व्यंग्य- एडमिशन

 व्यंग्य- एडमिशन। 

बच्चा जैसे ही थोड़ा बड़ा हो गया
जॉनी जॉनी पापा कहने लगे गया
श्रीमती जी ने कहा-
बच्चा अब तीन साल का हो गया है
मैंने कहा- बधाई हो
यदि आदेश मिले तो फिर
अगले की सुनवाई हो।

तुम्हारा तो दिमाग ही गड़बड़ रहता है
सारा दिन बस गड़बड़ करता रहता है।
अरे पड़ोसी को ही देखिये
तीन साल में ही अपने बच्चे का
प्ले स्कूल में एडमिशन भी करवा दिया।
एक आप हो चिंता ही नहीं करते हो
हर पल अगली सुनवाई के
चक्कर मे ही पड़े रहते हो।

मैंने कहा- अरे ये भी कोई उम्र है
स्कूल भेजने की, थोड़ा तो बढ़ने दो
कम से कम पांच साल का तो होने दो।
मगर पत्नी कब मानी है जो मानती
खैर गलती उसकी भी नहीं है
ये तो चलन का ही दोष है
अच्छे महंगे स्कूल में एडमिशन करवाना
स्टेटस पॉइंट ऑफ व्यू के लिए मोस्ट है।

खैर अगले दिन
मैं पास के तथाकथित महंगे व अच्छे 
स्कूल में जाकर लाइन में लग गया
लाइन का भी एक अलग ही अनुभव था
लाइन में लगातार हो रहे थे धक्कम-धक्के
कुछ तो थे अनुभवी
पर कुछ मेरे जैसे थे एकदम कच्चे।
भीड़ कभी आगे ठेलती
तो कभी पीछे थी धकेलती
लोग एक दूजे पर चढ़े जा रहे थे
कुछ आपस में ही घूरे जा रहे थे
कुछ में तो होने लगी थी हाथपाई
सब बर्दशते करते हुए 
मैंने धक्के में ही समझी अपनी भलाई
आखिर बच्चे के फ्यूचर का जो सवाल था।
धक्के खाते -खाते हम जैसे तैसे
खिड़की तक आ ही गए
जैसे ही फॉर्म हाथ में आया
यूँ लगा जैसे युद्ध ही जीत लिए।
विजयी मुस्कान ले हम घर को आये
घर आते ही पत्नी को खुशखबरी सुनाए।
उसी दिन से पत्नी भी अपने काम मे जुट गई
नन्हें से अबोध की तो जैसे शामत ही आ गयी
जॉनी जॉनी से लेकर जाने कितनी 
चीजें उसे सिखाने लग गईं।
उसका जुनून देख मेरा मन भी घबराया
सहयोग के लिए मैंने भी अपना सारा जोर लगया।

नियत दिन फॉर्म भर पति-पत्नी 
बच्चे के साथ स्कूल में आये
साथ अपने जाने कितने ही सपने लाये।
कुछ ही देर में चपरासी ने नाम बुलाया
बच्चे को लेकर हम दोनों फिर कक्ष में आये।
अंदर आते ही हमें कुर्सी पर बिठाया
बैठते ही चंद प्रश्न उठाया।

योग्यता क्या है ?
सुन मेरा माथा चकराया
प्रश्न मेरी समझ मे ही नही आया।
तीन साल का बच्चा है
इसके एडमिशन के लिए ही हम आये हैं
इसकी योग्यता अभी कैसे बतलायेंगे।
बच्चे की नहीं- आप दोनों की
मगर एडमिशन तो बच्चे का होना है
हमारी योग्यता का इससे क्या लेना है।
ये नियम है सो आपको बताना ही होगा
बच्चा आपका है, कुछ फर्ज आपको निभाना है।
सब कुछ हमीं थोड़े ही करवा पाएंगे
होमवर्क में मेहनत हम आप से भी करवाएंगे।

खैर अंग्रेजी तो आती ही होगी
मगर हिंदी तो हमारी मातृभाषा है
जब हिंदी है तो अंग्रेजी का क्या काम।
उन्होंने कहा- अंग्रेजी ही दे सकती उचित परिणाम
यदि बच्चे को अभी से नहीं पढ़ाएंगे
तो भविष्य में उसे बड़ा आदमी कैसे बनाएंगे।
सोचा- सच में अंग्रेजी से ही बड़े आदमी बनते हैं?
यदि हां तो फिर सभी अनपढ़ों जैसे क्यों लड़ते हैं।
सत्ता से सड़क तक तो पढ़े लिखों की ही भीड़ है
फिर हमारी शिक्षा अभी गक्त क्यूँ क्षीण है।

जैसे-तैसे बातें कर हम कमरे से बाहर आये
काउंटर पे जाकर भारी-भरकम फीस जमा करवाये
पत्नी खुश थी कि वो सबसे बताएगी
अच्छे स्कूल में एडमिशन का सबपे धौंस जमायेगी।
पर मुझे अलग ही उधेड़बुन सता रही थी
शिक्षा पर आधुनिकता जैसे ग्रहण लगा रही थी।
लगा बच्चों का बचपन जैसे छीना जा रहा था
बस्तों के बोझ तले जैसे धकेला जा रहा था।
क्या पहले के बच्चे नहीं पढ़ पाते थे
फिर ऋषि, मनीषी, बुद्धिजीवी कैसे शिक्षा पाते थे।

पर अब तो नया ज़माना आया है
आखिर अपना स्टेटस भी तो सबको दिखाना है
जैसा स्कूल वैसा ही सम्मान मिलता है
कोई बतलाए क्या ज़रकरी स्कूलों का बच्चा
जीवन में आगे नहीं बढ़ता है।

शिक्षा को सुगम बनाना है तो
सबसे पहले इसे व्यापार न बनाओ
स्टेटस सिंबल के बदले इसे सब तक पहुंचाओ।
आधुनिकता की आड़ में बचपन मत छीनो
हर बच्चे को पहले खुलकर जीने दो
व्यापार बृत्ति से जो बचेगी शिक्षा
विकसित जनमानस तब होगा
उचित मार्ग की फिर मिलेगी दीक्षा।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
✍️09 मई, 2020














किताब


             किताब।                      

खालीपन को भरती हैं किताबें
सूनी राहों की साथी हैं किताबें
हर बीती को सँजोती हैं किताबें
एकाकीपन की बातें हैं किताबें।

त्याग-समर्पण हैं, अनुभुति हैं 
अंधेरों में ज्योति हैं किताबें
ऊंच-नीच या अमीर-गरीब
भेद नहीं बतलाती हैं किताबें।

हर पल कुछ कहती हैं किताबें
पल-पल पास रहती हैं किताबें
विजयी पल हो या हार के क्षण
सदा उत्साह बढाती हैं किताबें।

जीवन की हैं ये पाठशाला 
समाधानों की पुस्तकालय
योग्य बने सब पढ़कर इसको
सफल मार्ग बतलाती हैं किताबें।

बुद्धि, विवेक, शील, संस्कार
उन्नति हैं, शान हैं किताबें
मानवता का मूल सिखाती
सभ्यता हैं विकास हैं किताबें।

शब्दों का अथाह सिंधु हैं
हिमाद्रि का उच्च श्रृंग हैं
बूंद-बूंद ज्ञानामृत हैं ये
सद्ग्रंथों का विचार बिंदु हैं।

जन मन की भावाभिव्यक्ति हैं
आस्था हैं विश्वास हैं किताबें
गीता,बाइबिल, कुरान,गुरुवाणी
भारत की पहचान हैं किताबें।

कितना कुछ कहती हैं किताबें
कितना कुछ देती हैं किताबें
शिक्षा का भंडार  किताबें
जीवन का अभिप्राय हैं किताबें।।

 ©अजय कुमार पाण्डेय
    हैदराबाद
 ✒️09 मई, 2020

दरमियाँ

     

     दरमियाँ

तेरी चाहत ने देखो ये क्या कर दिया
दिल को ही दर्द का आसरा कर दिया।

कैसा पर्दा मेरे दरमियाँ कर दिया
मुझको ही मुझसे जुदा कर दिया।

ज़माने से दर्द हज़ारों मिले
दर्द को तुमने दवा कर दिया।

हर तरफ तू ही तू अब दिखे है मुझे
कैसा आलम तूने यहां कर दिया।

महफ़िल में मिले हम, सबों की तरह
तेरी चाहत ने मुझे तन्हा कर दिया।

चाहत का राज़ भर के दिल में जिये
जब चाहा तूने खुद रज़ा कर दिया।

प्यार करने की तेरी कैसी ये रीति है
प्यार को दर्द का आसरा कर दिया।

दर्द की दवा यूँ तो चाहते हैं सभी
पर खुद को ही मैंने फना कर दिया।

तेरी चाहत ने देखो ये क्या कर दिया,
दिल को ही दर्द का आसरा कर दिया।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
08 मई 2020

माँ सरस्वती वंदना


माँ सरस्वती वंदना।   

वीणावादिनी, हे शारदे माँ
हमको ऐसा वरदान दे माँ
लिखूँ प्रेम जनगण के मन में
भावप्रवणता भर दे मुझमें।।

वीणावादिनी ऐसा वर दो मुझको
उल्लासित करूं मैं जन-जन को
वंदना में अर्पित करूं जीवन को
शरण, चरण में दे दो मुझको।।

उत्साह नया संचार करूं माँ
लेखनी से व्यवहार करूं माँ
प्रेम भाव भरूं जन-मन मे
नवयुग का आह्वान करूं माँ।।

साहस की सरिता हो प्रवाहित
जीवन में तप-त्याग समाहित
सत्य-संचयन मुझमें भर दो
माँ वीणावादिनी वर दो मुझको।।

सुमति सदा व्यवहार हो जग में
मनुजता का भाव हो जग में
हो परस्पर सम्मान सभी का
मधुर भाव हृदय में भर दो।।

माँ वीणावादिनी ऐसा वर दो 
भावप्रवणता जग में भर दो।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
08 मई, 2020

फिर बोल पड़ी मधुशाला

  

राष्ट्रकवि स्व.शी हरिवंश राय बच्चन जी की कालजयी रचना मधुशाला से प्रेरणा लेकर मैं चंद पंक्तियां वर्तमान सामाजिक परिवेश को केंद्रित करके उनके श्री चरणों में समर्पित करते हुए आप सबके सम्मुख प्रस्तुत कर रहा हूँ। इसका उद्देश्य किसी के भाव को आहत करना नहीं है।

फिर बोल पड़ी मधुशाला

जीवन-मृत्यु में संघर्ष छिड़ा है
भय-निर्भय में  कौन  बड़ा  है
फिकर कहां करता मतवाला
मुड़ जाता, दिखती मधुशाला।

              नहीं दिखा जब ठौर ठिकाना
              नहीं मिला जब कोई बहाना
              नहीं मिली जब कोई शाला
              पुनः याद आयी मधुशाला।

बंद हुईं जब गलियां सारी
सुने हुए मुहल्ले सारे
नहीं दिखी जब राह कोई
मुड़ चला जिधर थी मधुशाला।

               नहीं दिखी जब राह कोई
               नहीं मिली जब थाह कोई
               थक गया जब चलते-चलते
               बोल पड़ी तब मधुशाला।

लंबे डग भरे उधर चला
मन ही मन में खिला-खिला
पुनः आज फिर तृप्त करेगी
इन होठों को मधुशाला।

               कितने दिन के बाद मिली
               हाय ढूंढा तुझको गली-गली
               आलिंगन में आ  भर लूँ
               बिछड़ न जाये फिर मधुशाला।

रहती दुनिया याद करेगी
हर होठों पर बात रहेगी
बंद हुए जब आश्रय सारे
बोल पड़ी तब मधुशाला।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        06मई, 2020



उर्मिला की वेदना

उर्मिला की वेदना।   

कालचक्र ने  चक्र चलाया
हंसता हुआ कुटुंब बिखराया।
एक वचन के लाज के लिए
अवधनरेश ने खुद को तपाया।

रघुकुल रीति उच्च है सबसे
प्राण जाए पर वचन न टरते।
इक हठ से हो वशीभूत 
प्रिय सुत को वनवास पठाया।

भाई और भार्या संग
श्री राम वन चल दिये
रोते, बिलखते पुरवासी
कुटुंब सारे रह गए।

सीता संग प्रभु राम लक्ष्मण
वन में जाकर रहने लगे।
उर्मिला पत्नी लक्ष्मण की
महल में व्याकुल रह गई।

प्रतिपल नैनों में सूनापन 
नैन ढूंढते थे अपनापन।
सांस सांस में नाम बुलाती
जैसे-तैसे वक्त बिताती।

इक-इक पल उसका भारी था
मन में प्रतिपल उथल-पुथल था।
मन ही मन उदास वो रहती
हंसती, लेकिन कुछ न कहती।

फूलों सी थी कोमल काया
तिस पर पड़ी विरह की छाया।
जी भर भी वो निहार न पाई 
के बिछोह की घड़ी थी आयी ।

कितने  चाहत भरे थे मन में
पिया संग जब आयी घर में।
पर किस्मत ने चक्र चलाया
विरह-वेदना में उलझाया।

वो महलों की रहने वाली 
प्रतिपल थी चहकने वाली ।
इक झंकार वाणी में उसकी 
जो खो गयी विरह में पिय की।

महल भी उसको सूना लगता
रत्न-आभूषण चुभता रहता।
चेहरे की मुस्कान खो गयी
जोगन सी जीने वो लग गयी।

निज सुध उसको नहीं रह गयी
आपस की बातें याद रह गयी ।
करना तुम अपने धैर्य की रक्षा
करूंगा मैं भी वचन की रक्षा।

तनिक न तुम चिंतित रहना
बस करना मेरी सदा प्रतीक्षा।
अग्रज सेवा का भार देती हूँ
निद्रा, चिंता, निज लेती हूं।

तुम्हीं पूज्य, आराध्य हो मेरे
पर प्रभु के हैं आराध्य बहुतेरे।
प्रतिपल उनकी शरण में रहना
निष्काम भाव से सेवा करना।

पर मन था कि नहीं मानता
आखिर उसको क्या समझता।
अंदर-अंदर घुटती रहती
हंसती, आंसू पीती रहती।

निकल न जाएं चित्त से उसके
आह नहीं वो भर पाती थी।
सपने गढ़ती उन्हें बुहारती
मन में पिय की छवि निहारती।

सुनती  सबकी बातें सारी
कुछ न कहती पर सुकुमारी
जड़-चेतन सब उसे निहारते
अपना सब कुछ उसपे वारते।

मुस्कान सदा चेहरे पर रखती
अंदर ही अंदर घुटती रहती।
नियति ने कैसा चक्र चलाया
क्षण भर में जीवन बिखराया।

कैसे रहते होंगे वन में
कितने प्रश्न भरे थे मन में।
जैसे तैसे समय बिताती
अटारी कभी वाटिका में जाती।

सुध-बुध अपनी खो जाती थी
मन ही मन में वो रोती थी।
चैन नहीं था इक पल में
व्याकुलता भरी जीवन में।

शीतलता चंद्र की नश्तर लगते 
बिस्तर  मखमली कंटक लगते ।
अकसर वो खुद को समझाती 
आप ही आप ढांढस वो बंधाती ।

मन ही मन बातें करती थी
पाती लिखती फिर पढ़ती थी।
स्वयं से ही सन्देश बनाती
दर्पण को फिर उसे सुनाती।

रश्मि किरण से बातें करती
अपने मन की बातें कहती।
चौदह वर्ष शीघ्र बीत जाएंगे
खुशियों के पल फिर आएंगे।

पिय छवि मन में ले हंसती रहती
प्रतीक्षा पल-पल करती रहती।
पिय के लिए सदा  रहेगी
उनके आने की राह तकेगी।

धन्य-धन्य है उर्मिला नारी
वचन के लिए खुशियां वारी।
शब्द नहीं है पास हमारे
प्रकट कर जो त्याग तुम्हारा।।

©अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
04 मई, 2020





मन का दर्पण

मन का दर्पण। 

मन को अपने दर्पण कर लो
खुद में खुद को अर्पण कर लो।
मन हो जाये पूरणमासी
स्वतः दूर हो जाय उदासी।

खुशियों की रश्मि किरण तब
मद्धम-मद्धम द्वार पे आती।
अद्भुत रूप धरे जीवन का
हर्षित करती छवि झलकाती।

कुछ इठलाती, कुछ इतराती
चुपके-चुपके कदम बढ़ाती।
हंसती, खिलती स्वप्न सँजोती
खुशियों को दामन में पिरोती।

पुलकित करती, भाव जगाती
जीवन की बगिया महकाती।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
03 मई, 2020

ये समर्पण भूल न जाना

ये समर्पण भूल न जाना

त्याग, तपस्या, प्यार, समर्पण
जीवन में कभी भूल न जाना
मानवता का पर्याय यही है
जीवन में कभी भूल न जाना।

अलिखित पीड़ा द्वार खड़ा
जीवन पर संकट आन पड़ा
त्याग, तपस्या और मनोबल
का है इसमें पर, स्थान बड़ा।

इक त्रासदी ने जीवन रोका है
हर चेहरों की रौनक लूटा है
इस त्रासदी में हैं जो संग हमारे
उपकार कभी तुम भूल न जाना।

डॉक्टर, पुलिस, सफाईकर्मी
यथार्थ में हैं स्वाभाविक धर्मी
कदम-कदम पर साथ खड़े हैं
इस विपदा से निपट रहे हैं।

बंद हुए जब मंदिर सारे
मस्जिद, गिरजा और गुरुद्वारे
तब ईश्वर भी वेश बदल कर
इन रूपों में जन कल्याण कर रहे।

अगणित व्याकुल, भूखे-प्यासे
इस  संकट में बाट निहारें
मनुजप्रेमी समाजसेवी सब
निःस्वार्थ बने हैं तारनहारे।

आओ इनका सम्मान करें
सब मिलकर गुणगान करें
डॉक्टर, पुलिस, सफाईकर्मियों का
सर्वोच्च सुनिश्चित स्थान करें।

इस विपदा में जो आज खड़े हैं
बन जीवन रक्षक आज खड़े हैं
उनके सुगठित व्यवहारों का
सम्मान कभी तुम भूल न जाना।

ये त्याग, तपस्या, प्यार, समर्पण
जीवन में कभी भूल न जाना।
मानवता का पर्याय यही है
जीवन में कभी भूल न जाना।।

 ©️अजय कुमार पाण्डेय
 हैदराबाद
 27अप्रैल, 2020

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-10

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-10

गतांक से आगे.......

बहुप्रतीक्षित निर्णायक दिन
युद्ध का आखिर आ गया
अर्जुन की क्षति की खातिर
कर्ण ने भार्गवास्त्र चला दिया।।116।।

भार्गवास्त्र का प्रभाव तेज था
सब छिन्न-भिन्न होने लगे
सेना में हाहाकार मची तब
सब अर्जुन के पास गए।।117।।

भार्गवास्त्र की काट वहां
असंभव था सबके लिए
यदि अर्जुन रण से भागेगा
भार्गवास्त्र कर्ण वापस लाएगा।।118।।

फिर कृष्ण ने अर्जुन के
पलायन का मार्ग बनाया
भागते देख अर्जुन को
भार्गवास्त्र वापस लाया।।119।।

दोनों पक्षों की सेना के
महान शूरवीर थे लड़ रहे
रुक गयी अवनि जैसे
देवलोक भी जड़ गए।।120।।

बाणों की वर्षा से दोनों
इक दूजे को घात रहे
कोई नहीं ढीला पड़ता
वक्त वहीं ठहर गया।।121।।

दोनों का संग्राम बड़ा था
आखिर उनका नाम बड़ा था
बाणों की वर्षा से सारे
अवनि-अंबर ढंक गए।।122।।

अर्जुन के बाण कर्ण के
रथ पर थे बरसने लगे
उन बाणों के फलस्वरूप
रथ कई गज खिसकने लगे।।123।।

पर कर्ण के बाणों से केवल
कुछ बलिश्त ही खिसका पाया
कृष्ण ने करी प्रशंसा उसकी
अर्जुन को हतप्रभ अचंभित पाया।।124।।

क्या उसके वार सभी
मेरे वार पर हावी हैं
ऐसा क्या है किया कर्ण ने
जिससे आप प्रभावित हैं।।125।।

उसके रथ पे भार मात्र शल्य का है
तुम्हारे रथ स्वयं हनुमान विराजे
इतनी शक्ति वारों में उसके
जो उनका भी रथ खिसका दे।।126।।

कितनी ही बार युद्ध में दोनों ने
इक दूजे की प्रत्यंचा काट दिया
नागास्त्र प्रयोग किया जब कर्ण ने
माधव ने अर्जुन का रथ धँसा दिया।।127।।

नागास्त्र विफल होता देख कर
अश्वसेना नाग ने निवेदन किया
पर माता कुंती के वचनस्वरूप 
पुनः प्रयोग को मना किया।।128।।

यद्दपि युद्ध गतिरोध पूर्ण था
पर कर्ण उस पल उलझ गया
जब उसके रथ का पहिया
धरती में जाकर धँस गया।।129।।

वह अपने दैवी अस्त्रों का
प्रयोग नहीं कर पाता था
गुरु के श्राप के कारण
असमर्थ स्वयं को पाता था।।130।।

तब किया निवेदन कर्ण ने
कुछ पल युद्ध को रोक दे
रथ का पहिया निकलने तक
अर्जुन उसको एक मौका दे।।131।।

कृष्ण ने कहा पार्थ से---

युद्ध नियम की बातें करने का
उसको है अधिकार नहीं
अभिमन्यु वध के पल में क्या
नियम उसे  था याद नहीं।।132।।

भरी सभा में जब उसने
पांचाली का अपमान किया
एक नारी के वस्त्र हरण पर
धर्म उसका था  कहां गया।।133।।

अब धर्म की बातें करने
है उसका अधिकार नहीं
कर्ण का वध करना अब
है यहां कोई अपराध नहीं।।134।।

यदि अभी कर्ण को न मारे तो
युद्ध कभी न जीत पाओगे
सत्य पुनः संकट में होगा
धर्म नहीं फिर ला पाओगे।।135।।

तब अर्जुन ने दिव्यास्त्र के द्वारा
सर कर्ण का धड़ से अलग किया
ज्योति कर्ण के धड़ से निकली
जो सूर्य में जाकर समाहित हुआ।।136।।

कर्ण ऐसा योद्धा था जग में
जो कभी-कभी ही आते हैं
कितनी भी विषम स्थिति हो
अपना आत्मबल दिखलाते हैं।।137।।

कर्ण भले ही दानवीर था
शूरवीर था, युद्धवीर था
अनैतिकता का साथ निभाकर
नैतिकता पर आघात किया।।138।।

संघर्षरत मानव की खातिर
कर्ण सदा प्रतिमान रहेगा
सत्य, धर्म जो भी त्यागेगा
कर्ण जैसा परिणाम सहेगा।।139।।

जीवन अपना अमूल्य निधि है
इसका तुम सम्मान करो
सत्य ही शिव, शिव ही सुंदर
इसी भाव का ध्यान धरो।।140।।

                   इतिश्री
           🌷🌷🌷🌷🌷🌷

©अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद







राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-9

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-9

गतांक से आगे......

कुरुक्षेत्र के रण में दोनों
सेना जब सामने भयी
एक दूसरे का सामर्थ्य
आंखों से परखने लगीं।।106।।

वीरों से व अतिवीरों से
थी सुसज्जित दोनों सेना
एक ओर दर्प बड़ा था
दूजे धर्मराज की सेना।।107।।

पितामह ने कहा कर्ण से
युद्ध भूमि में नहीं जाएगा
जब तक जीवित भीष्म रहेंगे
सेनापति नहीं बन पाएगा।।108।।

दोनों पक्षों में भीषण 
संग्राम वहां होने लगा
दोनों पक्षों के अगणित
शव नित नित गिरने लगा।।109।।

भीष्म, द्रोण जैसे महारथी
एक एक कर  परास्त हुए
विचलित देख दुर्योधन को
कर्ण उसे ढांढस दिए।।110।।

युद्ध के दौरान सभी
नैतिकता सारे पस्त हुए
अभिमन्यु का वध करने
प्रतिमान सारे ध्वस्त हुए।।111।।


अर्जुन वध के लिए कर्ण ने
आसुर व्रत अनुष्ठान किया
युद्ध के सोलहवें दिन फिर
उसे सेनापति नियुक्त किया।।112।।

अर्जुन के अतिरिक्त कर्ण ने
पाण्डवों को पराजित किया
कुंती के वचन फलस्वरूप
नहीं किसी का वध किया।।113।।

युद्ध में हो पराजित जब
सभी शिविर में चले गए
मद में चूर दुर्योधन तब
डींगें फिर हांकने लगे।।114।।

पर कर्ण को था बोध 
संवाद नही अब रण होगा
अर्जुन से उसके युद्ध का
परिणाम बड़ा भीषण होगा।।115।।

क्रमशः.......

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद





राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय- खण्ड काव्य-भाग-8

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-8

गतांक से आगे......

कर्ण युग का महा दानवीर था
उस जैसा उस क्षण कोई नहीं था
अपनी दानशीलता से उसने
अगणित को सुख पहुंचाया था।।85।।

रवि पूजन पश्चात वहां
जो कोई भी आता था
कर्ण उसे मुँहमाँगा देता
रीते नहीं लौटाता था।।86।।

इंद्र ने धर वेश विप्र का
कुंडल-कवच कर्ण से मांगा
सहर्ष समर्पित किया कर्ण ने
निराश नहीं उनको लौटाया।।87।।

सूरज अपना तेज त्याग दे
शीतलता भी चन्द्र त्याग दे
अटल प्रतिज्ञा थी कर्ण की
निराश न जाये कोई द्वार से।।88।।

इंद्र के व्यवहार से पहले
कर्ण कुछ विचलित हुआ
कवच-कुंडल बिना हराऊँगा
उसने प्रण सुनिश्चित किया।।89।।

दानशीलता देख कर्ण की
इंद्र को भी क्षोभ हुआ
शक्ति वरदान दिया फिर
जो एक प्रयोग में लुप्त हुआ।।90।।

युद्ध निश्चिवत हो जाने पर
कुंती का मन व्याकुल हुआ
पुत्रों के मध्य युद्ध रोकने का
उसने फिर निश्चय किया।।91।।

समझाने कर्ण को फिर
कुंती उसके पास गई
कुंती को देख पास अपने
शीश श्रद्धा से झुक गया।।92।।

प्रथम बार आईं हैं आप यहां
राधेय का प्रणाम स्वीकार करें
हृदय बींध गया बातों से उसकी
ज्येष्ठ कौन्तेय आशीष स्वीकार करें।।93।।

मैं तुम्हारी जननी हूँ
मैंने ही तुमको जाया है
लोकाचार के भयवश
मैंने तुमको त्यागा था।।94।।

भूल हुई मुझसे कौन्तेय
मैं तुम्हारी अपराधी हूँ
सच कहती हूँ याद में तेरी
रात-रात भर जागी हूँ।।95।।

ज्येष्ठ कौन्तेय होने के कारण
साथ नही दुर्योधन का देना
अन्याय के प्रतिकार के लिए
साथ पाण्डवों के तुम रहना।।96।।

मेरी है इच्छा यही अब
निवेदन मेरा स्वीकार करो
युद्ध जीत कर कौरव से
सिंहासन स्वीकार करो।।97।।

कर्ण ने तब बोला मां से
जन्मते ही तुमने त्याग दिया
सूतपुत्र कहलाया जब जब
दुर्योधन ने साथ दिया।।98।।

सूतपुत्र होने के कारण
पग-पग पर अपमान हुआ
जब सबने दुत्कारा मुझको
तुमने भी न मान दिया।।99।।

दुर्योधन के उपकारों पर
आघात नहीं मैं कर सकता
जीवन की लालसा में अपने
कृतध्न नहीं मैं बन सकता।।100।।

मैं वचन बद्ध हूँ दुर्योधन से
जिसने मुझको सम्मान दिया
जग ने अपमान किया जब
बस उसने ही साथ दिया।।101।।

किंतु आना यहां आपका
व्यर्थ नहीं जाने पायेगा
वचनबद्ध होता हूँ आपसे
पाण्डव पांच ही रह जायेगा।।102।।

अर्जुन के अतिरिक्त यहां मैं
नहीं किसी पे वार करूंगा
हार सुनिश्चित हुई देख
मृत्यु का मैं वरण करूंगा।।103।।

इस युद्ध में प्रण है माता
मृत्यु दो में एक की होगी
है यही प्रतिज्ञा मेरी आपसे
माता पांच पुत्रों की रहेंगी।।104।।

सुनकर बातें कर्ण की
कुंती निरुत्तर हो गयी
हृदय में व्यथा लिए
नम आंखों से चली गयी।।105।।

क्रमशः......

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद













राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-7

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-7

गतांक से आगे......

हुआ पूर्ण अज्ञातवास
पाण्डव जब वापस आये
मन में द्यूत का क्षोभ भरे
वीरत्व का उत्साह भी लाये।।71।।

सारी युक्ति विफल हुई 
शांति मार्ग सब बंद हुए
वासुदेव के शांतिप्रयास
पूरी तरह विफल हुए।।72।।

युद्ध अवश्यंभावी देख
माधव ने संज्ञान लिया
मिले कर्ण से तब जाकर
उसका फिर परिचय दिया।।73।।

ज्येष्ठ कौन्तेय हो वीरवर
सूतपुत्र न स्वयं को मानो
दुर्योधन की मति है मेरी
अब उसके दिन हैं भारी।।74।।

दुर्योधन का मन नहीं बदल सकता
विनाश युद्ध का रुक नही सकता
तुम अब स्वयं की पहचान करो
इंद्रप्रस्थ का आसन स्वीकार करो।।75।।

दुर्योधन मित्र है मेरा
उसकी हार देखूँ कैसे
शपथ दी मित्रता की मैंने
स्वार्थी बन तोडूं कैसे।।76।।

माना मैं ज्येष्ठ कौन्तेय हूँ
पाण्डव सहर्ष स्वीकार करेंगे
मुकुट उतार मस्तक से अपने
धर्मराज मेरे शीश धरेंगे।।77।।

पर मेरे वचनों का क्या
जो दुर्योधन को देता आया
मेरे ही सम्मान के लिए
वो जग से है लड़ता आया।।78।।

तन मन धन अर्पित सब उसको
जीवन मेरा समर्पित है उसको
उसको है विश्वास मुझी से
है विजय की आस मुझी से।।79।।

आस मैं उसकी तोडूं कैसे
वचनबद्धता छोडूं कैसे
ये अब है आसान नहीं
कृतध्नता स्वीकार नहीं।।80।।

कहकर रथ से उतर गया
लिए नेत्र में शपथ गया
माधव विस्मित देख रहे
उसके प्रण की सोच रहे।।81।।

किस दोराहे पर लाकर
जीवन ने उसको छोड़ा
वचनबद्धता और रिश्तों ने
उसको भीतर तक झिंझोड़ा।।82।।

वचनबद्धता दृढ़ थी उसकी
उसको न वो तोड़ सका
अपनी वचनों की खातिर
साथ न उसका छोड़ सका।।83।।

जीवन है संग्राम यहां
वचनों का है मान यहाँ
पर अधर्म से वचनबद्धता
देता दुःखद परिणाम सदा।।84।।

क्रमशः.....

©अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद


राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-भाग-6

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-भाग-6
गतांक से आगे......

द्रौपदी के स्वयंवर में
फिर उसका अपमान हुआ
सूतपुत्र कह द्रुपदसुता ने
वरण करने से इनकार किया।।60।।

भरी सभा मे अपमानित हो
मन ही मन वो कुपित हुआ
अर्जुन की बर्बादी का फिर
उसने मन मे प्रण लिया।।61।।

द्यूत क्रीड़ा के छल में
वो दुर्योधन का साथी था
शकुनि की कुटिल चाल का
स्वयं वो भी साक्षी था।।62।।

द्यूत क्रीड़ा में पांडव जब
अपना सब कुछ हार गए
द्रौपदी को दांव लगाया
उसको भी जब हार गए।।63।।

भरी सभा में जब दुर्योधन ने
पांचाली का अपमान किया
अट्टहास किया तब उसने
वेश्या उसको नाम दिया।।64।।

दासी है पांचाली यहां
इसको अब निर्वस्त्र करो
हार चुके पाण्डव सब कुछ
इससे ही मन मुदित करो।।65।।

द्रौपदी का चीर हरण 
दुःशासन जब करने लगा
किया ध्यान केशव का 
तब चीर रूप प्रकट हुआ।।66।।

लिया शपथ पाण्डवों ने
सबका वो संहार करेंगे
जिसने भी अपमान किया
नहीं उन्हें वो माफ करेंगे।।67।।

दुर्योधन के अन्याय में
कर्ण भी साथी बन गया
अत्याचारी का साथ निभा
खुद अत्याचारी बन गया।।68।।

कर्ण की सारी शिक्षा
व्यर्थ वहां पर हो गयी
विवेकशून्य हो गया वहां
नैतिकता उसकी गिर गयी।।69।।

इसका परिणाम बहुत भारी था
बोझ नही कोई उठा सका
एक सती के क्रंदन का
मोल कोई कब चुका सका।।70।।

क्रमशः........

©अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद



राधेय या कौन्तेय-खण्ड काव्य- भाग्य-5

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय - खंड काव्य -भाग-5 

गतांक से आगे। ....... 

परशुराम से शिक्षा खातिर
था उसने आघात किया
छिपाकर परिचय अपना
शिक्षा उनसे प्राप्त किया | | 40 ||

एक दिन कानन में
गुरुवर विश्राम कर रहे
कर्ण के उरु पर सर रख
गुरुवर विश्रान्ति  कर रहे ||41||

विश्राम भंग न हो गुरु की
कर्ण चिंतन में लीन हुआ 
विषकीट कहीं से तभी एक
आसन के नीचे उदित हुआ ||42||

लगा काटने कर्ण के उरु को
बहते रक्त को रोके कैसे
धर्मसंकट बड़ा विकट था
विश्राम गुरु का तोड़े कैसे||43||

बैठा रहा अटल अविचल वो
दर्द, तड़प,पीड़ा को रोके
लहू की गर्म धार बह निकली
परशुराम विस्मित तब जागे ||44||

सहनशीलता इतनी तुझमें
विप्र नहीं तू हो सकता
इतनी असह्य वेदना
क्षत्रिय ही सह सकता ||45||

शीघ्र बता परिचय अपना
वरना इसका फल पायेगा
मेरी क्रोधाग्नि से तत्क्षण
भस्म यहां तू हो जायेगा ||46||

सूतपुत्र कर्ण हूँ मैं
करुणा का आकांक्षी हूँ 
शिक्षा का उद्देश्य लिए
मैं कृपा का अभिलाषी हूँ||47||

जानकर गुरुवर परिचय मेरा 
शिक्षा आप मुझे न देते
झूठा हूँ अपराधी हूँ मैं
क्षमा दान मुझे दे दीजे।।48।।

परशुराम के चरणों में
साक्षात दंडवत हो गया
जीवन चरणों में त्यागूंगा
जीवनदान नहीं मांगूंगा 49||

देख कर्ण की त्याग,तपस्या
गुरु भी विचलित हो बैठे
झूठ बोल विद्या ली उसने
श्राप इसलिए दे बैठे ||50||

प्राणदान दे रहा तुम्हें
पर शिक्षा हर लेता हूँ
विद्या का अंतिम चरण
तेज सभी हर लेता हूँ ||51||

सिखलाया है जो भी विद्या
उचित समय भूल जायेगा
ब्रम्हास्त्र लिया है जो तूने 
काम नहीं तेरे आएगा ||52||

गुरुवर के श्राप से व्याकुल
हतप्रभ कर्ण विकल हुआ
ऐसा श्राप देकर गुरुवर
प्रण मेरा क्यूं हर लिया।।53।।

श्राप अटल है, अविचल है
तुम्हें वहन अब करना है
कवच-कुंडल धारी तुम हो
स्वयं दीप्तीवान रहना है।।54।।

कवच-कुंडल धारी तुम हो
तुम्हें हरा न कोई पायेगा
उच्च व्यवहार किया वरण तो
जीत नहीं कोई पायेगा।।55।।

ऐसा कहकर परशुराम जब
प्रस्थान को तैयार हुए
अश्रुधार से चरण धोकर
गुरुदक्षिणा दान दिए।।56।।

झूठ बोल, कपट ले मन में
शिक्षा प्राप्त न हो सकता
उद्देश्य चाहे जैसा भी हो
मंतव्य सफल न हो सकता।।57।।

ईर्ष्या द्वेष भरा जब मन में 
क्रोध, संताप हावी हृदय में
बुद्धि , विवेक हर लेता है
क्रोध नियंत्रित करता मन को।।58।।

शिक्षा का औचित्य नहीं
तब कोई रह जाता
विवेकहीन हो जाता जीवन
औचित्य नहीं कुछ रह जाता।।59।।

 क्रमशः.........
©अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद










राधेय या कौन्तेय- खण्ड काव्य-भाग-4

राधेय या कौन्तेय- खण्ड काव्य- भाग-4

गतांक से आगे.....

कृपाचार्य फिर उठकर बोले
व्यर्थ न अपना रक्त जलाओ
ये रंगभूमि है राजवंशी की
व्यर्थ न सबका वक्त गंवाओ।।28।।

जात-पांत की बातें सुनकर
हृदय क्षोभ से भर आया
निकल सभा में दुर्योधन
आगे बढ़कर हाथ बढ़ाया।।29।।

अपमान वीर का रंगभूमि में
इसका मैं खंडन करता हूँ
राजवंश यदि पहचान वीर की
अंगदेश अर्पित करता हूँ।।30।।

दुर्योधन का भाव देखकर
राधेय तब विह्वल हुआ
कृतज्ञ भाव भरे हृदय में
स्वयं को पूर्ण समर्पित किया।।31।।

भरी सभा में हाथ बढ़ाकर
तुमने जो मेरा मान बढ़ाया है
निश्चय है, अटल सत्य है, इस
ऋण से उऋण नहीं हो पाऊंगा।।32।।

बढ़ता देख मान कर्ण का
सभाजन तब विचलित हुए
कृपाचार्य के बीचबचाव से
संवाद सभी स्थगित हुए।।33।।

रंगभूमि के आयोजन सारे
तत्क्षण में सभी स्थगित हुए
इक-इक कर उठ चले पुरवासी
क्षोभ-हर्ष हृदय में भरे हुए।।34।।

अंगदेश का शासन पाकर
राधेय तब अंगराज भए
एक वीर का सान्निध्य पाकर
दुर्योधन भी हर्षित हुए।।35।।

तप-त्याग दानवीरता में
नहीं था उसका कोई सानी
पर दुर्योधन से निष्ठा वश
न रोक सका उसकी मनमानी।।36।।

मित्रता निष्ठा मात्र नहीं है
ये इक प्यारा बन्धन है
महके जिससे जीवन सारा
ऐसा सुगन्धित चंदन है।।37।।

कर्ण मगर भूल यही
जीवन भर करता आया
दुर्योधन के कुटिल भाव का
मूक समर्थन करता आया।।38।।

एहसानों का मतलब ये
कभी नही हो सकता
अपराधों पर मौन साधकर
महान नहीं कोई हो सकता।।39।।

 क्रमशः......
©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद





राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय- खण्ड काव्य- भाग-3

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय- खण्ड काव्य-भाग-3
गतांक से आगे......

शस्त्र-शास्त्र की दीक्षा लेकर
राजकुंवर सब महल को आये
कौशल दिखलाने की खातिर
नियत दिन रंगभूमि सब आये।।18।।

रंगभूमि में योद्धा सारे
इक इक कर पौरुष दिखलाये
अर्जुन ने जब प्रत्यंचा साधा
राधेय ने तब उसको साधा।।19।।

इतना गर्व न कर तू खुद पर
इस क्षण कर तू मेरा सामना
जो इतना अभिमान है खुद पर
तो रंगभूमि से नहीं भागना।।20।।

कहकर लक्ष्यों का सारे 
उसने भी संधान किया
इक इक कर सारी विद्या का
फिर उसने परिणाम दिया।।21।।

देख के रणकौशल उसका
जनता सारी दंग रह गयी
गूंजी जब टंकार धनुष की
आंखे सब स्तब्ध रह गयी।।22।।

सुनकर ललकार कर्ण की
शूरवीर सब हतप्रभ हुए
डगमग हुआ तब सिंहासन
राजवंश निःशब्द हुए।।23।।

कृपाचार्य फिर आगे बढ़कर
उससे उसका परिचय पूछा
अर्जुन तो है राजवंश का
उसके कुल का वैशिष्ट्य पूछा।।24।।

रंगभूमि है उन योद्धा की
राजवंश से संबंध जो रखते
जो तुम ठहरे राजवंश के
भागीदार यहां तब हो सकते।।25।।

सूतपुत्र हूँ मैं लेकिन
इसमें मेरा दोष नहीं
शिक्षा तो स्वाभाविक है
इसका कुल से मेल नहीं।।26।।

जो अर्जुन है वीर यहां तो
पास क्यूं नहीं फिर आता
जो भुजबल पर विश्वास उसे है
विश्वास नहीं क्यूं  दिखलाता।।27।।

क्रमशः............
©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद


राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय- खण्ड काव्य- भाग-2

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय। 
गतांक से आगे--

बहता बहता वह बालक फिर
उस स्थान पर जा पहुंचा
जहां धृतराष्ट्र का सारथी अधीरथ
अश्व को जल पिला रहा था।।10।।

निस्संतान दंपत्ति था अधीरथ
उसने बालक को गले लगा लिया
पालन पोषण किया दोनों ने
राधेय उसको नाम दिया।।11।।

सूत वंश में पला बढा वो
पग पग पर छला गया वो
तन से जितना शूरवीर था
मन से उतना ही भावुक था वो।।12।।

सूतवंशी होने के कारण गुरु द्रोण ने 
जब शिक्षा देने से इनकार किया
परशुराम से पहचान छिपा कर
शिक्षा उनसे प्राप्त किया।।13।।

था स्वभाव से दानी लेकिन
पौरुष का अभिमानी था वो
हठ उसके स्वभाव में था, पर 
लक्ष्य का सदा आकांक्षी था वो।।14।।

पर तेज कहां किसी पौरुष का
कब तक यहां कहाँ छिपता है
शूरवीर पौरुष हैं जो भी
वो तिरस्कार कब कहाँ सहता है।।15।।

नहीं शिक्षा पर अधिकार किसी का
ये तो है अभ्यास पे निर्भर
युद्ध कला व ज्ञान योग का
कर्मठता से स्वविकास किया।।16।।

अपनी कर्मठता से उसने जग को
आगे बढ़कर ये दृष्टान्त दिया
शिक्षा मात्र कुलीन का अधिकार नही
संधान करे जो भी,उसका है अधिकार सही।।17।।

              क्रमशः..........




राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय- खण्ड काव्य भाग-1

प्रणाम मैं अजय कुमार पाण्डेय आप सबके समक्ष एक ऐतिहासिक महाभारत कालीन योद्धा कर्ण पर अपने भाव प्रस्तुत कर रहा हूँ। इतिहास के किसी
पात्र को शब्दों में लिखना हमेशा से दुष्कर रहा है अतः मेरे लिए भी मुश्किल ही रहा, क्योंकि इससे कइयों की भावनाएं जुड़ी रहती हैं। परन्तु फिर भी मैंने उपलब्ध साक्ष्यों, धारावाहिकों में दिखाए गए वृत्तांत के अनुसार, विभिन्न पुस्तकों, गूगल पर उपलब्ध सामग्री, इतिहास व कहानियों एवं जनमानस के लिए उपलब्ध काव्य संग्रहों का अध्ययन कर के इसे लिखने का प्रयास किया है। इसका उद्देश्य न तो किसी व्यक्तित्व का महिमामंडन करना है और न ही किसी को नीचा दिखाना है। अपितु ये के कोई कितना भी दानवीर हो, शूरवीर हो, सहृदयी हो, प्रतापी हो परन्तु यदि वो असत्य, अधर्म,अन्याय,अमानवीयता, अपराधी,अनैतिकता, दुराग्रही, दुराचारी का साथ देता है तो वो भी अपराधी व अधर्म का सहयोगी ही माना जायेगा और उसके लिए वही दंड का विधान सुनिश्चित होगा जो अपराधी के लिए है।
  यह मेरी मौलिक रचना है इसका सर्वाधिकार ©️ सुरक्षित है।
   इसका उद्देश्य किसी की भावना को आहत करना नहीं है और न ही किसी ऐतिहासिक पात्र का उपहास करना, मेरा निवेदन है कि इसे भूतकाल, वर्तमान अथवा भविष्य की किसी व्यक्तिगत घटना से जोड़ कर नहीं देखा जाए, यह एक ऐतिहासिक प्रकरण है ,फिर भी यदि इससे किसी की भावना आहत होती है तो मैं क्षमाप्रार्थी हूँ।

अजय कुमार पाण्डेय
============================
भाग-1
           राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय।  

यदुवंशी नृप शूरसेन सुुता
कुंती जब सयानी भई
महात्माओं की सेवा में
थी फिर वो रम गई।।1।।

आतिथ्य गृह में ऋषियों 
की मन से सेवा करती
उसके सेवा से प्रसन्न
ऋषि सभी रहा करते।।2।।

एक दिन आतिथ्य गृह में
ऋषि दुर्वासा आ पहुंचे
कुंती की सेवा से विह्वल
एक मंत्र उसे वो दे बैठे।।3।।

जिस भी देव का स्मरण कर
उनका तुम आवाहन करोगी
उनके जैसा ही तेजस्वी
पुत्र बेटी तुम प्राप्त करोगी।4।।

कौतूहल वश एक दिन कुंती ने
उस मन्त्र का जाप किया
सूर्यदेव का स्मरण करके
फिर उनका आह्वान किया।।5।।

सूर्यदेव प्रकट हो पूछे
क्यों मेरा आवाहन किया
पूर्ण होगा मन्तव्य तुम्हारा
जिसका तुमने संधान किया।।6।।

इस वरदान से विवश हो
खाली नहीं मैं जा सकता हूँ
मेरे जैसा पुत्र प्राप्त तुम्हे हो
वरदान तुम्हे मैं देता हूँ।।7।।

वक्त आने पर सूर्यदेव सा
तेजस्वी ने जन्म लिया
कवच-कुंडल देह धरे 
नया अध्याय प्रारंभ हुआ ।।8।।

वो कुंती का कानीन पुत्र था
लोक लज्जा से भयभीत हुई
रख पिटारी में उसको फिर
गंगा धार में बहा गयी।।9।।

भाग 1 समाप्त
©️ अजय कुमार पाण्डेय
क्रमशः.....
--------------
राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग 2

गतांक से आगे.......

बहता बहता वह बालक 
उस स्थान पर जा पहुंचा
धृतराष्ट्र का सारथी अधीरथ
अश्व को जल पिला रहा था।।10।।

निस्संतान दंपत्ति था अधीरथ
उसने बालक को गले लगाया
पालन पोषण किया दोनों ने
राधेय उसको नाम दिया।।11।।

सूत वंश में पला बढा वो
पग पग पर छला गया वो
तन से जितना शूरवीर था
मन से उतना ही भावुक था।।12।।

सूतवंशी के कारण गुरु द्रोण ने 
जब शिक्षा देने से इनकार किया
परशुराम से पहचान छिपा कर
शिक्षा उनसे प्राप्त किया।।13।।

था स्वभाव से दानी लेकिन
पौरुष का अभिमानी था वो
हठ उसके स्वभाव में था, पर 
लक्ष्य का सदा आकांक्षी था वो।।14।।

पर तेज कहां किसी पौरुष का
कब तक यहां कहाँ छिपता है
शूरवीर पौरुष हैं जो भी
वो तिरस्कार कब कहाँ सहता है।।15।।

नहीं शिक्षा पे अधिकार किसी का
ये तो है अभ्यास पे निर्भर
युद्ध कला व ज्ञान योग का
कर्मठता से स्वविकास किया।।16।।

अपनी कर्मठता से जग को
आगे बढ़कर ये दृष्टान्त दिया
शिक्षा कुलीन का ही अधिकार नही
है सबका इसपर अधिकार सही।।17।।

भाग 2 समाप्त
©️अजय कुमार पाण्डेय
क्रमशः.....
-------------------
राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग 3 

गतांक से आगे......

शस्त्र-शास्त्र की दीक्षा लेकर
राजकुंवर सब महल को आये
कौशल दिखलाने की खातिर
नियत दिन रंगभूमि सब आये।।18।।

रंगभूमि में योद्धा सारे
इक इक कर पौरुष दिखलाये
अर्जुन ने जब प्रत्यंचा साधा
राधेय ने तब उसको साधा।।19।।

इतना गर्व न कर तू खुद पर
इस क्षण कर तू मेरा सामना
जो इतना अभिमान है खुद पर
तो रंगभूमि से नहीं भागना।।20।।

कहकर लक्ष्यों का सारे 
उसने भी संधान किया
इक इक कर सारी विद्या का
फिर उसने परिणाम दिया।।21।।

देख के रणकौशल उसका
जनता सारी दंग रह गयी
गूंजी जब टंकार धनुष की
आंखे सब स्तब्ध रह गयी।।22।।

सुनकर ललकार कर्ण की
शूरवीर सब हतप्रभ हुए
डगमग हुआ तब सिंहासन
राजवंश निःशब्द हुए।।23।।

कृपाचार्य फिर आगे बढ़कर
उससे उसका परिचय पूछा
अर्जुन तो है राजवंश का
उसके कुल का वैशिष्ट्य पूछा।।24।।

रंगभूमि है उन योद्धा की
राजवंश से संबंध जो रखते
जो तुम ठहरे राजवंश के
भागीदार यहां तब हो सकते।।25।।

सूतपुत्र हूँ मैं लेकिन
इसमें मेरा दोष नहीं
शिक्षा तो स्वाभाविक है
इसका कुल से मेल नहीं।।26।।

जो अर्जुन है वीर यहां तो
पास क्यूं नहीं फिर आता
जो भुजबल पर विश्वास उसे है
विश्वास नहीं क्यूं  दिखलाता।।27।।

भाग 3 समाप्त
©️अजय कुमार पाण्डेय
क्रमशः.......
---------------------

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय- खण्ड काव्य-भाग 4 

गतांक से आगे.....

कृपाचार्य फिर उठकर बोले
व्यर्थ न अपना रक्त जलाओ
ये रंगभूमि है राजवंशी की
व्यर्थ न सबका वक्त गंवाओ।।28।।

जात-पांत की बातें सुनकर
हृदय क्षोभ से भर आया
निकल सभा में दुर्योधन
आगे बढ़कर हाथ बढ़ाया।।29।।

अपमान वीर का रंगभूमि में
इसका मैं खंडन करता हूँ
राजवंश यदि पहचान वीर की
अंगदेश अर्पित करता हूँ।।30।।

दुर्योधन का भाव देखकर
राधेय तब विह्वल हुआ
कृतज्ञ भाव भरे हृदय में
स्वयं को पूर्ण समर्पित किया।।31।।

भरी सभा में हाथ बढ़ाकर
तुमने मेरा मान बढ़ाया है
निश्चय है, अटल सत्य है, ये
ऋण से उऋण नहीं हो पाऊंगा।।32।।

बढ़ता देख मान कर्ण का
सभाजन तब विचलित हुए
कृपाचार्य के बीचबचाव से
संवाद सभी स्थगित हुए।।33।।

रंगभूमि के आयोजन सारे
तत्क्षण में सभी स्थगित हुए
इक-इक कर उठ चले पुरवासी
क्षोभ-हर्ष हृदय में भरे हुए।।34।।

अंगदेश का शासन पाकर
राधेय तब अंगराज भए
एक वीर का सान्निध्य पाकर
दुर्योधन भी हर्षित हुए।।35।।

तप-त्याग दानवीरता में
नहीं था उसका कोई सानी
पर दुर्योधन से निष्ठा वश
न रोक सका उसकी मनमानी।।36।।

मित्रता निष्ठा मात्र नहीं है
ये इक प्यारा बन्धन है
महके जिससे जीवन सारा
ऐसा सुगन्धित चंदन है।।37।।

कर्ण मगर भूल यही
जीवन भर करता आया
दुर्योधन के कुटिल भाव का
मूक समर्थन करता आया।।38।।

एहसानों का मतलब ये
कभी नही हो सकता
अपराधों पर मौन साधकर
महान नहीं कोई हो सकता।।39।।

भाग 4 समाप्त
---------------
©️अजय कुमार पाण्डेय
क्रमशः.....
--------------------------------
राधेय या कौन्तेय- खण्ड काव्य-भाग 5 प्रारंभ

गतांक से आगे...…

परशुराम से शिक्षा खातिर
था उसने आघात किया
छिपाकर परिचय अपना
शिक्षा उनसे प्राप्त किया | | 40 ||

एक दिन कानन में
गुरुवर विश्राम कर रहे
कर्ण के उरु पर सर रख
गुरुवर विश्रान्ति  कर रहे ||41||

विश्राम भंग न हो गुरु की
कर्ण चिंतन में लीन हुआ
विषकीट कहीं से तभी एक
आसन के नीचे उदित हुआ ||42||

लगा काटने कर्ण के उरु को
बहते रक्त को रोके कैसे
धर्मसंकट बड़ा विकट था
विश्राम गुरु का तोड़े कैसे||43||

बैठा रहा अटल अविचल वो
दर्द, तड़प,पीड़ा को रोके
लहू की गर्म धार बह निकली
परशुराम विस्मित तब जागे ||44||

सहनशीलता इतनी तुझमें
विप्र नहीं तू हो सकता
इतनी असह्य वेदना
क्षत्रिय ही सह सकता ||45||

शीघ्र बता परिचय अपना
वरना इसका फल पायेगा
मेरी क्रोधाग्नि से तत्क्षण
भस्म यहां तू हो जायेगा ||46||

सूतपुत्र कर्ण हूँ मैं
करुणा का आकांक्षी हूँ
शिक्षा का उद्देश्य लिए
मैं कृपा का अभिलाषी हूँ||47||

जानकर गुुरुवर परिचय मेरा
शिक्षा आप मुझे न देते
झूूूठा हूँ अपराधी हूँ मैं
क्षमा दान मुझे दे दीजे||48||

परशुराम के चरणों में
साक्षात दंडवत हो गया
जीवन चरणों में त्यागूंगा
जीवनदान नहीं मांगूंगा 49||

देख कर्ण की त्याग,तपस्या
गुरु विचलित हो बैठे
झूठ बोल विद्या ली उसने
श्राप इसलिए दे बैठे ||50||

प्राणदान दे रहा तुम्हें
पर शिक्षा हर लेता हूँ
विद्या का अंतिम चरण
तेज सभी हर लेता हूँ ||51||

सिखलाया है जो भी विद्या
उचित समय भूल जायेगा
ब्रम्हास्त्र लिया है जो तूने 
काम नहीं तेरे आएगा ||52||

गुरुवर के श्राप से व्याकुल
हतप्रभ कर्ण विकल हुआ
ऐसा श्राप  देेकर गुरुवर
प्रण मेरा क्यूं हर लिया।।53।।

श्राप अटल है, अविचल है
तुम्हें वहन अब करना है
कवच-कुंडल धारी तुम हो
स्वयं दीप्तीवान रहना है।।54।।

कवच-कुंडल धारी तुम हो
तुम्हें हरा न कोई पायेगा
उच्च व्यवहार किया वरण तो
जीत  नहीं कोई पायेगा।।55।।

ऐसा कह परशुराम जब
प्रस्थान को तैयार हुए
अश्रुधार से चरण धोकर
गुरुदक्षिणा दान दिए।।56।।

झूठ बोल, कपट ले मन में
शिक्षा प्राप्त न हो सकता
उद्देश्य चाहे जैसा भी हो
मंतव्य सफल न हो सकता।।57।।

ईर्ष्या द्वेष भरा जब मन में 
क्रोध, संताप हावी हृदय में
बुद्धि, विवेक हर लेता है
क्रोध नियंत्रित करता मन को।।58।।

शिक्षा का औचित्य नहीं
तब कोई रह जाता
विवेकहीन हो जाता जीवन
औचित्य नहीं कुछ रह जाता।।59।।

भाग 5 समाप्त
क्रमशः.......
©️अजय कुमार पाण्डेय
----------------------------

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-भाग-6
गतांक से आगे......

द्रौपदी के स्वयंवर में
फिर उसका अपमान हुआ
सूतपुत्र कह द्रुपदसुता ने
वरण करने से इनकार किया।।60।।

भरी सभा मे अपमानित हो
मन ही मन वो कुपित हुआ
अर्जुन की बर्बादी का फिर
उसने मन मे प्रण लिया।।61।।

द्यूत क्रीड़ा के छल में
वो दुर्योधन का साथी था
शकुनि की कुटिल चाल का
स्वयं वो भी साक्षी था।।62।।

द्यूत क्रीड़ा में पांडव जब
अपना सब कुछ हार गए
द्रौपदी को दांव लगाया
उसको भी जब हार गए।।63।।

भरी सभा में जब दुर्योधन ने
पांचाली का अपमान किया
अट्टहास किया तब उसने
वेश्या उसको नाम दिया।।64।।

दासी है पांचाली यहां
इसको अब निर्वस्त्र करो
हार चुके पाण्डव सब कुछ
इससे ही मन मुदित करो।।65।।

द्रौपदी का चीर हरण 
दुःशासन जब करने लगा
किया ध्यान केशव का 
तब चीर रूप प्रकट हुआ।।66।।

लिया शपथ पाण्डवों ने
सबका वो संहार करेंगे
जिसने भी अपमान किया
नहीं उन्हें वो माफ करेंगे।।67।।

दुर्योधन के अन्याय में
कर्ण भी साथी बन गया
अत्याचारी का साथ निभा
खुद अत्याचारी बन गया।।68।।

कर्ण की सारी शिक्षा
व्यर्थ वहां पर हो गयी
विवेकशून्य हो गया वहां
नैतिकता उसकी गिर गयी।।69।।

इसका परिणाम बहुत भारी था
बोझ नही कोई उठा सका
एक सती के क्रंदन का
मोल कोई कब चुका सका।।70।।

भाग -6 समाप्त
-----------
©️अजय कुमार पाण्डेय
क्रमशः.......
-------------------------------
राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-7

गतांक से आगे......

हुआ पूर्ण अज्ञातवास
पाण्डव जब वापस आये
मन में द्यूत का क्षोभ भरे
वीरत्व का उत्साह भी लाये।।71।।

सारी युक्ति विफल हुई 
शांति मार्ग सब बंद हुए
वासुदेव के शांतिप्रयास
पूरी तरह विफल हुए।।72।।

युद्ध अवश्यंभावी देख
माधव ने संज्ञान लिया
मिले कर्ण से तब जाकर
उसका फिर परिचय दिया।।73।।

ज्येष्ठ कौन्तेय हो वीरवर
सूतपुत्र न स्वयं को मानो
दुर्योधन की मति है मेरी
अब उसके दिन हैं भारी।।74।।

दुर्योधन का मन नहीं बदल सकता
विनाश युद्ध का रुक नही सकता
तुम अब स्वयं की पहचान करो
इंद्रप्रस्थ का आसन स्वीकार करो।।75।।

दुर्योधन मित्र है मेरा
उसकी हार देखूँ कैसे
शपथ दी मित्रता की मैंने
स्वार्थी बन तोडूं कैसे।।76।।

माना मैं ज्येष्ठ कौन्तेय हूँ
पाण्डव सहर्ष स्वीकार करेंगे
मुकुट उतार मस्तक से अपने
धर्मराज मेरे शीश धरेंगे।।77।।

पर मेरे वचनों का क्या
जो दुर्योधन को देता आया
मेरे ही सम्मान के लिए
वो जग से है लड़ता आया।।78।।

तन मन धन अर्पित सब उसको
जीवन मेरा समर्पित है उसको
उसको है विश्वास मुझी से
है विजय की आस मुझी से।।79।।

आस मैं उसकी तोडूं कैसे
वचनबद्धता छोडूं कैसे
ये अब है आसान नहीं
कृतध्नता स्वीकार नहीं।।80।।

कहकर रथ से उतर गया
लिए नेत्र में शपथ गया
माधव विस्मित देख रहे
उसके प्रण की सोच रहे।।81।।

किस दोराहे पर लाकर
जीवन ने उसको छोड़ा
वचनबद्धता और रिश्तों ने
उसको भीतर तक झिंझोड़ा।।82।।

वचनबद्धता दृढ़ थी उसकी
उसको न वो तोड़ सका
अपनी वचनों की खातिर
साथ न उसका छोड़ सका।।83।।

जीवन है संग्राम यहां
वचनों का है मान यहाँ
पर अधर्म से वचनबद्धता
देता दुःखद परिणाम सदा।।84।।

भाग 7 समाप्त
--------------
©️अजय कुमार पाण्डेय
क्रमशः....
-------------------------------

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-8

गतांक से आगे......

कर्ण युग का महा दानवीर था
उस जैसा उस क्षण कोई नहीं था
अपनी दानशीलता से उसने
अगणित को सुख पहुंचाया था।।85।।

रवि पूजन पश्चात वहां
जो कोई भी आता था
कर्ण उसे मुँहमाँगा देता
रीते नहीं लौटाता था।।86।।

इंद्र ने धर वेश विप्र का
कुंडल-कवच कर्ण से मांगा
सहर्ष समर्पित किया कर्ण ने
निराश नहीं उनको लौटाया।।87।।

सूरज अपना तेज त्याग दे
शीतलता भी चन्द्र त्याग दे
अटल प्रतिज्ञा थी कर्ण की
निराश न जाये कोई द्वार से।।88।।

इंद्र के व्यवहार से पहले
कर्ण कुछ विचलित हुआ
कवच-कुंडल बिना हराऊँगा
उसने प्रण सुनिश्चित किया।।89।।

दानशीलता देख कर्ण की
इंद्र को भी क्षोभ हुआ
शक्ति वरदान दिया फिर
जो एक प्रयोग में लुप्त हुआ।।90।।

युद्ध निश्चिवत हो जाने पर
कुंती का मन व्याकुल हुआ
पुत्रों के मध्य युद्ध रोकने का
उसने फिर निश्चय किया।।91।।

समझाने कर्ण को फिर
कुंती उसके पास गई
कुंती को देख पास अपने
शीश श्रद्धा से झुक गया।।92।।

प्रथम बार आईं हैं आप यहां
राधेय का प्रणाम स्वीकार करें
हृदय बींध गया बातों से उसकी
ज्येष्ठ कौन्तेय आशीष स्वीकार करें।।93।।

मैं तुम्हारी जननी हूँ
मैंने ही तुमको जाया है
लोकाचार के भयवश
मैंने तुमको त्यागा था।।94।।

भूल हुई मुझसे कौन्तेय
मैं तुम्हारी अपराधी हूँ
सच कहती हूँ याद में तेरी
रात-रात भर जागी हूँ।।95।।

ज्येष्ठ कौन्तेय होने के कारण
साथ नही दुर्योधन का देना
अन्याय के प्रतिकार के लिए
साथ पाण्डवों के तुम रहना।।96।।

मेरी है इच्छा यही अब
निवेदन मेरा स्वीकार करो
युद्ध जीत कर कौरव से
सिंहासन स्वीकार करो।।97।।

कर्ण ने तब बोला मां से
जन्मते ही तुमने त्याग दिया
सूतपुत्र कहलाया जब जब
दुर्योधन ने साथ दिया।।98।।

सूतपुत्र होने के कारण
पग-पग पर अपमान हुआ
जब सबने दुत्कारा मुझको
तुमने भी न मान दिया।।99।।

दुर्योधन के उपकारों पर
आघात नहीं मैं कर सकता
जीवन की लालसा में अपने
कृतध्न नहीं मैं बन सकता।।100।।

मैं वचन बद्ध हूँ दुर्योधन से
जिसने मुझको सम्मान दिया
जग ने अपमान किया जब
बस उसने ही साथ दिया।।101।।

किंतु आना यहां आपका
व्यर्थ नहीं जाने पायेगा
वचनबद्ध होता हूँ आपसे
पाण्डव पांच ही रह जायेगा।।102।।

अर्जुन के अतिरिक्त यहां मैं
नहीं किसी पे वार करूंगा
हार सुनिश्चित हुई देख
मृत्यु का मैं वरण करूंगा।।103।।

इस युद्ध में प्रण है माता
मृत्यु दो में एक की होगी
है यही प्रतिज्ञा मेरी आपसे
माता पांच पुत्रों की रहेंगी।।104।।

सुनकर बातें कर्ण की
कुंती निरुत्तर हो गयी
हृदय में व्यथा लिए
नम आंखों से चली गयी।।105।।

भाग 8 समाप्त
--------------
©️अजय कुमार पाण्डेय
क्रमशः.....
------------------------------

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-9

गतांक से आगे......

कुरुक्षेत्र के रण में दोनों
सेना जब सामने भयी
एक दूसरे का सामर्थ्य
आंखों से परखने लगीं।।106।।

वीरों से व अतिवीरों से
थी सुसज्जित दोनों सेना
एक ओर दर्प बड़ा था
दूजे धर्मराज की सेना।।107।।

पितामह ने कहा कर्ण से
युद्ध भूमि में नहीं जाएगा
जब तक जीवित भीष्म रहेंगे
सेनापति नहीं बन पाएगा।।108।।

दोनों पक्षों में भीषण 
संग्राम वहां होने लगा
दोनों पक्षों के अगणित
शव नित नित गिरने लगा।।109।।

भीष्म, द्रोण जैसे महारथी
एक एक कर  परास्त हुए
विचलित देख दुर्योधन को
कर्ण उसे ढांढस दिए।।110।।

युद्ध के दौरान सभी
नैतिकता सारे पस्त हुए
अभिमन्यु का वध करने
प्रतिमान सारे ध्वस्त हुए।।111।।


अर्जुन वध के लिए कर्ण ने
आसुर व्रत अनुष्ठान किया
युद्ध के सोलहवें दिन फिर
उसे सेनापति नियुक्त किया।।112।।

अर्जुन के अतिरिक्त कर्ण ने
पाण्डवों को पराजित किया
कुंती के वचन फलस्वरूप
नहीं किसी का वध किया।।113।।

युद्ध में हो पराजित जब
सभी शिविर में चले गए
मद में चूर दुर्योधन तब
डींगें फिर हांकने लगे।।114।।

पर कर्ण को था बोध 
संवाद नही अब रण होगा
अर्जुन से उसके युद्ध का
परिणाम बड़ा भीषण होगा।।115।।

भाग 9 समाप्त
--------------
©️अजय कुमार पाण्डेय
क्रमशः.......
----------------------------

राधेय या ज्येष्ठ कौन्तेय-खण्ड काव्य-भाग-10

गतांक से आगे.......

बहुप्रतीक्षित निर्णायक दिन
युद्ध का आखिर आ गया
अर्जुन की क्षति की खातिर
कर्ण ने भार्गवास्त्र चला दिया।।116।।

भार्गवास्त्र का प्रभाव तेज था
सब छिन्न-भिन्न होने लगे
सेना में हाहाकार मची तब
सब अर्जुन के पास गए।।117।।

भार्गवास्त्र की काट वहां
असंभव था सबके लिए
यदि अर्जुन रण से भागेगा
भार्गवास्त्र कर्ण वापस लाएगा।।118।।

फिर कृष्ण ने अर्जुन के
पलायन का मार्ग बनाया
भागते देख अर्जुन को
भार्गवास्त्र वापस लाया।।119।।

दोनों पक्षों की सेना के
महान शूरवीर थे लड़ रहे
रुक गयी अवनि जैसे
देवलोक भी जड़ गए।।120।।

बाणों की वर्षा से दोनों
इक दूजे को घात रहे
कोई नहीं ढीला पड़ता
वक्त वहीं ठहर गया।।121।।

दोनों का संग्राम बड़ा था
आखिर उनका नाम बड़ा था
बाणों की वर्षा से सारे
अवनि-अंबर ढंक गए।।122।।

अर्जुन के बाण कर्ण के
रथ पर थे बरसने लगे
उन बाणों के फलस्वरूप
रथ कई गज खिसकने लगे।।123।।

पर कर्ण के बाणों से केवल
कुछ बलिश्त ही खिसका पाया
कृष्ण ने करी प्रशंसा उसकी
अर्जुन को हतप्रभ अचंभित पाया।।124।।

क्या उसके वार सभी
मेरे वार पर हावी हैं
ऐसा क्या है किया कर्ण ने
जिससे आप प्रभावित हैं।।125।।

उसके रथ पे भार मात्र शल्य का है
तुम्हारे रथ स्वयं हनुमान विराजे
इतनी शक्ति वारों में उसके
जो उनका भी रथ खिसका दे।।126।।

कितनी ही बार युद्ध में दोनों ने
इक दूजे की प्रत्यंचा काट दिया
नागास्त्र प्रयोग किया जब कर्ण ने
माधव ने अर्जुन का रथ धँसा दिया।।127।।

नागास्त्र विफल होता देख कर
अश्वसेना नाग ने निवेदन किया
पर माता कुंती के वचनस्वरूप 
पुनः प्रयोग को मना किया।।128।।

यद्दपि युद्ध गतिरोध पूर्ण था
पर कर्ण उस पल उलझ गया
जब उसके रथ का पहिया
धरती में जाकर धँस गया।।129।।

वह अपने दैवी अस्त्रों का
प्रयोग नहीं कर पाता था
गुरु के श्राप के कारण
असमर्थ स्वयं को पाता था।।130।।

तब किया निवेदन कर्ण ने
कुछ पल युद्ध को रोक दे
रथ का पहिया निकलने तक
अर्जुन उसको एक मौका दे।।131।।

कृष्ण ने कहा पार्थ से---

युद्ध नियम की बातें करने का
उसको है अधिकार नहीं
अभिमन्यु वध के पल में क्या
नियम उसे  था याद नहीं।।132।।

भरी सभा में जब उसने
पांचाली का अपमान किया
एक नारी के वस्त्र हरण पर
धर्म उसका था  कहां गया।।133।।

अब धर्म की बातें करने
है उसका अधिकार नहीं
कर्ण का वध करना अब
है यहां कोई अपराध नहीं।।134।।

यदि अभी कर्ण को न मारे तो
युद्ध कभी न जीत पाओगे
सत्य पुनः संकट में होगा
धर्म नहीं फिर ला पाओगे।।135।।

तब अर्जुन ने दिव्यास्त्र के द्वारा
सर कर्ण का धड़ से अलग किया
ज्योति कर्ण के धड़ से निकली
जो सूर्य में जाकर समाहित हुआ।।136।।

कर्ण ऐसा योद्धा था जग में
जो कभी-कभी ही आते हैं
कितनी भी विषम स्थिति हो
अपना आत्मबल दिखलाते हैं।।137।।

कर्ण भले ही दानवीर था
शूरवीर था, युद्धवीर था
अनैतिकता का साथ निभाकर
नैतिकता पर आघात किया।।138।।

संघर्षरत मानव की खातिर
कर्ण सदा प्रतिमान रहेगा
सत्य, धर्म जो भी त्यागेगा
कर्ण जैसा परिणाम सहेगा।।139।।

जीवन अपना अमूल्य निधि है
इसका तुम सम्मान करो
सत्य ही शिव, शिव ही सुंदर
इसी भाव का ध्यान धरो।।140।।

                   इतिश्री
           🌷🌷🌷🌷🌷🌷
स्मरण- ये मेरी मौलिक रचना है, इसका सर्वाधिकार सुरक्षित है।

©अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
03 मई, 2020




































             

मलहम के अवशेष

मलहम के अवशेष।  

जीवन की अंगनाई में
भाव मिले, अतिरेक मिले
घाव मिले अतिरेक मगर
बस मलहम के अवशेष मिले।

व्यंग्य बाण बस सुनता आया
नश्तर दिल पर चुभता पाया
दर्द चिकोटी का सह सह कर
रोता आया, हंसता आया।

आरोप यहां बहुतेरे आये
क्या अपने और क्या थे पराये
जग के तीखे दंश हैं झेले
पग-पग कितने घाव मिटाये।

कहने को बहुतेरे अपने
साथ मगर जाने क्यूं छूटा
जब-जब उनसे हुआ सामना
तब-तब मन का दर्पण टूटा।

इस दर्पण के टुकड़े में ही
अब खुद को मैं खोज रहा हूँ
हर टुकड़े के अवशेषों में
दंश तेरा ही देख रहा हूँ।

इन अवशेषों के एहसासों में
दर्द मिले अतिरेक मिले
घाव मिले अतिरेक यहां
बस मलहम के अवशेष मिले।।

©अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
30अप्रैल, 2020


चलते रहना है



चलते रहना है। 

भले हो मुश्किल राहें कितनी
हमको तो चलते रहना है
लाख अंधेरा घना भले हो
बन दीपक हमको जलना है।

मुश्किल भले हों....
हमको तो चलते......।।

राह सुगम हो या हो दुर्गम
गिरना है संभलना है
अपने नभ की आस लिए
हमको तो चलते रहना है।

मुश्किल भले.....
हमको तो चलते....।।

ईर्ष्या, द्वेष, बैर-भाव के
भाव रहेंगे जब तक सीने में
जीवन उतना दुर्गम होगा
मुश्किल होगा फिर जीने में।

सीने में ले लगन चलो
ले प्रेम भाव की अगन चलो
बन सूरज हमको तपना है
पर चंदा सा शीतल रहना है।

मुश्किल कितनी हो राह मगर
हमको तो चलते रहना है।।

दूर भले हों कितने अपने 
न बिखरें जो बुने हैं सपने
इन सपनो की चाहत ले कर
हमको तो हर पल जगना है।

भले हो मुश्किल राह यहां
हमको तो चलते रहना है।।

जीवन अपना है सुख-दुःख का संगम
त्याग, तपस्या, प्यार, समर्पण
है वेदों का सार यही
हमको इसमें ही पलना है।

भले हो मुश्किल राहें कितनी
हमको तो चलते रहना है,
लाख अंधेरा घना भले हो
बन दीपक हमको जलना है।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
29अप्रैल, 2020

व्यंग्य- राजनीतिक इल्जाम

राजनीतिक इल्जाम।  

एक ढाबे के किनारे मैं खड़ा था
थोड़ी दूर पर मैले कुचैले कपड़ों में
जूठन के ढेर के समीप वो खड़ा था।
मैंने पूछा भूखा है क्या- थोड़ा सब्र कर
आजकल दिल्ली में यही चर्चा आम है
तू नहीं समझेगा नासमझ, क्यूंकि
तू तो स्वार्थी भुखमरा इंसान है।

पिछले कितने ही सालों से 
यही सुनता आ रहा हूँ
पर भूख क्या होती है
मैं उनको नही समझा पा रहा हूँ।
तू चिंता न कर
गोदाम सारे अनाजों से ठसे पड़े हैं
पर क्या करूं तुझसे भी ज्यादा भूखे
वहां की लाइन में पहले से ही खड़े हैं।

तेरा भी नंबर आएगा, तू सब्र कर
जब तक रोटी नही है
तू वादों से ही अपना पेट भर।
सोच तू कितना खुशनसीब है
जो जूठन के ढेर पर पड़ा है
अरे सब बहाने हैं यहां
क्या भूख से भी कोई मरा है।

अब दिल्ली के गलियारों में 
केवल यही चर्चा आम है
भूख से कब कोई मरा है
ये तो महज राजनीतिक इल्जाम है।
तू भी उठ चल, अब राजनीति न कर
जूठन ही सही, यही खाकर अपना पेट भर
वर्ना तू पछतायेगा, जब ये जूठन भी
किसी सरकारी कोष में जमा हो जाएगा।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
28अप्रैल, 2020

बचपन

बचपन।  

आओ फिर बचपन हम जी लें
अपनी उन बीती को जी लें
दिल के सब दरवाजे खोलें
आओ फिर बचपन हम जी लें।।

वो मां की लोरी, वो ममता का आँचल
वो दादा की घुड़की, वो दादी का आँचल
वो खिलौनों की खातिर हठ कर मचलना
वो पापा की उंगली पकड़कर मचलना
वो चुपके से पापा का जेबें खंगालना
गुम सुम सी देखती सब ममता बिचारी
बहुत याद आती हैं, बातें वो सारी।।

वो मम्मी की उंगली थामे स्कूल को जाना
वो दोस्तों से रूठना, पल में मनाना
वो टीचर की डांटें, वो प्यारी सी बातें
बेवजह ही गूंजती हरपल किलकारी
बहुत याद आती हैं, बातें वो सारी।।

वो बहना की राखी, वो भाई से लड़ना
स्कूलों की छुट्टी, वो बारिश में भींगना
भींगे हुए मां के आंचल में चिपकना
वो प्यारा सा गुस्सा, वो प्यारी सी थपकी।

गलतियों को हमारी सबसे छुपाना
खुद डांट खाना पर हमको बचाना
हर दर्द पे हमार आप ही आंसू बहाना
फिर भी लुटाती ममता वो सारी
बहुत याद आती हैं, बातें वो सारी।।

हमारे लिए ताजी रोटी बनाना
खुद बासी खाकर के सो जाना
गर्मी में ऐ सी से ठंडा था आँचल
ठंडक में गोदी ही था रजाई हमारा
कितना मधुर था वो बचपन हमारा।

खुशियों के लिए हमारी
जिन्होंने किये इतने त्याग
उनके ही चरणों में है काशी-प्रयाग
दुनिया मे नही कोई है तीरथ ऐसा
माता-पिता के चरणों के जैसा।

कहां आ गए पर हम आज चलते चलते
तलाशे हजारों पर फिर वो पल नहीं मिलते
आधुनिकता की होड़ में पल पल है भटकते
पैसों की रफ्तार में है खोया कहीं अपनापन
कितना मधुर था वही अपना बचपन।

कान तरसते हैं कोई तो फिर दुहराए
उन्हीं तुतलाते नामों को फिर से बुलाये
फिर से उन्हीं गलियों में घुमाए
कब तक फिरूं आंखों में आंसू छुपाए
कोई तो हो जो फिर से बचपन लौटाए।
कोई तो हो जो फिर से बचपन लौटाए।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
28अप्रैल, 2020

संस्कार

संस्कार।  

बीमार हो रही सोच को
जरूरत है पुनः उपचार की
नहीं कोई है दवा जरूरी
जरूरत है उचित संस्कार की।।

भोग, विलास, भौतिकता ने
मानवीय मूल्यों को भुलाया है
आधुनिकता की होड़ में बेसबब
अपने अध्यात्म को भुलाया है।

स्वच्छंदता को विकास समझ
हम, फूले नहीं समाते हैं
अरे, कितने नादान हैं सभी
अपनी ही मूरखता पे इतराते हैं।

आज जरूरत है हमें, पुनः
दृष्टिकोण में सुधार की
नहीं कोई है दवा जरूरी
जरूरत है उचित संस्कार की।।

शिक्षा बनी है आज जरूरत
धनार्जन एवं व्यापार की
धनलोलुपता की बलि चढ़ रही
शिक्षा नैतिक व्यवहार की।

विद्यालय अब केंद्र बन रहे
ध्वंस-वृत्ति के व्यवहार की
साये में जिसकी बैठ कुटिलता
साथ दे रही उच्छृंखल व्यवहार की।

आज जरूरत है हमें पुनः
सार्थक, सात्विक बदलाव की
नहीं कोई है दवा जरूरी
जरूरत है उचित संस्कार की।।

मानवता में भेद दिख रहा
पथ भटके इंसानों में
स्वार्थी बनी आज प्रतिज्ञा
चंद स्वार्थी सत्ता के दीवानों में।

अराजकता, अन्याय, हीनता को
जरूरत है पुनः मिटाने की
पुनः जरूरत आज हमें है
पुरुषोत्तम व्यवहार की।

आज पुनः है संकल्प जरूरी
श्रद्धा एवं विश्वास की
आज पुनः है संकल्प जरूरी
सात्विक ऋषि प्रदत्त संस्कार की।

इन्ही सात्विक संस्कारों से
राष्ट्रीयता लहरायेगी
राष्ट्र हमारा समृद्ध बनेगा
विलक्षण प्रगति ध्वज लहराएगा।

इसके लिए है आज जरूरी
एक आध्यात्मिक उपचार की
नहीं कोई है दवा जरूरी
जरूरत है आज उचित संस्कार की।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
27 अप्रैल, 2020




मैं कैसे श्रृंगार लिखूँ

मैं कैसे श्रृंगार लिखूँ।

कलम उठा के मैंने सोचा
मैं भी कुछ श्रृंगार लिखूँ
रोली, कुमकुम, बिंदी, कंगन
वाले कुछ उद्गार लिखूँ।

पर कलम मेरी रुक जाती 
देख के उस तस्वीर को
जिसमें भारत घायल बैठा
विघटनकारी तीर से।

दूर हिमालय मौन खड़ा है
लहरों में ललकार नहीं
इस बेड़ी को तोड़ सकें
क्या इतना अब अधिकार नहीं।

आज स्वार्थी हुई प्रतिज्ञा
राजनीति के साये में
आदर्शों की बोली लगती
राजनीति के साये में।

ऐसी हालत देख के बोलो 
मैं कैसे चुपचाप रहूं
इतना सबकुछ होने पर भी
मैं कैसे श्रृंगार लिखूँ।

अनादर्शों के हाथों में 
अब आदर्शों की डोर है
स्वार्थ प्रभावी हाथों में
अब राजनीति की डोर है।

भाषाओं को तो खा चुके हैं
संस्कृति को भी खा रहे
भारत की नैतिकता को
दीमक जैसे चाट रहे।

ऐसी असहनीय पीड़ा में
कैसे मैं चुपचाप रहूं
इतना सबकुछ देख के बोलो
कैसे मैं श्रृंगार लिखूँ।

आज व्यवस्था बंधक बैठी
ताकतवर के ज़ोर पे
सत्यकाम हो रहा पराजित
झूठों के सिरमौर से।

अभिव्यक्ति के नाम पे देखो
वोटों का बाजार सजा
राष्ट्रहित को गिरवी रखकर
गद्दारों का सम्मान किया।

मैं भारत माँ का बेटा हूँ
कैसे मैं चुपचाप रहूं
जबतक उसका आँचल छलनी है
कैसे मैं श्रृंगार लिखूँ।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
26अप्रैल, 2020



आओ रिश्ते जोड़ें

आओ रिश्ते जोड़ें               

इस लॉकडाउन को सजा न मानो
इसको तुम एक अवसर जानो
अवसर फिर बचपन जीने का
अवसर फिर खुद से मिलने का।

चलो अपनों संग मिल बैठें सारे
सोशल डिस्टेंसिङ्ग, पर अपनाएं
खोलें फिर यादों के एलबम
मिले प्रथम बार जब तुम और हम।

आओ याद सुनहरी खोलें
एक दूजे के मन से बोलें
अपनी हर बीती को विचारें
एक दूजे की बाट निहारें।

ये अवसर है दिल के मिलने का
रिश्तों से रिश्ते जुड़ने का
इस पल में जो दूर बसे हैं
दे दिलासा, ढांढस बंधाएं।

ये सच है, तकलीफें भी बड़ी हैं
कल-कारखाने बंद पड़े हैं
कामगारों पर आफत है आयी
व्याकुल, विह्वल आंखें भर आईं।

कितने घर चूल्हा बंद हुआ है
हंसी-ठिठोली मंद हुआ है
बच्चों के चेहरे उदास हैं
सागर समीप, फिर भी प्यास है।

ये अवसर है उनसे मिलने का
उनके रिसते घावों को भरने का
जोड़ें मानवता के रिश्ते
प्यार, वेदना, सम्मान के रिश्ते।

जो पीड़ित हैं इस त्रासदी से
उनका स्वास्थ्य निरीक्षण करना
बेहतर सुविधा देकर उनको
उनके हर घावों को भरना।

ऐसे ही व्यवहारों से हम
सतयुग की शुरुआत करें
प्रेम, समर्पण, भावप्रवणता से
सुघड़ भविष्य निर्माण करें।।

 ©️ अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        20 अप्रैल,2020
        

एक वोट

एक वोट।   

न मैं मंदिर हूँ, न मस्जिद हूँ
न मैं अमीर हूँ, न गरीब हूँ
न मैं ताकतवर हूँ, न मजलूम हूँ
मैं इस लोकतंत्र में एक वोट हूँ।।

मैं घायल हूँ लोकतंत्र में,स्वार्थी हाथों की शमशीरों से
मैं घायल हूँ नित नूतन,वोट बैंक की तदबीरों से।
लगता जैसे चंद स्वार्थी ,नेताओं की जागीर हूँ
मैं लगता है जैसे टूटते,ख्वाबों की चीत्कार हूँ।
मैं खुद से खुद को ,पहुंचाने वाली चोट हूँ
जी हां, मैं लोकतंत्र में एक वोट हूँ।।

सत्ता के गलियारों ने,पल पल मुझको तोला है
कभी अस्मत से खेला,कभी भावनाओं से खेला है।
सत्ता के बाजार में-
कभी अयोध्या, कभी मुजफ्फरनगर
 कभी गोधरा, कभी कासगंज बनाया है,
तो कभी चुनावी मंचों से 
जायकेदार चाबुक से ललचाया है।
निज स्वभाव से वशीभूत
मैं खुद के स्वभाव की खोट हूँ,
जी हां, मैं लोकतंत्र में सिर्फ एक वोट हूँ।।

यूँ तो मैं आजाद देश का वाशिंदा हूँ,पर
डरता हूँ निर्भया की दम घोंटती चीखों से।
मैं ऐसी व्यवस्था का हिस्सा हूँ
जहां पढ़ाई महंगी, इंटरनेट व नशा सस्ता है,
मैं सियासतदानों के अनगिनत,
चालों का परिणाम हूँ,
मैं स्वार्थी राजनीतिक महारथियों की
अतृप्त वासना की हंसी चाह हूँ,
मैं चुनावी जाड़े की गर्म हसीन कोट हूँ
जी हां,मैं स्वार्थी लोकतंत्र में एक वोट हूँ।।

जब सत्ता के गलियारों में नोट दिखाए जाते हैं
जब चुनावी भाषण में संवाद गिराए जाते हैं
जब जाति-धर्म देख, सिद्धांत मिटाए जाते हैं
जब रोटी की चाहत में, दूर बच्चा कोई रोता है
अनसुनी करके चीखें,कोई सुदूर देश में सोता है।
जब आतंकी मंसूबों को ,बिरयानी खिलाई जाती है।
जब सीमा पर कोई वीर,तिरंगे में लपेटा जाता है
जब उसकी नव यौवन विधवा
टूटे सपनों को खोजा करती है।
सत्ता लोलुपता की खातिर
जब बात सबूतों की चलती है,
जब बातें अपनी मनवाने को
संपत्ति, सार्वजनिक जलती है
इतने पर भी मैं मौन पड़ा हूँ
क्योंकि मैं नोटों के 
बंडल की एक नोट हूँ
जी हां, मैं स्वार्थी होते इस
लोकतंत्र में एक वोट हूँ।।

©️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
25अप्रैल, 2020







प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें

 प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें एक दूजे को हम इतना अधिकार दें, के प्यार में पीर लें पीर को प्यार दें। एक कसक सी न रह जाये दिल में कहीं, ...