तब जाकर बनती है कविता

तब जाकर बनती है कविता

भावों का सागर उमड़े जब तब जाकर बनती है कविता
आहों में भी प्रेम सजे जब तब जाकर बनती है कविता।

कहीं हृदय के प्रेमांगन में भावों का सागर लहराये,
जब कोई साँसों का बंधन मन के भावों को छू जाये।
कभी अधर पर मुस्कानों की हल्की रेख कहीं खिंच जाये,
जब पलकों के किसी कोर पर आँसू धीरे से मुस्काये।
साँसें जब अल्हड़ हो जायें तब जाकर बनती है कविता।

जब लोगों से भरी भीड़ में सूना कोना मन को भाये,
पलकों के द्वारे पर अकसर कोई पल-पल आये जाये।
एकाकीपन मन तड़पाये गीत विरह का मन को भाये,
मन का बोझ सँभल ना पाये आँसू पलकों में भर जाये।
छन से सपना जब गिर जाये तब जाकर बनती है कविता।

मन के पावन नीलगगन में जब यादों की बदली छाये,
खुली पलक का कोई सपना रातों में करवट दे जाये।
तकिये की सिलवट में जब-जब चिट्ठी की वो खुशबू आये,
जब पुस्तक के किसी पृष्ठ में सूखा हुआ पुष्प मिल जाये।
सूखी पंखुरियाँ जब महके तब जाकर बनती है कविता।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
        05 फरवरी, 2024


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ऐसे भाव सजाना साथी

ऐसे भाव सजाना साथी गीतों की प्रिय मधुशाला से जब प्रेम पियाली छलकाना, दो बूँद अधर को छू जाये ऐसे भाव सजाना साथी। हमने भी कुछ गीत लिखे पर शायद...