रोते-रोते मुस्काता हूँ।।

रोते-रोते मुस्काता हूँ।।

उर पीड़ा के मौन अंश जो, नयन कोर में रहते प्रतिपल
जो स्थापित मन के भावों को, चुभते बनकर अभिशापित दल
बूँद नयन से चरण पखारूं, मैं आहों को समझाता हूँ
रोते-रोते मुस्काता हूँ।।

साँसों से साँसों का बंधन, है आह-आह का अनुबन्धन
निज हृदय सृजित स्मित भावों का, हिय पीड़ा से कैसा बंधन
आँसू के दो चार कणों से, मैं तप्त हृदय नहलाता हूँ
रोते-रोते मुस्काता हूँ।।

दुर्बल मन के कुछ सपनों का, जाने कैसा ये चढ़ाव है
बिखरे मोती मनके सारे, कैसा मन का ये दुराव है
बिखरे मनके मोती चुनता, मन ही मन को समझाता हूँ
रोते-रोते मुस्काता हूँ।।

कुछ सपनों के मर जाने से, रिश्तों में कैसी परवशता
एक कोख से जन्मे मन में, कैसी लघुता कैसी गुरुता
अंतर्मन के कोर में बसे, पाषाणों को समझाता हूँ
रोते-रोते मुस्काता हूँ।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        18अप्रैल, 2023

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

लेखक परिचय

लेखक परिचय अजय कुमार पाण्डेय 30 जुलाई 1974 को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद में जन्मे अजय कुमार पाण्डेय वर्तमान में हैदराबाद (तेलंगाना) में...