संग-संग इस जीवन में कितनी राहें हमने नापी हैं,
कितनी मंजिल पायी हमने अरु कितनी पानी बाकी है।
पग-पग कितने शूल बिछे थे अरु जाने कितनी मौन व्यथाएँ,
कहीं दंश थे कटु जीवन के और कहीं थीं मूक प्रथाएँ।
मौन हृदय के अपनेपन से ये धूप-ताप सब सीझ गया,
हर इक दंश प्रिये जीवन का सब अपनेपन पे रीझ गया।
कितनी लोक रीति अपनायीं अरु कितनी आनी बाकी है,
कितनी मंजिल पायी हमने कितनी पानी बाकी है।
कभी प्रभात सुनहरी आईं ये साँझ कभी धुँधलाई थी,
कभी अधर पर हँसी खिली थी ये आँख कभी भर आई थी।
संबंधों के तटबंधों से मिल लहरें सारी ठहर गयीं,
नेह नीर की शीतलता में मन की आशाऐं निखर गयीं।
कितने सावन साथ जिए हैं कितनी वर्षा बाकी है,
कितनी मंजिल पायी हमने अरु कितनी पानी बाकी है।
कभी समय ने पाँव खींचकर आगे बढ़ने से रोक दिया,
कभी नियति ने हँसते-हँसते इन आँखों को भी जोग दिया।
तुमने मेरे मौन पढ़े हैं मैंने धड़कन पहचानी है,
बिन बोले ही कितनी बातें हमने मिलकर के जानी हैं।
कहे-अनकहे मन भावों की प्रिय और रवानी बाकी है,
कितनी मंजिल पायी हमने अरु कितनी पानी बाकी है।
अब केशों में उतर रही है धीरे-धीरे श्वेत चाँदनी,
फिर भी मन में बसी हुई है प्रेम-सुधा की वही रागिनी।
हाथों की रेखाएँ बदलीं पर अब भी स्पर्श पुराना है,
एक मात्र तुम्हारे होने से जीवन मधुर सुहाना है।
कितनी साँसें साथ चलीं हैं प्रिय और रवानी बाकी है,
कितनी मंजिल पायी हमने अरु कितनी पानी बाकी है।
और न कोई होड़ जगत से, अब और नहीं अभिलाषा है,
संग रहे अंतिम साँसों तक बस इतनी सी परिभाषा है।
जब तक दीप जले साँसों का ज्योति प्रेम की जलती जाये,
जीवन की हर साँझ हमारी नई भोर फिर बनती जाये।
कितनी लिखी कहानी हमने प्रिय और कहानी बाकी है,
कितनी मंजिल पायी हमने अरु कितनी पानी बाकी है।
✍️अजय कुमार पाण्डेय
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें