कशमकश।

   कशमकश।   

मौन उदासी चेहरे की
कितना कुछ कह जाती है
जिन बातों का मोल नहीं
उन सबको सह जाती है।

कितनी ही खामोश व्यथाएँ
मन में लेकर चलते है
अपने सारे भाव छुपाते
हँसकर सबसे मिलते है।

सब दर्द छुपाते चेहरों के
घाव मगर सब गहरे हैं
कहना चाहे कितना कुछ पर
होठों पर ही पहरे हैं।

कितने सागर डूब गए 
आंखों की अँगड़ाई से
फिर क्यूँ हम पछताते हैं
अपनी ही परछाईं से।

कदम कदम पर ताने कितने
औ कितने हैं धोखे खाये
मजाक सहे हैं जज्बातों के
कितने अपने हुए पराए।

चाहे कितने तूफां आये
लेकिन आस कभी ना छोड़ी
कितनी ही बाधाएं झेलीं
पर उम्मीद कभी ना तोड़ी।

जीवन के घने थपेड़ों ने
बस इतना सिखलाया है
रात अँधेरी भले घनेरी
पर सूरज दिखलाया है।

देख प्रलोभन जीवन पथ में
कभी नहीं झुक जाना तुम
औ घबराकर बाधाओं से
कभी नहीं रुक जाना तुम।

हार-जीत जीवन के पहलू
इनसे मिलकर रहना है
जिसने इन भावों को समझा
ताज उसी ने पहना है।।

✍️©️अजय कुमार पाण्डेय
       हैदराबाद
       02नवंबर,2020







कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ग़ज़ल - आँखें भींग जाती हैं

ग़ज़ल - आँखें भींग जाती हैं  तुझे यादों में मिलता हूँ तो आँखें भीग जाती हैं तुझे मैं ख़त में लिखता हूँ तो आँखें भीग जाती हैं ​ तेरा चेहरा ही ब...