खोजती संभावनाएं।

खोजती संभावनाएं।  

रात की गुमनामियों में ख्वाब पलकों पर टहलते
टिमटिमाती रोशनी में खोजते संभावनाएं।

पास अपने है यहाँ क्या और क्यूँ इतरा रहे हैं
ओढ़ कर आडंबरों को स्वयं को बिसरा रहे हैं
कौन जाने भाव मन के कोर पर आकर मचलते
कह रहे हैं बूँद में कुछ दंश की संकीर्णताएं।

रोज मदिरा नाचती है ओढ़ मन के आवरण को
और नंगा कर रही हैं सभ्यता को, आचरण को
वासना के दलदलों में पीढ़ियों के मन बहकते
कोरे पृष्ठ पर वक्त के लिख रहे हैं अन्यथायें।

चुप्पियाँ जब तक रहेंगी नाग तन लिपटे रहेंगे
अनगिनत आहें गगन के पृष्ठ पर लिखते रहेंगे
शब्द खुद ही पँक्तियों में राख बन जायें दहकते
आवाज को इतना उठाओ हों सजग वर्जनाएं।

संकल्प ले यूँ अंजुरी मौन हो प्रण सो न जाये
भीड़ या तन्हाइयों में वो बिखर कर खो न जाये
रह न जायें फिर ऋचाएँ छंद की खातिर तड़पते
लेखनी फिर हाथ में आ हों सृजक नवकल्पनाएँ।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        17मई, 2023





कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ऐसे भाव सजाना साथी

ऐसे भाव सजाना साथी गीतों की प्रिय मधुशाला से जब प्रेम पियाली छलकाना, दो बूँद अधर को छू जाये ऐसे भाव सजाना साथी। हमने भी कुछ गीत लिखे पर शायद...