अनकही एक कहानी
चाह कर बात अधरों पे आ न सकी रात भी मौन हो अनकही रह गयी।
उम्र लिखती रही रेत पर गीतिका छंद फिर भी अधूरे सिसकते रहे,
मोम बन साँस पल-पल पिघलती रही रोशनी के लिए मन मचलते रहे।
एक संशय अधूरा सिसकता रहा इक जवानी अधूरी कहीं रह गयी,
चाह कर बात अधरों पे आ न सकी रात भी मौन हो अनकही रह गयी।
एक वादा न खुद से सँभाला गया साथ हो कर भी मधुरात हो न सकी,
चाँद का हर सफर ये अधूरा रहा ऊँघती ही रही रातें सो न सकी।
चाँदनी संशयों में उलझती रही रातरानी अधूरी कहीं रह गयी,
चाह कर बात अधरों पे आ न सकी रात भी मौन हो अनकही रह गयी।
रात दिन याद के मेघ छलते रहे इक तमन्ना हृदय में पिघलती रही,
चाहतों को नजर कुछ लगी इस तरह हर तमन्ना कलेजा मसलती रही।
कोर को रात दिन मेघ छलते रहे हर निशानी अधूरी कहीं रह गयी,
चाह कर बात अधरों पे आ न सकी रात भी मौन हो अनकही रह गयी।
भोर की आस में रात सो ना सकी जब हुई भोर तो नींद ही छल गयी,
याद के पृष्ठ पर चित्र उभरे मगर कैसे कहते के प्रीत ही छल गयी।
पृष्ठ के चित्र सारे बिछड़ते रहे तूलिका ही अधूरी कहीं रह गयी,
चाह कर बात अधरों पे आ न सकी रात भी मौन हो अनकही रह गयी।
©✍️अजय कुमार पाण्डेय
हैदराबाद
14 फरवरी, 2025
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें