर्गल लगाए कोई
जब कपट भाव दिखलाए कोई
तब खुद को केंद्रित कर लेना
अपने मन की सुन लेना।

जब मर्यादा का मान न रहे
जब निष्ठा का सम्मान न रहे
तब खुद ही खुद से मिल लेना
अपने अंतर्मन की सुन लेना।

सत्य मार्ग है अतिशय दुष्कर
चलना इसपर संभल संभलकर
थक जाओ यदि कहीं कभी तो
स्थिर अंतर्मन को कर लेना।

हवनकुंड मन को कर लेना
सत्कर्मों की हवि भर लेना
आस निराश से विलग 
जीत का तुम आवाहन करना।

लक्ष्य कठिन पर अघट्टय नही है
सत्य अटल है अधीर नही है
संकल्प सृजन भावों में भरना
अंतर्मन स्थिर कर लेना।
अपने अंतर्मन की सुन लेना।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06अप्रैल, 2020






वनवास


वनवास।                                                         
विरह व्यथा से हो द्रवित
भोग रहे वनवास
अगणित पीड़ा भावों में भर
भोग रहे वनवास।

पग-पग पर रजनीचर घूम रहे
अकुलीन भावों में झूम रहे
इन अमानुषिक भावों का
करें आज अवसान।

गली मुहल्ले सूने पड़े हैं
बाग बगीचे सूने पड़े हैं
हर आंखें आशंकित लगतीं
टूट रहा विश्वास।

अगणित पीड़ा भावों में भर
भोग रहे वनवास।।

कुत्सित भावों का तिमिर घना है
रावण अब तक मरा कहां है
लक्ष्मण रेखा सब पर खींचो
हो अपनी परिधि का एहसास।

आओ मिलकर सेतु बनाएं
कर्तव्यों का एहसास जगाएं
सत्य धर्म की हो विजय सुनिश्चित
हो धर्म का वास।

आओ दूर करें वनवास
आओ दूर करें वनवास।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
06अप्रैल,2020

हिस्से की रोटी

        मेरी पुत्रियों द्वारा निर्मित चित्र।                     
हिस्से की रोटी                                                
सदियों का संताप रहा है
हर पीढ़ी ने दर्द सहा है
अधिकारों की रक्षा हेतु
पल-पल का संघर्ष रहा है।

सामाजिक बदलाव की ज्वाला
पल-पल घूंट घूंट भर हाला
विरह, वेदना, घृणित भाव बढ़ा है
अर्थ प्रभावी जब से समाज बढ़ा है।

विद्या बनी जबसे धन की नीति
नैतिकता बन गयी मन की वृत्ति
इसका मोल चुकाऊं कैसे
इस परिवर्तन को अपनाऊँ कैसे।

चंहुदिश से वार हो रहा
दीन हीन का परिहास हो रहा
इस क्षण को अपनाऊँ कैसे
हृदय खोल व्याधि दिखलाऊँ कैसे।

उठो कलम इस दर्द को लिखो
मुक्त वायु के अनुबंध को लिखो
मिटे भेद जल जाए ज्योति
मिल जाये सबको, हिस्से की रोटी।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
04अप्रैल, 2020

आओ मिलकर दीप जलाएं


आओ मिलकर दीप जलाएं।                                                        

आओ मिलकर दीप जलाएं
आओ मिलकर दीप जलाएं।।

दूर तिमिर हो जाये जग से
मन चित्त को प्रकाशवान बनाएं
हर चेहरे पर मुस्कान जगाने
का ऐसा कुछ पर्याय बनाएं।
आओ मिलकर दीप जलाएं।।

चाहत के पंख फैलाकर
सपनों को यथार्थ बनाएं
अपने आत्मबल के बल पर
जग को प्रकाशवान बनाएं।
आओ मिलकर दिया जलाएं।।

राष्ट्र हमारा घिरा हुआ है
तिरोभूत प्रतिपक्षी से
इस प्रतिपक्षी के अवदारण को
सार्थकता का भाव जगाएं
आओ मिलकर दीप जलाएं।।

इस तन को दीप बना लें
स्नेह भाव का घृत भरकर
सदाचार को बाती कर
चंहुओर प्रेम प्रकाश फैलाएं।
आओ मिलकर दीप जलाएं।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
04अप्रेल, 2020

    

पदचिन्ह


पदचिन्ह।                                                        
कर्तव्यमार्ग पर चलते चलते
पदचिन्हों के छाप हैं छपते
गीली मिट्टी पर हस्ताक्षरित
उपस्थिति के निशान हैं बनते।

कोटि चरण है, कोटि बाहु है
कोटि भाव है, कोटि मार्ग है
पर मानवता के इस पथ में
लक्ष्य सुनिश्चित, प्राप्य एक है।

गढ़ते जाना है नवजीवन
भरते जाना है सूनापन
भाव जो पुण्य श्लोक लिखेंगे
जीवन तब होगा मनभावन।

दूर क्षितिज तक है जाना 
ले उम्मीदों का ताना बाना
सुगठित, मधुरिम भाव लिए
उम्मीदों के नवपुष्प खिलाना।

कर सुनिश्चित ध्येय चलेंगे
अनवरत, अविराम चलेंगे
कर्तव्यपथ पर चलते चलते
पदचिन्हों के छाप बनेंगे।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        03मार्च, 2020

बटोही


बटोही।                                                            
चिर सजग बटोही, व्यस्त है बाना
न ठहर अभी तू, दूर है जाना।।

सरिता की लहरों सा चलना
पल-पल कल कल बहते रहना
अचल हिमगिरि के हृदय से निकल
निर्वाध गति से बहते रहना।।

अगणित पथिक मिलेंगे पथ में
संग-संग तेरे चलेंगे पथ में
उन पथिकों पर ध्यान धरो तुम
पथ की अपने पहचान करो तुम।।

पथ में कंटक, शूल मिलेंगे
पथ में मौसम प्रतिकूल मिलेंगे
हर मौसम में ढलते रहना
पुण्य मार्ग पर चलते रहना।।

सफल पंथ हो, ध्यान करो तुम
असंभाव्य भाव से दूर टरो तुम
परिणामों के न फेर में पड़ना
निर्बाध, निरंतर चलते रहना।।

न ठहर अभी तू, दूर है जाना।
न ठहर अभी तू, दूर है जाना।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
02अप्रैल, 2020


सूरज जैसा बन मिलाकर

सूरज जैसा बन मिलाकर।                                 
सूरज जैसा बनना है तो
सूरज जैसा ही चलाकर
सम दृष्टि सब जन पर डाले
सूरज जैसा बन मिलाकर।।

हर कोना उज्ज्वल कर देता
मिटा आलस्य मुस्कान है भरता
दिन समग्र खुद जलता रहता
सांझ ढले फिर घर को जाता।।

कड़ी धूप हो, अग्निकुंड हो
अंजुली भर कर अर्ध्य मिलेगा
स्वयं तपाया जो जीवन अपना
तब जाकर तम दूर हटेगा।।

है कितना कुछ सीखने को उससे
यही चाहता बस वो हमसे
छोड़ दर्प पद ताप तेज का
निश्छल, निष्कपट, निर्विकार मिलाकर।।

सूरज जैसा बनना है तो
सूरज जैसा ही चलाकर।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
02अप्रैल, 2020


उम्मीदों का परिप्रेक्ष्य


           उम्मीदों का परिप्रेक्ष्य।                                        
कितने पल आते जीवन में
कुछ हर्षित, कुछ करते अस्थिर
प्रतिपल रंग बदलता रहता
जीवन चक्र यूँ चलता रहता।।

आस-निराश क्षणों मेंं चिन्हित
अपनी इच्छाओं का प्रतिबिंबित
पल-पल व्याकुल करता रहता
जीवन चक्र यूँ चलता रहता।।

सपनों का व्योम बड़ा है
कर्तव्यों का बोध बड़ा है
आंख-मिचौली खेलूं कैसे
उम्मीदों का परिप्रेक्ष्य बड़ा है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
         हैदराबाद
         01अप्रैल, 2020

श्री राम प्रार्थना

      श्री राम प्रार्थना।                                         
कर जोड़ खड़ा जो द्वार तिहारे
निश्छल मनमोहक रूप निहारे
कहे, हृदय जो शुद्ध कर लीन्हा
प्रभु राम हृदय में दर्शन दीन्हा।।

पढ़े भागवत , सुमिरे प्रभु को
शुद्ध भाव हो, करे निर्मल मन को
जो धर्म मार्ग पे खुद को अर्पित कीन्हा
उन्हें प्रभु फिर शरण में लीन्हा।।

परम् कृपा सुरूप हैं प्यारे
जन उद्धारक वो पाप सँहारे
परम् पुण्य तब आनन्दित कीन्हा
प्रभु राम हृदय में दर्शन दीन्हा।।

लोभ, मोह, माया, अभिमानी
मिटे पाप बन जाये ज्ञानी
ज्ञान शक्ति जब अन्वेषण कीन्हा
प्रभु राम हृदय में दर्शन दीन्हा।।

सहस्र कमल हो, दया शक्ति हो
सत्य ज्ञान हो, परम् धाम हो
पाप हरो प्रभु मंगल करना
शुद्ध भाव जन जन में भरना।।

बार बार करूं विनती प्रभु से
सुगुण-गण विस्तारित हो फिर से
राम नाम जप अमृत दीन्हा
ज्योतिर्मय निश्चय जग कीन्हा।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
02अप्रैल 2020


नग्न प्रदर्शन


चित्र चिंतन- नग्न प्रदर्शन                                   
नग्न प्रदर्शन, खून खराबा
कहीं शोर गुल कहीं सियापा
भय का अप्रत्याशित परिप्रेक्ष्य बड़ा है
डरा सहमा वो किंकर्तव्यविमूढ़ खड़ा है।।

हर कोई कोशिश कर रहा
खुद बचने को काठ हो रहा
नीति-अनीति के उहापोह से परे
अंतर्द्वंद्व से दो चार हो रहा।।

इक सनक भाव धारणा बदल रही
पथभृष्ट विचारों से पहचान खो रही
ध्वस्त हो रहे हैं मानक सारे
विश्वासों से आघात हो रहा।।

जनमत को तब कौन पूछता
सत्ता की जब धाक बड़ी हो
बर्बादी की परवाह कहां तब
जब केवल बकवास हो रहा।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
31मार्च, 2020




प्राकृतिक त्रासदी

             प्राकृतिक त्रासदी

कैसी त्रासदी कैसा कहर है
मौन दिशाएं मौन पहर है
बंद हैं खिड़की, बंद दरवाजे
इक दूजे की किसे खबर है।

हर कोई बेजार हो रहा
लड़ने को तैयार हो रहा
इनको कैसे क्या समझाएं
मातृ हृदय सतत रो रहा।

कहीं हैं भूखे कहीं है प्यासा
कैसे दिलाएं उन्हें दिलासा
सपनों की जो गठरी बांधी
टूट कर तार तार हो रहा।

दिल बैठा जाता है उनके इस हाल पे
हुई ख़ता क्या आज हम इंसान से।।

रोकूँ कैसे जो बढ़े कदम हैं
अनजाने हो रहे सितम हैं
जिधर भी देखो मची है भगदड़
व्याकुल विह्वल असहाय हुआ है।

किस पत्रग ने डँसा चमन को
क्या हुआ है चैनो अमन को
जिधर भी देखो जीवन रुद्ध है
भाव शून्य चेतना अवरुद्ध है।

सामने सब कुछ टूटा जा रहा
मन ही मन में घुटा जा रहा
क्या हो गया है आज शहर को
किसने घोला इसमें ज़हर को।

हो करके मजबूर हम इसको जी रहे
घूंट घूंट कर के ज़हर को पी रहे।।

प्रकृति ने उपहार दिया है
लोभ मन ने घात किया है
काट दिए हैं जंगल सारे
बेघर हुए पशु पक्षी बिचारे।

रो रही है धरती सारी
व्याकुल हैं सारे नर नारी
शुद्ध हवा के लिए तरसते
बादल बदले नैन बरसते।

प्रकृति का ये दर्द बड़ा है
मानव पर भी कष्ट बढ़ा है
गर अब भी न हम संभलेंगे
कैसे इस मुश्किल से लड़ेंगे।

जो किया देर तो फिर हम सब पछतायेंगे
प्रकृति के इस कहर से कैसे बच पाएंगे।।

भूकंप, बाढ़, सूखा व सुनामी
करेगा तब प्रकृति मनमानी
आओ सब मिल जुल कर सोचें
प्रकृति का संरक्षण सोचें।

नदी झील जंगल सारे
हम सबका जीवन सँवारे
बिन इनके जीना मुश्किल है
मानवता है इनके सहारे।

आओ फिर मिल जाएं सारे
मिल जुल कर उपाय विचारें
प्रकृति क्षरण जो रोक पाएंगे
तभी त्रासदी से बच पाएंगे।

फिर देर नही करना अपने व्यवहार का
वरना कारण बन जायँगे अपने संहार का।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30मार्च, 2020

संघर्षों की राह

              मेरी पुत्रियों द्वारा निर्मित चित्र               

         चित्र चिंतन- संघर्षों की राह                              
जो मानवता से प्रीत है सच्ची
तो संघर्षों की जीत है पक्की
चलते जाना रुक मत जाना
संघर्षों की राह है सच्ची।।

अगणित भले बाधाएं आएं
भोग-विलास मन भरमाएं
अटल इरादे  हैं जो तेरे
संघर्षों की राह है सच्ची।।

कर्मठता पर्याय मनुज का
आलस्य है पर्याय दनुज का
कर्मपथ पर अविराम चला चल
संघर्षों की राह है सच्ची।।

भौतिकता खोने का भय कैसा
पथ के शूलों से घबराना कैसा
खोने को है पास तेरे क्या, पर
जीत से तेरी कीर्ति है पक्की।।

चल उठ फिर आगे बढ़ तू
संघर्षों की ज्वाला बन तू
जितेंद्रिय जो आज बना तो
संघर्षों की जीत है पक्की।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
29मार्च, 2020

पलायन

                 मेरी पुत्रियों द्वारा निर्मित चित्र
चित्र चिंतन-पलायन।                                      
पलकों में इक दर्द लिए
उर में सांसें सर्द लिए
बोझिल कदमों से चला जा रहा
पल-पल तिल तिल मरा जा रहा।

हर धड़कन इक चोट सी लगती
हर पदचाप पे इक हुक सी उठती
कहीं कोई तो होगा अपना
जो दिखलाता आत्मीयता का सपना।

थके समेटे सपनों की गठरी
आस की चाहत, विश्वास की छतरी
चक्षु विकल हैं, नम हैं ग्रीवा
टूट गयी जो करी प्रतिज्ञा।

नीड़ छूटता जाता है क्यूँ
नन्हा सपना व्याकुल है क्यूँ
नही कहीं है उत्तर अब तक
सब कुछ छूटा जाता है क्यूँ।

झर झर बहते आंसू नैनों से
ढांढस उसे बंधाऊँ कैसे
पूछ रहा हूँ मैं खुद ही से
पलायन उसका रोकूँ कैसे।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
28मार्च, 2020

मां जब तू लोरी गाती थी...


जब तू लोरी गाती थी।                                                              
नींद मुझे तब आती थी
मा जब तू लोरी गाती थी।।

दूर देश तू गयी कभी न
पर तू सैर कराती थी
मीठे-मीठे प्यारे सपने
लोरी में भर गाती थी।
नींद मुझे तब आती थी
मां जब तू लोरी गाती थी।।

चंदा तारों की लोरी
मीठे सपनों की डोरी
परियों के देश पहुंचकर
नींद आती तब चोरी चोरी।

घुनघुना बजाती, बाल सहलाती
चूम-चूम माथे को पल पल
तू ही नींद बुलाती थी।
नींद मुझे तब आती थी
मां जब तू लोरी गाती थी।।

जब तक तेरी गोदी में मैं था
दुनिया की कोई खबर कहां थी
छूट गयी है गोदी जब से
रह रहकर टीस सताती है।
मां नींद मुझे तब आती थी
जब तू लोरी गाती थी।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
28मार्च, 2020





हंसों का जोड़ा

                  मेरी पुत्रियों द्वारा निर्मित चित्र
चित्र चिंतन-हंसों का जोड़ा।                              
दो हंसों का जोड़ा 
नैनों में यूँ समाया है
लगता है फुर्सत से जैसे 
ईश्वर ने बनाया है।।

नील गगन की छांव तले
खुली हवा के झोंकों में चहके
झूम-झूम अठखेलियाँ करते
सुरम्य दृश्य बनाया है।
दो हंसों का जोड़ा
नैनों में यूँ समाया है।।

रंग-बिरंगी, जगमग दुनिया
पर पल-पल रंग बदलती दुनिया
ऐसे मायावी जग में भी
सुघड़ श्वेत रंग पाया है।
दो हंसों का जोड़ा
नैनों में यूँ समाया है।।

पवित्र आत्मा, पवित्र है रिश्ता
पवित्र भाव है, पवित्र है दृढ़ता
अवसादों में भी संग-संग रह
दृष्टांत यही समझाया है।
दो हंसों का जोड़ा
नैनों में यूँ समाया है।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
27मार्च 2020

निर्झर

मेरी पुत्रियों द्वारा निर्मित चित्र

चित्र चिंतन-निर्झर।      
                                                     
झर झर झरता रहता निर्झर
बिना रुके बहता है निर्झर।।

नील गगन की छांव में बहता
मौन शिखर के चरण में बहता
सद्य विहंगम दृश्य यह सुघर
बिना रुके बहता है निर्झर।।

प्रशस्त पथ है मुक्त मुखर
प्राणों का स्वर भावों में भर
रजत सनात सौंदर्य है अमर
बिना रुके बहता है निर्झर।।

नही कोई अवरोध बड़ा है
जीवन की गति है ये निर्झर
इठलाती लहरें मिलती झीलों में
नही देखता पर पीछे मुड़कर।।

चलना है चलते रहना है
जीवन नही ठहरता पलभर
यही सीख बतलाता रहता
बिना रुके बहता है निर्झर।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
27मार्च 2020


हौसला रख तू ज़िन्दगी

हौसला रख तू ज़िन्दगी।                                                                
हौसला रख तू ज़िन्दगी
फिर सुबह मुस्कुराएगी
आज जो कैद है तू
तो कल फिर बाहर आएगी।

इक संकट ने निःशक्त किया 
तेरे अस्तित्व पर घात किया
रख तू हौसला प्रतिपल
इनसे ही जंग जीती जाएगी।
हौसला रख तू ज़िन्दगी
फिर सुबह मुस्कुराएगी।।

जो आज कैद है कमरों में
दूर कर अपने मन के अंधेरों को
इरादे जो  बुलंद रहेंगे तेरे
तो सपने सच होंगे सारे।

अंधेरी राहों में दीप जला
राहों को आसान बनाएगी
हौसला रख तू ज़िन्दगी
सुबह फिर मुस्कुराएगी।।

क्या निशा प्रभात को कभी रोक पाएगी
इतना कमजोर तो नही तू कि
विपदाएँ तेरे हौसलों को तोड़ पाएंगी
तुझमें जीतने की शक्ति है
उठ चल पड़ेगा जब तू
मंज़िल भी मिलेगी तुझको
मिलने का आनंद फिर आएगा।।

हौसला रख तू ज़िन्दगी
हौसलों से तू हर जंग जीत जाएगा।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
25मार्च 2020

नव संवत्सर

नव संवत्सर।                                                    
भोर की बेला यह पावन
सिंदूरी-सिंदूरी आंगन
अवनी से अंबर तक फैला
नूतन संवत्सर यह पावन।।

पूरब दिश से मधु किरणें आईं
मानस मन में खुशियां छाईं
सुरभित मन का कोना कोना
हर्षित प्रभात ले किरणें आईं।।

उपहारों से भरा हो प्रतिपल
देवों का आशीष हो प्रतिपल
मात-पिता के चरणों मे अर्पित
सुखद बनाएं जीवन प्रतिपल।।

शाख-शाख पर नवपुष्प खिल रहे
शीतल प्रभात उपहार बांट रहे
नदियों की कल कल धाराएं
निर्झर संग मिल गीत गा रहे।

पंछी के मंगल कलरव ने
आलस्य सारे दूर भगाया
स्फूर्ति चेतना भावों में भर
नवप्रभात लिए नव संवत्सर आया।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
25मार्च 2020

मैं हिंदुस्तान हूँ




मैं हिंदुस्तान हूँ।   
                                             
मैं हिंदुस्तान हूँ
मैं तुलसी की चौपाई हूँ
मैं खय्याम की रुबाई हूँ
मैं कबीर का दोहा हूँ
मीर की ग़ज़ल हूँ मैं
मैं रसखान का छंद हूँ
मैं ही मीरा का भजन हूं
मैं वेद और पुराण हूँ
मैं बाइबिल और कुरान हूँ
मैं गीता का ज्ञान हूँ
मैं हिंदुस्तान हूँ।।

मैं दीपावली का प्रकाश हूँ
मैं मुक्त आकाश हूँ
मैं होली की मस्ती हूँ
भाईचारे की बस्ती हूँ
मैं क्रिसमस की रौनक हूँ
मैं ईद का अजान हूँ
मैं अगणित त्यौहारों की खान हूँ
मैं हिंदुस्तान हूँ।।

मैं काशी का घाट हूँ
चिश्ती की दरगाह हूँ
बुद्ध के उपदेशों का प्रकाश हूँ
मैं तीर्थराज प्रयाग हूँ
मैं ही नानक का जन्मस्थान हूँ
मैं हिंदुस्तान हूँ।।

मैं हिमालय का प्रभाव हूँ
मैं गंगा का प्रवाह हूँ
मैं सागर सा विशाल हूँ
मैं नभ का प्रसार हूँ
शिक्षा संस्कृति का प्रसार हूँ
विविधता में एकता का भंडार हूँ
मैं नैतिकता का आह्वान हूँ
मैं हिंदुस्तान हूँ।।

मैं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हूँ
मैं प्रेम की स्वीकार्यता हूँ
मैं अपनेपन का एहसास हूँ
मैं सभी के दिलों के पास हूँ
मैं लोगों के दिलों में बसा प्यार हूँ
मैं सहनशीलता का प्रतिमान हूँ
जी हां मैं हिंदुस्तान हूँ।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद

कसौटी

कसौटी                                                         

तिरस्कार मन विह्वल करता
अविश्वास मन विक्षत करता
ठहरेगा पर वही यहां
कसौटी पर जो खरा उतरता।

अगणित थापों को है सहता
तप करके ही सोना बनता
तब जाकर मानस मन की
कसौटी पर वह खरा उतरता।

शंका तो मानव स्वभाव है
पल-पल, प्रतिपल गहरा प्रभाव है
खरा उतरता वही कसौटी पर
जिसका प्रबल मनोबल है।

सत्य मार्ग माना दुष्कर है
पग-पग में अगणित कंटक हैं
पर अमूल्य निधि ये जीवन धन है
जो इस धन को धारण करता
वही कसौटी पर खरा उतरता।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
19 मार्च 2020

भोर का स्वागत करो

भोर का स्वागत करो।            
                           
भोर की पहली किरण
जब धरा पर आयी
सिंदूरी रंग रँगी धरती
नव बेला मुस्काई।

पनघट पर पंछी चहके
नभ में लाली छाई
आलस्य के बादल छंटे 
तन मन में स्फूर्ति आयी।

शीतल-शीतल मंद पवन ने
जीवन की बगिया महकाई
बाग-बगीचे सब झूम उठे 
खेतों में फसलें लहराईं।

दूर शिवाला की ॐ ध्वनि
नव चेतना जगाती है
सत्य ही शिव है, शिव ही सुंदर 
एहसास यही दिलाती है।

नई सुबह है, नया जोश है
नवजीवन अलबेला है
त्याग शैथिल्यता स्वागत करो
ये नवप्रभात की बेला है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
18 मार्च, 2020


जिंदगी कभी तो मुस्कुराएगी

जिंदगी कभी तो मुस्कुराएगी।                             
कल मैंने देखा उसको
गली के मोड़ से कुछ चुनते
आंखों में एक आस लिए
शायद कुछ सपनों को बीनते
देर से देखता रहा मैं उसको
अपनी ही उंगलियों पर कुछ गिनते।

जब नही रहा गया तो मैंने पूछा-
इस ढेर में तुम क्या चुनती हो
रह रहकर अपनी उंगलियों पर
तुम क्या गिनती हो।
बड़े ही भोलेपन से उसने कहा-
साहब मैं अपने दर्द को गिनती हूँ
भूख से तड़पते अपने मन को गिनती हूं।

मैंने कहा- पुनर्वास की कितनी ही योजनाएं बनी
क्या तुमने अभी तक कोई योजना नही सुनी,
सुनी तो बहुत मगर साहब
हमारी कौन सुनता है
यहां जाने कितने ऐसे लोग हैं
जो हमसे भी पहले अपने सपनों को गिनते हैं।
योजनाएं चाहे जो भी हों
पहले वो अपना हिस्सा ढूंढते हैं।
नीचे से ऊपर तक रोज़ हज़ारों वादे मिलते हैं
उन्हीं वादों के पैबन्दों से हम
अपने सपनों को सिलते हैं।

उसकी आँखों में व्यंग्य था 
और मेरी आंखों में शर्मिंदगी
सोचा कैसे कैसे रंग दिखाती है जिंदगी।
हम भी तो दो वक्त की रोटी
की जद्दोजहद में लगे रहते हैं
कभी खाना ज्यादा हो जाये 
तो उसे हम फेंकते हैं।
हम बासी नहीं खाते हैं
कहकर नाक-भौं सिकोड़ते हैं।
कभी नही सोचा कि कुछ लोग
इन्ही टुकड़ों में अपने सपनों को बीनते हैं।

वो कहते थे कि वे अध्यादेश लाएंगे
देश से गरीबी,कुपोषण व भुखमरी हटाएंगे
जल्द ही समाजवाद लाकर
आर्थिक असमानता को मिटायेंगे।
पर जब भी उन वादों की हकीकत को तोला है
हर बीतते वादों में पाया अगणित घोटाला है।

सालों साल हम घोटालों में जीते आये हैं
उनके चाहे-अनचाहे वादों की घुट्टी पीते आये हैं
इस उम्मीद में कभी तो सबकी जिंदगी जगमगाएगी
महलों की जगमग के साथ ही
दिए की एक रोशनी टिमटिमाएगी
उन गगनचुंबी अट्टालिकाओं के साथ ही
झोपड़ियों की झांकती दीवारों से ही सही
कभी वो जिंदगी भी मुस्कुराएगी।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
15 मार्च 2020



कैसे चला पाओगे

कैसे चला पाओगे।     
                                     
कितना बोझ लेते हो
कैसे चला पाओगे
ज़िंदगी की राहों में
अगणित पड़ाव आते हैं
हर पड़ाव में कुछ सिमटा है
क्या सब समेट पाओगे
यदि समेट भी लिया तो
क्या संभाल पाओगे।
कितना बोझ लेते हो
कैसे चला पाओगे।।

ज़िंदगी में बोझ उठाओ, बोझा नही
बोझ- जिम्मेदारियों का, 
बोझ-उत्तरदायित्वों का
बोझ-सांस्कारिक आत्मनिर्भरता का।
लोगों का क्या 
वो तो त्रुटियां ही निकालेंगे
लोगों की बातों में आये
तो कैसे जी पाओगे।
कितना बोझा लेते हो
कैसे चला पाओगे।।

कल किसी के धोखे से 
घायल हो गए थे
किसी के अनदेखेपन से 
आहत हो गए थे
ये तो उनका ही आचरण है
फिर तुम क्यों पछताते हो
जब उन्हें रोकना तुम्हारे वश में नही
व्यर्थ ही अपना रक्त जलाते हो।
क्यों इसका बोझा लेते हो
कैसे चला पाओगे।।

सफल तो वो होते हैं
जो दर्द से परे 
पुनर्वास निकाल लाते हैं
मिलती चोटों के 
आप ही मलहम बन जाते हैं
उपहास व रोना उनका काम है
जो औरों को नीचा दिखाते हैं
जो तुम सन्मार्गी ठहरे तो
व्यर्थ, इन पर वक्त नहीं गँवाओगे।
क्यों लेते हो इतना बोझा 
कैसे चला पाओगे।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद

साथ नहीं छोड़ेंगे



साथ नहीं छोड़ेंगे

संग संग चलना है हमको
हम  साथ  नही  छोड़ेंगे
इक दूजे की छांव बने हैं
अब  छांह  नही  छोड़ेंगे।

आंधी  आये तूफां आये
कितनी ही बाधाएं आएं
पुनर्मिलन ये हो के रहेगा
कितनी ही विपदाएं आएं।

जन्मों जन्मों बाद मिले हैं
सांस-सांस में फूल खिले हैं 
उर से उर का संगम  है ये
एहसास  के  दीप जले हैं ।

तुमसे है अब श्वास का रिश्ता
जीवन भर विश्वास का रिश्ता
बंधन  ये अनमोल  है  अपना
उम्मीदों के विन्यास का रिश्ता।

आव कहीं हो या दुराव
हम विश्वास नही तोड़ेंगे
संग संग चलना है हमको
अब ये साथ नहीं छोड़ेंगे ।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       


रंग दो कान्हा

रंग दो कान्हा                                                    
मोहे रंग दो कान्हा
अपने ही रंग में
रंग जाऊं तुझमें आज
सुध बुध अपनी बिसराए जाऊं
रम जाऊं तुझमें आज।।

जो रंग रंगी राधा रानी
जिसमें झूमी मीराबाई
जो रंग में कबीरा नाचा
नाचे खुसरो और रसखान।
मोहे भी रंग दो ऐसे सांवरिया
डूब जाऊं मैं जिसमें आज।।

तुम बिन है अब कौन सहारा
तुम ही करो उद्धार
कौन है आपन कौन पराया
तुम ही सबका आधार।
अपनी भक्ति का वरदान मोहे दो
बन  जाऊं चैतन्य जैसा आज।।

मोहे रंग में ऐसे रंगों कान्हा
रंग जाऊं तुझमें आज
सुध बुध अपनी बिसराय जाऊं सब
रम जाऊं तुझमें आज।।

©️✍️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद


होली

होली                                                              
ग्रीष्म ऋतु की आहट हुई
शीत ऋतु का अवसान
होली की आहट हुई
रंगों में डूबा हिंदुस्तान।।

मन में कोई मैल न रहे
दिलों में कोई बैर न रहे
मिलो इक दूजे संग ऐसे
खत्म हो जाये सब अभिमान।।

उम्र की रफ्तार तेज ही रही
कर्तव्यों की धार तेज हो चली
इन सबमें सामंजस्य बिठाकर
स्थापित करो नया प्रतिमान।।

रंग, अबीर, गुलालों से
भींग रहा है हर घर आंगन
प्रेम-प्यार और समर्पण से
सराबोर है सब मानव तन।।

मन में कोई भेद न रहे
दिल को कोई खेद न रहे
अंतर्मन पावन हो जाये
संशय का अवशेष न रहे।।

लगा कपाल पर रंगों का चंदन
करो आज इक दूजे का वंदन
निकलो बन मस्तों की टोली
प्यार का प्रतीक है ये होली।।

अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद

प्रातः वंदन

           

  प्रातः वंदन।           
                             
उठो मनुज स्वागत करो
स्नेहिल, सुरभित प्रभात का
त्याग कर आलस्य सारे
प्रभात का स्वागत करो।

क्यूँ सो रहा है अभी तक 
स्वयं से साक्षात्कार कर
हो रही है नवीन भोर
इस भोर का स्वागत करो।

व्यतीत निशा अब हो गयी
तम की चादर हट चुकी
छोड़ कर प्रमाद सारे
हर्ष से स्वागत करो।

बन चुनौती खड़े रहो
प्रतिपल कराल काल के
बन के दीपक ज्ञान का
दिव्य ज्योति प्रसारित करो।

है पल ये शंखनाद का
धर्म राष्ट्र के प्रसार का
अपने शंखनाद से तुम
विदीर्ण व्योम को करो।

उठो हिमाद्रि गिरी श्रृंग से
है माँ भारती पुकारती
त्याग कर अज्ञान सारे
स्वदेश के लिए जियो
स्वदेश के लिए मारो।

त्याग कर आलस्य सारे
नव प्रभात का स्वागत करो।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद

बनो स्थिर, न बनो अधीर

बनो स्थिर अचर, न बनो अधीर।                     

दृष्टिगत होता जब हिमगिरि
प्रश्नों का अंबार मचलता
प्रकृति के अगणित झंझावत भी
क्यों कर सके न इसे अधीर।।

मन में भर उत्साह नियत नित
कौतूहल वश हृदय सत्य ढूंढता
यूँ तो है सिकुड़न धरा का
फिर भी न कभी होता अधीर।।

कितनी सरिताओं का उद्गम है
निर्झर-झीलों का संगम है
नित्य पवित्रता के भाव दर्शाता
नहीं कभी होता अधीर।।

है कितना कुछ अध्ययन को इससे
व्यर्थ भटकता मन संशय में
अटल-अविचल भाव सिखाता
बनो " अजय " स्थिर-अचर, न बनो अधीर।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद



जरासंध वध

      जरासंध वध।                                        

मय दानव के सहयोग से
सभाभवन का निर्माण किया
शुभ मुहूर्त देख के तब
युधिष्ठिर का राज्याभिषेक किया।।

राजसूय यज्ञ की आवश्यकता
नारद श्री ने तब सलाह दिया
पर जरासंध है यज्ञ का बाधक
माधव ने तब संकेत किया।।

बड़ा क्रूर , निर्दयी है वो
उसने आतंक मचाया है
वीरों से अतिवीरों को
उसने बंदी बनाया है।।

राजसूय यदि करना है
तो खुद को तैयार करो
यज्ञभूमि जाने से पहले
जरासंध को परास्त करो।।

युद्ध विजय का उद्देश्य लिए
तब ब्राम्हण का वेश धरे
सहित अर्जुन-भीम के, माधव
जरासंध के दरबार गए।।

ब्राह्मण समझ करके उनको
जरासंध ने सत्कार किया
राजसूय यज्ञ की खातिर तब
भीम ने युद्ध के लिए ललकार दिया।।

कई बार अवसर वो आया
जब भीम ने उसे हराया था
चीर करके धड़ को उसके
उसे नर्क लोक पहुंचाया था।।

पर था ऐसा वरदान उसे
सशरीर पुनः वो जुड़ जाता
युद्ध विजय की हर कोशिश को
भीम के वो मिटा जाता।।

उन दोनों का युद्ध बड़ा था
सबके पसीने छूट गए
लड़ते-लड़ते दोनों को 
जब तेरह दिन बीत गए।।

किया इशारा तब माधव ने
ऐसे न उसे हरा पाओगे
चीर के अलग दिशा में धड़ को
जब फेंकोगे तब विजय पाओगे।।

दिन चौदहवाँ जब आया
तब जरासंध कुछ थका दिखा
चीर के धड़ को दो भागों में
भीम ने अलग दिशा में फेंक दिया।।

जरासंध की मृत्यु से हर्षित
तब सारा साम्राज्य हुआ
मुक्त हुए बंदी सब राजा
राजसूय का सम्मान किया।।

अजय कुमार पाण्डेय

हैदराबाद


प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें एक दूजे को हम इतना अधिकार दें, के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें। एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं, ...