है दिया तुमने सवेरा।

है दिया तुमने सवेरा।  

पंथ से भटका हृदय जब
था प्रलय संकेत कोई
आह से विचलित हुआ हिय
चाह कर पलकें न सोईं
दृष्टिगोचर था यहाँ सब
पर नयन में था अँधेरा
इन दृगों में ज्योति बनकर
है दिया तुमने सवेरा।।

शब्द अधरों को दिये हैं
गीत से सुरभित किये हैं
भर दिये मुस्कान पथ में
साज से सज्जित किये हैं
जो भरा नव रंग हिय में
हो वही सुंदर चितेरा
इन दृगों में ज्योति बनकर
है दिया तुमने सवेरा।।

अब नहीं अनजान जग से
पंथ से परिचित हुआ मन
संग तेरा है मधुर यूँ
साज से सज्जित हुआ मन
नवगीत की तुम पंक्ति हो
छंद का पावन बसेरा
इन दृगों में ज्योति बनकर
है दिया तुमने सवेरा।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        21अप्रैल, 2022

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

लेखक परिचय

लेखक परिचय अजय कुमार पाण्डेय 30 जुलाई 1974 को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद में जन्मे अजय कुमार पाण्डेय वर्तमान में हैदराबाद (तेलंगाना) में...