जो तुम्हारे हृदय को जगा न सकूँ।।

जो तुम्हारे हृदय को जगा न सकूँ।।

गीत लिखना यहाँ व्यर्थ होगा सभी
जो तुम्हारे हृदय को जगा न सकूँ।।

दीप की रोशनी में सुबह हो गयी
रात भर चाँदनी छटपटाती रही
चाँद चलता रहा रात भर आस में
चाँदनी दूर से ही बुलाती रही।

चाँद के दर्द का अर्थ होगा नहीं
भाव उसके तुम्हें जो जता न सकूँ
गीत लिखना यहाँ व्यर्थ होगा सभी
जो तुम्हारे हृदय को जगा न सकूँ।।

जिन्दगी में सभी कुछ मिला कब यहाँ
कुछ न कुछ तो कहीं पर कमी रह गयी
मिल न पाया सहारा सदा बाँह का
कुछ न कुछ आस मन की दबी रह गयी।

बेसहारे रहेंगे इरादे सभी
आज उसको तुम्हें जो बता न सकूँ
गीत लिखना यहाँ व्यर्थ होगा सभी
जो तुम्हारे हृदय को जगा न सकूँ।।

चाह जिसकी हृदय को हमेशा रही
वो मुझको तुम्हारे हृदय में मिला
मन भटकता रहा इस नगर में सदा
देख तुमको हुआ खत्म वो सिलसिला।

स्वर्ग भी अब मिले व्यर्थ होगा सभी
जो तुम्हारे हृदय को लुभा न सकूँ
गीत लिखना यहाँ व्यर्थ होगा सभी
जो तुम्हारे हृदय को जगा न सकूँ।।

©✍️अजय कुमार पाण्डेय
        हैदराबाद
       18जनवरी, 2023

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

लेखक परिचय

लेखक परिचय अजय कुमार पाण्डेय 30 जुलाई 1974 को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद में जन्मे अजय कुमार पाण्डेय वर्तमान में हैदराबाद (तेलंगाना) में...