मौन मृदु रस घोलता है।

मौन मृदु रस घोलता है। 

गीत के हर शब्द में जब
भाव की अँगड़ाइयां हों
और तेरी राह में जब
पुण्य की परछाइयाँ हों
तब मुखर हो गीत मन का
बात दिल की बोलता है
और जीवन के पलों में
मौन मृदु रस घोलता है।।

जब व्यथा के गीत में भी
प्रिय शब्द का संचार हो
जब हृदय की भावना में
प्रिय नेह का संसार हो
तब मुखर हो प्रीत मन से
भाव के पट खोलता है
और जीवन के पलों में
मौन मृदु रस घोलता है।।

जब नजारे झूम कर के
गीत की महफ़िल सजायें
जब सितारे झूम कर के
रात का आँचल सजायें
तब मुखर हो रश्मियाँ ये
गीत में रस घोलती हैं
और जीवन के पलों में
मौन मृदु रस घोलती हैं।।

जब हृदय की भावनायें
मुक्त होकर गीत गाये
जब मचलती कामनायें
प्रीत को भी जीत जायें
तब मुखर हो गीत मन के
कान में रस घोलता है
और जीवन के पलों में
मौन मृदु रस घोलता है।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        30नवंबर, 2021

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

प्रतीक्षा

प्रतीक्षा  मिटा न पाया काल रेख से, ऐसा मेरा प्रेम प्रगाढ़, भीतर प्यास मरुस्थल जैसी, बाहर विरह की अमिट दहाड़। पलकों की चौखट पर आकर, इक ज्योति आ...